ब्रेकिंग न्यूज

खेल

दिल्ली कैपिटल्स की शानदार जीत, मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया: WPL

21-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने मंगलवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के 13वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) को 7 विकेट से मात दी। यह डीसी की सीजन में दूसरी जीत रही, जबकि एमआई को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।
मुंबई इंडियंस 6 में से 4 मुकाबले गंवाने के बावजूद प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है, जबकि डीसी ने 5 में से 2 मैच जीतकर चौथा स्थान हासिल कर लिया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। वहीं, शेष चारों टीमें इस रेस में बनी हुई हैं।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई इंडियंस ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 154 रन बनाए।
सजीवन सजना ने हेली मैथ्यूज के साथ पहले विकेट के लिए 21 रन की साझेदारी की। सजना 9 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि मैथ्यूज ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
एमआई 4.1 ओवर में 21 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो चुकी थी। यहां से नैट साइवर-ब्रंट ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 गेंदों में 78 रन जुटाए। कौर ने 33 गेंदों में 7 चौकों के साथ 41 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
कप्तान के आउट होने के बाद साइवर-ब्रंट ने निकोला कैरी के साथ चौथे विकेट के लिए 31 रन जोड़े। निकोला 12 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद साइवर-ब्रंट ने मोर्चा संभालते हुए टीम को 154 के स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 45 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाए। इस पारी में 2 छक्के और 6 चौके शामिल रहे।
विपक्षी खेमे से श्री चरणी ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि मारिजैन कप्प और नंदिनी शर्मा ने 1-1 विकेट निकाला।
इसके जवाब में दिल्ली ने 19 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम को शेफाली वर्मा और लिजेली ली की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों के बीच 7.3 ओवरों में 63 रन की साझेदारी हुई। शेफाली 24 गेंदों में 6 चौकों के साथ 29 रन बनाकर आउट हुईं।
यहां से ली ने लौरा वोलवार्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 रन जुटाए। ली अर्धशतक से महज 4 रन दूर रह गईं। उन्होंने 1 छक्के और 7 चौकों के साथ 46 रन की पारी खेली।
वोलवार्ड ने कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 34 रन जुटाए। टीम को वोलवार्ड के रूप में तीसरा झटका लगा, जिन्होंने 19 गेंदों में 17 रन की पारी खेली।
यहां से जेमिमा ने मारिजैन कप्प के साथ 17 गेंदों में 37 रन की अटूट साझेदारी की और डीसी को महत्वपूर्ण जीत दिलाते हुए खिताबी रेस में बनाए रखा है।
जेमिमा ने 37 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ नाबाद 51 रन बनाए, जबकि कप्प ने 6 गेंदों में 10 रन की नाबाद पारी खेली। एमआई की तरफ से अमनजोत कौर और वैष्णवी शर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
 

पुराने क्लब के खिलाफ चमके एम्बाप्पे, रियल मैड्रिड ने मोनाको को 6-1 से रौंदा

21-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) काइलियन एम्बाप्पे के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रियल मैड्रिड ने यूईएफए चैंपियंस लीग के लीग फेज मुकाबले में मोनाको को 6-1 से करारी शिकस्त दी। इस बड़ी जीत के साथ ही रियल मैड्रिड ने टॉप-आठ में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को और मजबूत कर लिया है। अपने पुराने क्लब मोनाको के खिलाफ खेलते हुए एम्बाप्पे ने दो गोल दागे और अपनी टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।
एम्बाप्पे ने फेडे वाल्वरडे की थ्रू बॉल पर पांचवें मिनट में ही पहला गोल कर रियल को बढ़त दिलाई। इसके बाद 25वें मिनट के आसपास फार पोस्ट पर शानदार स्लाइड करते हुए उन्होंने दूसरा गोल दागा और हाफटाइम तक स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में रियल मैड्रिड का दबदबा और बढ़ गया। 51वें मिनट में फ्रेंको मास्टैंटुओनो ने तीसरा गोल किया, जबकि थिलो केहरर से आत्मघाती गोल हो गया। विनीसियस जूनियर ने पांचवां और जूड बेलिंगहैम ने छठा गोल किया। मोनाको की ओर से एकमात्र गोल जॉर्डन टेजे ने किया।
दूसरी ओर, पुर्तगाल में खेले गए मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब डी पुर्तगाल ने पेरिस सेंट जर्मेन को 2-1 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। लुइस सुआरेज ने 74वें और 90वें मिनट में गोल कर स्पोर्टिंग को अहम जीत दिलाई, जिससे टीम स्टैंडिंग में छठे स्थान पर पहुंच गई। पीएसजी का दबदबा पूरे मैच में रहा, लेकिन उसके दो गोल रद्द कर दिए गए। सब्स्टीट्यूट ख्विचा क्वारात्सखेलिया ने शानदार कर्लिंग शॉट से बराबरी जरूर की, लेकिन आखिरी क्षणों में सुआरेज ने हेडर से निर्णायक गोल कर दिया।
अन्य मुकाबलों में, एजेक्स ने आखिरी मिनट में ओलिवर एडवर्डसन के गोल की मदद से विलारियल को हराया। वहीं, ओलंपियाकोस ने पिरियस में बायर लेवरकुसेन को 2-0 से मात देकर जर्मन टीम के खिलाफ 14 मैचों में पहली जीत दर्ज की। कोस्टिन्हा और मेहदी तारेमी के तेज काउंटरअटैक ने ओलंपियाकोस की जीत की नींव रखी, जबकि गोलकीपर कोस्टास जोलाकिस ने शानदार बचाव कर टीम की बढ़त बनाए रखी।
 

आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में डेरिल मिचेल बने नए नंबर वन बल्लेबाज, कोहली को पछाड़ा

21-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज डेरिल मिचेल वनडे फॉर्मेट के नए नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। बुधवार को आईसीसी द्वारा जारी वनडे की ताजा रैंकिंंग में मिचेल ने कोहली को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।
डेरिल मिचेल ने भारत के खिलाफ हाल में संपन्न तीन वनडे मैचों की सीरीज में 2 शतक और 1 अर्धशतक लगाया था और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहते हुए अपनी टीम को पहली बार भारत में वनडे सीरीज जीतने में सफलता दिलायी थी। इंदौर में खेले गए तीसरे वनडे में मिचेल के शतक के बाद माना जा रहा था कि वह आईसीसी की अगली रैंकिंग में वनडे फॉर्मेट के शीर्ष बल्लेबाज बन जाएंगे। मिचेल ने एक स्थान की छलांग लगाते हुए पहला स्थान हासिल किया है।
पिछली बार जारी रैंकिंग में पहला स्थान हासिल करने वाले विराट कोहली को एक स्थान का नुकसान हुआ है। विराट अब दूसरे स्थान पर चले गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज की तीन पारियों में विराट ने भी 1 शतक और एक अर्धशतक लगाया था।
अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान को एक स्थान का फायदा हुआ है। जादरान तीसरे स्थान पर चले गए हैं।
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के लिए न्यूजीलैंड सीरीज निराशाजनक रही थी। रोहित तीनों ही मैच में मिली शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में सफल नहीं रहे थे। वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके। इसका असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा है। एक स्थान के नुकसान के साथ रोहित चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल पांचवें और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम छठे नंबर पर हैं। आयरलैंड के हैरी टैक्टर सातवें, वेस्टइंडीज के शाई होप आठवें, श्रीलंका के चरिथ असलांका नौवें और भारत के केएल राहुल दसवें स्थान पर हैं। राहुल को एक स्थान का फायदा हुआ है। श्रेयस अय्यर एक स्थान के नुकसान के साथ ग्यारहवें स्थान पर चले गए हैं।





 

विदर्भ बनी विजय हजारे ट्रॉफी की नई चैंपियन, पहली बार जीता खिताब

19-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) विदर्भ विजय हजारे ट्रॉफी की नई चैंपियन बन गई है। विदर्भ ने पहली बार ये टूर्नामेंट जीता है। रविवार को बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में खेले गए फाइनल मुकाबले में विदर्भ ने सौराष्ट्र को 38 रन से हराया। जीत के लिए सौराष्ट्र को 318 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम 48.5 ओवर में 279 पर सिमट गई।
सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अथर्व तायडे के शतक और यश राठौड़ के अर्धशतक की मदद से 8 विकेट के नुकसान पर 317 रन बनाए थे।
पारी की शुरुआत करने आए अथर्व तायडे ने 118 गेंद पर 3 छक्के और 15 चौकों की मदद से 128 रन की पारी खेली थी। यश राठौड़ ने 61 गेंद पर 2 छक्के और 2 चौके लगाते हुए 54 रन बनाए थे। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी हुई। अमन मोखाड़े ने 33 और रविकुमार समर्थ ने 25 रन बनाए।
सौराष्ट्र के लिए अंकुर पंवार ने 4 विकेट लिए थे। चेतन सकारिया और चिराग जानी ने 2-2 विकेट लिए।
318 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की पूरी टीम 48.5 ओवर में 279 रन पर सिमट गई और 38 रन से खिताब जीतने का मौका चूक गई। सौराष्ट्र के लिए प्रेरक मांकड़ ने 92 गेंद पर 88 और चिराग जानी ने 63 गेंद पर 64 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाजों की असफलता टीम की हार का कारण बनी।
विदर्भ के लिए यश ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 9.5 ओवर में 50 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट लिए। नचिकेत भूटे ने 3, दर्शन नालकंडे ने 2, और हर्ष दूबे ने 1 विकेट लिए।
सौराष्ट्र तीसरी बार खिताब जीतने का मौका चूक गई। पूर्व में टीम 2007-2008 और 2022-23 में खिताब जीत चुकी है।



 
 

भारत को 41 रनों से हराकर न्यूजीलैंड ने भारत में पहली वनडे सीरीज जीती

19-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) न्यूजीलैंड ने इतिहास रच दिया है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले को 41 रन से जीतकर न्यूजीलैंड ने न सिर्फ ये सीरीज 2-1 से जीती है, बल्कि भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीत ली है। माइकल ब्रेसवेल की कप्तानी वाली कीवी टीम को ये जीत केन विलियमसन, मैट हेनरी और मिशेल सेंटनर जैसे दिग्गजों की गैरमौजूदगी के बावजूद मिली है।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के शतकों और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 219 रन की मजबूत साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने 8 विकेट पर 237 रन बनाए थे। डेरिल मिचेल ने 131 गेंद पर 3 छक्के और 15 चौके लगाते हुए 137 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने 88 गेंद पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 106 रन की पारी खेली। विल यंग ने 30 और कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने नाबाद 28 रन बनाए।
भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लिए। हर्षित थोड़े महंगे रहे। उन्हें 10 ओवर में 84 रन पड़ गए। अर्शदीप ने 63 रन दिए। सिराज ने 10 ओवर में 43 रन देकर 1 और कुलदीप यादव ने 6 ओवर में 48 रन देकर 1 विकेट लिए।
338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। रोहित शर्मा 11 और शुभमन गिल 23 रन बनाकर आउट हो गए। विराट कोहली ने 108 गेंद पर 3 छक्के और 10 चौकों की मदद से 124 रन की पारी खेली। कोहली के वनडे करियर का ये 54वां शतक 91वें गेंद पर आया। कोहली ने नितीश कुमार रेड्डी 53 के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 और हर्षित राणा 52 के साथ सातवें विकेट के लिए 99 रन की अहम साझेदारी की। इन दोनों साझेदारियों ने भारत को जीत की सुगंध दी थी, जो विराट के नौवें विकेट के रूप में आउट होने के साथ ही समाप्त हो गई। भारतीय टीम 46 ओवर में 296 पर सिमट गई और 41 रन से मैच हार गई।
न्यूजीलैंड के लिए जकारी फॉल्कस और क्रिस्टन क्लार्क ने 3-3, जबकि जायडेन लेनॉक्स ने 2 विकेट लिए। काइल जैमिसन को 1 विकेट मिला। डेरिल मिचेल प्लेयर ऑफ द मैच रहे।







 
 

राहुल की सेंचुरी पर भारी पड़ा मिशेल का तूफान, न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीता मुकाबला; सीरीज 1-1 से बराबर

16-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच को 7 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। सीरीज का अंतिम मैच 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 284 रन बनाए। रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने 12.2 ओवरों में 70 रन की साझेदारी की।
रोहित 38 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। यहां से कप्तान शुभमन गिल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 99 के स्कोर तक पहुंचाया।
गिल 53 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद फैंस को विराट कोहली से उम्मीदें थीं, लेकिन वह 23 रन का योगदान देकर पवेलियन लौट गए।
भारतीय टीम 23.3 ओवरों के खेल तक 4 विकेट खोकर 118 रन बना चुकी थी। यहां से केएल राहुल ने रवींद्र जडेजा के साथ पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की।
जड्डू 44 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद केएल राहुल ने नीतीश रेड्डी के साथ छठे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 248 के स्कोर तक पहुंचाया।
केएल राहुल ने 92 गेंदों में 1 छक्के और 11 चौकों के साथ 112 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि नितीश रेड्डी ने 20 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
विपक्षी खेमे से क्रिस्चियन क्लार्क ने 8 ओवरों में 56 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, काइल जैमीसन, जैक फाउलकेस, जेडेन लेनोक्स और कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने 1-1 अपने नाम किया।
इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 47.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। मेहमान टीम ने 46 के स्कोर तक डेवोन कॉनवे (16) और विल यंग (10) का विकेट गंवा दिया था।
यहां से विल यंग और डेरिल मिशेल ने 152 गेंदों में 162 रन की साझेदारी करते हुए न्यूजीलैंड को 208 के स्कोर तक पहुंचा दिया। विल यंग ने 98 गेंदों में 7 चौकों के साथ 87 रन बनाए।
डेरिल मिशेल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स के साथ चौथे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी करते हुए टीम को बड़ी जीत दिलाई। मिशेल 117 गेंदों में 2 छक्कों और 11 चौकों के साथ 131 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फिलिप्स ने 32 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की तरफ से हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
 

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत ने पहले मुकाबले में यूएसए को 107 रन पर समेटा

16-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में महज 107 रन पर समेट दिया है। भारत की ओर से हेनिल पटेल ने सर्वाधिक 5 विकेट अपने नाम किए।
भारत ने टॉस जीतकर यूएसए को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। यूएसए को 1.3 ओवर में अमरिंदर गिल (1) के रूप में पहला झटका लगा। टीम इस वक्त तक सिर्फ खाता ही खोल सकी थी।
यहां से अर्जुन महेश ने साहिल गर्ग के साथ 45 गेंदों में 28 रन जोड़कर यूएसए को संभालने की कोशिश की, लेकिन 29 के स्कोर पर साहिल का विकेट गंवाने के बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया।
साहिल 28 गेंदों में 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि अर्जुन ने 29 गेंदों में 2 चौकों के साथ इतने ही रन बनाए।
टीम ने 39 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से नीतीश सुदिनी ने अदनित झांब के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी करते हुए टीम को फिर से संभालने की कोशिश की।
अदनित 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि नीतीश ने 52 गेंदों में 4 चौकों के साथ 36 रन बनाए, लेकिन टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा नहीं सके।
भारत की तरफ से हेनिल पटेल ने 7 ओवरों में महज 16 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि दीपेश देवेंद्रन, आरएस अंबरीश, खिलन पटेल और वैभव सूर्यवंशी ने 1-1 विकेट हासिल किया।
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन और खिलान पटेल के साथ उतरी है।
दूसरी ओर, उत्कर्ष श्रीवास्तव की कप्तानी में यूएसए की टीम में साहिल गर्ग, अमरिंदर गिल, अर्जुन महेश (विकेटकीपर), ऋत्विक अप्पीदी, अदनीत झांब, अमोघ आरेपल्ली, नितीश सुदिनी, सबरीश प्रसाद, अदित कप्पा और ऋषभ शिम्पी शामिल हैं।

आईसीसी वनडे रैंकिंग में विराट कोहली की शीर्ष पर वापसी

15-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने चार साल से अधिक समय बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पुरुष वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। जुलाई 2021 के बाद पहली बार कोहली ने यह मुकाम पाया है। उन्होंने साथी खिलाड़ी रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की, जिसकी मुख्य वजह न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा में खेले गए मैच में उनकी मैच जिताऊ 93 रन की पारी रही।
यह कोहली के शानदार करियर में 11वीं बार है जब वह वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे हैं। हालिया समय में उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। नवंबर-दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में उन्होंने 135, 102 और नाबाद 65 रन बनाए थे, वहीं अक्टूबर में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उन्होंने नाबाद 74 रन की उम्दा पारी खेली थी।
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली पहली बार अक्टूबर 2013 में वनडे रैंकिंग के शिखर पर पहुंचे थे। अब तक वह कुल 825 दिन नंबर-1 पर रह चुके हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ के लिए सर्वाधिक है। वह ऑल-टाइम सूची में 10वें स्थान पर हैं, जिसमें वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स 2,306 दिनों के साथ शीर्ष पर हैं।
इस बीच न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने भी रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। शीर्ष तीन बल्लेबाजों के बीच केवल 10 अंकों का अंतर है, जिससे आने वाले दिनों में नंबर-1 की दौड़ और रोचक हो सकती है।
अन्य वनडे रैंकिंग अपडेट में के.एल. राहुल एक स्थान ऊपर चढ़कर 11वें और डेवोन कॉनवे तीन स्थान की छलांग लगाकर 29वें स्थान पर पहुंच गए हैं। गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज पांच स्थान ऊपर चढ़कर 15वें और काइल जैमीसन 27 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर 69वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
पुरुष टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड और स्टीव स्मिथ एक-एक स्थान ऊपर चढ़कर क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। एशेज सीरीज के अंतिम टेस्ट में दोनों ने शतक जमाए थे, जहां ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी में पांच विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज 4-1 से अपने नाम की।
इंग्लैंड के जो रूट ने ऑस्ट्रेलिया में आखिरकार टेस्ट शतक जड़ा और सीरीज में इंग्लैंड के सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इससे उन्होंने टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान और मजबूत किया, जबकि हैरी ब्रूक दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। जैकब बेथेल की 154 रन की पारी ने उन्हें 25 स्थान की छलांग के साथ 52वें स्थान पर पहुंचा दिया है।
टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ मिचेल स्टार्क ने 31 विकेट लेकर नौवें से तीसरे स्थान तक का सफर तय किया। उनके ऑल-राउंड प्रदर्शन के चलते वह टेस्ट ऑल-राउंडर्स की टॉप-5 सूची में भी शामिल हो गए हैं। स्कॉट बोलैंड 20 विकेट के साथ सातवें स्थान पर बने हुए हैं, जबकि माइकल नेसर पहली बार टॉप-50 में पहुंचे हैं। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग ने मैच में छह विकेट लेकर नौ स्थान की छलांग लगाई और करियर की सर्वश्रेष्ठ 21वीं रैंकिंग हासिल की।
आईसीसी पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा तीन स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू सीरीज में कुल पांच विकेट लिए थे, जो 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुई।
पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान एक स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें और सलमान आगा 13 स्थान की छलांग लगाकर 41वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ सलमान मिर्जा ने भी तीन विकेट लेकर 16 स्थान की छलांग के साथ 19वां स्थान हासिल किया है।

हरमनप्रीत की कप्तानी पारी से मुंबई इंडियंस की शानदार जीत, गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराया

14-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  मुंबई इंडियंस ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के छठे मुकाबले में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से मात दी। यह सीजन में मुंबई इंडियंस की दूसरी जीत रही।
मुंबई इंडियंस 3 में से 2 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि तीन में से 1 मैच गंवाकर गुजरात जायंट्स तीसरे स्थान पर है।
मंगलवार को डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 192 रन बनाए।
टीम ने 2.4 ओवर में सोफी डिवाइन (8) के रूप में पहला विकेट गंवा दिया था। यहां से बेथ मूनी ने कनिका आहूजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 42 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 64 के स्कोर तक पहुंचाया।
मूनी 26 गेंदों में 33 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि कनिका ने 18 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 35 रन बनाए। इनके अलावा, कप्तान एश्ले गार्डनर ने 11 गेंदों में 20 रन की पारी खेली।
गुजरात जायंट्स ने 99 के स्कोर तक 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से जॉर्जिया वेयरहैम ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आयुषी सोनी के साथ 37 रन, जबकि भारती फुलमाली के साथ 56 रन की साझेदारी की।
जॉर्जिया 33 गेंदों में 43 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि भारती ने 15 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। विपक्षी खेमे से शबनीम इस्माइल, हेली मैथ्यूज, निकोला कैरी और अमेलिया केर ने 1-1 विकेट निकाला।
इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। टीम 4.5 ओवरों में 37 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अमनजोत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 गेंदों में 72 रन की साझेदारी की। अमनजोत ने 26 गेंदों में 7 चौकों के साथ 40 रन बनाए।
मुंबई इंडियंस को 109 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा, जहां से कप्तान ने निकोला कैरी के साथ 43 गेंदों में 84 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को चार गेंदें शेष रहते जीत दिलाई। हरमनप्रीत कौर 43 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 71 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि निकोला ने 38 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से रेणुका ठाकुर, काशवी गौतम और सोफी डिवाइन ने 1-1 विकेट निकाला।


 

रायपुर में भारत-न्यूजीलैंड मैच : जल्दी पहुंचें दर्शक, पहली पारी के बाद नहीं मिलेगी एंट्री

14-Jan-2026
रायपुर (शोर संदेश)। 23 जनवरी को रायपुर में होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर प्रशासन और आयोजक पूरी तरह सतर्क हैं। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, ताकि दर्शकों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिल सके। स्टेडियम के अंदर और बाहर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीएससीए) के अध्यक्ष विजय शाह ने बताया कि पिछले मैच में सुरक्षा को लेकर कुछ चूक हुई थी, जिस पर बीसीसीआई ने भी संज्ञान लिया था। इस बार ऐसी कोई गलती न हो, इसके लिए सीएससीए ने 45 सदस्यों की विशेष टीम बनाई है, जो पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर स्टेडियम में तैनात रहेगी।
इसके अलावा मैदान के चारों ओर अतिरिक्त रेलिंग भी लगाई जा रही है। पिछले दिनों हुए वनडे मैच से मिली सीख के बाद संघ पूरी तरह चौकन्ना हो गया है। इस बार दर्शकों की एंट्री भी पहली इनिंग तक ही हो सकेगी। इसके बाद पहुंचने वाले दर्शकों को निराशा हाथ लगेगी। इसके अलावा पार्किंग की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
15 गेटों पर तैनात रहेंगे अधिकारी, फोर्स भी बढ़ेगी
स्टेडियम के सभी 15 प्रवेश गेटों पर सीएससी के अधिकारी तैनात रहेंगे, जो सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे। इसके अलावा अंदर की टिकट चेकिंग गेट पर विशेष रेलिंग लगाई जा रही है, जिससे दर्शक कतारबद्ध तरीके से प्रवेश कर सकें और भीड़ एकत्र न हो। इसके साथ ही सुरक्षा कर्मियों की संख्या में भी इजाफा किया गया है।
अब सभी सीटों पर नंबरिंग, ताकि विवाद न हो
मैदान के भीतर तैनात सुरक्षाकर्मी दर्शक दीर्घाओं पर लगातार नजर रखेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति अनधिकृत रूप से मैदान में प्रवेश न कर सके। इसके अलावा कुछ स्टैंड्स में सीटों की नंबरिंग की जा रही है, जिससे दर्शक अपनी निर्धारित सीट पर ही बैठें और आपसी विवाद की स्थिति न आए। प्रत्येक स्टैंड में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जो किसी भी विवाद या समस्या की स्थिति में मौके पर ही समाधान करेंगे, ताकि मैच का माहौल बाधित न हो।
3 दिसंबर को भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच के दौरान दीवार फांदकर दर्शक स्टेडियम पहंचे, इसलिए अब रेलिंग लगा रहे हैं।
ऐसे मिलेगी टिकट
वनडे मैच में रहे टिकट पार्टनर टिकट जिनी.इन को दोबारा चुना गया है। रायपुर में 23 जनवरी को होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले में भी क्रिकेट प्रेमियों को इसी वेबसाइट से टिकट खरीदनी होगी। टिकट की ऑनलाइन बुकिंग को लेकर अभी तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन, इसे लेकर स्टेट क्रिकेट संघ ने 16 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी है। जिसके बाद मैच को लेकर चलाए जा रहे कयासों पर विराम लगेगा।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account