
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (शोर सन्देश)। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के ग्राम दानीकुंडी की स्व-सहायता समूह की महिलाएं ढेंकी चावल कुटाई कर प्रतिदिन करीब 400 रूपए की आय प्राप्त कर रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विगत दिनों जिले के भ्रमण के दौरान इड़हर की सब्जी के साथ ढेंकी चावल का स्वाद लिया। उन्हें यह भोजन बहुत भाया और मुख्यमंत्री ने इसकी तारीफ करते हुए ढेंकी चावल के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गांव के हर घर में इस परंपरागत पद्धति को अपनाने पर जोर दिया। जिससे घर बैठे रोजगार के साथ-साथ लोगों को पोषक तत्वों से परिपूर्ण विशुद्ध चावल भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने ग्राम दानीकुंडी में विविध सुविधा सह मूल्य संवर्धन केन्द्र में संचालित केन्द्र में ढेंकी चावल प्रसंस्करण इकाई का अवलोकन कर प्रसंस्करण कार्य में जुटी वनधन महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत भी की। महिलाओं ने उन्हें बताया कि वर्तमान में वे मोटे किस्म के चावल का ढेंकी से कुटाई कर रही है। वन विभाग ने 30 रूपए से 35 रूपए किलो. तक धान खरीद कर उन्हें दिया जाता है। कुटाई के बाद तैयार चावल की कीमत 60 से 65 रूपए प्रति किलो होती है। महिलाओं को चावल कुटाई का 10 रूपए प्रति किलो के हिसाब से भुगतान किया जाता है। चावल बनने के बाद धान के भूसों को महिलाएं बेचती हैं और मुनाफा कमाती है। प्रत्येक महिला प्रतिदिन 15 से 18 किलो. तक धान कुट लेती है। कुटाई के बाद चावल की सफाई और पैंकिंग का कार्य भी इन्हीं महिलाओं के जिम्मे होता है।
00 ढेंकी चावल प्रसंस्करण कार्य से 70 परिवारों को मिल रहा है रोजगार:-
ढेंकी पद्धति से चावल प्रसंस्करण कार्य में दानीकुंडी और आसपास के 70 परिवारों को रोजगार मिल रहा है। वन धन महिला स्व-सहायता समूह की 20 महिलाएं ढेंकी से चावल कुटाई और पैंकिंग का कार्य करती है। वहीं गांव-गांव से धान एकत्र कर और उसे साफ-सुथरा कर वन प्रबंधन समिति दानीकुंडी को पहुंचाने के कार्य में लगभग 50 महिलाएं लगी हुई हैं। तैयार चावल को वन समिति ने बाजार में 90 रूपए किलो के भाव से उपलब्ध कराया जाता है। इससे जो मुनाफा होता है वह समूह, धान उत्पादन करने वाले कृषक और वन समिति को मिलता है।

बिलासपुर (शोर सन्देश)। पक्षियों में होने वाले संक्रामक रोग बर्ड फ्लू रोग की रोकथाम के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। साथ ही जिला और विकासखण्ड स्तर पर रेपिड रिस्पांस टीम का भी गठन किया गया है। संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं बिलासपुर ने स्थापित जिला नियंत्रण कक्ष में डॉ.अनूप चटर्जी पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ मोबाईल नंबर 9827166713 को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। डॉ.विरेन्द्र पिल्ले पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ मोबाईल नंबर 9406158769 को नियंत्रण कक्ष नोडल अधिकारी, डॉ.राम ओत्तलवार पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ मोबाईल नंबर 8109894585 को सदस्य, ्रबी.एम.पाण्डेय सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी मोबाईल नंबर 9907749406 को सदस्य, राहुल वैष्णव प्रगणक मोबाईल नंबर 7987052273 को सदस्य, अनिल कुमार यादव परिचारक मोबाईल नंबर 7828365551 को सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है।
इसी तरह जिला स्तरीय रेपिड रिस्पांस टीम में डॉ.अनूप चटर्जी को नोडल अधिकारी, डॉ.रामनाथ बंजारे पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सुरेश कुमार धुरी सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, अजय कुमार राठौर सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, जयंत श्रीवास्तव सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, एल.के.खाण्डेकर सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी और दूजराम यादव सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी शामिल है।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिमी समर्पित मालवहन गलियारा (वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर) के 306 किमी लंबे न्यू रेवाड़ी-न्यू मदार खंड को राष्ट्र को समर्पित किया। वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री ने न्यू अटेली से न्यू किशनगढ़ के लिए विश्व के पहले डबल स्टैक लांग हॉल कंटेनर ट्रेन आपरेशंस(1.5 किलोमीटर लंबी कंटेनर ट्रेन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। इस अवसर पर रेल मंत्री पीयूष गोयल, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र और हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य के अलावा दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री क्रमश: अशोक गहलोत और मनोहर लाल खट्टर उपस्थित थे। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के लिए चल रहे महायज्ञ ने आज एक नई गति हासिल की है। बीते दिनों आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के मदद से किसानों के खातों में सीधे 18,000 करोड़ रुपये से ज्यादा ट्रांसफर किए गये हैं। जब नए साल में देश का आगाज अच्छा है। तो आने वाला समय भी शानदार और जानदार होना तय है। पीएम मोदी ने कहा कि न्यू अटेली से न्यू किशनगढ़ तक 1.5 किलोमीटर लंबी मालगाड़ियों की शुरुआत के साथ आज भारत दुनिया के गिने चुने देशों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। आज का दिन NCR, हरियाणा और राजस्थान के किसानों, उद्यमियों, व्यापारियों के लिए नए अवसर लाया है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर चाहे ईस्टर्न हो या वेस्टर्न ये सिर्फ मालगाड़ियों के लिए आधुनिक रुट नहीं हैं। ये देश के तेज विकास के कॉरिडोर हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन ही पहले भारत ने कोरोना की दो मेड इन इंडिया वैक्सीन की स्वीकृति दी है। भारत की अपनी वैक्सीन ने देशवासियों में एक नया आत्मविश्वास पैदा किया है। आज हर भारतीय का आह्वान है कि न हम रुकेंगे, न हम थकेंगे, हम सब मिलकर और तेजी से बढ़ेगी। पीयूष गोयल ने कहा कि लगभग 5,800 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित न्यू रेवाड़ी-न्यू मदार खंड के शुरू हो जाने से हरियाणा के प्रसिद्ध ऑटोमोबाइल उद्योग, व राजस्थान के खनिज उद्योगों को एक बड़े राष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार भी उपलब्ध हो जायेगा उन्होंने कहा, ``यह गलियारा इन राज्यों से गुजरता हुआ वह धागा है जो इन्हें आपस में बांधते हुए इन क्षेत्रों के समुचित आर्थिक और सामाजिक विकास में योगदान करेगा और भारतीय अर्थव्यवस्था को एक नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले अगले 100 दिनों में मदार को गुजरात के पालनपुर से जोड़ दिया जाएगा जिससे गुजरात के कांडला, पीपावाव और मुंद्रा बंदरगाह भी समर्पित मालवहन गलियारे के नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। उन्होंने कहा, `खनिज हो या खाद्यान्न, उपज हो या उत्पाद, रेल की रफ़्तार से सभी क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। उत्पाद को उपभोक्ता और बंदरगाह तक, खनिज को उद्योग तक, फर्टिलाइजर्स को खेत तक पहुंचाने में इस गलियारे का महत्त्वपूर्ण योगदान रहेगा। यह एक कॉरीडोर नहीं बल्कि विकास का दरवाजा बनेगा।` न्यू रेवाड़ी-न्यू मदार सेक्शन का हिस्सा हरियाणा और राजस्थान दोनों में आता है। इस मार्ग पर न्यू रेवाड़ी, न्यू अटेली और न्यू फूलेरा जैसे तीन जंक्शन सहित नौ स्टेशन बनाए गए हैं। स्टेशनों में न्यू डाबला, न्यू भगेगा, न्यू श्री माधोपुर, न्यू पछार मालिकपुर, न्यू सकूल और न्यू किशनगढ़ शामिल हैं। इस नए मालवहन गलियारे के खुल जाने से राजस्थान और हरियाणा के रेवाडी-मानेसर, नारनौल, फूलेरा और किशनगढ़ में मौजूद विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को फायदा पहुंचेगा।

00 मुख्यमंत्री बघेल ने की कोटमी उपतहसील को तहसील बनाने की घोषणा
00 राजमेरगढ़ में 1 करोड़ 27 लाख की लागत से बैगा कुटीर निर्माण की घोषणा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (शोर सन्देश)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रदेश के नवगठित गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के प्रवास के दौरान मरवाही विकासखंड के ग्राम दानीकुण्डी में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार का संकल्प यहां के किसानों, मजदूरों और गरीबों का विकास करना है। सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ करने के साथ, समर्थन मूल्य में धान खरीदी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना और मनरेगा के माध्यम से किसानों, मजदूरों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को जिला बनाकर इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास किया गया है। नए जिले के रूप में अस्तित्व में आते ही गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही क्षेत्र में अधिकारियों की नियुक्ति और नए कार्यालय स्थापित करने का कार्य बड़ी तेजी से हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने नवगठित जिले के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है और जनभावनाओं के अनुरूप गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के विकास के लिए आगे भी सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला प्राकृतिक दृष्टिकोण से बहुत ही सुंदर है, यहां अनेक ऐतिहासिक महत्व के धरोहर तथा पर्यटन एवं धार्मिक स्थल है। इस क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीवनदायिनी अरपा नदी इस जिले से निकलती है। उन्होंने कहा कि अरपा महोत्सव का जिले में आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोटमी उपतहसील को तहसील बनाने की घोषणा, राजमेरगढ़ में 1 करोड़ 27 लाख की लागत से बैगा कुटीर निर्माण की घोषणा, जिले में ब्लड बैंक स्थापित किये जाने, ग्राम धनौली में वन प्रसंस्करण केंद्र, बचरवार-कोटखर्रा मार्ग निर्माण, निमधा से दरमोहली मार्ग निर्माण की घोषणा, कोटखर्रा बचरवार मार्ग में तिपान नदी में पुल निर्माण की घोषणा की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नवगठित जिले के सर्वांगीण विकास हेतु शासन प्रयासरत है और भविष्य में भी जिले में विकास की गति तीव्र हो, यह प्रयास किया जाएगा।
राजस्व व जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला बनने के बाद क्षेत्र के विकास की गति बेहद तीव्र हुई है और बहुत ही कम समय में जिले ने विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन क्षेत्र के विकास के लिए कटिबद्ध है और भविष्य में भी बड़ी तेजी से अंचल का विकास हो यह सुनिश्चित किया जाएगा।
सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गठन की क्षेत्रवासियो की मांग को राज्य सरकार ने पूर्ण किया। अब यह जिला तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। मरवाही विधायक डॉ. के के ध्रुव ने कहा कि जिला बनने के बाद विकासकार्यो की अनेक सौगात मिली है और हम सभी के प्रयास से हमारा क्षेत्र विकास के नए प्रतिमान गढ़ेगा।
इस अवसर पर ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहीमूलक सामग्रियों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

अम्बिकापुर (शोर सन्देश)। कलेक्टर झा और पुलिस अधीक्षक टीआर कोशिमा ने आज लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत रघुनाथपुर में दोमुहनी नाला, ग्राम ससौली के बेरापानी नाला तथा आदर्श गोठान पुरकेला का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने नरवा विकास कार्य को योजनाबद्ध तरीके से निष्पादित करते हुए मॉडल नरवा के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिट्टी बांध को क्रम से बनाने तथा कंटूर ट्रेंच बनाने के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि नरवा से सिंचाई की समुचित सुविधा के लिए वाटर शेड कांसेप्ट का उपयोग करते हुए नदी-नालों को मॉडल के रूप में विकसित करें। नाले के हर 200 मीटर की दूरी पर मिट्टी बंधान बनाये। इसी प्रकार बोल्डर चेक डेम, गेबियन, गली प्लग को निर्धारित ले आउट के अनुसार बनाये। उल्लेखनीय है कि जिले में हर विकासखंड में दो-दो नालों को आरईएस के एसडीओ को मॉडल नरवा का रूप में विकसित करने की निर्देश कलेक्टर की ओर से दिया गया है। इन मॉडल नरवा के तर्ज पर बाकी नालों को भी विकसित किया जाएगा। सातों विकासखंड में 7-7 नालों का चयन किया गया है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, सहायक कलेक्टर विश्वदीप, एसडीएम अम्बिकापुर अजय त्रिपाठी, जनपद सीईओ लुण्ड्रा संजय दुबे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी पुलिस शातिर वहां चोर को पकड़ने में कामयाब हुई है। आरोपी लक्ष्मण बारले नशे की लत एवं अन्य महंगे शौक पूरा करने वाहन चोरी करता था। आरोपी के कब्जे से करीब 10 दोपहिया बरामद हुई है, जिनमे 6 एक्टिवा, 2 प्लेजर, 1 मेस्ट्रो तथा 1 होण्डा मोटर सायकल जप्त हुए है। थाना खमतरी प्रभारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी दीपक यादव ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराइ कि वह शद्दाणी दरबार हाउसिंग बोर्ड कलोनी ब्लक नंबर 26 फ्लैट नंबर 412 थाना माना जिला रायपुर का रहने वाला है तथा कोटेक महिन्द्रा बैंक में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है। प्रार्थी 23 दिसंबर को अपने दोस्त के ज्योति के होण्डा एक्टीवा वाहन क्रमांक सीजी 04 एच टी 8358 को लेकर डी एम टावर रावांभाठा स्थित कोटक महेन्द्रा बैंक के सामने खड़ी कर वाहन का लाॅक कर बैंक अंदर काम से चला गया। शाम करीबन 04ः00 बजे बाहर आकर देखा तो उक्त वाहन वहां पर नहीं थी। कोई अज्ञात चोर उक्त वाहन को चोरी कर ले गया था। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 04/21 धारा 379 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
रायपुर शहर में हो रही मोटर सायकल चोरी की घटनाओं को देखते हुये पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार यादव द्वारा रायपुर जिले के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर आरोपियों को पकड़ने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देशन में समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने- अपने थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के आरोपियों को ट्रैप करने हेतु विशेष टीम का गठन किया गया। इसी तारतम्य में थाना खमतराई की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि भनपुरी बाजार में एक व्यक्ति सस्ते दाम में एक्टीवा वाहन बेचने ग्राहक की तलाश कर रहा है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक उरला ये अक्षय कुमार (परि.भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना प्रभारी खमतराई संजय पुढ़ीर के नेतृत्व में थाना खमतराई की टीम द्वारा उक्त स्थान पर पहुंचकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति एवं वाहन की पतासाजी किया जाकर व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम लक्ष्मण बारले निवासी कबीर नगर का होना बताया। टीम द्वारा व्यक्ति से एक्टीवा वाहन तथा वाहन के कागजात के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा गोल मोल जवाब देकर लगातार टीम को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर टीम द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर व्यक्ति द्वारा एक्टीवा वाहन को थाना खमतराई क्षेत्र के डी एम टावर रावांभाठा स्थित कोटक महेन्द्रा बैंक के सामने से चोरी करना बताया गया। टीम द्वारा आरोपी लक्ष्मण बारले से चोरी की अन्य वाहनों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा रायपुर शहर के अलग - अलग थाना क्षेत्रों से अन्य 9 नग दोपहिया वाहनों को चोरी करना बताया गया। जिस पर टीम द्वारा आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से 6 एक्टिवा, 2 प्लेजर, 1 मेस्ट्रो एवं 1 होण्डा मोटर सायकल कुल 10 नग दोपहिया वाहन जुमला कीमती लगभग 7,00,000/- रूपये जप्त किया गया। आरोपी से जप्त अन्य 09 नग दोपहिया वाहनों पर पृथक से धारा 41(1$4) जा.फौ./379 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार किया जाकर उसके विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही किया गया।
00 गिरफ्तार आरोपी - लक्ष्मण बारले पिता गोपाल बारले उम्र 21 वर्ष साकिन हीरापुर सतनामी मोहल्ला कबीर नगर थाना कबीर नगर रायपुर। आरोपी को गिरफ्तार करने तथा मशरूका बरामद करने में निरीक्षक संजय पुढ़ीर थाना प्रभारी खमतराई, उप निरीक्षक अजय झा, सउनि. रामनाथ चंद्रवंशी, वरूण देवता, शिवदयाल वर्मा, गेंदू राम नवरंग, प्र.आर. रमेश यादव, आरक्षक सुदीप मिश्रा, पुष्पराज परिहार, हिमांशु राठौर एवं सुनील सिलवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रायपुर (शोर सन्देश। राजधानी के खम्हारडीह थाना इलाके में सोमवार रात एक हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कांग्रेस मुख्यालय (राजीव भवन) की दीवार में जा घुसी। घटना के दौरान कार में तीन युवक सवार थे। हादसे में तीनों को चोटें आई हैं। वहीं कार के सामने वाले हिस्से के भी परखच्चे उड़ गए। इसके अवाला कांग्रेस मुख्यालय के बाहर दुकान लगाने वालों को भी छुटपुट नुकसान हुआ है। दुकानों को ठोकर मारते हुए कार दिवार में जा घुसी। इसकी सूचना मिलने के बाद खम्हारडीह पुलिस मौके पर घटनास्थल पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई। बता दें कि शंकर नगर के इस इलाके में शाम के वक्त काफी भीड़ देखने को मिलती है। खास तौर पर शाम को लोग दोस्तों और परिवार के साथ लुत्फ उठाने निकलते हैं। जिन दुकानों को नुकसान पहुंचा है वहां लोग काफी संख्या में पहुंचते हैं। गनीमत रही की देर रात की घटना होने के चलते दुकान बंद थी। अन्यथा हादसा काफी बड़ा हो सकता था।

00 एम्स में चल रहा था इलाज
रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी रायपुर में कोरोना को लेकर बड़ी खबर आ रही है। रायपुर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ उप अधीक्षक की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। उप अधीक्षक का नाम सुनील शर्मा है, जो पुलिस मुख्यालय रायपुर में फारेंसिक डिपार्टमेंट के फिंगर प्रिंट विंग में पदस्थ थे। पहले उनका इलाज रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा था। लेकिन चार दिन पहले उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गयी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में रायपुर के एम्स में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान कल देर शाम सुनील शर्मा की मौत हो गयी। सुनील शर्मा की उम्र करीब 55 साल थी और वो बिलासपुर के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक सुनील शर्मा करीब दो सप्ताह पहले कोरोना पॉजेटिव हुए थे। जिसके बाद डाक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा था। आपको बता दें कि रायपुर में अब तक कोरोना से कई पुलिस अधिकारी की मौत हो चुकी है।

महासमुंद (शोर सन्देश)। शनिवार को भंवपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम ललितपुर में मकान की कच्ची दीवार ढहने से दादा और नाती दबकर घायल हो गए। उपचार के दौरान जहां पोते की मौत हो गई वहीं घायल दादा को गंभीर हालत में रायुपर रिफर किया गया है। मामले में सूचना पर सरायपाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर बरतराम रात्रे पिता बुधुराम रात्रे (65) और हरीश रात्रे पिता छबीलाल रात्रे (5) अपने निर्माणाधीन घर के आंगन में धूप सेंक रहे थे। इसी दौरान आंगन मेें मिट्टी से निर्मित दीवार अचानक ढह गई और दादा और नाती दोनों दब गए। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी। मौके पर डायल 112 की टीम पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सरायपाली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान पोता हरीश रात्रे की मौत हो गई, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद भी दादा बरतराम रात्रे के स्वास्थ्य में सुधार नहीं होनेे पर उन्हें रायुपर रिफर कर दिया गया। मामले की जानकारी डायल 112 की टीम ने सरायपाली पुलिस को दी। थाना प्रभारी वीणा यादव ने बताया कि सूचना पर मर्ग कायम कर लिया गया है। चूंकि मामला बसना थाना क्षेत्र का है। इसलिए जांच के लिए बसना थाना को भेजा जाएगा। दीवार के ढहने की वजह ग्रामीणों ने दीवार के गीली होने का बताया है। ग्रामीणों ने बताया कि मिट्टी की दीवार थी जो काफी पुरानी थी। शनिवार को अचानक ढह गई।

बिलासपुर (शोर सन्देश)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे के बिलासपुर आगमन पर एस.ई.सी.एल. हेलीपेड पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान लोक निर्माण, धर्मस्व, गृह, जेल, विभाग और जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया, संसदीय सचिव और तखतपुर विधायक रश्मि आशीष सिंह, बिलासपुर विधायक शैलेष पाण्डेय, महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर, पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल, अटल श्रीवास्तव, विजय केशरवानी, राजेन्द्र शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।