ब्रेकिंग न्यूज

खेल

जयपुर–अजमेर सहित 7 शहरों में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, 5,000 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल

29-Oct-2025
रायपुर ( शोर संदेश ) पांचवें खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान के सात शहरों में 24 नवंबर से 5 दिसम्बर 2025 तक आयोजित होंगे। इसमें 23 मेडल स्पोर्ट्स और एक डेमोंस्ट्रेशन स्पोर्ट (खो-खो) में प्रतियोगिताएं होंगी। इसी साल कुछ समय पहले में बिहार में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तरह, यूनिवर्सिटी गेम्स भी राजस्थान के सात शहरों जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर में आयोजित होंगे। इस 12 दिनों के यूनिवर्सिटी आयोजन में 5,000 से अधिक एथलीटों के आने की उम्मीद है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन भारतीय विश्वविद्यालय संघ के सहयोग से किया जाता है।
केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि ‘खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स’ भारत के खेल मार्ग में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दुनिया भर में विश्वविद्यालय, चैंपियनों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और केआईयूजी हमारे युवा एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करता है। इन खेलों का राजस्थान संस्करण भारत के विस्तृत खेल परिदृश्य को उजागर करेगा और वैश्विक स्तर पर राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने की आकांक्षा रखने वालों के लिए पहला कदम साबित होगा।
डॉ. मंडाविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विज़न के तहत खेलो इंडिया पहल ने भागीदारी, प्रतिभा विकास और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने वाला एक ठोस पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है। राजस्थान में आयोजित होने वाले ये यूनिवर्सिटी गेम्स हजारों छात्रों को न केवल खेलों को पढ़ाई के समानांतर ही आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही प्रतियोगिता एवं सौहार्द्र के माध्यम से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत भी करेंगे।
केआईयूजी-2025 में 23 मेडल स्पोर्ट्स और एक डेमोंस्ट्रेशन श्रेणी के स्पोर्ट्स होंगे। मेडल स्पोर्ट्स में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, मल्लखंब, रग्बी, शूटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, योगासन, साइक्लिंग, बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग शामिल हैं।
खो-खो एक डेमोंस्ट्रेशन इवेंट होगा। पहली बार केआईयूजी कार्यक्रम में कैनोइंग, बीच वॉलीबॉल, और कयाकिंग तथा साइक्लिंग को शामिल किया जा रहा है। पूर्वाेत्तर भारत में आयोजित हुए पिछले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी चैंपियन बनी। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया था।
खेलो इंडिया योजना युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की प्रमुख केंद्रीय क्षेत्र की योजना है। खेलो इंडिया गेम्स खेल कौशल प्रदर्शन का आधारभूत मंच हैं, जो प्रतिभा की पहचान करने और प्रतिभाशाली बच्चों को उत्कृष्टता हासिल करने हेतु एक विकास का मार्ग प्रदान करने का प्लेटफॉर्म बनते हैं। ये राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं ओलंपिक आंदोलन की सच्ची भावना में आयोजित की जा रही हैं, जिसमें संबंधित एनएसएफ, एसजीएफआई, एआईयू आदि जैसे विभिन्न हितधारकों को शामिल किया जाता है। इस कार्यक्रम के तहत अब तक देश भर में 20 संस्करणों का आयोजन हो चुका है, जिसमें 7 संस्करण खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईव्हायजी), 4 संस्करण खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी), 5 संस्करण खेलो इंडिया विंटर गेम्स (केआईव्हीजी), 2 संस्करण खेलो इंडिया पैरा गेम्स (केआईपीजी), 1 संस्करण खेलो इंडिया बीच गेम्स (केआईबीजी), और 1 संस्करण खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल (केआईडब्ल्यूएसएफ) शामिल हैं।







 

वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर आईसीयू में भर्ती, BBCI की ओर से बयान जारी

28-Oct-2025
नई दिल्ली  ( शोर संदेश )  भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर को बाईं पसली के निचले हिस्से में चोट के बाद अस्पताल भर्ती करवाना पड़ा है। इसकी जानकारी खुद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी है। बीसीसीआई सचिव की ओर से जारी बयान में कहा गया, “श्रेयस अय्यर को 25 अक्टूबर 2025 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय बाईं पसली के निचले हिस्से में चोट लग गई थी। उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।”
बयान में कहा गया, “स्कैन से उनकी स्प्लीन में लैसरेशन इंजरी का पता चला है। अय्यर का इलाज चल रहा है, उनकी हालत स्थिर है। वे अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम सिडनी और भारत के विशेषज्ञों के परामर्श से उनकी चोट की स्थिति पर नजर रख रही है। भारतीय टीम के डॉक्टर श्रेयस के साथ सिडनी में रहेंगे और उनकी प्रोग्रेस का मूल्यांकन करेंगे।”
वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलियाई पारी के 34वें ओवर के दौरान चोटिल हुए थे। अय्यर इस ओवर की चौथी गेंद पर एलेक्स कैरी का कैच लपकने की कोशिश में जमीन पर गिर पड़े थे। हालांकि, उन्होंने कैच को छूटने नहीं दिया और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को पवेलियन लौटना पड़ा, लेकिन टीम इंडिया को यह सफलता भारी पड़ गई।
एक ओर एलेक्स कैरी पवेलियन लौट रहे थे, तो दूसरी तरफ जमीन पर पड़े श्रेयस अय्यर दर्द से छटपटा रहे थे। इसके बाद उन्हें फिजियो के साथ मैदान से बाहर लौटना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ड्रेसिंग रूम में अय्यर को सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट आने के बाद इंटरनल ब्लीडिंग का पता चला है।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज का अंतिम मैच 9 विकेट से अपने नाम किया। टीम इंडिया सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले गंवा चुकी थी। इसके बाद मेहमान टीम सम्मान की लड़ाई लड़ने उतरी थी।

Women’s ODI rankings: स्मृति मंधाना शीर्ष पर, प्रतिका ने लगाई 12 पायदान की छलांग

28-Oct-2025
नई दिल्ली  ( शोर संदेश ) स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतकीय पारी की बदौलत महिला वनडे क्रिकेट में नंबर 1 बल्लेबाज के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के साथ मंधाना की रेटिंग अब तक के करियर की सर्वश्रेष्ठ है। उनकी जोड़ीदार प्रतिका रावल ने 12 पायदान की छलांग लगाई है। 
स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 109 रन की पारी खेलने के बाद बांग्लादेश के विरुद्ध नाबाद 34 रन बनाए थे। मंधाना 828 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर मौजूद हैं, जबकि दूसरे स्थान पर मौजूद ऐश गार्डनर (731) उनसे 97 अंक पीछे हैं। 12 पायदान की छलांग लगाकर प्रतिका रावल 564 की रेटिंग के साथ 27वें स्थान पर पहुंच गई हैं, लेकिन चोट के कारण अब टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगी।
भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए सितंबर 2025 का ‘आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया था।
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट दो स्थानों की छलांग के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ 90, जबकि ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 31 रन की पारी खेली थी।
इस बीच, इंग्लैंड की एमी जोंस ने टॉप-10 में जगह बना ली है। वह 4 स्थान की छलांग के साथ 9वें (656) स्थान पर पहुंच गई हैं। एनाबेल सदरलैंड ने टॉप 40 में सबसे बड़ी छलांग लगाई है, जो 16 स्थान ऊपर चढ़कर 16वें पायदान पर पहुंच गईं।
महिला गेंदबाजों की रैंकिंग देखें, तो सोफी एक्लेस्टोन (747) शीर्ष पर बनी हुई हैं। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर अलाना किंग 5 स्थान की छलांग के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 18 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे। उनकी साथी ऐश गार्डनर एक स्थान नीचे खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं।
इस बीच पाकिस्तान की नशरा संधू, बाएं हाथ की ऑर्थोडॉक्स स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा (610) के साथ संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर पहुंच गई हैं। तेज गेंदबाज मारिजैन कैप्प और एनाबेल सदरलैंड भी एक स्थान ऊपर चढ़कर क्रमशः चौथे और 7वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

 

टीम इंडिया का कमाल! न्यूजीलैंड पर जीत के साथ महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची भारत की शेरनियाँ

24-Oct-2025
नई दिल्ली ( शोर संदेश )  भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गुरुवार को नवी मुंबई में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड को डीएलएस नियम के तहत 53 रन से हराकर विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर पूर्व कप्तानों मिताली राज, अंजुम चोपड़ा और झूलन गोस्वामी ने बधाई दी है।
झूलन गोस्वामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “शाबाश भारत, स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने शानदार प्रदर्शन किया और रिकॉर्ड 212 रनों की ओपनिंग साझेदारी की, जो महिला विश्व कप के इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा है। क्वालीफिकेशन मैच में इस अहम जीत के साथ भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है।”
मिताली राज ने जियोस्टार के ‘क्रिकेट लाइव’ पर कहा, “हम सभी इस बात से राहत महसूस कर रहे हैं कि भारत सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर गया है। लेकिन हां, इस भारतीय टीम से बहुत कुछ अपेक्षित था। बल्लेबाजी पारी से शुरुआत करते हुए, सलामी बल्लेबाजों ने एक ठोस नींव रखी, जिसमें जेमिमा रोड्रिग्स का भी योगदान रहा, जो पिछला मैच न खेलने के बाद तीसरे नंबर पर उतरीं। उन्होंने साबित कर दिया कि वह आज भी इस बल्लेबाजी क्रम में कितना योगदान देती हैं। हमारी गेंदबाजी भी शानदार रही। मुझे लगता है कि भारत ने इस बड़े मैच के महत्व को समझते हुए वास्तव में कड़ी मेहनत की और सभी ने अपना योगदान दिया।”
पूर्व खिलाड़ी और कमेंटेटर अंजुम चोपड़ा ने भारत की जीत को विश्व कप अभियान का निर्णायक क्षण बताया। उन्होंने कहा, “जीत जरूरी थी, लेकिन यह एक निर्णायक जीत भी थी। 320 से ज्यादा रन बनाना और बल्लेबाजों को नियंत्रण में रखना महत्वपूर्ण था। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, वे लड़खड़ा गए थे, लेकिन इंग्लैंड से हार के बाद, इस मैच ने उन्हें आत्मविश्वास दिया। यह राहत की बात थी। दो अंक मिलने से क्वालिफिकेशन पक्का हो गया, लेकिन अभी भी चिंतन की जरूरत है। बल्लेबाजी से परे, मुख्य सवाल यह है, क्या हम अब भी 300 से ज्यादा स्कोर बना सकते हैं या उसका बचाव कर सकते हैं?”
 

बीजापुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन — राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में जीते 25 पदक

18-Oct-2025
रायपुर ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकने में सक्षम खिलाड़ी छत्तीसगढ़ में हैं। खिलाड़ी कभी हारता नहीं है या तो वह जीतता है या सीखता है। बीजापुर जिले के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कोरबा जिले में आयोजित 25 वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025 में बीजापुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 25 पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। 
खिलाड़ियों ने स्विमिंग सहित विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण, 10 रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए और ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में सदना पोरतेटी ने 3 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीते। अक्षिता तोड़ेम ने 3 स्वर्ण और 1 रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-17 बालक वर्ग में बबलु ऐंजा ने 3 रजत पदक और सरैया पालदेव ने 1 कांस्य पदक जीता।  इसी तरह अंडर-14 बालिका वर्ग में रीता पोरतेटी ने 2 स्वर्ण और 1 रजत,गुंजन कोरसा ने 2 स्वर्ण और 1 रजत,सपना कोरसा ने 2 रजत और 1 कांस्य, जबकि तमन्ना ने 1 कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-14 बालक वर्ग में खिलाड़ियों ने 1 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से बीजापुर के खिलाड़ी अब राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक परचम लहराने को तैयार हैं।
इन सभी खिलाड़ियों ने बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया। उनकी सफलता में कोच दीप्ति वर्मा का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, फिटनेस और आत्मविश्वास के साथ खेल भावना सिखाई, जिसका परिणाम आज सामने आया। 
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीजापुर के इन युवा खिलाड़ियों ने पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। यह सफलता जिले के खेल प्रेमी युवाओं के लिए प्रेरणा है। सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि बस्तर और बीजापुर जैसे अंचलों की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर चमकें।
इस शानदार प्रदर्शन से पूरे बीजापुर जिले में खुशी का माहौल है। कलेक्टर संबित मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, खेल अधिकारी एवं अन्य प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। स्थानीय खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने भी गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बीजापुर के इन बच्चों ने जिले को गौरवान्वित किया है।










 

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के 5वें संस्करण का आयोजन राजस्थान के 7 शहरों में 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक

17-Oct-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) का पांचवां संस्करण 24 नवंबर से 5 दिसंबर, 2025 तक राजस्थान के सात शहरों में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता 23 पदक खेलों में और एक प्रदर्शन खेल (खो-खो) में आयोजित की जाएगी। इस साल की शुरुआत में बिहार में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तरह, यूनिवर्सिटी गेम्स भी सात शहरों – जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर-में आयोजित किए जाएंगे। 12 दिनों तक चलने वाले इस यूनिवर्सिटी मीट में 5,000 से ज़्यादा एथलीटों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
केंद्रीय युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री, डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा, “खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स भारत के खेल में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दुनिया भर में, विश्वविद्यालय चैंपियन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, और केआईयूजी हमारे युवा एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए एक मंच प्रदान करता है। राजस्थान संस्करण भारत के बढ़ते खेल परिदृश्य को उजागर करेगा और विश्व स्तर पर राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने की आकांक्षा रखने वाले कई लोगों के लिए गौरव की सीढ़ी साबित होगा।”
डॉ. मंडाविया ने आगे विस्तार से बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के तहत, खेलो इंडिया पहल ने एक मज़बूत पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है जो भागीदारी, प्रतिभा विकास और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करता है। राजस्थान में विश्वविद्यालय खेल हज़ारों छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी रुचि लेने के लिए प्रेरित करेंगे और प्रतिस्पर्धा एवं सौहार्द के माध्यम से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मज़बूत करेंगे।”
केआईयूजी 2025 में 23 पदक विजेता खेल और एक प्रदर्शन खेल शामिल होंगे। पदक विजेता खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, तलवारबाजी, फुटबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, मल्लखंब, रग्बी, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, टेनिस, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती, योगासन, साइकिलिंग, बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग शामिल हैं।
आपको बता दें, खो-खो एक प्रदर्शन कार्यक्रम होगा। वहीं, पहली बार, केआईयूजी कार्यक्रम में बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग, और साइकिलिंग को शामिल किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर भारत में आयोजित पिछले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय चैंपियन बना था। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे थे।
खेलो इंडिया योजना युवा मामले और खेल मंत्रालय की प्रमुख केंद्रीय क्षेत्र योजना है। खेलो इंडिया गेम्स खेल कौशल दिखाने के लिए बुनियादी मंच हैं और तदनुसार, प्रतिभा को खोजने और प्रतिभाशाली बच्चों को उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए विकास के मार्ग प्रदान करने का एक मंच बन जाते हैं। इन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को विभिन्न हितधारकों जैसे संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघों, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज आदि को जोड़कर ओलंपिक आंदोलन की सच्ची भावना में आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत अब तक देश भर में खेलो इंडिया गेम्स के 20 संस्करण आयोजित किए गए हैं, जिसमें खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी) के सात संस्करण, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के चार संस्करण, खेलो इंडिया विंटर गेम्स के पांच संस्करण और खेलो इंडिया पैरा गेम्स के दो संस्करण, खेलो इंडिया बीच गेम्स का एक संस्करण और खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का एक संस्करण शामिल है।











 

अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना ICC के सितंबर महीने के श्रेष्ठ खिलाड़ी, दोनों खिलाड़ियों में टीम में निभाई अहम भूमिका

16-Oct-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) आईसीसी ने भारतीय टी20 टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को सितंबर महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा है। बाएं हाथ के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। अभिषेक ने सात मैचों में 44.85 की औसत और 200 के स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए थे। वे टूर्नामेंट के श्रेष्ठ स्कोरर थे। इसी प्रदर्शन के आधार पर अभिषेक को सितंबर महीने का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया।
अभिषेक ने इस पुरस्कार के दौर में अपनी टीम के साथी खिलाड़ी कुलदीप यादव और जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को पछाड़ा। आईसीसी द्वारा जारी एक बयान में अभिषेक ने गुरुवार को कहा, “पुरस्कार जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है और मुझे खुशी है कि यह पुरस्कार कुछ महत्वपूर्ण मैचों के लिए मिला है जिनमें मैं टीम को जीत दिलाने में मदद कर सका। मुझे उस टीम का हिस्सा होने पर गर्व है जो सबसे कठिन परिस्थितियों में भी जीत दिला सकती है।”
अभिषेक ने कहा, “टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हमारा हालिया रिकॉर्ड हमारी उत्कृष्ट टीम संस्कृति और सकारात्मक सोच को दर्शाता है। मैं टीम प्रबंधन को उनके मार्गदर्शन के लिए और अपने सभी साथियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं उस पैनल का भी आभारी हूं जिसने मुझे इस पुरस्कार के लिए चुना।”
महिला श्रेणी में सितंबर महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार स्मृति मंधाना को दिया गया। स्मृति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय सीरीज में 58, 117, और 125 रनों की पारी खेली थी। मंधाना ने सीरीज में 77 की औसत और 135.68 के स्ट्राइक रेट से 308 रन बनाए थे। मंधाना ने इस पुरस्कार की रेस में दक्षिण अफ्रीका की तजमीन ब्रिट्स और पाकिस्तान की सिदरा अमीन को पछाड़ा।
मंधाना ने कहा, “सितंबर 2025 के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार पाकर मैं सचमुच सम्मानित महसूस कर रही हूं। इस तरह का सम्मान मुझे एक खिलाड़ी के रूप में आगे बढ़ने और विकसित होने के लिए प्रेरित करता है। यह सम्मान उस समर्थन, विश्वास और प्रयास को भी दर्शाता है जो हम एक टीम के रूप में सामूहिक रूप से एक साथ देते हैं। मेरा लक्ष्य हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना और टीम के लिए मैच जीतना रहा है। मैं उन अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए उत्सुक हूं जिनसे आगे आने वाले मैचों में भारत को यादगार जीत मिलेगी।”




 

सांसद खेल महोत्सव: ‘फिट इंडिया’ की भावना के साथ पारंपरिक खेलों का पुनर्जागरण — सांसद बृजमोहन अग्रवाल

15-Oct-2025
रायपुर ( शोर संदेश )   बलौदा बाजार-भाटापारा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में मंगलवार को राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय सिमगा में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य फाइनल समारोह संपन्न हुआ। हजारों खिलाड़ियों की उपस्थिति और उत्साह ने पूरे कार्यक्रम को एक खेल पर्व का रूप दे दिया।  
इस अवसर पर महिला एवं पुरुष वर्गों में कुश्ती, खो-खो, गेड़ी दौड़, फुगड़ी, रस्सा-कसी, रस्सी कूद, कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, तैराकी तथा शतरंज जैसी खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।  
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने खेल महोत्सव के सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है कि फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से पारंपरिक खेलों को गांव-गांव तक पुनर्जीवित किया जाए।” उन्होंने कहा कि एक समय था जब कहा जाता था 'खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब, पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब, लेकिन आज खेल क्षेत्र भी एक उज्ज्वल भविष्य का द्वार बन चुका है। अब खिलाड़ी देश और समाज के ब्रांड एंबेसडर बनते हैं तथा उन्हें सरकारी सेवाओं में भी पहचान मिल रही है।  
उन्होंने बताया कि सिमगा क्षेत्र में 12 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है जो युवाओं की जागरूकता और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।  
अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कृत करने के साथ ही देश दुनिया में अपना योगदान देने वाले पूर्व वरिष्ठ खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। 
इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय में 5 नए कमरों के निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की तथा खेल मैदान की सुरक्षा हेतु चारों ओर वार्बेड वायर लगाने के निर्देश दिए।  
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा कहा कि “युवा ही देश का भविष्य हैं, खेल भावना और अनुशासन उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में अग्रसर करता है।  
इस अवसर पर पूर्व विधायक शिव रतन शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जिला भाजपा अध्यक्षआनंद यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. दौलत रामपाल,अनिल पांडे,संजय शर्मा,अतुल शुक्ला, गजेन्द्र पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, खिलाड़ी, शिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
 

अर्जुन तेंदुलकर रणजी ट्रॉफी 25-26 के लिए गोवा टीम में शामिल

14-Oct-2025

दिल्ली।भारत के सबसे प्रतिष्ठित प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी का नया सीजन 15 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 15 अक्टूबर से शुरू होकर 19 नवंबर को समाप्त होगा, जबकि दूसरा चरण अगले साल 22 जनवरी से 26 फरवरी चलेगा। रणजी ट्रॉफी में कुल 38 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें 32 टीमें एलीट और छह टीमें प्लेट डिवीजन में होगी। 

इस रणजी ट्रॉफी के नए सीजन में 'भारत रत्न' सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को गोवा टीम में शामिल किया गया है। वह 15 अक्टूबर को गोवा की तरफ से चंडीगढ़ के खिलाफ खेलते हुए नजर आएंगे। इसके बाद ये टीम कर्नाटक, पंजाब, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र, महाराष्ट्र और केरल से मैच खेलेगी। अर्जुन ने दिसंबर 2024 से कोई घरेलू मैच नहीं खेला है, यानी 2025 में वह गोवा की तरफ से सीनियर टीम में खेलने को तैयार है।अर्जुन तेंदुलकर 2025 में आईपीएल में मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा थे, लेकिन वह बेंच पर ही बैठे रहे। अर्जुन ने अपना पिछला प्रथम श्रेणी मैच नवंबर 2024 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेला था। उन्होंने अपना पिछला लिस्ट-ए मैच दिसंबर 2024 में खेला था। उन्होंने 2024-25 सीज़न में गोवा के लिए तीन टी-20 खेले।

 

अर्जुन ने 2022-23 सीजन से पहले गोवा से जुड़े, जहां उन्होंने तीनों प्रारूप में खेले। 26 वर्षीय खिलाड़ी के नाम 17 प्रथम श्रेणी मैचों में 37 विकेट और 532 रन हैं। उन्होंने राजस्थान के खिलाफ शतक के साथ अपने रणजी ट्रॉफी करियर की शुरुआत की थी। गोवा क्रिकेट टीम का नेतृत्व दीपराज गांवकर करेंगे, जबकि ललित यादव उप-कप्तान होंगे। ललित यादव 2025-26 सीजन से पहले गोवा से जुड़े हैं। ललित दिल्ली के लिए खेलते थे। उन्होंने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का भी प्रतिनिधित्व किया है।गोवा की टीम- दीपराज गांवकर (कप्तान), ललित यादव (उप-कप्तान), सुयश प्रभुदेसाई, मंथन खुटकर, दर्शन मिशाल, मोहित रेडकर, समर दुबाशी, हेरंब परब, विकास सिंह, विशेष प्रभुदेसाई, ईशान गाडेकर, कश्यप बखले, राजशेखर हरिकांत, अर्जुन तेंदुलकर, अभिनव तेजराना।

 


एचएनएलयू बना युवा उत्साह का केंद्र : खेल, संस्कृति और कूटनीति का अद्भुत संगम

11-Oct-2025
रायपुर, शोर संदेश ) उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU) में अंतर-विश्वविद्यालय उत्सव एचएनएलयू कोलोसस और आईएमयूएनसी-2025 (HNLU Colossus and IMUNC-2025) का शुभारंभ किया। 10 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में देशभर के 65 विधि विश्वविद्यालयों के 500 युवा हिस्सेदारी कर रहे हैं। विधि की पढ़ाई कर रहे देश के अनेक शहरों से नवा रायपुर में जुटे युवा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं तथा साहित्यिक व सांस्कृतिक आयोजनों में भागीदारी करेंगे। वे मंथन, कूटनीति और वैश्विक समस्याओं के समाधान में भागीदारी के लिए विधि के छात्र-छात्राओं को प्रेरित करने आयोजित अंतरराष्ट्रीय मॉडल संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (International Model United Nations Conference) में भी हिस्सेदारी करेंगे। साव ने मशाल जलाकर कोलोसस और आईएमयूएनसी का उद्घाटन करने के साथ ही खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी शुभारंभ किया। 
उप मुख्यमंत्रीअरुण साव ने शुभारंभ समारोह में देशभर के विधि छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की धरती और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। यहां की धरती बहुत खूबसूरत और ऐतिहासिक है। सभी कालों में छत्तीसगढ़ का उल्लेख मिलता है। यहां की उर्वरा, वन और खनिज संपदा से भरी धरती में कोयला से लेकर हीरा तक विद्यमान हैं। यहां के जंगल बहुत सुंदर और विविधताओं से भरे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आप लोग बड़े सपने लेकर विधि की पढ़ाई कर रहे हैं। हमारे शरीर और मन की क्षमताएं असीम हैं। आज शिखर पर पहुंचे लोग भी कभी आपके और हमारे जैसे साधारण लोग थे। 
साव ने कहा कि हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई है। कुछ ही वर्षों में देश में अच्छी प्रतिष्ठा अर्जित की है। उन्होंने विद्यार्थियों के सामने पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की मिसाल रखते हुए कहा कि जीवन में असफलताओं से घबराना नहीं है। ऊर्जा, आत्मविश्वास, मेहनत और समर्पण से लक्ष्य की ओर बढ़ना है। आपके सामने सफलता का खुला आकाश है। आप दुनिया की हर ऊंचाई हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि तीन दिनों का यह एचएलएनयू कोलोसस आप लोगों की क्षमता बढ़ाने, सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अच्छा अवसर है। इसका भरपूर लाभ उठाएं। आप लोग सफलता के सर्वोच्च पायदान पर पहुंचे, ऐसी मैं कामना करता हूं।
उद्घाटन समारोह के विशेष अतिथि एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल, रायपुर में परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स के विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष चक्रवर्ती ने युवाओं से कहा कि आप लोग लोक संगीत को संरक्षित करने का काम करें। हमें अपनी मिट्टी की खूशबू को भूलना नहीं है। उन्होंने कहा कि आप लोग लगन, नियमित अभ्यास और परिश्रम से अपनी विधाओं में विशेषज्ञता हासिल करें। अपनी विधा के साथ ही सभी विधाओं का सम्मान करें। उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं में भागीदारी के लिए नवा रायपुर पहुंचे देशभर के विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानंदन ने कहा कि एचएनएलयू कोलोसस पिछले कुछ वर्षों से देश का प्रतिष्ठित आयोजन बन गया है। अगले तीन तीनों में यहां संस्कृति, साहित्य और खेलों का वृहद संगम देखने को मिलेगा। इस आयोजन ने हमारे पूरे परिसर को बेहद जीवंत और गौरवशाली बना दिया है। रजिस्ट्रार डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव, फैकल्टी कन्वीनर डॉ. अंकित सिंह और छात्र कल्याण के अधिष्ठाता डॉ. अविनाश सामल ने भी शुभारंभ समारोह को संबोधित किया। एचएलएनयू के प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं के साथ ही कोलोसस में भाग लेने आए अलग-अलग राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में इस दौरान मौजूद थे।
देश के विभिन्न राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में कानून की पढ़ाई कर रहे युवा विविध प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपने हुनर का जादू बिखेरेंगे। एचएनएलयू के इस तीन दिवसीय प्रतिष्ठित आयोजन में विद्यार्थी अपनी कला तथा बौद्धिक व खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वे इस दौरान क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन से अपनी चमक बिखेरेंगे। एकल व समूह गायन, नृत्य प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटक और मंचीय नाटक जैसे विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों में वे अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता दिखाएंगे। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को वाद-विवाद और ओपन माइक सत्रों के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति, वक्तृत्व कला तथा काव्यात्मक प्रतिभा के प्रदर्शन का भी मौका मिलेगा।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account