ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

*कोरोना के बढ़ते मामलों पर मंथन करने स्वास्थ्य मंत्री ने बुलाई बैठक*

03-Apr-2021

00 कृषि मंत्री, कलेक्टर-एसपी, महापौर सहित आला अधिकारी उपस्थित
रायपुर (शोर सन्देश)। प्रदेश में कोरोना की बेकाबू रफ़्तार पर कारगर रोक लगाने के उपायों पर मंथन करने स्वास्थ्य विभाग की बैठक जारी है। बैठक में लॉकडाउन पर भी चर्चा होने के आसार है। रायपुर के नवीन विश्राम भवन सर्किट हाउस में स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव, कृषि व संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे बैठक ले रहे है।बैठक में रायपुर महापौर एजाज ढेबर, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, रायपुर कलेक्टर, एसपी, पुलिस विभाग समेत अधिकारियों मौजूद है। बैठक में छत्तीसगढ़ में कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर मंथन किया जा रहा है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने और प्रबंधन समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही है।


*1 अप्रैल से हवाई सफर होगा महंगा बढ़ गई सिक्योरिटी फीस*

31-Mar-2021

 रायपुर (शोर सन्देश)। 1 अप्रैल से देश में कई चीजें महंगी होने वाली है, जिनमे हवाई सफर भी शामिल है। इसके चलते अब हवाई सफर करने वालों को भी महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। नागर विमानन विभाग ने टिकट में सिक्योरिटी फीस को बढ़ा दिया है। जिसके चलते आने वाले दिनों में रायपुर एयरपोर्ट से सफर करने वालों को अतिरिक्त 200 रूपए एयरपोर्ट सिक्योरिटी फीस चुकानी पड़ेगी। वहीं अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए यह फीस को 12 डॉलर तक है। यह फीस वैसे तो हर यात्री से ली जाती है। मगर कुछ यात्रियों को इसमें छूट भी दी जाती है। इसमें दो साल से कम उम्र के बच्चे, डिप्लोमेटिक पासपोर्ट होल्डर्स, ऑन ड्यूटी एयरलाइन क्रू मेम्बर्स भी शामिल हैं। घरेलू हवाई यात्रा को लेकर यात्रियों पर 40 रुपये तक किराया बढ़ा दिया गया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 114.38 रुपये चुकाना होगा। सितंबर 2020 में एयरपोर्ट सिक्योरिटी फीस 150 रुपये से बढ़ाकर 160 रुपये यानी 10 रुपये बढ़ाई थी। वहीं, अंतर्राष्टीय यात्रियों के लिए यह 4.95 डॉलर से बढ़ाकर 5.20 डॉलर की गई। एयरपोर्ट सिक्योरिटी फीस को हर छह माह में रिवाइज किया जाता है। पहले 160 रुपये देने पड़ते थे, लेकिन अब इसे बढ़ाया गया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 5.20 डॉलर तक किया गया था। मुंबई एयरपोर्ट ने भी हर घरेलू यात्री पर 200 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्री पर 500 रुपये चार्ज लगाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि इसे अस्थायी रूप से डेवलपमेंट फीस के तौर पर वसूला जाएगा। उसकी याचिका पर एईआरए विचार कर रहा है। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और हैदराबाद व कोच्चि के पीपीपी एयरपोर्ट्स ने कहा है कि वे अभी कोई चार्ज लेने के बारे में नहीं सोच रहे हैं।


रंगोली कलाकार शिव मानिकपुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी रंगोली बनाकर रचा इतिहास

27-Mar-2021

संजीव सेन रायपुर (शोर सन्देश)  देवेंद्र नगर रायपुर के  गुजराती स्कूल में रंगोली कलाकार शिव मानिकपुरी ने  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 60 × 50 फीट यानी 3000 स्क्वायर फीट की सबसे बड़ी रंगोली बनाकर इतिहास रचा है उन्होंने 3000 फुट की सबसे बड़ी रंगोली बनाकर अपना नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज करवा लिया है, शिव मानिकपुरी इकलौते ऐसे रंगोली कलाकार हैं जिन्होंने सबसे बड़ी पोर्ट्रेट रंगोली बनाई इसके लिए उन्होंने 700 किलो से ज्यादा रंगोली का प्रयोग किया एवं 7 मार्च से रंगोली बनाने की शुरुआत की और खराब मौसम,  हवा जैसे हालातों का सामना करते हुए 24 मार्च को कुल 7 दिन में रंगोली को पूरी की |  शिव मानिकपुरी ने अभी तक  210 रंगोली  अलग-अलग सेलिब्रिटीज के लिए बनाई है जिसमें सरदार वल्लभभाई पटेल,  महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली,  सचिन तेंदुलकर को बहुत ज्यादा प्यार मिला है| छोटे कस्बे से निकले महासमुंद के इस युवा रंगोली कलाकार को गुजराती स्कूल के सम्मान समारोह में प्रोविजनल सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया | शिव मानिकपुरी ने वह सम्मान  ग्रहण करते हुए कहा कि आज मेरा सपना पूरा हो गया उन्होंने अपना प्रेरणास्रोत दशरथ मांझी को बताया | रंगोली देखने पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे,  नारायण भाई पटेल,  राजेश अवस्थी शहर के नागरिक एवं शिव के परिवार जन उपस्थित रहें | पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पांडे ने शिव मानिकपुरी की प्रतिभा को बधाई एवं शुभकामनायें दी |


*जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं तो आम लोगों की चिंता कौन करेगा : शर्मा*

20-Mar-2021

00 अपराधियों के हौसले इतने बुलंद, की पुलिस पर भी हमला कर रहे हैं
रायपुर (शोर सन्देश)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने जांजगीर-चांपा जिले में एक मामले की विवेचना करने पहुँची पुलिस पर आरोपी परिवार के लोगों पे एकाएक किए गए हमले के मामले में लगभग साढ़े तीन माह बाद हुई गिरफ्तारी पर हैरत जताते हुए इसे प्रदेश सरकार और गृह मंत्रालय की लचर कार्यप्रणाली का शर्मनाक नमूना बताया है। नीलू शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जब अपने पुलिस जवानों की ही सुरक्षा के मामले में नाकारा हो चली है तो आम लोगों की सुरक्षा की उम्मीद रखना बेमानी ही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने कहा कि सत्ता-संरक्षण में पनप रहे अपराधों ने पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल निर्मित कर रखा है। कानून के राज का खौफ पैदा करने में बुरी तरह विफल इस प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ को कदम-कदम पर असुरक्षा के भाव से दहशत जदा कर रखा है। जांजगीर-चाँपा जिले की वारदात इस बात को रेखांकित करती है कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर लापरवाही की इंतिहा कर रही है। पुलिस टीम को ही अपनी जान बचाकर भागने की नौबत जिस प्रदेश सरकार के शासनकाल में आजाए तो ऐसी निकम्मी सरकार को एक पल भी सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं रह जाता है। शर्मा ने कहा कि इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में साढ़े तीन महीने का समय लग जाना भी हैरतभरा है। इससे यह आशंका की पुष्टि होती है कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और इसलिए आपराधिक प्रवृत्ति के लोग सरेआम मारपीट, हमले जैसी वारदात करके लोगों में अपनी दहशतगर्दी का जंगलराज चला रहे हैं। शर्मा ने जांजगीर-चाँपा के मामले को चरमराती कानून-व्यवस्था एक नमूना बताते हुए कहा कि अमूमन पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था को इसी तरह खुली चुनौती दी जा रही है और स्मार्ट पुलिसिंग की जुमलेबाजी में मशगूल प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू इन अपराधों के इजाफे को कानून-व्यवस्था का मसला मानने को तैयार ही नहीं हैं। जिस तरह से पूरे प्रदेश में पुलिस पर लगातार हमला होने की खबरें आम हो रही है इससे अब यह मांग उठने लगी है कि पुलिस सुरक्षा कानून बनाया जाए। लगातार बढ़ते घटनाओं से पुलिस भी व्यथित है और प्रदेश की कांग्रेस सरकार की तरफ से कोई कठोर कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे साबित होता है कि कांग्रेस का हाथ अपराधियों के साथ तो नहीं है।


*मुख्य न्यायाधीश ने किया राज्य के प्रथम वर्चुअल कोर्ट का ऑनलाइन शुभारंभ*

20-Mar-2021

00 नवीन न्यायालय भवन में बने अट्ठारह कोर्ट कक्षों का किया लोकार्पण
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने राज्य के, प्रथम वर्चुअल कोर्ट और नवीन न्यायालय भवन रायपुर के चौथे व पांचवे मंजिल पर निर्मित किए गए 18 कोर्ट रूम का ऑनलाइन शुभारंभ किया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर के पोर्ट फोलियो न्यायाधीश प्रशांत कुमार मिश्र ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में कंप्यूटराइजेशन कमेटी के अध्यक्ष मनीन्द्र मोहन श्रीवास्तव मौजूद थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीआर रामचंद्र मेनन ने कहा कि वर्चुअल कोर्ट के माध्यम से ऑनलाइन कार्रवाई किए जाने से न्यायाधीशों के पास अन्य न्यायालयींन कार्यों के लिए समय की बचत होगी। यह आम पक्षकारों के लिए सुविधाजनक भी है। नवीन निर्मित कोर्ट कक्षों के माध्यम से न्यायधीशो, पक्षकारों, अधिवक्ताओं, आगंतुकों सभी के लिए सुविधा में बढ़ोतरी होगी।
मुख्य न्यायाधीश मेनन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायाधीश मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव की गरिमामय उपस्थिति में ऑनलाइन फीता काटकर शिला पट्टिका का अनावरण कर नए कोर्ट रूम का लोकार्पण किया।
प्रभारी रजिस्ट्रार कम्प्यूटराइजेशन शहाबुद्दीन कुरैशी ने वर्चुअल कोर्ट की ऑनलाइन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी, जिसमें ऑनलाइन चालान समन जारी करने से लेकर राशि जमा करने सहित सभी प्रक्रियाओं को बताया। मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि वर्चुअल कोर्ट के संबंध में व्यापक जागरूकता दी जानी चाहिए। प्रशांत कुमार मिश्रा ने वर्चुअल कोर्ट की आवश्यकता और वर्चुअल कोर्ट की महत्व के बारे में बताया और नए न्यायालय कक्षों के लोकार्पण की सभी को बधाई दी। जिला और सत्र न्यायाधीश राम कुमार तिवारी ने नवीन न्यायालय भवन में 18 नए कोर्ट कक्षो की सौगात मिलने पर सभी को बधाई ओर शुभकामनाएं दी। रायपुर के सी जे एम भूपेंद्र वासनीकर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के सचिव न्यायाधीश उमेश उपाध्याय ने किया।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ एस भारतीदासन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव, न्यायाधीशगण, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आशीष सोनी और सचिव कमलेश पांडे, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, न्यायालतीन अधिकारी कर्मचारी, अधिवक्ता गण, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।


*पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी*

18-Mar-2021

जगदलपुर (शोर सन्देश)। जगदलपुर के शहीद पार्क से सटे गढ़-कलेवा की दीवार पर आज सुबह एक युवक का शव फंदे पर झूलता मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का नाम लोकेश कुंजाम है जो ओडिशा का रहने वाला बताया जा रहा है। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस सहित डायल 122 की टीम मौके पर पहुँच कर जांच में जुट गई। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस सभी ऐंगल से जांच कर रही है। साथ ही फॉरेन्सिक एक्सपर्ट की भी मदद ली जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक करीब 2 वर्षों से चौपाटी की एक होटल में ढोसा बनाने का काम कर रहा था। कहा जा रहा है कि बीमारी होने के कारण वह कई दिनों से परेशान चल रहा था।


*राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने सुनील गावस्कर का किया अभिनंदन*

13-Mar-2021

रायपुर (शोर सन्देश) राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से शनिवार को यहां राजभवन में पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने सौजन्य भेंट की। राज्यपाल ने गावस्कर का शाल और श्रीफल से सम्मान किया। इस अवसर पर राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए खुशी की बात है कि आप जैसे महान खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ आगमन हुआ। मैं पूरे छत्तीसगढ़वासियों की तरफ से आपका अभिनंदन करती हूं। आप हमारे देश के गौरव हैं। आपने अपने खेल के माध्यम से देश के प्रति अतुलनीय योगदान दिया है। 


*मुख्यमंत्री पहुंचे बठेना, परिवार के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि के दिये निर्देश*

11-Mar-2021

दुर्ग (शोर सन्देश)  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज ग्राम बठेना पहुंचे और उन्होंने गायकवाड़ परिवार के परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घटना में मृत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने परिवार जनों को 5 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को घटना की सघन जांच के निर्देश भी दिए। घटनास्थल पर आईजी विवेकानंद सिन्हा, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, एसपी प्रशांत ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 


*मुखबिर के शक में नक्सलियों ने की ग्रामीण की हत्या*

10-Mar-2021

धमतरी (शोर सन्देश)। नगरी-सिहावा के वनांचल गांवों में लाल आतंक बढ़ता जा रहा है। नक्सलियों ने फिर एक ग्रमीण की जान ली है। मुखबिरी के शक में नक्‍सलियों ने नगरी ब्लॉक के गादुलबाहरा ग्राम के एक ग्रामीण की हत्‍या कर दी है। बीते लगभाग 4 माह में नक्सलियों द्वारा मुखबिरी के शक के आधार पर 4 युवकों की जान ली जा चुकी है। मिल जानकारी के अनुसार 9-10 मार्च की रात कुछ नक्सली ग्राम गादुलबाहरा पहुंचे थे, जहाँ एक ग्रामीण को मुखबिरी के शक के आधार पर सीतानदी दलम के नक्सलियों ने बस्ती के आंगनबाड़ी के सामने बीते रात लगभग 12:00 बजे गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतक का नाम प्रहलाद मरकाम बताया जा रहा है,जोकि अपने पिता के स्वर्गवास हों जाने के कारण गांव आया था। एएसपी मनीषा ठाकुर ने बताया कि खल्लारी थान क्षेत्र के ग्राम गादुलबाहरा में एक युवक को जान से मार दिया गया है। मौके पर पुलिस पहुँच गई और आसपास सर्चिंग की जा रही है। फ़िलहाल पुलिस के द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
00 100 से ज्यादा नक्सली मौजूद
गोपनीय सूत्र ने बताया कि सिहावा नगरी के क्षेत्र के आसपास लगभग 100 से भी ज्यादा नक्सलियों की होने की बात सामने आई है। गोबरा,गोरागांव, पंडरीपानी, चंदनबाहरा, उजरावन,पेण्ड्रावन क्षेत्रों में नक्सली एक्टिव है। वही गरियाबंद से लगे हुए सीमा के पास गांव में अस्थाई कैंप लगाकर रह रहे हैं।


*26.30 लाख के हीरा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार*

10-Mar-2021

महासमुंद (शोर सन्देश)। साइबर सेल और बागबाहरा पुलिस की टीम ने 26.30 लाख कीमती 477 नग हीरा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बहुमूल्य रत्न को महासमुंद, कोमाखान व बागबाहरा में खपाने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 41(14) जौ.फ., 379 भादवि के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि सूचना मिल रही थी कि दीगर राज्यों व गरियाबंद जिले के बेहराडीह, पालयीखंड क्षेत्रों से बहुमूल्य रत्न हीरा लाकर महासमुंद, कोमाखान, बागबाहरा में खपाया जा रहा है। 9 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी ओडिशा से ग्राम रेवा घाट से होकर दो व्यक्ति हीरा लेकर मोटरसाइकिल से आने वाले हैं। जिस पर साइबर सेल और बागबाहरा पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। संयुक्त टीम ने बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम रेवा दुर्गा मंदिर के पास पहुंचे मोटर साइकिल में सवार दो संदग्धि व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की तो एक ने अपना नाम-पता फकीर मेहेर पिता चांदो मेहेर (46)निवासी भालूमुड़ा थाना बंगोमुड़ा जिला बलांगीर और दूसरे ने दिब्यरंजन बेहरा पिता स्व. भ्रमर बेहरा (30) खरियाररोड वार्ड 1 हाईस्कूल नुवापड़ा का रहने वाला बताया। जब उक्त व्यक्तियों की तलाशी ली गई तो दोनों की पेंट से पॉलीथिन में रखे सफेद रंग के कागज में लिपटा बहुमूल्य रत्न हीरा मिला।
00 सबसे बड़े आकार के हीरा की कीमत 20 लाख रुपए:-
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली गई तो उनके पास से कुल 477 नग छोटे-बड़े आकार का कुल 219.4 कैरेट हीरा कीमती 26.50 लाख रुपए बरामद की गई। आरोपियों के पास से उक्त रत्न के कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए। श्री ठाकुर ने बताया कि आरोपियों ने बताया कि वे बेहराडीह, पायलीखंड क्षेत्रों से बहुमूल्य हीरा लाकर महासमुंद जिले में बेचते हैं। इससे पूर्व भी वे तस्करी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि उक्त रत्न में सबसे बड़े आकार के हीरे का कुल वजन 06.20 ग्राम है जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपए है। तीन नग मध्यम टुकड़ा वजनी 01.53 कीमत करीब 90 हजार रुपए और 473 नग छोटे टुकड़े वजन 36.15 कीमत 5.50 लाख रुपए है। आरोपियों के पास हीरा सहित एक पल्सर मोटर साइकिल कीमत 80 हजार, दो नग मोबाइल कीमत 20 हजार रुपए और 1760 रुपए नगदी बरामद किया गया है।
00 इस कार्रवाई में ये रहे शामिल:-
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेंभुरकर साहू और अनु. अधिकारी पुलिस बागबाहरा लितेश सिंह, साइबर सेल प्रभारी उप. निरीक्षक संजय सिंह राजपूत, थाना प्रभारी बागबाहरा स्वराज त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक श्रवण कुमार दास, मिनेश ध्रुव, प्रकाश नंद, राजेश मिश्रा, संदीप भोई, हेमंत नायक, रवि यादव, शुभम पाण्डेय, छत्रपाल सिन्हा, चम्पलेश ठाकुर, कामता आवड़े, विरेंद नेताम, दिनेश साहू, एकलव्य बैस, शंकर सिंह, विरेंद्र तिवारी उक्त कार्रवाई में शामिल थे।




kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account