ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

रिहाई के बाद फिर हिरासत में लिए गए सोनम वांगचुक, अनिश्चितकालीन अनशन जारी

02-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और 150 लद्दाखियों को मंगलवार देर रात दिल्ली पुलिस द्वारा रिहा किए जाने के बाद फिर से हिरासत में ले लिया गया है। जबकि पुलिस स्टेशनों पर उनका अनिश्चितकालीन अनशन जारी है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि वांगचुक और अन्य हिरासत में लिए गए लद्दाखियों को मंगलवार रात को जाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन वे दिल्ली के मध्य भाग की ओर मार्च करने पर अड़े थे, इसलिए उन्हें फिर से हिरासत में ले लिया गया।
वांगचुक को बवाना पुलिस स्टेशन में रखा गया
पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि वांगचुक को कुछ अन्य लोगों के साथ बवाना पुलिस स्टेशन में रखा गया है, जबकि अन्य को नरेला औद्योगिक क्षेत्र, अलीपुर और कंझावला पुलिस स्टेशनों में रखा गया है। वांगचुक और उनके साथ आए लोगों को दिल्ली पुलिस ने सोमवार रात शिंघु सीमा पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया था।
जब उन्होंने अपनी मांगों पर दबाव बनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने की कोशिश की थी। वह एक महीने पहले लेह से शुरू हुई 'दिल्ली चलो पदयात्रा' का नेतृत्व कर रहे थे।

पुणे में बड़ा हादसा, हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश; हादसे में 3 की मौत

02-Oct-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )   महाराष्ट्र के पुणे में बड़ा हादसा हो गया है। खबर है कि मंगलवार को हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं है कि हेलीकॉप्टर प्राइवेट था या सरकारी था। हादसा सुबह 7 बजे के आसपास हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि हादसे की बड़ी वजह घना कोहरा हो सकती है, लेकिन अब तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस का कहना है कि हेलीकॉप्टर बुधवार सुबह 6 बजकर 45 मिनट के आसपास पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया। उन्होंने जानकारी दी है कि अब तक यह पता नहीं लग सका है कि हेलीकॉप्टर किसका था, क्योंकि उसमें आग की लपटें उठ रही हैं। हादसा बावधान के पास हुआ है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने ऑक्सफोर्ड गोल्फ क्लब के हेलीपैड से उड़ान भरी थी।
मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले इस हेलीकॉप्ट में तीन लोग सवार थे। इनमें पायलट परमजीत सिंह और जीके पिल्लई और एक इंजीनियर प्रीतम भारद्वाज थे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी से पता चला है कि हेलीकॉप्टर पुणे के हेरिटेज एविएशन का था। हादसे की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आग की लपटें नजर आ रही हैं।
अगस्त में भी मुंबई से हैदराबाद जा रहा एक निजी हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। तब हादसा पौड गांव में हुआ था, जिसमें सवार 4 लोगों की चोटें आई थीं।

रिवॉल्वर साफ करते वक्त मिस फायर; गोविंदा के पैर में लगी गोली

01-Oct-2024
मुंबई।  ( शोर संदेश )  बॉलीवुड एक्टर गोविंदा आईसीयू में हैं। दरअसल, गोली लगने की वजह से वह घायल हो गए हैं। ये घटना मंगलवार की सुबह पौने 5 बजे के आस-पास की है। वह सुबह कोलकाता जाने के लिए निकल रहे थे और उसी समय गलती से मिसफायर हो गया। ऐसे में एक्टर को सीआरआईटीआई केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज हुआ। 
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि अभिनेता कोलकाता जाने की तैयारी कर रहे थे। वह अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर को केस में रख रहे थे और तभी उनके हाथ से बंदूक गिर गई और गोली चल गई। डॉक्टर ने गोली निकाल दी है और उनकी हालत ठीक है। वह अभी अस्पताल में ही हैं।” मैनेजर ने ये भी कहा कि यह भगवान की कृपा है कि गोविंदा जी को केवल पैर में चोट लगी और कुछ सीरियस नहीं हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के समय गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा मुंबई में नहीं थी। ऐसे में जब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तब वह तुरंत मुंबई के लिए निकल पड़ीं। 

सरकार ने करोड़ों किसानों का इंतजार पलभर में किया खत्म, जारी हुई पीएम किसान योजना की 18वीं किस्त की लिस्ट

30-Sep-2024
नई दिल्ली  ( शोर संदेश ) । अगर आप भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थी हैं तो ये खबर आपके बहुत काम की है. क्योंकि सरकार ने करोडों लोगों का इंतजार एक पल में  खत्म कर दिया है. जी हां सरकार ने चंद मिनटों में पीएम किसान निधि की 17वीं किस्त पीएम मोदी ने बनारस दौरे के दौरान जारी की थी. जिसका लाभ देश के 9.26 करोड़ किसानों को दिया गया था.. ऐसे में किसानों को अब 18वीं किस्त का इंतजार है. चलिए आपको बताते हैं कि पीएम किसान की 18वीं किस्त कब जारी हो सकती है. 
 
करोड़ों किसानों को था इंतजार हुआ खत्म
किसान सम्मान निधि योजना के तहत 18वीं किस्त को लेकर किसान भाई बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. लेकिन आपको बता दें कि लाभार्थियों की सूची सरकार ने जारी कर दी है. जल्द ही लाभार्थियों के खाते में 18वीं किस्त 2000 रुपए क्रेडिट भी कर दिये जाएंगे. यह किस्त अक्टूबर के पहले हफ्ते में ही आने की उम्मीद है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 5 अक्टूबर को यह रकम जारी की जा सकती है. हालांकि अब तक इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. अगर आप भी पात्र किसान हैं, लेकिन आपने अब तक पीएम किसान योजना में आवेदन नहीं किया है तो आप आवेदन कर सकते हैं. 
 
ढाई करोड़ लोगों को किया था वंचित
आपको बता दें कि 17वीं किस्त के समय सिर्फ 9.26 करोड़ किसानों को ही योजना का लाभ मिला था. लगभग ढाई करोड़ो के आसपास किसानों की किस्त रोक दी गई थी.  सरकार ने किस्त रोकने के कारणों को भी बता दिया था. यदि अभी तक भी कुछ किसानों ने ये तीन कामों को पूरा नहीं किया है तो उन्हे 18वीं किस्त का लाभ भी नहीं मिलेगा. क्योंकि बताया जा रहा है कि इस बार भी लगभग ढाई से तीन करोड़ लोग ऐसे हैं जिन्होने ईकेवाईसी व भूलेख सत्यापन नहीं कराया है. ऐसे  किसानों को इस बार भी योजना के लाभ से वंचित किया जा सकता है...
 
पीएम किसान की 18वीं किस्त कब जारी होगी?
आपको बता दें कि 18वीं किस्त के लाभार्थियों की  सूची आ गई है. मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो 5 अक्तूबर को पात्र किसानों के खाते में योजना के 2000 रुपए क्रेडिट कर दिये जाएंगे. आपको बता दें कि पीएम किसान योजना के तहत लघु एवं सिमांत किसानों को सालाना 6000 रुपए मदद की जाती है. जिसमें प्रति चार माह में 2000 रुपए की किस्त किसानों के खाते में डाली जाती है. 

इजरायली हमले में नसरल्लाह के मारे जाने पर कश्मीर में विरोध, महबूबा-उमर साथ आए

30-Sep-2024
श्रीनगर ( शोर संदेश )  लेबनान के बेरूत में इजरायली हमले में मारे गए हिजबुल्लाह प्रमुख नसरल्लाह की मौत पर कश्मीर में कई जगह विरोध हुआ। प्रदर्शनकारियों ने हिजबुल्लाह चीफ को लेकर नारे लगाए कि नसरल्लाह हमारी जिंदगी है। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने नसरल्लाह के साथ एकजुटता दिखाते हुए एक अक्टूबर को तीसरे चरण के मतदान से पहले आज के लिए अपना चुनाव अभियान स्थगित कर दिया, वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने विश्व नेताओं से इजरायल की बमबारी को रोकने का आग्रह किया। नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और श्रीनगर से सांसद रूहुल्लाह मेहदी ने भी शनिवार को अपना चुनाव अभियान रद्द कर दिया। 
 
शनिवार को जैसे ही नसरल्लाह की हत्या की खबर कश्मीर में फैली, कश्मीर के कई इलाकों खासकर राजधानी श्रीनगर में शिया मुसलमानों की बहुलता वाले इलाकों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। श्रीनगर के पुराने शहर के इलाकों में देर रात तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा। रविवार को भी मध्य कश्मीर के बडगाम में कुछ इलाकों में विरोध-प्रदर्शन हुए। मगाम में महिलाओं द्वारा एक बड़ी विरोध रैली निकाली गई, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए, "नसरल्लाह हमारी जिंदगी है।" प्रदर्शनकारी महिलाओं में से एक ने कहा, "हम आपके साथ हैं, लेबनान के लोगों। उम्मीद मत खोइए।" उन्होंने इजरायल और अमेरिका के खिलाफ नारे लगाए।
वहीं, हड़ताल के विरोध में मध्य कश्मीर के कुछ इलाकों में दुकानें भी बंद रहीं। शुक्रवार को लेबनान की राजधानी बेरूत में इजरायल द्वारा किए गए बड़े हवाई हमले में नसरल्लाह मारा गया। सात अक्टूबर को इजरायल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से लेबनान से संचालित हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच गोलीबारी जारी है। पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने शनिवार शाम को रविवार के चुनाव अभियान को स्थगित करने के अपने फैसले की घोषणा की। उन्होंने कहा, "लेबनान और गाजा के शहीदों, खास तौर पर हसन नसरल्लाह के साथ एकजुटता में मैं कल अपना अभियान रद्द कर रही हूं। हम इस दुख और प्रतिरोध की घड़ी में फिलिस्तीन और लेबनान के लोगों के साथ खड़े हैं।" 
 
वहीं, पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने कहा कि हमारा दिल भारी है। नसरल्लाह ने गाजा में अत्याचार का सामना कर रहे लोगों के लिए लड़ाई लड़ी। यहां के लोगों को विरोध करने का अधिकार होना चाहिए। विरोध करने में क्या समस्या है? वे नरसंहार की इजरायली नीति का विरोध करना चाहते हैं। देखिए वे लेबनान पर किस तरह से बमबारी कर रहे हैं। वहीं, पीपुल्स कॉन्फ़्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने कहा, "शहीद सैयद हसन नसरल्लाह की सर्वोच्च शहादत पर शोक व्यक्त करते हैं।''

 


चांडिल में मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा, बड़ा हादसा टला

30-Sep-2024
नई दिल्ली ( शोर संदेश ) । सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल एक नंबर रेलवे फाटक चक्रधरपुर (सीकेपी) डिवीजन के पास सोमवार की दोहपर 12:15 में चांडिल रेलवे स्टेशन की ओर जा रही एक माल वाहक ट्रेन का पीछे लगी इंजन पटरी से उतर गई. इस रेल दुर्घटना में अबतक किसी के भी मौत नहीं हुई है.
फाटक के पास हुआ हादसा, रेल पटरी पूरी तरह हुई क्षतिग्रस्त
वहीं इस दुर्घटना के बाद रेलवे फाटक क्रोसिंग के पास रेल पटरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इसकी वजह से उस रूट पर यातायात प्रभावित हो गया है. इस दुर्घटना में किसी की हताहत होने की सूचना नहीं है. इस मालगाड़ी में लोहा प्लेट का रोल लोडेड है. 

 


खरगे जी, आपकी दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं...लेकिन ये घटियापन है', पीएम पर टिप्पणी को लेकर शाह ने किया पलटवार

30-Sep-2024
नई दिल्ली।    ( शोर संदेश )  कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीते दिन जम्मू के कठुआ में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। भाषण देते हुए खरगे की तबीयत खराब हो गई और वो मंच पर ही गिर पड़े, लेकिन वो फिर उठे और उन्होंने पीएम मोदी पर हमला बोला। अब उनके इस बयान पर गृह मंत्री अमित शाह ने पलटवार किया है।
ये घटिया और शर्मनाक बात 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खरगे पर निशाना साधते हुए कहा,  कल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी ने अपने भाषण में खुद, अपने नेताओं और अपनी पार्टी से भी ज्यादा घटिया और शर्मनाक बात कही। उन्होंने अपनी कटुता का परिचय देते हुए बेवजह पीएम मोदी को अपने निजी स्वास्थ्य के मामले में घसीटा और कहा कि वे पीएम मोदी को सत्ता से हटाकर ही दम लेंगे। भाषण से पता चलता है कि कांग्रेस नेताओं में पीएम मोदी के प्रति कितनी नफरत और डर है कि वे हर समय उनके बारे में सोचते रहते हैं। 
'खरगे जी आप अपनी आखों से विकसित भारत देखेंगे'
शाह ने आगे कहा कि मैं और मोदी जी प्रार्थना करते हैं कि खरगे जी दीर्घायु और स्वस्थ रहें। वे अनेक वर्षों तक जीवित रहें और 2047 तक विकसित भारत का निर्माण होते देखें।
खरगे ने दिया था ये बयान
जम्मू-कश्मीर चुनाव के चलते कांग्रेस और भाजपा वार-पलटवार की राजनीति कर रही है। बीते दिन जम्मू में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भाषण देते वक्त गिर गए और उठने के बाद उन्होंने कहा, "मैं 83 साल का हूं, मैं इतनी जल्दी नहीं मरने वाला हूं। मैं तब तक जिंदा रहूंगा जब तक पीएम मोदी सत्ता से बाहर नहीं हो जाते। हम जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए लड़ेंगे।"
 

शेयर बाजार में हाहाकार, निवेशकों के डूबे 4 लाख करोड़

30-Sep-2024
नई दिल्ली।    ( शोर संदेश )   ग्लोबल बाजार में गिरावट का असर सोमवार को भारतीय घरेलू बाजार में भी देखने को मिल रहा है. भारतीय शेयर बाजार के लिए हफ्ते के पहले कारोबारी दिन निराशा के साथ शुरुआत हुई है. आज सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार गिरावट देखी जा रही है. सेंसेक्स में सोमवार को कारोबारी सत्र के दौरान 1133 अंक से ज्यादा की गिरावट आई है. शेयर बाजार में कोहराम के बीच निवेशकों के 4 लाख करोड़ डूब गए हैं. शेयर बाजार के निराशाजनक प्रदर्शन के पीछे ग्लोबल संकेत जिम्मेदार हैं. चीन और जापान के शेयर बाजार में जोरदार गिरावट देखी गई है. जिसका असर घरेलु बाजार पर हो रहा है.
दोपहर डेढ़ बजे के करीब सेंसेक्स जहां 1133 अंक टूटकर 84437.88 के स्तर पर कारोबार कर रहा है वहीं, निफ़्टी में भी 324 से ज्यादा अंकों की गिरावट देखी जा रही है. शेयर बाजार में बीते सप्ताह जोरदार तेजी देखने को मिली थी और लगभग हर रोज सेंसेक्स-निफ्टी नया रिकॉर्ड बना रहे थे लेकिन हफ्ते के पहले कारोबारी दिन अचानक बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लग गया और दोनों इंडेक्स बुरी तरह टूट गए.

पीएम मोदी ने मन की बात में स्वच्छता अभियानों पर की बात, बोले - 'हर गांव में शुरू हो प्रकृति अभियान'

29-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम के 114वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के उत्तरकाशी में स्थित एक सीमावर्ती गांव 'झाला' का उल्लेख करते हुए वहां के युवाओं द्वारा किए जा रहे स्वच्छता अभियान की सराहना की. पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी में एक सीमावर्ती गांव है 'झाला'. यहां के युवाओं ने अपने गांव को स्वच्छ रखने के लिए एक विशेष पहल की है, जिसका नाम है ‘धन्यवाद प्रकृति' या ‘थैंक यू नेचर' अभियान. इस अभियान के तहत गांव में रोजाना दो घंटे सफाई की जाती है.
सबको शुरू करना चाहिए थैंक्यू अभियान
गांव की गलियों में बिखरे कूड़े को समेटकर, उसे गांव के बाहर तय स्थान पर डाला जाता है. इससे झाला गांव स्वच्छ हो रहा है और लोग जागरूक भी हो रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि अगर ऐसे ही हर गांव और मोहल्ले में ‘थैंक यू' अभियान शुरू किया जाए, तो कितना बड़ा परिवर्तन आ सकता है.
पुडुचेरी का भी पीएम मोदी ने किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वच्छता को लेकर पुडुचेरी के समुद्र तट पर भी जबरदस्त मुहिम चलाई जा रही है. यहां रम्या जी नाम की महिला माहे क्षेत्र के समुद्र तटों को साफ-सुथरा बना रही हैं. मैंने यहां सिर्फ दो प्रयासों की चर्चा की है, लेकिन, हम आसपास देखें, तो पाएंगे कि देश के हर किसी हिस्से में स्वच्छता को लेकर कोई-ना-कोई अनोखा प्रयास जरूर चल रहा है. कुछ ही दिन बाद आने वाले 2 अक्टूबर को ‘स्वच्छ भारत मिशन' के 10 साल पूरे हो रहे हैं. यह अवसर उन लोगों के अभिनंदन का है जिन्होंने इसे भारतीय इतिहास का इतना बड़ा जन-आंदोलन बना दिया. यह महात्मा गांधी जी को भी सच्ची श्रद्धांजलि है, जो जीवनपर्यंत, इस उद्देश्य के लिए समर्पित रहे थे.
रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल पर भी की बात
उन्होंने आगे कहा कि आज यह ‘स्वच्छ भारत मिशन' की ही सफलता है कि ‘वेस्ट टू वेल्थ' का मंत्र लोगों में लोकप्रिय हो रहा है. लोग ‘रिड्यूस, रियूज और रिसाइकिल' पर बात करने लगे हैं, उसके उदाहरण देने लगे हैं. अब जैसे मुझे केरला के कोझिकोड में एक शानदार प्रयास के बारे में पता चला. यहां 74 साल के सुब्रह्मण्यन जी 23 हजार से अधिक कुर्सियों की मरम्मत करके उन्हें दोबारा काम लायक बना चुके हैं.
लोगों से स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेने का किया अनुरोध
लोग तो उन्हें ‘रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल‘ (ट्रिपल आर) चैंपियन भी कहते हैं. उनके इन अनूठे प्रयासों को कोझिकोड सिविल स्टेशन, पीडब्ल्यूडी और एलआईसी के दफ्तरों में देखा जा सकता है. उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता को लेकर जारी अभियान से हमें ज्यादा-से- ज्यादा लोगों को जोड़ना है, और यह एक अभियान, किसी एक दिन का, एक साल का, नहीं होता है, यह युगों-युगों तक निरंतर करने वाला काम है. यह जब तक हमारा स्वभाव बन जाए ‘स्वच्छता', तब तक करने का काम है. मेरा आप सबसे आग्रह है कि आप भी अपने परिवार, दोस्तों, पड़ोसियों या सहकर्मियों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा जरूर लें. मैं एक बार फिर ‘स्वच्छ भारत मिशन' की सफलता पर आप सभी को बधाई देता हूं.
अमेरिकी दौरे का भी किया जिक्र

विदेशों में बढ़ रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की मांग, चिली-कनाडा समेत कई देशों ने दिखाई रुचि

28-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )   वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की मांग विदेश में भी बढ़ती जा रही है। चिली, कनाडा, मलेशिया जैसे देशों ने भारत से वंदे भारत ट्रेनों के आयात में रुचि दिखाई है। सूत्रों का कहना है कि बाहरी खरीदार वंदे भारत की ओर क्यों आकर्षित हो रहे हैं, इसके कई कारण हैं। उन्होंने कहा कि इसकी लागत प्रमुख कारकों में से एक है।
दूसरे देशों में निर्मित ऐसी ट्रेनों की कीमत 160-180 करोड़ रुपये के आसपास है, जबकि वंदे भारत ट्रेन हमारे यहां 120-130 करोड़ रुपये तक में आ जाती है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की गति भी इसे बेहद आकर्षक बनाती है।
वाकई खूबसूरत है वंदे भारत ट्रेन
सूत्रों ने बताया कि वंदे भारत को 0 से 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने में सिर्फ 52 सेकेंड लगते हैं। यह आंकड़ा जापान की बुलेट ट्रेन से भी बेहतर है, जिसे 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में 54 सेकेंड का समय लगता है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का डिजाइन लोगों को काफी पसंद आता है। यह वाकई खूबसूरत है। खास बात यह है कि इसमें विमान की तुलना में 100 गुना कम शोर का अनुभव होता है और इसकी ऊर्जा खपत बहुत कम है।
भारतीय रेलवे तेजी से अपने ट्रैक नेटवर्क का विस्तार कर रहा
वंदे भारत ट्रेनों को बढ़ाने की दिशा में कामदूसरी ओर, भारतीय रेलवे तेजी से अपने ट्रैक नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। साथ ही, पर्याप्त संख्या में वंदे भारत ट्रेनों को बढ़ाने की दिशा में काम जारी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बीते 10 बरसों में 31,000 किलोमीटर से अधिक ट्रैक जोड़े गए हैं। हमारा टारगेट 40,000 किलोमीटर अतिरिक्त ट्रैक जोड़ने का है।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account