ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

'जयशंकर की टिप्पणी में ही जवाब....', भारत के साथ रिश्तों और बातचीत पर बोला पाकिस्तान

08-Oct-2024
इस्लामाबाद।  ( शोर संदेश )  पाकिस्तान ने आगामी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के मौके पर भारत के साथ द्विपक्षीय वार्ता की संभावना से इनकार किया है. इस शिखर सम्मेलन में विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए पाकिस्तान का दौरा करेंगे. उनके नेतृत्व में भारत सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद जाएगा. विदेश मंत्री जयशंकर ने कुछ दिन पहले कहा था कि उनकी आगामी पाकिस्तान यात्रा एक बहुपक्षीय कार्यक्रम के लिए होगी, द्विपक्षीय वार्ता के लिए नहीं.
यह यात्रा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह नौ वर्षों में किसी भारतीय विदेश मंत्री का पहला पाकिस्तान दौरा होगा, आखिरी बार 2015 में सुषमा स्वराज विदेश मंत्री के तौर पर इस्लामाबाद गई थीं. एस जयशंकर की यात्रा के बारे में पूछे जाने पर पाकिस्तान के विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच ने कहा, 'मैं चाहूंगी कि आप भारतीय विदेश मंत्री द्वारा 5 अक्टूबर को की गई टिप्पणियों पर गौर करें, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस्लामाबाद की उनकी आगामी यात्रा एक बहुपक्षीय कार्यक्रम के लिए है, न कि पाकिस्तान-भारत संबंधों पर चर्चा के लिए. उनकी ये टिप्पणियां अपने आप में संकेत देती हैं.'
पिछले हफ्ते विदेश मंत्री एस जयशंकर ने स्पष्ट रूप से कहा था कि 15 और 16 अक्टूबर को इस्लामाबाद की उनकी यात्रा के दौरान एजेंडे में भारत-पाकिस्तान मुद्दों पर बातचीत नहीं है. जयशंकर ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, 'इस महीने के मध्य में एससीओ समिट के लिए मेरा पाकिस्तान जाने का कार्यक्रम है. यह सरकार के प्रमुखों का शिखर सम्मेलन है. मैं वहां भारत-पाकिस्तान संबंधों पर चर्चा करने के लिए नहीं जा रहा हूं. मैं वहां एससीओ के एक अच्छे सदस्य के रूप में जा रहा हूं.'
भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध वर्तमान में अपने सबसे निचले स्तर पर हैं. साल 2019 में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद इस्लामाबाद ने नई दिल्ली के साथ राजनयिक संबंधों को कम कर दिया था. पुलवामा आतंकी हमले के बाद फरवरी 2019 में भारतीय वायु सेना द्वारा पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के टेररिस्ट ट्रेनिंग कैंप पर हमला करने के बाद संबंध पहले से ही तनाव में थे. पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे.

किसान और पहलवान के मुद्दों का था शोर, भाजपा का चला जोर

08-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले हैं। सभी एग्जिट पोल्स के अनुमानों में कांग्रेस की एकतरफा जीत की भविष्यवाणी की गई थी। लेकिन रुझान आए तो शुरुआत से ही गेम बदलता दिखा। अब तक आए रुझानों में भाजपा की 49 सीटों पर बढ़त है, जबकि कांग्रेस 35 पर ही ठिठकी हुई है। पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा पूरे चुनाव अभियान का नेतृत्व कर रहे थे और राहुल गांधी ने भी एक दर्जन रैलियां कीं और विजय संकल्प यात्रा चलाई। इसके अलावा राज्य में कांग्रेस की ओर से किसान, जवान और पहलवानों की नाराजगी का नैरेटिव चलाया गया था।
सेना भर्ती में अग्निवीर स्कीम लागू करने का तीखा विरोध हुआ था और कांग्रेस का कहना था कि यह चुनाव में भी मुद्दा बनेगा। इसके अलावा दिल्ली के जंतर-मंतर में हुए पहलवानों के आंदोलन और उससे पहले लगभग डेढ़ साल चले किसानों के प्रदर्शन के भरोसे भी कांग्रेस जोर-आजमाइश कर रही थी। लेकिन अब जो रुझान हैं, यदि वही नतीजे रहे तो फिर कांग्रेस के लिए यह करारा झटका होगा। जानकार मानते हैं कि हरियाणा चुनाव के बदले हुए रुझानों के पीछे 5 कारण हैं, जिनके चलते भाजपा कमजोर दिखकर भी मजबूत बनी रही और तमाम जोर-आजमाइश के बाद भी कांग्रेस कमाल नहीं कर सकी।

हरियाणा विधानसभा की कुल 90 सीटों में से 17 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इस बार इन सीटों पर कांग्रेस बनाम भाजपा का मुकाबला है। तीसरे किसी भी दल की दाल गलती नजर नहीं आ रही है। दोपहर 12.15 बजे तक ताजा चुनावी रुझानों के मुताबिक 17 में से 9 पर कांग्रेस और आठ पर भाजपा के उम्मीदवार बढ़त लिए हुए हैं। यह बड़ा आंकड़ा है क्योंकि पिछली बार उसे 5 सीटों पर ही जीत मिली थी। दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी के खाते में पिछली बार चार आरक्षित सीटें गई थीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई थी। इस बार जजपा एक भी सीट पर कमाल करती नजर नहीं आ रही है।
हुड्डा बनाम कुमारी सैलजा कांग्रेस में खूब चला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दोनों नेताओं के बीच रिश्ते सहज कराने की कोशिश भी की थी और एक रैली में दोनों के हाथ ऊपर उठाकर खड़े थे। कांग्रेस का कहना था कि दोनों के बीच रिश्ते खराब नहीं हैं, लेकिन कुमारी सैलजा और हुड्डा दोनों ही अलग-अलग सीएम पद के दावे कर रहे थे। यही नहीं कुमारी सैलजा ने तो एक इंटरव्यू में यहां तक कहा था कि मेरी उनसे कब बात हुई थी, याद ही नहीं है। कहा जा रहा है कि दोनों के बीच लगातार इस तरह खुले टकराव ने पार्टी का नुकसान किया।
कांग्रेस को लेकर यह भी कहा जा रहा है कि उसने जाट नेतृत्व को आगे किया। भूपिंदर सिंह हुड्डा के हाथ में कमान थी और कहा जा रहा है कि उनके ही कहने पर 72 टिकट दिए गए थे। माना जा रहा है कि उनके इस तरह कमान संभालने से जाट लॉबी के हावी होने का संदेश गया। इससे अहीरवाल बेल्ट में यादव, ब्राह्मण समेत कई अन्य बिरादरियां एकजुट होकर भाजपा के साथ गईं। इसके अलावा करनाल, कुरुक्षेत्र, हिसार जैसे इलाकों में पंजाबी समेत अन्य समुदाय भाजपा की ओर गया।

फारूक ने किया ऐलान- 'उमर अब्दुल्ला बनेंगे जेके के नए सीएम'

08-Oct-2024
कश्मीर।   ( शोर संदेश )   फारूक अब्दुल्ला ने आज तक से बात करते हुए कहा,'उमर अब्दुल्ला पूरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री होंगे. पावर शेयरिंग कोई मुद्दा नहीं है. हम जम्मू-कश्मीर के लोगों के आभारी हैं.' फारूक ने आगे कहा कि लोगों ने अपना जनादेश दिया है, उन्होंने साबित कर दिया है कि वे 5 अगस्त को लिए गए फैसले को स्वीकार नहीं करते हैं. बता दें कि 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटा दिया था. इसके साथ ही लद्दाख को केंद्र शासित राज्य से अलग कर दिया गया था.
बता दें कि उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर की दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ा था. इन दो सीटों के नाम बडगाम और गांदरबल है. दोनों ही सीटों से उमर ने जीत दर्ज की है. बडगाम में उमर अब्दुल्ला को 36010 वोट मिले. पीडीपी उम्मीदवार आगा सैयद मुंतजिर 17527 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे. वहीं, उमर की दूसरी सीट यानी गांदरबल की बात करें तो यहां उमर को 18193 वोट मिले और उन्होंने जीत हासिल की. वहीं, 12745 वोटों के साथ पीडीपी के बशीर अहमद मीर दूसरे नंबर पर रहे.
चुनाव में पीडीपी की हुई फजीहत
बता दें कि इस चुनाव में सबसे बुरी हालत महबूबा मुफ्ती के सियासी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की हुई है. अब तक (2.25 बजे) पीडीपी महज 3 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कांफ्रेंस 50 सीटों पर आगे चल रही है. पीडीपी से ज्यादा तो निर्दलीय प्रत्याशी आगे चल रहे हैं. अब तक के रुझानों में 9 निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं.

चेन्नई में एयर शो देखने गए 5 लोगों की मौत, हीटस्ट्रोक के चलते कई बेहोश

07-Oct-2024
चेन्नई।   ( शोर संदेश )  इंडियन एयरफोर्स (आईएएफ) की 92वें वर्षगांठ के मौके पर आयोजित एयर शो में 5 लोगों की मौत हो गई है. इसे देखने के लिए पहुंचे हजारों लोगों को कार्यक्रम के बाद घर लौटने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ा. पुलिस ने बताया कि इस दौरान पांच लोग बीमार हो गये और उनकी जान चली गई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने घटना को लेकर बताया कि एक व्यक्ति की मौत समुद्र तट पर हुई जबकि 4 अन्य की मौत आसपास के इलाके में हुई. सभी 5 लोग उन हजारों लोगों में शामिल थे जो ‘एयर शो’ देखने के लिए जमा हुए थे.

विवादित टिप्पणियों पर योगी सख्त: विरोध के नाम पर अराजकता स्वीकार नहीं

07-Oct-2024
लखनऊ।  ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि किसी भी जाति, मत-मजहब अथवा संप्रदाय से जुड़े हुए ईष्ट देवी-देवता, महापुरुषों अथवा साधु-संतों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी अस्वीकार्य है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 
त्योहारों के दृष्टिगत सोमवार को मुख्य सचिव, डीजीपी, अपर मुख्य सचिव गृह, एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर मत, संप्रदाय की आस्था का सम्मान होना चाहिए। 
महापुरुषों के प्रति प्रत्येक नागरिक के मन में कृतज्ञता का भाव होना चाहिए, लेकिन इसके लिए बाध्य नहीं किया सकता और जबरन किसी पर थोपा भी नहीं जा सकता। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा, महापुरुषों, देवी-देवता, संप्रदाय आदि की  आस्था के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करेगा, तो उसे कानून के दायरे में लाकर कठोरता पूर्वक सजा दिलवाई जाएगी, लेकिन सभी मत, मजहब, सम्प्रदाय के लोगों को एक-दूसरे का सम्मान करना होगा।  

पाकिस्तान में कराची एयरपोर्ट के पास बड़ा धमाका, दो चीनी नागरिकों की मौत और 17 घायल

07-Oct-2024
कराची।   ( शोर संदेश )  पाकिस्तान के कराची इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास रविवार की देर रात बड़ा धमाका हुआ है। दो चीनी नागरिक समेत तीन की मौत की खबर है। वहीं 17 लोग घायल हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। धमाका इतना भीषण था कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आवाज सुनाई पड़ी। पुलिस बम धमाके की जांच में जुटी है। वीडियो में एयरपोर्ट के पास धुएं का गुबार उठता दिख रहा है।
बीएलए ने ली हमले की जिम्मेदारी
पाकिस्तान में चीनी दूतावास ने कहा कि रविवार रात को कराची के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक विस्फोट में दो चीनी नागरिक मारे गए हैं। चीनी दूतावास ने कहा कि पोर्ट कासिम इलेक्ट्रिक पावर कंपनी के एक काफिले पर हवाई अड्डे के पास हमला किया गया।
पाकिस्तान में चीनी दूतावास और महावाणिज्य दूतावास इस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। दोनों देशों के निर्दोष पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। इस बीच बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली। उसने कहा कि यह धमाका चीनी नागरिकों को निशाना बनाकर किया है।
क्या है बीएलए?
बीएलए बलूचिस्तान का अलगाववादी संगठन है। यह संगठन खासकर चीनी नागरिकों और प्रोजेक्ट को निशाना बनाता है। बलूचिस्तान के रूप में एक अलग देश इस संगठन की सबसे अहम मांग है। सिर्फ अगस्त महीने में बीएलए अपने हमलों में 70 से अधिक लोगों की जान ले जुका है। यह संगठन इससे पहले भी चीनी नागरिकों को मौत के घाट उतार चुका है। वहीं कराची में स्थित चीन के वाणिज्य दूतावास पर हमला भी कर चुका है।

नई दिल्ली पहुंचते ही मुइज्जू के बदले सुर, पर्यटकों से मालदीव जाने की लगाई गुहार

07-Oct-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू से सोमवार को मुलाकात की। पिछले साल खराब दौर से गुजरने के बाद बेहतर हो रहे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर दोनों नेताओं के बीच व्यापक चर्चा होने की संभावना है। मुइज्जू 4 दिन की यात्रा पर रविवार शाम नई दिल्ली पहुंचे। मालदीव में कभी 'इंडिया आउट' कैंपेन चलाने वाले मुइज्जू ने भारत पहुंचते ही यूटर्न ले लिया। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में मुइज्जू ने कहा कि भारत के साथ मालदीव के रिश्ते सम्मान और साझा हितों पर आधारित हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत व्यापार और विकास साझेदारों में से एक रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पड़ोसियों और दोस्तों के लिए सम्मान हमारे डीएनए में मौजूद है।
राष्ट्रपति मुइज्जू ने भारतीय पर्यटकों को अपने देश आमंत्रित भी किया। उन्होंने कहा, ‘भारतीय हमेशा ही सकारात्मक योगदान देते हैं। हमारे देश में भारतीय पर्यटकों का हम स्वागत करते हैं।’ वहीं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘भारत-मालदीव के विशेष संबंधों को आगे बढ़ाते हुए! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति एमएम मुइज्जू का हैदराबाद हाउस में गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत और मालदीव के द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा होगी।’ इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में मुइज्जू का औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद थे। तीनों सेनाओं ने मुइज्जू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली स्थित राजघाट स्थित महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
जब मुइज्जू ने मालदीव में चलाया ‘इंडिया आउट’ कैंपेन
मालदीव के राष्ट्रपति अपनी पत्नी साजिदा मोहम्मद और अपने देश के प्रतिनिधिमंडल के साथ रविवार शाम को भारत पहुंचे। पिछले वर्ष नवंबर में पदभार ग्रहण करने के बाद से यह मुइज्जू की पहली राजकीय यात्रा है। मुइज्जू जून में प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। चीन के प्रति झुकाव रखने वाले मुइज्जू के पिछले साल नवंबर में राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के बाद से भारत और मालदीव के बीच संबंधों में गंभीर तनाव पैदा हो गया था। मुइज्जू ने ‘इंडिया आउट’ अभियान को आधार बनाकर पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव जीता था। उन्होंने नई दिल्ली से द्वीप राष्ट्र में तैनात अपने सैन्यकर्मियों को इस वर्ष मई तक वापस बुलाने को कहा था।

देश से डबल इंजन की सरकारें जा रही हैं : 'जनता की अदालत' में बोले अरविंद केजरीवाल

06-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पूरे देश से डबल इंजन की सरकारें जा रही हैं.छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित “जनता की अदालत” में जनता के बीच कार्यक्रम में केजरीवाल ने कहा कि अब दिल्ली की जनता का प्यार, समर्थन और विश्वास ही मेरी ईमानदारी का प्रमाण बनेगा. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘डबल इंजन' सरकार का मतलब महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी है. उन्होंने कहा कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भाजपा की ‘डबल इंजन' सरकारों का अंत होने जा रहा है.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैंने कभी भी अपने परिवार वालों को टिकट नहीं दिया है. मैंने कभी अपने बेटे को टिकट नहीं दी. मैंने आपके परिवार वालों को टिकट दिया है. केजरीवाल ने कहा कि जेल में मेरी इंसुलिन की इंजेक्शन बंद कर दी गयी. मेरी किडनी खराब हो सकती थी. 
केजरीवाल का बीजेपी पर जोरदार हमला
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के चुनाव आने वाले हैं ये कहेंगे डबल इंजन सरकार बना दो तब इनसे पूछना कि क्या हरियाणा में आई आपकी डबल इंजन सरकार? हरियाणा में 10 साल तक इनकी सरकार थी और अब भाजपा वालो को गांव में घुसने भी नही दे रहे है लोग.  मणिपुर में 7 साल से इनकी डबल इंजन की सरकार है और मणिपुर जल रहा है. अब डबल इंजन की सरकार नहीं बनानी है क्योंकि देश अब तक गया है. 
22 राज्यों में बीजेपी की सरकार है लेकिन एक काम बता दे ये लोग जो इन्होने अच्छा किया है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदीजी एक साल बाद आप रिटायर हो जाओगे, इस एक साल में तो अच्छा काम करदो. अगर मोदी जी 22 राज्यों में बिजली मुफ्त कर देंगे तो मैं खुद उनके लिए चुनाव प्रचार करूंगा. 

रोहतास में सोन नदी में नहाते समय 7 बच्चे डूबे, 3 बच्चों की मौत 2 की हालत गंभीर

06-Oct-2024
पटना। ( शोर संदेश )  बिहार के रोहतास जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गयी.  सोन नदी में नहाने गए 7 बच्चे नदी में डूब गए. इस घटना में 3 बच्चों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. 2 बच्चों की हालत गंभीर बतायी जा रही है.  वहीं 2 अन्य अभी लापता हैं. जानकारी के अनुसार मृतक सभी बच्चे एक ही परिवार के थे. घटना तुंबा गांव का बताया जा रहा है. 
घटना को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि सभी बच्चे नहाने के लिए सोन नदी पहुंचे थे. एक बच्चा पहले नदी में डूब गया जिसके बाद उसे बचाने के लिए बाकी सभी गहरी नदी में चले गए जिससे वो सभी डूब गए. फिलहाल ग्रामीणों की मदद से बच्चों की खोजबीन जारी है.  घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है.  
 

पांच साल में 2000 डॉलर बढ़ जाएगी प्रति व्यक्ति आय, वित्त मंत्री बोलीं- आने वाला समय भारतीयों का होगा

06-Oct-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )   सरकार के उपायों और कुछ वर्षों में प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने के प्रयासों के साथ आम आदमी के जीवन स्तर में तेजी से सुधार आएगा। अगले पांच साल में भारतीयों की प्रति व्यक्ति आय 2,000 डॉलर बढ़ जाएगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के अनुसार हमें 2,730 डॉलर की प्रति व्यक्ति आय तक पहुंचने में 75 साल लगे, लेकिन इसमें 2,000 डॉलर और जोड़ने में सिर्फ पांच वर्ष लगेंगे। यह वास्तव में भारतीयों का युग होगा। 
वित्त मंत्री ने शुक्रवार को कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन के तीसरे संस्करण में कहा, भारत वैश्विक चुनौतियों के बावजूद अपनी 1.4 अरब आबादी (वैश्विक आबादी का 18 फीसदी) के लिए कुछ वर्षों में प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने का प्रयास करेगा। एजेंसी
घटी है असमानता
वित्त मंत्री ने कहा, देश में असमानता में कमी आई है। असमानता को मापने के लिए सांख्यिकीय उपाय गिनी गुणांक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुधार दर्शाता है। उन्होंने कहा, यह असमानता में कमी के साथ हासिल किया जा रहा है, क्योंकि ग्रामीण भारत के लिए गिनी गुणांक (आय असमानता सूचकांक) 0.283 से घटकर 0.266 रह गया है।। शहरी क्षेत्रों के लिए यह 0.363 से घटकर 0.314 रह गया है।
दुनिया के लिए समृद्धि लाएगा विकसित भारत
सीतारमण ने कहा, भारत 2047 तक जब अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे कर लेगा, तब नए भारतीय युग की मूल विशेषताएं विकसित देशों के समान होंगी। विकसित भारत विचारों, प्रौद्योगिकी और संस्कृति के जीवंत आदान-प्रदान का केंद्र बनकर न सिर्फ भारतीयों के लिए बल्कि शेष विश्व के लिए भी समृद्धि लाएगा।
बैंकिंग प्रणाली मजबूत, एनपीए में आई कमी
देश की वित्तीय प्रणाली पर वित्त मंत्री ने कहा, परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार, खराब कर्जों के लिए प्रावधान में वृद्धि, निरंतर पूंजी पर्याप्तता और लाभप्रदता में वृद्धि पर नीतिगत रूप से लगातार ध्यान देने से देश की वित्तीय प्रणाली एवं बैंक मजबूत व सुदृढ़ हैं। एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) अनुपात कई साल के निचले स्तर पर है। बैंकों के पास अब कर्ज वसूली की कुशल व्यवस्था है।
भारतीय युग को युवा आबादी से मिलेगा बल
वित्त मंत्री ने भारतीय युग को आकार देने वाली ताकतों का जिक्र करते हुए कहा, देश की युवा आबादी उत्पादकता में सुधार, बचत और निवेश के लिए एक बड़ा आधार प्रदान करती है। उन्होंने कहा, 43 फीसदी भारतीय 24 साल के कम उम्र के हैं। उन्हें अभी तक अपने उपभोग व्यवहार का पता नहीं है। यह संकेत है कि आने वाले दशक में घरेलू खपत में वृद्धि होगी। 
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account