
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रमुख सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रकाशचन्द गोलछा ने जानकारी दी कि, चेम्बर चुनाव के निर्वाचन अधिकारी रमेशचन्द बाबरिया का दुखद निधन हो गया।
श्री बाबरिया के निधन से व्यापारी और उद्योगपति समाज के साथ ही छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज को जो अपूरणीय क्षति हुई है उसकी पूर्ति करना निकट भविष्य में संभव नहीं है। श्री गोलछा ने आगे बताया कि रमेशचन्द बाबरिया मृदुभाषी, हंसमुख, मिलनसार और धार्मिक, सामाजिक व्यक्तित्व के धनी थे। वे एक कुशल व्यवसायी के साथ ही चेम्बर के निर्वाचन अधिकारी के रूप में निष्पक्ष रूप से चार बार चुनाव करवाने में अपना बहुमूल्य समय देते हुए चेम्बर को सराहनीय योगदान दिए। उन्होंनेे अखिल भारतीय वैश्य गुजराती समाज के अध्यक्ष पद पर रहते हुए समाजिक हित में उल्लेखनीय कार्य किया जो अविस्मरणीय है।
श्री बाबरिया के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर चेम्बर चुनाव के प्रमुख सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रकाशचन्द गोलछा, निर्वाचन अधिकारी-बालकृष्ण दानी, संतोष गोलछा (सी.ए.), के.सी.माहेश्वरी,सहायक निर्वाचन अधिकारी- संजय देशमुख, विजय जैन, महावीर तालेड़ा, अनिल जैन (कुचेरिया), चेम्बर चुनाव कार्यालय प्रभारी एस.एम.रावते और कार्यालय के समस्त कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर परम पिता परमात्मा से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को इस दु:सह दुख को सहन करने की शक्ति दे।

रायपुर (शोर सन्देश। रायपुर कलेक्टर डॉ. भारतीदासन ने सीएमएचओ डॉ. मीरा बघेल के प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया है। डॉ. मीरा बघेल ने शहर के भीतर प्रवेश करने से पहले नागरिकों की कोरोना जांच करने और रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही शहर में प्रवेश देने के लिए प्रस्ताव भेजा था। इसके लिए सीएमएचओ ने एसएसपी को भी पत्र लिखकर सुरक्षा बल की मांग की थी, फिलहाल प्रस्ताव ख़ारिज होने के बाद शहर की सीमा पर कोरोना जांच की कोई संभावना नहीं है। हालाँकि इस पर जिला प्रशासन कोरोना के बढ़ते मामलों को रोकने विचार-विमर्श कर रहा है।

राजनांदगांव (शोर सन्देश)। शिक्षक कल्याण फाउंडेशन और बीएसएनएल ने दिग्विजय कालेज के हिंदी विभाग के प्राध्यापक डॉ. चन्द्रकुमार जैन को सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन टीचर्स एक्सीलेंस अवार्ड, रोल ऑफ ऑनर -2020 से सम्मानित किया है। महात्मा गाँधी की 150वीं जयंती की यादगार को समर्पित इस भव्य आयोजन में देश के ख्याति प्राप्त शिक्षाविदों और चिंतकों की प्रवर समिति ने डॉ. जैन को शिक्षण के अतिरिक्त अभिव्यक्ति कला में उनकी कुशलता और प्रेरक वक्ता के रूप में उनके सतत रचनात्मक योगदान के लिए यह अवार्ड प्रदान किया गया है।

बलरामपुर : अन्नदाताओं को मिला राजीव गांधी किसान न्याय योजना का साथ, किसी ने तैयार किया खेत तो किसी को बेटी की शादी की चिन्ता हुई दूर
जरूरत के समय ही मद्द करने वाला सबसे बड़ा साथी होता है, पुटसुरा में अपने घर के आंगन में बैठी प्रभावती मुस्कुराते हुए ये बाते कह रही हैं। प्रभावती को पिछले खरीफ वर्ष में बेचे गये लगभग 30 क्विंटल धान के लिए राजीव गांधी न्याय योजना की तीसरी किस्त भी प्राप्त हो चुकी है। प्रभावती बताती हैं कि हमारी आजीविका पूर्ण रूप से कृषि पर निर्भर है तथा हर किसान की आशा होती है, कि उसे फसल का उचित दाम मिले। राजीव गांधी योजना ने किसानों के इसी आशा को पूरा किया है। न्याय योजना से हमे जो पैसे मिले हैं उसे बेटी की शादी के लिए बचाकर रखेंगे।
कवर्धा : कलेक्टर ने धान खरीदी की आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की
कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में कबीरधाम जिले में कोविड-19 के संक्रमण के रोकथाम और नियंत्रण को विशेष ध्यान देते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2020-2021 में धान खरीदी की तैयारी तथा धान खरीदी के लिए चबूतरा निर्माण के संबंध में जिले के सभी नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।
जशपुरनगर : इंदिरा प्रियदशर्नीय जयंती के अवसर पर 232 मेधावी छात्र-छात्राओं को 33 लाख राशि किया गया वितरित
00 जिले में 125 नए गौठान के लिए 63 लाख रुपए की राशि स्वीकृत
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इंदिरा प्रियदशर्नीय जयंती के अवसर पर 19 नवम्बर को जिले के तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवार के 232 मेधावी और प्रतिभाशाली छात्र, छात्राओं को 33 लाख राशि का पुरस्कार का वितरित किया गया है। इस अवसर पर जिले के 8 मेधावी और प्रतिभाशाली छात्र-छात्रा तबसुम खातुन, नूतन कुमार यादव, अन्जू सिंह, पल्लवीं सिंह, प्रीति सिंह, मनीष राम, शोसन मिंज और राहुल साय को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
अम्बिकापुर : कलेक्टर की संवेदनशीलता से छात्रा को मिला एंड्रॉइड फोन, आॅनलाईन क्लास की बाधा हुई दूर
कलेक्टर संजीव कुमार झा की संवेदनशीलता से गरीब परिवार की एक मेधावी छात्रा को एंड्रॉइड मोबाईल फोन मिल गया, जिससे अब छात्रा को आॅनलाईन क्लास में जुड़ कर शिक्षा प्राप्त करने की बाधा समाप्त हो गई। कलेक्टर ने गुरुवार को मेधावी छात्रा कुमारी अमृता दास को एंड्रॉइड मोबाईल फोन उपलब्ध कराया। जिले के ग्राम सखोली निवासी कुमारी अमृता दास पिता रामनंदन दास एक गरीब परिवार की है। माता तेंदूपत्ता संग्राहक है, जिसके माध्यम से शिक्षा के लिए छात्रवृति प्राप्त कर अपनी शिक्षा आगे बढ़ाते हुए अमृता ने विगत वर्ष की 10 वी की परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक पाकर अपने ग्राम का नाम रौशन की।
उत्तर बस्तर कांकेर : डिप्टी कलेक्टरों को अनुभाग का दायित्व
डिप्टी कलेक्टर धनंजय नेताम के जिला कार्यालय कांकेर में कायर्भार ग्रहण करने के फलस्वरूप कलेक्टर चन्दन कुमार ने डिप्टी कलेक्टरों को अनुभाग मे पदस्थ करने के आदेश जारी किये हैं, जिसके अनुसार डिप्टी कलेक्टर धनंजय नेताम को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पखांजूर, निशा नेताम मड़ावी को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चारामा, उत्तम सिंह पंचारी को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंतागढ़ में प्रतिवेदन अधिकारी तथा डिप्टी कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव को मुख्य कायर्पालन अधिकारी जनपद पंचायत कांकेर का दायित्व सौंपा गया है।
धमतरी : तेंदूपत्ता संग्राहकों के मेधावी बच्चों को मिली 27 लाख रुपए की छात्रवृत्ति
00 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 234 विद्याथिर्यों के खातों में किया राशि का हस्तांतरण
प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के तेंदूपत्ता संग्राहकों के बच्चों के लिए मेधावी छात्रवृत्ति योजना तथा प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना राज्य शासन की ओर से संचालित की जा रही है। वन मंडलाधिकारी और प्रबंधक संचालक जिला वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित अमिताभ बाजपेयी ने बताया कि भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर 19 नवम्बर को प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 234 छात्र-छात्राओं के खातों में कुल 27 लाख 500 रुपए की राशि विद्याथिर्यों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।
धमतरी : शासन की ओर से जिले में तीन नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए
छत्तीसगढ़ शासन खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से किसानों की सुविधाओं को दृष्टिगत करते हुए जिले में तीन नए धान उपार्जन केन्द्र की स्थापना की स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर जय प्रकाश मौर्य ने बताया कि आगामी 1 दिसंबर से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान-खरीदी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के धमतरी, कुरुद व नगरी विकासखंड में एक- एक नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि धमतरी विकासखंड के ग्राम कसावाही में, कुरूद विकासखंड के ग्राम भेंड्रा में तथा नगरी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम धुरावड़ में नवीन धान उपार्जन केन्द्र की स्वीकृति राज्य शासन द्वारा प्रदान की गई है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को धान का विक्रय करने अधिक दूरी तय करनी नहीं पड़ेगी।
जगदलपुर : समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें : संभागायुक्त संभागायुक्त जीआर चुरेन्द्र ने खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य को सफलता पूर्वक संपन्न करने के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश जिला कलेक्टरों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को दिए हैं। चुरेन्द्र ने कहा कि केवल वास्तविक किसानों की वास्तविक धान की खरीदी हो सके इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। नव पदस्थ संभागायुक्त चुरेन्द्र ने 19 नवम्बर को कलेक्टोरेट जगदलपुर के स्वान कक्ष से संभाग के सभी जिला कलेक्टरों, जिला पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी और अन्य अधिकारियों की वीडयों कांफ्रेसिंग लेकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के अलावा, नरवा, गुरूवा, घुरूवा और बाड़ी योजना, गोधन न्याय योजना, मनरेगा आदि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसके सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रायपुर (शोर सन्देश)। विधानसभा के लिए निर्वाचित क्षेत्र क्रमांक-24 मरवाही से नव-निर्वाचित विधायक डॉ. के.के. ध्रुव को विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास मंहत ने आज पूर्वान्हः 11.30 बजे विधान सभा परिसर स्थित समिति कक्ष क्रमांक-01 (नवीन समिति कक्ष) में शपथ दिलाई। डॉ. के.के. ध्रुव ने ईश्वर के नाम पर हिन्दी में शपथ-ग्रहण की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, संसदीय कार्यमंत्री रविन्द्र चौबे, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, विधायकगण व विधान सभा के प्रमुख सचिव चन्द्र शेखर गंगराड़े उपस्थित थे। शपथ-ग्रहण के पश्चात् विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधायक डॉ. के.के. ध्रुव को पुष्प-गुच्छ भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

कवर्धा (शोर सन्देश)। राजधानी से करीब 140 किमी दूर स्थित कवर्धा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कवर्धा में 12वीं पीढ़ी के राजा योगेश्वर राज सिंह पर मारपीट का आरोप लगा है। ये आरोप उन्हीं की बहन और भांजी ने लगाई है। योगीराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए बहन और भांजी आधी रात को कोतवाली थाना पहुंच गई। बताया जा रहा है कि मामला पारिवारिक है। बहन और भांजी पैलेस से बाहर कहीं गई हुईं थीं। शाम को वापस आने पर राजा ने उन्हें दरवाजा से धक्का देकर बाहर निकाल दिया, जिससे नाराज होकर बहन और भांजी थाने पहुंची हैं। योगीराज की भांजी ने मीडिया में बयान दिया है कि उनके मामा राजा योगेश्वर राज सिंह ने मेंटल हैरेसमेंट किया है। चेस्ट पर हाथ लगाकार धक्का दिया। हमें घसीटा जिससे हमारे कपड़े भी फट गए. उन्होंने हमें धमकी दी महल से निकल जाओ, वरना खून खराबा हो सकता है। उनका कहना है कि नानी के निधन के बाद हम पैलेस आए थे, लेकिन मामा सुबह से घर से बाहर जाने की बात कह रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मेरे माता-पिता को रायपुर में डॉक्टर को दिखाने के लिए जाना था। इसलिए वो हमें महल में छोड़कर जाने की बात कह रहे थे, जिस पर मामा ने कहा कि सामान ले जाओ, वापस मत आना, बेटी को यहां छोड़ोगे, तो खून खराबा भी हो सकता है। आज शाम हम शॉपिंग करने गए थे. वापस आए, तो मामा गेट से हमें बाहर निकालने लगे। मामा ने हमें घसीटा है, कपड़े भी फाड़ दिए हैं। उन्होंने मांग की है कि मामा योगेश्वर राज सिंह के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस मामले में एसपी सलभ सिन्हा ने बताया कि परिवार में आपसी विवाद हुआ है। फिलहाल सूचना के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। आगे जांच में जो भी बात सामने आएगी, उसके हिसाब से कार्रवाई करेंगे।

रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी में गुरूवार देर रात दो थाना इलाको में नशे के चलते हत्या के मामले सामने आए है, जिसमें दोनों मामलो में आरोपी फरार है। देर रात सुदामा नगर में अपनी पत्नी को पूछने ससुराल आए पुराने हिस्ट्रीशीटर की पत्नी के परिवार वालों ने सिर पर भारी पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतक भोले सिंह क्षत्री अपनी पत्नी की पतासाजी के लिए सुदामा नगर स्थित अपने ससुराल पहुंचा था, जहां मृतक और उसके सालों के बीच नशे की हालत में विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने घर के पास पड़े भारी पत्थर उसके सर पर दे मारा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक टिकरापारा थाना इलाके का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था। फिलहाल मृतक के हत्यारे साले फरार बताए जा रहे है। वहीं हत्या की दूसरी वारदात रायपुर से लगे माना इलाके में सामने आई। जहां नशे की हालत में दोस्तों ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि देर रात मृतक देववृत विश्वास अपने दोस्तों के साथ माना कोविड अस्पताल के सामने बैठे थे उसी दौरान विवाद हुआ और उसके अज्ञात दोस्तो ने चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किये जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक 22 वर्षीय मृतक देववृत विश्वास 11 ब्लाक माना इलाके में रहता है और इलाके में स्थित कपड़ा दुकान में काम करता है। साथ ही मृतक भी नशे का आदी बताया जा रहा है। इस मामले में भी अज्ञात हत्यारे पुलिस गिरफ्त से बाहर बताये जा रहे है। गौरतलब है कि मामुली विवाद के चलते नशे में हत्या का कोई पहला मामला नही है पिछले दो हफ्तों की बात करे तो राजधानी में 4 से ज्यादा हत्याए हो चुकी है। और करीब 50 से ज्यादा चाकूबाजी में लोग घायल हुए हैं। फिलहाल माना थाना पुलिस अज्ञात आरोपियो के पतासाजी में जुटी हुई है।

बालोद (शोर सन्देश)। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जनमेजय महोबे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (अर्हता तिथि 1 जनवरी 2021 के संदर्भ में) कार्यक्रम संपन्न कराया जा रहा है। पुनरीक्षण कार्यक्रम अनुसार निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 16 नवम्बर 2020 को किया गया है। निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2021 में नाम जोड़ने, विलोपित करने तथा संशोधित करने संबंधी कार्य मतदान केन्द्र में नियुक्त अभिहित अधिकारी तथा बी.एल.ओ. के माध्यम से 15 दिसम्बर तक किया जाएगा। उक्त अवधि में मतदाता मतदान केन्द्र में जाकर निर्वाचक नामावली का अवलोकन किया जा सकता है। 21 नवम्बर 2020(शनिवार), 22 नवम्बर (रविवार, 12 दिसम्बर (शनिवार) एवं 13 दिसम्बर 2020 (रविवार) को विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोई भी नागरिक जिसकी उम्र 01 जनवरी 2021 को 18 वर्ष पूर्ण हो गया है अथवा जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। वह अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र में जाकर अपना नाम फार्म-6 में भरकर प्रस्तुत कर सकते हैं। किसी मतदाता के नाम में आक्षेप करना चाहते हैं तो फार्म-7 के माध्यम से विलोपन की कार्यवाही किया जा सकता है। निर्वाचक नामावली में दर्ज प्रविष्टि की सुधार के लिए फार्म-8 प्रस्तुत कर सकते हैं। अन्यत्र स्थानांतरण के लिए फार्म-8(क) के माध्यम से किया जा सकता है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए आॅनलाईन सुविधा प्रदान की गई है। जो मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छ.ग. के वेबसाईट सीईओछत्तीसगढ़ डाॅट एनआईसी डाॅट इन में जाकर एनवीएसपी पोर्टल में क्लिक कर आॅनलाईन दावा/आपत्ति किया जा सकता है। लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से भी किया जा सकता है। जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए रजिस्ट्रीकरण/सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त की गई है। विधानसभा क्षेत्र 59-संजारी बालोद के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती सिल्ली थाॅमस, अनुविभागीय अधिकारी(रा.) बालोद, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती रश्मि वर्मा तहसीलदार बालोद एवं सुब्रत प्रधान प्र.तहसीलदार(डिप्टी कलेक्टर) गुरूर, विधानसभा क्षेत्र 60-डौण्डीलोहारा के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ऋषिकेश तिवारी अनुविभागीय अधिकारी (रा.) डौण्डीलोहारा, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रामरतन दुबे तहसीलदार डौण्डीलोहारा, सुश्री प्रतिमा ठाकरे तहसीलदार डौण्डी, विधानसभा क्षेत्र 61-गुण्डरदेही के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भूपेन्द्र अग्रवाल अनुविभागीय अधिकारी (रा.) गुण्डरदेही एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अश्वन पुसाम तहसीलदार गुण्डरदेही नियुक्त किया गया है। संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय बालोद से सम्पर्क कर निर्वाचक नामावलियों में होने वाली समस्याओं का निराकरण किया जा सकता है।

बेमेतरा (शोर सन्देश)। राज्य शौर्य पुस्कार प्रति वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को राज्य के वीर बच्चों को राज्य शौर्य पुरस्कार से पुरस्कृत करते है, इस वर्ष भी पुरस्कार के लिए छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा जिले के वीर बच्चों से आवेदन आमंत्रित है, योजना की प्रमुख बिन्दू निम्नानुसार हैः-बालक/बालिका द्वारा अपने जान की परवाह किये बिना दूसरे की जान बचाने हेतु वीरता का कार्य किया गया। (कानूनी प्रावधान के अनुसार किया गया वीरता कार्य) घटना दिनांक को बालक/बालिका की आयु 18 वर्ष से अधिक न हो। शौर्य कार्य की अवधि 1 जनवरी 2020 से 31 दिसंबर 2020 के मध्य हो। आवेदन पत्र सक्षम प्राधिकारी तथा जिला कलेक्टर द्वारा अनुशंसित होना आवश्यक है। जिसके लिए आवश्यक प्रमाण पत्र हैं जिला कलेक्टर द्वारा अनुशंसा पत्र, एफ.आई.आर. की प्रति अथवा पुलिस डायरी, समाचार पत्रो की प्रति जो इस बाबत् प्रकाशित हुआ हो। बालक/बालिका के दो पासपोर्ट साईज के वर्तमान रंगीन फोटो ग्राफ्स/सक्षम अधिकारी द्वारा प्रमाणित एवं 04 अतिरिक्त पासपोर्ट साईज के फोटो। घटना का विस्तृत विवरण प्रतिवेदन सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित (पुलिस या अन्य विभाग) आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2020। पुरस्कृत बालक/बालिकों को मेडल प्रशस्ति-पत्र, नगद पुरस्कार राशि 15000/- एवं प्रति वर्ष छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। 1 जुलाई 2019 से 31 दिसंबर 2020 तक के बीच जिन बच्चों ने सहासिक कार्य किया हो वे 31 दिसंबर 2020 तक आवेदन पत्र कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग कोबिया जिला बेमेतरा छ.ग. में कार्यालयीन समयावधि में जमा कर सकते हैं।

जगदलपुर (शोर सन्देश)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अलावा अलग-अलग राज्यों में नशे के सौदागरों पर की गई कार्रवाई के आंकड़े भी जारी किए जा रहे हैं देश के 6 बड़े राज्यों में पूरे राज्य की पुलिस जितना गांजा पकड़ती है उससे कहीं ज्यादा गांजा अकेले बस्तर की पुलिस ही पकड़ लेती है। गांजा पकड़ने के अलावा इस मामले में आरोपियों को सजा दिलाने का रेट भी कई राज्यों की पूरी कार्रवाई के रेट से कहीं ज्यादा है। हाल ही में बस्तर पुलिस ने गांजा सप्लाई पर कार्रवाई के जो आंकड़े जारी किए हैं वे अपने आप में रिकॉर्ड कार्रवाई की कहानी बयां कर रहे हैं। 2015 से 2018 के बीच के आंकड़ों के हिसाब से बस्तर पुलिस ने 78019 किलो गांजा पकड़ा है। जबकि बाकी 6 राज्यों की पुलिस में से एक भी राज्य की पुलिस इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई। इधर बस्तर पुलिस ने पिछले 5 साल(2016-20) में 85577 किलो गांजा अकेले ही पकड़ लिया है।
बस्तर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि बस्तर तस्करों का रास्ता है बस्तर पुलिस इस बात को जानती है और यही कारण है कि हम कोशिश करते हैं कि बॉर्डर पार होते ही तस्करों को पकड़ लिया जाए। हमारी पुलिस ने हाल में बहुत अच्छा काम किया और कई रिकार्ड कार्रवाइयां भी की है। हमारी कार्रवाई को इससे ही समझा जा सकता है कि पिछले 8 महीनों में ही हमने 7 टन से ज्यादा गांजा पकड़ा है। अभी पूरे देश में गांजा की सप्लाई के लिए बस्तर की सड़कें लाइफलाइन का काम कर रही हैं। तस्कर ओडिशा से गांजा खरीदकर बस्तर के रास्ते हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार जैसे राज्यों में खपाने की कोशिश करते हैं। बस्तर पुलिस इन तस्करों पर तो कार्रवाई कर ही रही है और अब सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया जा रहा है।