बिलासपुर (शोर संदेश)। जिले में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में चल रहे चौथी लाइन निर्माण कार्य के चलते यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। बिलासपुर–झारसुगुड़ा सेक्शन के अकलतरा स्टेशन पर प्री-नॉन/नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इस दौरान ट्रेन संचालन पर व्यापक असर पड़ेगा।
रेलवे द्वारा बिलासपुर-चांपा सेक्शन के अंतर्गत अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। यह कार्य पहले किसी कारणवश स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अब इसे 11 अप्रैल से 18 अप्रैल के बीच पूरा करने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान प्री-नॉन और नॉन-इंटरलॉकिंग जैसे तकनीकी कार्य भी किए जाएंगे, जिसके चलते रेल संचालन प्रभावित रहेगा और कई ट्रेनों के समय, मार्ग और संचालन में बदलाव करना पड़ा है।
इन प्रमुख ट्रेनों पर पड़ा असर
इस अवधि में बिलासपुर, रायगढ़, रायपुर, कोरबा और गेवरा रोड के बीच चलने वाली कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है। प्रमुख रूप से:
बिलासपुर–रायगढ़–बिलासपुर मेमू (68738/68737)
रायगढ़–बिलासपुर मेमू (68735)
बिलासपुर–रायगढ़ मेमू (68736)
रायपुर–गेवरा रोड मेमू (68746/68745)
रायपुर–कोरबा पैसेंजर (58204/58203)
बिलासपुर–गेवरा रोड मेमू (68734/68733)
बिलासपुर–कोरबा मेमू (68732/68731)
बिलासपुर–गेवरा रोड पैसेंजर (58210)
इन ट्रेनों के रद्द होने से दैनिक यात्रियों, कामकाजी लोगों और छात्रों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ सकती है।
कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द
कुछ ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त या प्रारंभ किया जाएगा:
गोंदिया–झारसुगुड़ा पैसेंजर (68861) बिलासपुर में ही समाप्त होगी
झारसुगुड़ा–गोंदिया पैसेंजर (68862) बिलासपुर से ही प्रारंभ होगी
झारसुगुड़ा-बिलासपुर के बीच ये ट्रेनें इस अवधि में नहीं चलेंगी।