
चुनाव आयोग ने पूरी की मतगणना की तैयारी
पटना (शोर सन्देश)। बिहार में चुनाव संपन्न हो चुका है। एग्जिट पोल के नतीजे बता रहे हैं कि प्रदेश में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। एग्जिट पोल के नतीजों से महागठबंधन में खुशी की लहर दिखाई दे रही है तो एनडीए गठबंधन में मायूसी है। हालांकि ये असल नतीजे नहीं है। 10 नवंबर को स्थिति साफ हो जाएगी कि प्रदेश में किसकी सरकार बनने जा रही है। मतगणना को देखते हुए चुनाव आयोग ने सभी पुख्ता इंतजाम किए हैं। पोल पैनल के मुताबिक सभी 38 जिलों में कुल 55 काउंटिंग सेंटर्स, 414 हाउसिंग हॉल्स तैयार किए गए हैं।
चार जिलों में तीन काउंटिंग सेंटर्स बनाए गए हैं- पश्चिमी चंपारण (12 विधानसभा सीटें), गया (10 विधानसभा सीटें), सिवान (आठ विधानसभा सीटें) और बेगूसराय (सात विधानसभा सीटें), अन्य जिलों में एक या दो काउंटिंग सेंटर्स बनाए जा रहे हैं।
वहीं अगर राजधानी पटना की बात करें तो सभी 14 विधानसभा सीटों के लिए अनुग्रह नारायण (एएन) कॉलेज में काउंटिंग सेंटर बनाया गया है। बता दें, बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान की प्रक्रिया तीन चरणों में (28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर) संपन्न हो गई है।
00 कांग्रेस को सता रहा टूटने का डर
एग्जिट पोल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विदाई और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेतृत्व वाले महागठबंधन की सरकार बनने के संकेत मिल रहे हैं। एग्जिट पोल के नतीजों से उत्साहित कांग्रेस को अब अपने विधायकों के टूटने का डर सताने लगा है।
कांग्रेस अब एक्टिव मोड में आ गई है। कांग्रेस ने मतगणना के बाद विधायकों को एकजुट रखने के लिए दो वरिष्ठ नेताओं को पटना भेजा है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी महासचिव अविनाश पांडेय और रणदीप सिंह सुरजेवाला को पटना भेजा है। इन दोनों नेताओं को चुनाव नतीजों के ऐलान के बाद के हालात में प्रबंधन की जिम्मेदारी देकर भेजा गया है।
सूत्रों के मुताबिक एग्जिट पोल में सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के बीच करीबी लड़ाई का अनुमान लगाया गया है। ऐसे में विरोधी खेमे की ओर से विधायकों की खरीद-फरोख्त के प्रयास किए जा सकते हैं। इसे देखते हुए दोनों नेताओं को पटना भेजा गया है। ये दोनों नेता बिहार में रहेंगे और गठबंधन सहयोगियों के साथ समन्वय बनाए रखेंगे।

वाराणसी (शोर सन्देश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को दिवाली का तोहफा देने जा रहे हैं। मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए काशी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की लागत लगभग 614 करोड़ रुपये है। इस कार्यक्रम के दौरान मोदी इन परियोजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे। इस अवसर पर मोदी के साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
00 इन परियोजनाओं का होगा उद्घाटन
बतादें की मोदी सारनाथ लाइट एंड साउंड शो, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल रामनगर का उन्नयन, सीवरेज संबंधित कार्य, गायों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का प्रबंध, बहुउद्देशीय बीज भंडार गृह, 100 मीट्रिक टन कृषि उपज क्षमता वाले गोदाम, आईपीडीएस चरण-2, संपूर्णानंद स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिये एक आवास, वाराणसी शहर के स्मार्ट लाइटिंग कार्य, 105 आंगनवाड़ी केंद्र और 102 गौ आश्रय केंद्रों जैसी तमात परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
इसके अलावा मोदी दशाश्वमेध घाट और खिड़किया घाट का पुनर्विकास, पीएसी पुलिस बल के लिए बैरक, काशी के कुछ वार्डों का पुनर्विकास, बनिया बाग में पार्क के पुनर्विकास के साथ पार्किंग सुविधा, गिरिजा देवी संस्कृत शंकुल में बहुउद्देश्यीय हॉल के उन्नयन सहित शहर में सड़कों की मरम्मत और पर्यटन स्थलों के विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

राष्ट्रपति कोविंद व पीएम मोदी ने दी बधाई
नेल्लोर (शोर सन्देश)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने एक बार फिर इतिहास रचा। शनिवार को इसरो ने एक साथ 10 उपग्रहों को लॉन्च किया। इनमें से एक भारत का सेटेलाइट है, जिसे पीएसएलवी-सी49 के जरिए लॉन्च किया गया है।
पीएसएलवी-सी49 रॉकेट को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया। वैज्ञानिकों ने पीएसएलवी-सी49 के माध्यम से 10 उपग्रहों को कक्षा में प्रक्षेपण करने में कामयाबी हासिल की है।
भारतीय पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ईओएस-01 सहित नौ अन्य विदेशी उपग्रहों को कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित किया गया है।भारतीय उपग्रह ईओएस-01 कृषि और प्राकृतिक आपदाओं व जलवायु का अध्ययन करेगा।
सिवन बोले, दीपावली से पहले उत्सव शुरू
इसरो के प्रमुख डाक्टर के सिवन ने वैज्ञानिकों से कहा, दीपावली से पहले ही आपने रॉकेट लॉन्च कर दिया, उत्सव अब प्रारम्भ होगा . उन्होंने कहा, यहां वर्क फ्रॉम होम नहीं होने कि सम्भावना था . यह मिशन इसरो के लिए बहुत खास व असाधारण है . प्रत्येक इंजीनियर को प्रयोगशाला में मौजूद होना होता है . जब इस तरह के मिशनों के बारे में बात की जाती है, तो इसका मतलब है कि प्रत्येक तकनीशियन व कर्मचारी को एक साथ कार्य करना होता है .
कोरोना के समय हमारे वैज्ञानिकों ने बाधाओं को पार किया : पीएम मोदी
मैं पीएसएलवी-सी 49 / ईओएस-01 मिशन के पास प्रक्षेपण के लिए इसरो व हिंदुस्तान के अंतरिक्ष उद्योग को शुभकामना देता हूं . कोविड-19 के समय में हमारे वैज्ञानिकों ने समयसीमा पूरा करने के लिए कई बाधाओं को पार किया . -नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को भारत के नवीनतम भू-पर्यवेक्षण उपग्रह ईओएस-01 और ग्राहकों के नौ अन्य उपग्रहों के सफल प्रक्षेपण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई दी तथा कहा कि भारत को इसरो पर गर्व है। श्री कोविंद ने ट्वीट किया, `पर्यवेक्षण उपग्रह ईओएस-01 से कृषि, वानिकी और आपदा प्रबंधन सहायता में मजबूती मिलेगी। देश को इसरो की पूरी टीम पर गर्व है।`

शिवराज सरकार ने दिया 5 लाख का मुआवजा
भोपाल (शोर सन्देश)। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में बोरवेल के गडढे में गिरे चार साल का प्रहलाद आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया। लगभग 90 घंटे राहत और बचाव कार्य चला, मगर उसे बचाया नहीं जा सका। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने प्रहलाद के निधन पर शोक जताया है।
निवाड़ी जिले के सेतपुरा में खेत में बने बोरवेल के पास खेलते समय चार साल का प्रहलाद बुधवार की सुबह उसमें गिर गया था। वह लगभग 60 फुट की गहराई पर फंसा हुआ था। बीते तीन दिन राहत और बचाव कार्य चला। इस अभियान में सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस व होमगार्ड के जवान लगे हुए थे। लगभग 90 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद प्रहलाद को रात लगभग तीन बजे निकाला गया। उसे निवाड़ी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रहलाद के निधन पर शोक जताते हुए कहा, प्रहलाद को 90 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी बचा नहीं पाए। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, और अन्य विशेषज्ञों की टीम ने दिन-रात मेहनत की लेकिन अंत में आज सुबह तीन बजे बेटे का मृत शरीर निकाला गया। दु:ख की इस घड़ी में, मैं एवं पूरा प्रदेश प्रहलाद के परिवार के साथ खड़ा है और मासूम बेटे की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रभावित परिवार को मुआवजा देने का ऐलान करते हुए कहा कि सरकार द्वारा प्रहलाद के परिवार को पांच लाख का मुआवजा दिया जा रहा है, एवं उनके खेत में एक नया बोरवेल भी बनाया जाएगा।
ज्ञात हो कि निवाड़ी जिले के सेतपुरा गांव में हरिकिशन का चार साल का बेटा प्रहलाद बुधवार की सुबह खेत में खोदे गए दो सौ फुट गहरे बोरवेल में गिर गया था, उसके बाद से ही बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा था। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और अन्य राहत व बचाव दल ने बोरवेल के समानांतर 60 फुट से गहरा गडढा खोदा और साथ ही सुरंग बनाई। सुरंग लगभग 22 फुट लंबी बनाई गई और रविवार को तड़के उसे निकाल लिया गया।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। जो बाइडेन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति चुन लिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो बाइडेन को बधाई देते हुए ट्वीट किया है- ‘आपकी शानदार जीत के लिए शुभकामनाएं. बतौर उपराष्ट्रपति भारत-अमेरिका रिश्तों को लेकर दिया गया आपका योगदान सराहनीय रहा। मुझे एक बार फिर भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में आपके साथ काम करने में खुशी होगी।’
पीएम मोदी ने उप राष्ट्रपति बनने जा रही भारतीय मूल की कमला हैरिस को भी ट्वीट कर बधाई दी है. पीएम ने लिखा है- ‘आपकी सफलता प्रेरणा देने वाली है। यह न सिर्फ आपकी चिट्टियों (तमिल में- मौसियों) के लिए, बल्कि सभी भारतीय-अमेरिकियों के लिए गर्व का क्षण है। मुझे उम्मीद है कि भारत-अमेरिका संबंध आपके नेतृत्व और सहयोग से नई ऊंचाइयों को छुएंगे।’

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। भारत के ‘चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ’ जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को दावा किया कि पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन के साथ युद्ध की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। रावत ने कहा, “कुल मिलाकर सुरक्षा के लिहाज से सीमा पर टकराव, उल्लंघन, अकारण सामरिक सैन्य कार्रवाई- बड़े संघर्ष का संकेत है और इससे इनकार नहीं किया जा सकता।”
शुक्रवार को चुशूल में भारत और चीन के बीच चल रही सैन्य वार्ता के बीच उनका यह बयान आया है। वह दिल्ली में नेशनल डिफेंस कॉलेज द्वारा आयोजित डायमंड जुबली वेबिनार, 2020 में बोल रहे थे।
हालांकि, रावत ने यह भी कहा कि भारत का रुख स्पष्ट है और वह वास्तविक नियंत्रण रेखा में किसी भी बदलाव को स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, “चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) को लद्दाख में अपने दुस्साहस के लिए अनिश्चित परिणाम का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि भारतीय बलों ने उनके हर कदम का करारा जवाब दिया है।”
सुबह 9.30 बजे से दोनों देशों के बीच आठवें दौर की सैन्य स्तर की वार्ता चल रही है। भारत और चीन के बीच सात महीनों से एलएसी पर गतिरोध जारी है। कई वार्ताओं के बावजूद अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
इसके अलावा, रक्षा सहयोग के बारे में बोलते हुए, रावत ने कहा कि भारत रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण देशों के साथ आपसी विश्वास और साझेदारी बनाने में रक्षा कूटनीति का महत्व समझता है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में, भारतीय रक्षा उद्योग तेजी से बढ़ रहा है और समग्र रक्षा तैयारियों में योगदान देगा। जनरल रावत ने कहा, “उद्योग हमें पूरी तरह से भारत में निर्मित अत्याधुनिक हथियार और उपकरण उपलब्ध कराएगा।”
उन्होंने कहा कि जैसा कि भारत का दुनियाभर में कद बढ़ेगा, वैसी ही सुरक्षा चुनौतियां भी उसके लिए बढ़ेंगी।

रायपुर (शोर सन्देश)। वन विभाग के एक और अधिकारी को ब्लैकमैल कर 10 लाख रुपए की अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। मामले मैं अधिकारी की शिकायत के बाद पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाना मैं अपराध दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक विनोद वर्मा नाम के व्यक्ति ने स्वयं को ईओडब्ल्यू का अफसर होने की धौँस दिखाकर दल्लीराजहरा वन मंडल परिक्षेत्र अधिकारी के पद पर कार्यरत राजेश नांदुरकर से 10 लाख रुपये की वसूली कर ली। बताया जा रहा है कि आरोपी ने वन अधिकारी को फोन कर उसके खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) मैं गंभीर शिकायत है कहकर मामला सुलझाने और जेल भेजने का भय दिखाकर पांच से छह किस्तों मैं नांदुरकर से 10 लाख रुपये वसूले।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 47,638 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही इस भयंकर महामारी के कारण एक दिन में 670 लोगों की मौत हो गई है।
देश में अब कोरोना के कुल केस 84 लाख के पार चले गए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना के नए मामलों के बाद देश में कुल कोरोना वायरस के मामले 84,11,724 हो गए हैं और मौत का आंकड़ा बढ़कर 1,24,985 हो गया। देश में अब कोरोना से मरने वाले लोगों की मृत्यु दर 1.49 प्रतिशत हो गई है।
अब तक 77,65,966 लोग इस महामारी से ठीक हो चुके हैं, जिससे राष्ट्रीय रिकवरी दर 92.20 प्रतिशत तक पहुंच गई है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,20,773 सक्रिय मामले हैं, जिसके बाद कुल केसलोयड 6.31 प्रतिशत रह गया है।
आईसीएमआर के अनुसार, 5 नवंबर तक कुल 11,42,08,384 नमूनों का परीक्षण किया गया है और गुरुवार को 12,09,425 लोगों के नमूनों का परीक्षण किया गया है।

न्यायिक हिरासत में मरने वाले कार्यकर्ता के परिवार से की मुलाकात
नई दिल्ली (शोर सन्देश)। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह दो दिवसीय दौरे के लिए बुधवार रात कोलकाता पहुंच गए हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अमित शाह पश्चिम बंगाल में 2021 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के सांगठनिक कार्यों का जायजा लेने पहुंचे हैं। शाह के साथ यहां भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय मौजूद थे।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने `अमित शाह जिंदाबाद और भारत माता की जय` के नारे लगाए। शाह ने इससे पहले बंगाली में एक ट्वीट में कहा था, `मैं दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल आ रहा हूं। यहां मैं भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई, राज्य के लोगों, मीडिया के मित्रों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से मिलने को लेकर आशान्वित हूं।` कोरोना वायरस महामारी के बाद से शाह की राज्य में पहली यात्रा है। वह इससे पहले एक मार्च को यहां आए थे।
00 मदन घोराई के परिवार से की मुलाकात
बता दें कि अपने दौरे के दौरान अमित शाह ने पिछले महीने न्यायिक हिरासत में मरनेवाले वाले भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से बुधवार रात मुलाकात की। पूर्व मेदिनीपुर जिले के पताशपुर में मदन घोराई को अपहरण के मामले में 26 सितंबर को हिरासत में लिया गया था और 13 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ शाह ने घोराई के परिवार से कोलकाता हवाई अड्डे पर मुलाकात की।
00 मुलाकात के बाद किया ट्वीट
भाजपा ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने शिकायत की है कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं और दूसरी बार घोराई के पोस्टमार्टम की मांग करने के बाद राज्य सरकार परिवार के प्रति उदासीनता बरत रही है। शाह ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात के बाद ट्वीट किया, `शहीद बूथ उपाध्यक्ष मदन घोराई के परिवार से कोलकाता में मुलाकात की। मैं इस बहादुर परिवार के सामने नतमस्तक हूं। पश्चिम बंगाल में दमन और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले कार्यकर्ताओं की भाजपा हमेशा ऋणी रहेगी।`
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने बुधवार को बताया था कि अपनी यात्रा के दौरान अमित शाह जनजातीय और शरणार्थी परिवारों के साथ दोपहर का भेजन करेंगे। शाह के दौरे की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा था कि वह अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान बांकुड़ा और कोलकाता में बूथ स्तरीय भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर प्रभावी और सामाजिक नेताओं के साथ बैठकें करेंगे।
00 2021 विधानसभा चुनाव के लिए अहम है बैठक
पांच नवंबर को अपनी यात्रा के पहले दिन शाह बांकुड़ा में पार्टी कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न नेताओं के साथ बैठक करेंगे। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से की 70 विधानसभा सीटों के कार्यकर्ता इस बैठक में शिरकत करेंगे। शाह बांकुड़ा जिले के चतुर्धी गांव के एक दलित परिवार के यहां दोपहर का भोजन करेगे। कोविड-19 महामारी के बाद से शाह की राज्य की यह पहली यात्रा होगी। उन्होंने एक मार्च को राज्य का दौरा किया था।
पिछले साल हुए आम चुनाव में पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से 18 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की मुख्य प्रतिद्वंद्वी के तौर पर उभरी है। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया है कि वे अगले साल अप्रैल-मई में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 10 साल के शासन को समाप्त कर देंगे। अगले दिन वह कोलकाता में राज्य के नेताओं के साथ एक बैठक करेंगे। इस बैठक में 80 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों के नेता और पार्टी पदाधिकारी शिरकत करेंगे।
00 2021 अप्रैल-मई में होंगे चुनाव
शाह का यह दौरा प्रदेश भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव के बाद हो रहा है। इसके महासचिव (संगठन) सुब्रत चट्टोपाध्याय को हटा दिया गया था और उनके कनिष्ठ अमिताभ चक्रवर्ती को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उस पद पर नियुक्त किया गया था। बंगाल में विधानसभा चुनाव 2021 अप्रैल-मई में होने की संभावना है। यह भाजपा के लिए महत्त्वपूर्ण होगा क्योंकि वह राज्य की राजनीति में अपनी बढ़ती प्रमुखता को भुनाने की कोशिश करेगी, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश करेंगी।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला और ब्रिटेन की गृह मंत्री प्रीति पटेल के बीच लंदन में हुई बैठक के दैरान किंगफिशर एयरलाइन के पूर्व प्रमुख विजय माल्या को जल्द से जल्द भारत प्रत्यर्पित किए जाने पर चर्चा हुई है। ब्रिटेन से माल्या को भारत लाने संबंधी सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं।
यूरोप के तीन देशों की अंतिम दौर की यात्रा में श्रृंगला ब्रिटेन के कई मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने पटेल और दक्षिणी एशिया के लिए ब्रिटेन के कार्यालय मंत्री लॉर्ड तारिक अहमद से कई अन्य मुद्दों के साथ ही भगोड़े माल्या को भारत लाकर न्याय के कठघरे में खड़ा करने के संबंध में भी चर्चा की है।
इस सभा में हर्षवर्धन ने नीरव मोदी को भी प्रत्यर्पित किए जाने का मुद्दा इन दोनों के समक्ष उठाया है। फिलहाल माल्या और मोदी दोनों का ही इंतजार जारी है औऱ मामले की कार्यवाहीयों को उनके देश लौटते ही सख्ती से आगे बढ़ाया जाएगा।