ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

बहराइच में दंगाइयों से निपटने के लिए सड़क पर पिस्टल लेकर उतरे एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश

14-Oct-2024
लखनऊ। ( शोर संदेश )  उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बवाल ने सोमवार सुबह और हिंसक रूप ले लिया. महाराजगंज में उपद्रवियों की भीड़ सोमवार सुबह सड़कों पर उतर आई. कई इलाकों में भारी हिंसा के बाद राज्य सरकार की तरफ से कड़े कदम उठाए गए हैं.  एडीजी ल़ॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने स्वयं कमान संभाली है. अमिताभ यश हाथ में पिस्टल लेकर सड़क पर उतरे हैं और  स्थिति को नियंत्रण करने की कोशिश में जुटे हुए हैं. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें वो उपद्रवियों को रोकने के लिए स्वयं पिस्टल लेकर सड़क पर चल रहे हैं.
यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने दंगाइयों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं. साथ ही ताजा हालात पर रिपोर्ट मांगी है. अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी ने हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कहा है. डीएम मोनिका रानी ने कहा कि हम स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं. सोमवार को हिंसा में मारे गए युवक के शव को लेकर भीड़ निकली तो पुलिस ने रास्ते में रोका. ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ सड़कों पर उतर आए. विरोध प्रदर्शन हिंसक होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया. 
कौन हैं अमिताभ यश?
अमिताभ यश को इसी साल योगी सरकार ने अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), कानून-व्यवस्था (L&O) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा था. अमिताभ यश 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. अमिताभ मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं. अमिताभ यश ने कई एनकाउंटर को अंजाम दिया है. चंबल के डकैतों के बीच भी उनका एक खौफ हुआ करता था. माफिया अतीक अहमद के बेटे और एक शूटर के एनकाउंटर के दौरान भी अमिताफ यश चर्चा में आए थे. 

एअर इंडिया के बाद इंडिगो के दो विमानों को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी

14-Oct-2024
नई दिल्ली।( शोर संदेश )  एअर इंडिया के बाद सोमवार को इंडिगो के दो विमानों को बम की धमकी मिले के बाद हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि सोमवार को इंडिगो की मुंबई से जेद्दा और मस्कट जाने वाले दो विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली. इसके बाद विमानों में जांच की जा रही है. इंडिगो प्रवक्ता के मुताबिक, मुंबई से मस्कट जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 1275 में बम होने की धमकी मिली थी. प्रोटोकॉल के तहत विमान को एक आइसोलेट किया गया उसके बाद मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए तुरंत सुरक्षा जांच शुरू की गई.
जेद्दा जाने वाली फ्लाइट को भी मिली धमकी
इसके आलावा इंडिगो की जेद्दा जाने वाली फ्लाइट 6E 56 को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. प्रोटोकॉल के अनुसार इस विमान को भी एयरपोर्ट पर आइसोलेट किया गया और उसकी जांच शुरू की गई.  हालांकि अभी तक विमान में किसी प्रकार के विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु के मिलने की बात सामने नहीं आई है.
सितंबर में भी मिली थी इंडिगो की फ्लाइट को धमकी
बता दें कि इंडिगो की फ्लाइट में पिछले महीने यानी सितंबर में भी बम की धमकी मिली थी. ये फ्लाइट मध्य प्रदेश के जबलपुर से हैदराबाद के लिए उड़ान भर रही थी. विमान में बम की धमकी मिलने के बाद इसे नापुर की ओर डायवर्ट किया गया. जहां विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. उसके बाद सभी यात्रियों को बाहर निकालकर पूरे विमान की जांच की गई, हालांकि विमान में बम की धमकी सिर्फ एक अफवाह ही साबित हुई.
एअर इंडिया की फ्लाइट को भी मिली धमकी
बता दें कि आज यानी सोमवार (14 अक्टूबर) को ही एअर इंडिया की फ्लाइट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. ये विमान मुंबई से न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी एयरपोर्ट के लिए उड़ान भर रहा था, हालांकि विमान में दम की धमकी मिलने के बाद इसे डायवर्ट कर दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया. उसके बाद विमान में जांच की गई. विमान के सभी यात्री सुरक्षित और अभी भी विमान की जांच जारी है.
एयरपोर्ट्स को भी मिल चुकी है धमकी
विमानों को ही नहीं बल्कि देश के कई एयरपोर्ट्स को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है. हालांकि अभी तक मिली सभी धमकियां फर्जी साबित हुई हैं. 5 अक्तूबर को ही इंदौर के देवी अहिल्या बाई होल्कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. ये धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की थी. इसी दिन वडोदरा एयरपोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला था.
 

इस बार दीपावली के आसपास कई रूट्स पर 25% तक सस्ते हैं टिकट

13-Oct-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )   हवाई जहाज से यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। दीपावली के आसपास कई घरेलू रूट्स पर औसत हवाई किराये में पिछले साल की तुलना में 20-25 प्रतिशत की कमी आई है। एक विश्लेषण में यह जानकारी दी गई। इसके मुताबिक बढ़ी हुई क्षमता और तेल की कीमतों में हाल में आई गिरावट के चलते कीमतों में कमी आई है। ट्रैवल प्लेटफॉर्म इक्सिगो के विश्लेषण से पता चला कि घरेलू रूट्स पर औसत हवाई किराए में 20 से 25 प्रतिशत की गिरावट आई है। ये कीमतें 30 दिनों की अग्रिम खरीद तिथि (एपीडी) के आधार पर एक तरफ के औसत किराए के लिए है।
बेंगलुरू-कोलकाता फ्लाइट किराया 38% घटा
इस साल बेंगलुरू-कोलकाता फ्लाइट के लिए औसत हवाई किराया 38 प्रतिशत घटकर 6,319 रुपये रह गया है, जो पिछले साल 10,195 रुपये था। चेन्नई-कोलकाता रूट पर टिकट की कीमत 8,725 रुपये से 36 प्रतिशत घटकर 5,604 रुपये रह गई है। मुंबई-दिल्ली फ्लाइट के लिए औसत हवाई किराया 8,788 रुपये से 34 प्रतिशत घटकर 5,762 रुपये रह गया है। इसी तरह, दिल्ली-उदयपुर रूट पर टिकट की कीमतों में 34 प्रतिशत की कमी आई है और यह 11,296 रुपये से घटकर 7,469 रुपये रह गई है।
इन रूट्स पर भी घटा किराया
दिल्ली-कोलकाता, हैदराबाद-दिल्ली और दिल्ली-श्रीनगर रूट्स पर यह गिरावट 32 प्रतिशत है। इक्सिगो समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आलोक बाजपेयी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पिछले साल दिवाली के आसपास हवाई किराए में सीमित क्षमता के कारण उछाल आया था, जिसका मुख्य कारण गो फर्स्ट एयरलाइन का निलंबन था। उन्होंने बताया इस साल अतिरिक्त क्षमता जोड़ी गई है, जिससे अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में प्रमुख मार्गों पर औसत हवाई किराए में 20-25 प्रतिशत की सालाना आधार पर गिरावट आई है।

यूपी उपचुनाव: दिल्ली में बीजेपी की हाईलेवल मीटिंग, अमित शाह, सीएम योगी, केशव मौर्य होंगे शामिल

13-Oct-2024
लखनऊ।  ( शोर संदेश )   उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गईं हैं। सूबे की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और समाजवादी पार्टी (सपा) मुख्य रूप से आमने- सामने नजर आ रही है। हालांकि अभी तक चुनाव आयोग की तरफ से उपचुनाव के लिए तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है। 
आगामी उपचुनाव को लेकर आज यानी रविवार को उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं की केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक होने की संभावना है। इस हाईलेवल मींटिग में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा, सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रदेश संगठन महासचिव धर्मपाल सिंह शामिल हो सकते हैं।
मीटिंग में आगामी उपचुनावों पर होगी चर्चा
माना जा रहा है कि इस बैठक में मुख्य रूप से आगामी उपचुनावों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिले झटके पर भी चर्चा होने की संभावना है। लोकसभा चुनाव 2024 में सपा और कांग्रेस का गठबंधन था। भाजपा 2019 के लोकसभा चुनाव में जीती 62 सीटों की तुलना में केवल 33 सीटें ही जीत सकी। अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीतीं। वहीं कांग्रेस ने 6 सीटें जीतीं।
चुनाव की तारीखों का जल्द ही हो सकता है ऐलान
माना जा रहा है कि चुनाव आयोग जल्द ही उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। वें सीटें फूलपुर, खैर, गाजियाबाद, मझवां, मीरापुर, मिल्कीपुर, करहल, कटेहरी, कुंदरकी और सीसामऊ हैं।
उपचुनाव बीजेपी के साथ- साथ विपक्षी दलों के लिए भी अहम हैं। भाजपा उत्तर प्रदेश में अपनी जीत की लय फिर से हासिल करने के लिए उत्सुक होगी। वही समाजवादी पार्टी ने पहले ही दस में से छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सपा और कांग्रेस साथ में ही मिलकर उपचुनाव लड़ेगी।

नायब सिंह सैनी को मिली जान से मारने की धमकी, जींद का रहने वाला आरोपी अरेस्ट

13-Oct-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  हरियाणा पुलिस ने सीएम नायब सिंह सैनी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक शख्स को अरेस्ट किया है. पुलिस ने शनिवार को बताया कि जुलाना में एक व्हाट्सऐप ग्रुप में हरियाणा के मुख्यमंत्री को कथित तौर पर "जान से मारने की धमकी" दी गई थी.
जिस आरोपी को पुलिस ने अरेस्ट किया है उसकी पहचान जींद जिले के देवरार गांव के मूल निवासी अजमेर के रूप में हुई है. जींद के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने पीटीआई को बताया कि अजमेर ने 8 अक्टूबर को राज्य में मतगणना के दिन एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जान से मारने की धमकी दी थी.
सुमित कुमार ने बताया, "जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया, एफआईआर दर्ज कर अजमेर को गिरफ्तार कर लिया गया." आरोपी के खिलाफ धमकी देने, आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था.
व्हाट्सऐप ग्रुप पर दी थी धमकी
खबर के मुताबिक व्हाट्सऐप ग्रुप 'सोमबीर राठी जुलाना हलका' नाम से बनाए ग्रुप में लिखा कि जो भी हरियाणा का मुख्यमंत्री बनेगा, उसे मैं गोली मार दूंगा. जिस तरह से महात्मा गांधी को गोडसे ने मारी थी.
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से जीत दर्ज की थी. उन्होंने कांग्रेस के मेवा सिंह को चुनाव में हराया है. मेवा सिंह ने शुरुआत में सीएम सैनी को कड़ी टक्कर दी है, लेकिन जैसे-जैसे वोटों की गिनती आगे बढ़ी, सीएम सैनी उनसे काफी आगे चले गए. सीएम सैनी को जहां 70,177 वोट मिले, वहीं कांग्रेस के मेवा सिंह 54,123 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहे.

हरियाणा में फिर नायब सिंह सैनी, 15 अक्टूबर को ले सकते हैं मुख्यमंत्री पद की शपथ

11-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  हरियाणा में जीत की हैट्रिक मारने वाली भारतीय जनता पार्टी तीसरी पारी के लिए तैयार है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि नायब सिंह सैनी 15 अक्टूबर को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर पार्टी ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। मंगलवार को घोषित नतीजों में भाजपा ने राज्य की 90 में से 48 सीटों पर जीत हासिल की थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पंचकूला जिला आयुक्त ने 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है, जो शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम की तैयारियां देखेगी। हरियाणा सरकार में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 14 मंत्री हो सकते है।
नायब सिंह सैनी को ही चुनेगी भाजपा
बीजेपी लगातार दूसरी बार सैनी को ही राज्य की कमान दे सकती है। चुनाव के दौरान पार्टी के नेता ऐसे संकेत दे रहे थे। हाल ही में ट्रिब्यून से बातचीत में भाजपा के हरियाणा मामलों के प्रभारी सतीश पूनिया ने भी सैनी को कमान सौंपे जाने की बात कही है। उन्होंने कहा, 'हमने नायब सिंह सैनी को अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया था। इसने हमें फायदा पहुंचाया। लेकिन कांग्रेस में भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और रणदीप सुरजेवाला को लेकर कंफ्यूजन थी।'
ये हो सकते हैं मंत्री
पानीपत ग्रामीण से जीते महीपाल ढांडा, वल्लभगढ़ से जीते मूल चंद शर्मा, कृष्ण लाल पंवार, कृष्ण कुमार, आरती सिंह राव, ओम प्रकाश यादव, राव नरबीर सिंह, श्रुति चौधरी, शक्ति रानी शर्मा, सावित्री जिंदल, अनिल विज, श्याम सिंह राणा, जगमोहन आनंद, हरविंदर कल्याण, कृष्ण लाल मिड्ढा, अरविंद कुमार शर्मा, विपुल गोयल, निखिल मदान और घनश्याम दास, देवेंद्र अत्तरी को भी मंत्री पद की रेस में शामिल माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी ने अब तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।

आखिर कांग्रेस के मन में क्या? नेशनल कॉन्फ्रेंस को अभी तक नहीं सौंपा समर्थन पत्र, चिट्ठी के इंतजार में बैठे उमर अब्दुल्ला

11-Oct-2024
जम्मू-कश्मीर  ( शोर संदेश ) में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई है। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) विधायक दल की बैठक में उमर अब्दुल्ला को विधायक दल का नेता चुन लिया है। शुक्रवार को नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस विधायक दल की बैठक हो सकती है। इसके बाद उमर अब्दुल्ला को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करना है।
वहीं,  कांग्रेस ने अभी तक नेशनल कॉन्फ्रेंस को समर्थन का पत्र नहीं सौंपा है। इससे सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है। उमर अब्दुल्ला ने कल कांग्रेस को चिट्ठी भेजने के लिए डेडलाइन दी और एक दिन का वक्त दिया था।
इस बीच चार निर्दलियों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद नेशनल कांफ्रेंस के पास 46 विधायकों का समर्थन हो गया है। अब पार्टी बिना कांग्रेस के समर्थन के भी बहुमत का आंकड़ा पार कर सकती है।
उमर अब्दुल्ला को चुना गया विधायक दल का नेता
गुरुवार को नेशनल कांफ्रेंस विधायक दल की बैठक हुई। इसमें उमर अब्दुल्ला को सर्व सम्मित से पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया। लेकिन कांग्रेस की अभी तक न तो कोई बैठक हुई है। न ही पार्टी ने नेशनल कांफ्रेंस को समर्थन करने वाली चिट्ठी सौंपी है।
एक दिन की दी थी डेडलाइन
इसी के बाद उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वो कांग्रेस के समर्थन पत्र का इंतजार कर रहे हैं ताकि सरकार बनाने का दावा पेश किया जा सके। उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस को एक दिन की डेडलाइन दी थी, जो अब पूरी हो चुकी है।
 

आसियान शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा- दक्षिण चीन सागर में शांति जरूरी

11-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व के विभिन्न भागों में जारी संघर्षों का सबसे अधिक नकारात्मक प्रभाव ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों पर पड़ने का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को यूरेशिया और पश्चिम एशिया में शांति एवं स्थिरता की बहाली का आह्वान किया। मोदी ने 19वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) को संबोधित करते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान युद्ध के मैदान से नहीं निकल सकता। उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्र, मुक्त, समावेशी, समृद्ध और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत पूरे क्षेत्र में शांति तथा प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि दक्षिण चीन सागर में शांति, सुरक्षा और स्थिरता पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र के हित में है। मोदी ने कहा, “हमारा मानना है कि समुद्री गतिविधियां संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि (यूएनसीएलओएस) के तहत संचालित की जानी चाहिए। नौवहन और वायु क्षेत्र की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना आवश्यक है। एक मजबूत और प्रभावी आचार संहिता बनाई जानी चाहिए। और इससे क्षेत्रीय देशों की विदेश नीति पर कोई अंकुश नहीं लगना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “हमारा दृष्टिकोण विकासवाद का होना चाहिए, न कि विस्तारवाद का।” विश्व के विभिन्न भागों में चल रहे संघर्षों का सबसे अधिक नकारात्मक प्रभाव ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों पर पड़ने का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि चाहे वह यूरेशिया हो या पश्चिम एशिया, हर कोई चाहता है कि यथाशीघ्र शांति और स्थिरता बहाल होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “मैं बुद्ध की धरती से आता हूं और मैंने बार-बार कहा है कि यह युद्ध का युग नहीं है। समस्याओं का समाधान युद्ध के मैदान से नहीं निकल सकता।” प्रधानमंत्री ने कहा, “संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान करना आवश्यक है। मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए बातचीत और कूटनीति को प्राथमिकता देनी होगी।”
उन्होंने कहा कि विश्वबंधु की जिम्मेदारी निभाते हुए भारत इस दिशा में हरसंभव योगदान देता रहेगा। उनकी यह टिप्पणी यूरेशिया में यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष तथा पश्चिम एशिया में इजराइल-हमास युद्ध के बीच आई है। मोदी ने कहा, “आतंकवाद वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए भी एक गंभीर चुनौती है। इसका सामना करने के लिए मानवता में विश्वास रखने वाली ताकतों को मिलकर काम करना होगा।”
अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने “तूफान यागी” से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना भी व्यक्त की। यागी एक विनाशकारी उष्णकटिबंधीय चक्रवात था, जिसने इस वर्ष सितंबर में दक्षिण पूर्व एशिया और दक्षिण चीन को प्रभावित किया था। मोदी ने कहा, “इस कठिन समय में हमने ऑपरेशन सद्भाव के जरिये मानवीय सहायता प्रदान की है।”
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने हमेशा आसियान (दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों का संगठन) की एकता और प्रमुखता का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि आसियान भारत के हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण और क्वाड सहयोग के केन्द्र में भी है। उन्होंने कहा, “भारत की ‘हिंद-प्रशांत महासागर पहल’ और ‘हिंद-प्रशांत पर आसियान के दृष्टिकोण’ के बीच गहरी समानताएं हैं।”
मोदी ने कहा, “हम म्यांमार की स्थिति के प्रति आसियान के दृष्टिकोण का समर्थन करते हैं। हम पांच सूत्री सहमति का भी समर्थन करते हैं। साथ ही, हमारा मानना है कि वहां मानवीय सहायता को बनाए रखना महत्वपूर्ण है।” उन्होंने वहां लोकतंत्र की बहाली के लिए उचित कदम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “हमारा मानना है कि इसके लिए म्यांमा को शामिल किया जाना चाहिए, अलग-थलग नहीं किया जाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश के रूप में भारत अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा। मोदी ने कहा कि पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।

नोएल टाटा बने टाटा ट्रस्ट्स के नए चेयरमैन, रतन टाटा के बाद मिली बड़ी जिम्मेदारी

11-Oct-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  नोएल टाटा को टाटा ट्रस्ट का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। टाटा ट्रस्ट की शुक्रवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया है। यह बात एक रिपोर्ट में कही गई है। नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। टाटा ट्रस्ट की शुक्रवार को दो मीटिंग्स हुईं। एक बैठक रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए और दूसरी मीटिंग नए चेयरमैन की नियुक्ति के लिए हुई। बता दें कि रतन टाटा का देहांत बुधवार को देर रात मुंबई में हुआ। उनका अंतिम संस्कार कल यानी गुरुवार को हुआ।
टाटा संस में है 66% हिस्सा
इस नियुक्ति के साथ ही नोएल टाटा, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के 11वें और सर रतन टाटा ट्रस्ट के छठवें चेयरमैन बन गए हैं। नोएल टाटा, नवल एच. टाटा और सिमोन एन. टाटा के बेटे हैं। नोएल टाटा पहले से ही सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी थे। टाटा ट्रस्ट की टाटा संस में 66 पर्सेंट हिस्सेदारी है। टाटा संस, डायवर्सिफाइड टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी है।
चर्चा में थे कई नाम
नोएल के अलावा मेहली मिस्त्री का नाम भी टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन के तौर पर चल रहा था। मेहली मिस्त्री को रतन टाटा का करीबी व्यक्ति माना जाता था। वो साल 2000 से ही टाटा ट्रस्ट में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। बता दें, मेहली मिस्त्री फिलहाल टाटा के दोनों प्रमुख ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं। उन्हें अक्टूबर 2022 में शामिल किया गया था।
नोएल टाटा पिछले 40 सालों से टाटा ग्रुप का हिस्सा हैं। उनके पास ट्रेंट जैसी कई बड़ी कंपनियों की कमान रही है। इस समय भी वो टाटा ग्रुप की कई कंपनियों के बोर्ड के सदस्य हैं। बता दें, वो मौजूदा समय में टाटा स्टील और टाइटन कंपनी लिमिटेड के वाइस चैयरमैन हैं।
टाटा संस में 65.90 प्रतिशत हिस्सेदारी टाटा ट्रस्ट्स की है। जबकि 12.87 प्रतिशत हिस्सेदारी आधा दर्जन टाटा ग्रुप की कंपनियों का है। वहीं, 18.40 प्रतिशत हिस्सेदारी मिस्त्री परिवार की है।

हरियाणा में हार के बाद एक्शन में कांग्रेस अध्यक्ष, मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुलाई समीक्षा बैठक

10-Oct-2024
नई दिल्ली।( शोर संदेश )  हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार को लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'हार की समीक्षा' बैठक बुलाई है। इस बैठक में राहुल गांधी के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और प्रदेश अध्यक्ष उदय भान सिंह को भी बुलाया गया है। इनके अलावा रणदीप सिंह सुरजेवाला और हरियाणा कांग्रेस के सभी बड़े नेता बैठक में शामिल हैं। यह बैठक सुबह 11 बजे से जारी है। 
हरियाणा में बीजेपी को 48 तो कांग्रेस को मिलीं 37 सीटें
हरियाणा में भाजपा ने पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में तीसरी बार वापसी की है। विधानसभा चुनाव के नतीजों के अनुसार बीजेपी की झोली में 48 सीटें वहीं कांग्रेस को 37 सीटें ही नसीब हुई हैं। वहीं, दो सीट आईएनएलडी इंडियन नेशनल लोक दल के खाते में गई जबकि तीन सीटें निर्दलीय की झोली में आई।
बता दें कि कांग्रेस ने हरियाणा के चुनाव रिजल्ट को अप्रत्याशित बताया है। इसको लेकर कांग्रेस ने चुनाव के सामने अपने शिकायतें भी दर्ज कराई है। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने चुनाव में धांधली का भी आरोप लगाया है। हरियाणा में कांग्रेस को 37 सीटें मिली हैं जबकि बीजेपी 48 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।
सूत्रों के अनुसार कहा जा रहा है कि कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाईयां, टिकट बंटवारें और कांग्रेस की बड़ी नेता कुमारी सैलजा का चुनाव से कुछ दिनों पहले नाराज रहने जैसी स्थितियों के कारण कांग्रेस का सत्ता में वापसी करना मुश्किल रहा।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account