ब्रेकिंग न्यूज

Bastar

जगदलपुर में दो सड़क हादसे, महिला और 18 वर्षीय युवक की मौत

19-Feb-2026
जगदलपुर ।  ( शोर संदेश ) शहर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक अज्ञात बुजुर्ग महिला और 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मामलों में वाहन चालक मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर परपा थाना क्षेत्र में डिमरापाल से आगे मारेंगा चौक आकाशवाणी के पास हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां करीब 50 वर्षीय महिला की सड़क पर ही मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में वाहन के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
महिला के पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाज भेजा गया है। महिला की पहचान के लिए उसकी फोटो सभी थानों और चौकियों में भेजी गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दूसरी घटना बोधघाट थाना क्षेत्र के नकटी सेमरा के पास हुई। पुलिस के अनुसार, सेमरा निवासी भावेश चंद्र (18) आड़ावाल स्थित मोबाइल दुकान में काम करता था। रात में काम से लौटते समय नगरनार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।




 

 


तेज रफ्तार का कहर: ट्यूशन से लौट रहे 13 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत

16-Feb-2026
जगदलपुर( शोर संदेश )।  शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। बोधघाट थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्र दक्ष पिल्लई की मौत हो गई। वह ट्यूशन से साइकिल पर घर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार आकाश नगर निवासी पवन पिल्लई का बेटा दक्ष कालीपुर स्थित हेम एकेडमी में कक्षा सातवीं का छात्र था। शाम करीब 5:45 बजे वह अपने तीन दोस्तों के साथ एलआईसी रोड से गुजर रहा था। माहरा समाज भवन के पास धरमपुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार सफेद कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दक्ष सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दक्ष अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे ने शहर में बेलगाम रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

बड़े कारली तालाब में आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल, बचाव दल पूरी तरह तैयार

10-Feb-2026
दंतेवाड़ा । जिले के बड़े कारली तालाब में बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने हेतु प्रशासनिक अमले एवं गोताखोरों की टीम द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान तालाब के मध्य नाव ले जाकर एक युवक को डूबने से बचाने का प्रदर्शन किया गया।
तालाब में जलस्तर कम होने के कारण पत्थरों से टकराने की आशंका को ध्यान में रखते हुए तालाब के दूसरे छोर पर सायरन व्यवस्था की गई थी। वहीं से माइक के माध्यम से बचाव दल को दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे। बचाव दल को यह जानकारी दी जा रही थी कि किस दिशा में पत्थर हैं और किस ओर खतरे की संभावना है। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह स्पष्ट हुआ कि बचाव में प्रयुक्त नाव तकनीकी रूप से पूरी तरह सक्षम है तथा गोताखोर आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार हैं। साथ ही बचाव कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सभी मानक प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा जिले में नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका बनी रहती है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों के फंसने पर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारियों का भी इस अभ्यास के माध्यम से पूर्वाभ्यास किया गया। मौके पर स्वास्थ्य विभाग का अमला भी उपस्थित रहा। बाढ़ आपदा में फंसे लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्राथमिक उपचार सामग्री एवं चिकित्सक मौजूद थे, साथ ही आवश्यक जीवनरक्षक औषधियां भी रखी गई थीं। इसके अतिरिक्त मॉक ड्रिल के दौरान अस्थायी राहत केंद्र भी स्थापित किया गया। इस प्रकार आपदा से निपटने की तैयारियों की पूर्ण रूप से रिहर्सल की गई।
मॉक ड्रिल के पश्चात अपर कलेक्टर द्वारा बाढ़ आपदा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में जीवन रक्षक जैकेट, नावों के लिए ईंधन, टॉर्च जैसी आवश्यक सामग्रियां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून से पूर्व राहत शिविरों की समुचित तैयारियां पूर्ण कर लेने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष में कर्मचारी चौबीसों घंटे उपस्थित रहें तथा आपदा की स्थिति में प्रत्येक क्षण की सूचना उच्च अधिकारियों को दी जाए। इसके साथ ही प्रशासन के पास उपलब्ध सभी नावों का तकनीकी परीक्षण पूर्व में ही कर लेने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के डिप्टी कमांडेंट पवन जोशी, उप निरीक्षक अरुण लांबा एवं प्रमोद कुमार, जिला सेनानी नगर सेना सिदार, तहसीलदार गीदम एवं कटेकल्याण, स्वास्थ्य विभाग, जल संसाधन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जगदलपुर आगमन, मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर हुआ आत्मीय स्वागत

07-Feb-2026
बस्तर।  ( शोर संदेश )  देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में गरिमामय आगमन हुआ। वे यहां के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय संभाग स्तरीय बस्तर पण्डुम का शुभारंभ करने पहुंची हैं। मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति मुर्मू का राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीय स्वागत किया। 
एयरपोर्ट पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और वन मंत्री केदार कश्यप ने राष्ट्रपति का अभिनंदन किया। सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और महापौर संजय पांडे ने भी राष्ट्रपति का अभिवादन करते हुए स्वागत किया। इस दौरान कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी राष्ट्रपति का आत्मीय स्वागत किया।







 

नगरनार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.6 किलो गांजा के साथ महिला पकड़ी गई

28-Jan-2026
बस्तर।  ( शोर संदेश ) जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में नगरनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से रायपुर ले जाए जा रहे गांजा की तस्करी का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 4.667 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 44 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम धनपुंजी मंडी नाका, एनएच-63 के पास एक महिला गांजा लेकर रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगरनार पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां बताए गए हुलिए की महिला सड़क किनारे नीले रंग का बैग लिए खड़ी मिली।
पुलिस को देखकर महिला घबरा गई और भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुमन पाल (40 वर्ष) बताया, जो उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित संजय गांधी नगर की निवासी है।
तलाशी के दौरान महिला के बैग से दो पैकेट में भरा 4.667 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन और 1,000 रुपए नकद भी जब्त किए गए। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2 लाख 44 हजार 350 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
 

7 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जगदलपुर दौरा, बस्तर पंडुम उद्घाटन में होंगी शामिल

28-Jan-2026
जगदलपुर (शोर संदेश)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी को बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने जगदलपुर आएंगी। राष्ट्रपति के दौरे के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर दौरे को देखते हुए मुख्य सचिव विकास शील ने आज सचिवालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर बस्तर पंडुम संभागीय कार्यक्रम के आयोजन और उससे जुड़ी अन्य तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर को भी दिए गए जरूरी निर्देश
चीफ सेक्रेटरी विकासशील ने प्रेसिडेंट के दौरे के लिए सिक्योरिटी, मेडिकल केयर और ट्रांसपोर्टेशन समेत सभी ज़रूरी इंतज़ामों के बारे में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। चीफ सेक्रेटरी ने बस्तर कलेक्टर से वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिए वहां के सभी इंतज़ामों के बारे में जानकारी ली। चीफ सेक्रेटरी ने रायपुर कलेक्टर को भी ज़रूरी निर्देश दिए।
बैठक में जनसंपर्क एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, लोक निर्माण विभाग के सचिव डा. कमलप्रीत सिंह सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

स्वास्थ्य विभाग में 525 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी

20-Jan-2026
जगदलपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दिशा में संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के अंतर्गत कुल 525 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बस्तर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इस संबंध में विस्तृत सूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि व्यापमं द्वारा आयोजित स्टाफ नर्स, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष व महिला), वार्ड बॉय और वार्ड आया जैसे पदों की परीक्षाओं के नतीजे आने के बाद अब कोरोना काल में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
विभाग द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक, कोरोना वैश्विक महामारी के कठिन दौर में प्रदेश की शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में लगातार छह माह तक सेवा देने वाले अस्थाई कर्मियों को चयन प्रक्रिया में बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। इस लाभ को प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों को अपना अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अभ्यर्थियों को संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय में आवेदन करना होगा, जहां उन्होंने महामारी के दौरान कार्य किया था। इसके साथ ही उन्हें अपने कार्यादेश, जॉइनिंग रिपोर्ट और वेतन संबंधी दस्तावेज भी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने होंगे।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने समय-सारिणी भी निर्धारित कर दी है। इसके तहत अभ्यर्थियों को अपना अनुभव प्रमाण पत्र 14 से 29 जनवरी 2026 के बीच कार्यालय में जमा कराना होगा। ध्यान रहे कि ये दस्तावेज केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और सीधे हाथों-हाथ जमा करने की अनुमति नहीं होगी।

जगदलपुर: कालीपुर तालाब में स्कॉर्पियो पलटी, तीन युवकों की मौत

18-Jan-2026
जगदलपुर ।( शोर संदेश )  शहर से सटे कालीपुर इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित स्कॉर्पियो कार तालाब में पलटकर जा गिरी, जिससे तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के वक्त वाहन में कुल सात युवक सवार थे।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कालीपुर में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित थी। मैच जीतने के बाद सभी युवक जश्न मनाने जंगल की ओर गए, जहां उन्होंने शराब का सेवन किया। इसके बाद रात करीब 9 बजे वे मनीष को घर छोड़ने शहर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब के पास वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो पलटते हुए सीधे पानी में जा गिरी।
हादसे में भावेश नागे और शेखर नागे कार से बाहर नहीं निकल पाए और पानी में दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनीष नेवर को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और तत्काल महारानी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
कार चला रहा युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि अन्य युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। तीनों मृतक युवकों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



 

कई पदों पर होगी संविदा भर्तियां, 20 जनवरी तक कर सकेंगे आवेदन

07-Jan-2026
जगदलपुर (शोर संदेश)। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित मिशन वात्सल्य योजना के सुचारू क्रियान्वयन हेतु जिले की शासकीय बाल देखरेख संस्थाओं में रिक्त पदों को भरने हेतु आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।
विभाग द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, यह भर्ती पूरी तरह संविदा आधार पर होगी। इसमें परामर्शदाता, स्टोर कीपर सह लेखापाल, पैरामेडिकल स्टाफ, पीटी इंस्ट्रक्टर सह योग प्रशिक्षक, कला एवं क्राफ्ट सह संगीत शिक्षक और सहायक सह रात्रि चौकीदार जैसे विभिन्न संविदा पद शामिल हैं। इन संविदा पदों पर चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 7,944 रुपये से लेकर 23,170 रुपये तक का एकमुश्त मासिक वेतन दिया जाएगा। परामर्शदाता (काउंसलर) के दो रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी चयनित अभ्यर्थियों को 23,170 रुपये का सर्वाधिक मासिक मानदेय प्रदान किया जाएगा। कार्यालयीन व्यवस्था हेतु स्टोर कीपर सह लेखापाल के एक पद पर भी भर्ती होगी, जिसके लिए 18,536 रुपये का वेतन निर्धारित है।
स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए पैरामेडिकल स्टाफ के तीन पदों को भरा जाएगा, जिनका मासिक वेतन 11,916 रुपये होगा। इसके अलावा बच्चों के शारीरिक और रचनात्मक विकास के लिए पीटी इंस्ट्रक्टर सह योग प्रशिक्षक के चार पद तथा कला एवं क्राफ्ट सह संगीत शिक्षक के दो पद शामिल हैं। इन दोनों ही पदों के लिए 10,000 रुपये का एकमुश्त मानदेय तय किया गया है।
वहीं, सुरक्षा और सहायता कार्यों के लिए सहायक सह रात्रि चौकीदार का भी एक पद रिक्त है, जिस पर 7,944 रुपये प्रति माह का भुगतान किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है, जिसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के बजाय मेरिट के आधार पर किया जाएगा। इसमें शैक्षणिक योग्यता के प्राप्तांकों को 70 प्रतिशत अधिभार दिया जाएगा, जबकि अनुभव के लिए अधिकतम 10 अंक और व्यक्तिगत साक्षात्कार या कौशल परीक्षा के लिए 20 अंक निर्धारित किए गए हैं। आयु सीमा 1 जनवरी 2026 की स्थिति में आवेदक की उम्र 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए, राज्य शासन के नियमों के तहत आरक्षित वर्गों को आयु सीमा में छूट का प्रावधान भी रखा गया है।
आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवारों को यह विशेष ध्यान रखना होगा कि विभाग द्वारा आवेदन पत्र सीधे कार्यालय में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जगदलपुर के पते पर भेजे जा सकते हैं। किसी भी अपूर्ण या विलंब से प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत शर्तें, शैक्षणिक योग्यता और आवेदन का प्रारूप बस्तर जिले की आधिकारिक वेबसाइटhttps://bastar.gov.in/पर देखा जा सकता है।

नक्सल गढ़ों में विकास की दस्तक—बस्तर में शांति का नया अध्याय शुरू

05-Dec-2025
 बस्तर ( शोर संदेश )  जिले के सुदूर वनांचल में बसे क्षेत्र चांदामेटा, मुण्डागढ़, छिन्दगुर और तुलसी डोंगरी जो कभी नक्सल गतिविधियों के गढ़ माने जाते थे, अब विकास और शांति का नया अध्याय लिख रहे हैं। जिन पहाड़ियों और जंगलों में कभी नक्सलियों की ट्रेनिंग हुआ करती थी, वहीं आज वन विभाग स्थानीय युवाओं को वानिकी कार्यों का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार उपलब्ध करा रहा है।
इन इलाकों में लंबे समय तक नक्सलियों के प्रभाव तथा उनसे जुड़े लोगों द्वारा कानूनों की गलत व्याख्या ने ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से दूर रखा। शासन के प्रति अविश्वास का वातावरण बना दिया गया। लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। ग्रामीणों ने इन तत्वों की वास्तविक मंशा को समझ लिया है और अब वे दूसरों की लड़ाई में अपना समय और भविष्य गंवाने को तैयार नहीं हैं। वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लगातार किए जा रहे संवाद, जागरूकता और विश्वास निर्माण ने ग्रामीणों का नजरिया बदला है। स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को उनके ही गांव के आसपास वानिकी कार्यों में रोजगार देकर न सिर्फ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत की जा रही है, बल्कि उन्हें सामाजिक रूप से भी सशक्त बनाया जा रहा है।
नक्सल मुक्त इलाकों में वानिकी बन रहा रोजगार का प्रमुख जरिया
ग्राम मुण्डागढ़ के समीप स्थित बांस वनों का इस वर्ष वैज्ञानिक तरीके से वन-उपचार किया गया है। ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे इस कार्य से लगभग 20 लाख रुपये का तत्काल रोजगार सीधे उनके बैंक खातों में पहुँचेगा। आने वाले तीन वर्षों में लगभग 01 करोड़ 37 लाख रुपये के अतिरिक्त रोजगार की संभावना है। इस क्षेत्र से प्राप्त 566 नोशनल टन बांस के उत्पादन का शत-प्रतिशत लाभांश वन प्रबंधन समिति के माध्यम से ग्रामीण विकास में ही खर्च किया जाएगा।
छिन्दगुर और चांदामेटा के पहाड़ी क्षेत्रों में इस वर्ष प्रवरण सह सुधार कार्य के तहत बीमार, वृद्ध और मृत वृक्षों को हटाकर जंगल का उपचार किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को 32 लाख रुपये का तत्काल रोजगार मिल रहा है। काष्ठ उत्पादन से प्राप्त आय का 20 प्रतिशत लाभांश भी गांव की समिति को मिलेगा। अगले 6 वर्षों में लगभग 43 लाख रुपये का अतिरिक्त रोजगार वन उपचार के माध्यम से उपलब्ध होगा। इसके अलावा वन विभाग ग्रामीणों से सतत संपर्क में रहते हुए उनकी आवश्यकताओं का समाधान भी कर रहा है। ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरण, समिति सदस्यों को टी-शर्ट उपलब्ध कराना जैसी जरूरतें तुरंत पूरी की जा रही हैं।
वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता ने कहा कि एक समय भय और हिंसा की पहचान रहे ये इलाके आज शांति, आजीविका और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। वानिकी कार्यों के माध्यम से जल, जंगल एवं जमीन का संरक्षण करते हुए ग्रामीणों को स्थायी आजीविका उपलब्ध कराई जा रही है। बस्तर के नक्सल मुक्त गांव अब साबित कर रहे हैं कि जब विश्वास और विकास साथ आते हैं, तो परिस्थितियाँ बदलना केवल समय की बात होगी।


+ Load More

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account