ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

हो जाएं सावधान! इन दो राज्यों में अगले सात दिनों तक होगी भारी से बहुत भारी बारिश

10-Aug-2025

 

नई दिल्ली। देशभर में इन दिनों भारी बारिश हो रही है। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों में बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। इस बीच, मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले सात दिनों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसमें से उत्तराखंड में 13 अगस्त को बहुत ही ज्यादा बरसात होगी। इसके अलावा, पूर्वी मध्य भारत में 12 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने वाली है। मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में 12-16 अगस्त के बीच भारी से बहुत भारी बरसात होगी।

उत्तर पश्चिम भारत की बात करें तो जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में 10 और 16 अगस्त, हिमाचल प्रदेश में 10, 15 और 16 अगस्त, पंजाब में 10, 11, 14 और 15 अगस्त, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में 10, 11 और 13-15 अगस्त के बीच भारी बरसात होने वाली है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां 10 और 16 अगस्त को भारी बरसात होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12 और 15 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी राजस्थान में 15 और 16 अगस्त को बहुत भारी बरसात होगी।

पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश में 10, 11 और 13 अगस्त, असम, मेघालय में 10, 11 और 14 अगस्त, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10, 13 और 14 अगस्त को भारी बरसात होने वाली है। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु, रायलसीमा में 10 अगस्त, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 14-16 अगस्त, साउथ इंटीरियर कर्नाटक में 15 और 16 अगस्त के बीच भारी बारिश होने वाली है। पूर्वी और मध्य भारत की बात करें तो पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10, 14 और 16 अगस्त, पूर्वी मध्य प्रदेश में 10-16 अगस्त, विदर्भ में 12, 15 और 16 अगस्त, छत्तीसगढ़ में 12 अगस्त, अंडमान और निकोबार में 11 अगस्त, बिहार में 10-13 अगस्त, ओडिशा में 15 और 16 अगस्त को भारी बारिश होने वाली है।
 

राजनाथ सिंह बोले- कुछ लोगों को भारत का विकास रास नहीं आ रहा

10-Aug-2025


नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत पर अमेरिका के लगाए गए टैरिफ़ की ओर इशारा करते हुए टिप्पणी की है.
राजनाथ सिंह ने कहा, "कुछ लोग हैं, जिन्हें तेज़ी के साथ हो रहा भारत का विकास रास नहीं आ रहा है. उन्हें अच्छा नहीं लग रहा है."
उन्होंने कहा, "उन्हें लगता है सबके बॉस तो हम हैं, भारत कैसे इतनी तेज़ी के साथ बढ़ रहा है."
रक्षा मंत्री मध्य प्रदेश के रायसेन में एक फैक्ट्री के भूमिपूजन समारोह में शिरकत कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने इशारों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर लगाए गए टैरिफ़ को लेकर टिप्पणी की.
रक्षा मंत्री ने कहा है, "बहुतों के द्वारा यह कोशिश की जा रही है कि कुछ ऐसा किया जाए ताकि भारत में भारतवासियों के हाथों जो चीज़ें तैयार हो रही हैं, वो दुनिया के देशों में जाएं तो उन देशों में बनने वाली चीज़ों से महंगी हो जाएं. भारत के लोगों के हाथों से बनी चीज़ें जब महंगी हो जाएंगी तो दुनिया के लोग उसे नहीं खरीदेंगे, यह कोशिश की जा रही है.”
राजनाथ सिंह ने कहा है, "लेकिन भारत जितनी तेज़ी के साथ आगे बढ़ रहा है, मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि अब भारत को दुनिया की कोई ताकत विश्व की एक बड़ी शक्ति बनने रोक नहीं सकती है."

कुलगाम मुठभेड़ में दो जवान बलिदान, एक आतंकी ढेर

09-Aug-2025
जम्मू-कश्मीर। कुलगाम के अखल इलाके में आतंकियों और जवानों के बीच नौवें दिन मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ में दो जवान बलिदान हो गए। जबकि दो अन्य जवान घायल हैं। घायलों को 92 बेस अस्पताल ले जाया गया है। चिनार कोर ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, अखल में रात भर धमाके और गोलीबारी होती रही। इस दौरान सेना के दो जवान बलिदान हो गए, जबकि गोलीबारी में दो अन्य जवान घायल भी हुए हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह बलिदान हुए हैं। एक आतंकवादी के भी मारे जाने की खबर है। 

 


प्रधानमंत्री ने भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की

09-Aug-2025

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी के प्रेरक नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले सभी बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन के सेनानियों के साहस ने देशभक्ति की ऐसी भावना को जागृत किया जिसने भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई में असंख्य लोगों को एकजुट किया।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया:
"हम बापू के प्रेरक नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले सभी वीरों को गहरी कृतज्ञता के साथ याद करते हैं। उनके साहस ने देशभक्ति की एक ऐसी चिंगारी प्रज्वलित की जिसने असंख्य लोगों को स्वतंत्रता संग्राम में एकजुट किया।"
 

मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से की बात : दोनों नेताओं ने भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी और प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई

09-Aug-2025

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रूसी संघ के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर परस्‍पर बातचीत की। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन से संबंधित नवीनतम घटनाक्रमों से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को उनके विस्तृत आकलन के लिए धन्यवाद देते हुए, संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के दृढ़ रुख को दोहराया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की और भारत-रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति श्री पुतिन को इस वर्ष के अंत में होने वाले 23वें भारत-रूस वार्षिक शीर्ष सम्‍मेलन के लिए आमंत्रित किया।

किसानों के हित से समझौता नहीं करेंगे, चाहे कीमत चुकानी पड़े" – पीएम मोदी का दो टूक संदेश

07-Aug-2025
नई दिल्ली शोर संदेश   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को साफ कहा कि भारत अपने किसानों, मछुआरों और डेयरी किसानों के हितों की रक्षा से कभी समझौता नहीं करेगा —even if it comes at a personal cost. यह बयान उन्होंने प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन की जन्म शताब्दी पर आयोजित वैश्विक सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में दिया।
"किसानों का हित सर्वोपरि"
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे लिए किसानों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारत अपने किसानों, पशुपालकों और मछुआरे भाई-बहनों के हितों के साथ कभी भी समझौता नहीं करेगा। मैं जानता हूं कि व्यक्तिगत रूप से मुझे बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है, लेकिन मैं इसके लिए तैयार हूं।
इस मौके पर पीएम मोदी ने स्वामीनाथन के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारतीय कृषि व्यवस्था को बेहतर बनाने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है।
अमेरिका से टैरिफ टकराव के बीच बड़ा बयान
पीएम का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ने भारत पर दो चरणों में कुल 50% तक का आयात शुल्क लगा दिया है। भारत ने इस कदम को अनुचित बताते हुए विरोध जताया है और कहा है कि इससे देश के किसानों को नुकसान होगा।
बढ़ते व्यापारिक तनाव के बीच पीएम मोदी का यह बयान भारत की नीति को स्पष्ट करता है—किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की कीमत पर कोई वैश्विक समझौता नहीं किया जाएगा।
वैश्विक मंच से प्रधानमंत्री मोदी ने यह संदेश दे दिया है कि भारत अपने कृषि हितों पर विदेशी दबाव नहीं झेलेगा। अमेरिका जैसे ताकतवर देश से टकराव की कीमत चाहे जो हो, सरकार किसानों के साथ खड़ी रहेगी।

 
 

स्मृति मंधाना बनीं वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बैटर, 5 साल बाद फिर से हासिल किया शीर्ष स्थान

17-Jun-2025
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताज़ा विमेंस वनडे बैटर्स रैंकिंग में मंधाना ने पहला स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ट और इंग्लैंड की नैटली सिवर ब्रंट को पीछे छोड़ते हुए 727 रेटिंग पॉइंट्स के साथ टॉप पर कब्जा जमाया है।
मंधाना ने करीब 5 साल बाद वनडे रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। पिछली बार वे साल 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज़ के बाद नंबर-1 बनी थीं। इस बार ICC की ताज़ा रैंकिंग में उन्होंने एक स्थान की छलांग लगाई, जबकि सिवर-ब्रंट और वोल्वार्ट 719 पॉइंट्स के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
 
टीम इंडिया की स्थिति
 
टॉप-10 वनडे बैटर रैंकिंग में मंधाना के अलावा भारत की कोई अन्य खिलाड़ी शामिल नहीं है।
जेमिमा रोड्रिग्ज 15वें और कप्तान हरमनप्रीत कौर 16वें स्थान पर हैं।
टी-20 बैटर रैंकिंग में भी मंधाना ही भारत की इकलौती टॉप-10 खिलाड़ी हैं। वे चौथे स्थान पर हैं, जबकि टॉप-3 में ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी, वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज, और ऑस्ट्रेलिया की ताहलिया मैक्ग्रा हैं।
 
गेंदबाज़ और ऑलराउंडर रैंकिंग
वनडे की टॉप-10 बॉलर्स रैंकिंग में दीप्ति शर्मा चौथे स्थान पर कायम हैं।
इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टन, ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर और मेगन शट शीर्ष तीन में हैं।
भारत की रेणुका सिंह वनडे बॉलर्स में 24वें स्थान पर हैं, जबकि टी-20 रैंकिंग में वे 5वें नंबर पर हैं।
दीप्ति शर्मा टी-20 बॉलर्स में दूसरे स्थान पर हैं और ऑलराउंडर रैंकिंग में भी उनका दबदबा बरकरार है।
वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में दीप्ति चौथे स्थान पर हैं, जबकि शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर हैं।
टी-20 ऑलराउंडर रैंकिंग में वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज पहले, दीप्ति तीसरे स्थान पर हैं।

 


राष्ट्रीय शोक के बीच विदेश गए राहुल गांधी : बीजेपी का हमला

30-Dec-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के राजकीय अंतिम संस्कार को लेकर विवाद अभी भी जारी है. भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र के खिलाफ कांग्रेस के उन आरोपों को बेबुनियाद करार दिया कि अंत्येष्टि के दौरान असम्मान और कुप्रबंधन देखने को मिला. पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अस्थियां के विसर्जन के दौरान कांग्रेस नेता नदारद रहने के मुद्दे पर आज बीजेपी ने हमला बोला है. इसको लेकर बीजेपी के कई नेताओं ने कांग्रेस पर तंज कसा. बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राष्ट्रीय शोक के बीच राहुल गांधी विदेश निकल चुके हैं. बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि देश जब पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है, तब राहुल गांधी नए साल का जश्न मनाने के लिए वियतनाम गए हुए हैं. राहुल गांधी ने अपनी सुविधानुसार राजनीति के लिए डॉ. सिंह की मौत का राजनीतिकरण किया और उसका फायदा उठाया, लेकिन उनके प्रति उनकी घृणा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. गांधी परिवार और कांग्रेस सिखों से नफरत करते हैं. शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी के समय पर एलओपी का मतलब लीडर ऑफ आपोजिशन नहीं है बल्कि लीडर ऑफ पर्यटन और लीडर ऑफ पार्टी बन चुका है. एक संवैधानिक पद को इन्होंने लीडर ऑफ पर्यटन और लीडर ऑफ पार्टी बना रखा है. आज जब देश पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रीय शोक मना रहा है. देश की सरकार की ओर से 7 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई.

 


'पेपर टल जाए इसलिए...' दिल्ली में छात्रों ने ही दी थी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

22-Dec-2024
नई दिल्ली  ( शोर संदेश )  दिल्ली में पिछले दिनों कई स्कूलों में ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी दी गई थी. अब इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एक हैरान करने वाला खुलासा किया है. पुलिस ने बताया कि करीब 3 स्कूलों में ये धमकी उन्हीं स्कूलों के छात्रों के ओर से दी गई थी.
जानकारी के अनुसार, जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी उनमें से एक वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल भी था, जिसे 28 नवंबर को रोहिणी प्रशांत विहार पीवीआर मल्टीप्लेक्स में रहस्यमय विस्फोट होने के एक दिन बाद एक धमकी भरा ईमेल मिला था. पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह ईमेल स्कूल में ही पढ़ने वाले भाई-बहनों ने भेजा था क्योंकि वे चाहते थे कि परीक्षा स्थगित कर दी जाए. अधिकारी ने कहा, काउंसलिंग के दौरान, दोनों छात्रों ने खुलासा किया कि उनके मन में ये विचार स्कूलों को बम की धमकी देने की पिछली घटनाओं से मिला था. 
उनके माता-पिता को चेतावनी दिए जाने के बाद उन्हें जाने की अनुमति दी गई.
इसी तरह, एक अन्य पुलिस अधिकारी के मुताबिक, रोहिणी और पश्चिम विहार स्थित दो और स्कूलों को उनके छात्रों ने धमकी भरे ईमेल भेजे थे. इसकी भी वजह यही थी कि स्टूडेंट चाहते थे कि स्कूल बंद रहे.
बम की धमकियों के कारण पिछले 11 दिनों में दिल्ली के 100 से अधिक स्कूलों में अफरा-तफरी मच गई है. पुलिस ने पाया है कि ईमेल वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) के माध्यम से भेजे गए थे, जिससे उनके लिए अपराधियों का पता लगाना मुश्किल हो गया था.

भारत अपने फैसलों पर किसी को वीटो की इजाजत नहीं देगा...', बोले विदेश मंत्री एस. जयशंकर

22-Dec-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि भारत कभी भी दूसरों को अपनी पसंद पर वीटो करने की इजाजत नहीं देगा और राष्ट्रीय हित और वैश्विक भलाई के लिए जो कुछ भी सही होगा, उसे बिना किसी दबाव के करेगा. मुंबई में एक समारोह को वीडियो संदेश के जरिए संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि भारत की समृद्ध विरासत से दुनिया को बहुत कुछ सीखने को मिल सकता है, लेकिन यह तभी संभव है जब भारतीय अपने पर गर्व करें.
जयशंकर ने कहा कि आज दुनिया के लोग अस्वस्थ आदतों, तनावपूर्ण जीवनशैली और बार-बार होने वाली जलवायु घटनाओं से जूझ रहे हैं. ऐसे में भारत की धरोहर से बहुत कुछ सीखा जा सकता है. उन्होंने कहा कि वैश्वीकरण के इस युग में, प्रौद्योगिकी और परंपरा को एक साथ आगे बढ़ना चाहिए.इस अवसर पर विदेश मंत्री जयशंकर को 27वें एसआईईएस श्री चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती नेशनल एमिनेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा, 'स्वतंत्रता को कभी भी तटस्थता के साथ भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए. हम अपने राष्ट्रीय हित और वैश्विक भलाई के लिए सही कदम उठाने से नहीं डरेंगे. उन्होंने कहा कि भारत कभी भी दूसरों को अपनी पसंद पर वीटो करने की अनुमति नहीं दे सकता.' 
जयशंकर ने कहा कि भारत एक असाधारण राष्ट्र है, क्योंकि यह एक सभ्यता वाला देश है. उन्होंने कहा कि इसकी सांस्कृतिक ताकत को पूरी तरह से इस्तेमाल करने से ही यह वैश्विक स्तर पर प्रभाव डाल सकेगा. इसके लिए जरूरी है कि युवा पीढ़ी अपनी विरासत के मूल्य को समझे. लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसका सामाजिक स्तर पर प्रभाव होना चाहिए. विदेश मंत्री ने कहा कि हमारे पास विकास के कई रास्ते हैं लेकिन कुछ मसले हैं जिन्हें सुलझाना भी होगा.
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account