ब्रेकिंग न्यूज

Haryana

नए वक्फ कानून से आदिवासी जमीनों की होगी रक्षा – प्रधानमंत्री मोदी

14-Apr-2025
हिसार।  ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर हरियाणा पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले हिसार हवाई अड्डे का उद्घाटन किया और हिसार से अयोध्या के लिए सीधी उड़ान को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद पीएम मोदी ने जहां एक तरफ मंच से वक्फ कानून को लेकर अपनी सरकार की नई नीति के बारे में बताया, वहीं कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए बाबा साहेब अंबेडकर के अपमान का आरोप भी लगाया। 
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा, वक्फ के नाम पर लाखों हेक्टेयर जमीन पूरे देश में है। इस जमीन से गरीबों का, बेसहारा महिलाओं-बच्चों का भला होना चाहिए था। अगर ईमानदारी से इसका उपयोग हुआ होता, तो मुसलमानों को साइकिल के पंचर बनाने की जरूरत नहीं होती। इससे सिर्फ भू-माफिया को ही फायदा हुआ। ये माफिया इस कानून के जरिए गरीबों की जमीन लूट रहे थे।
पीएम मोदी ने वक्फ कानून को लेकर की गई गुहार का भी जिक्र किया। बताया कि सैकड़ों विधवा मुस्लिम महिलाओं ने सरकार को पत्र लिखकर वक्फ कानून में बदलाव की मांग की थी, जिसके बाद सरकार ने इसमें संशोधन किया। पीएम मोदी ने कहा, हमने बहुत बड़ा काम किया है। अब नए वक्फ कानून के तहत किसी भी आदिवासी की जमीन को, हिंदुस्तान के किसी भी कोने में, वक्फ बोर्ड हाथ भी नहीं लगा पाएगा। नए प्रावधान वक्फ की पवित्र भावना का सम्मान करते हुए बनाए गए हैं।
अपने भाषण में पीएम मोदी ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया और आरोप लगाया कि पार्टी ही संविधान की भक्षक बन गई। उन्होंने कहा, हमें ये भूलना नहीं चाहिए कि कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ क्या किया। जब तक बाबा साहेब जीवित थे, कांग्रेस ने उन्हें अपमानित किया। दो-दो बार उन्हें चुनाव हरवाया। कांग्रेस ने उनकी याद तक मिटाने की कोशिश की। कांग्रेस ने बाबा साहेब के विचारों को भी हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहा। डॉ. अंबेडकर संविधान के संरक्षक थे, लेकिन कांग्रेस संविधान की भक्षक बन गई है।

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2023 का आगाज

18-Dec-2023

कुरुक्षेत्र (शोर सन्देश)। पवित्र ग्रंथ गीता की महाआरती व महापूजन और गीता के श्लोकों के उच्चारण के बीच कुरुक्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2023 का आगाज हुआ। इस आगाज के साथ ही ब्रह्मसरोवर के चारों तरफ पवित्र ग्रंथ गीता के श्लोकोंच्चारण से पूरी फिजा ही गीतामय हो गई। इसके साथ ही उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने पवित्र ग्रंथ गीता की महाआरती व महापूजन कर विधिवत रूप से 17 दिसंबर से 24 दिसंबर तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2023 का शुभारम्भ किया। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2023 में उप राष्ट्र्रपति जगदीप धनखड़ का धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में पहुंचने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वागत किया। यहां पर देश के विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों ने अपने-अपने प्रदेश की वेशभूषा में सुसज्जित होकर लोक नृत्यों पर झूमकर दूर-दराज से आए मेहमानों और पर्यटकों का कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर पहुंचनें पर खुशी का इजहार किया। इसके पश्चात उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ब्रह्मसरोवर के पवित्र जल का आचमन कर पूजा अर्चना की। पवित्र ग्रंथ गीता पर पुष्प अर्पित कर पूजन किया तथा गीता महाआरती में भाग लिया।

उप राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री ने आचार्य पंडित नरेश व वेदपाठी विद्यार्थियों और विद्वानों द्वारा श्लोकोंच्चारण के बीच पवित्र ग्रंथ गीता की महाआरती व महापूजन से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2023 का शुभारम्भ किया। इसके पश्चात सभी मेहमानों ने भागीदारी राज्य असम के पवेलियन में असम प्रदेश के खान-पान, रहन-सहन, परिधानों सहित अन्य विभिन्न दृश्यों को दर्शाने वाले स्टॉलों का अवलोकन किया। इसके उपरांत सभी मेहमानों ने इस महोत्सव में बनाए गए हरियाणा पवेलियन की सांस्कृतिक विरासत के दर्शन किए। यह महोत्सव 17 दिसंबर से 24 दिसंबर तक चलेगा। इस महोत्सव में 18 हजार विद्यार्थियों के साथ वैश्विक गीता पाठ, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला, हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा विभिन्न राज्यों के कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार, संत सम्मेलन, ब्रहमसरोवर की महाआरती, दीपोत्सव, 48 कोस के 164 तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। इसके लिए प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से सुरक्षा और व्यवस्था के तमाम पुख्ता इंतजाम किए गए है। इस मौके पर राज्यमंत्री सरदार संदीप सिंह, सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी, उपायुक्त शांतनु शर्मा, एडीसी एवं केडीबी सीईओ अखिल पिलानी, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, कुरुक्षेत्र 48 कोस निगरानी कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

 

 


*नूंह में शोभायात्रा 28 को, धारा 144 लागू*

28-Aug-2023

नूंह (शोर संदेश)।हरियाणा के नूंह में हिंदू संगठन सोमवार को शोभायात्रा निकालेंगे। 31 जुलाई को इसी यात्रा के दौरान बवाल मचा था और तनाव फैल गया था। तब भड़की हिंसा में 6 लोगों की मौत हुई थी। सावन के आखिरी सोमवार पर हिंदू संगठन उसी अधूरी यात्रा को पूरी करने पर अड़े हैं, जबकि प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। पूरे नूंह जिले में सुरक्षा के भारी बंदोबस्त किए गए हैं। धारा 144 लागू है। स्कूल-कॉलेज के साथ ही बैंक बंद हैं। प्रशासन को आशंका है कि इस बार शोभायात्रा में भारी संख्या में भक्त जुट सकते हैं, क्योंकि इस बार किसी एक संगठन के बजाय समस्त हिंदू समाज की ओर से यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजक बोले- किसी अनुमति की आवश्यकता नहीं
आयोजकों का कहना है कि धार्मिक यात्रा के लिए प्रशासन से अनुमति लेने की जरूरत नहीं है, जबकि जिला प्रशासन ने पहले ही कह दिया था कि यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को कहा था कि यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है। लोग कानून व्यवस्था और परिस्थितियों को देखते हुए अपने स्थानीय मंदिरों में जाकर जलाभिषेक और पूजा पाठ करें।


*ट्रेलर ने खड़ी बस को मारी ठोकर : एक बच्चे समेत 8 की मौत...*

03-Mar-2023

अंबाला (शोर संदेश)।हरियाणा के अंबाला में शुक्रवार तड़के भीषण हादसा हो गया। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग 344 चंडीगढ़ यमुनानगर पर स्थित गांव ककड़ माजरा के समीप एक ट्रेलर ने खड़ी बस को  टक्कर मार दी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब बरेली उत्तर प्रदेश से बद्दी हिमाचल प्रदेश जा रही एक डबल डेकर बस शुक्रवार अलसुबह गांव ककड़ माजरा के नजदीक सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रेलर हाइवे पर बने डिवाइडर को पार कर दूसरी तरह पलट गया। हादसा के बाद हर तरफ चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बस में सवार लोगों को निकाला गया और कुछ को शहजादपुर सीएचसी व कुछ को पंचकूला सरकारी अस्पताल में भेजा गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। जिनमें महिलाएं व एक बच्चा भी बताया जा रहा है जिसकी उम्र लगभग दो से तीन साल बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डीएसपी नारायणगढ़ अर्शदीप सिंह थाना प्रभारी शहजादपुर बीरभान पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद हाइवे के दोनों और जाम लग गया। बड़ी क्रेन बुलाकर दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया लगभग दो घंटे के बाद यातायात सुचारू हुआ। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम के लगभग पांच बजे के करीब बरेली से लगभग 70 सवारियों को लेकर बस बद्दी के लिए चली थी और जैसे ही आज सुबह लगभग पांच बजे के करीब बस जब ककड़ माजरा के नजदीक पहुंची तभी यह हादसा हुआ है। पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। हादसे की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में व्यवस्था बनाते हुए मरीजों को अलग-अलग अस्पताल में रेफर किया। इसमें से  7 अंबाला छावनी तो कुछ अंबाला सिटी व पंचकूला रेफर हुए। ताकि सभी जगह व्यवस्था बनी रहे।


*केमिकल फक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान...*

15-Oct-2022

गुरुग्राम(शोर संदेश)।हरियाणा के गुरुग्राम के बिनोला इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्टरी में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के पटौदी विकास खंड के गांव बिनोला में इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्टरी में आग लग गई। सुबह करीब 4:00 बजे फैक्टरी में भीषण आग लगी। आग बुझाने के लिए दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंची। सुबह करीब साढ़े 09:30 बजे आग बुझाई गई। आग से इलाके में धुआं फैल गया। आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। मौके पर मौजूद फायर ऑफिसर नरेंद्र यादव ने बताया कि लगभग 200 से ज्यादा केमिकल के ड्रम फट हैं। आग काफी ज्यादा थी। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

 

 

 

*धामके से उड़ी मकान की छत और दिवारें, 7 लोग घायल...*

12-Oct-2022

रोहतक (शोर संदेश)।हरियाणा के रोहतक में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक घर में गैस सिलिंडर फटने से घर की दिवार और छत उड़ गई। धमाके की आवाज से मोहल्ले वाले सकते में आ गए। इस घटना में 7 लोग घायल हुए हैं। धमाका गैस गीजर के साथ लगाए सिलेंडर में हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवार के लोगों ने जब गर्म पानी के लिए गीजर आन किया था सिलेंडर फट गया। हादसा इतना भयावह था की मकान की छत और दीवारें उड़ गई। हादसे में परिवार के सात लोग घायल हो गए। पड़ोसी धमाके की आवाज सुनकर बाहर की तरफ भागे तो चीख पुकार मची हुई थी। किसी तरह से पड़ोसियों ने घायलों को मलबे से निकाला और तुरंत पीजीआई उपचार के लिए पहुंचाया। घायलों में तीन की हालत सामान्य तथा बाकी चार की गंभीर बनी हुई है।



पड़ोसी गौतम के अनुसार जब हादसा हुआ तो मलबा उनका घर में भी आकर गिरा, जिसकी वजह से उसकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। जब धमाका हुआ तो उनके मकान की दीवारें भी हिल गई। अभी पता नहीं चल पाया है, पड़ोस के मकानों में भी नुकसान हुआ है।

जिस मकान में हादसा हुआ है, उसके पड़ोस वाले मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। सीसीटीवी में कैद घटना के अनुसार करीब छह बजकर एक मिनट पर मकान में तेज धमाका होता है। उसके साथ ही मकान से बाहर तक आग की लपटें बाहर आती हैं और मात्र पांच सेकंड में मकान खंडहर में तब्दील मिलता है।

सिलेंडर फटने के कारण मकान में हुए हादसे की वजह से घायल हुए लोगों में विशाल (33), उसकी पत्नी शिल्पा (30), बेटी रेवन (1), बेटा रेहान (8) के अलावा मकान के फर्स्ट फ्लोर पर रहने वाली उपासना (20), पार्थिव (18), प्रीति(16) शामिल हैं। सभी का उपचार पीजीआई के ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

 

 


*बैरिकेड से टकराने के बाद कार में लगी आग, जिंदा जल गए 3 डाक्टर…*

23-Jun-2022

सोनीपत (शोर संदेश) हरियाणा के सोनीपत जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन डाक्टरों की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोनीपत में कार तेज रफ्तार कार पहले पत्थरों से बने बैरिकेड से जा टकराई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। इसके बाद रोहतक के रहने वाले तीन डाक्टर जिंदा जल गई, जबकि 2 डाक्टरों को गंभीर हालत में नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले डाक्टरों की पहचान पुलकित (नारनौल), संदेश (रेवाड़ी) और रोहित (सेक्टर 57 गुरुग्राम) के रूप में हुई है। सभी पीजीआई रोहतक में एमबीबीएस के छात्र बताए गए हैं। रात को सभी छह साथी रोहतक से हरिद्वार जाने के लिए आई-10 कार से निकले थे। भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सभी फाइनल ईयर के छात्र थे और डाक्टर थे। मिली जानकारी के मुताबिक, पीजीआई रोहतक में एमबीबीएस के पांचों छात्र कार से रोहतक से हरिद्वार (उत्तराखंड) जा रहे थे। रोहतक से एमबीबीएस के छात्र आइ-10 कार से हरिद्वार के लिए निकले थे। इस बीच सोनीपत से गुज़रने वाले मेरठ-झज्जर नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात तेज़ रफ़्तार कार टकराई पत्थरों की बेरिकेड्स से टकराने के बाद कार में आग लग गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार तीनों डाक्टरों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो डाक्टरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार सभी कार सवार युवक सभी पांचों युवक रोहतक से हरिद्वार के लिए निकले थे। वहीं, पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सोनीपत भिजवाया गया है। जानकारी मिलने पर सोनीपत पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।


 


*भिवानी में पहाड़ दरकने से 20-25 लोग दबे:3 शव निकाले मरने वाले छत्तीसगढ़ और राजस्थान के*

01-Jan-2022

भिवानी (शोर संदेश)। हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम एरिया में शनिवार सुबह 8:30 बजे खनन के दौरान पहाड़ दरक गया, जिसमें 20 से 25 लोगों के दब गए। फिलहाल तीन मजदूरों के शव निकाले गए हैं। पहाड़ दरकने से गिरे सैकड़ों टन वजनी पत्थरों के नीचे कई पोकलेन मशीनें, ट्रक और अन्य वाहन भी दब गए। वहीं पहाड़ का जो हिस्सा गिरा है उसमें तीन बड़े पत्थर हैं, जिन्हें हटाने में दिक्कत आ रही है। पुलिस और प्रशासन ने मीडिया के घटनास्थल पर जाने पर पाबंदी लगा दी है। NGT की रोक के कारण तोशाम के डाडम एरिया में खनन कार्य पर रोक थी। शुक्रवार को ही यहां रोक हटने के बाद खनन कार्य शुरू हुआ था। शनिवार सुबह 8:30 बजे खनन के दौरान पूरा पहाड़ दर गया और उसके नीचे करीब 20 से ज्यादा लोग नीचे दब गए। साथ ही मौके पर मौजूद ढुलाई के लिए खड़े वाहन और खनन के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीनें भी दब गईं। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू करवाया। तीन लोगों के शव मलबे के नीचे से निकाले जा चुके हैं। पहाड़ दरकने से गिरे मलबे में कई हजार टन के तीन बड़े-बड़े पत्थर हैं। इन पत्थरों को हटाने के लिए प्रशासन की टीम के पास बड़ी मशीनें नहीं हैं। जो यहां मशीनें उपलब्ध भी हैं उनकी क्षमता इतनी नहीं है कि इन पत्थरों को हटाना तो दूर हिला भी सकें। यदि इन्हें ब्लास्ट कर तोड़ा जाता है तो फिर नीचे दबा व्यक्ति यदि जिंदा भी होगा तो उसके बचने की गुंजाइश भी खत्म हो जाएगी। प्रशासनिक टीम के पास अभी इस समस्या से निपटने का कोई उपाय नहीं है।

 

 


*केमिकल फैक्टरी में हादसा : ट्रक से उतारते समय फटा ड्रम एक की मौत*

24-Dec-2021

हिसार (शोर संदेश)। हरियाणा में हिसार के सेक्टर 9-11 के पास स्थित औद्योगिक एरिया में शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे ट्रक से केमिकल से भरे ड्रम उतारते समय ड्रम गिर कर फट गया और केमिकल मजदूरों पर बिखर गया। गैस में दम घुटने और केमिकल से जलने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। औद्योगिक क्षेत्र में प्लांट नंबर 6 में रंग पेंट बनाने की एक फैक्टरी है जिसमें केमिकल लाया जाता है। फैक्टरी में शुक्रवार सुबह मजदूर ट्रक से केमिकल के ड्रम उतार रहे थे। इस दौरान ही प्लास्टिक का एक ड्रम फट गया। जिस कारण मजदूर केमिकल की चपेट में आ गए। मजदूरी का काम कर रहे सातरोड निवासी 38 वर्षीय अनरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। 50 वर्षीय किशनलाल, 23 वर्षीय पवन और 28 वर्षीय दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौके पर पहुंची अर्बन इस्टेट थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी केस दर्ज नहीं किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है।


भारतीय वायुसेना की ताकत में और अधिक इजाफा

01-Apr-2021

00 फ्रांस से बिना रुके भरी उड़ान
अंबाला (शोर सन्देश) भारतीय वायुसेना की ताकत में और अधिक इजाफा हो गया है। राफेल लड़ाकू विमानों की चौथी खेप के तहत तीन राफेल विमान बुधवार को फ्रांस के इसट्रेस एयर बेस से बिना रुके भारत के अंबाला एयरबेस पर उतर गए हैं। भारतीय वायुसेना ने राफेल की लैंडिंग की वीडियो जारी करते हुए कहा कि यूएई वायु सेना के टैंकरों द्वारा राफेल विमानों में रास्ते में इन-फ्लाइट ईंधन (एयर टू एयर रिफ्यूलिंग) भरवाया गया। यह दो वायु सेनाओं के बीच मजबूत संबंधों में एक और मील का पत्थर साबित हुआ है। बता दें कि नौ विमानों का अगला जत्था अप्रैल में भारत आएगा। इनमें से पांच विमानों को उत्तरी बंगाल में हाशिमारा एयरबेस पर तैनात किया जाएगा।      00 36 राफेल खरीदने के लिए हुआ था सौदा भारत ने फ्रांस सरकार के साथ सितंबर, 2016 में 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के लिए 59,000 करोड़ रुपये का रक्षा सौदा किया था। फ्रांस की कंपनी दसॉ एविएशन से पांच राफेल विमानों का पहला बेड़ा 28 जुलाई को भारत पहुंचा था। इस बेड़े ने फ्रांस से उड़ान भरने के बाद संयुक्त अरब अमीरात में हाल्ट किया था, जहां उसमें ईंधन भरा गया था। राफेल के पहले बेड़े को जब वायुसेना में शामिल किया गया था, तब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे गेम चेंजर करार दिया था। उनका दावा था कि राफेल के साथ वायुसेना ने तकनीकी स्तर पर बढ़त हासिल कर ली है। राफेल नवीनतम हथियारों और सुपीरियर सेंसर से लैस लड़ाकू विमान हैं। भारतीय वायुसेना के अंबाला स्थित गोल्डन एरो स्क्वाड्रन ने जुलाई, 2020 और जनवरी, 2021 के बीच 11 राफेल लड़ाकू विमानों को पहले ही वायुसेना में शामिल कर लिया गया है। इन्हें लद्दाख सीमा पर तैना किया गया है। बता दें कि मई 2020 की शुरुआत से ही चीन के साथ सीमा गतिरोध के बाद सेना हाई अलर्ट पर है। इसके साथ ही केंद्र सरकार फ्रांस की साफरान मिलिट्री एयरक्राफ्ट इंजनों के संयुक्त विकास में भी रुचि दिखा रही है। उल्लेखनीय है कि राफेल लड़ाकू विमानों में 74 किलो न्यूटन के थ्रस्ट वाले दो एम88-3 साफ्रान इंजन दिए गए हैं। लेकिन, राष्ट्रीय सुरक्षा योजनाकर्ता चाहते हैं कि डीआरडीओ के अत्याधुनिक मल्टीरोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट के लिए अधिक थ्रस्ट वाले (90 से 100 किलो न्यूटन) इंजन चाहते हैं।     00 महामारी के बावजूद तय समय पर मिलेंगे राफेल भारत में फ्रांसीसी दूत इमैनुअल लेनिन ने कहा है कि कोरोना के बावजूद 2022 तक तय समय में सारे लड़ाकू विमान भारत को सौंप दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि कोरोना के बावजूद हम भारत को तय समय और उससे पहले राफेल सौंपने के लिए सक्षम हैं। 



+ Load More

Feedback/Enquiry



Log In Your Account