ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

विस अध्यक्ष डॉ महंत ने पूर्व मंत्री झीतरुराम बघेल के निधन पर व्यक्त किया शोक *

27-Dec-2020

रायपुर (शोर सन्देश) विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री बकावंड एवं जगदलपुर के पूर्व विधायक झीतरुराम बघेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ महंत ने कहा कि अविभाजित मध्य प्रदेश में श्री बघेल के साथ विधानसभा में कार्य करने का अवसर प्राप्त रहा है, वे बस्तर जैसे आदिवासी क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि होने के नाते सदैव ही आदिवासियों के हितों की रक्षा के लिए कार्य करते रहे हैं। डॉ महंत ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि श्री बघेल जी दिवंगत आत्मा को चरणों में स्थान मिले तथा उनके परिजनों एवं समर्थकों को दुख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। 


इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल में छत्तीसगढ़ के नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी का उल्लेख*

25-Dec-2020

रायपुर (शोर सन्देश) विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय भारत सरकार, विज्ञान भारती के सहयोग से 22 से 25 दिसम्बर के मध्य इंण्डिया इंटरनेशनल साईंस फेस्टिवल 2020 का छठवें संस्करण का आयोजन वर्चुवल मोड पर नई दिल्ली में किया गया। इसी कड़ी में 23 दिसम्बर को ’’स्टेट साईंस एण्ड टेक्नोलॉजी मिनिस्टर्स कान्क्लेव’’ का आयोजन किया गया। इस कान्क्लेव में विभिन्न राज्यों से उपस्थित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभागों के मंत्रियों की उपस्थिति में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा 32 विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषदों को 6 जोन में बांटते हुए प्रत्येक जोन द्वारा संबंधित राज्यों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की क्षेत्रों में किये गये उल्लेखनीय कार्यों का प्रदर्शन किया गया। सेन्ट्रल जोन के तहत छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश में स्थापित छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद का संयुक्त प्रदर्शन छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा छत्तीसगढ़ रीजनल साईस एण्ड सोसायटी के महानिदेशक मुदित कुमार सिंह ने किया। दोनों संस्थाओं द्वारा विज्ञान लोकव्यापीकरण, अनुसंधान एवं विकासीय, बौद्धिक संपदा अधिकार, नवप्रर्वतन एवं रिमोट सेन्सिग के क्षेत्रों में किये गये उल्लेखनीय कार्यों तथा भविष्य में दोनों संस्थाओं द्वारा प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कान्क्लेव में अन्य जोन के परिषदों द्वारा मुख्य रूप से कोविड-19 संक्रमण पर कार्यक्रम, विभिन्न क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण कार्यक्रम, नवप्रर्वतन योजना, महिला उद्यमी विकास कार्यक्रम, कृषि उद्यान पशुधन तथा प्रदेश की नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी योजना आदि क्षेत्रों में किये गये महत्वपूर्ण कार्यो का उल्लेख किया गया। 


सुकमा में नक्सली मुठभेड़, एक जवान घायल*

25-Dec-2020

सुकमा (शोर सन्देश) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में दंतेवाड़ा सीमा पर जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने रही है। मुठभेड़ में आईईडी की चपेट में आने से एक जवान घायल हो गया है। मौके से नक्सली भाग खड़े हुए। जानकारी के अनुसार जवानों की टीम सर्चिंग पर निकली हुई थी, तभी जंगल में छुपे नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। वहीं नक्सलियों के द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से एक जवान घायल हो गया। कुछ देर के बाद नक्सली पेड़ों की आड़ लेकर वहां से भाग निकले। मौके पर जवानों की टीम ने नक्सली कैम्प से कई सामग्री बरामद किया। एसपी कन्हैया लाल ध्रुव ने इसकी पुष्टि की है। बताया कि आईईडी की चपेट में आए जवान को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 


एसडीएम जगदलपुर करेंगे दण्डित बंदी की मृत्यु की मजिस्ट्रीयल जांच*

24-Dec-2020

जगदलपुर, (शोर सन्देश) न्यायालय अनुविभागीय दंडाधिकारी जेल अधीक्षक, केंद्रीय जेल जगदलपुर द्वारा अवगत कराया गया है कि दण्डित बंदी क्रमांक 3836-31 नंदलाल कोरेटी पिता सुन्दर सिंह कोरेटी उम्र 45 वर्ष (मृत्यु समय उम्र 57 वर्ष लगभग) जाति गोंड साकिन नेवारी थाना दुर्गूकोंदल जिला कांकेर डिमरापाल मेडिकल काॅलेज में उपचार हेतु भर्ती कराया गया था। डिमरापाल मेडिकल काॅलेज से प्राप्त सूचना अनुसार उक्त दण्डित बंदी का 17 अक्टूबर 2020 को प्रातः 724 बजे मृत्यु हो गई। दण्डित बंदी की मृत्यु की दंडाधिकारी जांच हेतु दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 176 (1) के तहत् मजिस्ट्रीयल जांच हेतु अनुविभागीय दंडाधिकारी जगदलपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 


अवैध रूप से धान का भंडारण करने वाले दस लोगों पर कार्यवाही 354 बोरा धान और एक मेटाडोर जब्त*

24-Dec-2020

महासमुंद (शोर सन्देश) कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशानुसार आज राजस्व एवं खाद्य विभाग की टीम ने जिले में 10 प्रकरणोें पर 354 बोरा धान अर्थात् (141.6 क्विंटल) धान जप्त किए गए। जिसमें एक मेटाडोर भी शामिल है। जिला खाद्य अधिकारी नीतिश त्रिवेदी ने बताया कि इनमें तहसील महासमुन्द के अंतर्गत ग्राम लाफिनखुर्द निवासी नामदेव साहू से 25 बोरी धान, ग्राम गोपालपुर निवासी श्री सुशील निषाद से 25 बोरी धान, ग्राम कांपा निवासी जाकिर अली खान से 30 बोरी धान,ग्राम खट्टी निवासी श्री देव कुमार साहू से 40 बोरी धान ग्राम खट्टी निवासी विजय कुमार सिन्हा एवं देवेन्द्र कुमार सिंह से क्रमशः 30 बोरी 25 बोरी धान जब्त किया गया एवं एक अंतर जिला 100 बोरी धान ले जाती हुई मेटाडोर को भी जब्त किया गया। इसी प्रकार से सराईपाली तहसील केे ग्राम केना निवासी चन्द्रहास प्रधान से 23 बोरी धान जप्त किया गया और तहसील पिथौरा के अंर्तगत ग्राम जामजुड़ा निवासी भुजबल साव से 40 बोरी धान जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में धान खरीदी का कार्य 01 दिसम्बर 2020 से शुरू हुई है। अब तक जिले में कुल 138 प्रकरण दर्ज किए गए है। जिनमें 7502 बोरा धान अर्थात् 3000.8 क्विंटल धान की जप्ती की गई है। इनमें 07 वाहन भी शामिल हैं। जिले में तहसीलदार, थाना प्रभारी, खाद्य निरीक्षक की संयुक्त उड़नदस्ता टीम का गठन कर अवैध धान परिवहन और अवैध धान भंडारण पर सतत निगरानी की जा रही है। ओड़िशा सीमा पर बसे गांव आदि पर अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए जांच नाका भी बनाए गए है। इन नाकों पर संबंधित अधिकारी बराबर नजर और निरीक्षण कर रहे हैं। 


मानवीय मूल्यों के बिना मीडिया का उद्देश्य अधूरा : प्रो. बलदेव शर्मा*

24-Dec-2020

00 ब्रह्माकुमार ओमप्रकाश की पांचवी पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ वेबीनार
रायपुर (शोर सन्देश) कुशाभाउ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव भाई शर्मा ने कहा कि मूल्यों के बिना मीडिया का उददेश्य पूरा नहीं हो सकता। अखबार से लाभ कमाएं परन्तु मीडिया के मूल्यों की कीमत पर नहीं। मडिया कर्मी तो ऋषि परम्परा का वंशज है। जग को सुखी बनाना, दु:खी व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना यह पत्रकार का काम होना चाहिए। अन्यथा मीडिया लोकोपकार, जन जागरण और सत्यान्वेषण का माध्यम नहीं रह पाएगा। प्रो. बलदेव भाई शर्मा आज प्रजापिता बह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मीडिया प्रभाग द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आयोजित मीडिया वेबीनार में बोल रहे थे। इसका आयोजन मीडिया प्रभाग के पूर्व अध्यक्ष ब्रह्माकुमार ओमप्रकाश भाई की पांचवी पुण्य तिथि के अवसर पर किया गया था। विषय था मीडिया, समाज और मूल्य। उन्होंने आगे कहा कि मीडिया सिर्फ समाचार सकंलन करने का माध्यम नहीं है। बल्कि मीडिया का कार्य जन चेतना जागृत करना है जो कि मानवीय मूल्यों के बिना सम्भव नहीं है।
नई दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार एवं विश्लेषक एन. के. सिंह ने कहा कि आज बच्चों को जीवन मूल्यों की शिक्षा माता-पिता से नहीं मिल पा रही है। ऐसे बच्चों को शारीरिक, नैतिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाना सबसे बड़ी चिन्ता का विषय होना चाहिए। प्राथमिक स्कूलों में मूल्यनिष्ठ शिक्षा देने की आवश्यकता है। माता-पिता और शिक्षकों को वेल्यू एजुकेशन देने का कार्य ब्रह्माकुमारी संस्थान अच्छे से कर सकता है। नैतिक मूल्यों की शिक्षा को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करना चाहिए।  रायपुर के वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में तकनीक का प्रभाव बहुत तेजी से बढ़ रहा है। तकनीक के साथ मूल्यों में भी बदलाव रहा है। जैसे-जैसे वक्त गुजरता जा रहा है नैतिक मूल्य पीछे छूटते जा रहे हैं। पहले पत्रकारिता के नाम पर सिर्फ अखबार ही मुख्य हुआ करते थे। आकाशवाणी या दूरदर्शन तो सिर्फ सरकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार तक ही सीमित होते थे। अखबार ही तमाम युगान्तरकारी घटनाओं का आधार बने रहे। किन्तु वर्तमान सूचना क्रान्ति के दौर में हममें से हर दूसरा या तीसरा आदमी पत्रकार बना हुआ है और सोशल मीडिया के द्वारा सूचनाओं का प्रसार कर रहा है। किन्तु इसके साथ विश्वसनीयता का संकट पैदा हो गया है। यह बहुत बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि पहले खबरों की अपने स्तर पर पुष्टि करें फिर दूसरों को भेजें। हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी पड़ेगी। रायपुर के वरिष्ठ पत्रकार शिव दुबे ने कहा कि मीडिया, समाज और मूल्य तीनों एक दूसरे के पूरक हैं। हमारा समाज मूल्यों से बनता है। आज हम ऐसे समाज में रह रहे हैं जहाँ पर बच्चों और महिलाओं पर अत्याचार होता है। बुजुर्गों को वृद्घाश्रम में रहना पड़ता है। मीडिया समाज से अलग नहीं है। यह सोचने का विषय है कि मीडिया में मूल्यों की कमी क्यों हो रही है? कोविड के कारण मीडिया हाउस स्वतंत्र होकर पूरी तेजी से काम नहीं कर पा रहा है। सोशल मीडिया के कारण नैतिक मूल्यों का हनन हो रहा है। सोशल मीडिया की खबरों पर रोक लगाने की जरूरत है। इसमें गलत एवं अपुष्ट खबरें प्रसारित होने के कारण कई चुनौतियाँ खड़ी हो गई हैं।  रायपुर के वरिष्ठ पत्रकार राजेश लाहोटी ने कहा कि मीडिया ही इस देश का ऐसा स्तम्भ रहा है जिसने समाज को जागरूक करने में अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाई है। आजादी के पहले और बाद में लोगों को जोडऩे में मीडिया की अहम भूमिका रही है। महामारी के समय भी इसने लोगों को जागरूक किया है। उद्योग, स्वास्थ्य या कृषि जैसे हर क्षेत्र मेें इसने अपना योगदान दिया है। साथ ही जनता की आवाज को मीडिया ने सशक्त रूप से उठाकर लोकतंत्र को स्थापित करने में भी सहयोग दिया है। हाल के दिनों में सोशल मीडिया को हथियार बनाकर कुछ शरारती तत्वों ने अफवाह फैलाकर मीडिया के मूल्यों को नीचे गिराने का कार्य किया है। यह चिन्ता का विषय है। माउण्ट आबू वरिष्ठ पत्रकार ब्रह्माकुमार आत्मप्रकाश ने कहा कि कर्म का सिद्घान्त है कि जैसा कर्म करेंगे वैसा फल मिलेगा। इसलिए सुखी रहना है तो हमें अपने कर्मों को सुधारना होगा।  वरिष्ठ पत्रकार प्रो. कमल दीक्षित ने कहा कि समाज इस समय मूल्यहीन है यह कहना गलत नहीं होगा। मीडिया भी अब समाज सरोकारी नहीं रह गया है। मीडिया सत्ता, समर्थ और बाजार केन्द्रीत हो गया है। इसका कारण यह है कि मीडिया अब व्यवसाय बन गया है।  इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी ने सभी मीडिया कर्मियों का स्वागत करते हुए कहा कि मीडिया समाज का दर्पण है। मानवीय मूल्यों के बिना जीवन में सुख और शान्ति सम्भव नहीं है। आध्यात्मिकता से ही जीवन में मानवीय मूल्यों का संचार होगा। कार्यक्रम के बीच में योग आयोग की पूर्व सदस्य ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने राजयोग मेडीटेशन का अभ्यास कराया। मीडिया वेबीनार का संचालन ब्रह्माकुमारी अदिती दीदी ने किया। 


हवाई सुविधा अखण्ड धरना में कैट ने की भागीदारी*

23-Dec-2020

00 209 वें दिन कैट की बिलासपुर ईकाई बैठी धरने पर
बिलासपुर (शोर सन्देश) हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति के अखण्ड धरना आंदोलन के 209वें दिन काॅन्फिडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स बिलासपुर ईकाई ने आंदोलन में भागीदारी की। कैट के पदाधिकारियों ने बिलासपुर के विकास और रोजगार व्यवसाय के लिये महानगरों से सीधी हवाई सुविधा को अवश्यम भावी बताया। कैट की ओर से सभा में बोलते हुए इसके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेन्द्र गांधी ने कहा कि बिलासपुर में व्यापार व्यवसाय की असीम संभावनाए है परन्तु यातायात के साधनों में पर्याप्त प्रगति होने के कारण हम लोग पिछड़ रहे है। छत्तीसगढ़ राज्य के सर्वागीण विकास के लिये यह आवश्यक है कि रोजगार व्यवसाय के अवसर केवल रायपुर में ही केन्द्रित रहे बल्कि राज्य के अन्य हिस्सो में भी वितरीत हो। कैट के जिलाध्यक्ष किशोर पंजवानी ने अपनी बात रखते हुये स्थानीय सांसद और विधायक की भूमिका पर सवाल उठाया और कहा कि आज उनको सड़क पर आंदोलन करना चाहिये जो कि आम जनता कर रही है। कैट के शहर उपाध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने जोशिला वक्तव्य देते हुये हर संघर्ष में साथ देने का भरोसा दिलाया। सभा को कैट के ही सुभाष अग्रवाल, राकेश शर्मा, हाईकोर्ट में प्रथम याचिकाकर्ता कमल दुबे आदि ने भी संबोधित किया। आज धरने में हाईकोर्ट में हवाई सुविधा के लिये जनहित याचिका लगाने वाले प्रथम याचिकाकर्ता पत्रकार कमल दुबे अपने वयोवृद्ध पिता नारायण प्रसाद दुबे संरक्षक सी.एम दुबे काॅलेज समिति के साथ पहुंचे। सभा का संचालन गोपाल दुबे के द्वारा किया गया वही सभा में मनोज तिवारी, ब्रम्हदेव सिंह ठाकुर मनोज श्रीवास, उमेश मौर्य, रामा बघेल, केशव गोरख, राजू सलूजा, अनिल गुप्ता, परमजीत सिंह, सुशील छाबड़ा, सुरेन्द्र अजमानी, हीरानंद जयसिंह, संतोष साहू, रघुराज सिंह, आदि भी सम्मिलित हुये। 


स्टीयरिंग कंट्रोलर खराब होने से बस पलटी, सवार पांच घायल*

23-Dec-2020

00 3 रायपुर रिफर, कंडेक्टर चालक सहित 4 को मामूली चोट
महासमुंद (शोर सन्देश) एनएच 53 में सरायपाली से महासमुंद की ओर रही बस पिथौरा में ग्राम टेका पुल के पास स्टीयेरिंग कंट्रोलर खराब होने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इससे बस में सवार पांच घायल हो गए। जिनमें तीन को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रिफर किया गया है। पिथौरा पुलिस से घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक सांई ट्रैव्लस की बस क्रमांक सीजी 04 1832 सरायपाली से सवारी लेकर महासमुंद की ओर रही थी। सुबह करीब 9 बजे ग्राम टेका मंदिर के पास पहुंचने के दौरान बस का स्टीयरिंग कंट्रोलर अचानक खराब हो गया। जिससे बस अनियंत्रित हो गई। बस कुछ दूर जाकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इससे बस में सवार पांच घायल हो गए। सभी को डायल 112 और संजीवनी 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिथौरा लाया गया। इसमें सीतापुर निवासी नंदनी प्रधान और कोमाखान निवासी पुरन निषाद और शहीदा बेगम को अधिक चोट लगने और स्थिति गंभीर होने पर उपचार के लिए रायपुर रिफर किया गया है। वहीं सवार दो लोग और चालक-परिचालक को मामूली चोट होने पर उपचार के बाद छुट्टी दे गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में बस चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत कार्रवाई की जा रही है। अनलॉक होने के बाद जिलेभर में सड़क हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है।
बसना में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो की मौत सोमवार को बसना थाना क्षेत्र के आरंगी में हाइवा से टकराकर बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। थाना प्रभारी लेखराम ठाकुर ने बताया कि, बम्हनी निवासी नरेश भोई पिता भागीरथी भोई अपनी बाइक सीजी 06 जीए 8057 में सुरेश भोई पिता शांति लाल भोई को बैठाकर बसना से बम्हनी जा रहा था। तभी हाईवा सीजी 13 डी 9948 के चालक ने हाईवा को लापरवाहीपूर्वक बिना संकेत के सड़क के किनारे खड़ा कर दिया था। जिससे बाइक सवार हाईवा में जाकर टकरा गए, जिससे बाइक सवार दोनों व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मामले में आरोपी हाईवा चालक के विरुद्ध धारा 304() के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। 


ब्रेकिंग : मजदूरों से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी ठोकर, 8 घायल*

21-Dec-2020

बेमेतरा (शोर सन्देश) बेमेतरा में दुर्ग रोड पर बड़ा हादसा हो गया। मजदूरों से भरी पिकअप को एक स्वराज माज़दा ने ठोकर मार दी। टक्कर मारने के बाद स्वराज माज़दा तालाब में घुस गई। हादसे में 8 मजदूरों को चोट आई है जिन्हे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। दो मजदूरों की हालत गंभीर होने के कारण इन्हे रायपुर रिफर किया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है।


राज्यपाल रमेश बैस ने स्व. मोतीलाल वोरा को दी श्रद्धांजलि*

21-Dec-2020

रायपुर (शोर सन्देश) त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल मोतीलाल वोरा के निधन के साथ आज राजनीति का एक लंबा अध्याय समाप्त हो गया। मोतीलाल वोरा का निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से कामना करता हूँ, उन्हें अपने श्रीधाम में स्थान दें एवं इस दुःख की घड़ी में परिजनों को सबल प्रदान करें।




kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account