ब्रेकिंग न्यूज

खेल

पहले टी20 में जेमिमा–हरमन की साझेदारी से भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराया

22-Dec-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मैच में 8 विकेट से जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया। ऐसा पहली बार है जब भारतीय महिला टीम ने किसी टी20 पारी में दूसरे और तीसरे विकेट के लिए 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी की है।
रविवार को श्रीलंकाई टीम ने भारत को जीत के लिए महज 122 रन का लक्ष्य दिया था, जिसका पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 14.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारतीय टीम 13 के स्कोर पर शेफाली (9) का विकेट गंवा चुकी थी। यहां से स्मृति मंधाना ने जेमिमा रोड्रिग्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 54 रन की साझेदारी की। स्मृति 4 चौकों की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुईं। इसी के साथ स्मृति टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4 हजार रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।
मंधाना के पवेलियन लौटने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 55 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान टीम दिलाई। जेमिमा ने 44 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 69 रन बनाए, जबकि कप्तान ने 15 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी टीम की ओर से काव्या कविंदी और इनोका रणवीरा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले, टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 121 रन बनाए। टीम ने 18 के स्कोर पर कप्तान चामरी अथापथु (15) का विकेट गंवा दिया था।
यहां से विश्मी गुणरत्ने ने हसिनी परेरा के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की। हसिनी 20 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद गुणरत्ने ने हर्षिता माधवी के साथ 38 रन जोड़े। गुणरत्ने 43 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि हर्षिता माधवी ने 23 गेंदों में 21 रन की पारी खेली। मेजबान टीम की तरफ से क्रांति गौड़, श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया।















 

ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड बना सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का चैंपियन

19-Dec-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) ईशान किशन की कप्तानी वाली झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का खिताब जीत लिया है। फाइनल में झारखंड ने हरियाणा को 69 रन से हराया। जीत के हीरो कप्तान ईशान किशन रहे, जिन्होंने 101 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। ईशान फाइनल में शतक बनाने वाले पहले कप्तान भी बने।
पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मैच में हरियाणा ने टॉस जीतकर झारखंड को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया था। झारखंड के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान ईशान किशन ने मात्र 45 गेंदों पर शतक लगाया। किशन ने 49 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 10 छक्के और 6 चौके लगाए। किशन के अलावा कुमार कुशाग्र ने भी 38 गेंद पर 5 छक्के और 8 चौके लगाते हुए 81 रन की पारी खेली। किशन और कुशाग्र ने दूसरे विकेट के लिए 177 रन की साझेदारी की। अनुकूल रॉय 20 गेंद पर 40 और रॉबिन मिंज 14 गेंद पर 31 रन बनाकर नाबाद रहे। झारखंड ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 262 रन बनाए थे।
263 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने 1 के स्कोर पर अपने 2 विकेट खो दिए। खराब शुरुआत के बाद हरियाणा कभी उबर नहीं सकी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती गई। टीम 18.3 ओवर में 193 रन पर सिमट गई और 69 रन से ये खिताबी मुकाबला हार गई।
हरियाणा के लिए विकेटकीपर यशवर्धन दलाल ने 22 गेंद पर 5 छक्के और 2 चौकों की बदौलत 53 रन की विस्फोटक पारी खेली। इसके अलावा निशांत सिंधु ने 15 गेंद पर 31 और समंत देवेंद्र जाखड़ ने 17 गेंद पर 38 रन बनाए।
झारखंड के लिए विकास सिंह और अनुकूल रॉय ने 2-2, जबकि सुशांत मिश्रा और बाल कृष्ण ने 3-3 विकेट लिए। झारखंड का यह पहला खिताब है। झारखंड और हरियाणा दोनों ही पहली बार फाइनल में पहुंची थीं।










 

तीसरे दिन एडिलेड टेस्ट में ट्रेविस हेड के शतक से ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में

19-Dec-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट पर 271 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 356 रन हो चुकी है। ट्रेविस हेड ने टेस्ट करियर का 11वां शतक लगाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।
ट्रेविस हेड ने सीरीज का दूसरा शतक लगा दिया है। इस शतक के साथ ही हेड ने टेस्ट में भी बतौर ओपनर अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय हेड 196 गेंद पर 2 छक्के और 13 चौकों की मदद से 142 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ पहली पारी में शतक लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी 52 रन पर नाबाद हैं। हेड और कैरी के बीच पांचवें विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी हो चुकी है। हेड ने उस्मान ख्वाजा (40 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया 4 विकेट पर 271 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 356 रन कर चुकी है। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 85 रन की बढ़त मिली थी।
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 286 रन पर समाप्त हुई। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा 83 रन कप्तान बेन स्टोक्स ने बनाए। जोफ्रा आर्चर 51 रन बनाकर दूसरे मुख्य स्कोरर रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड ने 3-3, नाथन लियोन ने 2, जबकि मिचेल स्टार्क और कैमरन ग्रीन ने 1-1 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया ने एलेक्स कैरी के 106, उस्मान ख्वाजा के 82, और मिचेल स्टार्क के 54 रन की बदौलत पहली पारी में 371 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने 5, ब्रायडन कार्स और विल जैक्स ने 2-2, जबकि जोश टंग ने 1 विकेट लिया था।
 

मुख्यमंत्री साय से मास्टर एथलीट फेडरेशन ऑफ इंडिया के खिलाड़ियों की सौजन्य भेंट

19-Dec-2025
रायपुर( शोर संदेश )।  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से विगत दिवस छत्तीसगढ़ विधानसभा के कार्यालय कक्ष में  मास्टर एथलीट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिभागियों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। मास्टर एथलीट फेडरेशन ऑफ इंडिया के द्वारा 5 से 9 नवम्बर तक चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के भिलाई, बिलासपुर, महासमुंद और बस्तर से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया और विभिन्न स्पर्धाओं में जीत हासिल की। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित थे।
 

भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराया, सीरीज में 2-1 की बढ़त

15-Dec-2025
नई दिल्ली( शोर संदेश )। भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ अफ्रीकी टीम महज 117 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 44 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान एडेन मार्करम ने पारी को संभालने की कोशिश की।
मार्करम ने 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेली। डोनोवन फरेरा ने 20 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि एनरिक नॉर्त्जे ने 12 रन जुटाए। इनके अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका।
भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को 1-1 विकेट हाथ लगा।
इसके जवाब में भारत ने 15.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। मेजबान टीम को अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5.2 ओवरों में 60 रन की साझेदारी की।
अभिषेक 18 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 28 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 25 रन और शिवम दुबे ने 10 रन की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को जीत दिलाई।
साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी, मार्को जानसेन और कॉर्बिन बॉश ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज के शेष दो मुकाबले लखनऊ और अहमदाबाद में क्रमश: 17 दिसंबर और 19 दिसंबर को खेले जाने हैं।






 

प्रोजेक्ट महादेव’ : लियोनेल मेसी के साथ सीएम फडणवीस ने किया ‘प्रोजेक्ट महादेव’ का शुभारंभ

15-Dec-2025
नई दिल्ली( शोर संदेश )। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी रविवार शाम वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर सीएम फडणवीस ने आधिकारिक तौर पर ‘प्रोजेक्ट महादेव’ लॉन्च किया। ‘प्रोजेक्ट महादेव’ का मकसद राज्य के स्कूल जाने वाले लड़के और लड़कियों को परिवर्तनकारी समर्थन देना और उनके फुटबॉल के सपनों को पूरा करने में मदद करना है।
मिशन ओलंपिक 2026 के अंतर्गत महाराष्ट्र से अधिकाधिक स्वर्ण पदक प्राप्त करने तथा 2034 तक फुटबॉल विश्व कप की तैयारी के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ‘प्रोजेक्ट महादेव’ को लागू किया जा रहा है। ‘प्रोजेक्ट महादेव’ यह उपक्रम महाराष्ट्र इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन, विलेज सोशल ट्रांसफॉर्मेशन फाउंडेशन, वेस्टर्न इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन, सिडको तथा महाराष्ट्र शासन के क्रीड़ा विभाग के माध्यम से संयुक्त रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट महादेव’ महाराष्ट्र शासन का एक महत्वपूर्ण उपक्रम है, जिसके माध्यम से पूरे राज्य में 13 वर्ष से कम आयु के युवाओं में फुटबॉल प्रतिभा की खोज कर उच्च दर्जे के खिलाड़ी तैयार किए जाएंगे। इस उपक्रम के अंतर्गत छात्रवृत्ति, विदेशी प्रशिक्षकों द्वारा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण तथा सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान किए जाएंगे। चयनित 60 खिलाड़ियों (30 लड़के, 30 लड़कियां) को 5 वर्षों के लिए पूर्ण आवासीय छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
इस मौके पर लियोनेल मेसी के साथ अर्जेंटीना के पूर्व खिलाड़ी लुईस सुवारेज और रोड्रिगो डी पॉल, क्रीड़ा मंत्री माणिकराव कोकाटे, सांसद प्रफुल्ल पटेल, भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, लोकप्रिय भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री, भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान राहुल भेके, महाराष्ट्र इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण परदेशी, अमृता देवेंद्र फडणवीस, जीओएटी टूर प्रमोटर सत्तादूर दत्ता, टाइगर श्रॉफ, अजय देवगन, कार्तिक आर्यन, और डिनो मोरिया सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर विश्व के महानतम क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी मेसी से मिले। उन्होंने मेसी को अपनी साइन की हुई जर्सी भी दी। तेंदुलकर ने कहा, “विश्व प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी और उनके सहयोगियों के भारत आने तथा विशेष रूप से मुंबई आने के लिए वे सभी का हृदय से धन्यवाद करते हैं। मुंबई सपनों का शहर है और यह क्षण भी अत्यंत स्मरणीय है। दर्शकों के समर्थन के बिना हम बड़े नहीं हो सकते। वानखेड़े स्टेडियम में वर्ष 2011 के क्रिकेट विश्व कप की याद ताजा हो गई। यह क्षण स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। खेल में खिलाड़ियों के लिए दृढ़ता और जिद बहुत महत्वपूर्ण होती है।”
उन्होंने कहा, “लियोनेल मेसी विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं और उनमें संवेदनशीलता भी है। जिस प्रकार उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दिया, वह अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए मैं मेसी का आभार व्यक्त करता हूं और उन्हें तथा उनके परिवार को स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं देता हूं।”
वहीं अब सोमवार को लियोनेल नई दिल्ली आएंगे, यहां भी उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त और पहले से तय होगा। यह कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई के बाद भारत दौरे का चौथा और आखिरी पड़ाव होगा। दिल्ली में मेसी के कार्यक्रम में एक प्रदर्शनी मैच, एक स्टेज इवेंट, बच्चों के लिए एक फुटबॉल क्लीनिक और कई हाई-प्रोफाइल प्राइवेट मीटिंग शामिल हैं। सभी कार्यक्रम अरुण जेटली स्टेडियम में होंगे।
 

Squash World Cup 2025: भारतीय टीम ने रचा इतिहास, पीएम मोदी ने बताया गौरव का पल

15-Dec-2025
नई दिल्ली( शोर संदेश )। चेन्नई में आयोजित स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम ने टॉप सीड हांगकांग, चीन को 3-0 से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। पीएम मोदी ने टीम को बधाई देते हुए इसे गौरव का पल बताया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “एसडीएटी स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 में इतिहास रचने और अपना पहला वर्ल्ड कप टाइटल जीतने के लिए भारतीय स्क्वैश टीम को बहुत-बहुत बधाई! जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलवन सेंथिल कुमार और अनाहत सिंह ने जबरदस्त लगन और पक्का इरादा दिखाया है। उनकी सफलता ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। इस जीत से हमारे युवाओं के बीच स्क्वैश की लोकप्रियता भी बढ़ेगी।”
यह भारत का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहला खिताब है। इससे पहले 2023 में भारत को कांस्य पदक मिला था, लेकिन इस बार टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया और शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारत स्क्वैश वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला एशियाई देश बन गया है। फाइनल मुकाबला चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में खेला गया।
पहले मैच में अनुभवी जोशना चिनप्पा ने हांगकांग की का यी ली को 3-1 (7-3, 2-7, 7-5, 7-1) से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। 39 साल की जोशना ने अपनी बेहतरीन कोर्टक्राफ्ट और अनुभव का शानदार इस्तेमाल किया। इसके बाद भारत के नंबर-1 पुरुष खिलाड़ी अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को सीधे सेटों में 3-0 (7-1, 7-4, 7-4) से मात देकर स्कोर 2-0 कर दिया।
निर्णायक मैच में 17 साल की युवा स्टार अनाहत सिंह ने टोमाटो हो को 3-0 (7-2, 7-2, 7-5) से हराकर जीत पक्की की। अनाहत टूर्नामेंट की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी थीं और उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। वेलवन सेंथिल कुमार भी टीम का हिस्सा थे, हालांकि फाइनल में उनकी जरूरत नहीं पड़ी।
टूर्नामेंट के सफर में भारत ने ग्रुप स्टेज में स्विट्जरलैंड और ब्राजील को 4-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 3-0 और सेमीफाइनल में दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन मिस्र को 3-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। पूरी टीम ने लगन, इरादा और टीमवर्क का बेहतरीन नमूना पेश किया।




 

जशपुर में बनेगा अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी, आदिवासी युवाओं को मिलेगी विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधा

14-Dec-2025
रायपुर,( शोर संदेश ) अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी का मतलब ऐसी अकादमी से है जहाँ खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और बेहतरीन सुविधाएं (जैसे हॉस्टल, इनडोर/आउटडोर रेंज) मिलती हैं, ताकि वे राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर सकें। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जशपुर जिले को एक और बड़ी सौगात मिली है। जिले के बगीचा विकासखंड के पंडरा पाठ में अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी (आर्चरी सेंटर) के निर्माण के लिए स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण हेतु एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा सीएसआर फंड से 20.53 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
नई तीरंदाजी अकादमी बनने से जिले के ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएँ मिलेंगी। यह पहल आने वाले समय में जशपुर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतिभाओं का हब बनाने में निर्णायक साबित होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें विश्व पटल तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता का यह एक और बड़ा उदाहरण है। अकादमी के बनने से जशपुर न केवल खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाएगा, बल्कि यह देश के युवा तीरंदाजों के लिए एक उत्कृष्ट प्रशिक्षण केंद्र के रूप में उभरेगा। यह पहल खेलों के विकास और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा हैं। 
वित्तीय सहयोग एनटीपीसी के सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग से 
तीरंदाजी अकादमी के निर्माण में एनटीपीसी लिमिटेड अपनी कॉर्प्रोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत वित्तीय सहयोग प्रदान करेगा। यहां आउटडोर और वातानुकूलित इनडोर तीरंदाजी रेंज, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर, छात्रावास जैसे निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं।जशपुर के युवाओं में इस घोषणा को लेकर उत्साह का माहौल है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
 

दंतेवाड़ा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स में 4 गोल्ड

13-Dec-2025
रायपुर( शोर संदेश )। कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, खो-खो, कराटे और बैडमिंटन में कुल 15 पदक हासिलकबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, खो-खो, कराटे और बैडमिंटन में कुल 15 पदक हासिलकबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, खो-खो, कराटे और बैडमिंटन में कुल 15 पदक हासिल
बस्तर संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2025 में दंतेवाड़ा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई विधाओं में पदक अपने नाम किए। एथलेटिक्स 400 मीटर दौड़ में दंतेवाड़ा की प्रतिभावान धाविका रानू भोगामी ने अथक मेहनत और उत्कृष्ट तकनीक के बल पर स्वर्ण पदक (प्रथम स्थान) हासिल किया। रानू भोगामी एकलव्य खेल परिसर, जावंगा (गीदम) की प्रशिक्षित एथलीट हैं, जिन्होंने पूरे मुकाबले में बेहतरीन गति और संयम का परिचय दिया।
इस बार दंतेवाड़ा जिले से कुल 370 प्रतिभागियों ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिनमें 184 महिला एवं 186 पुरुष खिलाड़ी शामिल रहे। खिलाड़ियों की यह बड़ी सहभागिता जिले में खेल भावना और खेल संरचना की मजबूती को दर्शाती है।
खिलाड़ियों ने अनेक खेलों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित किए जिसमें रस्साकसी में दंतेवाड़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला सीनियर वर्ग में दंतेवाड़ा ने वॉलीबॉल में प्रथम स्थान, कबड्डी में द्वितीय स्थान, जूनियर महिला हॉकी में तृतीय स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में जूनियर महिला डबल में प्रथम स्थान, जूनियर पुरुष एकल में द्वितीय स्थान, सीनियर पुरुष एकल में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।    एथलेटिक्स फेंक प्रतियोगिता में दंतेवाड़ा के पांडु राम ने भाला फेंक में प्रथम स्थान एवं अनुसूर्या ने फेंक स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन उपलब्धियों से स्पष्ट होता है कि दंतेवाड़ा जिले के युवा विभिन्न खेल विधाओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता रखते हैं।
जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा प्रशिक्षकों ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई दी है और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ की हैं। बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल के माध्यम से युवाओं के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है, जिसमें दंतेवाड़ा जिला निरंतर अग्रसर है।

 

आईईडी विस्फोट से खेल मैदान तक: किशन हप्का ने बस्तर ओलंपिक में रचा इतिहास

13-Dec-2025
रायपुर,( शोर संदेश )। तीरंदाजी खेल में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्थान किया प्राप्तबीजापुर जिले के छोटे से गांव छोटे तुमदार (भैरमगढ़) के 27 वर्षीय किशन कुमार हप्का ने साबित कर दिया है कि सच्चा खिलाड़ी परिस्थितियों से नहीं, अपने हौसले से पहचाना जाता है। कभी डीआरजी का जांबाज़ जवान रहे किशन को वर्ष 18 जुलाई 2024 में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर अपना एक पैर खोना पड़ा था। हादसा इतना बड़ा था कि कोई भी सामान्य इंसान हार मान ले, लेकिन किशन की सोच ने उनके लिए नया रास्ता तैयार कर दिया। उसने बस्तर ओलंपिक में तीरंदाजी खेल में अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का फ़ैसला किया। 
शरीर ने साथ छोड़ा, पर दिल में खेलने का जुनून और देश सेवा की भावना आज भी उतनी ही मजबूत है। यही जुनून उन्हें फिर से मैदान में ले आया। अपने साहस से लड़ते हुए किशन ने न सिर्फ खुद को संभाला, बल्कि बस्तर ओलंपिक के जिला स्तरीय खेलों में चयनित होकर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचने का इतिहास रच दिया। किशन ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्थान कर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया ।

      हादसे के बाद एक समय ऐसा भी आया जब किशन ने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन उनके भीतर का खिलाड़ी हार मानने को तैयार नहीं था। खेल के प्रति प्रेम और अंदर छिपी आग ने उन्हें दोबारा खड़ा कर दिया। किशन अपने कोच दुर्गेश प्रताप सिंह को अपना मार्गदर्शक और प्रेरणा का स्रोत मानते हैं। वे कहते हैं कोच  दुर्गेश ने मुझे सिर्फ खेल नहीं सिखाया, बल्कि यह भरोसा भी दिलाया कि अपंगता शरीर की होती है, मन की नहीं।
 भैरमगढ़ ब्लॉक के छोटे तुमनार जैसे दूरस्थ गांव से निकलकर किशन आज पूरे बस्तर के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनका संघर्ष हजारों युवाओं के लिए यह संदेश है कि मुश्किलें चाहे कितनी ही बड़ी हों, पर हौसला उससे हमेशा बड़ा होना चाहिए। किशन की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे बीजापुर जिले के लिए गर्व का क्षण है।






 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account