ब्रेकिंग न्यूज

Raigarh

अपने झुंड से बिछड़ा नन्हा गजराज, वन विभाग के सामने मिलाने की बड़ी चुनौती

11-Sep-2026
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जंगल में हाथियों के दल से 2 साल का शावक बिछड़ गया है। वह अकेले आसपास के इलाके में घूम रहा है। वन विभाग की टीम उस पर लगातार नजर रख रही है। साथ ही शावक को उसके दल से मिलाने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों से शावक से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। मामला बोरो रेंज का है। बुधवार सुबह लोगों ने बाजारदांड के पीछे चाल्हा के पास राजस्व जंगल में शावक को घूमते देखा। उसके आसपास हाथियों का कोई दल नजर नहीं आया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन कर्मियों को इसकी जानकारी दी। वनकर्मी मौके पर पहुंचे और शावक की तस्दीक की। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। इसके बाद डीएफओ सत्यदेव शर्मा, बोरो रेंजर उमाशंकर पटेल समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग को जानकारी मिली कि शावक 7 हाथियों के दल में था। रात में दल आगे बढ़ गया, लेकिन शावक पीछे रह गया। दल से बिछड़ने के बाद शावक आसपास ही घूम रहा है। वन विभाग के अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। डॉक्टरों की सलाह पर उसके खाने का इंतजाम किया गया। शावक को दूर से केला और केले का पौधा दिया गया। उसने केला पूरा खा लिया, लेकिन पानी नहीं पिया।
वनकर्मी दूर से शावक की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही उसके दल का पता लगाया गया। विभाग को जानकारी मिली कि उसका दल क्रिंधा सर्किल के कुरूपानी क्षेत्र में घूम रहा है। शावक बीच-बीच में चिंघाड़ रहा है और धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। बोरो रेंज का स्टाफ, हाथी मित्र दल और उड़नदस्ता टीम उसकी निगरानी कर रही है। वनकर्मियों ने बताया कि शावक के करीब जाने की कोशिश करने पर वह दौड़ाने लगता है। इसलिए टीम उसके पास जाने के बजाय दूर से ही नजर रख रही है। आसपास के ग्रामीणों को भी शावक के करीब नहीं जाने और प्रभावित क्षेत्र के जंगल में प्रवेश नहीं करने की समझाइश दी गई है। चाल्हा समेत आसपास के गांवों में मुनादी भी कराई गई है।

 


वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन से रायगढ़ की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

04-Sep-2026
 रायगढ़  (शोर संदेश) । छत्तीसगढ राज्य के रायगढ़ जिले के रायगढ की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को पराजित कर कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय टीम की इस उपलब्धि में रायगढ़ जिले के महलोई क्षेत्र की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन और रायगढ़ जिला प्रशासन के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर  पदक जीतकर रायगढ़ लौटने के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच  देवावतार चौधरी के साथ कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि रायगढ़ की बेटियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कोच देवावतार चौधरी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और जुझारू प्रदर्शन का परिचय दिया। सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और जिला प्रशासन से लगातार सहयोग एवं प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है।
रायगढ़ की तीनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले की अन्य खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर मिलने पर छत्तीसगढ़ की बेटियां वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। खिलाड़ियों एवं कोच ने इस उपलब्धि के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
 

श्रद्धालुओं से भरे पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 2 की मौत 15 लोग घायल

01-Sep-2026
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में CPM कॉलेज के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मां चंद्रहासिनी के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिले के बागबहरा क्षेत्र से करीब 25 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर चंद्रपुर स्थित प्रसिद्ध मां चंद्रहासिनी मंदिर में दर्शन करने गए थे। सभी श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने के बाद पिकअप से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सारंगढ़ शहर में CPM कॉलेज के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। अचानक हुई जोरदार टक्कर से पिकअप में बैठे श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
मौके पर मची चीख-पुकार
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर के बाद पिकअप में सवार श्रद्धालुओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। जोरदार टक्कर के बाद कई लोग घायल हो गए। वाहन के अंदर फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और उन्हें अस्पताल भेजा।
हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत
दुर्घटना में उमेश दीवान (14) और भुवनेश्वरी दीवान (40) की मौत हो गई। वहीं हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चेतन ठाकुर (15), हेमलाल दीवान (32), अंजलि दीवान (18), केशव राम पटेल (50), होलेश्वर ठाकुर (35), कामिनी दीवान (28), योगेश दीवान (32), कुसुम ठाकुर (17), वीर पटेल (13), रूपलाल पटेल (35), रूपलाल पटेल की बेटी, ओम बाई ठाकुर (34), केशव पटेल (50), फलीस ठाकुर (34) और टेक सिंह ध्रुव (25) शामिल हैं। पुलिस और ग्रामीणों ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को रायगढ़ रेफर कर दिया। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने खरसिया में निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज का किया निरीक्षण

28-Aug-2026
रायपुर (शोर संदेश)  वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के खरसिया में निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (ROB) का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
वित्त मंत्री चौधरी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समय-सीमा को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में रोड ओवर ब्रिज का निर्माण महत्वपूर्ण है। इसके पूर्ण होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए और कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यक गति से आगे बढ़ाया जाए।
चौधरी ने कहा कि रायगढ़ जिले में अधोसंरचना विकास को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, पुल-पुलिया और अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों के माध्यम से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

बीज राखियों से सजेगा रक्षाबंधन, स्नेह के साथ मिलेगा हरियाली का संदेश

25-Aug-2026
 रायगढ़  (शोर संदेश) रायगढ़ जिले में इस बार रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के स्नेह के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश भी देगा। बिहान से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाएं धान, मक्का, बरबट्टी, लौकी, करेला, सेमी, कुम्हड़ा, भिंडी, उड़द, मसूर और मूंगफली सहित स्थानीय बीजों से आकर्षक बीज राखियां तैयार कर रही हैं। यह नवाचार महिलाओं के लिए अतिरिक्त आय और स्वरोजगार का नया अवसर भी बन रहा है।
बीज राखी निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए जिले के सातों विकासखंडों में प्रतियोगिता आयोजित कर उत्कृष्ट राखियां तैयार करने वाली महिलाओं का चयन किया गया। चयनित महिलाओं ने जिला कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित अधिकारियों को अपने हाथों से बनाई बीज राखियां पहनाईं। कलेक्टर ने महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप स्व-सहायता समूह की महिलाओं को नवाचार, सशक्तिकरण और आजीविका से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय संसाधनों और हुनर से महिलाएं आय के नए साधन विकसित कर रही हैं।
बीज राखियों की विशेषता यह है कि उपयोग के बाद इन्हें मिट्टी में दबाने पर इनमें मौजूद बीज अंकुरित होकर पौधे का रूप ले सकते हैं। कम लागत, आकर्षक डिजाइन और पर्यावरण हितैषी स्वरूप के कारण इनकी मांग बढ़ रही है। इस तरह बीज राखी भाई-बहन के अटूट प्रेम के साथ प्रकृति संरक्षण और हरियाली का सुंदर संदेश भी जन-जन तक पहुंचाएगी।
 

मोबाइल से मिनटों में होगा नजूल पट्टा नवीनीकरण, रायगढ़ में ई-नजूल व्यवस्था लागू

18-Aug-2026
रायगढ़ (शोर संदेश)। नजूल पट्टाधारकों को सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रायगढ़ जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिले में अब ई-नजूल व्यवस्था लागू कर दी गई है। नई व्यवस्था के माध्यम से नजूल पट्टा नवीनीकरण की प्रक्रिया को डिजिटल और सरल बनाया गया है। इससे नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे नजूल पट्टा नवीनीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत क्यूआर कोड स्कैन कर कुछ ही मिनटों में आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। इससे नजूल पट्टाधारकों को आवेदन जमा करने के लिए बार-बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी। डिजिटल प्रक्रिया के कारण आवेदन की कार्यवाही अधिक व्यवस्थित होने के साथ ही इसमें पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
ई-नजूल व्यवस्था में नजूल पट्टा नवीनीकरण के प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने पर विशेष जोर दिया गया है। नजूल पट्टा नवीनीकरण की पूरी कार्यवाही 30 दिवस के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे नागरिकों को अपने प्रकरण के निराकरण के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और नजूल संबंधी सेवाओं की डिलीवरी भी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी। नई प्रणाली के तहत आवेदन प्रक्रिया से लेकर आवश्यक दस्तावेजों एवं संबंधित प्रतिवेदनों की कार्यवाही को सुव्यवस्थित किया जाएगा। इससे प्रकरणों की निगरानी आसान होगी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यवाही पूरी करने में मदद मिलेगी।
नजूल पट्टा नवीनीकरण के दौरान आवश्यक नगर निगम/नगर निवेश की अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) तथा राजस्व निरीक्षक (आरआई) का प्रतिवेदन भी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ई-नजूल व्यवस्था में इन आवश्यक कार्यवाहियों को भी अधिक सरल और व्यवस्थित तरीके से संपादित करने का प्रयास किया गया है। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से आवेदन के विभिन्न चरणों को व्यवस्थित करने से संबंधित विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा तथा प्रकरणों के निराकरण में तेजी आएगी। इससे नजूल पट्टाधारकों को सुविधा मिलने के साथ ही प्रशासनिक कार्यप्रणाली में भी दक्षता बढ़ेगी। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सरल, सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। ई-नजूल व्यवस्था लागू होने से नजूल पट्टा नवीनीकरण की पारंपरिक प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक भागदौड़ कम होगी और डिजिटल माध्यम से नागरिकों को सेवा प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।
 

स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा साक्षरता का संदेश, उल्लास महा-चौपाल में संस्थाओं ने निभाई सहभागिता

18-Aug-2026
रायगढ़ (शोर संदेश)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शिक्षा और साक्षरता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत उल्लास महा-चौपाल का आयोजन किया गया। राज्य स्तर से जारी निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर के निर्देशन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों में शैक्षणिक संस्थानों, विभागों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को साक्षरता, शिक्षा और जनजागरूकता से जोड़ते हुए आयोजित महा-चौपाल में नवसाक्षरों, स्वयंसेवी शिक्षकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए नवसाक्षरों को सीखने की प्रक्रिया निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
उल्लास महा-चौपाल के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर अनेक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। शैक्षणिक संस्थानों एवं सहभागी संस्थाओं द्वारा नारा लेखन, मशाल रैली, मोबाइल टॉर्च रैली, उल्लास शपथ, सेल्फी प्वाइंट, कहानी वाचन, रंगोली निर्माण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से साक्षरता के महत्व को रोचक एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया गया। रैलियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि पढ़ना-लिखना केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति की मजबूत आधारशिला है।
उल्लास महा-चौपाल के आयोजन से जिलेभर में साक्षरता को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण निर्मित हुआ। विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों की व्यापक सहभागिता ने यह संदेश दिया कि साक्षरता केवल किसी एक विभाग का विषय नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में नवसाक्षरों को शिक्षा से निरंतर जुड़े रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया। सामूहिक प्रयासों के माध्यम से जिले में साक्षर समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित उल्लास महा-चौपाल ने ‘उल्लास’ को जन-जन तक पहुंचाने और साक्षरता को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर आयोजित यह आयोजन शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने और प्रत्येक व्यक्ति को ज्ञान की मुख्यधारा से जोड़ने के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बना।
 

करीब 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी हुए शामिल

14-Aug-2026
रायगढ़ (शोर संदेश)। हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रायगढ़ जिला मुख्यालय में रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी यात्रा में शामिल हुए। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बारिश की फुहारों के बीच ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा नटवर स्कूल से प्रारंभ होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क (इतवारी बाजार) पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मार्ग में शहरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया गया। यात्रा में शामिल नागरिकों के लिए जूस वितरण की व्यवस्था भी की गई।
तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति संदेशों वाली तख्तियां लिए स्कूली विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, झांसी की रानी और भगत सिंह सहित राष्ट्रनायकों के स्वरूप धारण कर यात्रा को आकर्षक और संदेशपरक बनाया।
बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच नागरिक कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ और ‘ये देश है वीर जवानों का’ जैसे गीतों पर युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रिमझिम बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। तिरंगे की छांव में उमड़ा जनसैलाब रायगढ़ में राष्ट्रप्रेम, एकता और जनभागीदारी का जीवंत संदेश देता नजर आया।
सिदूर पार्क में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने परिसर में स्थापित स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी बूथ पर फोटो भी खिंचाई।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में देश का सम्मान लगातार बढ़ा है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है, लेकिन इसके साथ नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं की जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं को तेजी से मजबूत बनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का उपयोग करें। देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर ऐसा सशक्त भारत बनाएं, जिसे दुनिया की कोई ताकत कमजोर न कर सके।
चौधरी ने कहा कि तिरंगा उन वीर जवानों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। राष्ट्रध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों और युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
मंचीय कार्यक्रम में स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने कथक सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कथक सहित अन्य प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की।
जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ की थीम पर आधारित है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है। जिले में नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तिरंगा वितरण, जनभागीदारी और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष  शिखा रविन्द्र गबेल, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, सभापति डिग्रीलाल साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
 

स्वास्थ्य अधोसंरचना को मिलेगी नई गति: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

05-Aug-2026
रायपुर(शोर संदेश)  स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में मंत्रालय में स्वास्थ्य अधोसंरचना को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सचिव एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव के साथ विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इनमें ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट, नवीन सिकल सेल इंस्टीट्यूट, बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल तथा स्टाफ रेजिडेंशियल बिल्डिंग जैसे महत्वपूर्ण निर्माण शामिल हैं। ये सभी परियोजनाएं प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
बैठक में आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए, जिससे आमजन को स्वास्थ्य सुविधाओं का बेहतर लाभ शीघ्र मिल सके।

​सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं को और प्रभावी बनाएं, महिलाओं को मिले 24×7 त्वरित सहायता: डॉ. ममता साहू

01-Aug-2026
​रायपुर(शोर संदेश)छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने धमतरी स्थित 'सखी वन स्टॉप सेंटर' का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा वहां के समस्त पंजियों (रजिस्ट्रों) एवं पत्रावलियों की बारीकी से जांच की।
अध्यक्ष डॉ. साहू ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सखी वन स्टॉप सेंटर का संचालन पूर्ण निष्ठा के साथ 24×7 (सातों दिन, 24 घंटे) सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी समय सहायता के लिए पहुंचने वाली पीड़ित महिला (आवेदिका) को किसी प्रकार की असुविधा या विलंब का सामना न करना पड़े।
​निरीक्षण के दौरान उन्होंने सखी सेंटर की योजनाओं और हेल्पलाइन की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रमुख स्थानों पर सूचनात्मक डिस्प्ले व होर्डिंग्स लगाने,बढ़ते साइबर अपराधों से महिलाओं को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस विभाग के उप पुलिस अधीक्षक (DSP) को आमंत्रित कर विशेष जागरूकता शिविरों का आयोजन करने तथा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने हेतु जिले के माननीय न्यायाधीशों एवं शासकीय अधिवक्ताओं को आमंत्रित कर लीगल अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने केंद्र में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति, उनके कार्य-विभाजन और केंद्र में आने वाले प्रकरणों के त्वरित निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर संकटग्रस्त महिलाओं के लिए एक सुरक्षित संबल है। यहां आने वाली हर पीड़िता को समय पर न्याय, परामर्श और आश्रय मिलना हमारी पहली प्राथमिकता है।​ इस दौरान राज्य महिला आयोग के सदस्य सचिव, आयोग के अधिकारी-कर्मचारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के स्थानीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

 



+ Load More

Feedback/Enquiry



Log In Your Account