ब्रेकिंग न्यूज

Mungeli

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की

24-Aug-2026
मुंगेली (शोर संदेश)। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्दी पूरा करने को कहा। 
उप मुख्यमंत्री साव ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों से कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों एवं संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
साव ने बैठक में शासन की प्राथमिकता के अनुरूप विकास कार्यों को गति देते हुए उनका लाभ नागरिकों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की निरंतर समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण करते हुए प्रगति पर कड़ी नजर रखने को कहा। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और कार्यों की धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की बात कही।
 

विशेष लेख : नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र से माताओं और बच्चों को मिलेगी सुविधा

21-Aug-2026
मुंगेली (शोर संदेश)। मुंगेली जिले के ग्राम बैतलपुर में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन से महिलाओं और बच्चों के लिए सुविधाओं में विस्तार हुआ है। गांव में आंगनबाड़ी भवन नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं और बच्चों को करीब 02 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र पर निर्भर रहना पड़ता था। दूरी और आवागमन की कठिनाइयों के कारण कई पात्र हितग्राही शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से नियमित रूप से लाभान्वित नहीं हो पाते थे। अब गांव में ही आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-02 का भवन उपलब्ध होने से यह समस्या दूर हो गई है।
गांव में आंगनबाड़ी भवन की आवश्यकता को देखते हुए ग्राम सभा द्वारा सर्वसम्मति से गांव में ही भवन निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। शासन ने संवेदनशीलता के साथ इस प्रस्ताव पर त्वरित कार्यवाही करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की मांग के आधार पर भवन निर्माण के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद जिला पंचायत द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत 13 नवंबर 2024 को भवन निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गई। अब गर्भवती महिलाओं और बच्चों को लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं है। गांव में ही पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा मिलने से समुदाय में सुविधा के साथ-साथ जागरूकता और विश्वास भी बढ़ा है।
निर्माण कार्य 10 दिसंबर 2024 को प्रारंभ हुआ और निर्धारित समय-सीमा में 7 अप्रैल 2025 को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। इस भवन के निर्माण पर कुल 11.69 लाख की राशि व्यय हुई, जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 3.69 लाख तथा मनरेगा मद से 08 लाख का प्रावधान किया गया। विभागीय अभिसरण से तैयार यह भवन ग्रामीण विकास और जनकल्याण की प्रभावी मिसाल बनकर सामने आया है।
नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन के संचालन से वर्तमान में 01 गर्भवती महिला, 01 नवजात शिशु, 17 बच्चे 3 वर्ष से 6 वर्ष आयु वर्ग तथा 25 बच्चे 3 माह से 6 वर्ष आयु वर्ग के हितग्राहियों को नियमित रूप से पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गांव में ही केंद्र उपलब्ध होने से बच्चों और महिलाओं की सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका द्वारा योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधा मिलने से गांव की महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। एक गर्भवती महिला ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र से नियमित रूप से पौष्टिक आहार मिलने से उनकी एनीमिया की समस्या में सुधार हुआ और उनका प्रसव सुरक्षित एवं सुगमतापूर्वक संपन्न हुआ। इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्र से नियमित पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की आसान उपलब्धता से 12 कम वजन वाले बच्चों के पोषण स्तर में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। इससे गांव में कुपोषण की स्थिति में प्रभावी कमी लाने में मदद मिली है।
 

नाव पलटने का हुआ मॉकड्रिल, रेस्क्यू टीम ने तुरंत बचाई लोगों की जान

21-Aug-2026
मुंगेली (शोर संदेश)। भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। मुंगेली जिले के ग्राम रामगढ़ स्थित अमृत सरोवर में आयोजित बाढ़ आपदा अभ्यास के दौरान जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों ने बाढ़ की स्थिति के दौरान राहत, बचाव एवं पुनर्व्यवस्था संबंधी कार्यों का अभ्यास किया। मॉक एक्सरसाइज में संभावित बाढ़ आपदा के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों की उपलब्धता और राहत-बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को परखा गया। 
इस दौरान बाढ़ में फंसे लोगों का सफल रेस्क्यू कर आपदा के समय सतर्क रहने और सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए। मॉकड्रिल में बाढ़ के दौरान बीच नदी में एक नाव पलटने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। रेस्क्यू टीम ने तत्काल नाव से कुछ ही मिनटों में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें सीपीआर देकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा एंबुलेंस से बाढ़ राहत शिविर भेजा गया। मॉकड्रिल के दौरान पशुपालन विभाग ने भी पशुपालकों को बाढ़ के समय पशुओं को बीमारियों से बचाने के उपाय बताए।
मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज ने बताया कि अभ्यास के दौरान नगर सेना एवं बचाव दल द्वारा आवश्यक उपकरणों एवं मोटर बोट के साथ बचाव कार्य की तैयारी का प्रदर्शन किया गया। जल संसाधन विभाग द्वारा बाढ़ के दौरान प्राप्त सूचनाओं के संकलन एवं नियंत्रण कक्ष में संचार व्यवस्था का अभ्यास किया गया। वन विभाग को प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई। प्लास्टिक की पानी की बोतलों, केले के थंभों और अन्य तैरने योग्य वस्तुओं की मदद से सुरक्षित स्थान तक पहुंचा जा सकता है। सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभ्यास स्थल पर चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, जीवन रक्षक दवाइयों एवं आवश्यक उपकरणों के साथ चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अभ्यास किया गया। लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्गों से अवरोध हटाने एवं आवागमन सुचारू बनाए रखने तथा पुलिस विभाग द्वारा वायरलेस संचार, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की व्यवस्थाओं को परखा गया। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा प्रभावित पशुओं के उपचार, विद्युत विभाग द्वारा विद्युत व्यवस्था, खाद्य विभाग द्वारा भोजन पैकेट, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल एवं जल निकासी तथा दूरसंचार विभाग द्वारा संचार व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का अभ्यास किया गया। परिवहन विभाग द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मिनी बस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
राजस्व विभाग द्वारा राहत शिविर के संचालन, प्राप्त सूचनाओं के संकलन एवं वरिष्ठ अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाने तथा प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही का अभ्यास किया गया। पंचायत एवं नगरीय निकाय द्वारा प्रभावित लोगों के ठहरने एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया। मॉक एक्सरसाइज के दौरान रिलीफ कैम्प, चिकित्सालय जैसे महत्वपूर्ण आपदा प्रबंधन बिंदुओं को भी अभ्यास में शामिल किया गया। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के नोडल एवं पर्यवेक्षण अधिकारियों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप आवश्यक अमले एवं उपकरणों के साथ अभ्यास में शामिल किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और एसडीआरएफ टीम तथा नगर सैनिक मौजूद रहे। 
 

एक हाथ से 70 प्रतिशत दिव्यांगता, फिर भी नहीं मानी हार; छठे प्रयास में CGPSC में हासिल की सफलता

19-Aug-2026
मुंगेली(शोर संदेश) जब हौसले मजबूत हों और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो सामाजिक, आर्थिक और दिव्यांगता जैसी चुनौतियां भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। दिव्यांगता शरीर की सीमा हो सकती है, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति और बुलंद हौसलों के सामने सपनों की कोई सीमा नहीं होती। मुंगेली जिले के लोरमी विकासखण्ड के ग्राम तेलीखाम्ही की दिव्यांग विद्या साहू ने अपनी मेहनत, लगन, दृढ़ संकल्प और मजबूत हौसलों के साथ अपने सपनों का नई उड़ान दी है। उन्होंने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग परीक्षा-2024 में अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी के पद पर चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है। एक हाथ से 70 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांगता के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग परीक्षा में छठे प्रयास में अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी के पद पर चयनित होकर सफलता का इतिहास रचा है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता के बाद शासन की ओर से समाज कल्याण विभाग की क्षितिज अपार संभावनाएं अंतर्गत दिव्यांग सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत उन्हें 01 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। 
इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल और जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने विद्या को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही बेटी की सफलता पर विद्या के माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि स्वयं निरक्षर होने के बावजूद उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझा और बेटी को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। उनका यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक और सकारात्मक संदेश है। कलेक्टर ने कहा कि विद्या की सफलता उनकी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। शासन द्वारा प्रदान की गई प्रोत्साहन राशि उनकी उपलब्धि को सम्मान देने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बनेगी। उन्होंने विद्या को निरंतर प्रयास कर और ऊंचा मुकाम हासिल करने प्रोत्साहित किया। 
एसएसपी ने कहा कि विद्या की उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जिले के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से अपने भविष्य को नई दिशा देने का सपना देख रहे हैं। विद्या ने अपनी मेहनत से यह साबित किया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति निश्चित रूप से सफलता हासिल कर सकता है।
विद्या साहू ने कहा कि शासन की क्षितिज अपार संभावनाएं अंतर्गत दिव्यांग सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि “सीजी पीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में चयन मेरा सपना था, जिसे मैंने कड़ी मेहनत, निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ पूरा किया। यह मेरा छठा प्रयास था। इससे पहले भी मैं साक्षात्कार तक पहुंच चुकी थी, लेकिन इस बार सफलता हासिल करने में सफल रही। चयन के बाद शासन द्वारा प्रदान की गई 01 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मेरे लिए बेहद उत्साहवर्धक है।” उन्होंने कहा कि “दिव्यांगता कभी भी लक्ष्य प्राप्ति की राह में अंतिम बाधा नहीं बन सकती। जीवन में चुनौतियां आती हैं, लेकिन हर चुनौती के साथ समाधान का रास्ता भी होता है। आवश्यकता है कि हम अपने लक्ष्य पर विश्वास रखें, निरंतर प्रयास करें और कभी हार न मानें।” उन्होंने इस प्रोत्साहन एवं सम्मान के लिए छत्तीसगढ़ शासन, जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
विद्या ने बताया कि वे लोरमी क्षेत्र के ग्राम तेलीखाम्ही की निवासी हैं और किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता सुदर्शन साहू किसान हैं तथा माता सरोजनी साहू हैं। परिवार में उनके दो भाई जितेन्द्र एवं भोलाराम भी हैं। उन्होंने बताया कि परिवार की परिस्थितियां सामान्य होने के बावजूद माता-पिता ने हमेशा शिक्षा के महत्व को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। परिवार के सहयोग, आत्मविश्वास और लगातार मेहनत ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने की ताकत दी। इस अवसर पर उप संचालक समाज कल्याण नदीम काजी उपस्थित रहे।
 

मुंगेली को विकसित जिला बनाने जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर करें काम: जिला पंचायत अध्यक्ष

18-Jun-2026
मुंगेली(शोर संदेश) जिला पंचायत मुंगेली के सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में जिले के विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यापक चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्यगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि मुंगेली को विकसित जिले के रूप में स्थापित करने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक की शुरुआत पिछली सामान्य सभा की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सहकारिता, विद्युत, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सदस्यों ने जिले में स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति, अपूर्ण कार्यों की स्थिति तथा विभिन्न लंबित प्रकरणों के निराकरण की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में नलकूप खनन, जर्जर शासकीय भवनों की स्थिति, विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ वितरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जल जीवन मिशन, हैंडपंपों के रखरखाव और पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली गई। वहीं शिक्षा विभाग को स्कूल भवनों की आवश्यक मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जिला निर्माण समिति के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। कृषि एवं सहकारिता विभाग ने खरीफ सीजन के लिए खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी प्रस्तुत की।
जिला पंचायत सीईओ ने विभागीय अधिकारियों को सामान्य सभा में दिए गए निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन सुनिश्चित करने तथा समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने नहरों के मध्य अवैध रूप से निर्मित पुलियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले के समग्र विकास के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए। सामान्य सभा की बैठक में विकास कार्यों को गति देने और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प दोहराया गया।

राज्यपाल रमेन डेका ने किया अचानकमार टाइगर रिजर्व का दौरा

06-Mar-2026
मुंगेली, ( शोर संदेश )  राज्यपाल रमेन डेका ने मुंगेली जिले के प्रसिद्ध अचानकमार टाइगर रिजर्व का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जंगल सफारी का आनंद लिया और वनांचल की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की। उन्होंने प्राकृतिक वातावरण में वन्य जीव के संरक्षण को  प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने आदिवासी अंचल की महिलाओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रशंसा की। उन्होंने बैगा और गोंड जनजाति की पारंपरिक ट्राइबल पेंटिंग्स तथा स्थानीय हस्तशिल्प को विशेष रूप से सराहा।
राज्यपाल डेका ने सिहावल क्षेत्र में वन्य प्राणी संरक्षण को और मजबूत करने के लिए आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जंगली हाथियों के प्रशिक्षण एवं प्रबंधन के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान डीडी एटीआर ने बताया कि यह क्षेत्र हिरण, हाथी, टाइगर सहित कई वन्य प्राणियों के विचरण का प्रमुख क्षेत्र है। गौरतलब है कि मुंगेली जिले का सिहावल क्षेत्र मनियारी नदी का उद्गम स्थल भी माना जाता है। कलेक्टर मुंगेली कुन्दन कुमार द्वारा राज्यपाल को जनजातीय कला पर आधारित स्मृति चिन्ह एवं प्राकृतिक कोसे से निर्मित शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फील्ड डायरेक्टर अभिषेक सिंह, एडीसी ओम भविष्यकर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, डीडी एटीआर, यू आर गणेशन, सीईओ जिला पंचायत प्रभाकर पांडेय सहित, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण, फूड एवं राजस्व सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

महतारी वंदन योजना से बनी आत्मनिर्भर

20-Feb-2026
मुंगेली, ( शोर संदेश )  महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। योजना के माध्यम से प्राप्त आर्थिक सहायता से मुंगेली जिले के लोरमी ब्लॉक के ग्राम खुडि़या की कमलेश्वरी के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंध रखने वाली कमलेश्वरी सिलाई कार्य जानती थीं, किंतु संसाधनों के अभाव में स्वयं की सिलाई मशीन खरीद पाने में असमर्थ थीं। महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि को संचित कर उन्होंने सिलाई मशीन क्रय की और गांव की महिलाओं एवं बच्चों के वस्त्र सिलने का कार्य प्रारंभ किया। गुणवत्तापूर्ण कार्य और समयबद्ध सेवा के कारण उनका छोटा व्यवसाय निरंतर प्रगति कर रहा है। वर्तमान में वे प्रतिमाह लगभग 3 हजार रुपए की आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही हैं।
कमलेश्वरी ने बताया कि योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह योजना ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास एवं आर्थिक उन्नयन की दिशा में प्रभावी सिद्ध हो रही है।



 

 


मुंगेली जिले में 5 करोड़ 02 लाख की लागत से तीन प्रमुख पहुंच मार्गों का निर्माण पूर्ण

21-Jan-2026
मुंगेली, ( शोर संदेश ) कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में लोक निर्माण विभाग, संभाग मुंगेली द्वारा जिले में चल रहे निर्माण कार्यों के अंतर्गत तीन महत्वपूर्ण पहुंच मार्गों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन सड़कों के बन जाने से संबंधित ग्रामों और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को अब सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। लोक निर्माण विभाग कार्यपालन अभियंता ने बताया कि उपसंभाग लोरमी अंतर्गत 139.71 लाख रुपये की लागत से लोरमी के बैजलपुर से बोदोफाल तक 1.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पूर्ण किया गया है। इस मार्ग के बन जाने से बैजलपुर, परदेशीकापा, चिल्फी एवं आसपास के ग्रामों को विशेष लाभ मिलेगा।
इसी प्रकार, देवरहट से हरनाचाका तक 176.24 लाख रूपए की लागत से 1.75 किलोमीटर लंबी पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ है। इस सड़क के चालू होने से देवरहट, हरनाचाका, खुर्शी, बांधा तथा समीपवर्ती गांवों के निवासियों को वर्षभर आवागमन में राहत मिलेगी। इसी तरह 186.79 लाख रूपए की लागत से गैंजी गांव से चितावर तक 1.735 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। इस मार्ग के निर्माण से गैंजी, चितावर, गुरूवाईनडबरी सहित आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।


 

लगभग 5.5 करोड़ रुपये के धान की हेराफेरी

21-Jan-2026
मुंगेली,( शोर संदेश ) कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर राज्य स्तर से प्राप्त सूचना के आधार पर सरगांव-पेंड्री स्थित गणेश मिनरल्स राइस मिल में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त दल द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्वाइंटर्स के माध्यम से मिल में भंडारित धान की मात्रा का भौतिक सत्यापन कराया गया। पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से संबंधित कोई भी दस्तावेज या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया तथा कैमरे पुनः चालू नहीं किए गए। साथ ही जांच दल के राइस मिल पहुंचते ही मिल के कर्मचारियों द्वारा सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए। इस गंभीर लापरवाही और संदेहास्पद स्थिति को देखते हुए मौके पर ही सीसीटीवी डीवीआर जब्त कर लिया गया।
मिल प्रबंधन द्वारा प्रस्तुत ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार गणेश मिनरल्स राइस मिल में कुल 02 लाख 41 हजार 896 कट्टी धान का भंडारण दर्ज था, जबकि संयुक्त दल द्वारा कराए गए भौतिक सत्यापन में मिल के गोदामों में मात्र 01 लाख 97 हजार 458 कट्टी धान ही पाया गया। इस प्रकार ऑनलाइन रिपोर्ट की तुलना में 44 हजार 438 कट्टी धान, लगभग 17 हजार 775.2 क्विंटल कम पाया गया। जांच के दौरान मिल के मैनेजर एवं कर्मचारियों से इस बड़े अंतर के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। किसी भी स्तर पर कमी का स्पष्ट कारण न बता पाने से मिल परिसर में भारी मात्रा में धान की हेराफेरी किए जाने की प्रबल आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार कम पाए गए धान की अनुमानित कीमत लगभग 5.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर गणेश मिनरल्स राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। साथ ही आगे की विस्तृत जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि धान उपार्जन एवं भंडारण से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई में संयुक्त दल के रूप में तहसीलदार सरगांव अतुल वैष्णव, नायब तहसीलदार सरगांव लीलाधर क्षत्रिय, खाद्य निरीक्षक दीपाली सिंह, मंडी उप निरीक्षक शुभम पैकरा तथा पटवारी रमेश कौशिक शामिल रहे।






 

 


मुंगेली में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, 994 करोड़ से अधिक भुगतान

19-Jan-2026
 मुंगेली   ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार मुंगेली जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता, सुव्यवस्था और गति के साथ जारी है। किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए जिले की सभी समितियों में खरीदी लिमिट एवं प्रतिदिन की खरीदी सीमा में वृद्धि की गई है, जिससे उपार्जन कार्य और अधिक तेज हुआ है। कलेक्टर ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप जिले के 105 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी निर्बाध रूप से संचालित की जा रही है। 
जिला खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले की 66 समितियों में कुल 1 लाख 10 हजार 900 से अधिक किसान पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 90 हजार से अधिक किसानों द्वारा धान का विक्रय किया जा चुका है। जिले में अब तक 43 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की गई है। उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव भी लगातार किया जा रहा है और अब तक 27 लाख 85 हजार क्विंटल से अधिक धान का उठाव हो चुका है। किसानों को भुगतान की सुविधा के लिए माइक्रो एटीएम एवं चेक के माध्यम से त्वरित भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। अब तक किसानों को 994 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। प्रतिदिन लगभग 3 हजार किसानों को करीब 12 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा रहा है।
जिले की सीमाओं एवं चेक पोस्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। कोचियों एवं बिचौलियों के माध्यम से अवैध धान खपाने पर रोक लगाने हेतु इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन की रीयल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। 





 


+ Load More

Feedback/Enquiry



Log In Your Account