ब्रेकिंग न्यूज

Kondagaon

सर्चिंग के दौरान 30 किलो विस्फोटक बरामद, टिफिन IED मौके पर नष्ट

07-Sep-2026
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मर्दापाल थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग और डी-माइनिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया है। कार्रवाई आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर की गई।बरामद सामान में एक 9 एमएम पिस्टल के साथ करीब 30 किलो विस्फोटक सामग्री शामिल है। इसके अलावा करीब 10 किलो वजन की टिफिन आईईडी भी मिली, जिसे बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, जिले में नक्सलियों द्वारा जंगल और पहाड़ी इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियार, आईईडी और अन्य सामग्री की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को मर्दापाल थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में रवाना किया गया। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनाथ मीणा और कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अभियान में नक्सल सेल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम शामिल रही।
जंगल-पहाड़ी इलाके में की गई सर्चिंग
संयुक्त टीम ने ग्राम कोरमेल, पुसपाल मोखामारी के जंगल और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में सर्चिंग शुरू की। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी करने के बाद व्यवस्थित तरीके से तलाशी और डी-माइनिंग अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान टीम को जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप मिला। इसमें हथियार के साथ बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली सामान बरामद किया गया।
9 MM पिस्टल और करीब 30 किलो विस्फोटक बरामद
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को एक 9 एमएम पिस्टल मिली। इसके अलावा करीब 30 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई। जंगल में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को सुरक्षित किया और बीडीएस टीम को मौके पर बुलाकर सामग्री की जांच कराई। पुलिस और सुरक्षा बलों की सतर्कता के कारण संभावित खतरे को टालते हुए बरामद आईईडी और विस्फोटक को सुरक्षा प्रक्रिया के तहत हैंडल किया गया।
10 किलो की टिफिन आईईडी मौके पर नष्ट
बरामद नक्सली डंप में करीब 10 किलोग्राम वजन की टिफिन आईईडी भी शामिल थी। आईईडी मिलने के बाद बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों के अनुसार कार्रवाई की और इसे मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में आईईडी की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में भी सर्चिंग अभियान जारी रखा गया।
 

सरस्वती साइकिल योजना से मोहलई की 42 छात्राओं को मिली नई राह, विधायक लता उसेंडी ने बांटी साइकिलें

19-Aug-2026
कोण्डागांव (शोर संदेश) सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत मंगलवार को कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने कोण्डागांव जिले में विभिन्न शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। इस दौरान शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहलई में 42 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक लता उसेंडी ने ग्राम मोहलई में कुम्हार समाज भवन के पास 2.50 लाख रुपये की लागत से रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही डीएमएफ मद से हाईस्कूल मोहलई में 5 लाख रुपये की लागत से प्रयोगशाला के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरस्वती साइकिल योजना के माध्यम से छात्राओं को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध करा रही है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और वे नियमित रूप से स्कूल पहुंच सकेंगी। उन्होंने पालकों से बच्चों को समय पर विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों से अपने निर्धारित लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कोण्डागांव के उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य रामदई नाग, जनपद सदस्य कल्पना कोर्राम, सरपंच मोहलई मालतु राम सोढ़ी, सरपंच मुनगापदर फूलमती कश्यप, सरपंच करणपुर महादई कश्यप, दीपेश अरोरा,संतोष पात्रे, हितेन्द्र झा, पूर्व जनपद सदस्य सुनीता नाग, महेंद्र पारख, प्रेमसिंग नाग, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बालसिंह बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर सहित प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभिन्न ग्रामों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
 

टाटामारी में हरेली पर्व पर सजा फूड फेस्टिवल, कायाकिंग और म्यूजियम का शुभारंभ

14-Aug-2026
कोंडागांव, ( शोर संदेश ) हरेली पर्व के अवसर पर वन विभाग द्वारा केशकाल स्थित इको-पर्यटन केंद्र टाटामारी में फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। जहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, महिला स्व-सहायता समूहों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
फूड फेस्टिवल में महिला स्व-सहायता समूहों ने बस्तर और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन तैयार किए, जिनका अतिथियों और पर्यटकों ने स्वाद लिया। आयोजन के दौरान टाटामारी को प्लास्टिक मुक्त पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में विशेष अभियान की शुरुआत भी की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारीलाल सोरी ने टाटामारी में म्यूजियम और तालाब में कायाकिंग सुविधा का शुभारंभ किया।
प्लास्टिक मुक्त टाटामारी की दिशा में पहल
डीएफओ दिव्या गौतम ने बताया कि हरेली पर्व पर आयोजन का उद्देश्य लोगों को प्रकृति, पर्यावरण और स्थानीय परंपराओं से जोड़ना है। महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा पर्यटकों के लिए पारंपरिक व्यंजन तैयार किए गए हैं। टाटामारी के तालाब में कायाकिंग की सुविधा शुरू होने से पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ा है।
उन्होंने बताया कि टाटामारी को प्लास्टिक मुक्त बनाने के पूर्व संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय महिला समूहों और दुकानदारों को 10-10 रुपये के टोकन उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य प्लास्टिक के उपयोग को कम करना और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना है।
हरेली के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश
नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारीलाल सोरी ने वन विभाग के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि हरेली पर्व हरियाली और प्रकृति संरक्षण से जुड़ा पर्व है। इस आयोजन के माध्यम से लोगों को जंगल और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश मिला है। उन्होंने वन विभाग और महिला स्व-सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों को हरेली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
पार्षद भूपेश चन्द्राकर ने कहा कि टाटामारी के माध्यम से केशकाल क्षेत्र के अन्य पर्यटन स्थलों को भी पहचान मिल रही है और बाहरी पर्यटकों का आगमन बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरेली के मूल भाव के अनुरूप टाटामारी को प्लास्टिक मुक्त बनाने की पहल आयोजन को और सार्थक बनाती है।
पर्यटन से बढ़ रहे महिला समूहों के रोजगार के अवसर
वरिष्ठ पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय ने कहा कि वन विभाग द्वारा पर्यटन गतिविधियों से जुड़ी जिम्मेदारियां महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपना सराहनीय पहल है। इससे महिलाओं की भागीदारी के साथ उनके आय के साधनों में भी वृद्धि हो रही है। टाटामारी में पर्यटकों का आगमन बढ़ने से स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए बस्तर और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय संस्कृति और व्यंजनों को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारीलाल सोरी, पार्षद भूपेश चन्द्राकर, नम्रता भारद्वाज, महेश तारम, डीएफओ दिव्या गौतम, एसडीओ सुषमा नेताम, वरिष्ठ पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय सहित वन विभाग की टीम, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
 

मसोरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव

18-Jun-2026
कोण्डागांव (शोर संदेश) जिले के ग्राम मसोरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक लता उसेंडी शामिल हुईं। इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिष्ठान खिलाकर तथा पुस्तकें एवं गणवेश प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच बच्चों ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य और कल के नेतृत्वकर्ता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर कार्य करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्रकृति के संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से भी कहा कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बाद विद्यार्थियों को उनकी रूचि अनुसार आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करें।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव शिक्षा के प्रति जनजागरूकता लाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थिति के लिए प्रेरित करने अपील की। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में नियमित सहयोग करने तथा उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने बच्चों को अध्ययन के साथ-साथ सुंदर हैंडराईटिंग के लिए भी नियमित अभ्यास करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में गांव के मेधावी विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। साथ ही छात्राओं द्वारा बनाए गए विभिन्न प्रोजेक्ट  मॉडल का भी अवलोकन अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विधायक उसेण्डी सहित अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर ईना श्रीवास्तव, सरपंच सुकली बाई मरकाम, बंटी नाग सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावकगण उपस्थित रहे।
 

ग्रामीण इलाकों को बड़ी सौगात! सड़कों के लिए 38 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट शुरू

06-May-2026
कोंडागांव। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना पीएमजीएसवाई फेज-4, बैच-01 के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों में 38 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सडक़ों का भूमिपूजन वन मंत्री केदार कश्यप द्वारा किया गया। इन सडक़ों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई गति मिलेगी। योजना के अंतर्गत ग्राम खड़पड़ी में एल-224 कोण्डागांव-कोरमेल रोड के आरडी 43 किमी से पटेलपारा खड़पड़ी मार्ग लंबाई 3.80 किमी, लागत 339.62 लाख रुपये का भूमिपूजन किया गया।
इसी प्रकार ग्राम मटवाल में वेतबेड़ा रोड से ढोलमांदरी तक 5.50 किमी लंबी सडक़ लागत 503.36 लाख रुपये, कुधूर से पटेलपारा मुण्डीपदर तक 3 किमी सडक़ लागत 287.80 लाख रुपये तथा खशपारा खचगांव गोदाम से मांझीपारा तक 3.62 किमी सड़क लागत 335.04 लाख रुपये का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा ग्राम खोड़सानार में पल्ली-बारसुर रोड से कीलम मार्ग लंबाई 3.90 किमी, लागत 388.08 लाख रुपये तथा खोड़सानार से पदेली मार्ग लंबाई 3.08 किमी, लागत 225.42 लाख रुपये का भूमिपूजन हुआ।
तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर जंगली सुअर का हमला, 8 लोग गंभीर रूप से घायल
ग्राम लखापुरी से एहरा तक 7 किमी सडक़ लागत 685.89 लाख रुपये, ग्राम नहकानार में बयानार रोड से नहकानार तक 3.30 किमी सड़क लागत 310.95 लाख रुपये तथा ग्राम छोटेउसरी से टिमेनार तक 2.50 किमी सडक़ लागत 235.35 लाख रुपये का भी भूमिपूजन किया गया। इसी क्रम में रेंगागोदी के आश्रित ग्राम बडक़ो में बयानार रोड से बडक़ो मार्ग लंबाई 2.70 किमी, लागत 223.52 लाख रुपये तथा ग्राम टेमरुगांव मंदिर पारा में पुजारी पारा से कटुल पारा तक 2.96 किमी सडक़ लागत 302.22 लाख रुपये के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
 

NH-30 पर बस पलटने से मची चीख-पुकार, यात्री का हाथ कटा, चालक समेत 3 गंभीर

25-Apr-2026
कोंडागांव। (शोर संदेश) कोंडागांव जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने यात्रियों को दहला दिया। सवारी से भरी एक बस नेशनल हाईवे-30 पर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें चालक सहित कई लोग घायल हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि एक यात्री का हाथ शरीर से अलग हो गया, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4 बजे सिटी कोतवाली कोण्डागांव क्षेत्र के घोड़ागांव चिलबहार नाला के पास हुआ। दुबे ट्रेवल्स की बस (क्रमांक सीजी 04 ईए 4882) रायपुर से जगदलपुर होते हुए जयपुर (ओडिशा) जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह बस के सामने अचानक किसी जानवर के आ जाने को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन को बचाने के लिए अचानक मोड़ने की कोशिश की, जिससे बस पर नियंत्रण खो गया। हालांकि चालक की हालत गंभीर होने के कारण इस कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
इस दुर्घटना में बस चालक रोशन साहू समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में नवीन नामक यात्री का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया, जो इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू है। बताया जा रहा है कि नवीन दिल्ली का निवासी है, हालांकि उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। इसके अलावा अशद नामक यात्री भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
बस में सवार अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की और राहत कार्य में पुलिस का सहयोग किया।
पुलिस और स्थानीयों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को जिला अस्पताल कोण्डागांव पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। बस की तकनीकी स्थिति, चालक की स्थिति और घटनास्थल के हालात की भी जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर रात और तड़के के समय लंबी दूरी की बसों के संचालन के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। इस घटना ने न केवल यात्रियों को झकझोर दिया, बल्कि यह भी याद दिलाया कि सड़क पर एक छोटी सी चूक या अप्रत्याशित स्थिति कितनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
 

जिला कार्यालय परिसर में स्व-सहायता समूह का हर्बल गुलाल स्टॉल, सुरक्षित होली का संदेश

03-Mar-2026
कोण्डागांव (शोर संदेश)  आगामी होली पर्व के मद्देनज़र जिला कार्यालय परिसर में फरसगांव विकासखंड के ग्राम झाटीबन की मां शीतला स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित हर्बल गुलाल के विक्रय हेतु स्टॉल लगाया गया। सोमवार को कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने स्टॉल पहुंचकर हर्बल गुलाल की खरीदी की तथा होली पर प्राकृतिक रंगों के उपयोग का संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं द्वारा प्राकृतिक तरीके से तैयार किए जा रहे हर्बल गुलाल की सराहना करते हुए अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी इसे खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया। हर्बल गुलाल खरीदने के लिए मोबाइल नंबर 8817932878 पर संपर्क कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि समूह द्वारा प्रतिवर्ष होली के अवसर पर हर्बल गुलाल का निर्माण एवं विक्रय किया जाता है। इस वर्ष तैयार किए जा रहे गुलाल में पलाश, धवई, मेहंदी, चुकंदर, लाल भाजी, पालक, हल्दी एवं गुलाब जल जैसे प्राकृतिक तत्वों का उपयोग किया गया है। हर्बल गुलाल के निर्माण में कृषि विज्ञान केंद्र, कोण्डागांव द्वारा समूह को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
प्राकृतिक तत्वों से निर्मित यह गुलाल बाजार में उपलब्ध रासायनिक रंगों से होने वाले दुष्प्रभावों जैसे त्वचा एलर्जी, अस्थमा, सिरदर्द, खुजली एवं संक्रमण से बचाव करता है तथा त्वचा को शीतलता प्रदान करता है। इसके निर्माण के लिए समूह की सदस्याएं वर्षभर आवश्यक वनोपज का संग्रहण करती हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय भी मिल रहा है।

 


मेला-मंड़ई और विकास का संगम: वन मंत्री केदार कश्यप ने दी 2.18 करोड़ के कार्यों की सौगात

22-Feb-2026
रायपुर( शोर संदेश )  वन मंत्री केदार कश्यप ने कोंडागांव जिले के मर्दापाल में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को 2 करोड़ 18 लाख 47 हजार रुपए की लागत वाले कुल 36 विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही वन मंत्री ने मर्दापाल में भूमिपूजन कार्यक्रम से पहले गांव के मड़ई मेला में सम्मिलित होकर भंगा राम मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख समृद्धि एवं शांति की कामना की।
वन मंत्री कश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी ग्रामवासियों को पारंपरिक भंगाराम माता मावली माघ मड़ई मेला की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आगे भी ग्रामीण अंचल के जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। वन मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए विकसित भारत जी राम जी योजना को और अधिक प्रभावी बनाया गया है जिसके तहत अब लोगों को 125 दिन की रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा और एक सप्ताह के भीतर भुगतान किया जाएगा। वन मंत्री ने शिविर में पंचायत विभाग के विकसित भारत जीरामजी योजना पर आधारित स्टॉल के साथ- साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और ग्रामीणों से कहा कि विभागों के स्टॉल में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। जनपद पंचायत की अध्यक्ष अनिता कोर्राम ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। 
वन मंत्री केदार कश्यप ने मर्दापाल में विभिन्न ग्राम पंचायतों में आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण एवं सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार हेतु कुल 218.47 लाख रुपये की लागत से 36 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच, आंगनबाड़ी भवन, सीसी सड़क, नाली निर्माण तथा पुलिया निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा कई गांवों के ग्रामवासी लाभान्वित होंगे।
भूमिपूजन कार्यों में ग्राम बयानार में पनका समाज हेतु सामुदायिक भवन निर्माण कार्य में 5 लाख, मुंगवाल में पंचायत भवन के पास घोटुल निर्माण लागतं 3 लाख, नरिहा में राजबेड़ा मंदिर के समीप सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य लागत 20 लाख, पेरमापाल में ग्राम पंचायत पेरमापाल स्कूलपारा में 2 मीटर पुलिया निर्माण कार्य लागतं 6 लाख, जोगीआड़वल में कोरहाबेडा में 2 मीटर पुलिया निर्माण कार्य लागत 6 लाख, तोड़म में मनीराम के खेत के पास 2 मीटर पुलिया निर्माण लागत 7 लाख, मड़ागांव में शिव मंदिर पारा में सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य लागत 3 लाख, पेरमापाल में दुलारदई माता पारा में सांस्कृतिक मंच निर्माण लागत 3 लाख, खण्डाम में डोंगरीपारा में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य लागत 5 लाख, खण्डाम में आवास प्लाट पारा में रंगमंच कार्य निर्माण लागत 3 लाख, बोटीकनेरा में राजू सोनी के घर के पास 2 मीटर पुलिया निर्माण कार्य लागत 6 लाख, नगरी में गांवकीन माता पारा में सांस्कृतिक मंच निर्माण लागत 3 लाख, कचोरा में ग्राम पंचायत कचोरा डोंगरीपारा में सामुदायिक भवन निर्माण लागत 5 लाख, मर्दापाल में अटल सद्भावना भवन कार्य में लोहार पारा लागत 5 लाख, मर्दापाल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मर्दापाल में मरीज एवं परिजनों हेतु शेड निर्माण लागत 4 लाख, मर्दापाल में सी.सी. सड़क सह नाली निर्माण कार्य लेपस (मानिकपुरी समाज भवन) से सुरेश घर तक 200 मीटर में 16.19 लाख, चांगेर में टेमरूभाठा में कोटकरीन पारा में सांस्कृतिक मंच निर्माण लागत 3 लाख, बड़ेकुरूषनार में नारायण कश्यप घर से सुखनाथ लोहार घर के बीच 1.50 पुलिया निर्माण में 6 लाख, बड़ेकुरूषनार में तेलीपारा पंचायत भवन के पास 02 मीटर पुलिया निर्माण कार्य लागत 6 लाख, हसलनार में उप स्वास्थ्य केंद्र हसलनार में मरीज एवं परिजनों हेतु शेड निर्माण लागत 2 लाख का कार्य शामिल है।
इसी प्रकार हसलनार में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य में प्लाटपारा में मुरिया पारा लागत 6 लाख, जोड़ेंगा में पोहमार पटेल पारा अटल सद्भावना भवन लागत 5 लाख, जोड़ेंगा में पंचायत भवन के पास सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य लागत 5 लाख, खड़पड़ी में टोड़ाबेडा में अटल सद्भावना भवन निर्माण कार्य लागत 5 लाख, कोरमेल में मुख्य मार्ग से बड़ामुंडा मार्ग में 2 मीटर पुलिया निर्माण कार्य लागत 6 लाख, मटवाल में 1.5 मीटर पुलिया निर्माण कार्य लागत 4 लाख, पदनार में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य लागत 6.50 लाख, तुमड़ीवाल में खासपारा में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य लागत 6.50 लाख, पुसपाल में स्कूल से पुजारी मार्ग में डारा खेत के पास पुलिया निर्माण लागत 6.50 लाख, हथकली में पंचायत भवन से हासेल मार्ग हेमचंद घर पुलिया निर्माण लागत 6 लाख, हसलनार में हसलनार करागुड़रापारा में सांस्कृतिक भवन निर्माण लागत 5 लाख, कुधुर में डोंगरा देव पारा में सांस्कृतिक मंच निर्माण लागत 3 लाख, टेकापाल में स्कूल पारा से कुंगारपाल के बीच 2 मीटर पुलिया निर्माण कार्य लागत 6 लाख, बेतबेंड़ा में सी.सी. सड़क सह नाली निर्माण कार्य मुख्य मार्ग 300 मीटर लागत 23.28 लाख, हंगवा में तोतर रोड में 1.5 मीटर पुलिया निर्माण लागत 4.50 लाख और कांगा में कांगा कारीदेलगिन माता पारा में सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य लागत 3 लाख रुपए का भूमिपूजन कार्य शामिल है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, सरपंच जयंती कश्यप सहित पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 


जनदर्शन में मिली त्वरित राहत: लगनी बाई को मिला राशन कार्ड

18-Feb-2026
कोंडागांव ( शोर संदेश )  शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जन समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में  कोंडागांव जिले  के केशकाल विकासखंड के ग्राम गौरगांव निवासी लगनी बाई को त्वरित राहत मिली। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक के उपरांत कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लगनी बाई ने राशन कार्ड बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने उनके आवेदन पर खाद्य विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। खाद्य विभाग द्वारा उसी दिन आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर लगनी बाई को राशन कार्ड बनाकर प्रदान किया गया।
राशन कार्ड प्राप्त होने से लगनी बाई और उनका परिवार अब नियमित रूप से शासकीय योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाले राशन सामग्री के साथ साथ अन्य योजनाओं का भी लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने इस त्वरित सहायता के लिए शासन प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, खाद्य अधिकारी नवीनचंद श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





 

नवीकरणीय ऊर्जा में कोंडागांव अग्रणी, राज्य में बना सोलर मॉडल जिला

20-Jan-2026
कोंडागांव ( शोर संदेश )  कोंडागांव जिला नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नया मिसाल कायम कर रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी और सुव्यवस्थित क्रियान्वयन से जिले में 500 घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस योजना के तहत लक्ष्य प्राप्ति में कोंडागांव जिला पूरे राज्य में अग्रणी है।
यह भी उल्लेखनीय है कि अब तक 426 सौर संयंत्रों का विद्युत ग्रिड से सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइजेशन किया जा चुका है, जबकि शेष संयंत्रों को ग्रिड से जोड़ने का कार्य निरंतर प्रगति पर है। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में उपभोक्ता प्रत्यक्ष रूप से सौर ऊर्जा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
यह उपलब्धि कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन, सतत निगरानी एवं  प्रशासनिक प्रयासों का परिणाम है। उनके निर्देशानुसार नियमित समीक्षा और विभागीय समन्वय को सुदृढ़ किया गया तथा जनजागरूकता शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को योजना से जोड़ने के विशेष प्रयास किए गए, जिससे योजना से अधिक से अधिक हितगाही जुड़े।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक योजना का लाभ पहुँचे तथा सब्सिडी, तकनीकी सहायता एवं प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाया जाए। इस अभियान में विद्युत विभाग की तकनीकी दक्षता एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से कोंडागांव हरित ऊर्जा की दिशा में अग्रसर एक आदर्श जिला के रूप में स्थापित हुआ है। सौर ऊर्जा के उपयोग से जहाँ उपभोक्ताओं के विद्युत व्यय में उल्लेखनीय कमी आई है, वहीं पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी जैसे सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा इस उपलब्धि को और विस्तार देते हुए कोंडागांव को छत्तीसगढ़ का अग्रणी सोलर जिला बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखे जाएंगे।


+ Load More

Feedback/Enquiry



Log In Your Account