ब्रेकिंग न्यूज

खेल

छत्तीसगढ़ महिला नेटबॉल टीम ने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में जीता कांस्य पदक

04-Sep-2025
रायपुर,  ।  शोर संदेश पलवल (हरियाणा) में 28 से 31 अगस्त तक आयोजित 4थी सीनियर राष्ट्रीय फास्ट फाइव नेटबॉल चेम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ टीम को हरियाणा से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन तीसरे स्थान के लिए हुए निर्णायक मुकाबले में टीम ने राजस्थान को हराकर कांस्य पदक जीता। पदक वितरण हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम द्वारा किया गया। खुशबू पूर्व में भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव रजत सिंह ने खुशबू गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि से सरगुजा ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में नेटबॉल खेल को नई पहचान मिलेगी। वर्तमान में वह जी माउंट लिटर स्कूल में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें निरंतर प्रोत्साहन और सहयोग मिलता रहा है।

इब्राहिम और अतल के अर्धशतक, गेंदबाज़ों के दम पर अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को हराया

03-Sep-2025
नई दिल्ली, शोर संदेश )  3 सितंबर। शारजाह में खेले जा रहे त्रिकोणीय टी-20 सीरीज़ के तहत मंगलवार रात खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 18 रन से हरा दिया। श्रृंखला में तीसरी टीम यूएई की है। अफगानिस्तान की जीत के नायक रहे इब्राहिम ज़ादरान (65) और सिदीकुल्लाह अतल (64), जिन्होंने शानदार अर्धशतक जमाए। इसके बाद गेंदबाज़ों ने सामूहिक प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की पारी को दबाव में रखा। पाकिस्तान की ओर से फ़हीम अशरफ़ (4/27) सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रहमानुल्लाह गुरबाज़ 8 रन बनाकर सैम अयूब का शिकार बने। इसके बाद अतल और इब्राहिम ने पारी संभाली और कई शानदार शॉट्स लगाए। दोनों ने नौवें ओवर में 50 रनों की साझेदारी पूरी की। 14वें ओवर में सूफ़ियान मुकीम के खिलाफ 20 रन लेकर मैच का रुख पलट दिया। इसी ओवर में अतल ने अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। दोनों के बीच 113 रनों की साझेदारी हुई।
अशरफ़ ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए इब्राहिम, उमरज़ई और करीम जन्नत को आउट किया। हालांकि, मोहम्मद नबी ने तेज़ पारी खेलकर अफगानिस्तान को 169/5 तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत ठीक रही। साहिबज़ादा फ़रहान ने छक्का जड़ा, लेकिन दूसरे छोर से सैम अयूब पहली ही गेंद पर फ़ज़लहक़ फ़ारूकी के शिकार हो गए। फ़खर ज़मान और फ़रहान ने रनगति तेज की, मगर जल्द ही दोनों आउट हो गए। सलमान अली आगा के रन-आउट होने से पाकिस्तान पर दबाव और बढ़ गया।
इसके बाद अफगान गेंदबाज़ों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटके। नूर अहमद और मोहम्मद नबी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि राशिद खान ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर पाकिस्तान की उम्मीदें पूरी तरह तोड़ दीं। आख़िर में हारिस रऊफ़ ने चार छक्के लगाकर थोड़ी चमक जरूर बिखेरी, लेकिन पाकिस्तान 20 ओवर में 151/9 तक ही पहुंच सका।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर निकाली गई साइकल रैली

01-Sep-2025

रायपुर. 01 सितम्बर 2025 राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत रविवार को बिलासपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं और 300 से अधिक खिलाड़ियों ने साइकल रैली निकाली। भारत सरकार के फिट इंडिया कार्यक्रम "सन्डेस ऑन सायकल"  के तहत पीएमश्री स्वामी आत्मांनद विद्यालय नूतन चौक सरकंडा से स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई तक यह रैली निकाली गई। पूर्व ओलम्पियन एवं हॉकी के हेड कोच अजीत इमानुएल लकड़ा और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाडी संजू देवी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
भारत सरकार द्वारा देश के समृद्ध खेल विरासत का उत्सव मनाने, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने, ओलम्पिक मूल्यों में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह को समाहित कर सपूरे देश को ईमानदारी, महत्वाकांक्षा और सामूहिक भावना के साझा दृष्टिकोण के साथ एकजुट करने तथा मजेदार व प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के माध्यम से शारीरिक सक्रियता, समावेशिता और टीम-वर्क को प्रोत्साहित करने व जनसामान्य को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष 29 अगस्त से 31 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का राष्ट्रव्यापी आयोजन किया जा रहा है। 
खेल विभाग के सहायक संचालक ए. एक्का, स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक पी. दासरथी और अखिलेश मेहता, खेल अधिकारी सुशील अमलेश, वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और जिला क्रीड़ा अधिकारी साजिद खान सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, व्यायाम अनुदेशक, खेल विभाग व खेलो इंडिया स्टेट सेंटर व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी साइकल रैली में शामिल हुए।



 

विधायक लता उसेंडी ने खिलाड़ियों को दी सफलता की शुभकामनाएँ

29-Aug-2025
रायपुर।  शोर संदेश ) बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने गुरूवार को जिला मुख्यालय कोण्डागांव के विकास नगर स्टेडियम में 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता 28 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक चलगी, जिसमें राज्य के रायपुर, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के लगभग 570 खिलाड़ी फुटबाल, तीरंदाजी और मलखंभ खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इस दौरान खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उसेण्डी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उज्जवल भविष्य निर्माण के लिए खेल अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के खिलाड़ी तीरंदाजी और मलखंभ जैसे खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर नई पहचान बना रहे हैं। उसेंडी ने विश्वास जताया कि क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा के दम पर जिले और क्षेत्र का नाम, प्रदेश, देश और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जा रही है। साथ ही अलंकरण सम्मान भी दिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मोटापा एक गंभीर समस्या बन रही है और इससे निपटने का सबसे प्रभावी साधन खेल ही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अनुशासन के साथ खेलने की बात कही। अंत में विधायक ने सभी संभाग के खिलाड़ियों से मिलकर संवाद किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शुभारंभ कार्यक्रम को मनोज जैन ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी, राज्य तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

 


जशपुर की एकलव्य खेल अकादमी के 7 ताइक्वांडो खिलाड़ी नेशनल के लिए क्वालीफाई

28-Aug-2025
रायपुर।  ( शोर संदेश ) जशपुर जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से संचालित एकलव्य खेल अकादमी बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने का केंद्र बनी हुई है। यहां चयनित खिलाड़ियों को विभिन्न खेल विधाओं का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप जिले के बच्चे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
खेल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने बताया कि ताइक्वांडो विधा में बच्चों को प्रशिक्षक नंदलाल यादव के मार्गदर्शन में लगातार अभ्यास कराया जा रहा है। इसी कड़ी में 22 से 24 अगस्त 2025 तक अंबिकापुर में आयोजित 21वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चौंपियनशिप में जशपुर जिले की अकादमी के 08 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अकादमी के 07 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर नेशनल स्तर के लिए क्वालीफाई किया है। इनमें मनीष भगत, शिवराज बंजारा, अजय कुमार चौहान, भारत पैंकरा, राकेश राम, अर्जुन राम और करण राम शामिल हैं। वहीं साहिल एक्का ने कांस्य पदक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।
अब यह सभी खिलाड़ी आगामी दिनों में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षक और अकादमी से जुड़े सभी लोगों को बधाई व शुभकामनाएं दी गई हैं।










 

खिलाड़ियों व दर्शकों की सुविधा हेतु प्लेयर रूम, वेटिंग एरिया और फर्स्ट एड रूम की व्यवस्था

27-Aug-2025
रायपुर । शोर संदेश  छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बार फिर खेल सुविधाओं में इजाफा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए सरकार सतत प्रयासरत है। इसी कड़ी में धमतरी और कुरूद में इंडोर बैडमिंटन हॉल / मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत खेल बुनियादी ढांचे का विस्तार और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार कई महत्त्वपूर्ण पहल कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन योजनाओं पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 1 से 3 करोड़ रुपये तक की पुरस्कार राशि देने की योजना सरकार की प्रतिबद्धता का परिचायक है। यह पहल न केवल खिलाड़ियों के मनोबल को ऊँचा करती है बल्कि आने वाली नई पीढ़ी को भी खेलों की ओर प्रेरित करती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत मैदानों का उन्नयन, उच्च स्तरीय उपकरणों की उपलब्धता, खेल क्लबों को आर्थिक सहायता और पारंपरिक खेलों के आयोजन जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
कलेक्टर धमतरी ने बताया कि जिले के धमतरी और कुरूद में इंडोर बैडमिंटन हॉल / मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स हॉल के प्रोजेक्ट के लिए लगभग 5-5 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यहां खिलाड़ियों के लिए विभिन्न इनडोर खेलों की आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिनमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, लूडो एवं साँप-सीढ़ी, डार्ट बोर्ड, स्नूकर, तीरंदाजी, योग कक्ष, स्क्वॉश, बास्केटबॉल,  पिकलबॉल प्रमुख हैं। सबसे अहम यह है कि इन खेलों के लिए आवश्यक उपकरण और संरचनाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगी।
इतना ही नहीं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में न केवल खेल सुविधाएं बल्कि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रावधान किए जाएंगे। इनमें खिलाड़ियों के आराम और तैयारी के लिए प्लेयर रूम, दर्शकों और प्रतिभागियों के लिए सुव्यवस्थित स्पोर्ट्स हॉल वेटिंग एरिया, आकस्मिक चिकित्सा सुविधा के लिए फर्स्ट एड रूम, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग शौचालय शामिल हैं। इन प्रावधानों से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
धमतरी और कुरूद के आसपास के क्षेत्रों में अनेक युवा खेलों में सक्रिय हैं, लेकिन पर्याप्त संसाधन और प्रशिक्षण केंद्र न होने के कारण वे अपनी प्रतिभा को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक नहीं पहुँचा पाते। इन इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्सों के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा और वे अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे।
धमतरी और कुरूद के मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेल के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगे। आने वाले समय में धमतरी और कुरूद के खिलाड़ी न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

सेंट्रल दिल्ली किंग्स 104 रनों से विजयी, प्लेऑफ में एंट्री पक्की

26-Aug-2025
नई दिल्ली।   शोर संदेश सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शानदार ऑलराउंड खेल का प्रदर्शन करते हुए सोमवार रात अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए वर्षा प्रभावित मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 को 104 रनों (डीएलएस विधि) से मात दी और दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर 197 रन बनाए। विकेटकीपर कौशल सुमन (5) के जल्दी आउट होने के बाद ओपनर यश धुल ने एक शानदार अर्धशतक जड़ा और युगल सैनी (28 रन, 20 गेंद) के साथ 57 रनों की अहम साझेदारी की। कप्तान जोंटी सिधु (28 रन, 16 गेंद) और आदित्य भंडारी (17 रन, 11 गेंद) ने भी योगदान दिया। वहीं अंत में आर्यन राणा ने मात्र 14 गेंदों पर नाबाद 42 रनों की आतिशी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुँचाया। पुरानी दिल्ली 6 की ओर से राजनीश ददर ने 4 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत बेहद खराब रही। मनी ग्रेवाल और अरुण पुंडीर ने शुरुआती झटके दिए और टीम ने पावरप्ले में ही 44/3 का स्कोर बना लिया। इसके बाद बारिश के कारण खेल रुका और लक्ष्य 15 ओवर में 174 रन तय किया गया। लेकिन वापसी के बाद भी टीम की हालत नहीं सुधरी। सिमरजीत सिंह ने देव लाकड़ा (6) और आदित्य मल्होत्रा (0) को पवेलियन भेजकर विपक्ष को और दबाव में डाल दिया।
प्रणव पंत (24 रन, 17 गेंद) ने थोड़ी देर संघर्ष किया, लेकिन उनके आउट होते ही पूरी टीम 69 रन पर सिमट गई और सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 104 रनों की एकतरफा जीत दर्ज की।
गेंदबाजी में कप्तान जोंटी सिधु ने 1 ओवर में 2 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि सिमरजीत सिंह ने भी 2 रन देकर 2 विकेट चटकाए। पुंडीर ने 2/28 के आंकड़े के साथ टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

















 

चक्रधर समारोह-2025 : अबूझमाड़ का मलखम्ब दल बिखेरेगा कौशल और संस्कृति की छटा

25-Aug-2025
रायपुर।  ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाले अबूझमाड़ के मनोज प्रसाद के नेतृत्व वाला मलखम्ब दल आगामी 03 सितंबर को आयोजित होने वाले 40वें चक्रधर समारोह में अपनी विशेष प्रस्तुति देगा। यह दल अपनी अद्वितीय कला, अनुशासन और कौशल के माध्यम से मलखम्ब की परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। अबूझमाड़ का यह दल केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे भारत का गौरव बन चुका है। वर्ष 2023 में इस दल ने देश के लोकप्रिय रियलिटी शो इंडियाज गॉट टैलेंट में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित की थी। उनके संतुलित और कौशलपूर्ण प्रदर्शन ने न केवल दर्शकों, बल्कि निर्णायकों को भी प्रभावित किया।
सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ इस दल ने खेल जगत में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वर्ष 2023 में भूटान में आयोजित विश्व मलखम्ब चौंपियनशिप में दल के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक अर्जित किया। इसके अलावा खेलो इंडिया गेम्स सहित विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। सुदूर वनांचल अबूझमाड़ से निकलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों तक का यह सफर केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, समर्पण और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। चक्रधर समारोह 2025 में इस दल की प्रस्तुति न केवल दर्शकों के लिए मनोरंजक अनुभव होगी, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि का अद्वितीय परिचय भी प्रस्तुत करेगी।
मलखम्ब भारत का पारंपरिक खेल है, जिसमें खिलाड़ी ऊर्ध्वाधर खंभे या रस्सी पर योगासन और जिम्नास्टिक की मुद्राएं प्रस्तुत करते हैं। यह खेल शारीरिक शक्ति, संतुलन और लचीलेपन का उत्कृष्ट प्रदर्शन है। मलखम्ब शब्द ‘मल्ल’ (पहलवान) और ‘खम्भ’ (स्तंभ) से मिलकर बना है। इसकी उत्पत्ति महाराष्ट्र में हुई और यह योग तथा कुश्ती के संयोजन से विकसित हुआ।
 

संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में सुकमा के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

23-Aug-2025
सुकमा।  ( शोर संदेश ) जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिला शिक्षा अधिकारी  जी.आर. मंडावी व सहायक खेल अधिकारी कमल कौसरिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25वीं संभाग स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 21 अगस्त 2025 को हॉकी स्टेडियम पंडरीपानी, जगदलपुर में किया गया।
इस प्रतियोगिता में सुकमा जिले से सेजेस छिंदगढ़ की पीटीआई श्रीमती योगिता नायक हॉकी कोच के नेतृत्व में 10 खिलाड़ियों की टीम ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने खेल मैदान पर दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों व निर्णायकों की सराहना प्राप्त की।
प्रतिस्पर्धा के उपरांत सुकमा जिले के कुल 7 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए किया गया। यह उपलब्धि जिले के खेल इतिहास में एक गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ती है।
कलेक्टर  देवेश कुमार ध्रुव एवं जिला शिक्षा अधिकारी  जीआर मंडावी ने खिलाड़ियों की इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि आने वाले समय में अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि वे राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें और प्रदेश का नाम रोशन करें।






















 

पीकेएल सीज़न 12 : दबंग दिल्ली की कमान फिर आशु मलिक के हाथों में

22-Aug-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के सीज़न 12 में दबंग दिल्ली केसी एक बार फिर नई ऊर्जा के साथ उतरने को तैयार है। टीम ने पिछले सीज़न की तरह इस बार भी युवा रेडर आशु मलिक को कप्तान बनाए रखने की घोषणा की है। आशु सीज़न 11 में टॉप स्कोरर थे।
सिर्फ 22 साल की उम्र में ही आशु ने लगातार शानदार प्रदर्शन और परिपक्व नेतृत्व क्षमता दिखाई है। दिल्ली की टीम पिछले छह सीज़नों से लगातार प्लेऑफ़ तक पहुंची है और इस बार भी आशु की अगुवाई में खिताब जीतने की उम्मीद कर रही है।
टीम के सीईओ प्रशांत मिश्रा ने कहा, “यह सीज़न हमारे लिए बेहद अहम है। लगातार छह बार प्लेऑफ़ तक पहुंचने के बाद अब हमारा लक्ष्य खिताब जीतना है। इसके लिए मजबूत नेतृत्व की जरूरत होती है और आशु ने खुद को इस भूमिका के लिए साबित किया है। हमें पूरा विश्वास है कि वह टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”
मुख्य कोच जोगिंदर नरवाल ने भी आशु पर भरोसा जताते हुए कहा,“आशु मलिक ने पिछले सीज़न में लगातार टीम को आगे बढ़ाया और एक अच्छे लीडर के रूप में खुद को स्थापित किया। इस बार हमारा लक्ष्य सिर्फ प्लेऑफ़ तक सीमित नहीं है बल्कि चैंपियनशिप जीतना है।”
दबंग दिल्ली केसी अपना पहला मुकाबला 2 सितंबर को बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ खेलेगी। आशु मलिक की कप्तानी में टीम इस सीज़न में नई ऊर्जा और जीत के जज्बे के साथ मैदान में उतरेगी।

 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account