ब्रेकिंग न्यूज

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार: वैभव सूर्यवंशी को सम्मान मिलने से बिहार में खुशी

27-Dec-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘वीर बाल दिवस’ के अवसर पर बिहार के उभरते क्रिकेट सितारे, 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर बिहार भाजपा के नेताओं ने खुशी जताते हुए इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने वैभव सूर्यवंशी को मिले सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने बेहतरीन खेल से कम उम्र में ही कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। सरावगी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि वीर बाल दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा विभिन्न राज्यों से चयनित कुल 20 प्रतिभाशाली और साहसी बच्चों को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाना गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि बिहार के 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट जगत में अपनी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन से कई उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही, 11 वर्षीय कमलेश कुमार साह ने नदी में डूबते एक बच्चे को बचाने का प्रयास करते हुए अपने प्राणों की आहुति देकर साहस और प्रेरणा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। इन सभी बच्चों की उपलब्धियां देश के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत हैं।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ के माध्यम से हमारे प्यारे बच्चों के असाधारण साहस, प्रतिभा और समर्पण को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि इन होनहार बच्चों की उपलब्धियां न केवल हम सभी के लिए गर्व का विषय हैं, बल्कि देशभर के करोड़ों बच्चों के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत भी हैं।
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किया जाना राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य को सम्मानित करने का प्रेरणादायी क्षण है। इस वर्ष बहादुरी, खेल, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले 20 प्रतिभाशाली बच्चों को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया है।
बिहार भाजपा ने भी ‘एक्स’ पोस्ट के माध्यम से वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि कम उम्र में असाधारण प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना हर युवा के लिए प्रेरणास्रोत है। पार्टी ने कहा कि यह सम्मान न केवल वैभव की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि बिहार की खेल प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक भी है। 
 


leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account