ब्रेकिंग न्यूज

Janjgir-Champa

इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी के बाद लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार

11-Feb-2026
सारंगढ़-बिलाईगढ़। भटगांव में एक इलेक्ट्रॉनिक व फर्नीचर दुकान में चोरी के बाद आगजनी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 8 फरवरी की रात की बताई जा रही है। प्रार्थी जानू केसरवानी, निवासी वार्ड क्रमांक 2 भटगांव, ने थाना भटगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उनकी इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर की दुकान बड़े तालाब के सामने स्थित है। 8 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। तड़के लगभग 3 बजे बगल की श्रीराम ज्वेलर्स के संचालक आलोक सोनी ने फोन कर गोदाम में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि गोदाम में आग लगी हुई थी, जिससे तीन पेटी झालर लाइट, दो पेटी इलेक्ट्रॉनिक टॉर्च और दो स्टैंड फैन जलकर नष्ट हो गए। पास के दुकानदार टिकेश्वर साहू के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर रात 1:32 बजे आरोपी दिनेश पटेल (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 6 नगर पंचायत भटगांव, गोदाम का ताला तोड़कर अंदर घुसते और आग लगाते हुए दिखाई दिया। आरोपी ने गोदाम से 43 इंच का आईएमआई कंपनी का एलईडी टीवी (कीमत 20,000 रुपये) और एक हैवल्स कंपनी का मिक्सर ग्राइंडर (कीमत 8,500 रुपये) चोरी कर लिया था। कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 28,500 रुपये आंकी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवकुमार धारी, सहायक उप निरीक्षक बृजमोहन कश्यप, आरक्षक घनश्याम डड़सेना, भूपेंद्र साहू, राहुल खूंटे, खेलावन बघेल, लक्ष्मीकांत और तन्जय का विशेष योगदान रहा।
 

इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में अभिषेक खांडेकर का शानदार प्रदर्शन

10-Feb-2026
जांजगीर-चांपा। जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया जब थाना चांपा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक बी.पी. खांडेकर के सुपुत्र अभिषेक खांडेकर ने नई दिल्ली स्थित केडी जाधव स्टेडियम में 4 से 8 फरवरी तक आयोजित वाको इंडिया इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। सैकड़ों खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अभिषेक की उपलब्धि ने जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ कई विदेशी खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अभिषेक ने शानदार तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया तथा अपने वर्ग में दमदार प्रदर्शन कर दो पदक हासिल किए। डिया से चर्चा में अभिषेक ने बताया कि वे लंबे समय से किक बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी सफलता में माता-पिता के मार्गदर्शन और प्रशिक्षकों के समर्पित सहयोग की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि उनकी बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री इसी वर्ष पूर्ण हुई है और आगे वे मास्टर्स करेंगे, लेकिन करियर किक बॉक्सिंग में ही बनाना चाहते हैं। अभिषेक की इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों, नागरिकों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
 

जांजगीर-चांपा जिला पंचायत की सामान्य सभा एवं सामान्य प्रशासन समिति की बैठक संपन्न

21-Jan-2026
जांजगीर-चांपा, ( शोर संदेश )  जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के समग्र विकास, पंचायतों की कार्यप्रणाली, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में पूर्व बैठक में पारित प्रस्तावों के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन कुमार जयपुरिया, जिला पंचायत समिति के सभापति एवं सदस्य प्रियंका सिंह क्षत्री,  प्रियंका सिंह क्षत्री, संतोषी सिंह रात्रे, प्रीति दिव्य, प्रमिला साहू, महादेव नेताम, उर्मिला यादव, बबीता रात्रे,उमा राजेन्द्र राठौर,मोहन कुमारी साहू,आशा साव, लोकेश राठौर सहित सांसद, विधायक प्रतिनिधि, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, उप संचालक अभिमन्यु साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में धान खरीदी के साथ-साथ उठाव एवं परिवहन की व्यवस्था संतोषजनक रही, जिससे उपार्जन केंद्रों में धान का अनावश्यक भंडारण नहीं हुआ और किसानों को समय पर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी। जिला प्रशासन की सतर्क निगरानी, विभागीय समन्वय और निरंतर समीक्षा के कारण जिले में धान उठाव-परिवहन व्यवस्था बेहतर रूप से संचालित हुई, जिससे किसानों में संतोष और भरोसा बना रहा। बैठक में सदस्यो ने कहा कि अवैध तरीके से धान परिवहन पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। उपार्जन केंद्रों में प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई कार्यवाही की जानकारी दी गई तथा शिकायत मिलने पर नियमित एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जिले में संचालित बुनकर समितियों को शासन की योजनाओं के तहत मिले लाभों की विस्तृत समीक्षा की गई। हथकरघा विभाग के माध्यम से किन-किन बुनकर समितियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है, उसकी योजनावार एवं समितिवार जानकारी दी गई।
बैठक में पंचायत क्षेत्र में संचालित समस्त राइस मिलों की पर्यावरणीय स्वीकृति को लेकर विशेष चर्चा की गई और सभी राइस मिलों की पर्यावरणीय अनुमति पत्र, निर्धारित नियम एवं शर्तों सहित पर्यावरण ऑडिट रिपोर्ट की छायाप्रति अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए, ताकि पर्यावरणीय मानकों के पालन की गहन समीक्षा की जा सके। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत स्वीकृत समस्त योजनाओं से संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यों ने चर्चा की। बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी जारी निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति रिपोर्ट योजनावार एवं ग्राम पंचायतवार तैयार कर प्रस्तुत की जाए, जिससे प्रत्येक कार्य की वास्तविक प्रगति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध हो सके। बैठक में मत्स्य पालन हेतु दिए गए तालाब पट्टों की गहन जांच के निर्देश दिए गए। जिले के सभी ऐसे तालाब, जिन्हें समितियों को मत्स्य पालन के लिए पट्टे पर दिया गया है, उनकी विगत 05 वर्षों की ऑडिट रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। सदस्यों ने कहा कि मत्स्य पालन पट्टों में पारदर्शिता और नियमों के पालन को सुनिश्चित करना आवश्यक है।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट एवं आगामी योजनाओं की समीक्षा की गई। अध्यक्ष द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं के समय-सीमा में क्रियान्वयन तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले की नहरों की साफ-सफाई, मरम्मत एवं नियमित रखरखाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिपं सदस्यों ने कहा कि जिन गांवों में राशन दुकान का संचालन नहीं किया जा रहा है वहां सर्वे के आधार पर नई राशन दुकान खोला जाए इसके साथ ही राशन दुकान के संचालन में शिकायत मिलने संबंधित कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत गठित जीवन दीप समितियों की नियमित बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके। अनावश्यक रूप से किए गए कर्मचारियों के संलग्नीकरण को तत्काल निरस्त करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी बैठक में समय पर उपस्थित रहें और जो अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। जिन स्थानों पर बोर खनन के बाद खुले बोर छोड़े गए हैं, उन्हें तत्काल बंद किया जाए। नल-जल योजना के तहत स्थापित संरचनाओं को शीघ्र क्रियाशील किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी सत्यलता आनंद मिरी ने अधिकारियों से कहा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी जी रामजी योजना) ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आजीविका को मजबूती मिलेगी। परिवारों को 125 दिनों का सुनिश्चित रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, कृषि, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही मजदूरी भुगतान को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस योजना से 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की ओर बड़ा कदम होगा।  जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक अंतिम व्यक्ति तक इसका लाभ दिलाएं।


 

प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का मकान और सम्मानजनक जीवन

17-Jan-2026
जांजगीर-चांपा , ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री आवास योजना छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में न केवल पक्के मकानों का निर्माण कर रही है, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ा रही है। जांजगीर-चांपा जिले की ग्राम पंचायत अकलतरी की निवासी चंद्रिका बाई की कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि शासन की योजनाएं जब ज़मीन पर प्रभावी ढंग से लागू होती हैं, तो जीवन की तस्वीर बदल जाती है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहीं चंद्रिका बाई वर्षों से खपरे की छत वाले कच्चे मकान में रहने को मजबूर थीं। बरसात के मौसम में पानी टपकना, दीवारों का कमजोर होना और असुरक्षा का भय उनके दैनिक जीवन का हिस्सा था। सीमित आय के कारण वे न तो नया मकान बना पा रही थीं और न ही पुराने छप्पर की मरम्मत करा पाने की स्थिति में थीं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत चंद्रिका बाई का आवास स्वीकृत हुआ। शासन द्वारा 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि उनके खाते में चरणबद्ध रूप से आबंटित की गई। जिससे उनका पक्का मकान बनकर तैयार हुआ। आज चंद्रिका बाई अपने मजबूत, सुरक्षित और सुविधायुक्त पक्के मकान में ससम्मान जीवन यापन कर रही हैं। उन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एलपीजी कनेक्शन तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत जलवाहित शौचालय का भी लाभ मिला है, जिससे उनके जीवन में स्वच्छता और सुविधा दोनों सुनिश्चित हुई हैं।
चंद्रिका बाई कहती हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना मेरे जैसे गरीबों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यह कहानी केवल एक मकान बनने की नहीं, बल्कि उस विश्वास की है, जो शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंदों के जीवन में स्थायी बदलाव के रूप में स्थापित कर रही हैं।








 

कच्चे घर से पक्के घर तक का सफर

15-Jan-2026
जांजगीर-चांपा  ।  ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) छत्तीसगढ़ में हजारों जरूरतमंद परिवारों के लिए आश्रय, सुरक्षा और सम्मान की नई राह खोल रही है। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले के जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत मेंहदी के निवासी रमेश कुमार खटकर को भी योजना का प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
रमेश कुमार खटकर एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। सीमित आय, अनिश्चित खेती-बाड़ी और दैनिक आवश्यकताओं के बीच उनका परिवार लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बरसात के दौरान टपकती छत, तपती गर्मियों और कड़कड़ाती सर्दियों में असुविधाजनक घर परिवार के लिए कठिनाई और चिंता का कारण बनता था।
आर्थिक चुनौतियों के बावजूद खटकर ने हार नहीं मानी। शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं पर विश्वास रखते हुए उन्होंने आवेदन किया और वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत उन्हें 1,20,000 रुपये की स्वीकृति मिली। इस सहायता से उनका पक्का मकान तैयार होकर पूर्ण हुआ।
जिसमें महात्मा गांधी नरेगा के तहत 21,800 रुपये की मजदूरी से रोजगार और आय का सहारा मिला। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत निर्मित शौचालय से परिवार को स्वच्छता और सम्मान मिला। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अंतर्गत गैस कनेक्शन प्राप्त होने से परिवार को धुएँ से मुक्ति मिली और रसोईघर सुरक्षित तथा स्वास्थ्य के अनुकूल बना।
आज रमेश कुमार खटकर का घर केवल पक्की दीवारों और छत का प्रतीक नहीं, बल्कि सुरक्षा, गरिमा और आत्मविश्वास की नई शुरुआत है। उनका अनुभव यह दर्शाता है कि यदि संकल्प मजबूत हो और शासन योजनाओं का लाभ सही समय पर मिले, तो कठिन परिस्थितियाँ भी बदलकर सफलता का मार्ग प्रशस्त कर सकती हैं।

एक चैन माउंटेन एवं एक ट्रैक्टर जब्त : अवैध रेत उत्खनन के मामले में कार्रवाई

14-Jan-2026
जांजगीर-चांपा ।  ( शोर संदेश ) जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। राजस्व एवं खनिज विभाग के संयुक्त दल ने तहसील जांजगीर अंतर्गत ग्राम लछनपुर स्थित रेत घाट पर कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेन एवं एक ट्रैक्टर को जब्त कर सील किया है।
प्रशासन द्वारा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त वाहनों एवं स्थलों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में संयुक्त दल द्वारा लछनपुर रेत घाट में अवैध रूप से उत्खनन करते पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई की गई। खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त संबंधितों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन गतिविधियों के विरूद्ध कार्रवाई का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। 





 

संवेदनशील शासन की पहल से संवरता भविष्य: बहुदिव्यांग बालक गणेश की प्रेरक सफलता

31-Dec-2025
जांजगीर-चांपा। ( शोर संदेश )  जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम झुलन (पकरिया) निवासी 12 वर्षीय गणेश कश्यप का बचपन कठिन परिस्थितियों में बीता। बहु दिव्यांगता, अल्प मानसिक मंदता एवं सेरेब्रल पाल्सी (हेमीप्लेजिया) से ग्रसित गणेश के परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर थी। रोजी-रोटी के लिए माता-पिता को दूसरे प्रदेश में मजदूरी करने जाते थे, जिससे गणेश का नियमित रूप से स्कूल जाना संभव नहीं हो पा रहा था। नामांकन सामान्य स्कूल में था, पर प्रवासी जीवन ने उसकी शिक्षा को लगभग रोक दिया था।
शासन की संवेदनशील सोच ने ऐसे समय में गणेश के जीवन को नई दिशा दी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जांजगीर स्थित शासकीय बहु दिव्यांग गृह सह छात्रावास दिव्यांग बच्चों के लिए संबल बनकर सामने आया। यहां 50 बहु दिव्यांग बालकों को आवास, भोजन, विशेष शिक्षण एवं प्रशिक्षण की सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। 
गणेश का इस छात्रावास में प्रवेश हुआ। छात्रावास में प्रवेश के बाद गणेश को विशेष शिक्षकों के मार्गदर्शन में शिक्षण के साथ-साथ सामाजिक व्यवहार, आत्मनिर्भरता और स्वयं के कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया। असामान्य व्यवहार में सुधार और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए। धीरे-धीरे गणेश में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट दिखाई देने लगे और उसकी सीखने की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
समाज कल्याण विभाग के उद्देश्य अनुसार दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना को साकार करते हुए गणेश को कक्षा 5वीं की परीक्षा सामान्य स्कूल से दिलाई गई। सत्र 2024-25 में गणेश ने सामान्य विद्यालय से कक्षा 5वीं की परीक्षा सफलता पूर्वक उत्तीर्ण की। यह उपलब्धि उसके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का क्षण रही। आज गणेश शासकीय माध्यमिक शाला, पेण्ड्री में कक्षा 6वीं का नियमित छात्र है। वह पूरे आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई कर रहा है और परीक्षा देना उसे अच्छा लगता है। शिक्षक भी उसकी प्रगति से संतुष्ट हैं और उसके उज्ज्वल भविष्य को लेकर आशावान हैं।
अपने बच्चे को सामान्य स्कूल में पढ़ते और आगे बढ़ते देखकर गणेश के माता-पिता अत्यंत प्रसन्न हैं। वे भावुक होकर समाज कल्याण विभाग और शासकीय बहु दिव्यांग गृह सह छात्रावास के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिनके सहयोग से उनके बच्चे को नई पहचान और नया भविष्य मिला।

 

कलेक्टर की समय-सीमा बैठक: कृषि, शिक्षा और निर्माण कार्यों की हुई समीक्षा

30-Dec-2025
जांजगीर-चांपा ।( शोर संदेश )  कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर जिले में विभिन्न विभागीय योजनाओं, लंबित कार्यों और प्रगति की समीक्षा की। बैठक में धान खरीदी व्यवस्था, शिक्षा विभाग की तैयारी, निर्माण कार्यों की स्थिति और प्रशासनिक सुधारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के लिए उन्होंने मास्टर ट्रेनर नियुक्ति, नियमित प्रशिक्षण, बोर्ड परीक्षा की तैयारी और टेस्ट पेपर आयोजित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को रबी फसल के लिए समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
निर्माण कार्यों की समीक्षा में सभी प्रगतिरत और प्रस्तावित कार्यों को जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल में दर्ज करने और समयबद्ध तरीके से गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया। धान खरीदी केंद्रों में मानक अनुसार तौल, टोकन व्यवस्था और रकबा समर्पण की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित अन्य योजनाओं के संचालन में शिकायत न होने, पारदर्शिता और समय-सीमा का पालन करने को कहा गया। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।







 

प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली ज़िंदगी

21-Dec-2025
 जांजगीर-चांपा ( शोर संदेश )।  जांजगीर-चांपा जिले के विकासखंड अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बनाहिल के निवासी हरप्रसाद के लिए पक्का घर कभी केवल एक सपना था। सीमित आय और आर्थिक तंगी के कारण वे वर्षों से खपरे और टीन की छत वाले कच्चे मकान में रहने को विवश थे। बरसात का मौसम उनके लिए सबसे कठिन होता। संसाधनों के अभाव में न तो नया घर बनाना संभव था और न ही पुराने छप्पर की समुचित मरम्मत।
ऐसे समय में शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना हरप्रसाद के जीवन में आशा की नई किरण बनकर आई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में योजना अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत हुआ तथा 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि उनके खाते में अंतरित की गई। इससे उन्होंने अपने पक्के मकान का निर्माण कार्य पूर्ण कराया, जो वर्ष 2025-26 में साकार हुआ। आज हरप्रसाद अपने परिवार के साथ पक्के मकान में रह रहे हैं। अब उन्हें न बारिश का भय है और न ही असुरक्षा की चिंता। प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ उन्हें महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत 90 दिवस का रोजगार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से एलपीजी गैस कनेक्शन तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय का भी निर्माण इन योजनाओं ने उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार किया है। हरप्रसाद कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाएं गरीब परिवारों को केवल आवास ही नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा प्रदान करती हैं। 

जांजगीर-चांपा में संयुक्त टीम की छापेमारी, 225 कट्टी धान पकड़ा गया

17-Dec-2025
 जांजगीर-चांपा ( शोर संदेश )।  जिले में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मंडी अधिनियम के तहत विभिन्न ग्रामों में कार्रवाई करते हुए कुल 225 कट्टी (90 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया है।
कार्रवाई के दौरान ग्राम अर्जुनी में प्रमोद कुमार बंजारे से 70 कट्टी (28 क्विंटल), ग्राम बनहिल में कमल किशोर से 93 कट्टी (37.20 क्विंटल), ग्राम कटघरी में जयप्रकाश नायक से 32 कट्टी (12.80 क्विंटल) तथा ग्राम पंतोरा (बलौदा) में विनोद मरावी से 30 कट्टी (12 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया। इस प्रकार मंडी अधिनियम के अंतर्गत कुल 225 कट्टी (90 क्विंटल) अवैध धान जब्त कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


+ Load More

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account