ब्रेकिंग न्यूज

खेल

ऑल इंडिया फ़ॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में लगातार 13वीं बार चैंपियन बना छत्तीसगढ़, मुख्यमंत्री ने विजेताओं को दी बधाई

20-Nov-2025
रायपुर । ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में ऑल इंडिया फ़ॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में लगातार 13वीं बार ओवरऑल चैंपियन बनने वाले छत्तीसगढ़ के विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। 
मुख्यमंत्री साय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से उन्होंने छत्तीसगढ़ का मान पूरे देश में ऊँचा किया है और उनकी यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। 
उल्लेखनीय है कि देहरादून में 12 से 16 नवंबर तक आयोजित 28वीं ऑल इंडिया फ़ॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में छत्तीसगढ़ ने अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार 13वीं बार ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती। यह विजय छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन, कठिन परिश्रम और टीम की अदम्य प्रतिबद्धता का प्रतीक है। भव्य समापन समारोह में उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने संयुक्त रूप से ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की, जिसे छत्तीसगढ़ की ओर से आईएफएस श्रीमती शालिनी रैना एवं दल की नोडल अधिकारी ने ग्रहण किया। उनके नेतृत्व में टीम की एकजुटता और उत्कृष्ट प्रदर्शन इस उपलब्धि की प्रमुख वजह रहा।
इस वर्ष 253 सदस्यों की मजबूत टीम के साथ छत्तीसगढ़ ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए कुल 150 पदक और 578 अंक हासिल किए, जो पहले रनर-अप से 221 अंकों की ऐतिहासिक बढ़त है। टीम ने 74 स्वर्ण, 34 रजत और 42 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना सर्वांगीण प्रभुत्व स्थापित किया। कई खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया—जिनमें निखिल ज़ाल्को ने तैराकी में पाँच स्वर्ण जीतकर सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का खिताब प्राप्त किया। वहीं संगीता राजगोपालन ने बैडमिंटन और टेनिस में चार स्वर्ण एवं एक रजत जीतकर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का सम्मान हासिल किया। इसी प्रकार थोटा संकीर्तन ने पाँच स्वर्ण जीतकर महिला ओपन वर्ग में सर्वश्रेष्ठ एथलीट बनीं। सुखनंदन लाल ध्रुव और चारुलता गजपाल ने वेटरन श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया।
यह ऐतिहासिक सफलता वन मंत्री केदार कश्यप के दूरदर्शी मार्गदर्शन और वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव के प्रेरक नेतृत्व का परिणाम है। उनके निरंतर सहयोग, दिशा और प्रोत्साहन ने टीम को हर बार नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छत्तीसगढ़ वन विभाग की यह विजय केवल एक खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि एक स्वर्णिम अध्याय है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर खेल भावना और उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित किया है। राज्य ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि उसकी खेल परंपरा, मेहनत और जज़्बा उसे लगातार चैंपियन बनाए रखते हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, नान के चेयरमैन 
संजय श्रीवास्तव, योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष  विकास मरकाम, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, वन बल प्रमुख  व्ही. श्रीनिवास राव सहित लघु वनोपज संघ के सदस्य तथा बड़ी संख्या में विजेता खिलाड़ी उपस्थित थे।


 

कृषि विश्वविद्यालय में पूर्वी क्षेत्रीय अंतर-महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता आज से शुरू

19-Nov-2025
रायपुर, । ( शोर संदेश )   इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय रायपुर में पूर्वी क्षेत्रीय अन्तर्महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2025 की शुरूआत कल 19 नवम्बर से होगी। कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल प्रातः 10 बजे कृषि महाविद्यालय परिसर में पूर्वी क्षेत्रीय अन्तर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। पूर्वी क्षेत्रीय अन्तर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय रायपुर, स्वामी विवेकानंद  कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय, रायपुर, खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय रायपुर, कृषि महाविद्यालय, महासमुंद, कृषि महाविद्यालय भाटापारा, कृषि महाविद्यालय, मर्रा, (पाटन) तथा कृषि महाविद्यालय, गरियाबंद के लगभग 300 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। 
19 से 21 नवम्बर, 2025 तक आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न क्रीड़ा स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस अन्तरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत व्यक्तिगत स्पर्धाओं में लम्बी कूद, ऊंची कूद, ट्रिपल जंप, भाला फेंक, गोला फेंक, डिस्क थ्रो, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, हर्डल दौड़ तथा 4ग्100 मीटर एवं 4ग्400 मीटर रिले दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। सामूहिक स्पर्धाओं के अंतर्गत वॉलीबाल, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन तथा टेबल टेनिस स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। 
उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत संचालित समस्त कृषि महाविद्यालयों को चार जोन में विभाजित किया गया, जिसमें पूर्वी क्षेत्र के अन्तर्गत 11 महाविद्यालय आते हैं। विश्वविद्यालय के पश्चिम, उत्तर एवं दक्षिण जोन के 28 महाविद्यालयों में भी अन्तरमहाविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के समस्त कृषि महाविद्यालयों के चार जोन में आयोजित होने वाली अन्तरमहाविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता से प्रत्येक जोन के चयनित 40-40 विद्यार्थियों की एक टीम गठित की जाएगी जो विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता में अपने-अपने जोन का प्रतिनिधित्व करेगी। चारों जोन की विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली खेल-कूद प्रतियोगिता से चयनित 40 विद्यार्थियों की एक विश्वविद्यालय स्तरीय टीम का गठन किया जाएगा जो इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित अन्तर कृषि विश्वविद्यालयों खेल-कूद प्रतियोगिता में करेगी।

ग्रामीण प्रतिभा को मिला मंच, विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन

19-Nov-2025
रायपुर। ( शोर संदेश )  विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का समापन बलौदाबाजार स्पोर्ट्स स्टेडियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा तथा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
अपने उद्बोधन में मंत्री वर्मा ने कहा कि खेल जीवन के हर उतार-चढ़ाव का सामना करना सिखाते हैं। सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पहली बार किसी संसदीय क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ी एक साथ जुटे हैं, जो खेल जगत के लिए उत्साहजनक है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत-हार से कहीं अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। उन्होंने कहा कि खेलकूद से व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है, साथ ही टीम स्पिरिट, अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिट इंडिया मिशन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए सांसद खेल महोत्सव की महत्ता बताते हुए कहा कि इससे युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। सांसद अग्रवाल ने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ सरकार उत्कृष्ट खिलाड़ियों को विभिन्न शासकीय सेवाओं में नियुक्त कर रही है और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले कई खिलाड़ी आज सरकारी पदों पर कार्यरत हैं।
उल्लेखनीय है कि सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 21 सितंबर से 13 विधाओं में पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। 9–19 वर्ष एवं 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने खो-खो, कुश्ती, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, तैराकी, शरीर सौष्ठव, शतरंज, फुगड़ी, कबड्डी, गेड़ी दौड़, रस्सा-कस्सी और रस्सीकूद सहित अन्य खेलों में दमखम दिखाया। विजेता खिलाड़ी अब जिला एवं राज्य स्तरीय स्पर्धाओं में सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और नागरिक उपस्थित रहे।



 

भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज का मैच रायपुर में तीन दिसंबर को, टिकटों के दाम घोषित, स्टूडेंट्स के लिए खास ऑफर

18-Nov-2025
रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज का दूसरा मैच खेला जाना है। इसे लेकर छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। वहीं आज छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने मीडिया से चर्चा कर मैच की तैयारियों और टिकटों के दाम घोषित किए हैं। बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन के जरिए लोग टिकट खरीद सकते हैं। जो लोग ऑफलाइन टिकट लेना चाहते हैं वे 24 नवंबर से खरीद सकते है वहीं ऑनलाइन बिक्री 22 नवंबर से शुरू होगी।
रायपुर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ जोरो शोरो से तैयारी कर रही है। वहीं मुकाबले को लेकर बढ़़ रही उत्सुकता के बीच टिकट बिक्री की तारीखों का ऐलान आज हो गया। बताया कि टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 22 नवंबर से शुरू होगी। लोग आधिकारिक वेबसाइट www.ticketgini.in में जाकर टिकट बुक सकते सकते हैं। संघ ने सलाह दी है कि लोग ऑनलाइन ही टिकट खरीदें इससे भीड़ से बचत होगी।
24 नवंबर से ऑफलाइन
वहीं जो लोग ऑफलाइन टिकट लेना पसंद करते हैं, वे 24 नवंबर से रायपुर के इंडोर स्टेडियम में जाकर खरीद सकते हैं। दर्शक अपनी सुविधा के अनुसार दोनों तरीकों में से किसी का चयन कर टिकट खरीद सकते हैं।
इस बार टिकट की कीमतें कैटेगरी के आधार पर तय की गई हैं। साथ ही इस बार स्टूडेंट्स को राहत देते हुए टिकट दर में कटौती की है। पिछली बार 1000 रुपए की टिकट अब 800 रुपए में उपलब्ध होगी। हालांकि इसके लिए उन्हें अपरा वैध स्टूडेंट ID दिखाना होगा। जिसके बाद ही कम कीमत पर टिकट दी जाएगी। इसके अलावा संघ ने दिव्यांग बच्चों के लिए ​फ्री एंट्री का ऐलान किया है।
आम दर्शकों के लिए स्टैंड टिकट
1500 रुपए
2500 रुपए
3000 रुपए
3500 रुपए
प्रिमियम कैटेगरी
सिल्वर -6000 gate 12से एंट्री
गोल्ड - 8000
प्लैटिनम - 10000 gate 15 से एंट्री
कॉर्पोरेट- 20000 per seat gate 12-15 से एंट्री
स्टूडेंट टिकट 800- 1500 सीट रहेगी।
अपर 1500
लोअर - 2500
लोअर 5- 3500

फीफा विश्व कप 2026 के लिए पुर्तगाल ने लगातार सातवीं बार किया क्वालीफाई

17-Nov-2025
दिल्ली। । ( शोर संदेश ) पुर्तगाल ने रविवार को पोर्टो के एस्टादियो डो द्रागाओ में खेले गए अपने अंतिम वर्ल्ड कप क्वालिफायर मुकाबले में आर्मेनिया को 9-1 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया। यह पुर्तगाल का लगातार सातवां विश्व कप होगा।
रोबर्टो मार्टिनेज़ की टीम ने निलंबित क्रिस्टियानो रोनाल्डो की गैरमौजूदगी में शानदार प्रदर्शन किया। अगले साल होने वाले विश्व कप में जगह पक्की करने के लिए पुर्तगाल को जीत की जरूरत थी और टीम ने इसे दो हैट्रिक की मदद से बेहद प्रभावशाली अंदाज में हासिल किया—एक ब्रूनो फर्नांडीस ने और 
फीफा विश्व कप इतिहास में पुर्तगाल का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने पहली बार 1966 में हिस्सा लिया और शानदार खेल दिखाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया, जहां उसने छह मैचों में पांच जीत दर्ज कीं और सिर्फ एक मुकाबला हारा।
इसके बाद 1986 और 2002 के विश्व कप में पुर्तगाल का सफर ग्रुप स्टेज तक ही सीमित रहा, दोनों ही बार टीम ने तीन मैचों में एक-एक जीत हासिल की और दो मुकाबलों में हार का सामना किया।
2006 विश्व कप में पुर्तगाल ने अपने इतिहास का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान पाया। इस अभियान में टीम ने कुल सात मैच खेले, जिनमें चार जीते, एक ड्रॉ रहा और दो में हार मिली। 2010 में टीम प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंची, जहां उसने चार मैचों में एक जीत, दो ड्रॉ और एक हार दर्ज की।
2014 में पुर्तगाल ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया, इस दौरान उसने तीन मैचों में एक जीत, एक ड्रॉ और एक हार दर्ज की। 2018 में एक बार फिर टीम प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची और चार मैचों में एक जीत, दो ड्रॉ और एक हार मिली।
सबसे हालिया 2022 विश्व कप में पुर्तगाल ने अच्छा प्रदर्शन किया और क्वार्टरफाइनल तक का सफर तय किया, जहां उसने पांच मैचों में तीन जीत हासिल कीं। अब 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के बाद टीम से एक और मजबूत अभियान की उम्मीद है। 










 

कोलकाता टेस्ट में टीम इंडिया की शर्मनाक हार, दक्षिण अफ्रीका ने 30 रनों से हराया,भारत सीरीज में 0-1 से पिछड़ा

17-Nov-2025
दिल्ली। ( शोर संदेश ) भारतीय क्रिकेट टीम को कोलकाता टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 30 रन से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया को महज 124 रन का लक्ष्य मिला था। इसलिए ये हार ज्यादा चुभने वाली है। घरेलू जमीन पर यह न्यूनतम लक्ष्य था जिसे भारतीय टीम हासिल नहीं कर पाई। टीम इंडिया को ये हार लंबे समय तक याद रहेगी।
भारतीय टीम को घरेलू जमीन पर मिला यह सबसे छोटा लक्ष्य था जिसे हासिल करने में टीम इंडिया नाकाम रही और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ गई। इसके पहले भारतीय टीम 2024 में मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ 147 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई थी। 1987 में भारत पाकिस्तान के खिलाफ बेंगलुरु में 221 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाया था। 1956 में कोलकाता में हुए मैच में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 231 का लक्ष्य नहीं पा सकी थी।
वहीं, 2024 में ही इंग्लैंड के खिलाफ हैदराबाद में टीम इंडिया 242 रन का लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही थी। भारतीय टीम विदेशी पिचों पर भी चौथी पारी में 200 से कम के लक्ष्य का पीछा करते हुए कई बार मैच गंवा चुकी है।
1997 में भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ ब्रिजटाउन में 120 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी। 2015 में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ गाले में 176 रन नहीं बना सकी थी। 2025 में भारतीय टीम लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 193 रन नहीं बना सकी थी। वहीं 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में 194 रन भारतीय टीम से नहीं बने थे।
कोलकाता टेस्ट पर नजर डालें तो दक्षिण अफ्रीका टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 159 पर सिमट गई थी। भारतीय टीम ने पहली पारी में 189 रन बनाकर 30 रन की बढ़त ली थी। दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका 153 पर सिमट गई। भारत को जीत के लिए 124 रन का लक्ष्य मिला था। भारतीय टीम 93 रन पर सिमट गई और मैच 30 रन से हार गई।

कुमार संगकारा राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच के रूप में टीम में लौटे

17-Nov-2025
दिल्ली। ( शोर संदेश ) आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच के रूप में श्रीलंकाई दिग्गज क्रिकेटर कुमार संगकारा की टीम में वापसी हुई है। इसी के साथ संगकारा क्रिकेट निदेशक के रूप में भी अपनी भूमिका जारी रखेंगे।
इस बीच फ्रेंचाइजी ने विक्रम राठौर को मुख्य सहायक कोच के पद पर पदोन्नत किया है, जबकि शेन बॉन्ड गेंदबाजी कोच बने रहेंगे। इनके अलावा, ट्रेवर पेनी सहायक कोच और सिड लाहिड़ी प्रदर्शन कोच के रूप में वापसी करेंगे।
संगकारा की नियुक्ति को लेकर फ्रेंचाइजी के मुख्य मालिक मनोज बडाले ने कहा, “जब हमने विचार किया कि इस समय टीम को क्या चाहिए, तो हमें लगा कि टीम के साथ उनकी सहजता, उनका नेतृत्व और रॉयल्स के कल्चर की उनकी गहरी समझ निरंतरता और स्थिरता का सही संतुलन लाएगी।”
उन्होंने कहा, “एक लीडर के रूप में हमें कुमार (संगकारा) पर हमेशा पूरा भरोसा रहा है। उनकी स्पष्टता, धैर्य और क्रिकेट की समझ टीम को अगले चरण में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
कुमार संगकारा इससे पहले साल 2021 से 2024 के बीच टीम के हेड कोच के रूप में कार्यरत थे। उनके मार्गदर्शन में राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2022 का फाइनल खेलने के बाद आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में जगह बनाई थी। इसके बाद आईपीएल 2025 में राहुल द्रविड़ ने यह पद संभाला, लेकिन एक ही सीजन के बाद ही द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया।
आईपीएल 2025 में राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। यह टीम 14 में से सिर्फ 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में नौवें पायदान पर रही।
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल इतिहास में अब तक सिर्फ एक बार खिताब अपने नाम किया है। इस टीम ने साल 2008 में आईपीएल इतिहास का पहला सीजन जीता था, जिसके बाद साल 2022 के फाइनल में पहुंचकर उसे गुजरात टाइटंस के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी।


 

दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय जमीन पर जीता टेस्ट, टीम इंडिया को 30 रन से हराया

16-Nov-2025
कोलकाता (शोर संदेश)। दक्षिण अफ्रीका ने कोलकाता टेस्ट में शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान तेम्बा बावुमा के संघर्षपूर्ण अर्धशतक की बदौलत भारत के सामने 124 रनों का लक्ष्य रखा। लेकिन भारत यह लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 30 रनों से मैच हार गई।
इस जीत के साथ ही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में मेहमान टीम 1-0 से आगे हो गई है। अब दक्षिण अफ्रीका किसी भी हाल में सीरीज नहीं हार सकती। आखिरी बार 15 साल पहले उसने भारत में सीरीज ड्रॉ कराई थी, जबकि 25 साल पहले 1999-2000 में भारत में सीरीज जीती थी। ऐसे में अब उसके पास एक बार फिर सीरीज अपने नाम करने का सुनहरा मौका है।
नागपुर में आखिरी बार दर्ज़ की थी जीत
दक्षिण अफ्रीका ने 15 साल बाद भारतीय सरजमीं पर कोई टेस्ट मैच जीता है। उसने आखिरी बार फरवरी 2010 में नागपुर में भारत को पारी और 6 रनों से हराया था। यही वह सीरीज है, जिसे दक्षिण अफ्रीका ने भारत में आखिरी बार ड्रॉ कराया था।
ऐसे भारत पर भारी पड़ा दक्षिण अफ्रीका
इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 159 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 189 रन बनाकर ऑलआउट हुई। भारत ने पहली पारी में 30 रन की बढ़त बनाई। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में 153 रन बनाए और भारत के सामने 124 रनों का लक्ष्य रखा। कोलकाता की टर्निंग पिच पर इस लक्ष्य को पाना साना नहीं था। भारत की बल्लेबाजी दूसरी पारी में बेहद खराब रही और टीम दूसरे ही सत्र में 93 रन पर ऑलआउट हो गई।

राष्ट्रीय कीड़ा प्रतियोगिता 2025 में छत्तीसगढ़ के एकलव्य विद्यालयों का शानदार प्रदर्शन, देश में दूसरा स्थान

16-Nov-2025
रायपुर, । ( शोर संदेश )   छत्तीसगढ़ के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा के सुंदरगढ़ में 11 नवंबर से 15 नवंबर 2025 तक आयोजित चौथी राष्ट्रीय कीड़ा प्रतियोगिता में पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के लगभग 7000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ राज्य के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में विद्यालय, जिला, संभाग एवं राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद 466 प्रतिभागियों सहित कुल 516 सदस्यीय दल इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि  यह उपलब्धि राज्य में जनजातीय शिक्षा, खेल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण तथा युवा खिलाड़ियों के निरंतर प्रोत्साहन की दिशा में सरकार के प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ओडिशा में आयोजित चौथे EMRS राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2025 में छत्तीसगढ़ राज्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समग्र रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि राज्य के युवा खिलाड़ियों की अथक मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कौशल का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ की पूरी टीम को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार, उन्नत प्रशिक्षण, कोचिंग और आवासीय विद्यालयों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन तथा अभिभावकों के प्रति भी आभार जताया, जिन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विद्यार्थियों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए 55 स्वर्ण, 43 रजत एवं 64 कांस्य पदक, कुल 162 पदक हासिल किए और राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का परचम ऊँचा किया। विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया—स्वीमिंग में 10 स्वर्ण, 09 रजत व 07 कांस्य, कुश्ती एवं एथलेटिक्स में 07-07 स्वर्ण, ताईक्वांडो एवं तीरंदाजी में 05-05 स्वर्ण, तथा जूडो एवं बैडमिंटन में 04-04 स्वर्ण पदक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी एवं केन्द्रीय मंत्री जुएल ओराम द्वारा छत्तीसगढ़ की प्रतिभागी टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। यह उपलब्धि प्रदेश के विद्यार्थियों की प्रतिबद्धता, लगन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में 27,300 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन विद्यालयों में बेहतर शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए विशेष ध्यान दिया जाता है। इसी सतत प्रयास का परिणाम है कि आज एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पटल पर शानदार सफलता प्राप्त करते हुए आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग सहित पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ.सारांश मित्तर ने भी सभी विजेता छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

 

 


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया

14-Nov-2025
रायपुर, ( शोर संदेश )। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में वूमेन्स सेल्फ डिफेंस ऑर्गनाइजेशन छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कराटे, कुश्ती और ताइक्वांडो जैसे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के लिए स्वेच्छानुदान स्वीकृत करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री साय ने संगठन के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों द्वारा रखे गए सुझावों और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। खिलाड़ियों ने बताया कि वे देश और विदेश में विभिन्न प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा आगे भी राज्य का नाम और ऊंचा करने के लिए निरंतर प्रशिक्षण और सहयोग की आवश्यकता है। खिलाड़ियों ने खेल उपकरण, प्रशिक्षण सुविधाओं और प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों की भावनाओं की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर यथासंभव सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account