ब्रेकिंग न्यूज

खेल

अंडर-19 फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी, सीएम नीतीश कुमार ने की तारीफ

07-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 412 रन का विशाल लक्ष्य रखा। इस मैच में बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐतिहासिक पारी खेलते हुए 80 गेंदों में 175 रन बनाए। उनके इस शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर असाधारण प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि वैभव अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बनकर उभरे हैं।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी शुभकामनाएं हैं कि वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में भारतीय टीम के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करें और देश का नाम रोशन करें।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में जानकारी दी कि पटना स्थित 1 अणे मार्ग के संकल्प सभागार में प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप-2025 की विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी अनु कुमारी को चेक और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे फाइनल में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया को 20 रन के स्कोर पर आरोन जॉर्ज (9) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 गेंदों में 142 रन की साझेदारी कर टीम को 162 रन तक पहुंचाया।
आयुष म्हात्रे 51 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ 39 गेंदों में 89 रन की तेज साझेदारी की और टीम के स्कोर को मजबूती दी।
वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 15 चौकों और 15 छक्कों की मदद से 175 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद वेदांत त्रिवेदी ने विहान मल्होत्रा के साथ चौथे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर भारत को 300 रन के पार पहुंचाया।
भारत ने 308 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अभिज्ञान कुंडू और आरएस अम्ब्रीश ने 51 रन की साझेदारी की। कुंडू 31 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अम्ब्रीश ने 18 रन बनाए। अंतिम ओवरों में कनिष्क चौहान ने 20 गेंदों में 1 छक्का और 3 चौकों के साथ नाबाद 37 रन बनाकर भारत का स्कोर 411/9 तक पहुंचाया।
इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके, जबकि सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट हासिल किए। एक विकेट मैनी लम्सडेन के खाते में गया। 

दिल्ली कैपिटल्स ने रचा इतिहास, चौथी बार WPL फाइनल में बनाई जगह

04-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को गुजरात जायंट्स के खिलाफ बीसीए स्टेडियम में खेले गए नॉकआउट मैच में 7 विकेट से जीत दर्ज करते हुए रिकॉर्ड चौथी बार विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के फाइनल में प्रवेश किया। दिल्ली कैपिटल्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में 169 रन का पीछा करते हुए डब्ल्यूपीएल प्लेऑफ में सबसे बड़ा टारगेट चेज किया है।
दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले तीनों सीजन में फाइनल में जगह बनाई, लेकिन खिताब अपने नाम नहीं कर सकी। रोचक बात ये है कि पिछले तीनों सीजन में एलिमिनेटर जीतने वाली टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की है। ऐसे में कैपिटल्स के पास इस बार ‘गोल्डन चांस’ है।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स की टीम ने 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इस टीम के लिए बेथ मूनी ने 51 गेंदों में 6 चौकों के साथ नाबाद 62 रन बनाए, जबकि जॉर्जिया वेयरहैम ने 35 रन की पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से चिनले हेनरी ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट मिन्नु मणि के हाथ लगा।
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। लिजेल ली ने 24 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 43 रन बनाए, जबकि कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज ने 41 रन की पारी खेली। इनके अलावा, शेफाली वर्मा ने 31 रन, जबकि लौरा वोल्वार्ड्ट ने नाबाद 32 रन की पारी खेली।
दिल्ली कैपिटल्स की पारी में शीर्ष-4 खिलाड़ियों ने 30 रन के आंकड़े को छुआ। ऐसा पहली बार है जब टॉप-4 बल्लेबाजों ने डब्ल्यूपीएल की एक ही पारी में 30 से ज्यादा रन बनाए। विपक्षी खेमे से जॉर्जिया वेयरहैम ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट राजेश्वरी गायकवाड़ ने हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि विमेंस प्रीमियर लीग 2023 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। डब्ल्यूपीएल 2024 में इस टीम ने एक बार फिर से फाइनल में जगह बनाई, लेकिन इस बार आरसीबी ने बाजी मार ली। साल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस के हाथों एक बार फिर खिताबी मैच गंवाना पड़ा था। अब दिल्ली कैपिटल्स खिताबी सूखे को समाप्त करना चाहेगी।

 

ऑस्ट्रेलिया को हराकर इंग्लैंड अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा

04-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) इंग्लैंड ने क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में मंगलवार को खेले गए अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-1 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 27 रन से जीत दर्ज की। इसी के साथ इंग्लिश टीम ने 6 फरवरी को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में जगह बना ली है, जहां उसका सामना भारत-अफगानिस्तान के बीच सेमीफाइनल-2 मुकाबले की विजेता टीम से होगा।
मंगलवार को क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 277 रन बनाए। इस टीम ने महज 3 के स्कोर पर बेन डॉकिन्स (1) का विकेट खो दिया था।
इसके बाद बेन मेयस ने जोसेफ मूर्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। जोसेफ 33 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मेयस ने 33 गेंदों में 24 रन की पारी खेली।
यह टीम 60 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो चुकी थी। यहां से कैलेब फाल्कनर ने कप्तान थॉमस रेव के साथ चौथे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
कप्तान थॉमस ने 107 गेंदों में 110 रन बनाए। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 14 चौके शामिल रहे, जबकि फाल्कनर ने 4 चौकों के साथ 40 रन की पारी खेली। इनके अलावा, फरहान अहमद 28 रन बनाकर नाबाद रहे।
विपक्षी खेमे से हेडन शिलर और नादेन कूरे ने 2-2 सफलताएं हासिल कीं, जबकि विल बायरोम और आर्यन शर्मा ने 1-1 विकेट निकाला।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 47.3 ओवरों में महज 250 रन पर सिमट गई। यह टीम 47 के स्कोर तक दो विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान ओलिवर पीक ने नितेश सैमुअल के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन जुटाकर टीम को संभाला, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही ऑस्ट्रेलियाई खेमा फिर से लड़खड़ा गया।
कप्तान ओलिवर ने 88 गेंदों में 1 छक्के और 10 चौकों के साथ 100 रन की पारी खेली, जबकि नितेश ने 47 रन बनाए। इनके अलावा, आर्यन शर्मा ने 34 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को फाइनल में नहीं पहुंचा सके।
इंग्लिश खेमे से सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लुम्सडेन और राल्फी अल्बर्ट ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि एलेक्स फ्रैंच और फरहान अहमद ने 1-1 विकेट निकाला।
 

कुकरापानी में ग्रामीण क्रिकेट मैच का शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

04-Feb-2026
कवर्धा,4 फरवरी 2025/ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा ने अपने कबीरधाम प्रवास के दौरान बोड़ला विकासखंड के ग्राम कुकरापानी में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट मैच का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, युवा खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गांव-गांव में खेल मैदान, आवश्यक संसाधन और प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। शर्मा ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलते हुए अपने गांव, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता बढ़ती है और युवाओं में आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाए रखने की भी अपील की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

32 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बना कबीरधाम, उपमुख्यमंत्री ने पैरा खिलाड़ियों को किया सम्मानित

03-Feb-2026
रायपुर, । ( शोर संदेश )  उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से आज 16वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने सौजन्य मुलाकात की। खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन की जानकारी साझा की तथा प्रतियोगिता के अनुभव भी बताए। गौरतलब है कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के 13 पैरा खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीतकर जिले को ओवरऑल चौंपियन बनाया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और उत्साह का वातावरण है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता केवल पदकों की संख्या नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के संघर्ष, आत्मविश्वास और अटूट हौसले की जीत है। उन्होंने कहा कि कबीरधाम के दिव्यांग खिलाड़ियों ने यह साबित किया है कि शारीरिक चुनौतियाँ सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं, यदि मन में दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो लक्ष्य को प्राप्त कर सकते है। उन्होंने खिलाड़ियों से चर्चा के दौरान कहा कि प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के 13 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में कुल 32 पदक जीतकर पूरे प्रदेश में जिले का नाम गौरवान्वित किया है। पूरे आयोजन के दौरान कबीरधाम के खिलाड़ियों का दबदबा बना रहा। खिलाड़ियों ने अपने अनुशासन, कठिन परिश्रम, समर्पण और खेल भावना से सभी का ध्यान आकर्षित किया। 
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हंन बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों के लिए उनके क्षेत्र में ही मिनी स्टेडियम बनाएं जा रहे है। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, जनपद उपाध्यक्ष कवर्धा गणेश तिवारी, बोडला नंद श्रीवास, नरेंद्र मानिकपुरी, मनीराम साहू, अमर कुर्रे, प्रवीण शर्मा, जसबीर सालुजा, शैलेन्द्र उपाध्याय सहित जन प्रतिनिधि, क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
16वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक अर्जित किए। छोटी मेहरा ने तवा फेंक और गोला फेंक दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। अनिल कुमार ने गोला फेंक और भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। खिलेश्वर पटेल ने 400 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि सुखनंदन निषाद ने 200 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। देव सिंह अहीरे ने भाला फेंक और गोला फेंक में रजत पदक प्राप्त किया। अरुण वर्मा ने भाला फेंक, लंबी कूद और गोला फेंक में स्वर्ण पदक जीते, साथ ही 100 मीटर दौड़ एवं 200 मीटर दौड़ में रजत पदक भी हासिल किए। गांधी कुर्रे ने भाला फेंक और लंबी कूद में स्वर्ण पदक, जबकि 100 मीटर दौड़ और गोला फेंक में रजत पदक प्राप्त किए। आमीन खान ने लंबी कूद और गोला फेंक में स्वर्ण पदक तथा तवा फेंक में रजत पदक जीता। शिवकिंकर नेताम ने तवा फेंक में स्वर्ण पदक, गोला फेंक में रजत पदक और भाला फेंक में कांस्य पदक प्राप्त किया। थानू ने तवा फेंक में रजत पदक जीता, वहीं रामलोचन वर्मा ने भाला फेंक में रजत पदक हासिल किया। केशव ने तवा फेंक और गोला फेंक दोनों में स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सरजू कोसले ने गोला फेंक में स्वर्ण पदक तथा तवा फेंक और भाला फेंक में रजत पदक प्राप्त किए। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों से कबीरधाम जिले का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित हुआ है और यह प्रदर्शन आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना है।

चौथा टी20: न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ खोला जीत का खाता, 50 रन से जीता मैच

29-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए चौथे टी20 मैच को अपने नाम किया। बुधवार को कीवी टीम ने भारत के खिलाफ मैच 50 रन से अपने नाम करते हुए सीरीज में आखिरकार जीत का खाता खोला। हालांकि, टीम इंडिया सीरीज पर पहले ही अपना कब्जा कर चुकी है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी कीवी टीम ने सलामी जोड़ी के बीच शतकीय साझेदारी के दम पर 7 विकेट खोकर 215 रन बनाए।डेवोन कॉन्वे ने टिम सीफर्ट के साथ 8.2 ओवरों में 100 रन की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने महज 8.1 ओवरों में टीम को शतक तक पहुंचाया। यह भारतीय सरजमीं पर टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के खिलाफ किसी टीम का सबसे तेज शतक भी रहा।
कॉन्वे 23 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सीफर्ट ने मोर्चा संभालने की कोशिश की। उन्होंने 36 गेंदों में 62 रन जुटाए। सीफर्ट की इस पारी में 3 छक्के और 7 चौके शामिल रहे।
यहां से ग्लेन फिलिप्स ने 24 रन, जबकि डेरिल मिचेल ने 18 गेंदों में 39 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 215/7 के स्कोर तक पहुंचाया। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में भारतीय टीम 18.4 ओवरों में महज 165 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) का विकेट खो दिया था। कुछ देर बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव (8) भी पवेलियन लौट गए।यहां से रिंकू सिंह ने संजू सैमसन के साथ तीसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 46 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। संजू ने 15 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 24 रन जुटाए, जबकि रिंकू 30 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
मेजबान टीम 82 के स्कोर तक 5 विकेट खो चुकी थी। यहां से शिवम दुबे ने हर्षित राणा (9) के साथ 27 गेंदों में 63 रन की साझेदारी करते हुए भारत की हार के अंतर को कम करने में अहम भूमिका निभाई।
दुबे ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जिसके साथ वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बन गए। दुबे दुर्भाग्यवश 65 के निजी स्कोर पर रन आउट हुए। 23 गेंदों की पारी में दुबे ने 7 छक्के और 3 चौके लगाए।न्यूजीलैंड की तरफ से मिचेल सेंटनर ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि जैकब डफी और ईश सोढ़ी ने 2-2 विकेट निकाले। मैट हेनरी और जैकरी फॉल्क्स ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। भारतीय टीम 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में 3-1 से आगे है। सीरीज का अंतिम मैच 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाना है।

गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 3 रन से हराया: WPL

28-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) गुजरात जायंट्स ने बीसीए स्टेडियम में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के 17वें मुकाबले को अपने नाम किया। इस टीम ने मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध 3 रन के करीबी अंतर से जीत दर्ज करते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखा है।
गुजरात जायंट्स 7 में से 4 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 7 में से 4 मैच गंवाकर चौथे स्थान पर है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात जायंट्स ने 9 विकेट खोकर 174 रन बनाए। इस टीम को 19 के स्कोर पर सोफी डिवाइन के रूप में पहला झटका लगा। डिवाइन टीम के खाते में 13 रन जुटाकर पवेलियन लौटीं।
यहां से बेथ मूनी ने अनुष्का शर्मा के साथ 39 गेंदों में 54 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अनुष्का ने 25 गेंदों में 8 चौकों के साथ 39 रन टीम के खाते में जोड़े।
दो विकेट गिरने के बाद बेथ मूनी ने कप्तान एश्ले गार्डनर (2) के साथ 23 रन, जबकि जॉर्जिया वेयरहैम (11) के साथ 32 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 128 के स्कोर तक पहुंचाया।
मूनी 46 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी इस पारी में 7 चौके शामिल रहे। निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरीं तनुजा ने 11 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 21 रन बनाए। विपक्षी खेमे से श्री चरणी ने 31 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि चिनले हेनरी ने 2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 171 रन ही बना सकी। शेफाली वर्मा और लिजेली ली ने बतौर सलामी बल्लेबाज 2.2 ओवरों में 26 रन की साझेदारी की। शेफाली 10 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद ली ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन जुटाए।
लिजेली ली 20 गेंदों में 2 चौकों के साथ 11 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं, जिन्होंने वोल्वार्ड्ट के साथ 30 गेंदो में 31 रन जुटाकर स्कोर 82/3 तक पहुंचाया।
लौरा के आउट होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स दबाव में नजर आई। इस टीम ने 100 रन तक 6 विकेट खो दिए थे, लेकिन यहां से निकी प्रसाद ने स्नेह राणा के साथ 31 गेंदों में 70 रन जुटाकर कैपिटल्स को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। इस बीच दिल्ली ने 19वें ओवर में 20 रन जुटाए।
कैपिटल्स को अंतिम ओवर में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर स्नेह राणा (29) विकेट गंवा चुकी थीं। अंतिम बॉल पर दिल्ली को जीत के लिए चौके की दरकार थी, गेंद डिवाइन के हाथों में थी, लेकिन निकी (47) अपना कैच वेयरहैम को थमा बैठीं। इसी के साथ रोमांचक मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने जीत हासिल की।
गुजरात जायंट्स की तरफ से सोफी डिवाइन ने 37 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि राजेश्वरी गायकवाड़ ने 3 विकेट निकाले। एक विकेट एश्ले गार्डनर को मिला।

भारत ने जिम्बाब्वे को 204 रन से रौंदा, विहान मल्होत्रा का शतक: अंडर-19 विश्व कप

28-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) भारतीय क्रिकेट टीम ने बुलावायो में जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए मैच में 204 रन से जीत दर्ज कर ली है। भारतीय टीम की जीत में विहान मल्होत्रा के शतक के अलावा गेंदबाजों की अहम भूमिका रही।
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने विहान मल्होत्रा के नाम 109 रन की पारी के दम पर 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 352 रन बनाए थे। विहान ने 107 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौके लगाए थे।
विहान के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने 62 गेंद पर 61 रन की पारी खेली। अभिज्ञान ने 5 चौके और 1 छक्का लगाया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी हुई थी।
भारती टीम के दिए 353 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे 37.4 ओवर में महज 148 रन पर सिमट गई और 204 रन के बड़े अंतर से मैच हार गई। जिम्बाब्वे की तरफ से पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए लीरॉय चिवौला शीर्ष स्कोरर रहे। चिवौला ने 77 गेंद पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 62 रन की पारी खेली। कियान ब्लिगनॉट ने 37 और तातेंडा चिमुगोरो ने 29 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंकों में प्रवेश नहीं कर सका।
भारतीय टीम की तरफ से उद्धव मोहन, आयुष म्हात्रे, आरएस अंब्रीश ने शानदार गेंदबाजी की।
बल्लेबाजी के दौरान महज 21 रन बनाने वाले आयुष म्हात्रे ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया और 4 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए। उद्धव मोहन ने 6.4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए। आरएस अंब्रीश ने 6 ओवर में 19 रन देकर 1 विकेट लिया। हेनिल पटेल और खिलान पटेल को 1-1 विकेट मिला। विहान मल्होत्रा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।




 

ऑस्ट्रेलियन ओपन में जोकोविच का दबदबा बरकरार, 13वीं बार सेमीफाइनल में एंट्री

28-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) दस बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन 38 साल के नोवाक जोकोविच ने एक बार फिर इस प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। यह 13वां मौका है जब जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
नोवाक जोकोविच को इस बार भाग्य का सहारा मिला है। बुधवार को मेलबर्न पार्क में पांचवीं सीड इटली के लोरेंजो मुसेट्टी के खिलाफ मुकाबले में जोकोविच दो सेट से पिछड़ रहे थे, लेकिन तीसरे सेट में इंजरी की वजह से मुसेट्टी को कोर्ट से हटना पड़ा और इस वजह से जोकोविच का 13वीं बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचना निश्चित हो गया।
मुसेट्टी ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। उन्होंने पहला सेट 6-4 और दूसरा सेट 6-3 से अपने नाम किया था। शुरुआती दो सेटों में इटैलियन खिलाड़ी की सर्विस और बेसलाइन खेल ने जोकोविच को दबाव में रखा। उन्होंने अपने हर शॉट में पेस और सटीकता दिखाई, जिससे जोकोविच को लगातार बैकफुट पर रहना पड़ा। पहले सेट में एक अहम रैली को शार्प एंगल्ड फोरहैंड विनर से समाप्त करके मुसेट्टी ने बढ़त हासिल की। दूसरे सेट में भी उनका मोमेंटम बना रहा और उन्होंने सर्विस ब्रेक के साथ 6-3 से सेट अपने नाम किया।
हालांकि, तीसरे सेट के तीसरे गेम में मुसेट्टी के दाहिने पैर में चोट लगी और उनकी हड्डी टूट गई। फिजियो ट्रीटमेंट के बाद उन्होंने खेल जारी रखने की कोशिश की, लेकिन अंततः दो घंटे और आठ मिनट के संघर्ष के बाद उन्हें रिटायर होना पड़ा। मुसेट्टी के रिटायर होते हीं जोकोविच सेमीफाइनल में पहुंच गए।
मुसेट्टी ने पहले दो सेट में जो दबाव बनाया, वह यादगार था। उनके क्लीन रिटर्न, तेज फोरहैंड और महत्वपूर्ण ग्राउंडस्ट्रोक ने जोकोविच पर नियंत्रण बनाए रखा। लेकिन तीसरे सेट में लगी चोट ने इटैलियन खिलाड़ी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
जोकोविच ने मैच के बाद कहा, “मुझे नहीं पता क्या कहना है, सिवाय इसके कि मुझे उसके लिए बहुत दुख है। वह आज जीत का हकदार था। खेल में ऐसी चीजें होती हैं, लेकिन ग्रैंड स्लैम क्वार्टरफाइनल में दो सेट जीतने के बाद रिटायर होना बहुत बुरा है। मैं उसके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।”
जोकोविच शुक्रवार को दूसरे सीड जैनिक सिनर और आठवें सीड बेन शेल्टन के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल विजेता से सेमीफाइनल में भिड़ेंगे।








 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच T20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज, कप्तान सूर्यकुमार यादव पर रहेगी निगाह

21-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार को नागपुर में खेला जाएगा। वनडे सीरीज जीतने के बाद जहां न्यूजीलैंड बढ़े आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी, वहीं भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी। मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के बतौर बल्लेबाज प्रदर्शन पर नजर रहेगी। 
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया का टी20 फॉर्मेट शानदार प्रदर्शन रहा है। टीम अजेय रही है, लेकिन एक बल्लेबाज के तौर पर सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई है। भारतीय कप्तान पिछली 25 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। 
साल 2025 में सूर्यकुमार यादव ने 22 टी20 मैच खेले जिसमें बिना किसी अर्धशतक के महज 14 की औसत से रन बनाए। उनकी लगातार और लंबी असफलता ने टीम की चिंता बढ़ाई है। टीम का शीर्ष क्रम कमजोर हो रहा है और अन्य बल्लेबाजों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है। 
सूर्यकुमार यादव ने कई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि वह फॉर्म से नहीं बल्कि रनों से दूर हैं। विश्व कप से पहले खेली जा रही न्यूजीलैंड सीरीज उनके लिए फॉर्म में वापसी करने का एक बेहतरीन अवसर है। सूर्या अगर अगले 5 टी20 मैचों में रन बनाते हैं, तो इस सीरीज में भारत की जीत की संभावना बढ़ेगी साथ ही विश्व कप कैंपेन को भी मजबूती मिलेगी। 
न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन अच्छा रहा है। 2021 से 2023 के बीच इस टीम के खिलाफ सूर्यकुमार ने 8 टी20 मैचों में 47.33 की औसत और 153.51 की स्ट्राइक रेट से 284 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 111 रहा है। 
भारतीय कप्तान के टी20 करियर पर नजर डालें तो 99 टी20 मैचों की 93 पारियों में 4 शतक और 21 अर्धशतक की मदद से उन्होंने 2,788 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड सीरीज और टी20 विश्व कप 2026 सूर्यकुमार यादव के करियर के लिहाज से बेहद अहम हैं। बेहतर प्रदर्शन उनका भविष्य सुरक्षित रखेगा, वहीं असफलता जारी रही तो विश्व कप के बाद टीम में जगह मुश्किल ही बनेगी।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account