
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को एआईसीसी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी इसकी जानकारी दी है। गृहमंत्री साहू को कांग्रेस ने गुजरात लोकल बॉडी इलेक्शन का सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से मिले इस दायित्व के लिए ताम्रध्वज साहू ने पार्टी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की है।

रायपुर (शोर सन्देश)। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ.एस.भारतीदासन के निर्देंश पर आगामी 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह प्रेरक वक्ता, खिलाड़ी एवं पर्वतारोही चित्रसेन साहू के मुख्य आतिथ्य में रेडक्राॅस सोसायटी सभाकक्ष, कलेक्टोरेट परिसर, रायपुर में आयोजित किया जायेगा। यह समारोह दोपहर 1 बजे से होगा।

रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मंगलवार को देर शाम असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती लिखित परीक्षा में पास होने वाले उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है । सभी 24 विषयों के लिए पदों और इंटरव्यु के लिए चयनित उम्मीदवारों की संख्या दी गई है। कुछ विषयों का मामला उच्च न्यायालय में पेंडिंग होने की वजह से उनके नतीजे जारी नहीं किए गए हैं। बता दें कि कुल 1384 पदों के लिए लिखित परीक्षा 5 एवं 8 नवंबर को आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में 2896 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं। 27 में 24 विभिन्न विषयों के लिए 1372 पदों पर भर्ती की जाएगी। साक्षात्कार के लिए आयोग अलग से तारीखें अपनी वेबसाइट पर जारी करेगा।


रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ का ड्रोन मास्टर लापता हो गया है। मूलतः अंबिकापुर का निवासी और अरसे से रायपुर में रहकर ड्रोन के काम में विश्वसनीयता की मिसाल क़ायम करने वाला ड्रोन मास्टर पीयूष बीते दस जनवरी से दंतेवाड़ा से संदेहास्पद रुप से लापता है। पीयूष झा के बनाए ड्रोन सीआरपीएफ़ और बीएसएफ़ इस्तेमाल करती है। पीयूष झा के ड्रोन के बेहद स्तरीय और गुणवत्ता में बेहतरीन होने की वजह से ना केवल पैरा मिलेट्री फ़ोर्स बल्कि कृषि क्षेत्र, वन विभाग और रेलवे में भी ज़बर्दस्त मांग रखते हैं। राजधानी से ही पीयूष ने 2015 में इंजीनियरिंग की डिग्री ली और ड्रोन बनाने में महारत हासिल की। शुरुआती संघर्ष के दौर में एक दिन ऐसा वक्त ऐसा आया था जबकि पीयूष हॉस्टल अधीक्षक की सरकारी नौकरी का लेटर आया और उसी दिन ड्रोन के लिए उसका मुद्रा लोन के तहत 45 हजार का लोन स्वीकृत हुआ। पीयूष ने ड्रोन बनाने का काम करना तय किया और फ़िलहाल उसकी कंपनी साढ़े तीन करोड़ वार्षिक का टर्न ओव्हर कर रही है। परिजनों के अनुसार पीयूष का विवाद विशाल सिंह नामक व्यक्ति से चल रहा था और उसने उसकी शिकायत डीजीपी से बीते 22 दिसंबर को लिखित रूप में की थी। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार पीयूष झा के साथ दस जनवरी को इस विवाद के संदर्भ में कुछ अप्रिय घटना घटी जिसकी जानकारी उसने परिजनों को दी थी, और उसके ठीक बाद उसका सेल फ़ोन ऑफ़ हो गया। पीयूष झा के पिता संजय झा ने राजधानी स्थित विधानसभा थाने में पूरी सूचना दी है लेकिन मामले में फ़िलहाल केवल गुम इंसान की सूचना ली गई है, जबकि लापता पीयूष के पिता संजय झा ने चल रहे विवाद को लेकर की गई शिकायत और लापता होने के पहले के संदर्भ बताए गए है।

00 राज्यपाल से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की
रायपुर (शोर सन्देश)। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से आज राजभवन में राज्य प्रशासनिक सेवा से हाल ही में भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। राज्यपाल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत होने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी का पद बड़ी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का होता है। गरीब और जरूरतमंद व्यक्तियों को उनसे बहुत अपेक्षाएं होती है। वे जब आपके पास आते हैं तो यह मानकर चलते हैं कि उनकी समस्याओं का समाधान होगा। यदि आम जनता आपके पास अपनी समस्याएं लेकर आते हैं तो उनसे जरूर मिलें और उनकी बात को धैर्यपूर्वक सुनें तथा उनकी समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास करें। राज्यपाल ने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं की न केवल जानकारी दें, बल्कि जरूरतमंद लोगों को उन योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पांचवी अनुसूची में सम्मिलित राज्य है। यहां के अधिकांश क्षेत्र पांचवी अनुसूची के अन्तर्गत आते हैं। उनके प्रावधानों की जानकारी रखें और उन्हें शासन की मंशा के अनुरूप लाभ दिलाएं। इस अवसर पर राज्यपाल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह और कॉफी टेबल बुक प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव की उप सचिव जयश्री जैन, उच्च शिक्षा संचालनालय की अपर संचालक चंदन त्रिपाठी, कोरबा की अपर कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया,, जिला पंचायत बलौदाबाजार की सीईओ डॉ. फरिहा आलम, राजभवन की उप सचिव रोक्तिमा यादव, राज्य निर्वाचन आयोग के उप सचिव दीपक कुमार अग्रवाल और जिला पंचायत, बलरामपुर की सीईओ तुलिका प्रजापति उपस्थित थे।

रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी शहर के अलग-अलग स्थानों से शातिर तरीके से 3 दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो चोर को पुलिस गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी की यह मामला न्यू राजेन्द्र नगर थाना, टिकरापारा और कोतवाली थाना क्षेत्रों से कुल 3 दोपहिया वाहन चोरी की है। शहर में हो रही मोटर सायकल चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर आरोपियों को पकडऩे आवश्यक दिशा निर्देश के साथ टीम गठीत किया गया। पुलिस को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि कुकुरबेड़ा सरस्वती नगर रायपुर निवासी अंकुश गुप्ता जो कि पुराना वाहन चोर है। जो पूर्व में 10 नग दोपहिया वाहन चोरी करने के प्रकरण में निरूद्ध रह चुका है। अपने साथी गोबरानवापारा निवासी खिलेश देवांगन के साथ मिलकर दोपहिया वाहनों की चोरी करते है और चोरी की दोपहिया वाहनों को गोबरानवापारा में छिपा कर रखते है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सायबर सेल और थाना गोबरानवापारा की संयुक्त टीम ने अंकुश गुप्ता और खिलेश देवांगन को पकड़कर चोरी की वाहनों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की। आरोपियों ने रायपुर के थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र से ज्यूपीटर वाहन क्रमांक सी जी 04 एच टी 6053, थाना टिकरापारा क्षेत्र से हीरो होण्डा स्प्लेण्डर मोटर सायकल क्रमांक सी जी 07 ए एल 5611 और थाना कोतवाली थाना क्षेत्र से एक्टीवा वाहन क्रमांक सी जी 04 एम जे 4887 को चोरी करना बताया। पुलिस की टीम आरोपियों के कब्जे से चोरी की उक्त 3 दोपहिया वाहन जुमला कीमती लगभग 1,20,000 रूपए जप्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ गोबरानवापारा थाना में धारा 41(1$4)/379, 34 भादवि. का अपराध दर्ज कर कार्यवाही किया गया।

गरियाबंद (शोर सन्देश)। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत वित्तीय वर्ष 2020-21 में विवाह कार्यक्रम विकासखण्ड स्तर पर 18 जनवरी को प्रस्तावित है। उक्त विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इच्छुक जोड़े संबंधित एकीकृत बाल विकास परियोजना-फिंगेश्वर, छुरा, गरियाबंद, मैनपुर, देवभोग में 12 जनवरी तक पंजीयन करा सकते हैं। आवेदन और योजना के संबंध में अन्य आवश्यक जानकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना-फिंगेश्वर, छुरा, गरियाबंद, मैनपुर, देवभोग से कार्यालयीन समय में प्राप्त किया जा सकता है। महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी जगरानी एक्का ने बताया किमुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य निर्धन परिवारों को कन्या के विवाह के संदर्भ में होने वाली आर्थिक कठिनाइयों का निवारण करना है। विवाह के अवसर पर होने वाली फिजूलखर्ची को रोकना और सादगीपूर्ण विवाहों को बढ़ावा देना। सामूहिक विवाहों के आयोजन के माध्यम से निर्धनों के मनोबल ध् आत्मसम्मान में वृद्धि और उनकी सामाजिक स्थिति में सुधार। सामूहिक विवाहों को प्रोत्साहन। विवाहों में दहेज के लेन-देन की रोकथाम करना। योजना की पात्रता-कन्या मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजनांतर्गत जारी राशन कार्ड धारितष् परिवार की होनी चाहिए। एक परिवार की अधिकतम दो कन्या लाभांवित की जा सकेगी। कन्या की आयु 18 वर्ष से अधिक और वर की आयु 21 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। कन्या प्रथम विवाह के लिए इस सहायता की पात्र होगी। सामूहिक विवाह में सम्मलित होने वाली कन्या को ही उक्त सहायता की पात्रता होगी। कन्या और उसके परिवार को छत्तीसगढ़ राज्य का निवासी होना चाहिए। साक्षर कन्याओं को सहायता प्रदान करने में प्राथमिकता दी जाएगी। कन्या को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और अनुसूचित जाति, जनजाति विकास विभाग से संचालित सामूहिक विवाह योजनाओं में से किसी एक योजना के तहत लाभ पाने की पात्रता होगी।

धमतरी (शोर सन्देश)। टैक्स वसूली की राशि का गबन करने के मामले में नगर निगम आयुक्त आशीष टिकरिहा ने सहायक राजस्व निरीक्षक भूपेन्द्र करैत को निलंबित कर उन्हें रुपए जमा करने के लिए तीन दिन का समय दिया है। नगर निगम में अधिकारी, कर्मचारियों को अलग अलग कार्य बांटा गया है। कार्यों को ईमानदारी से करने की बजाय कुछ ऐसे कर्मचारी हैं, जो निजी स्वार्थ के चलते शासकीय राशि पर भी डंडी मारने लगे हैं। निगम के सहायक राजस्व निरीक्षकों को दो दो वार्डों में तैनात कर टैक्स वसूली की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। विंध्यवासिनी वार्ड और दानीटोला वार्ड में टैक्स की वसूली का जिम्मा सम्हाल रहे भूपेन्द्र करैत सहायक राजस्व निरीक्षक ने पिछले चार महीने से वसूली की राशि को समय पर एवं पूरी तरह जमा कराने की बजाय गुपचुप तरीके से दबा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर जांच हुई। तब पता चला कि सहायक राजस्व निरीक्षक भूपेन्द्र करैत ने करीबन साढ़े 5 लाख रुपए निगम की राशि को जमा कराने के बजाय निजी कार्य में खर्च कर दिया। जबकि प्रत्येक वार्ड में होने वाले टैक्स वसूली से प्राप्त रुपए की जानकारी लेने के लिए चार राजस्व अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। जिन्होंने अपने कार्यों का भी निर्वहन नहीं किया और सहायक राजस्व निरीक्षक ने शासकीय राशि का गबन कर लिया। टैक्स की राशि गबन करने के मामले में नगर निगम आयुक्त आशीष टिकरिहा ने सहायक राजस्व निरीक्षक भूपेन्द्र करैत को प्रभाव से तत्काल निलंबित कर उन्हें रुपए जमा करने के लिए तीन दिन का समय दिया है।
ज्ञात हो कि इसी सहायक राजस्व निरीक्षक ने तीन साल पहले भी टैक्स वसूली की राशि में गड़बड़ी की थी। हालांकि उस समय उन्होंने जांच के बाद रुपए जमा करा दिये थे। दूसरी बार किये गये रुपए के गबन मामले से नगर निगम में एक बार फिर हड़कंप मचा हुआ है।

धमतरी (शोर सन्देश)। पुलिस ने 8 जनवरी को नगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलभदर मार्ग पर एक व्यक्ति से चीतल का सिंग, खाल आदि बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने पास वन्य प्राणी चीतल की खाल रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। मोटरसाइकिल से बिलभदर मार्ग की ओर जा रहा है। उक्त सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी नगरी नीतिश ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी नगरी विनय कुमार पम्मार ने थाना स्तर पर टीम गठित कर तत्काल मुखबिर सूचना की तस्दीक कर वैधानिक कार्यवाही करने रवाना हुए। उक्त टीम ने मुखबिर के बताए स्थान बिलभदर जाने के मार्ग पर घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल में एक व्यक्ति को आते देखकर उसे रोका। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर नाम-पता पूछ कर उसकी विधिवत तलाशी ली गई। उसने अपना नाम पूरन कुमार धु्रव निवासी ग्राम दलदली जिला धमतरी हाल निवासी पथर्री थाना मैनपुर जिला गरियाबंद बताया। तलाशी लेने पर उसके मोटरसाइकिल से बोरी में वन्य प्राणी चीतल की 1 नग खाल और 2 नग चीतल का सींग बरामद हुआ। जिसके संबंध में पूछताछ करने पर संतुष्टिप्रद जवाब नहीं दिया।
आरोपी के विरूद्ध थाना नगरी में वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 48, 51(1), 52 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी पूरन कुमार धु्रव को न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी नगरी विनय कुमार पम्मार, सउनि नेहरू राम साहू, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण साहू, आरक्षक आनंद कटकवार, शंकर दयाल त्रिपाठी, योगेश धु्रव, रूपेंद्र साहू, भूपेंद्र पदमशाली, महादेव पटेल, हेमलाल धु्रव, दिलीप नेताम एवं गिरीश नाग का योगदान रहा।