ब्रेकिंग न्यूज

Surajpur

नगरीय–ग्रामीण समन्वय से केशवनगर एफएसटीपी का संचालन शुरू, स्वच्छता को मिली नई दिशा

21-Jan-2026
सूरजपुर( शोर संदेश ) कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद सूरजपुर की ग्राम पंचायत केशवनगर में निर्मित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समन्वय से सुचारू संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।
इस पहल के तहत नगर पंचायत विश्रामपुर के डी-स्लज वाहन के माध्यम से ग्राम पंचायत क्षेत्र के सेप्टिक टैंकों की डी - स्लजिंग की जा रही है। एकत्रित मलिय कीचड़ को केशवनगर स्थित एफएसटीपी प्लांट में वैज्ञानिक एवं सुरक्षित उपचार प्रक्रिया से गुजारकर उसका पर्यावरण अनुकूल निपटान किया जा रहा है।
इस व्यवस्था से पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहेगी, भू-जल प्रदूषण से बचाव होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लक्ष्यों की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। संयंत्र के क्रियाशील होने से जिले में मलिय कीचड़ प्रबंधन को एक नई दिशा मिली है।
इस उद्देश्य से ग्राम पंचायत क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही निकटवर्ती नगरीय निकायों के डी-स्लज वाहन चालकों के मोबाइल नंबर पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित कराए जा रहे हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर नागरिक आसानी से संपर्क कर सकें।
 इस कार्य में नगर पंचायत विश्रामपुर के सीएमओ एवं नगर पालिका सूरजपुर का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है। वर्तमान में जिले की समस्त 6 नगरीय निकायों से उपलब्ध डी-स्लज वाहनों हेतु अनुबंध किया जा चुका है, जिससे जिले में फीकल स्लज प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा

 

कानून-व्यवस्था पर सवाल: ड्यूटी से लौट रहे एसईसीएल कर्मचारियों पर हमला

20-Jan-2026
सूरजपुर  ( शोर संदेश )  । सूरजपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ड्यूटी से लौट रहे एसईसीएल कर्मचारियों के साथ बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े की गई गुंडागर्दी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आमगांव एसईसीएल खदान से कर्मचारियों को लेकर आ रही बस को रास्ते में कुछ बदमाशों ने जबरन रुकवाया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले बस चालक के साथ गाली-गलौज की, फिर बस में घुसकर एक एसईसीएल कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान बस के भीतर हुई मारपीट और हंगामे का वीडियो किसी यात्री ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले की शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद एसईसीएल कर्मचारियों में भय और नाराजगी का माहौल है, वहीं आम लोगों के बीच भी दिनदहाड़े हुई इस गुंडागर्दी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।


















 

कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव और सामूहिक आनंद का उत्सव है: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

18-Jan-2026
सूरजपुर ( शोर संदेश ) कर्मा महोत्सव को छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोक पर्वों को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव, आपसी भाईचारा और सामूहिक आनंद का उत्सव है। उक्त आशय के विचार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले के चुनगुड़ी में आयोजित कर्मा महोत्सव में व्यक्त किए। 
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने चुनगुड़ी के स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने तथा नगर पंचायत भटगांव के विकास हेतु एक करोड़ रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज ने भी सम्बोधित किया।
परंपरा, संस्कृति और उल्लास से परिपूर्ण कर्मा महोत्सव में मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में थिरक उठा। सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया एवं मनेंद्रगढ़ जिलों से आए 33 कर्मा दलों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में कर्मा नृत्य प्रस्तुत कर सबको लोक संस्कृति के रंगों से भर दिया। 
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगायी गई प्रदर्शनी के स्टॉलों का निरीक्षण कर नाव-जाल एवं आइस बॉक्स, आयुष्मान कार्ड, छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित छह रेडी-टू-ईट ईकाइयों का शुभारंभ किया और पोषण वितरण कार्य से जुड़ी महिलाओं को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा क्लेम तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खुशियों की चाबी प्रदान की।
कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। 

सूरजपुर में पीएम आवास योजना की हकीकत देखने पहुँचे मुख्यमंत्री साय

18-Jan-2026
 सूरजपुर ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही कालीचरण के निवास पर पहुँचकर उनके पक्के आवास का निरीक्षण किया और परिवारजनों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री का अपने घर पर आगमन पाकर हितग्राही एवं उनके परिजन भावविभोर दिखाई दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सहज और स्नेहपूर्ण वातावरण में परिवार से बातचीत करते हुए उनकी दिनचर्या, आवश्यकताओं और आवास मिलने के बाद जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने बातचीत के दौरान हितग्राही कालीचरण से आवास प्राप्ति से पूर्व उनके जीवन के अनुभवों को भी जाना। उन्होंने पहले कच्चे मकान में रहने के दौरान आने वाली कठिनाइयों, बरसात और मौसम की मार, सुरक्षा की चिंता तथा सामाजिक असहजता के बारे में विस्तार से सुना। हितग्राही ने बताया कि पक्का आवास मिलने से न केवल उनका जीवन सुरक्षित हुआ है, बल्कि आत्मसम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा में भी वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का मूल उद्देश्य यही है कि प्रदेश का कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी बुनियादी आवश्यकता से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पक्का घर केवल चार दीवारें और छत नहीं, बल्कि वह परिवार के लिए सुरक्षा, स्थायित्व और सम्मानजनक जीवन की नींव होता है। सरकार की प्राथमिकता है कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबके लिए आवास” के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ ज़मीन पर उतार रही है। उन्होंने बताया कि आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और पात्रता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि सही हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुँचे। सरकार निरंतर यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र परिवार छूटे नहीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हितग्राही परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएँ बनाना नहीं, बल्कि उनके प्रभाव को लोगों के जीवन में प्रत्यक्ष रूप से देखना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता, ईमानदारी और तत्परता बनाए रखें, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँच सके।









 

सूरजपुर में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से मनाया जा रहा रजत जयंती चावल उत्सव

08-Jan-2026
सूरजपुर,।  ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर सूरजपुर जिले में रजत जयंती चावल उत्सव जन-उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा आयोजित यह उत्सव 2 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुलभ एवं जनहितकारी बनाना है।
उत्सव के तहत प्रतापपुर क्षेत्र के मरहटा में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं सूरजपुर शहर में नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल की उपस्थिति में चावल उत्सव संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त जिले की विभिन्न पंचायतों एवं समस्त नगर पालिका क्षेत्रों में पार्षदों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से लगातार यह आयोजन किया जा रहा है।
जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी, बैनर एवं सूचना पटों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। यह उत्सव केवल राशन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्षों की उपलब्धियों तथा राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का भी सशक्त माध्यम है।
कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन में आयोजित इस विशेष सप्ताह के दौरान शेष राशन कार्डधारियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने हेतु अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही सभी उचित मूल्य दुकानों को स्टॉक एवं वितरण पंजी अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। निगरानी समितियों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी परेशानी के शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके।

सशक्त मानसिकता से आत्मनिर्भरता की ओर: सूरजपुर की महिलाएं पोषण निर्माण में निभा रही अहम भूमिका

07-Jan-2026
सूरजपुर।  ( शोर संदेश ) आर्थिक सशक्तिकरण की नींव सशक्त मानसिकता पर आधारित होती है। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास व्यक्ति को सफलता की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। सूरजपुर जिले की स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने इस सोच को व्यवहार में उतारते हुए आत्मनिर्भरता की एक सशक्त मिसाल प्रस्तुत की है। ये महिलाएं न केवल स्वयं सशक्त बन रही हैं, बल्कि जिले की महिलाओं एवं बच्चों को पोषण उपलब्ध कराने के अभियान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तत्काल उपभोग हेतु तैयार पोषण आहार (रेडी टू ईट) निर्माण संयंत्र का शुभारंभ किया गया है। इन संयंत्रों में स्वादिष्ट एवं पौष्टिक नमकीन दलिया तथा मीठा शक्ति आहार का निर्माण किया जा रहा है, जो विटामिन ‘ए’, विटामिन ‘डी’, थायमिन, राइबोफ्लेविन, नियासिन, पाइरीडॉक्सिन, फोलिक अम्ल, कोबालामिन, लोह तत्व (आयरन), कैल्शियम एवं जिंक जैसे आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों से भरपूर है।
जिले प्रशासन द्वारा जिले में कुल 07 पोषण आहार निर्माण संयंत्र स्थापित किए गए है। यहां वर्तमान में भैयाथान, प्रतापपुर एवं सूरजपुर विकासखंड में तीन संयंत्रों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। इन तीनों संयंत्रों में 32 महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से पोषण आहार निर्माण कार्य में संलग्न हैं। निर्मित पोषण आहार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। इस प्रकार स्व-सहायता समूहों की महिलाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण में अप्रत्यक्ष किंतु अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
इस सम्बन्ध में महत्वपूर्ण बात है कि पोषण आहार के निर्माण के साथ-साथ उसके वितरण की भी जिम्मेदारी भी महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपी गई है।
भैयाथान विकासखंड में 15 स्व-सहायता समूह,सूरजपुर विकासखंड में 15 स्व-सहायता समूह तथा  प्रतापपुर विकासखंड में 13 स्व-सहायता समूह सक्रिय रूप से वितरण कार्य में अपनी भूमिका निभा रही है।
इन समूहों के माध्यम से कुल 430 महिलाएं आंगनबाड़ी केंद्रों तक पोषण आहार वितरण कार्य में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
इस योजना से महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। मानसिक रूप से सशक्त ये महिलाएं अब घरेलू कार्यों के साथ-साथ आजीविका से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। यह पहल न केवल निश्चित रूप से जिले में पोषण स्तर सुधारने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।







 

सूरजपुर जिले में 214 बोरी धान जब्त

28-Dec-2025
सूरजपुर । ( शोर संदेश ) जिले के ग्राम गंगोटी में बिना वैध लाइसेंस धान के संग्रहण एवं खरीद-फरोख्त किए जाने के मामले में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने 214 बोरी धान जब्त किया है। मामले में संबंधित दुकानदार के विरुद्ध मंडी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व एवं खाद्य विभाग की टीम द्वारा ग्राम गंगोटी में संचालित एक दुकान की जांच की गई। जांच के दौरान दुकान एवं गोदाम में बिना लाइसेंस अवैध रूप से खरीदा गया धान मिला, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई।
तहसीलदार ने बताया कि संबंधित दुकानदार द्वारा पूर्व में भी बिना वैध लाइसेंस के धान की अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही थी। छापेमारी के दौरान धान के साथ-साथ अन्य कृषि उपज सरसों एवं अलसी भी गोदाम में पाई गई, जिसे भी जब्त कर लिया गया है। गौरतलब है कि पूर्व में की गई कार्रवाई में भी संबंधित दुकानदार के कब्जे से 740 बोरी अवैध धान जब्त किया जा चुका है। 

सोसाइटी में सुगमता से धान विक्रय की सुगम सुविधाओं की किसान ने की सराहना

18-Dec-2025
सूरजपुर ( शोर संदेश )।   समिति में मौजूद मजदूरों द्वारा ही धान की तौल, सिलाई एवं अन्य आवश्यक कार्य किए गए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सहयोगपूर्ण होने के कारण धान विक्रय में उन्हें काफी सुविधा मिली। सूरजपुर जिले के ग्राम खडगवाकला निवासी किसान सर्विस कुमार यादव द्वारा अपना धान सुंदरा सेवा सहकारी समिति में विक्रय किया गया। किसान सर्विस कुमार यादव ने बताया कि समिति में धान विक्रय की प्रक्रिया अत्यंत सुगम एवं व्यवस्थित रही।
किसान सर्विस कुमार यादव ने धान खरीदी व्यवस्था की सराहना करते हुए इसके लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जो व्यवस्थाएं की गई हैं, उससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है और धान विक्रय प्रक्रिया सरल व पारदर्शी बनी है। सरकार किसान हित में 21 क्विंटल प्रति एकड़ की 3100 रुपये की दर समिति के माध्यम से खरीद रहीं है l इसके अलावा टोकन मिलने और भुगतान प्राप्त करने में कोई समस्या नहीं हुई l
 

सूरजपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर लॉन्च हुआ स्थानीय उत्पादों का नया ब्रांड “सूरजधारा”

18-Nov-2025
 सूरजपुर। ( शोर संदेश ) भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर  सूरजपुर जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत कार्यरत स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए एकीकृत ब्रांड “सूरजधारा” का शुभारंभ किया गया। इस ब्रांड का लोकार्पण खाद्य एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल द्वारा किया गया।
ब्रांड लॉन्च होने के साथ ही अब सूरजपुर जिले के विभिन्न विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार सभी सामग्रियों का विक्रय “सूरजधारा” नाम से किया जायेगा । उत्पादों को समूहों द्वारा सूरजपुर सेफ फूड प्रोड्यूसर कंपनी को उपलब्ध कराया जायेगा , जहां उनका गुणवत्ता परीक्षण कर ब्रांड के नाम से पैकेजिंग की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर समूहों द्वारा निर्मित सामग्रियों को स्थानीय नागरिकों तक पहुँचाने की यह पहल “वोकल फॉर लोकल” की भावना को सुदृढ़ करती है। इसके माध्यम से लोगों को रसायन रहित, जैविक विधि से उत्पादित खाद्य सामग्री उपलब्ध होंगी, साथ ही स्वयं सहायता समूहों की आय में भी वृद्धि होगी।
ब्रांड के शुभारंभ के अवसर पर कलेक्टर एस. जयवर्धन, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रभारी अधिकारी विक्रम बहादुर, जनपद सीईओ सहित  बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

पंचायत चलो अभियान: ग्राम पंचायत खैरा में ग्राम सभा सफल, ग्रामीणों ने ली बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की शपथ

18-Nov-2025
सूरजपुर, । ( शोर संदेश ) जिले के ओड़गी ब्लॉक के ग्राम पंचायत खैरा में  आज पंचायत चलो अभियान के अंतर्गत ग्राम सभा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ।
ग्राम सभा में ब्लॉक समन्वयक धनराज जगते, ग्राम पंचायत की सरपंच मान कुंवर, सचिव सियाराम, रोजगार सचिव सिंहलाल, संकुल समन्वयक ईश्वर दयाल, शिक्षकगण, ग्राम कोटवार जगप्रसाद, समाज मुखिया पुरान सिंह सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रीना साकेत उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन जिसमें किशोर–किशोरियाँ और युवा वर्ग ने सहभागिता की।
बैठक में पंचायत चलो अभियान के उद्देश्य एवं मुख्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के अंतर्गत समुदाय की सहभागिता बढ़ाने, आगामी वर्ष की प्राथमिकताएँ तय करने तथा प्रमुख विषयों को शामिल करने पर चर्चा की गई।
ग्राम सभा में विशेष रूप से बाल विवाह रोकथाम एवं जागरूकता कार्यक्रम, किशोर–किशोरी सशक्तिकरण, लिंग आधारित समानता एवं “रूप नहीं गुण” जागरूकता पहल,पढ़ाई का कोना (Learning Corner) को प्रोत्साहन,हिंसा एवं घरेलू हिंसा की रोकथाम,स्वयंसेवकों की भूमिका एवं शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे पर विचार विमर्श किया गया।
सभा के अंत में उपस्थित सभी ग्रामीणों ने बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने, योजनाओं में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सामाजिक मुद्दों पर सामूहिक प्रयास को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।




 


+ Load More

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account