







ऑनलाईन आवेदन सिर्फ विभाग के वेब पोर्टल और मोबाइल एप्प से करें
महासमुंद (शोर सन्देश)। महिला एवं बाल विकास विभाग ने महतारी वंदन योजना में आवेदन के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहे फर्जी लिंक से महिलाओं को सावधान रहने की अपील की है। विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए www.mahtarivandan.cgstate.gov.in लिंक और मोबाइल ऐप जारी किया गया है।इस लिंक और एप्प पर महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकती है। आवेदन के लिए किसी भी तरीके का शुल्क नहीं देना है। इसके अलावा महिलाएं अपने इलाके के आगंनबाडी़ केन्द्र, ग्राम पंचायत सचिव, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) और वार्ड प्रभारी से संपर्क कर उनके लॉगिन यूजर आईडी से आवेदन कर सकती है।महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पात्र आवेदकों को फॉर्म भरने के लिए कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा फर्जी लिंक सोशल मीडिया में वायरल किया गया है। महिलाओं के मोबाइल, व्हाट्सअप या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से https://www.mahtarivandanyojana.info/beneficiary-apply नाम से लिंक आएं तो इस लिंक का उपयोग नहीं करें। विभाग द्वारा आवेदन के लिए किसी भी निजी संस्था अथवा व्यक्ति को अधिकृत नहीं किया गया है।

रायपुर(शोर सन्देश)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित केन्द्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, सांसदों विधायकगणों और पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में पहुंचे आमजनों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री साय मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री, केन्द्रीय गृह मंत्री सहित वरिष्ठजनों और हजारों की संख्या में प्रदेश से आए लोगों ने शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाया। उन्होंने प्रदेशवासियों और सभी मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि नई सरकार की प्रथम केबिनेट की बैठक 14 दिसम्बर को आयोजित होगी। इसके बाद मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ परिचयात्मक बैठक होगी, साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शपथ ग्रहण करने के बाद आज मंत्रालय में विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद आज प्रथम दिवस काम-काज शुरू किया।