ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

ई-स्पोर्ट्स को बढ़ावा, लेकिन मनी गेम्स पर सख्त रोक : प्रधानमंत्री मोदी

05-Sep-2025
नई दिल्ली।  शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए ऑनलाइन गेमिंग को नियंत्रित करने वाला नया कानून बिना किसी दबाव के लागू किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गेमिंग बुरा नहीं है, लेकिन जुआ युवाओं और परिवारों को बर्बाद कर रहा था। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के साथ संवाद में कहा कि 'ऑनलाइन गेमिंग प्रचार और विनियमन अधिनियम, 2025’ छात्रों और परिवारों को लत, आर्थिक शोषण और हिंसक सामग्री से बचाने के लिए लाया गया है। इस कानून के तहत सभी तरह के ऑनलाइन मनी गेम्स पर रोक रहेगी, जबकि ई-स्पोर्ट्स और सकारात्मक ऑनलाइन गेम्स को प्रोत्साहित किया जाएगा।








 

ट्रंप का आरोप – चीन, रूस और उत्तर कोरिया रच रहे हैं अमेरिका के खिलाफ साजिश

03-Sep-2025
बीजिंग ।  शोर संदेश चीन ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करने के लिए बीजिंग के थियानमेन चौक पर एक भव्य समारोह आयोजित किया, जिसमें रूस और उत्तर कोरिया के नेताओं को आमंत्रित किया गया। इस आयोजन ने वैश्विक स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है, विशेष रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तीखी प्रतिक्रिया के कारण। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में चीन, रूस और उत्तर कोरिया पर अमेरिका के खिलाफ साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट में लिखा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को यह याद रखना चाहिए कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका ने चीन को विदेशी आक्रमण से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की थी। उन्होंने कहा कि इस युद्ध में कई अमेरिकी सैनिकों ने अपनी जान गंवाई, और उनके बलिदान को चीन को सम्मान देना चाहिए।
ट्रंप ने यह भी उम्मीद जताई कि यह समारोह शी जिनपिंग और चीनी जनता के लिए गौरवपूर्ण होगा। साथ ही, उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन को अपनी शुभकामनाएं दीं, लेकिन इसे व्यंग्यात्मक रूप से पेश करते हुए कहा कि ये तीनों देश मिलकर अमेरिका के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। यह आयोजन चीन की सैन्य शक्ति और क्षेत्रीय प्रभाव को प्रदर्शित करने का एक प्रयास माना जा रहा है।
थियानमेन चौक पर आयोजित इस समारोह में आधुनिक हथियारों, मिसाइलों और सैन्य टुकड़ियों का प्रदर्शन किया गया। रूस और उत्तर कोरिया की मौजूदगी ने इस आयोजन को और भी चर्चा का विषय बना दिया। वहीं, ट्रंप की टिप्पणी ने वैश्विक कूटनीति में तनाव को बढ़ाने का काम किया है।
विश्लेषकों का मानना है कि यह आयोजन न केवल सैन्य शक्ति का प्रदर्शन है, बल्कि यह तीनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग का भी संकेत हो सकता है। इस बीच, अमेरिका ने इस आयोजन पर कड़ी नजर रखने की बात कही है।
 

ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ के वीर जवानों को गृहमंत्री अमित शाह ने किया सम्मानित

03-Sep-2025
नई दिल्ली।  शोर संदेश केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर संचालित ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और कोबरा बटालियन के वीर जवानों से भेंट की और उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे।
अमित शाह ने कहा कि यह अभियान नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने जवानों के साहस और पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों—भीषण गर्मी, ऊँचाई और हर कदम पर IED के खतरे के बावजूद, जवानों ने बुलंद हौसले से अभियान को सफल बनाकर नक्सलियों का बेस कैंप, मैटीरियल डंप और सप्लाई चेन पूरी तरह नष्ट कर दी।
गृह मंत्री ने कहा कि जब तक सभी नक्सली या तो आत्मसमर्पण न कर दें, पकड़े न जाएँ या समाप्त न हो जाएँ, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। मोदी सरकार का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने वर्षों तक देश के पिछड़े इलाकों में विकास कार्यों को बाधित किया, स्कूल और अस्पताल बंद कराए और योजनाओं को आमजन तक नहीं पहुँचने दिया। लेकिन अब नक्सलविरोधी अभियानों के कारण पशुपतिनाथ से लेकर तिरुपति तक के क्षेत्र में साढ़े 6 करोड़ लोगों के जीवन में नया सूर्योदय हुआ है।
अमित शाह ने आश्वासन दिया कि जिन जवानों ने इन अभियानों में गंभीर शारीरिक क्षति उठाई है, उनके जीवन को सुचारू रूप से चलाने के लिए मोदी सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने अंत में कहा कि सभी सुरक्षा बलों का शौर्य और पराक्रम न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
 

भारत का पहला स्वदेशी ‘विक्रम-32’ प्रोसेसर चिप लॉन्च, पीएम मोदी को समर्पित

02-Sep-2025
नई दिल्ली।  शोर संदेश भारत ने सेमीकंडक्टर आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए अपना पहला स्वदेशी विक्रम-32 बिट प्रोसेसर चिप पेश किया। इसे सेमीकॉन इंडिया 2025 सम्मेलन में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट किया।
यह चिप भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की सेमीकंडक्टर प्रयोगशाला (SCL) द्वारा विकसित की गई है। यह भारत का पहला पूर्णत: स्वदेशी 32-बिट माइक्रोप्रोसेसर है, जिसे विशेष रूप से स्पेस लॉन्च व्हीकल्स की कठोर परिस्थितियों को ध्यान में रखकर डिजाइन और क्वालिफाई किया गया है।
‘विक्रम 3201’ डिवाइस की पहली खेप का परीक्षण PSLV-C60 मिशन में किया गया था, जिसमें इसकी विश्वसनीयता पूरी तरह सिद्ध हुई। इस उपलब्धि ने भविष्य की अंतरिक्ष मिशनों के लिए भारत की तकनीकी क्षमता को और मजबूत किया है।
विक्रम-32 चिप 32-बिट डिजाइन पर आधारित है, जो एक साथ 32 बिट डेटा प्रोसेस कर सकती है।
यह जटिल गणनाएँ और बड़े स्तर की मेमोरी हैंडल कर सकती है।
इसे अंतरिक्ष उड़ानों में पाए जाने वाले अत्यधिक तापमान और कठिन परिस्थितियों को सहन करने के लिए तैयार किया गया है।
इसकी मजबूती और बहुउपयोगिता इसे न केवल अंतरिक्ष मिशनों बल्कि रक्षा, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल और ऊर्जा क्षेत्र में भी अहम बनाएगी।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश में वर्तमान में पाँच नए सेमीकंडक्टर यूनिट्स का निर्माण कार्य जारी है, वहीं 10 बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें लगभग 1.60 लाख करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है।
इसके साथ ही 23 से अधिक डिज़ाइन स्टार्टअप्स को Design Linked Incentive Scheme के तहत सहयोग दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी को यह पहला “Made-in-India” चिप समर्पित करना भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। यह उपलब्धि दिखाती है कि केवल साढ़े तीन वर्षों में भारत एक बड़े उपभोक्ता से उभरकर एडवांस चिप निर्माता बन गया है।
सेमीकॉन इंडिया 2025 का यह तीन दिवसीय सम्मेलन भारत में एक मजबूत, लचीला और टिकाऊ सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने पर केंद्रित है।













 

7 साल बाद एक मंच पर मिले मोदी और शी जिनपिंग

31-Aug-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 साल बाद एक मंच पर मिले। दोनों के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई। द्विपक्षीय वार्ता में कैलाश मानसरोवर यात्रा, सीमा समझौते और दोनों देशों के बेहतर होते रिश्ते पर बातचीत हुई। दोनों देशों के व्यावसायिक संबंधों को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। इस दौरान जिनपिंग ने कहा कि पीएम मोदी से मिलकर खुशी हुई।

जिनपिंग ने कहा कि दोनों देशों के लिए यह सही है कि ऐसे साझेदार बनें जो एक-दूसरे की सफलता में सहायक हों। ड्रैगन और हाथी एक साथ आएं। चीन और भारत दो प्राचीन सभ्यताएं हैं। हम विश्व के दो सबसे अधिक आबादी वाले देश हैं। हम ग्लोबल साउथ के भी अहम सदस्य हैं। हम दोनों अपने लोगों की भलाई के लिए जरूरी सुधार लाने और मानव समाज की प्रगति को बढ़ावा देने की ऐतिहासिक जिम्मेदारी निभाते हैं।

इससे पहले पीएम मोदी ने गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताते हुए कहा, मैं आपका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। पिछले वर्ष कजान में हमारी बहुत ही सार्थक चर्चा हुई थी। हमारे संबंधों को एक सकारात्मक दिशा मिली। सीमा पर सैनिकों की वापसी के बाद, शांति और स्थिरता का माहौल बना हुआ है। सीमा मुद्दे पर हमारे विशेष प्रतिनिधियों ने समझौता किया है। कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू हुई है। दोनों देशों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट भी फिर से शुरू की जा रही है।

वहीं, पीएम मोदी ने ये भी कहा कि हमारे सहयोग से दोनों देशों के 2.8 बिलियन लोगों के हित जुड़े हुए हैं। इससे पूरी मानवता के कल्याण का मार्ग भी प्रशस्त होगा। परस्पर विश्वास, सम्मान और संवेदनशीलता के आधार पर हम अपने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

डाक विभाग ने अमेरिका के लिए सभी डाक सेवाएं निलंबित कीं

31-Aug-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। डाक विभाग ने संयुक्त राज्य अमेरिका को 100 डॉलर तक मूल्य के सभी प्रकार के डाक सामान, जिनमें पत्र, दस्तावेज और उपहार शामिल हैं, भेजने पर रोक लगा दी है। अपनी पूर्व अधिसूचना में डाक विभाग ने 100 डॉलर तक के मूल्य वाले पत्रों, दस्तावेजों और गिफ्ट को छोड़कर सभी प्रकार की डाक वस्तुओं की बुकिंग को अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्णय लिया था।

विभाग ने कहा, अमेरिका जाने वाले डाक के परिवहन में वाहकों की असमर्थता और अनिर्धारित नियामक तंत्र को देखते हुए सक्षम प्राधिकारी ने अमेरिका जाने वाले सभी प्रकार के डाक को पूरी तरह से निलंबित करने का निर्णय लिया है, जिसमें 100 डॉलर तक के मूल्य के पत्र/दस्तावेज और उपहार भी शामिल हैं। डाक विभाग ने अमेरिकी प्रशासन की ओर से 30 जुलाई को जारी किए गए कार्यकारी आदेश पर ध्यान दिया है। इस आदेश के तहत, 29 अगस्त, 2025 से 800 डॉलर तक के सामान पर मिलने वाली 'शुल्क-मुक्त न्यूनतम छूट' छूट को खत्म कर दिया गया है।

इसका मतलब है कि अब अमेरिका जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय डाक पर, चाहे उसकी कीमत कुछ भी हो, उस पर कस्टम ड्यूटी लगेगी। यह शुल्क 'इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर एक्ट'  के तहत लिया जाएगा। भारत से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म या सीधे उपभोक्ताओं को भेजे जाने वाले मुख्य उत्पादों में कपड़े, छोटे आकार के कालीन, रत्न और आभूषण, वेलनेस उत्पाद, हस्तशिल्प, इलेक्ट्रॉनिक्स और जूते शामिल हैं।

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (एफआईआरओ) के महानिदेशक अजय सहाय ने कहा, डी मिनिमिस छूट के खत्म होने के कारण मुझे लगभग एक महीने तक कारोबार में दिक्कत की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ई-कॉमर्स कंपनियां लागत की समीक्षा कर रही हैं और इस बात का अध्ययन कर रही हैं कि अमेरिकी उपभोक्ता कितनी अतिरिक्त लागत वहन कर सकते हैं।

अमेरिकी नियम के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय डाक नेटवर्क के माध्यम से सामान भेजने वाली परिवहन कंपनियों या अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (सीबीपी) द्वारा मंजूर "योग्य पक्षों" को डाक खेप पर शुल्क (टैक्स) इकट्ठा करके जमा करना होगा। सीबीपी ने 15 अगस्त 2025 को कुछ दिशानिर्देश जारी किए, लेकिन "योग्य पक्षों" को चुनने और शुल्क इकट्ठा करने व जमा करने की प्रक्रियाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदु अभी स्पष्ट नहीं हैं।

इसी वजह से अमेरिका जाने वाली हवाई परिवहन कंपनियों ने 25 अगस्त 2025 के बाद डाक स्वीकार करने में असमर्थता जताई है, क्योंकि उनके पास इसके लिए तकनीकी और परिचालन तैयारी नहीं है।
 

ट्रंप के टैरिफ बम से निपटने मोदी सरकार लाएगी कोविड स्टाइल राहत पैकेज

31-Aug-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लागू करने के फैसले से भारतीय निर्यातकों और लाखों कामगारों पर संकट मंडरा सकता है। इस कदम से न केवल निर्यात महंगा होगा बल्कि नौकरियों पर भी खतरा पैदा हो सकता है।
हालांकि, केंद्र सरकार ने इससे निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, मोदी सरकार कोविड लॉकडाउन के दौरान लागू की गई योजनाओं की तर्ज पर राहत पैकेज लाने पर विचार कर रही है।
नकदी संकट दूर करने पर जोर
दो वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सरकार सबसे पहले उद्योगों की नकदी की समस्या का समाधान करना चाहती है। टैरिफ के चलते निर्यातकों को भुगतान में देरी, ऑर्डर रद्द होने और माल की सप्लाई में अड़चनों जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
इमरजेंसी क्रेडिट लाइन जैसे कदम
अधिकारियों के मुताबिक, इमरजेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम (ECLGS) जैसी योजनाओं को फिर से लागू किया जा सकता है। इस स्कीम के तहत बिना जमानत के 100% गारंटी वाले लोन दिए जाएंगे। कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान इसी योजना ने लाखों छोटे और मध्यम उद्योगों को दिवालिया होने से बचाया था।
टैक्स और जीएसटी में राहत संभव
सूत्रों के अनुसार, सरकार टैक्स सुधारों पर भी विचार कर रही है। आगामी जीएसटी काउंसिल की बैठक में टैक्स घटाने और जीएसटी रिफंड तेज करने जैसे फैसले हो सकते हैं।
निर्यात का योगदान सीमित
अधिकारियों का कहना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था पर बाहरी झटके का असर सीमित रहेगा। वर्तमान में भारत की जीडीपी 4.12 ट्रिलियन डॉलर है और निर्यात का योगदान केवल 10% (लगभग 438 मिलियन डॉलर) है। यही वजह है कि जून तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर 7.8% बनी रही।
नए मार्केट की तलाश
सरकार अमेरिकी बाजार पर निर्भरता घटाने और नए वैश्विक मार्केट्स खोजने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके साथ ही मौजूदा व्यापार समझौतों को मजबूत करने और वैश्विक सप्लाई चेन में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाने की रणनीति बनाई जा रही है।

भारत-जापान मिलकर चांद के दक्षिणी ध्रुव की करेंगे स्टडी

30-Aug-2025
टोक्यो (शोर संदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को 2 दिन के जापान दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने टोक्यो में आयोजित 15वें भारत-जापान वार्षिक समिट में हिस्सा लिया, जहाँ उन्होंने जापानी प्रधानमंत्री इशिबा के साथ कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। सबसे बड़ी घोषणा चंद्रयान-5 मिशन से जुड़ी है। भारत और जापान की अंतरिक्ष एजेंसियां — ISRO और JAXA — मिलकर इस मिशन को अंजाम देंगी। इस संयुक्त मिशन के तहत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव का अध्ययन किया जाएगा। जापान के रॉकेट से लॉन्च होने वाले इस मिशन को दोनों देशों की साझा तकनीकी और वैज्ञानिक विशेषज्ञता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
समिट में जापानी प्रधानमंत्री इशिबा ने अगले 10 सालों में भारत में 10 ट्रिलियन येन (करीब 6 लाख करोड़ रुपये) निवेश करने की योजना का ऐलान किया। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने इशिबा को अगले भारत-जापान समिट के लिए भारत आने का न्योता दिया। प्रधानमंत्री मोदी का यह 8वां जापान दौरा है। टोक्यो में उनके स्वागत के लिए स्थानीय कलाकारों ने गायत्री मंत्र और राजस्थानी भजन प्रस्तुत किए। इस दौरान उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की।
समिट के दौरान दोनों देशों ने रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर सोशल मीडिया पर लिखा कि उनका यह दौरा भारत और जापान के बीच खास रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने का अवसर है। प्रधानमंत्री मोदी जापान दौरे के बाद 31 अगस्त को चीन के लिए रवाना होंगे।

भारत जल्द बनेगा दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था : पीएम मोदी

29-Aug-2025
टोक्यो।  शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण आर्थिक मंच की बैठक में देश की राजनीतिक-आर्थिक स्थिरता और तेज विकास का हवाला देते हुए मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, ग्रीन एनर्जी और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में जापान के साथ साझेदारी की वकालत की।
इंडिया-जापान इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया न केवल भारत पर नजर रख रही है, बल्कि देश पर भरोसा भी कर रही है, क्योंकि भारत जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत में पूंजी केवल बढ़ती नहीं है, बल्कि इसमें कई गुना तेजी से वृद्धि होती है। उन्होंने आगे कहा, आप सभी पिछले 11 वर्षों में भारत में हुए विकास और परिवर्तन से अवगत हैं। भारत में राजनीतिक-आर्थिक स्थिरता, नीतियों में पारदर्शिता और पूर्वानुमानशीलता है। आज, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और बहुत जल्द, यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार सुबह टोक्यो पहुंचे और 15वें इंडिया-जापान एनुअल समिट में भाग लेने के लिए अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने जापान में भारतीय समुदाय की सांस्कृतिक जड़ों को संरक्षित करने और जापानी समाज में सार्थक योगदान देने की प्रतिबद्धता की सराहना की।
 

 


वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड, 30 श्रद्धालुओं की मौत

27-Aug-2025
जम्मू-कश्मीर । शोर संदेश ) जम्मू-कश्मीर में पिछले 2 दिन से कुदरत का कहर टूटा है और परेशानी की बात ये है कि मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक भारी बारिश और बादल फटने की चेतावनी दी है। साथ ही जम्मू डिवीजन के सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। मंगलवार को माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए लैंडस्लाइड में 30 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। दूसरी ओर उत्तरी रेलवे ने जम्मू की ओर जाने वाली 22 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है जबकि 27 ट्रेनों को रोक दिया गया है। वहीं, जम्मू डिविजन में आज स्कूल और सरकारी ऑफिस बंद रहेंगे। इस डिविजन में बहने वाली तीन नदियां खतरे के पर बह रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 40 घंटों में जम्मू संभाग में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। बसंतर, तवी और चिनाब नदियों का जल स्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है। लोगों को नदी के किनारों और बाढ़ संभावित इलाकों से दूर रहने की सख्त सलाह दी गई है।
जम्मू शहर और उसके आसपास भी बाढ़ और बारिश की वजह से तबाही हुई है। जम्मू में विक्रम चौक को तवी ब्रिज से जोड़ने वाली सड़क भी बह गई है। इसके बाद इस तरफ गाड़ियों की आवाजाही बंद कर दी गई है। सैकड़ों लोगों को नदी के किनारे से सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। जम्मू और सांबा जिले में निचले इलाकों में रह रहे लोगों को हटाने के लिए लगातार प्रशासन लगा हुआ है। सेना के साथ साथ NDRF, SDRF और स्थानीय प्रशासन ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया है।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account