
रायपुर (शोर संदेश)। जर्मनी की लक्जरी कार निर्माता कंपनी ऑडी ने गुरुवार को रायपुर में एक नई 3एस सर्विस का उद्घाटन किया है। रिंग रोड नंबर 1, सरोना में स्थित यह नई अत्याधुनिक सुविधा नई कारों की बिक्री, एक वर्कशॉप सुविधा और ऑडी अप्रूव्ड: प्लस को एक छत के नीचे लेकर आई है। उद्घाटन में बात करते हुए, ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लक्जरी और प्री-ओन्ड कारों के लिये बड़ी संभावना है। हम रायपुर में नई 3एस सुविधा का उद्घाटन कर खुश हैं, जोकि इस क्षेत्र और आस-पास के इलाकों को सेवा देगी। ऑडी इंडिया तरक्की के रास्ते पर है और हम बाजार की मांग के अनुसार विस्तार करते रहेंगे। 30000 वर्गफीट और चार फ्लोर्स में फैली इस नई 3एस सुविधा के पास दस कारों का डिस्प्ले और फाइव-बे वर्कशॉप है। नई 3एस सुविधा एक ई-ट्रॉन डीलरशिप भी है, जहाँ 22 केडब्ल्यू का एक इलेक्ट्रिक कार चार्जर है। यहाँ ऑडी अप्रूव्ड: प्लस कारों का डिस्प्ले भी होगा। ऑडी अप्रूव्ड: प्लस में दिखाया और बेचा जाने वाला हर प्री-ओन्ड वाहन 300 से ज्यादा मल्टी-पॉइंट परीक्षणों, पूरे मल्टी-लेवल गुणवत्ता परीक्षणों और एक फुल ऑन-रोड टेस्ट के साथ मेकैनिकल, बॉडीवर्क, इंटीरियर और इलेक्ट्रिकल जाँचों से गुजरता है, ताकि कार खरीदते समय ग्राहक मानसिक रूप से संतुष्ट रहे। ऑडी अप्रूव्ड: प्लस प्रोग्राम के तहत ऑडी इंडिया खरीदी से पहले 24x7 रोडसाइड असिस्टेन्स और व्हीकल की पूरी हिस्ट्री की पेशकश करती है। इसके अलावा, इस प्रोग्राम के माध्यम से ग्राहक फाइनेंसिंग और बीमा के फायदे आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। ऑडी इंडिया ने हाल ही में 2023 की पहली तिमाही के लिये अपने खुदरा आंकड़े घोषित किये हैं। चार गोलों वाले इस ब्राण्ड ने जनवरी से लेकर मार्च तक की अवधि में 1950 यूनिट्स बेची हैं और पिछली तिमाही की तुलना में 126% की वृद्धि दर्ज की है।

रायपुर (शोर संदेश)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात अभियान के तहत बुधवार को रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के माधवराव सप्रे स्कूल परिसर में विभिन्न सामाजिक संगठनों से भेंट-मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दानवीर दाऊ कल्याण सिंह के नाम पर नवा रायपुर में चौक नामकरण करने की घोषणा की। उन्होंने सामाजिक संगठनों के अनुरोध पर सामाजिक भवन, छात्रावास आदि के लिए राशि की मंजूरी दी। बाल्मिकी समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को अखिल भारतीय बाल्मिकी महासभा के परिचय सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर महापौर रायपुर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने मराठा समाज को जर्जर भवन की मरम्मत के लिए 20 लाख रूपए, धीवर समाज को सामाजिक भवन के लिए 2500 वर्गफीट जमीन देने, नायडू समाज को मंगल भवन के लिए 20 लाख रूपए, धोबी समाज को सामाजिक भवन के 25 लाख रूपए, सोनकर समाज चंगोराभाठा समाज के जर्जर छात्रावास की मरम्मत के लिए 42 लाख रूपए और हलवाई लाईन जामा मस्जिद ट्रस्ट को सर्व सुविधायुक्त सामाजिक भवन के लिए एक करोड़ की स्वीकृति प्रदान की। इसी प्रकार गुजराती लोहार समाज पुरानी बाड़ी फाफाडीह के जीर्णोेद्धार के लिए 15 लाख रूपए, यादव समाज को कोटा गुढ़ियारी में सामाजिक भवन के लिए 20 लाख रूपए, देवांगन समाज को लाखेनगर मंडल में सामाजिक भवन के जीर्णोद्धार के लिए 15 लाख रूपए, मरार पटेल समाज को टिकरापारा में समाजिक भवन के लिए 20 लाख रूपए, देवांगन समाज टिकरापारा को छात्रावास भवन बनाने के लिए 15 लाख रूपए, यादव समाज को रायपुरा में सामाजिक भवन के लिए 20 लाख रूपए, झेरिया यादव समाज को छात्रावास भवन के लिए 20 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की।

रायगढ़ (शोर संदेश)। जिला प्रशासन ने पांच लोगों की आकस्मिक मौत पर 20 लाख रुपए की सहायता दी है। मरने वालों में तीन महिला व दो पुरुष हैं। जिसमें चार की मौत सांप के डंसने से हुई और एक की मौत पानी में डूबने से हुई थी। इन सभी के परिजनों को 4-4 लाख रुपए दिए गए हैं। जिले के खरसिया एवं लैलूंगा ब्लाक में पांच लोगों की प्राकृतिक आपदा के तहत पानी में डूबने एवं सर्पदंश के कारण मृत्यु हुई थी। जिनको कलेक्टर के अनुमोदन के बाद संबंधित क्षेत्र के एसडीएम द्वारा प्रावधानों के अनुसार मृतक के नजदीकी वारिसानों को 4-4 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। कलेक्टर रायगढ़ के मुताबिक पिछले साल 2022 में खरसिया अनुविभाग अंतर्गत खरसिया के ग्राम-भालूनारा के रविशंकर धनवार की 24 अगस्त को सांप के डसने से मृत्यु हो गई थी, उसकी पत्नी सावित्री धनवार को 4 लाख रुपये, खरसिया की ही ग्राम- छोटेजामपाली की सुनिमती चौहान की भी 11 दिसम्बर को सर्पदंश से मौत होने पर उसके पुत्र तरूण चौहान को 4 लाख रुपये दिए गए। इसी तरह लैलूंगा के ग्राम-कुर्रा के सुन्दर लाल राठिया की 8 दिसम्बर को पानी में डूबने से हुई, मृत्यु पर उनकी पत्नी रजमेत राठिया को 4 लाख रुपये, ग्राम-करवारजोर की रूंगीबाई की 27 सितम्बर को सांप के डसने से मौत पर उसके पति रामकुमार को 4 लाख रुपये तथा खरसिया के ग्राम-गंजपुर की आसमती राठिया की 12 जनवरी को सर्पदंश से मृत्यु होने पर पति जनारसिंह को 4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।

रायपुर (शोर संदेश)। महिला दिवस पर नागपुर में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति को सम्मानित किया गया, जिसमें सामाजिक कार्यों के लिए वनिता सोनकर को सम्मान मिला। अवार्ड कार्यक्रम का आयोजन सोहेल शेख द्वारा किया गया था, जिसमें अतिथि टीवी अभिनेत्री स्नेहल राय व दर्शन सिंह थे, जिनके हाथों विजेताओं को अवार्ड व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। रायपुर छत्तीसगढ़ की समाजिक कार्यकर्ता पायल नागरानी को लिडिंग वुमन अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं मिसेज दिवा इंडिया का खिताब श्रीति हलधर को मिला। छत्तीसगढ़ की महिलाओं का दूसरे राज्यो में अवार्ड व सम्मान प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। ये कहना है पायल नागरानी का, जिन्हें लीडिंग वुमन अवार्ड मिला,पायल नागरानी बताती है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और शामिल होने से आत्मविश्वास भी बढ़ता है। अब महिलाएं हर क्षेत्र में स्वयं को साबित कर चुकी है। महिलाओं को अपने रुचि अनुसार क्षेत्रों में आगे आना चाहिए ।

नई दिल्ली (शोर संदेश)। सरकार ने देशवासियों को नवरात्रि का तोहफा देते हुए कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में बहुत-सी महत्वपूर्ण घोषणाएं हुईं। बैठक में उज्ज्वला योजना को 1 साल के लिए बढ़ाने का फैसला लिया गया है। भारत सरकार महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन देती है। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में कैबिनेट की बैठक के बाद इस फैसले की जानकारी दी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब उज्जवला योजना के तहत साल में 12 गैस सिलेंडरों पर केंद्र सरकार 200 रुपये गैस सिलेंडर की सब्सिडी देगी. भारत में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत 9.59 करोड़ कनेक्शन बांटे गए हैं। इस योजना के द्वारा देश के बड़े हिस्से को कवर किया गया है. हालांकि सिलेंडर के बढ़ते दामों की वजह से देश के कई हिस्सों से नाकारात्मक खबरें भी मिल रही थी। लेकिन अब सरकार की कोशिश है कि वो महिलाओं को गैस पर ही खाना बनाने के लिए प्रोत्साहित करे और उन्हें सब्सिडी देकर गैस सिलेंडर के दामों को काम करे। अभी गैस सिलेंडर की कीमत 11 सौ रुपये प्रति सिलेंडर से अधिक हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत प्रति गैस सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी एक साल के लिए बढ़ा दी। ग्रामीण और वंचित गरीब परिवारों को एलपीजी उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने मई 2016 में गरीब परिवारों की महिलाओं को नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन प्रदान करने के लिए पीएमयूवाई की शुरुआत की थी। सरकार की इस योजना के तहत सब्सिडी सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाती है।

भिलाई (शोर संदेश)। इन दिनों फोरलेन में आवागमन भारी जोखिम भरा है। फ्लाईओव्हर निर्माण के कारण सुपेला चौक सहित कुम्हारी से लेकर सुपेला तक जहां जहां फ्लाईओव्हर निर्माण हो रहा है। वहां एक ओर भारी धूल के के कारण जहां लोगों को सांस और चर्म रोग सहित कई प्रकार की बिमारियां उत्पन्न हो रही है वहीं फोरलेन में भारी बड़े बडे और छोटे छोटे गडढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ गई है। इसके अलावा जहां जहां बीच बीच में पचरी करण किया गया है उसके किराने छोटे वाहनों का चक्का पडते ही लहराते हुए लोग गिर रहे है। इसके कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी है और कई लोग जान अपनी गवां चुके है। इसी में आगामी 22 मार्च से चैत नवरात्रि प्रारंभ हो करा है, और जहां लोग डोंगरगढ माता के दर्शन के लिए वाहनों से जाते है वहीं कहीं उससे अधिक प्रतिदिन हजारों लोग पदयात्रा कर डोंगरगढ जाते है।
इस बार इन पदयात्रियों को डोंगरगढ जाने के लिए जान जोखिम में डालकर जाना होगा क्योंकि दर्शनार्थ डोंगरगढ़ का सफर पैदल तय करने वाले भ़क्त खतरों से खेलकर गुजरेंगे। फ्लाईओवर निर्माण वाले जगह पर से गुजरना पदयात्रियों के लिए खासा चुनौतीपूर्ण रहेगा। सिमटी हुई सडक़ के चलते ऐसे स्थानों पर पदयात्रियों के साथ अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है।
इन पदयात्रियों को इस बार खतरों से खेलकर अपनी यात्रा पूरी करनी पड़ेगी। इसके लिए फ्लाईओवर निर्माण के चलते सडक़ की स्थिति बेहद खराब होने को जिम्मेदार माना जा सकता है। जहां-जहां पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य हो रहा है, उसके दायरे की सडक़ न केवल जर्जर है बल्कि संकुचित होकर गली मोहल्ले की सडक़ जैसी हो गई है। ऐसे में पदयात्रियों को भारी वाहनों से बचते हुए डोंगरगढ़ का सफर तय करना किसी चुनौती से कम नहीं है। ज्ञातव्य हो कि कुम्हारी से लेकर सुपेला तक चार स्थानों पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके चलते फ्लाईओवर निर्माण के दायरे में आने वाली सडक़ काफी संकरी हो गई है। यातायात का दबाव बने रहने से इन स्थानों पर सडक़ काफी जर्जर हो चुकी है।
ऐसे जर्जर सडक़ से गुजरते समय वाहन चालकों के अनियंत्रित होने की संभावना बनी रहती है। इस दौरान पदयात्रियों के साथ अनहोनी होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है। रायपुर की दिशा से डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों को कुम्हारी और डबरा पारा में बन रहे फ्लाईओवर को सुरक्षित पार करना आसान नहीं लग रहा है। फोरलेन सडक़ पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य चालू रहने से माता बम्लेश्वरी के दर्शनार्थ डोंगरगढ़ का सफर पैदल तय करने वालों के लिए प्रशासन ने पिछले साल से इस नए रास्ते का निर्धारण किया है। इसके तहत रायपुर की ओर से आने वाले पदयात्रियों को खुर्सीपार गेट तिराहे से रेलवे क्रासिंग पार कर सेल के स्टाक यार्ड वाली सडक़ से मुर्गा चौक होते हुए सेन्ट्रल एवेन्यू से सेक्टर 9 चौकए तालपुरी ठंगडा बांध ओवरब्रिजए महाराजा चौक होकर पुलगांव चौक से शिवनाथ नदी पार करके अंजोर बायपास से राजनांदगांव की ओर जाना है।
बारिश से और बिगड़ी सडक़ की दशा
नवरात्रि शुरू होने के पहले दो दिन हो चुकी बारिश के चलते पहले से ही खराब सडक़ की स्थिति और बिगड़ गई है। बारिश का पानी जमा होने से छोटे गड्ढे बड़े गड्ढों में तब्दील हो गए हैं। वहीं सडक़ के उखडऩे से फैली गिट्टी और बजरी से पदयात्रियों को खासा दर्द झेलना पड़ेगा। डबरा पारा से लेकर सुपेला के बीच कुछ स्थानों पर सडक़ किनारे नाली का निर्माण किया जा रहा है। कुछ जगहों पर नाली निर्माण अभी अधूरा है। ऐसे जगहों पर बारिश का पानी जमा हो गया है। एक तरफ संकरी सडक़ और किनारे पर आधी अधूरी नाली होने से पदयात्रियों का सफर चुनौतीपूर्ण रहेगा।
खुर्सीपार गेट का रास्ता भी खतरनाक
नवरात्रि में माता बम्लेश्वरी का दर्शन करने पैदल जाने वाले भक्तों के लिए खुर्सीपार गेट का रास्ता आसान नहीं होगा। खुर्सीपार गेट से लेकर मुर्गा चौक की ओर बने सडक़ पर सेल के स्टाक यार्ड तक भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना का खतरा बना रहेगा। शाम ढलने के साथ ही इस दायरे में ट्रेफिक व्यवस्था भगवान भरोसे हो जाती है। ऐसे में डोंगरगढ़ पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रश्नचिन्ह उभर आया है।

कबीरधाम (शोर संदेश)। संरक्षण एवं जल संचय करते हुए भू-जल स्तर में वृद्धि करने के उद्देश्य से आजादी के 75 वे वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत कबीरधाम जिले में 76 अमृत सरोवर का निर्माण किया जा रहा है। शासन की प्राथमिकता वाली योजना में लगातार प्रगति कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर जनमेजय महोबे द्वारा जिले में चल रहे अमृत सरोवर के निर्माण कार्यों की सतत समीक्षा की जा रही है। अमृत सरोवर के कार्य की प्रगति गुणवत्ता यूज़र ग्रुप निर्माण कार्य का सूचना पटल सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए ग्राम रोजगार सहायक एवं तकनीकी सहायकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। कबीरधाम जिले में महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत कुल 76 अमृत सरोवर(तालाबो) का निर्माण हो रहा है इसमे जीर्णोद्धार के कार्य 41 एवं 35 नवीन कार्य है। इन कार्यों के लिए 13 करोड़ 23 लाख एक हजार रुपए की स्वीकृति नरेगा योजना से किया गया है। कार्य अभिसरण के अंतर्गत स्वीकृत है तथा इसमें अन्य मद से भी राशि दी गई है। अमृत सरोवर निर्माण से जिले में 2 लाख 34 हजार 895 मानव दिवस का रोजगार ग्रामीणों को मिल चुका है। इन कार्यों से लगे ग्रामीणों को 4 करोड़ 53 लाख रुपए का मजदूरी भुगतान उनके खाते में हो गया है। कलेक्टर महोबे ने सभी अमृत सरोवर का कार्य शासन द्वारा निर्धारित मापदंड अनुसार गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए कहा है। अमृत सरोवर के कार्यों में अधिक से अधिक मजदूरों को रोजगार देते हुए निर्माण कार्य कराए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि देश के सभी जिलों में अमृत सरोवर का निर्माण किया जाना है तथा प्रत्येक जिलों में 75 अमृत सरोवर के निर्माण अथवा नवीनीकरण का लक्ष्य शासन द्वारा रखा गया है। इसी क्रम में महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत मिशन अमृत सरोवर के तहत 01 जनवरी 2023 से 15 अगस्त 2023 तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। जिसमें ग्राम सभा का आयोजन, अमृत सरोवर के उपयोगकर्ता समूह की बैठक, महिला स्व सहायता समूह द्वारा डोर टू डोर अभियान और रैली, वृक्षारोपण अभियान, पंचायत भवन में दीवार लेखन बैनर पोस्टर आदि से जागरूकता कार्यक्रम सहित विविध आयोजन किए जा रहे है तथा इन सभी कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में निर्माणाधीन अमृत सरोवर में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए भविष्य के लिए उसे आजीविका के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि कबीरधाम जिले में अमृत सरोवर के रूप में विभिन्न तालाबों का नवीनीकरण एवं नए तालाबों का निर्माण हो रहा है। इन कार्यों से ग्रामीणों को बड़ी मात्रा में रोजगार मिलेगा साथ ही अमृत सरोवरों से आजीविका के नए रास्ते खुले है। जिला पंचायत सीईओ संदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रतिदिन कार्यों में पंजीकृत मजदूरों को नियोजित कर कार्य संपादित किया जा रहा है। अमृत सरोवर का निर्माण हो जाने के उपरांत यूजर ग्रुप बनाते हुए आजीविका के गतिविधियों को प्रारंभ करना है, जिससे स्थाई रोजगार का सृजन हो सके। निर्माण कार्य में लगे पंजीकृत मजदूरों को समय-सीमा में मजदूरी भुगतान पूर्ण कराने के निर्देश मैदानी कर्मचारियों को दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी तकनीकी सहायकों को प्रतिदिन कार्यस्थल पर उपस्थित होकर कार्य कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया।

दुर्ग (शोर संदेश)। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने शुक्रवार को दुर्ग-भिलाई की उन सड़कों का निरीक्षण किया जहां सर्वाधिक दुर्घटनाएं हुई हैं। उन्होंने ऐसे स्पाट्स में तकनीकी रूप से सुधार करने के लिए कहा, साथ ही ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए भी आवश्यक उपाय करने कहा। सबसे पहले वे इंदिरा मार्केट पहुंचे। उन्होंने वहां पार्किंग स्थल के लिए चिन्हांकित जगह देखे, साथ ही बाजार को व्यवस्थित करने के लिए भी कहा ताकि ट्रैफिक का दबाव घटे। धमधा नाका के किनारे सर्विस रोड के लिए एजेंसियों को कहा। कलेक्टर ने ऐसी सड़कों का निरीक्षण किया जहां अधिक संख्या में दुर्घटनाएं हुई हैं और इसके चलते जनहानि भी हुई है। ऐसी सड़कों के लिए शीघ्रता से तकनीकी दृष्टिकोण से उपाय करने उन्होंने अधिकारियों को कहा और इस पर शीघ्रता से अमल करने कहा। इस दौरान भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास, एसडीएम लक्ष्मण तिवारी, दुर्ग निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर, ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर, आरटीओ अनुभव शर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कोहका रोड में अंधे मोड़ व्यवस्थित करने कहा
कलेक्टर ने कोहका रोड का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने ब्लैक स्पाट देखा जहां अंधा मोड़ होने की वजह से अधिक दुर्घटनाएं हो रही हैं। यहां पर उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कर्व बनाने के लिए कहा। साथ ही इस रोड पर जहां डिवाइडर की जरूरत है। वहां इसके निर्माण के लिए कहा। अवंतिबाई चौक में प्रतिमा शिफ्ट करने के लिए कहा गया। साथ ही मोड़ को भी व्यवस्थित करने के लिए कहा गया।
एनएच अधिकारियों को भी दिये निर्देश
एनएच में ट्रैफिक की व्यवस्था ठीक करने के लिए उन्होंने कोसा नाला से लेकर नेहरू नगर चौक तक ट्रैफिक से संबंधित जोखिम वाले बिन्दुओं में आवश्यक तकनीकी सुधार करने कहा। कोसा नाला के पास एनएच की बिल्डिंग हटाई जाएगी ताकि सड़क चौड़ी हो सके। यहां पर सर्विस रोड भी प्रस्तावित है इससे ट्रैफिक की समस्या दूर होगी। एनएच अधिकारियों को उन्होंने डिवाइडर्स पर बोगनवेलिया, मौलश्री आदि पौधे लगाने कहा। वाय शेप ब्रिज पर भी उन्होंने ट्रैफिक संबंधित आवश्यक निर्देश दिये।
ब्लिकर्स लगाए जाएंगे, डिवाइडर्स बनेंगे और अतिक्रमण हटेगा
कलेक्टर ने दुर्ग-भिलाई में प्रमुख चौक-चौराहे देखे। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के लिए रेडियम लगाने, झांड-झंखाड़ ठीक करने आदि निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जो अवैध होर्डिंग और प्रचार सामग्री हैं उन्हें निरंतर हटाने की कार्रवाई करें। व्यू आबस्ट्रक्ट होने की वजह से जो दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे स्ट्रक्चर भी हटाने उन्होंने कहा ताकि मोड़ पर किसी तरह की दुर्घटनाओं में कमी की जा सके।
बैठक भी ली गई
कलेक्टर ने इस संबंध में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक भी ली। बैठक में ही तय किया गया था कि हर स्पाट जहां अधिक संख्या में दुर्घटना हुई है वहां प्रत्यक्ष निरीक्षण कर तकनीकी उपाय के संबंध में चर्चा वहीं पर की जाएगी।

जांजगीर-चाम्पा (शोर संदेश)। जिले में होली के दिन भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई है। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों युवक बाइक से होली मनाने के लिए घर से निकले हुए थे। मगर रास्ते में दूसरी बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा मालखरौदा थाना क्षेत्र में हुआ है। जानकारी के मुताबिक, आमनदुला निवासी रामकुमार केंवट (32), उजितराम बरेठ ( 30 ) और दुर्गेश साहू (28) गांव से होली मनाने के लिए निकले थे। वो अभी आमनदुला सकर्रा मुख्य मार्ग से जा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा गया है। बताया गया कि तीनों काफी तेज रफ्तार में बाइक से जा रहे थे। उसी वक्त सामने से दूसरी बाइक आ गई और् दोनों में टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि रामकुमार, उजितराम और दुर्गेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सामने वाली मोटर साइकिल में बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मगर उनकी हालत को देखते हुए उन्हें रायगढ़ रेफर किया गया है। घटना के बाद परिजनों को भी सूचना दी गई। खबर लगते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। तीन युवक के शरीर से काफी खून बह गया था। जिसके चलते ही उनकी मौके पर जान चली गई। दूसरे हादसे में चार लोग घायल होली के दिन ही सक्ती जिले में एक और हादसा हुआ है। दूसरी घटना हसौद थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया की मंडी चौक के पास दो तेज रफ्तार बाइक की आपस में भिड़ंत हो गई। जिसमें चार लोग घायल हो गए है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। चारों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसौद ले जाया गया था। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।

बेमेतरा (शोर संदेश) कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा के निर्देश पर होली पर्व को गरिमामय एवं शांत वातावरण में मनाये जाने के संबंध में अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी की अध्यक्षता में सोमवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टोरेट परिसर के दिशा-सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार के दंगा-फसाद न हो, लड़ाई झगड़े ने हो इसका विशेष ध्यान रखें। अपर कलेक्टर ने जिलेवासियों से शांति एवं भाईचारे के साथ होली पर्व मनाए जाने की अपील किए हैं।
होली के दौरान अमोरा घाट में नगर सेना के जवानों को आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैदी से तैयार रहने के निर्देश दिए। सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. एस.आर.चुरेन्द्र को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने एवं एम्बुलेंस को तैनात रखने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग के अधिकारी को भी कानून व्यवस्था बनाये रखने को कहा। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बेमेतरा सुरुचि सिंह, एसडीओपी बेमेतरा मनोज तिर्की, डिप्टी कलेक्टर पिंकी मनहर, सीएमओ बेमेतरा भूपेन्द्र उपाध्याय, नायब तहसीलदार नीलम पिस्दा, रोशन साहू सहित अन्य अधिकारी एवं पार्षद उपस्थित थे।