ब्रेकिंग न्यूज

खेल

भारत बनाम वेस्टइंडीज दूसरा टेस्ट आज, क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान में उतरी टीम इंडिया

10-Oct-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जायेगा। दूसरे मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। इस मुकाबले को जीतकर टीम इंडिया सीरीज में क्लीन स्वीप करना चाहेगी।
भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम दो बदलावों के साथ इस मैच में उतरी है। ब्रैंडन किंग और जोहान लेने इस मैच से बाहर हैं। उनके स्थान पर एंडरसन फिलिप और तेविन इमलाच को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।
अरुण जेटली स्टेडियम में तेज आउटफील्ड और थोड़ी छोटी बाउंड्री देखने को मिलती है। यहां की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल है। बीते दिनों दिल्ली में बारिश देखने को मिली है, लेकिन इस टेस्ट मैच के दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान है।
भारत ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच को पारी और 140 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया था। ऐसे में मेजबान टीम के हौसले बुलंद हैं।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले मैच में वेस्टइंडीज का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। टीम पहली पारी में महज 162 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में भारत ने पहली पारी में 448 रन बनाकर 286 रन की बढ़त हासिल कर ली। इसका दबाव वेस्टइंडीज की दूसरी पारी पर स्पष्ट तौर पर देखने को मिला। मेहमान टीम महज 146 रन पर सिमट गई।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच साल 1948 से अब तक कुल 101 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिसमें वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी रहा है। इस दौरान वेस्टइंडीज की टीम 30 मुकाबले अपने नाम कर चुकी है, जबकि भारत ने 24 मैच जीते। दोनों देशों के बीच 47 टेस्ट मैच ड्रॉ भी रहे हैं।
भारत की प्लेइंग इलेवन : यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन : जॉन कैंपबेल, टैगेनारिन चंद्रपॉल, एलिक एथनाज, शाई होप, रोस्टन चेज (कप्तान), तेविन इमलाच (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वारिकन, खारी पियरे, एंडरसन फिलिप और जेडन सील्स।
 

भारतीय महिला टीम को विश्व कप में पहला झटका, साउथ अफ्रीका ने भारत को 3 विकेट से हराया

10-Oct-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ महिला विश्व कप 2025 के 10वें मैच में 3 विकेट से जीत दर्ज की। 252 रनों का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 19.4 ओवरों में 81 रन पर अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी। टीम को यहां  से जीत के लिए 171 रन की दरकार थी। इस लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने 3 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
एसीए-वीडीसीए विशाखापत्तनम क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 49.5 ओवरों में 251 रन पर सिमट गई। भारत की तरफ से ऋचा घोष ने सर्वाधिक 94 रन बनाए।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (70) और नादिन डी क्लार्क (नाबाद 84) की शानदार पारियों के दम पर 48.5 ओवरों में जीत हासिल कर ली। विश्व कप 2025 में पहली हार के बाद भारतीय टीम प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल तीसरे पायदान पर मौजूद है।
लगातार पांच वनडे मैचों में हार के बाद भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका की पहली जीत रही। विश्व कप में भारत के विरुद्ध साउथ अफ्रीका ने लगातार तीसरा मुकाबला अपने नाम किया है। यह महिला वनडे वर्ल्ड कप में किसी टीम के खिलाफ पांचवां सबसे सफल रन चेज भी है।
यह महिला वनडे क्रिकेट में रनों का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए शुरुआती पांच विकेट गिरने के बाद सर्वाधिक रन जुटाने का रिकॉर्ड है। इससे पहले इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ साल 2019 में वानखेड़े के मैदान पर पांच विकेट गंवाने के बाद 159 रन बनाए थे।
 

केंद्र सरकार की अतिरिक्त सचिव कैरेलिन खोंगवार देशमुख का कांकेर दौरा — मावा मोदोल और विशेष विद्यालय का निरीक्षण

09-Oct-2025
रायपुर( शोर संदेश ) भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव कैरेलिन खोंगवार देशमुख आज आकांक्षी जिला कांकेर पहुंची। उन्होंने यहां शुरू किए गए मावा मोदोल कोचिंग संस्थान और सेंट्रल लाइब्रेरी का अवलोकन किया। तदुपरांत वे ग्राम कोदाभाट स्थित शासकीय श्रवण बाधितार्थ विशेष विद्यालय पहुंची जहां उन्होंने निःशक्त, मुक-बधिर बच्चों से बातचीत की।
भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव देशमुख ने कांकेर की सेंट्रल लाइब्रेरी का अवलोकन किया और वहां आने वाले विद्यार्थियों से बातचीत की। कांकेर में स्थानीय युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण एवं स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराने के उद्देश्य को लेकर यह सेंट्रल लाइब्रेरी बनाई गई है। इस लाइब्रेरी में प्रतिदिन महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों का अध्ययन करते हैं। अतिरिक्त सचिव ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की। उन्होंने लाइब्रेरी के विजिटर्स रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर भी किए।
अतिरिक्त सचिव देशमुख मावा मोदोल कोचिंग संस्थान भी गई। यहां उन्होंने अध्ययन कक्ष में जाकर विद्यार्थियों से चर्चा की। सुदूर आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर ढंग से तैयारी करने व कैरियर गाइडेंस देने के लिए इस कोचिंग संस्थान को शुरू किया गया है। कोचिंग संस्थान में कांकेर जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को सीजी पीएससी, एसएससी, व्यापम सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। अतिरिक्त सचिव देशमुख ने इसकी भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यूपीएससी, राज्य पीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पढ़ने की सुविधा देना जिले की प्रतिभाओं को गढ़ने का अच्छा प्रयास है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांकेर के विद्यार्थियों का न सिर्फ प्रदेश की लोक सेवाओं में चयन हो, बल्कि वे अपनी मेहनत और संस्थान के मार्गदर्शन में देश और विदेशों में भी सेवाओं के जरिए अपनी पहचान स्थापित करें। देशमुख ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से उनके भविष्य की रणनीति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।  
अतिरिक्त सचिव ने मूक-बधिर विद्यार्थियों के बीच गुजारा समय
कांकेर प्रवास के दौरान भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव देशमुख ग्राम कोदाभाट स्थित शासकीय श्रवण एवं दृष्टि बाधितार्थ विशेष विद्यालय भी पहुंचीं। यहां विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों ने साइन लैंग्वेज से उनका स्वागत किया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों ने स्वागत गीत गाया तथा खुद के द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स उन्हें भेंट की। यह विशेष विद्यालय 50 सीटर है। विद्यालय में बारहवीं तक की कक्षाएं संचालित हैं तथा कुल 45 छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें 33 श्रवण बाधित और 12 दृष्टिबाधित बच्चे सम्मिलित हैं। विशेष विद्यालय परिसर में सभी छात्रों के लिए निःशुल्क आवासीय एवं भोजन सुविधा उपलब्ध है। इस विद्यालय में निकट भविष्य में स्मार्ट क्लासेस शुरू करने की भी योजना है। अतिरिक्त सचिव देशमुख ने यहां उपलब्ध साधनों एवं संसाधनों की सराहना करते हुए शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की रूचि के अनुरूप विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण देने की बात भी कही, ताकि निः शक्त और दृष्टि तथा श्रवण बाधित बच्चे बड़े होकर आत्मनिर्भर बन सकें।



 

सांसद खेल महोत्सव 2025 : दूसरे दिन भी खिलाड़ियों में जोश और उत्साह का संगम

09-Oct-2025
रायपुर( शोर संदेश )  सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत बुधवार को रायपुर लोकसभा क्षेत्र के भाटापारा एवं सिमगा विकासखंडों में जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ। ग्रामीण प्रतिभाओं के उत्साह और खेल भावना से ओतप्रोत इन आयोजनों में सैकड़ों खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
भाटापारा विकासखंड के सिंगारपुर (लेवई) ज़ोन में आज द्वितीय दिवस के अवसर पर खेलों का शुभारंभ ग्राम लेवई की सरपंच गायत्री गोविंद ध्रुव, सेवा निवृत्त प्रधान पाठक बी. डी. साहू, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोज सागर, संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक तथा ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों एवं खेलप्रेमियों की उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई जिसने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। सिंगारपुर (लेवई) जोन में आज 12 ग्रामों के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थाओं से लगभग 650 खिलाड़ी, अधिकारी एवं ऑफिशियल शामिल हुए।
आज के परिणामों में फुगड़ी में प्रथम स्थान नेहा साहू, गेड़ी दौड़ में खेमेश्वरी जायसवाल, रस्साकसी (बालक वर्ग) में ग्राम अकलतरा, खो-खो 19 वर्ष बालक एवं बालिका वर्ग तथा 19 वर्ष से अधिक महिला एवं पुरुष वर्ग में ग्राम लेवई, कबड्डी बालक वर्ग में सिंगारपुर तथा बालिका वर्ग में मेंड्रा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन प्रतियोगिताओं की सफलता में भाटापारा विकासखंड के सभी व्यायाम शिक्षक, खेल प्रशिक्षक एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसी क्रम में विकासखंड सिमगा के सुहेला ग्राम पंचायत में भी आज प्रथम जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोपाल शुक्ला (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत सिमगा),
विशिष्ट अतिथि चंद्र प्रकाश (सभापति, जनपद पंचायत सिमगा),
तथा जनपद सदस्य भानु प्रताप वर्मा और कमल बंजारे की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सुहेला में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, गेंड़ी दौड़, फुगड़ी, शतरंज, रस्सा कसी एवं रस्सी कूद जैसे पारंपरिक और आधुनिक खेलों में 9 वर्ष से लेकर 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया तथा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया गया।
दोनों ही आयोजनों में ग्रामीणजन, शिक्षकगण, पंचायत प्रतिनिधि, खेल अधिकारी एवं खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सांसद खेल महोत्सव के ये आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा दे रहे हैं बल्कि गांव-गांव में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहे हैं।
भाटापारा, सिमगा, बलौदाबाजार में 11 अक्टूबर तक सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक स्तर के विजेता नवंबर में राजधानी रायपुर में 3 दिनों तक चलने वाले फाइनल में हिस्सा लेंगे। कोई भी महिला पुरुष 19 वर्ष से कम और 19 वर्ष से अधिक वर्गों में शामिल हो सकता है वो QR कोड या www.sansadkhelmahotsav.in के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं।





 

 


भारत के पैरा-एथलीट्स का स्वर्णिम प्रदर्शन – वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीते 22 पदक

07-Oct-2025
रायपुर,।  ( शोर संदेश ) नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत के पैरा-एथलीट्स ने अदम्य जज़्बे और अथक परिश्रम के बल पर विश्व पटल पर नया इतिहास रच दिया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय दल ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण, 9 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 22 पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय पैरा-एथलीट्स के इस गौरवपूर्ण प्रदर्शन पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि हमारे पैरा-एथलीट्स ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब संकल्प अडिग हो और मेहनत निरंतर, तब कोई भी मंज़िल असंभव नहीं होती। यह प्रदर्शन न केवल खेल जगत के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करता है।
मुख्यमंत्री साय ने सभी विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता “नए भारत की नई उड़ान” का सजीव उदाहरण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को अपने पैरा-एथलीट्स पर गर्व है, जिन्होंने दुनिया के सामने भारतीय जज़्बे की नई परिभाषा लिखी है।




 

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को 88 रन से हराया

06-Oct-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच में 88 रन से हरा दिया। 248 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 43 ओवर में 159 पर सिमट गई।
भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 247 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल और मंधाना ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। मंधाना ने 23 और रावल ने 31 रन बनाए। हरलीन देओल ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। 65 गेंदों की पारी में हरलीन ने 4 चौके और 1 छक्का लगाया। इसके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने 32, दीप्ति शर्मा ने 25 और स्नेह राणा ने 20 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने आखिरी ओवरों में 20 गेंद पर 2 छक्के और 3 चौके की मदद से नाबाद 35 रन बनाकर भारत को 247 तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 19 रन बनाए।
पाकिस्तान की तरफ से सिद्रा अमीन एकमात्र ऐसी बल्लेबाज रहीं, जो भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना कर सकीं। अमीन ने 106 गेंद पर 1 छक्का और 9 चौके की मदद से 81 रन की पारी खेली। नतालिया परवेज ने 46 गेंद पर 33 रन बनाए। इन दोनों के अलावा सिद्रा नवाज ने 14 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच सकीं। भारत की तरफ से क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी की। क्रांति ने 10 ओवर में मात्र 20 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 9 ओवर में 45 रन देकर 3 विकेट लिए। स्नेह राणा ने 2 विकेट लिए। क्रांति गौड़ को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
 

शिक्षा और खेल का समन्वय ही भारत के विकास की राह : विधायक

29-Sep-2025
दुर्ग।  ( शोर संदेश ) खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2025 का समापन आज एसएनजी विद्यालय, सेक्टर-4, भिलाई में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 25 सितम्बर 2025 से प्रारंभ हुआ था, जिसमें सरगुजा, बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन समारोह की अध्यक्षता अहिवारा विधायक  डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने की। 25वीं राज्य स्तरीय साल क्रीडा प्रतियोगिता में ऑल ओवर चैम्पियन का खि़ताब दुर्ग संभाग के नाम रहा।
अहिवारा विधायक  डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए विधायक  कोर्सेवाड़ा ने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी अपने जिलों में पुरस्कार लेकर पहुंचेंगे, उन्हें न केवल जिला शिक्षा अधिकारी बल्कि पूरा समाज सम्मानित करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखते हैं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हार को कभी अंतिम नहीं मानना चाहिए, बल्कि प्रयास करते रहना चाहिए। प्रयास करने वालों की कभी हार नहीं होती। इस आयोजन के माध्यम से दुर्ग जिले को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा ’मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम प्रेरणादायक संदेश देते हैं। प्रधानमंत्री भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए छात्रों को भी जोड़ा है, क्योकि भारत के विकास की राह शिक्षा और खेलों के समन्वय से होकर ही जाती है। शिक्षा विभाग को उन्होंने ऐसा कारखाना बताया जहां से देश के भविष्य के इंजीनियर, डॉक्टर और पायलट तैयार होते हैं। राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच देने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित भी किया। विधायक  कोर्सेवाड़ा ने बताया कि वे भी शिक्षक रह चुके हैं और उन्होंने अपने कार्यकाल में खेलों को हमेशा महत्व दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर में खेलों की हुई शुरुआत का उल्लेख करते हुए कहा कि आज बस्तर खेल क्षेत्र में एक प्रमुख नाम बना चुका है।
विशिष्ट अतिथि खादी ग्रामोद्योग अध्यक्ष  राकेश पाण्डेय ने भी युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए सबसे पहले स्वस्थ रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन असफलता से घबराए बिना आत्मविश्वास के साथ पुनः प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है।
प्रतियोगिता में फेंसिंग, नेटबॉल, ट्रैक साइक्लिंग, लॉन टेनिस, जूडो और टेबल टेनिस (बालक/बालिका वर्ग) जैसे रोमांचक खेलों का आयोजन किया गया था, जिसमें राज्य भर के युवा खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता में फेंसिंग बालक दुर्ग संभाग, फेंसिंग बालिका में रायपुर संभाग प्रथम पायदान पर रहे। इसी प्रकार नेटबॉल बालक/बालिका में दुर्ग, ट्रेक साइकलिंग बालक/बालिका में दुर्ग संभाग ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी क्रम में लॉन टेनिस बालक/ बालिका में रायपुर संभाग प्रथम स्थान पर रहा। जूडो बालक 14 वर्ष में दुर्ग संभाग, ऑल ओवर जूडो बालक/बालिका में बस्तर संभाग प्रथम पायदान पर, टेबल टेनिस बालक बिलासपुर संभाग और बालिका में दुर्ग संभाग ने प्रथम स्थान सुरक्षित किया। इस तरह समग्र प्रदर्शन के आधार पर ऑल ओवर चैम्पियन का खि़ताब दुर्ग संभाग के नाम रहा। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी  अरविंद मिश्रा, राजनांदगांव, धमतरी व गरियाबंद के जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी/कर्मचारी, अभिभावक, छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।





 

 


जसप्रीत बुमराह ने दिया हारिस रऊफ को ‘प्लेन क्रैश’ सेल‍िब्रेशन का जवाब, क्लीन बोल्ड मारने के बाद उड़ाया प्लेन

29-Sep-2025
नई दिल्ली।( शोर संदेश )  एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर 9वीं बार खिताब अपने नाम किया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तानी गेंदबाज हारिस रऊफ को उनके 'प्लेन क्रैश' सेल‍िब्रेशन को लेकर करारा जवाब दिया।
भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर 4 में खेले गए मुक़ाबले में फैंस कोहली-कोहली के नारे लगाकर हारिस रऊफ को छड़ने लगे। जवाब में रऊफ ने बाउंड्री पर 'प्लेन क्रैश' का इशारा किया। दरअसल पहलगाम हमले के बाद भारतीय और पाकिस्तानी सेना के बीच तनाव देखने को मिला था। इस दौरान पाकिस्तान ने दावा किया था कि उन्होंने भारतीय वायुसेना का एक प्लेन मार गिराया है। रऊफ इसी को लेकर इशारा कर रहे थे।
रऊफ की इस हरकत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंटरनेशनल काउंसिल से शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद आईसीसी ने उनपर 30 प्रतिशत जुर्माना लगया था। फ़ाइनल मुक़ाबले में जसप्रीत बुमराह ने जब हारिस रऊफ को क्लीन बोल्ड किया तो मुस्कुराते हुए उन्होंने भी प्लेन क्रैश होने का इशारा किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
 

सूर्यकुमार यादव ने चैंपियन बनने के बाद जीता सभी का दिल, पूरे एशिया कप की फीस भारतीय सेना के नाम किया

29-Sep-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। ये 9वीं बार है, जब टीम इंडिया एशिया कप चैंपियन बनी है। भारत की इस जीत के हीरो बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने 53 गेंद पर नाबाद 69 रन की अहम पारी खेली। सबसे खास बात ये रही कि चैंपियन बनने के बाद भी भारत ने ट्रॉफी नहीं ली। इसके पीछे की वजह पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी थे, जिन्होंने एशिया कप के दौरान भारत विरोधी बयानबाजी की थी। मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पूरे एशिया कप की अपनी फीस को भारतीय सेना को दान करने की घोषणा की है। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर भी दी है।
एशिया कप में भारतीय टीम ने बल्ले और गेंद दोनों से अपनी पूरी बात रखी। टीम अजेय रही और एक ही टूर्नामेंट में पाकिस्तान को तीन बार हराकर एक अनोखा कारनामा किया। फाइनल एक कड़ा और दबाव भरा मुकाबला था, लेकिन भारत ने जीत हासिल कर ली। इसका अंत जश्न के साथ होना चाहिए था। लेकिन, इसके बाद जो दृश्य देखने को मिले, वे शांत, लगभग अजीब थे। खिलाड़ी मेडल लेकर तो चले गए, लेकिन ट्रॉफी नज़र नहीं आई। मैच के बाद शांति से खड़े सूर्यकुमार ने एक ऐसी बात कह दी, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।

PCB चीफ मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से भारतीय खिलाड़ियों ने किया इनकार

29-Sep-2025
दुबई। ( शोर संदेश ) भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के ही जीत को सेलिब्रेट किया। कप्तान सूर्या ने ऐसा जेस्चर दिखाया मानों ट्रॉफी उनके हाथ में हो। साथी खिलाड़ियों ने भी इसी को असली ट्रॉफी मानकर जश्न मनाया।
भारत ने नौवीं बार एशिया कप का खिताब जीत लिया है। जीत के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इस वजह से मेडल सेरेमनी शुरू होने में एक घंटे की देरी हुई।
नकवी के दबाव में भारतीय टीम को किसी अन्य ऑफिशियल से भी ट्रॉफी नहीं लेने दिया गया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के ही सेलिब्रेट किया। इस बीच, नकवी ने ट्रॉफी ग्राउंड से बाहर भिजवा दी।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साथी खिलाड़ियों के सामने खाली हाथ ही ऐसा जेस्चर बनाया मानो वे ट्रॉफी लेकर आ रहे हों। बाकी खिलाड़ियों ने भी इसे ही असली ट्रॉफी मानकर सेलिब्रेट किया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी (बाएं से तीसरे) इस बात पे अड़े थे कि वही चैंपियन टीम को ट्रॉफी देंगे। भारतीय टीम ने इनकार किया तो वे ट्रॉफी लेकर चले गए।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी (बाएं से तीसरे) इस बात पे अड़े थे कि वही चैंपियन टीम को ट्रॉफी देंगे। भारतीय टीम ने इनकार किया तो वे ट्रॉफी लेकर चले गए।
भारतीय कप्तान बोले- ऐसा पहली बार देखा
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से ट्रॉफी के बारे में सवाल पूछा गया। सूर्या ने कहा- 'जब मैं क्रिकेट खेल रहा हूं तब से पहली बार देखा कि चैंपियन टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई। हमने बहुत मेहनत करके यह टूर्नामेंट जीता है। खैर कोई बात नहीं। भारतीय ड्रेसिंग रूम में अपने सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ होना ही मेरे लिए ट्रॉफी है।'
BCCI सचिव ने कहा ICC में नकवी की शिकायत करेंगे
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ANI को बताया- हमने फैसला किया था कि भारतीय टीम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के किसी अधिकारी से ट्रॉफी नहीं लेगी। PCB चीफ ही एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन हैं, लिहाजा हमारे खिलाड़ियों ने उनसे ट्रॉफी या मेडल स्वीकार नहीं किया।
इसका मतलब ये नहीं कि नकवी भारत की ट्रॉफी या मेडल पाकिस्तान ले जाने के हकदार हो जाएंगे। नवंबर में ICC की कॉन्फ्रेंस है। हम वहां नकवी की हरकत पर कड़ी आपत्ति जताएंगे। उम्मीद है कि हमारी ट्रॉफी हमें जल्द मिल जाएगी।
पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत में यह डिमांड तेज थी कि टीम इंडिया को एशिया कप में पाकिस्तान से नहीं खेलना चाहिए। भारतीय टीम ने मैच का तो बायकॉट नहीं किया, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में भारत के खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। टूर्नामेंट की शुरुआत में ही भारत ने यह भी तय कर लिया था कि अगर टीम चैंपियन बनती है तो किसी पाकिस्तानी ऑफिशियल से ट्रॉफी नहीं लेगी।
मैच के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने भारतीय टीम पर क्रिकेट का अनादर करने का आरोप लगाया। आगा ने कहा- हमसे हाथ न मिलाकर वे हमारा अपमान नहीं कर रहे। वे क्रिकेट का अपमान कर रहे हैं। उनका व्यवहार बहुत ही गलत था।


 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account