ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

लगातार बारिश से मुंबई बेहाल, रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, स्कूल-कॉलेज बंद

26-Sep-2024
मुंबई।   ( शोर संदेश )  बीती रात पूरे मुंबई में मूसलाधार बारिश हुई. भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया. सड़कें पर कई फीट तक पानी है. बारिश से मायागरी की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है, बरसात ऐसे टाइम पर हुई जब लोग अपना कामकाज खत्म करके घर लौट रहे थे. भारी बारिश की वजह से लोग फंस गए. 26 सितंबर के लिए भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है. हालांकि आज सुबह हालात सामान्य हैं.
गुरुवार को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे. म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ने लोगों से घर में रहने की अपील की है. मुंबई में लगातार हो रही बारिश से कई जगह रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है. घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली. इसके अलावा सड़कों पर सैलाब का मंजर देखने को मिला. पानी भरने की वजह से ट्रैफिक रुक-रुक कर चला. अंधेरी में एक महिला मैनहोल में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में महिला 100 मीटर दूर तक बह गई. एक फायरमैन ने सड़क पार तीसरे ढकन से महिला को बाहर निकाला.
मौमस विभाग ने मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था, जिसका असर भी दिखा. इतनी बरसात हुई कि सबकुछ ठप हो गया, निचले इलाके डूब गए. आज सुबह साढ़े 8 बजे तक मुंबई पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. हालांकि मौमस विभाग ने रेड अलर्ट को ऑरेंज में कन्वर्ट कर दिया है. बीतीरात की बारिश में जो इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए उसमें चेंबूर..घाटकोपर, नवीमुंबई, नेहरुनगर कुर्ला दहिसर ईस्ट, बेलापुर, चुनाभट्टी हैं.
मुंबई में इतनी बारिश हुई कि जगह-जगह घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया. कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से लोकल सेवा प्रभावित हुई. वहीं बेस्ट की बस और ऑटो रिक्शा भी बहुत कम चल सकी. इस बीच मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतवानी जारी की है. BMC ने अपील की है कि ज्यादा जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें, खराब मौसम के चलते आज हवाई सेवाओं पर भी असर देखने को मिल रहा है.
उड़ानों पर भी असर
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ऐसा असर पड़ा कि आज, इंडिगो की एक उड़ान को विंड शीयर के कारण अपनी लैंडिंग रोकनी पड़ी और उसे अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया. इसके अलावा कई उड़ानों पर असर देखने को मिला. इंडिगो की नौ, विस्तारा की दो, एयर इंडिया की एक, अकासा एयर की एक और गल्फ एयर की एक उड़ान सहित कुल 14 उड़ानें डायवर्ट हुईं। उड़ानों को अहमदाबाद (4), हैदराबाद (7), गोवा (2), और उदयपुर (1) के लिए फिर से रूट किया गया. स्पाइसजेट ने घोषणा की है कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण मुंबई हवाई अड्डे (बीओएम) पर सभी प्रस्थान और आगमन प्रभावित हो सकते हैं.
बुधवार, 25 सितंबर को शाम 5.30 बजे से 8.30 बजे के बीच, मुंबई के कई इलाकों में खतरनाक बारिश का स्तर (100 मिमी से अधिक) दर्ज किया गया. सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में मुलुंड में वीणा नगर में 104 मिमी, भांडुप में 120 मिमी, पवई में 145 मिमी, चेंबूर में 162 मिमी और गोवंडी में 167 मिमी बारिश दर्ज की गई.

पुणे में भी भारी बारिश
मुंबई के अलावा पुणे में भारी बारिश हुई. हालांकि वहां स्कूल-कॉलेज खुले हैं. भारी बारिश से मुम्ब्रा बाइपास पर लैंडस्लाइड हुआ और सड़क पर मलबा आने से ट्रैफिक प्रभावित रहा. पुणे में 24 घंटे की बारिश का रेड अलर्ट है. मौसम विभाग के मुताबिक रायगढ़, रत्नागिरी में भी भारी बारिश का अनुमान है.

100 करोड़ रु. के मानहानि केस में संजय राउत दोषी करार, 15 दिन जेल की सजा, जुर्माना भी

26-Sep-2024
मुंबई।   ( शोर संदेश )   भाजपा नेता की पत्नी द्वारा दायर मानहानि के मुकदमे में उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत दोषी करार दिए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेता किरीट सोमैया की पत्नी मेधा द्वारा शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत पर  मानहानि का केस दर्ज कराया था। आज इस मामले में मजगांव कोर्ट ने मानहानि के दावे में संजय राउत को दोषी करार दिया है।
क्या है पूरा मामला?
उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने आरोप लगाया था कि सोमैया दंपत्ति शौचालय निर्माण के लिए धन का दुरुपयोग करके 100 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल हैं। इसके बाद मेधा किरीट सोमैया ने संजय राउत के खिलाफ शिकायत दी थी और 100 करोड़ रुपये की मानहानि का केस दर्ज कराया था।
15 दिन जेल की सजा
मानहानि के इस मामले में संजय राउत दोषी करार दिए गए है। मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट 25वीं अदालत, मझगांव ने आज गुरुवार को डॉ मेधा किरीट सोमैया द्वारा दायर एक शिकायत पर सुनवाई के बाद फैसला सुनाया है। कोर्ट ने संजय राउत को 15 दिन की सजा और 25000 रूपये जुर्माने की सजा दी है। राउत को आईपीसी सेक्शन 500 के तहत संजय राउत को सजा सुनाई गयी है।
क्या थी मेधा सोमैया की दलील?
मेधा ने सीवरी मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में दाखिल अपनी शिकायत में कहा था कि संजय राउत द्वारा लगाये गये आरोप निराधार और अपमानजनक प्रकृति के हैं। भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया की पत्नी ने कहा कि वह खबरें देखकर चकित रह गयीं कि राउत ने उन पर और उनके पति पर मीरा भायंदर नगर निगम के अधिकार क्षेत्र वाले इलाके में कुछ सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण और रख-रखाव को लेकर 100 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी शिकायत में मेधा ने कहा था कि मीडिया के सामने दिये गये आरोपी के बयान मानहानि करने वाले हैं। आम जनता के सामने मेरी छवि को खराब करने के लिए बयान दिये गये।

दिल्ली में लागू होगा ऑड-ईवन, सख्ती से लागू होंगे ग्रैप के नियम; प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार का फैसला

25-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  सर्दियों के दौरान दिल्ली में होने वाले प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार अलर्ट मोड में आ गई है. दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने सड़कों पर तीन गुना अधिक पानी का छिड़काव करने का आदेश दिया है. इसी के साथ इस बार व्यवस्था की है कि प्रदूषण से निपटने की दिशा में जो भी अधिकारी बेहतर काम करेंगे, उन्हें हरित रत्न अवार्ड दिया जाएगा. वहीं, जिनका परफार्मेंस खराब होगा, उन्हें दंडित भी किया जाएगा. उन्होंने बताया कि प्रदूषण से निपटने के लिए चार सूत्रीय कार्यक्रम शुरू किया जाएगा.
इसमें महिलाओं के साथ हरित कलश यात्रा निकाला जाएगा. इसी क्रम में दिल्ली में ई- व्हीकल परेड, धार्मिक संस्थाओं और RWA के साथ मिलकर एंटी पॉल्यूशन मार्च भी निकाला जाएगा. वहीं चौथी योजना दिल्ली में रेड लाइट ऑन गाड़ी ऑफ अभियान चलाने का है. मंत्री गोपाल राय के मुताबिक दिल्ली में पराली जलाने पर रोक के लिए 5000 हेक्टेयर क्षेत्र में डिकमपोस्ट डाला जाएगा. इसके अलावा दिल्ली में ग्रीन रुम बनेगा. प्रदूषण का रियल टाइम मॉनिटरिंग के साथ ही ई-वेस्ट को भी नियंत्रित किया जाएगा.
बताया प्रदूषण से निपटने का प्लान
उन्होंने बताया कि बीते वर्षों की तरह इस बार भी पटाखों पर प्रतिबंध रहेगा. इस संबंध में मंजूरी के लिए फाइल एलजी को भेजी गई है. मंत्री गोपाल राय के मुताबिक सीएक्यूएम द्वारा निर्धारित जीआरएपी मानकों को कड़ाई से लागू किया जाएगा. हालांकि उन्होंने इसके लिए यूपी ओर हरियाणा आदि पड़ोसी राज्यों पर तंज भी कसा.उन्होंने कहा कि ओपन बर्निंग रोकने के लिए 588 लोगों की टीम गठित की गई है. कहा कि दिल्ली में जरूरत पड़ी तो दिवाली के आसपास कृत्रिम वर्षा भी कराया जाएगा. इसके लिए पहले ही केंद्र सरकार को पत्र लिख दिया है.
पराली पर रोक के लिए पंजाब से बातचीत
कहा कि इस प्रकार योजनावद्ध तरीके से काम करते हुए दिल्ली में अगले साल तक 40 फीसदी तक प्रदूषण कम करने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि पराली जलाने पर रोक लगाने के दिल्ली सरकार पंजाब सरकार के संपर्क में है. उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से आग्रह किया है कि वह इसमें सहयोग करें. इसी प्रकार सरकारी और प्राइवेट कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम के लिए प्रोत्साहित करते हुए लोगों को सार्वनजिक वाहनोंं से चलने का आग्रह किया जाएगा.

मोदी सरकार ने दिवाली से पहले दे दिया बड़ा तोहफा, अब इन्हें भी मिलेगा पीएम आवास योजना का लाभ

25-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  मोदी सरकार लगातार देश की आम जनता के लिए नई योजनाएं लाती रहती है. फिर चाहे वह स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयुष्मान योजना हो या फिर किसान भाइयों के लिए किसान सम्मान निधि योजना या फिर पीएम आवास योजना. देशभर के अलग-अलग वर्ग को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से योजनाएं चलाई जा रही हैं. इसी कड़ी में दिवाली से पहले मोदी सरकार ने एक और बड़ी घोषणा कर दी है. जी हां अब पीएम आवास योजना का दायरा और बढ़ा दिया गया है.
अब इन लोगों को भी मिलेगा योजना का लाभ
दरअसल अब तक पीएम आवास योजना का लाभ निम्न आय वर्ग के लोगों को ही दिया जा रहा था. लेकिन दिवाली जैसे महापर्व से पहले सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है औऱ अब इस योजना का लाभ घर में मोटरसाइकल और फ्रिज रखने वाले लोगों को भी मिलेगा. 
सरकार के इस ऐलान के बाद देश के लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई है. लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है. दरअसल प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ लेने के लिए कई तरह के मानक तय किए गए हैं. इन्हीं मानकों के आधार पर सरकार की ओर से लाभार्थी चुने जाते हैं. 
क्या है पीएम आवास योजना के लिए पात्रता
इस योजना का लाभ लेने के लिए व्यक्ति का गरीबी रेखा की श्रेणी में आना जरूरी है. इसके साथ ही वह देश का नगारिक भी होना चाहिए. जिन लोगों को योजना का लाभ मिल चुका है वह दोबारा इसके तहत लाभ नहीं ले सकते हैं. कोई सरकारी नौकरी करने वाले को भी इस योजना का लाभ नहीं मिलता है. इसके साथ ही इस योजना का फायदा लेने के लिए आपकी आयु 18 वर्ष से अधिक होना चाहिए और सबसे जरूरी बात आपके पास कोई पक्का मकान नहीं होना चाहिए. 
जिलावार निर्देश जारी
सरकार की ओर से किए गए बड़े ऐलान के बाद जिलावार निर्देश जारी कर दिए गए हैं. भारत सरकार की ओर से तय मानकों को जानकारी लोगों को दी जाएगी और जिन लोगों के पास मोटरसाइकिल या फिर रेफ्रिजिरेटर भी हैं उन्हें भी इस योजना के तहत लाभ दिया जाएगा. ऐसे में माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोग इस योजना का लाभ ले सकेंगे जो अब तक वंचित थे. 

सबकी नजरें पहली बार आरक्षित आदिवासी सीटों पर

25-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को 26 सीटों पर होने जा रहे मतदान में पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना समेत कई महत्त्वपूर्ण नेताओं के साथ-साथ कुल 239 प्रत्याशियों की किस्मत वोटिंग मशीन में बंद हो जाएगी। इस चरण में लाल चौक से लेकर माता वैष्णो देवी और राजौरी, पुंछ से लेकर हजरतबल और गांदरबल जैसी अहम सीटें शामिल हैं। लेकिन, सबकी निगाहें राज्य में अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए पहली बार आरक्षित सीटों पर टिकी हैं। दूसरे चरण के चुनाव में 11 सीट जम्मू संभाग और 15 सीट कश्मीर में आती है।
राज्य में एसटी के लिए आरक्षित कुल नौ सीटों में से सात पर दूसरे चरण में ही मतदान होना है। इन सीटों पर गुज्जर-बकरवाल और पहाड़ी आदिवासी नेता मैदान में हैं। एसटी के लिए आरक्षित सीटों में गांदरबल जिले की कंगन, रियासी जिले की गुलाबगढ़, राजौरी जिले की राजौरी, बुधल और थन्नामंडी, पुंछ जिले की सुरनकोट और मेंढर विधानसभा सीट पर बुधवार को मतदान होगा। इन सीटों पर कांटे का मुकाबला है। क्योंकि, आदिवासियों के वोट बंटे तो गैर आदिवासी मतदाता हार-जीत का फैसला करेंगे। कई सीटों पर गुज्जर-बकरवाल और पहाड़ी समुदाय के नेता आमने-सामने हैं। इस कारण प्रत्याशी और पार्टी नेताओं ने मतदान के एक दिन पहले तक खूब पसीना बहाया।
एसटी आरक्षित सीट के मतदाता क्या सोचते हैं। यह जानने के लिए मैंने श्रीनगर से कंगन की ओर रुख किया। रास्ते में खेतों में किसान और पशुपालक मिले। पशुपालक मुजाफर अहमद से चुनाव की चर्चा छेड़ी तो उन्होंने कहा, यहां एनसी ज्यादा ताकतवर लग रही है, लेकिन भाजपा को लेकर भी सोच बदली है। क्योंकि पहले आदिवासी समुदाय को दबाकर रखा गया था। मोदी सरकार ने कुछ काम तो अच्छे किए हैं। अब खाते में सीधे पैसे आ रहे हैं, पहले तो पता भी नहीं चलता था।

शांति के बिना रिश्ते नहीं... जयशंकर ने चीन को सुनाई दो टूक

25-Sep-2024
न्यूयॉर्क। ( शोर संदेश )    भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने चीन के साथ संबंधों को लेकर न्यूयॉर्क में बयान दिया है। उन्होंने बीजिंग को साफ शब्दों में संदेश दिया है कि अगर संबंधों को आगे बढ़ाना है तो उसे शांति स्थापित करनी होगी। न्यूयॉर्क में एशिया सोसायटी पॉलिसी इंस्टीट्यूट में बोलते हुए जयशंकर ने कहा, 'चीन के साथ हमारा कठिन इतिहास रहा है। चीन के साथ बॉर्डर से संबंधित कई समझौते हैं। 2020 में चीन ने LAC (वास्तविक नियंत्रण रेखा) पर समझौते का उल्लंघन किया और हमने जवाब दिया।'
भारतीय विदेश मंत्री ने आगे कहा, 'जब तक शांति और सद्भाव स्थापित नहीं करते, तब तक संबंधों को आगे बढ़ाना कठिन होगा।' उन्होंने दोनों देशों के बीच सीमा पर पेट्रोलिंग को 'मुख्य मसला' बताया।' जयशंकर ने कहा, 'भारत और चीन संबंध एशिया के भविष्य की चाबी है। अगर दुनिया बहुध्रुवीय होगी तो एशिया को भी बहुध्रुवीय होना होगा। ये संबंध एशिया और विश्व के भविष्य को प्रभावित करेगा।'
परिवर्तन का नेतृत्व कर रहा एशिया
एशिया सोसायटी पॉलिसी इंस्टीट्यूट के उद्घाटन सत्र में बोलते हुए एशिया परिवर्तन के अग्रणी छोर पर है और भारत उस परिवर्तन का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा, 'एशिया बदलाव में सबसे आगे है। एशिया के भीतर भारत उस बदलाव का नेतृत्व करने वालों में सबसे आगे है। लेकिन वह बदलाव आज वैश्विक व्यवस्था के ढांचे को बढ़ा रहा है। '
उन्होंने आगे कहा कि भारत को अस्थिरता और अप्रत्याशित माहौल के बीच उभरने के लिए तैयार रहना होगा। विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने रूस-यूक्रेन संघर्ष पर कहा, 'युद्ध विवादों को सुलझाने का तरीका नहीं है।' उन्होंने कहा कि भारत 'संघर्ष को जल्द समाप्त करने' और 'गंभीर बातचीत' के लिए रूसी और यूक्रेनी सरकारों के साथ बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा, 'हम कोई सुझाव नहीं दे रहे हैं। 

वक्फ बिल से निकला जाकिर नाइक का कनेक्शन! जेपीसी के सदस्य ने अमित शाह से कर दी शिकायत

25-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  वक्फ संशोधन बिल पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को सुझाव के लिए 1 करोड़ से ज्यादा ईमेल मिले हैं. वहीं, जेपीसी को लिखित सुझाव भी मिले हैं. इस बीच जेपीसी के वरिष्ठ सदस्य निशिकांत दुबे ने बुधवार (25 सितंबर) को बड़ा दावा करते हुए इन सुझावों के पीछे अंतरराष्ट्रीय साजिश की ओर इशारा करते हुए समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल को पत्र लिखा है.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय से भी जांच करने का अनुरोध किया है. निशिकांत दुबे ने जगदंबिका पाल को लिखे पत्र में आग्रह किया है कि इन गंभीर चिंताओं के मद्देनजर, जेपीसी को मिली सामग्रियों की जांच के लिए गृह मंत्रालय को अनुमति दें.
जाकिर नाइक और आईएसआई का कनेक्शन!
निशिकांत दुबे ने वक्फ संशोधन बिल के लिए आए सुझावों में कट्टरपंथी संगठनों, जाकिर नाइक जैसे व्यक्तियों और आईएसआई और चीन जैसी विदेशी शक्तियों के साथ-साथ उनके प्रॉक्सी की संभावित भूमिकाएं होने का आरोप लगाया है. उन्होंने ये भी कहा कि पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए गृह मंत्रालय से जांच कराने के बाद जांच की रिपोर्ट को जेपीसी के सामने रखा जाए.
एक रिपोर्ट के अनुसार वक्फ संशोधन बिल को लेकर संयुक्त संसदीय समिति को मिले 1 करोड़ से ज्यादा ईमेल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाले रिएक्शन का हिस्सा काफी बड़ा है. ऐसा ही आरोप निशिकांत दुबे ने भी लगाया है. उन्होंने जेपीसी अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा है कि वक्फ संशोधन बिल के लिए आए 1.25 करोड़ सुझावों की भाषा एक जैसी है. 
एआई का इस्तेमाल कर भेजे गए एक करोड़ से ज्यादा सुझाव
वक्फ संशोधन बिल पर सुझाव भेजने की समय सीमा बीती 15 सितंबर को खत्म हो चुकी है. रिपोर्ट के मुताबिक ईमेल प्रतिक्रियाओं के अलावा वक्फ संशोधन बिल पर 75,000 से ज्यादा लिखित सुझाव और आपत्तियां भी मिली हैं. अब संयुक्त संसदीय समिति का पैनल अलग-अलग राज्यों का दौरा करेगा. इसके साथ ही स्टेट वक्फ बोर्ड और राज्य अल्पसंख्यक आयोगों से मुलाकात करेगा.

यूएन के मंच से बोले पीएम मोदी- 'भारत के लिए वन अर्थ वन फैमली वन फ्यूचर एक कमिटमेंट है.

24-Sep-2024
नई दिल्ली।     ( शोर संदेश )   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को न्यूयॉर्क में 79वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र को संबोधित करते हुए कई मुद्दों का जिक्र किया. पीएम मोदी ने सत्र की शुरुआत में कहा, 'विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र और 140 करोड़ भारत की ओर से आप सबको नमस्कार. भारत के लोगों ने मुझे लगातार तीसरी बार सेवा का मौका दिया है. जब हम ग्लोबल फ्यूचर की बात कर रहे हैं तो ह्यूमन सेंट्रिक अप्रोच सर्वप्रथम होनी चाहिए.'
पीएम मोदी ने कहा, 'भारत में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाल कर हमने ये दिखाया है कि सस्टेनेबल डेवलेपमेंट सफल हो सकता है. सस्टेनेबल डेवलेपमेंट भी सफल हो सकता है. वैश्विक शांति एवं विकास के लिए ग्लोबल संस्थाओं में रिफॉर्म आवश्यक है. अफ्रीकन यूनियन को नई दिल्ली समिट में जी20 की सदस्यता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।.
पीएम मोदी ने कहा, 'वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए एक तरफ आतंकवाद जैसा खतरा है तो दूसरी तरफ साइबर, मेरीटाइम, स्पेस जैसे अनेक मैदान बन रहे हैं. इस सभी विषय़ों पर मैं जोर देकर कहूंगा, वैश्विक एक्शन और वैश्विक एंबिशन एक होना चाहिए. टेक्नोलोजी के इस्तेमाल के लिए बैलेंस रेगुलेशन की आवश्यकता है.'
पीएम मोदी ने कहा, 'भारत के लिए वन अर्थ वन फैमली वन फ्यूचर एक कमिटमेंट है. वैश्विक समृद्धि के लिए भारत मनसा वाचा कर्मणा से भारत काम करता रहेगा. अफ्रीकन यूनियन को नई दिल्ली समिट में जी-20 की स्थायी सदस्यता दी गई, जो एक महत्वपूर्ण कदम था. हमें मानव कल्याण, भोजन, स्वास्थ्य आहार सुनिश्चित करना होगा. मैं इन सभी मुद्दों पर जोर देते हुए कहूंगा कि वैश्विक कार्रवाई वैश्विक महत्वाकांक्षा से मेल खानी चाहिए. हमें ऐसा ग्लोबल डिजिटल गवर्नेंस चाहिए, जिससे राष्ट्रीय संप्रभुता और अखंडता अक्षुण्ण रहे.' उन्होंने कहा,  डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर लोगों के लिए एक पुल होना चाहिए न कि किसी के लिए बाधा बने और भारत यह साझा करने के लिए तैयार है.

सेना भर्ती की तैयारी कर रहे तीन युवकों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौत

24-Sep-2024
रोहतास।    ( शोर संदेश )  संझौली थाना क्षेत्र के सासाराम-आरा मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा हुआ, जहां सेना भर्ती की तैयारी कर रहे तीन युवकों को एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल का इलाज बिक्रमगंज में एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक की पहचान दीपक कुमार (23 वर्ष) और सत्येंद्र कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दीपक कुमार के पिता का नाम अनिल कुमार सिंह है, जबकि सत्येंद्र कुमार के पिता जयराम सिंह हैं। दोनों युवक ग्राम पकड़ी, थाना राजपुर के रहने वाले थे। घायल युवक का नाम प्रिंस सिंह (13 साल) है।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक रोज की तरह सेना भर्ती के लिए फिजिकल की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। इसके बाद चालक वहां से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सासाराम-आरा मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

यूपी में खाने-पीने की दुकानों पर लिखना होगा नाम, सीसीटीवी, मास्क भी जरूरी,

24-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खान-पान की वस्तुओं में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. एक उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी होटलों/ढाबों/रेस्टोरेंट आदि संबंधित प्रतिष्ठानों की गहन जांच, के निर्देश दिए हैं.
हाल के दिनों में देश के विभिन्न क्षेत्रों में जूस, दाल और रोटी जैसी खान-पान की वस्तुओं में मानव अपशिष्ट/अखाद्य/गंदी चीजों की मिलावट की घटनाएं देखने को मिली हैं. ऐसी घटनाएं वीभत्स हैं और आम आदमी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली हैं। ऐसे कुत्सित प्रयास कतई स्वीकार नहीं किया जा सकते. उत्तर प्रदेश में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस प्रबंध किए जाने आवश्यक हैं.
  ऐसे ढाबों/रेस्टोरेंट आदि खान-पान के प्रतिष्ठानों की जांच की जानी आवश्यक है. प्रदेशव्यापी सघन अभियान चलाकर इन प्रतिष्ठानों के संचालक सहित वहां कार्यरत सभी कर्मचारियों का सत्यापन किया जाए. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, पुलिस व स्थानीय प्रशासन संयुक्त टीम द्वारा यह कार्यवाही शीघ्रता से सम्पन्न कराई जाए.
  खान-पान के प्रतिष्ठानों पर संचालक, प्रोपराइटर, मैनेजर आदि के नाम और पता प्रमुखता से डिस्प्ले किये जाने चहिये. इस संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में आवश्यकतानुसार संशोधन भी किया जाए.
 ढाबे/होटलों/रेस्टोरेंट आदि खान-पान के प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी की व्यवस्था हो. न केवल ग्राहकों के बैठने के स्थान पर बल्कि प्रतिष्ठान के अन्य हिस्सों को भी सीसीटीवी से कवर होना चाहिए. यह सुनिश्चित किया जाए कि हर प्रतिष्ठान संचालक सीसीटीवी की फीड को सुरक्षित रखेगा और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस/स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध कराएगा.
    खान पान के केंद्रों पर साफ-सफाई होनी चाहिए. यह सुनिश्चित किया जाए कि खाद्य पदार्थों को तैयार करने तथा सर्विस के समय संबंधित व्यक्ति मास्क/ग्लव्स का उपयोग जरूर करें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
    आम जन के स्वास्थ्य हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं किया जा सकता. ऐसा प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए. खाद्य पदार्थों को बनाने, बेचने अथवा अन्य संबंधित गतिविधियों से जुड़े नियमों को व्यवहारिकता का ध्यान रखते हुए और सख्त किया जाए. नियमों की अवहेलना पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए.



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account