ब्रेकिंग न्यूज

खेल

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: बस्तर में एथलेटिक्स के रोमांचक मुकाबलों का आगाज

21-Mar-2026
रायपुर, । ( शोर संदेश ) खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। देश में पहली बार हो रहे राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। प्रतियोगिता स्थल धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में ट्रैक, मैदान, दर्शक दीर्घा तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। साथ ही लाइटिंग, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल एवं आवास जैसी व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए देशभर के जनजातीय खिलाड़ी बड़ी संख्या में बस्तर पहुंचेंगे। इस आयोजन में न केवल अंचल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि बस्तर की सांस्कृतिक विविधता को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। बस्तर जिला प्रशासन और खेल विभाग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। पूरी प्रतियोगिता के दौरान स्थानीय खेलप्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

 


सरगुजा ओलंपिक के लिए सूरजपुर के 410 खिलाड़ी होंगे शामिल, जिला पंचायत सीईओ ने बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

21-Mar-2026
सूरजपुर,। ( शोर संदेश ) जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग सूरजपुर द्वारा संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों को आज रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले ने खिलाड़ियों से भरी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 
उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता 21 से 23 मार्च 2026 तक सरगुजा में आयोजित की जाएगी, जिसमें जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी संभाग स्तर पर सूरजपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता में जिले से कुल 410 खिलाड़ी 12 विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

नेशनल ट्राइबल गेम्स : रायपुर में होंगे हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, तीरंदाजी और वेट-लिफ्टिंग के आयोजन

20-Mar-2026
रायपुर  । ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी सात खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इसमें देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 3000 खिलाड़ी भागीदारी करेंगे। आयोजन के दौरान पुरूष एवं महिला वर्गों में राजधानी रायपुर में पांच खेलों तथा बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर और सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में एक-एक खेल होंगे। इसमें छत्तीसगढ़ के कुल 164 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 86 पुरूष और 78 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
तीनों शहरों में नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए चिन्हांकित खेल स्थलों व मैदानों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार करने का काम जोरों पर है। रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय फुटबॉल मैदान और स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम कोटा में फुटबॉल की प्रतियोगिताएं होंगी। रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी की स्पर्धाएं होंगी। वहीं रायपुर के अंतरराष्ट्रीय स्वीमिग पूल में तैराकी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग संचालनालय के ओपन मैदान में तीरंदाजी तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ओपन ग्राउंड में वेट-लिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं संपन्न होंगी।
जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स और अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में कुश्ती की प्रतियोगिताएं होंगी। खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में देश के दो परंपरागत खेलों कबड्डी और मलखंब को भी डेमो गेम्स के रूप में शामिल किया गया है। कबड्डी की स्पर्धाएं रायपुर के सरदार बलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम और मलखंब का प्रदर्शन अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में होगा।     



 

हम फीफा विश्व कप 2026 का नहीं, अमेरिका का बहिष्कार करेंगे: ईरान

19-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) ईरान ने फीफा विश्व कप 2026 के बहिष्कार की धमकी वापस ले ली है। लेकिन अमेरिका में मैच न खेलने के अपनी मांग पर कायम है। ईरान के फुटबॉल चीफ मेहदी ताज ने कहा कि टीम टूर्नामेंट की तैयारियों को जारी रखेगी, भले ही पुरुष टीम अमेरिका में अपने मैच न खेले।
फुटबॉल विश्व कप 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में खेला जाना है। फरवरी के आखिर में अमेरिका के साथ चल रहे विवाद के बाद ईरान की टीम की सुरक्षा और मैचों की जगह को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। इसलिए ईरान ने अमेरिका में विश्व कप के दौरान अपने प्रस्तावित मैच खेलने से इनकार कर दिया है।
बता दें कि ईरान विश्व कप क्वालीफाई करने वाली पहली टीमों में शामिल है। फार्स न्यूज एजेंसी के हवाले से मेहदी ताज ने कहा, “नेशनल टीम तुर्की में ट्रेनिंग कैंप लगाएगी और वहां दो मैत्रीपूर्ण मैच खेलेगी। हम अमेरिका का बॉयकॉट करेंगे, लेकिन विश्व कप का नहीं।”
ताज का यह बयान ईरान के खेल मंत्री अहमद डोनयामाली के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान विश्व कप में हिस्सा नहीं लेगा। ईरान की पुरुष टीम को जून में अमेरिका में बेल्जियम, मिस्र और न्यूजीलैंड के साथ मैच खेलने हैं।
मेक्सिको की प्रेसिडेंट क्लाउडिया शीनबाम ने ईरान के अमेरिका में विश्व कप मैचों के बहिष्कार पर कहा कि आखिरी फैसला फीफा के हाथ में है। फीफा ने भी पुष्टि की है कि वे ईरान फुटबॉल फेडरेशन के संपर्क में हैं और चाहते हैं कि सभी टीमें अपने तय शेड्यूल के अनुसार टूर्नामेंट में भाग लें।
ईरान ने इजरायल और अमेरिका की तरफ से लगातार हो रहे हमलों और बिना वजह युद्ध छेड़ने की वजह से लिया है। देखना होगा कि फीफा ईरान के लिए विश्व कप के मैच अमेरिका से हटाकर किसी और वेन्यू पर स्थानांतरित करता है या नहीं।




 

नई टी20 रैंकिंग जारी रैंकिंग में भारत का दबदबा,अभिषेक पहले और ईशान दूसरे नंबर पर

12-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) आईसीसी ने टी20 बल्लेबाजों की नई रैंकिंग जारी कर दी है। बाएं हाथ के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपना पहला स्थान बरकरार रखने में कामयाब रहे हैं। ईशान किशन ने अपने करियर की बेस्ट रैंकिंग हासिल की है।
आईसीसी द्वारा बुधवार को जारी ताजा रैंकिंग में अभिषेक शर्मा पहले स्थान पर बरकरार हैं। टी20 विश्व कप 2026 में खराब फॉर्म से गुजरे अभिषेक ने फाइनल में 21 गेंद पर 52 रन की पारी खेली थी। इसी पारी की बदौलत वह अपना शीर्ष स्थान बचाए रखने में कामयाब रहे हैं।
टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 मैचों की 9 पारियों में 317 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को 2 स्थान का फायदा हुआ है। वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ टी20 रैंकिंग है। ईशान ने भी विश्व कप फाइनल में 25 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली थी।
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को एक स्थान का नुकसान हुआ है। वह तीसरे स्थान पर चले गए हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट एक स्थान के नुकसान के साथ चौथे स्थान पर चले गए हैं। श्रीलंका के पाथुम निसांका पांचवें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम साइफर्ट को 4 स्थान का फायदा हुआ है। वह छठे स्थान पर हैं।
भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा 1 स्थान के नुकसान के साथ सातवें और डेवाल्ड ब्रेविस आठवें स्थान पर हैं। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का विश्व कप बल्ले से अच्छा नहीं रहा था। उन्हें 2 स्थान का नुकसान हुआ है। वह नौवें स्थान पर हैं, जबकि जोस बटलर एक स्थान के नुकसान के साथ दसवें स्थान पर हैं। बटलर का टी20 विश्व कप भी बेहद निराशाजनक रहा था।
इसके अलावा, इंग्लैंड के लिए भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक लगाने वाले युवा बल्लेबाज जैकब बेथल को 17 स्थान का फायदा हुआ है। वह 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं। फिन एलन 7 स्थान की छलांग लगाते हुए 20वें और भारत के विश्व कप हीरो संजू सैमसन 18 स्थान की छलांग लगाते हुए 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं।





 

एफआईएच वर्ल्ड कप क्वालिफायर में भारत-स्कॉटलैंड मुकाबला 2-2 से ड्रॉ

10-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) भारतीय महिला हॉकी टीम ने सोमवार को जीएमसी बालयोगी हॉकी ग्राउंड पर एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफायर में पूल-बी के अपने दूसरे मुकाबले में स्कॉटलैंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला। इस ड्रॉ के साथ ही भारत और स्कॉटलैंड दोनों के ग्रुप में 4 प्वाइंट्स हो गए हैं। हालांकि, टूर्नामेंट में ज्यादा गोल करने के कारण भारतीय टीम ग्रुप में नंबर एक की पोजीशन पर बनी हुई है।
भारतीय टीम की ओर से नवनीत कौर ने मैच के 18वें मिनट में पहला गोल किया। वहीं, सुनीता टोप्पो ने मुकाबले के 29वें मिनट में दूसरा गोल दागा। स्कॉलैंड की ओर से हीथर मैकइवान (6वें मिनट) और फियोना बर्नेट (33वें मिनट) ने गोल किया। मैच के शुरुआती पलों में दोनों टीमों ने धैर्य से पासिंग गेम खेला। भारतीय टीम इस मुकाबले में 3-4-3 फॉर्मेशन के साथ मैदान पर उतरी। मैच के शुरुआती कुछ मिनटों में भारतीय टीम मजबूत स्थिति में दिख रही थी। हालांकि, मैच के 6वें मिनट में स्कॉटलैंड के हाथ पेनल्टी कॉर्नर लगा, जिसका भरपूर फायदा हीथर मैकइवान ने उठाया। हीथर ने शानदार गोल करते हुए स्कॉटलैंड को मैच में 1-0 की बढ़त दिलाई।
भारत ने लगातार आगे बढ़कर जवाब दिया। लालरेम्सियामी ने भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर दिलाया, लेकिन उदिता का ड्रैग-फ्लिक गोल पोस्ट को मिस कर गया। भारत ने दबाव बनाए रखा और 14वें मिनट में दूसरा पेनल्टी कॉर्नर जीता, लेकिन ट्रैपिंग की गलती की वजह से स्कॉटलैंड को काउंटर-अटैक करने का मौका मिल गया। हालांकि, सुशीला ने बेहतरीन बचाव किया और ब्रेक तक स्कोर 1-0 रहा।
भारत ने दूसरे क्वार्टर में तेजी से मैच पर कंट्रोल बनाया। 17वें मिनट में भारती टीम के हाथ तीसरा पेनल्टी कॉर्नर लगा। हालांकि, भारतीय टीम इस भी नहीं भुना सकी। मैच के 18वें मिनट में नवनीत कौर ने भारत के लिए पहला गोल किया। नवनीत ने स्कॉटिश गोलकीपर जेसिका बुकानन को चकमा देते हुए बॉल को गोल पोस्ट के अंदर पहुंचाया और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
स्कॉटलैंड ने बढ़त बनाने का प्रयास किया और 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर जीता, लेकिन भारतीय गोलकीपर बिचू देवी ने एमी कॉस्टेलो के ड्रैग-फ्लिक के खिलाफ शानदार बचाव किया। स्कॉटलैंड ने लगातार सर्कल में घुसकर मेजबान टीम पर दबाव बनाया। हालांकि, भारत ने 29वें मिनट में वापसी की। गोलमाउथ में जोरदार हाथापाई और पेनल्टी कॉर्नर से रिबाउंड के बाद सुनीता टोप्पो ने बहुत समझदारी दिखाते हुए बॉल को गोल पोस्ट में डाल दिया, जिससे भारत को हाफटाइम तक 2-1 की बढ़त मिल गई।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच पजेशन के लिए ज़बरदस्त मुकाबला हुआ। 33वें मिनट में मैकइवान ने एक परफेक्ट पासिंग मूव सेट किया, जिसे फियोना बर्नेट ने गोल में तब्दील करते हुए स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया। भारत के हाथ कई पेनल्टी कॉर्नर आए, लेकिन टीम उसे गोल में तब्दील नहीं कर सकी।
चौथा क्वार्टर शुरू होते ही भारत को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन बुकानन ने शानदार बचाव किया। अंतिम क्षणों में भारतीय टीम ने आक्रामक रवैया अपनाया। मैच के अंतिम 5 मिनटों में बलजीत ने एक शानदार पेनिट्रेटिंग रन बनाया, लेकिन सर्कल में कोई भी फिनिशिंग टच देने के लिए नहीं था। दो मिनट बाद ही भारत को मैच का अपना 9वां पेनल्टी कॉर्नर मिला। डिफेंडर की पिंडली से रिबाउंड पर गेंद आसानी से गिर गई, लेकिन बुकानन एक बार फिर वहां मौजूद रहीं और उन्होंने एक जरूरी बचाव किया। अंत में जीत किसी भी टीम के हाथ नहीं लग सकी और मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। भारतीय टीम अपने अगले मुकाबले में बुधवार को वेल्स से भिड़ेगी।

 

महिला दिवस पर बहतराई में एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिता आयोजित

09-Mar-2026
रायपुर,। ( शोर संदेश ) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिकाओं एवं महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई, बिलासपुर में एक दिवसीय महिला खेल प्रतियोगिता का कल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की बालिकाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में कबड्डी, तीरंदाजी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल तथा हॉकी खेलों का आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में बालिका आवासीय कबड्डी अकादमी, बिलासपुर विजेता तथा बालिका आवासीय कबड्डी अकादमी, बिलासपुर उपविजेता रही। तृतीय स्थान वीर शिवाजी कबड्डी अकादमी, बिलासपुर और चतुर्थ स्थान बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर को प्राप्त हुआ।
तीरंदाजी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में सुलोचना राज प्रथम, पायल मरावी द्वितीय और माया बघेल तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में नंदनी पोर्ते प्रथम, यामिनी धीवर द्वितीय तथा सिमरन खुसरो तृतीय स्थान पर रहीं। सब-जूनियर वर्ग में स्नेहा प्रथम, निकिता द्वितीय और विनीता नेताम तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि मिनी वर्ग में एकता ध्रुव प्रथम, नेहा यादव द्वितीय तथा स्मृति नेताम तृतीय स्थान पर रहीं।
बास्केटबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ बास्केटबॉल टीम, बिलासपुर विजेता तथा बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर उपविजेता रही। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पुलिस लाइन, बिलासपुर की टीम विजेता तथा राजकिशोर नगर, बिलासपुर की टीम उपविजेता रही। बिलासा कन्या महाविद्यालय, बिलासपुर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
हॉकी प्रतियोगिता में टीम ‘ए’ स्व. बी.आर. यादव राज्य हॉकी, बिलासपुर विजेता रही, जबकि टीम ‘बी’ खेलो इंडिया हॉकी, बिलासपुर उपविजेता रही। टीम ‘सी’ हॉकी बिलासपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा टीम ‘डी’ हॉकी बिलासपुर को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक संचालक ए. एक्का, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुनील गौरहा, हॉकी हेड कोच अजीत ई. लकड़ा, वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, कबड्डी प्रशिक्षक दिल कुमार राठौर, वॉलीबॉल प्रशिक्षक हरगुलशन सिंह, श्रीनिवास नायर, तीरंदाजी सहायक प्रशिक्षक ए.पी.सी. ईतवारी राज, मनमोहन पटेल सहित स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



 

टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने दी बधाई

09-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने भारतीय टीम को बधाई दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास की कई ऊंचाइयों को छूने वाली टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई। भारत को यह गर्व है कि वह तीन बार कप जीतने वाला अकेला देश है। यह लगातार दो बार कप जीतने वाली भी अकेली टीम है। इससे हमारे क्रिकेट प्रेमियों को बेहद खुशी और गर्व हुआ है। यह हमारे युवाओं में मौजूद अपार प्रतिभा का भी प्रमाण है।” उन्होंने आगे कहा कि इस जीत के लिए हर खिलाड़ी, टीम मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ प्रशंसा के पात्र हैं। राष्ट्रपति ने कामना की कि भारतीय क्रिकेट टीम भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “चैंपियंस! आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई। यह शानदार जीत जबरदस्त स्किल्स, दृढ़ संकल्प और टीमवर्क को दिखाती है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन धैर्य दिखाया। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। बहुत बढ़िया, टीम इंडिया।”
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “क्या जीत है…!! वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को सलाम। पूरे टूर्नामेंट में आपके शानदार प्रदर्शन और जोश ने देश को गौरव और गर्व दिलाया है। हर भारतीय को गर्व महसूस कराने के लिए पूरी टीम को बधाई।”
वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा, “आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने पर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को मेरी ओर से हार्दिक बधाई। हमारे खिलाड़ियों ने न सिर्फ खिताब बरकरार रखा, बल्कि शानदार प्रदर्शन से मैदान पर भी छा गए। यह मैच क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यादगार बन गया है।”
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, “टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की शानदार जीत पर हमारे क्रिकेटरों को दिल से बधाई। उनके खेल कौशल, जुनून और बेहतरीन टीमवर्क ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है। हमारी टीम पूरे टूर्नामेंट में चैंपियन की तरह खेली।”
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लिखा, “अजेय भारत—अविश्वसनीय भारत। टी20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक जीत हासिल कर विश्व चैंपियन बनने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई। खिलाड़ियों के अद्भुत प्रदर्शन और उत्कृष्ट टीम भावना ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।”
वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने इस जीत को ‘विजयी भारत की अश्वमेध यात्रा’ बताते हुए लिखा, “गूंज उठा है नीला अंबर… फिर एक मोड़, विश्व विजयी भारत की अश्वमेध यात्रा जारी है। बधाई भारत। यह रात और जीत का यह अंदाज हमेशा याद रहेगा।”
गौरतलब है कि टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी तीसरी बार जीती है और घरेलू सरजमीं पर यह खिताब जीतने वाला पहला देश बन गया है। भारत से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

टी20 विश्व कप जीत के बाद सूर्यकुमार यादव का बड़ा लक्ष्य, 2028 ओलंपिक गोल्ड पर नजर

09-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 विश्व कप जीतने के बाद अपने अगले बड़े लक्ष्य स्पष्ट कर दिए हैं। भारत ने रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 96 रन से हराकर टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव इतिहास रचने में सफल रहे।
सूर्यकुमार यादव, एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद ऐसे तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं जिनकी कप्तानी में भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप जीता है। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने भविष्य की योजनाओं को भी साफ कर दिया।
35 साल के सूर्यकुमार यादव को लेकर विश्व कप के बाद संन्यास की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, मैच के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया और साफ कहा कि उनका फोकस अभी आने वाली बड़ी उपलब्धियों पर है।
सूर्यकुमार यादव ने कहा, “मेरा अगला लक्ष्य 2028 ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना है। साथ ही उसी साल हमें अपने आईसीसी टी20 विश्व कप खिताब का बचाव भी करना है। इसे भूलिएगा मत।” उनके इस बयान से साफ है कि वह कम-से-कम अगले कुछ वर्षों तक टीम इंडिया के लिए खेलते रहेंगे और बड़े टूर्नामेंट पर उनका पूरा ध्यान रहेगा।
टी20 विश्व कप 2024 के बाद सूर्यकुमार यादव को इस फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। उनका लक्ष्य 2026 में घरेलू दर्शकों के सामने खिताब बचाना था, जिसे उन्होंने हासिल कर लिया। सूर्यकुमार यादव आईसीसी के पूर्ण सदस्य देशों के कप्तानों में सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। उन्होंने अब तक 52 टी20 मैचों में कप्तानी की है, जिनमें भारत ने 42 मैच जीते, 8 में हार मिली और 2 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकला। इस तरह उनकी जीत का प्रतिशत 80.77 रहा है। इस सूची में दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं।
टी20 विश्व कप 2026 के पहले मैच में संयुक्त राज्य अमेरिका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ नाबाद 84 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया को जीत दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव बाद के मैचों में भले बड़ी पारियां न खेल पाए हों, लेकिन उनकी छोटी और उपयोगी पारियों ने कई मुकाबलों में टीम को संभाला और बड़े स्कोर की नींव रखी। सूर्यकुमार यादव ने टूर्नामेंट की 9 पारियों में 30.25 की औसत से 242 रन बनाए। संजू सैमसन और ईशान किशन के बाद वह टीम के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
 

टी20 वर्ल्ड कप 2026: न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर भारत बना चैंपियन, तीसरी बार जीता खिताब

09-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। साथ ही टीम इंडिया घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश भी बन गया है।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रनों की साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 गेंदों में 5 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। इसके साथ ही संजू टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए।
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन भी बेहतरीन लय में नजर आए। उन्होंने 25 गेंदों में 54 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। ईशान ने 216 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 4 चौके और 4 छक्के जड़े।
हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या बल्ले से ज्यादा योगदान नहीं दे सके। सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए। उनकी इस तेज पारी की बदौलत भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा।
256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सेमीफाइनल में शतक लगाने वाले फिन एलन सिर्फ 9 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने। इसके बाद रचिन रविंद्र भी महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
ग्लेन फिलिप्स भी 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मार्क चैपमैन को 3 रन के स्कोर पर हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेज दिया। डेरिल मिचेल भी फाइनल में कुछ खास नहीं कर सके और 17 रन बनाकर आउट हो गए।
एक छोर से टिम सीफर्ट ने जरूर आक्रामक बल्लेबाजी की और 26 गेंदों में 52 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर ईशान किशन को कैच देकर पवेलियन लौट गए।
कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। जेम्स नीशम 8 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मैट हेनरी खाता भी नहीं खोल सके।
न्यूजीलैंड की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके। अक्षर पटेल ने 27 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 विश्व कप का खिताब तीसरी बार अपने नाम किया। इससे पहले भारतीय टीम 2007 और 2024 में भी यह ट्रॉफी जीत चुकी है। साथ ही टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप को लगातार दूसरी बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन गई है।

 



Feedback/Enquiry



Log In Your Account