
रायपुर (शोर सन्देश)। मुख्यमंत्री बघेल ने आज आपने निवास कार्यलय में वर्चुअल माध्यम से आयोजित रोका-छेका कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान विभिन्न गौठानों में कार्यरत स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने बलौदाबाजार जिले के ग्राम केशली की ज्योति स्व सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती देशना भवसार से भी रूबरू हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री जी को बताया कि यहां ग्राम केशली स्थित गौठान में महानदी वनिता शेड के अंतर्गत महिलाओं द्वारा विभिन्न प्रकार की आजीविका गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इनमें ज्योति स्व सहायता समूह के द्वारा कपड़े से निर्मित बैग का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें कपड़े की कटिंग और सिलाई मशीन के द्वारा की जाती है। समूह की महिला सदस्यों द्वारा टिफिन बैग, यात्री बैग, स्कूल बैग का निर्माण किया जाता है। इससे समूह को अब तक 50 हजार की आमदनी हो चुकी है। इस महानदी वनिता शेड में मुख्य रूप से चार स्व सहायता समूह कार्यरत हैं, जिनमें से महामाया स्व सहायता समूह वर्मी कंपोस्ट और मसाला निर्माण का कार्य करती है, जागृति महिला स्व-सहायता समूह द्वारा वाशिंग पाउडर व साबुन का निर्माण कार्य किया जाता है और महामाया स्व सहायता समूह द्वारा पोल्ट्री का कार्य किया जाता है। लगभग 11 समूहों में जिनमें से मुख्य रूप से 4 स्व-सहायता समूह वनिता महानदी शेड के अंतर्गत कार्य करती हैं उन्हें प्रतिमाह 5 से 8 हजार रुपए तक की आमदनी होती है। उन्होंने मुख्यमंत्री बघेल को बताया कि गौठान से लगे हुए चारागाह में जागृति महिला स्व सहायता समूह द्वारा मक्के की खेती की गई थी, जिसके चारे का आवश्यकतानुसार उपयोग गौठान में उपस्थित पशुओं के लिए किया गया। मक्के की कटाई के बाद यहां सब्जियों की खेती की गई जिससे 4 से 5 हजार रुपये का लाभ समूह को हुआ। यहां पानी की सुविधा अच्छी होने के कारण अब मवेशियों के लिए हरे चारे के रूप में नेपियर घास लगाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि गौठान में अब तक 3 हजार क्विंटल गोबर की खरीदी की जा चुकी है जिसमें से 630 क्विंटल खाद का शासकीय सोसाइटी के माध्यम से विक्रय किया जा चुका है तथा 565 क्विंटल खाद का निर्माण और पैकेजिंग का कार्य जारी है। वर्मी कंपोस्ट से समूह को अब तक उनके खाते हैं 24 हजार रुपए तथा चेक के माध्यम से 20 हजार की आमदनी हो चुकी है। ग्राम केशली की सरपंच श्रीमती वीणा वर्मा ने मुख्यमंत्री बघेल को बताया कि हमारे गांव में आज से रोका-छेका कार्यक्रम का शुभारंभ किया जा रहा है। जिसमें सभी गांव के सदस्यों और पशुपालकों के परस्पर सहयोग से इस कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया गया जिसके लिए उन्होंने 4 चरवाहे की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान कहा कि बछड़े के बधियाकरण पर भी जोर देना होगा ताकि नस्ल सुधार करने में आसानी हो। छत्तीसगढ़ के वातावरण में देसी गाय कम बीमार पड़ते हैं, इसलिए जरूरी है कि देसी गाय का नस्ल सुधार किया जाए। अब गांव में जो आजीविका विकास के लिये शेड निर्माण हो रहे हैं उससे प्रत्येक गांव में 40 से 50 महिलाओं को रोजगार मिलने लगा है प्रदेश में लगभग 20 हजार गांव हैं कल्पना करें तो लाखों परिवारों की महिलाओं को रोजगार मिलेगा और प्रत्येक घरों की स्थिति सुधरेगी। यह मानवीय प्रवृत्ति कि स्व-निर्मित तथा परिवार के सदस्यों द्वारा बनाये गए वस्तुओं के उपयोग से ज्यादा आत्मिक आनंद मिलता है, अपेक्षाकृत बाजार से खरीदे वस्तुओं से।

गाजियाबाद (शोर सन्देश)। दिल्ली एनसीआर में आने वाले गाजियाबाद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहां बीती रात लोनी इलाके में बदमाशों ने एक ही परिवार के चार लोगों पर जानलेवा हमला किया। घटनाक्रम के तहत चारों को बदमाशों ने गोली मार दी। तीन की मौत हो गई है। वहीं, इस हमले में घायल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मामला लोनी थाना क्षेत्र के टोली मोहल्ले का है, जहां पर बीती रात बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी रईस उर्फ रईसुद्दीन के घर धावा बोल दिया। इस दौरान उन्होंने 70 साल के रईसुद्दीन, उनके 30 के बेटे अजहर और 28 साल के बेटे इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके अलावा रईसुद्दीन की 65 साल की पत्नी फातिमा को भी गोली मारी। उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाजियाबाद के एसएसपी अमित पाठक सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जांच के लिए तीन टीमों को गठित किया गया और जल्द ही इस घटना का खुलासा की बात कर रहे हैं। घटना डकैती के लिए की गई है या आपसी रंजिश के चलते परिवार को गोली मारी गई है, इस पूरे मामले की जांच पड़ताल की बात पुलिस कर रही है। ट्रिपल मर्डर से जनपद हिल गया है।

मुंबई (शोर सन्देश)। बड़ी खबर मुंबई से आ रही है। फोर्ट इलाके में बिल्डिंग का एक हिस्सा गिरने की घटना सामने आई है। हालांकि अभी तक किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, 40 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। वहीं कम से कम 6 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। जानकारी के मुताबिक, पांच मंजिला इमारत दक्षिण मुंबई स्थित फोर्ट इलाके में था। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि इमारत पुरानी है और इसके अंदरुनी हिस्सों में मरम्मत का काम चल रहा था। इमारत के तीसरी और चौथी मंजिल के स्लैब्स गिर गए। उन्हें सही सलामत बिल्डिंग से निकाला गया। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जशपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई है। जशपुर जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यहां बताया कि जिले के साहीडांड क्षेत्र के अंतर्गत कुहापानी गांव के करीब जंगली हाथी के हमले में प्रतिमा तिग्गा (42) की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिमा तिग्गा बुधवार शाम रेंगले गांव से बांसधार गांव जा रही थी। प्रतिमा के साथ उसकी सात वर्षीय बेटी भी थी। जब दोनों डेगाडेगी नदी को पार करने के बाद कुहापानी गांव के करीब पहुंचे तब एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हाथी ने प्रतिमा को कुचल दिया जिसमें उसकी मौत हो गई। उसकी बच्ची वहां से भागकर गांव चली गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बरामद कर लिया है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हाथियों का समूह विचरण कर रहा है। ग्रामीणों को जंगल के भीतर जाने से मना किया गया है।

रायगढ़ (शोर सन्देश)। कोरोना संक्रमण की शुरुआत हुए एक साल से अधिक हो चुके हैं। इस बीच जिले में भी संक्रमण का काफी असर देखने को मिला। पहले के मुकाबले दूसरी लहर ज्यादा संक्रामक साबित हुयी। जिले के शहरों के साथ गांवों में भी संक्रमण के मामले देखने को मिले। लेकिन इनके बीच 173 गांव ऐसे रहे जिन्होंने अपनी सामूहिक उत्तरदायित्व और अनुशासन के बदौलत कोरोना को अपने गांव में घुसने का मौका ही नहीं दिया। इन गांवों में कोरोना की पहली और दूसरी लहर को मिलाकर आज तक एक भी केस नहीं आये। वहीं जिले में आज 676 गांव ऐसे हैं, जो संक्रमण से मुक्त हैं और जहां एक भी एक्टिव केसेस नहीं है।

राजेंद्र ठाकुर बलरामपुर (शोर सन्देश)। भारत सरकार द्वारा आजादी के 75 वीं वर्षगाठ को आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। पूरे देश में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में ग्राम पंचायत स्तर और विकासखण्ड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इसके तहत जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के अन्तर्गत सभी महात्मा गांधी नरेगा कार्यस्थलों पर वर्षाजल संचय के लिए ग्रामीण शपथ ले रहे हैं कि वे सभी मिलकर आने वाले वर्षाकाल में जल की प्रत्येक बूंद को संचित करने के लिए प्रयास करेंगे। साथ ही पानी के महत्व से अवगत कराते हुए अपने आस-पास के सभी लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित भी करेंगे। कलेक्टर श्री श्याम धावडे़ ने कहा कि जल संचयन वर्तमान समय की बड़ी जरूरत है। जिले में जल संचयन से जुडे़ अनेको कार्य स्वीकृत किये गये हैं ताकि समुचित प्रबंधन से वर्षा जल का संचयन किया जा सके। यह आयोजन प्रत्येक ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी नरेगा के कार्यस्थलों पर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। इन सभी कार्यक्रमों का मूल उद्देश्य ग्रामीणों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सबल बनाने के लिए राह दिखाना है। वैश्विक महामारी के दौर में भी जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार मूलक गतिविधियों को निरंतर संचालित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के समक्ष दैनिक रोजगार की कोई समस्या नहीं है। साथ ही जलसंचय की गतिविधियों को और उसके लिए संरचनाओं के निर्माण पर विशेष प्रयास किया जा रहा है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत् जिले में चल रहे कार्यस्थलों में वैश्विक महामारी से बचाव के लिए कोविड-19 प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। सभी जगहों पर श्रमिकों के बीच उचित दूरी रखकर व मास्क का उपयोग करते हुए ही कार्य कराया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक कार्यस्थल पर हाथ धुलाई और आवश्यक सुरक्षा के इंतजाम भी रखे गए हैं। जहां ज्यादा संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं वहां उनसे दो पालियों में कार्य कराया जा रहा है, जिससे दो गज दूरी का प्रोटोकाल पालन किया जा सके और किसी भी परिस्थिति में बचाव होता रहे। उन्होने मनरेगा के कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 46 हजार से ज्यादा पंजीकृत श्रमिक दैनिक रोजगार प्राप्त कर रहें हैं। साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि काम की मांग के आधार पर ग्राम पंचायतों में पहले से ही पर्याप्त रोजगार मूलक कार्यों को स्वीकृत कर दिया गया

रायपुर (शोर सन्देश)। रायपुर के भनपुरी क्षेत्र में स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार भनपुरी क्षेत्र के कोलबिंया ऑयल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक है कि पूरी फैक्ट्री में अफरा तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके के लिए पहुंची हुई है। शुक्रवार दोपहर में आग लगने की सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की गाड़ियां मौके के लिए रवाना हो गई थीं। फैक्ट्री में अग्निशमन यंत्र भी मौजूद नहीं थे, जिसकी वजह से आग लगने के बाद तेजी से फैल गई और उसे काबू करना मुश्किल हो गया। हालांकि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन लाखों की नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पूरा मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। खमतराई थाना पुलिस ने बताया कि भनपुरी इलाके के कोलंबिया कैमिकल फैक्ट्री में आग लगी है। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझा रही है। आग बहुत भीषण रूप ले चुकी है। टीम का रेस्क्यू लगातार जारी है। ऑयल फैक्ट्री में आग किस कारण से लगी है, इसका पता लगाया जा रहा है। पूरे मामले में जांच की जा रही है।

रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी-विदेशी मदिरा सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन चारों आरोपियों को अलग अलग स्थानों से गिरिफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से करीब 36 बोतल अंग्रेजी व 3 लीटर देशी महुआ शराब जप्त की गई है। सरस्वती नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि कोटा के परसुराम चौक पास एक व्यक्ति शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने उक्त स्थान पर दबिश देकर तमेश सिंह ठाकुर (34 वर्ष) के कब्जे से 28 बाटल अंग्रेजी शराब जप्त कर गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट: 34-2 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। दूसरा मामले खमतराई थाना क्षेत्र का है, जहां खमतरी पुलिस ने अलग अलग स्थानों से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यहां मुखबिर की सूचना पर डीएम टावर पीछे, कैलाश नगर से संजय सिन्हा (35 वर्ष) तथा राजेश जैन (46वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। इनेक पास से 4-4 बाटल अंग्रेजी शराब जप्त कर गिरफ्तार किया गया। वहीं भनपुरी बाजार पास से पिकेश्वर बंजारे (19 वर्ष) के कब्जे 3 लीटर देशी महुआ शराब जप्त कर गिरफ्तार किया गया। तीनो आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट: 34-1 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।

रायपुर (शोर सन्देश)। तकरीबन 1500 की आबादी वाला छोटा सा ग्राम इकट्ठा किए गए ग्रामीण फंड से गांव के नवनिर्माण में जुटा है । इकट्ठा होने वाले ग्रामीण फंड से बीते बरस ग्रामवासियों ने लगभग 6 लाख रूपए की लागत से ग्राम के `छोटे तालाब ` को नवजीवन दिया था। तो इस साल ग्राम के जीवनदायिनी करीबन 8 एकड में फैले `बड़े तालाब ` का पुनरोद्धार कार्य शुरू किया है । इसमें करीब 8 - 9 लाख रूपए खर्च का अनुमान है । जनपद पंचायत आरंग के अधीन आता है यह छोटा सा गांव तोडगांव गोढ़ी । एक हजार से अधिक मतदाता होने की वजह से यहां ग्रामपंचायत तो है ही, ग्रामवासियों ने ग्रामीण व्यवस्था चुस्त - दुरुस्त रखने ग्राम पंचायत के इतर ग्रामीण सभा का भी गठन कर रखा है । ग्राम में विभिन्न मंडलियां व समितियां भी है । ग्रामीण व्यवस्था के तहत ग्रामवासी आपस में मिलजुल विभिन्न मदों में राशि तो एकत्रित करते रहते ही हैं , ग्राम में गठित विभिन्न समितियों व मंडलियों को भी चढ़ावा व सहयोग राशि मिलता रहता है । बीते साल से ग्रामीण सभा एकजुटता दिखा समितियों व मंडलियों के सहयोग से तालाबों के पुनरोद्धार कार्य में जुटा है । इस बड़े तालाब के पुनरोद्धार कार्य मे ग्रामीण सभा को रामलीला व रामायण मंडली आदि का भी सक्रिय व आर्थिक सहयोग मिला है । ग्रामवासियों के निस्तार के लिए यह प्रमुख तालाब होने के साथ - साथ इस तालाब से ग्राम के कई एकड़ खेतों को सिंचाई पानी भी मिलता है । पुनरोद्धार कार्य में तालाब से गाद निकालने व गहरीकरण के साथ - साथ सिंचाई गेट व पचरी निर्माण की भी योजना ग्रामीणों की है पर यह सब राशि की उपलब्धता पर निर्भर है । जल संसाधन विभाग से गर्मी के मौसम में निस्तारी के लिए पानी मांगने के बाद भी इस साल निस्तारी पानी न मिल पाने की जानकारी मिलने पर तोडगांव पहुंचे किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेन्द्र शर्मा को जब ग्रामीणों के इस रचनात्मक कार्य की जानकारी मिली तो तालाब पुनरोद्धार कार्य स्थल पर जा मौजूदा ग्रामवासियों को बधाई दी । श्री शर्मा ने बतलाया कि मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण कार्य में किसी भी ग्राम के प्रबुद्ध व जागरूक ग्रामीणों का अनुभव अच्छा नहीं है । पुनरोद्धार कार्य चल रहे तालाब में 61 वर्षों से जमा गाद के परिप्रेक्ष्य मे उन्होंने कहा कि एक समय था। जब इस गाद को जो एक सर्वोत्तम खाद होता है । किसान स्वयं के खर्च व मेहनत से अपने खेतों मे पालते थे , आज इसे ग्राम को खर्च दे निकलवाना पड़ रहा है । कभी अपने चुस्त-दुरुस्त ग्रामीण व्यवस्था के लिए क्षेत्र में चर्चित रहने वाले इस ग्राम के इतिहास को याद करते हुए श्री शर्मा बतलाते हैं कि बीते एक - दो वर्षों से इस ग्राम के मामले थाना व तहसीली जाने से ग्रामीण व्यवस्था दरकते जाने का आभाष होता है। जो ग्रामहित में नहीं है पर ऐसे रचनात्मक कार्यों में एकजुटता से लगता है कि वे ग्रामीण व्यवस्था को एकबार फिर पूर्ववत् बनाये रखने में सफल होंगे व शासन - प्रशासन का सहयोग भी इन्हें मिलेगा ।

रायपुर (शोर सन्देश)। आज नगर पालिक निगम रायपुर के एमआईसी सदस्य और दानवीर भामाशाह वार्ड क्रमांक 26 के पार्षद सुन्दर जोगी ने वार्ड नम्बर 26 के गैर राशनकार्ड धारी परिवारों को उनके आधार कार्ड के आधार पर राशन के पैकेट लॉकडाउन अवधि में दिए | उक्त कार्यवाही नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 2 की टीम के माध्यम से वार्ड पार्षद और एमआईसी सदस्य श्री जोगी की अगुवाई में मुख्यमन्त्री भूपेश बघेल, नगरीय प्रशासन और विकास मन्त्री डॉक्टर शिव कुमार डहरिया की समाजहितैषी मंशा के अनुरूप नगर निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर के निर्देश पर की |