ब्रेकिंग न्यूज

खेल

सरगुजा जिला वुडबॉल संघ के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय मंच पर जलवा, जीते सिल्वर मेडल

01-Mar-2026
रायपुर।( शोर संदेश )  भोपाल में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल प्रतियोगिता 2025-26 में सरगुजा जिला वुडबॉल संघ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया। संघ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी संदीप सिन्हा एवं साक्षी कुमारी ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मिक्स डबल इवेंट में शानदार प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। 
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि स्ट्रोक इवेंट मिक्स डबल इवेंट में संदीप सिन्हा और साक्षी कुमारी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर सरगुजा को गौरवान्वित किया है। विगत कई वर्षों से सरगुजा के खिलाड़ी वुडबॉल प्रतियोगिताओं में निरंतर पदक जीतते आ रहे हैं, जो संघ की नियमित प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। दोनों खिलाड़ी के.आर. टेक्निकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं।
प्रतियोगिता में प्रीतम जायसवाल, प्रियांशु कुशवाहा, दीपक, निखिल गुप्ता एवं निशांत भगत तथा महिला वर्ग में अंजिल प्रीति टोप्पो, स्नेहा जायसवाल, श्रीजल जायसवाल, मोनालिसा तिग्गा एवं उर्मिला एक्का ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करने वाले सरगुजा के राष्ट्रीय रेफरी रजत सिंह एवं आकाश दुबे को आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया।

 


भारत बधिर क्रिकेट टीम ने जीता पहला एडीसीए टी20आई एशिया कप, फाइनल में श्रीलंका को 6 विकेट से हराया

26-Feb-2026
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश ) कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में खेले गए पहले एडीसीए टी20आई एशिया कप 2026 का समापन बुधवार को हुआ, जहां भारतीय बधिर क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका की टीम को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
यह टूर्नामेंट भारतीय बधिर क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) द्वारा आयोजित किया गया था, जिसे ओडिशा की राज्य क्रिकेट इकाइयों का सहयोग मिला। यह एशिया कप का पहला संस्करण था और इसे बधिर क्रिकेट के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फाइनल के बाद आयोजित भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि कटक के जिलाधिकारी एवं कलेक्टर दत्तात्रय भाऊसाहेब शिंदे और विशेष अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर संजय राउल ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
भारत ने अपने अभियान की शुरुआत श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट की जीत से की। इसके बाद नेपाल पर 10 विकेट की एकतरफा जीत दर्ज की। लीग चरण में श्रीलंका ने भी नेपाल को 6 विकेट से हराया, जबकि रिवर्स मुकाबले में नेपाल पर 157 रन की बड़ी जीत दर्ज की।
भारत ने श्रीलंका के खिलाफ एक रोमांचक मुकाबले में 1 रन से जीत हासिल की और नेपाल पर 9 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की की।
फाइनल में भारत ने संयमित और आत्मविश्वास भरा प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर ऐतिहासिक ट्रॉफी जीत ली।
इस जीत के साथ भारत ने न केवल पहला एडीसीए टी20आई एशिया कप खिताब अपने नाम किया, बल्कि एशियाई बधिर क्रिकेट में अपनी मजबूत स्थिति भी साबित की। 

 


न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रन से हराया, सुपर-8 से बाहर हुई लंका

26-Feb-2026

नई दिल्ली।   ( शोर संदेश ) न्यूजीलैंड ने बुधवार को श्रीलंका के खिलाफ आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में 61 रन से जीत दर्ज की। इस हार के साथ श्रीलंकाई टीम खिताबी रेस से बाहर हो गई है।

श्रीलंका ने सुपर-8 के अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाए। इससे पहले श्रीलंका को इंग्लैंड के हाथों 51 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ग्रुप-1 से इंग्लैंड शुरुआती दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर चुका है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 2 मुकाबलों में 3 प्वाइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर मौजूद है। पाकिस्तान ने 2 मुकाबलों में 1 प्वाइंट हासिल किया है। यह टीम तीसरे स्थान पर है।
श्रीलंकाई टीम 28 फरवरी को इस विश्व कप में अपना अंतिम मैच पाकिस्तान से खेलेगी। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 27 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ेगी, जिसमें उसकी कोशिश जीत के साथ नॉकआउट में पहुंचने की होगी।
बुधवार को खेले गए इस मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इस टीम को सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। टिम सीफर्ट ने फिन एलन के साथ 3.1 ओवरों में 30 रन की साझेदारी की। एलन 23 रन, जबकि सीफर्ट 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
टीम 34 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी। यहां से ग्लेन फिलिप्स ने रचिन रवींद्र के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े। रचिन 22 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 32 रन बनाकर आउट हुए।
इस साझेदारी के टूटते ही टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आई। मेहमान टीम ने 84 के स्कोर तक अपने 6 विकेट खो दिए थे। इसके बाद कप्तान मिचेल सेंटनर (47) ने कोल मैककोन्ची (नाबाद 31) के साथ सातवें विकेट के लिए 47 गेंदों में 84 रन जोड़ते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। श्रीलंका की तरफ से महेश थीक्षाना और दुष्मंथा चमीरा ने 3-3 विकेट निकाले। एक विकेट डुनिथ वेललेज ने हासिल किया।
इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 107 रन ही बना सकी। श्रीलंका को पहली ही गेंद पर पथुम निसांका (0) के रूप में झटका लगा। इसके बाद टीम ने 6 के स्कोर पर चरिथ असलांका (5) का विकेट भी खो दिया।
पवन रत्नायके ने कुसल मेंडिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 रन जुटाए, लेकिन टीम निरंतर अंतराल पर विकेट खोती रही। रत्नायके ने 10 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि मेंडिस ने 23 गेंदों में 4 चौकों के साथ 31 रन की पारी खेली। डुनिथ वेललेज ने 29 रन जोड़े, लेकिन श्रीलंका को शर्मनाक हार से बचा नहीं सके।
न्यूजीलैंड की तरफ से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रचिन रवींद्र ने 27 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि मैट हैनरी ने 2 विकेट निकाले। 1 सफलता कप्तान सेंटनर के हाथ लगी।


 

टी20 विश्व कप में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 76 रनों से हराया

23-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया के विजय रथ पर साउथ अफ्रीका ने ब्रेक लगा दिया है। रविवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 राउंड के मुकाबले में भारतीय टीम को 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले भारत ने ग्रुप स्टेज में जीत का ‘चौका’ लगाया था।
साउथ अफ्रीका से मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ईशान किशन बिना खाता पवेलियन लौटे। तिलक वर्मा की खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रही और वह सिर्फ एक रन ही बना सके। वहीं, अभिषेक शर्मा 12 गेंदों में 15 रन बनाने के बाद मार्को जानसेन की गेंद पर पवेलियन लौटे।
कप्तान सूर्यकुमार यादव 2 चौकों की मदद से 18 रन बनाने के बाद कॉर्बिन बॉश का शिकार बने। वॉशिंगटन सुंदर 11 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या 17 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रिंकू सिंह केशव महाराज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को सीधा ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों में मार बैठे और खाता तक नहीं खोल सके।
अर्शदीप सिंह भी सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए, जबकि बुमराह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। भारत की पूरी टीम सिर्फ 111 रन बनाकर सिमट गई। शिवम दुबे ने भारत की ओर से 37 गेंदों में सर्वाधिक 42 रन बनाए। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की तरफ से मार्को जानसेन ने 3.5 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं, केशव महाराज ने महज 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
इससे पहले, टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। क्विंटन डी कॉक सिर्फ 6 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। वहीं, कप्तान एडेन मार्करम भी सिर्फ 4 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद रयान रिकेल्टन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 7 रन बनाकर आउट हुए।
20 रनों के स्कोर पर 3 विकेट गंवा चुकी साउथ अफ्रीका की लड़खड़ाती हुई पारी को डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 97 रनों की अहम साझेदारी की। ब्रेविस 29 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मिलर ने महज 35 गेंदों का सामना करते हुए 63 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान मिलर ने 7 चौके और 3 छक्के जमाए।
ट्रिस्टन स्टब्स ने सिर्फ 24 गेंदों में 44 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके दम पर साउथ अफ्रीकी टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 187 रन लगाने में सफल रही। गेंदबाजी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में महज 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह ने दो विकेट निकाले।
 

टी20 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बने बुमराह

23-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया।
बुमराह ने इस मैच से पहले पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के 32 विकेट के रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए तीन विकेट की जरूरत थी। उन्होंने चार ओवर में मात्र 15 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके और अश्विन को पीछे छोड़ दिया।
बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन और कॉर्बिन बॉश को पवेलियन भेजकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इस प्रदर्शन के साथ बुमराह के टी20 वर्ल्ड कप में कुल 33 विकेट हो गए हैं।
हालांकि मैच में भारत को 76 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा, जिससे उनके इस प्रदर्शन की चमक थोड़ी धीमी पड़ गई।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट:
1. जसप्रीत बुमराह – 33 विकेट (22 पारियां)
2. अर्शदीप सिंह – 32 विकेट (18 पारियां)
3. रविचंद्रन अश्विन – 32 विकेट (24 पारियां)
4. हार्दिक पांड्या – 29 विकेट (26 पारियां)
5. रवींद्र जडेजा – 22 विकेट (29 पारियां)










 

जम्मू-कश्मीर: गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेल का उद्घाटन

23-Feb-2026
उत्तरी-कश्मीर के बर्फीले इलाके में स्थित गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में सोमवार से खेलो इंडिया विंटर गेम्स (केआईडब्ल्यूजी) का छठा संस्करण शुरू हो गया। इसके लिए देश भर से सैकड़ों एथलीट, अधिकारी और पर्यटक डेरा डालेंगे। उद्घाटन के मौके पर जम्मू-कश्मीर के खेल मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र आतंकवाद का कड़ा मुकाबला करेगा और साथ ही पर्यटन और खेलों को विकास के प्रमुख चालकों के रूप में बढ़ावा देना जारी रखेगा। 
गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेल के उद्घाटन समारोह में शर्मा ने कहा कि यह आयोजन चुनौतियों के बीच जम्मू और कश्मीर के लचीलेपन और आत्मविश्वास को दर्शाता है। हाल ही में हुई पहलगाम घटना का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि ऐसे कृत्य शांति, पर्यटन और खेलों के माध्यम से युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के प्रयासों को पटरी से नहीं उतारेंगे। 
हम चुनौतियों का सामना करने के लिए काफी मजबूत हैं। पर्यटन फलेगा-फूलेगा और खेल सकारात्मक बदलाव लाएंगे। खेलों के छठे संस्करण की मेजबानी को सम्मान बताते हुए शर्मा ने कहा कि गुलमर्ग एक प्रमुख शीतकालीन खेल केंद्र के रूप में उभरा है जो देश भर से खिलाड़ियों और आगंतुकों को आकर्षित करता है। उन्होंने आगे कहा कि शीतकालीन साहसिक पर्यटन को सोनमर्ग, भदेरवाह और पीर पंजाल क्षेत्र जैसे स्थलों तक भी विस्तारित किया जा रहा है।
 

पत्रकारों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, इंटर-प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट में बढ़ाया उत्साह

22-Feb-2026
रायपुर( शोर संदेश ) उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को रायपुर प्रेस क्लब द्वारा सुभाष स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटर-प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पहुंचकर पत्रकार खिलाड़ियों से आत्मीय मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेल मड़ई के सफल आयोजन के लिए रायपुर प्रेस क्लब और पत्रकारों को बधाई दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री साव ने फाइनल मैच खेल रही संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक टीम के कप्तान एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी तथा विस्तार न्यूज टीम के कप्तान  मृगेंद्र पांडेय सहित दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक टीम ने विस्तार न्यूज को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सुभाष स्टेडियम में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल का मैदान व्यक्ति को जीवन की अनमोल पूंजी प्रदान करता है। खेल हमें अच्छा स्वास्थ्य देता है, अच्छे दोस्त देता है, समन्वय की भावना सिखाता है और संबंधों को मजबूत बनाता है। जब व्यक्ति को यह सब मिलता है तो वह जीवन में प्रसन्न रहता है, खुशहाल रहता है और निरंतर तरक्की की ओर अग्रसर होता है।
साव ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा पिछले कई दिनों से आयोजित इस खेल मड़ई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी स्नेह को बढ़ाते हैं और स्वस्थ जीवन-शैली के लिए प्रेरित करते हैं। पत्रकारिता जैसे दायित्वपूर्ण क्षेत्र में सक्रिय साथियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकार साथी इसी तरह मुस्कुराते रहें, स्वस्थ रहें और अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते रहें।

इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन ने जीती स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा

20-Feb-2026
रायपुर, ।  ( शोर संदेश ) रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई 2026 के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का खिताब इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन ने अपने नाम कर लिया।
समापन समारोह में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और जब वे खेल के मैदान में उतरते हैं तो स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश समाज तक पहुंचता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर कराने की अपेक्षा जताई।
नेताजी सुभाष स्टेडियम में खेले गए फाइनल में विस्तार न्यूज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 60 रन बनाए। जवाब में संयुक्त इलेक्ट्रॉनिक इलेवन ने 7.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। हेमंत डोंगरे (14 रन), तिलक साहू (12 रन) और लक्ष्मण लेखवानी (17 रन) की पारियों ने टीम को जीत दिलाई। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हेमंत डोंगरे को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल के लिए संजय सिंहदेव को प्लेयर ऑफ द सीरीज सम्मान मिला।
विजेता टीम के कप्तान मोहन तिवारी ने ट्रॉफी के साथ 51,000 रुपये का प्रतीकात्मक चेक और स्वर्ण पदक ग्रहण किए। उपविजेता टीम को 41,000 रुपये का चेक एवं रजत पदक प्रदान किए गए। सेमीफाइनल में उपविजेता रही एस. जरनो और IBC 24 की टीमों को 21,000-21,000 रुपये के प्रतीकात्मक चेक एवं कांस्य पदक दिए गए।
पूरे टूर्नामेंट में रवि मिरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, ऋषि नेताम को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, लविंद्र पाल सिंह को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक तथा मुकेश दरयाब को सर्वश्रेष्ठ कैच के लिए सम्मानित किया गया। शतक लगाने वाले प्रमोद मिश्रा, योगेश मिश्रा और संदीप प्रधान को “शतक वीर” तथा 10 खिलाड़ियों को “अर्धशतक वीर” की ट्रॉफी प्रदान की गई।
इस अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व प्रताप तोमर, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, राज्य सूचना आयोग के सदस्य शिरीष मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि खेल मड़ई 2026 के अंतर्गत अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी और क्रिकेट के बाद शीघ्र ही इंडोर गेम्स की शुरुआत होगी। पूरे आयोजन में पत्रकारों की खेल भावना और आपसी सौहार्द की सराहना की गई।
 

अफगानिस्तान ने 82 रन से कनाडा को हराकर अभियान को किया समाप्त

20-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) अफगानिस्तान ने कनाडा के खिलाफ 82 रन से जीत के साथ अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान का अंत किया है। इस मुकाबले में मोहम्मद नबी ने 4 ओवरों में महज 7 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
गुरुवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 39वें मैच में अफगानिस्तान ने 4 विकेट खोकर 200 रन बनाए। रहमानुल्लाह गुरबाज ने इब्राहिम जादरान के साथ 5.3 ओवरों में 47 रन की साझेदारी की। गुरबाज 20 गेंदों में 5 चौकों के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गुलबदीन नायब (1) भी पवेलियन लौट गए।
यह टीम 49 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से सेदिकुल्लाह अटल ने इब्राहिम जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 95 रन की साझेदारी की। सेदिकुल्लाह 32 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जादरान ने अजमतुल्लाह उमरजई (13) के साथ 31 रन, जबकि दरवेश रसूली (नाबाद 4) के साथ 25 रन जोड़े।
इब्राहिम जादरान 56 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों के साथ 95 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से जसकरण सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि डिलन हेलिगर ने 1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में कनाडा की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 118 रन ही बना सकी। युवराज सामरा और कप्तान दिलप्रीत बाजवा की सलामी जोड़ी ने 2.2 ओवरों में 25 रन की साझेदारी की। दिलप्रीत 7 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 2 छक्के शामिल रहे। इसके बाद युवराज सामरा ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
यह टीम 48 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से साद बिन जफर ने हर्ष ठाकर के साथ छठे विकेट के लिए 37 गेंदों में 53 रन जुटाकर टीम को 100 के पार पहुंचा दिया, लेकिन जीत नहीं दिला सके। हर्ष 24 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साद ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद नबी ने 7 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। राशिद खान ने 2 विकेट निकाले।





 

टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज टीम ने इटली को 42 रन से हराया

19-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप सी के मुकाबले में वेस्टइंडीज ने इटली को 42 रन से हरा दिया है। इडेन गार्डेन, कोलकाता में खेले गए मुकाबले में 166 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी इटली 18 ओवर में 123 रन पर सिमट गई।
166 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी इटली के प्रदर्शन को देखते हुए क्रिकेट फैंस तगड़े संघर्ष की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने इटली के लिए लक्ष्य को मुश्किल बना दिया।
इटली की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 12 के स्कोर पर पहला और 26 के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवा दिया। मोस्का बंधुओं के आउट होने के बाद इटली कभी लक्ष्य के करीब जाती नहीं दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट खोती रही। पूरी टीम 18 ओवर में 123 पर सिमट गई और 42 रन से हार गई। जेजे स्मट्स ने 24 और बेंजामिन मानेटी ने 26 रन बनाए। एंटोनी फोंसेका ने 19 रन बनाए। ग्रांट स्टिवर्ट ने 12 रन बनाए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज दो अंकों में नहीं जा सका।
वेस्टइंडीज के लिए मैथ्यू फोर्ड ने 4 ओवर में 19 रन देकर 3, शमार जोसेफ ने 4 ओवर में 30 रन देकर 4, गुडाकेश मोती ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 और अकिल हुसैन ने 3 ओवर में 25 रन देकर 1 विकेट लिए।

इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 165 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के लिए कप्तान शाई होप ने 46 गेंद पर 4 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 75 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा रोस्टन चेज ने 25 गेंद पर 24, शरफेन रदरफोर्ड ने 15 गेंद पर नाबाद 24 और मैथ्यू फोर्ड ने 8 गेंद पर अहम 16 रन बनाए थे।
इटली के लिए बेंजामिन मानेटी ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 और क्रिशन कलुगामागे ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए। अली हसन ने 3 ओवर में 24 रन देकर 1 और थॉमस ड्राका ने 2 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिया था।
शाई होप प्लेयर ऑफ द मैच रहे। वेस्टइंडीज के लिए यह मैच एक अभ्यास की तरह था। टीम सुपर-8 में पहले ही जगह बना चुकी है।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account