ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

मध्य प्रदेश कैबिनेट ने यूसीसी विधेयक को दी मंजूरी

19-Jul-2026
नई दिल्ली।(शोर संदेश)  मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल ने रविवार को राजधानी भोपाल से बाहर जगदीशपुर में हुई बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में फैसले की जानकारी दी।
सीएम मोहन यादव ने बताया कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) 2026 के विधेयक का अनुमोदन कैबिनेट के माध्यम से हुआ है। राज्य में हमारे लिए ‘क्या राम, क्या रहीम’ सभी को बराबरी का अवसर मिलेगा। यह कानून उस दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि बिल का मसौदा तैयार करने से पहले सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई थी, जिसने राज्य के सभी जिलों और डिवीजनों में लोगों से बातचीत की। राज्य-स्तरीय चर्चाओं में अलग-अलग धर्मों के राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को भी शामिल किया गया था।
यादव ने बताया कि आम आदमी पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी जैसे दलों ने बातचीत में हिस्सा लिया, लेकिन कांग्रेस पार्टी दूर रही। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की इस अनिच्छा की आलोचना करते हुए कहा कि यह पार्टी हमेशा से ‘एक राष्ट्र, एक कानून, एक नेता’ के विचार को लेकर उलझन में रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि ड्राफ्ट विधेयक पर चर्चाओं के दौरान मुस्लिम समुदाय में यूसीसी को लेकर जबरदस्त समर्थन है। उन्होंने बताया कि लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं और 40 प्रतिशत पुरुष एक समान कानून लागू करने के पक्ष में थे। उन्होंने कहा, “कई लोगों ने खुलकर कहा कि ऐसा कानून हमारी माताओं और बहनों की जिंदगी की रक्षा करेगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के सिद्धांत पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यूसीसी भारतीय संस्कृति के मूल भाव को दर्शाता है, जिसने हमेशा समानता, एकता और सद्भाव को बनाए रखा है।
बहरहाल, कैबिनेट की मंजूरी के बाद यूसीसी विधेयक को मध्य प्रदेश विधानसभा में पेश किया जाएगा, जो मध्य प्रदेश में कानूनी एकरूपता और सामाजिक न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होगा।

पीएम मोदी ने अहमदाबाद में हुए हादसे के कारण हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया, अनुग्रह राशि की घोषणा

19-Jul-2026
नई दिल्ली।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे के कारण हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।
पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।”
वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर कहा कि अहमदाबाद की एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे की खबर बेहद दुखद है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि इस त्रासदी में जान गंवाने वालों की आत्मा को शांति मिले। मैं उनके परिवार वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को हर ज़रूरी मदद और इलाज मुहैया कराया जा रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में घायल हुए नागरिक जल्द स्वस्थ हों।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
शनिवार को अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में रामोल-गतराड मार्ग पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई थी। हादसे में कुछ लोगों मौत की हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम रेखा गुप्ता को जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं, कहा- ‘दिल्ली के विकास में उनके प्रयास सराहनीय’

19-Jul-2026
नई दिल्ली।  (शोर संदेश) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जम्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने दिल्ली के विकास को बढ़ावा देने और लोगों के लिए जीवन को आसान बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रयासों की भी सराहना की।
पीएम मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं। दिल्ली के विकास को बढ़ावा देने और लोगों के लिए ‘जीवन को आसान बनाने’ की दिशा में उनके प्रयास सराहनीय हैं। उनके लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह दिल्ली के नागरिकों के विकास और कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही हैं। वे इसी तरह लोगों की सेवा और दिल्ली की प्रगति में अपना योगदान देती रहें। उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबी उम्र की कामना करता हूं।”
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए पोस्ट में लिखा, “मोदी जी के नेतृत्व में आप दिल्ली को सुंदर, स्वच्छ और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ा रही हैं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।”
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति आपकी प्रतिबद्धता दिल्ली के सर्वांगीण विकास को नई दिशा दे रही है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।”
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने ‘एक्स’ पर लिखा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के संकल्प को साकार करने की दिशा में आपके प्रयास निरंतर गति प्राप्त करें। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।”

पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, जींद से रवाना हुई भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन

17-Jul-2026
नई दिल्ली। (शोर संदेश) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार सुबह हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के रूट पर चलेगी। इस ऐतिहासिक मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे। हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्टेशन पर उपस्थित लोगों और स्कूली छात्र-छात्राओं का अभिनंदन किया।
ट्रेन के पहले सफर पर स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लिए बेहद उत्साहित नजर आए। बच्चों ने ग्रीन ट्रांसपोर्ट का यह अनुभव बेहद यादगार बताया।
हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी जींद के एकलव्य स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और कुछ को राष्ट्र को समर्पित किया।
मुख्य परियोजनाएं:
– दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे (पैकेज 1-5): 157.92 किमी लंबा, 4-लेन एक्सप्रेसवे (9,680 करोड़ रुपये)
– दिल्ली-कटरा यात्रा समय: 14 घंटे से घटकर 6 घंटे
– दिल्ली-अमृतसर यात्रा समय: 8 घंटे से घटकर 4 घंटे
– अंबाला-काला अंब राजमार्ग: 33.81 किमी, 4-लेन (NH-7 और NH-344)
– जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड राजमार्ग: 40.60 किमी (NH-352A)
– हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड राजमार्ग की आधारशिला
इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री का साफा पहनाकर और उपहार भेंट कर स्वागत किया।देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का आज का यह लॉन्च स्वच्छ ऊर्जा, आत्मनिर्भर भारत और ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

 

 


NCR में गर्मी और उमस का येलो अलर्ट, 18 जुलाई से बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना

17-Jul-2026
नई दिल्ली। (शोर संदेश) दिल्ली और आस-पास के लोगों को शुक्रवार 17 जुलाई को भी भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने दोपहर के समय गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी दी है। हालांकि राहत की बात यह है कि 18 जुलाई से मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कई दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 70 से 50 प्रतिशत के बीच रह सकती है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। विभाग ने विशेष रूप से दोपहर के समय हॉट एंड ह्यूमिड परिस्थितियों के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 जुलाई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 70 से 55 प्रतिशत के बीच रहेगी। पूर्वानुमान में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
इसके बाद 19 जुलाई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 75 से 60 प्रतिशत के बीच रह सकती है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। हालांकि, विभाग ने इस दिन के लिए किसी विशेष चेतावनी की आवश्यकता नहीं बताई है।
20 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। 21 जुलाई को तापमान और नीचे आकर 33/25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि आर्द्रता 90 से 70 प्रतिशत के बीच रह सकती है। इसी तरह 22 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में लगातार होने वाली बारिश और तेज हवाओं के कारण एनसीआर में पिछले कई दिनों से बनी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिलेगी।





 

 


पहली हाइड्रोजन ट्रेन पर सफर कर रहे छात्रों में उत्साह, कहा- ‘भारत की पहली प्रदूषणमुक्त ट्रेन का सफर गर्व की बात

17-Jul-2026
नई दिल्ली। (शोर संदेश)भारत रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। पीएम मोदी हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन के दौरान ट्रेन को फूलों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यह अत्याधुनिक ट्रेन जींद–सोनीपत रेलखंड पर नियमित रूप से संचालित की जाएगी। 
हाइड्रोजन ट्रेन में बैठे एक छात्र ने कहा, “यह हाइड्रोजन ट्रेन प्रदूषण नहीं फैलाती है। इसे ‘नमो ग्रीन ट्रेन’ का नाम भी दिया गया है। हमारे लिए यह बहुत गर्व की बात है कि यह भारत की पहली प्रदूषण-मुक्त ट्रेन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हमारे बीच होंगे और हरी झंडी दिखाकर इसका उद्घाटन करेंगे। हमें इसमें पहली बार सफर करने पर गर्व महसूस हो रहा है। यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक पल और बहुत गर्व की बात है।” एक शिक्षक ने बात करते हुए कहा, “यह हमारे बच्चों के लिए सौभाग्य की बात है कि हमें इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने का मौका मिला।”
हाइड्रोजन ट्रेन के ट्रेन मैनेजर नितिन पारिख ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह हाइड्रोजन से चलने वाली दुनिया की सबसे लंबी ट्रेन है और सबसे ज्यादा प्रदूषण मुक्त ट्रेनों में से एक है। यह हाइड्रोजन से चलती है और इससे सिर्फ़ पानी निकलता है, किसी भी तरह का प्रदूषण नहीं होता। हमने इलेक्ट्रिक, डीज़ल और सीएनजी ट्रेनों के सफल ट्रायल पहले ही कर लिए हैं, लेकिन यह अपनी तरह की पहली हाइड्रोजन ट्रेन है जिसमें 10 कोच हैं।”
बता दें कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन भारत में ही डिजाइन, इंजीनियरिंग और एकीकृत की गई है। यह ट्रेन स्वदेशी तकनीक का उपयोग करके विकसित की गई है, जो उन्नत रेलवे इंजीनियरिंग में देश की बढ़ती क्षमताओं को दर्शाती है। इसके साथ ही, भारत उन चुनिंदा देशों के समूह में शामिल हो जाएगा जिनके पास हाइड्रोजन-चालित ट्रेनें परिचालन में हैं।
यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलती है, जो हाइड्रोजन को बिजली में परिवर्तित करके ट्रेन को आगे बढ़ाती है। इस प्रक्रिया में सिर्फ जल वाष्प उप-उत्पाद के रूप में उत्पन्न होता है, जिसके परिणामस्वरूप रेल संचालन के दौरान कार्बन उत्सर्जन शून्य होता है।
भारत की हाइड्रोजन ट्रेन में 10 कोच हैं। इस तरह यह अब तक विकसित की गई सबसे लंबी हाइड्रोजन-चालित यात्री ट्रेनों में से एक बन गई है। यह 3,200 एचपी प्रणोदन प्रणाली से संचालित है, जो इसे परिचालन में मौजूद सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन-चालित ट्रेनों में से एक है।









 

पीएम मोदी ने जींद में 14,700 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास, विकास की नई पटरी पर हरियाणा

17-Jul-2026
नई दिल्ली(शोर संदेश) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद में लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूरा हरियाणा अब विकास की नई पटरी पर चल पड़ा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जींद की जनता को ‘राम-राम’ करते हुए संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा, “मेरे लिए जींद आना पुरानी यादों का झरोखा खोलने जैसा है। जींद के घी और घेवर तो नहीं बदले, लेकिन जींद के तेवर बदल गए हैं। आज जींद भाजपा-एनडीए के सुशासन मॉडल की तस्वीर बन रहा है।”
पीएम मोदी के संबोधन के प्रमुख अंश:
– “आज जींद का हरियाणा का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। आज यहां से देश को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिली है।”
– “भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र आएगा, तो जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम आएगा।”
– स्वच्छता पर जोर देते हुए उन्होंने जींद और हरियाणा के लोगों की सराहना की और कहा कि अगर लोग तय कर लें तो जींद कभी गंदा नहीं हो सकता।
– दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे (157.92 किमी)
– अंबाला-काला अंब 4-लेन राजमार्ग (33.81 किमी)
– जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड राजमार्ग (40.60 किमी)
– हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे (24.27 किमी) – शिलान्यास
– कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक
– भिवानी में पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज
– नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुला राम अस्पताल
– कुरुक्षेत्र में सिख म्यूजियम – शिलान्यास
– प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबियां
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया था। डबल इंजन सरकार के मिशन को नई ऊर्जा देते हुए पीएम मोदी का यह दौरा हरियाणा के विकास में एक नया अध्याय जोड़ने वाला साबित होगा। 













 

जगन्नाथ रथयात्रा: पीएम मोदी ने पावन रथयात्रा पर दी शुभकामनाएं, कहा- भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी अभिव्यक्ति

16-Jul-2026
नई दिल्ली। (शोर संदेश) आज से विश्व प्रसिद्ध प्रभु जगन्नाथ जी पावन रथयात्रा की शुरुआत हो रही है। ऐसे में पीएम मोदी ने श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा के शुभारंभ पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे। उनकी दिव्य कृपा से सभी देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो। साथ ही, कहा कि यह रथयात्रा भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की एक अनूठी अभिव्यक्ति है।
पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पवित्र रथयात्रा के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की एक अनूठी अभिव्यक्ति है। रथयात्रा से जुड़ी परंपराओं ने भारत और दुनिया भर में कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। ये परंपराएं विनम्रता, सामूहिक भागीदारी और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक हैं।”
उन्होंने प्रार्थना की कि महाप्रभु जगन्नाथ सभी को उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद दें। वे हमें हमारे सभी प्रयासों के लिए शक्ति प्रदान करें और हमारे समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करें।
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा के पावन अवसर पर मेरी कामना है कि उनका आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। उनकी दिव्य कृपा से सभी देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो।” इस अवसर पर पीएम मोदी ने ‘संस्कृति सुभाषितम्’ भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, “देवदेव जगन्नाथ सुरासुरनमस्कृत। पुण्यश्लोकाव्ययानन्त परमात्मन्नमोऽस्तु ते।”
‘संस्कृति सुभाषितम्’ में कहा गया है, “देवताओं के भी देव और संपूर्ण जगत के स्वामी भगवान जगन्नाथ की देवताओं से लेकर समस्त प्राणी श्रद्धा पूर्वक उपासना करते हैं। उनका यश पवित्र और कल्याणकारी है। वे अविनाशी, अनंत और समस्त प्राणियों के हृदय में विराजमान परमात्मा हैं। ऐसे भगवान जगन्नाथ को बार-बार नमस्कार है।”
वहीं देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा के शुभारंभ पर सभी श्रद्धालुओं को बधाई और मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “श्री जगन्नाथ जी की कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। जय जगन्नाथ।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, “समस्त देशवासियों को श्री जगन्नाथ रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं। विश्वप्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा अटूट आस्था, विश्वास और भक्ति का प्रतीक है। यह पवित्र रथयात्रा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासतों को सहेजने और भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा को दर्शाती है। महाप्रभु जगन्नाथ, वीर बलभद्र व माता सुभद्रा से सभी की सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करता हूं।”
 

IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च, कैप्चा, पॉप-अप, चमकती ग्राफिक्स जैसे कई अनावश्यक चीजें हटाई

16-Jul-2026
नई दिल्ली।  (शोर संदेश) भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने अपनी नई टिकट बुकिंग वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। रेलवे मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि पिछले दो दशकों में यह वेबसाइट का पहला बड़ा बदलाव है। नई वेबसाइट फिलहाल बीटा वर्जन में उपलब्ध है। यात्री इसका उपयोग कर सकते हैं और अपने सुझाव दे सकते हैं। अंतिम वर्जन अगले कुछ हफ्तों में जारी किया जाएगा।
रेलवे मंत्रालय के अनुसार, नई वेबसाइट का बीटा वर्जन मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए होमपेज पर एक विशेष लिंक दिया गया है, जिसके माध्यम से यात्री नई वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं। यह पहल रेलवे की डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने और यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग अनुभव को बेहतर करने के उद्देश्य से की गई है।
मंत्रालय ने बताया कि वेबसाइट के नए डिजाइन को तैयार करने में मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के छात्रों के सुझावों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ बातचीत के दौरान छात्रों ने वेबसाइट को अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के लिए सुझाव दिए थे। इनमें से कई सुझावों को नई वेबसाइट में शामिल किया गया है।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पहली बार वर्ष 2002 में शुरू की गई थी। वर्तमान में इस प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना औसतन 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग की जाती है। नई वेबसाइट में साफ-सुथरा इंटरफेस, आसान नेविगेशन और सरल टिकट बुकिंग प्रक्रिया उपलब्ध कराई गई है।
नई वेबसाइट में कई ऐसे बदलाव किए गए हैं जिससे टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगी। इसमें अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप, चमकती ग्राफिक्स और अन्य बाधक तत्वों को हटा दिया गया है। इसके अलावा यात्रियों को अब सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी, जिससे वे आसानी से विभिन्न विकल्पों की तुलना कर सकेंगे। रेलवे मंत्रालय के अनुसार, टिकट बुकिंग प्रक्रिया में चेकआउट के चरणों की संख्या कम कर दी गई है। साथ ही पहले से सेव यात्रियों की जानकारी उपलब्ध रहने से बार-बार टिकट बुक करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
मंत्रालय ने कहा कि बीटा वर्जन लॉन्च करने का उद्देश्य यात्रियों से फीडबैक प्राप्त करना है। उपयोगकर्ताओं के सुझावों के आधार पर वेबसाइट में और सुधार किए जाएंगे। नई वेबसाइट को रेलवे के नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम से भी जोड़ा जाएगा, जिसे समानांतर रूप से अपग्रेड किया जा रहा है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार, उन्नत आरक्षण प्रणाली और नई आईआरसीटीसी वेबसाइट का पूर्ण संस्करण अगले कुछ हफ्तों में शुरू किए जाने की संभावना है।

जगन्नाथ रथयात्रा पर नेताओं ने दी शुभकामनाएं, ओम बिरला से लेकर जेपी नड्डा तक ने किया महाप्रभु को नमन

16-Jul-2026
नई दिल्ली। (शोर संदेश) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक श्लोक “नीलांचल निवासाय नित्याय परमात्मने। बलभद्र सुभद्राभ्याम् जगन्नाथाय ते नमः।।” साझा किया। उन्होंने आगे लिखा, “श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के पावन पर्व पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। महाप्रभु भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा भारतीय संस्कृति की उस शाश्वत चेतना का दिव्य उत्सव है, जहाँ आस्था, अध्यात्म और लोकमंगल का अनुपम संगम साकार होता है।”
ओम बिरला ने लिखा, “यह केवल श्रद्धा और भक्ति का महापर्व ही नहीं, बल्कि हमारी सनातन सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत प्रतीक भी है, जो युगों से जन-जन में विश्वास, समरसता, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करता आया है। भगवान श्री जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र एवं माता सुभद्रा की यह पावन यात्रा केवल देवविग्रहों का नगर-भ्रमण नहीं, बल्कि लोक-आस्था की गहराइयों से निकलकर राष्ट्र की आत्मा को स्पर्श करने वाला दिव्य लोकमंगल अभियान है।”
लोकसभा अध्यक्ष ने आगे लिखा, “यह महान परंपरा हमें स्मरण कराती है कि जीवन का सार निरंतर गतिशील रहते हुए धर्म, कर्तव्य, विनम्रता और समर्पण के पथ पर आगे बढ़ने में निहित है तथा समाज और राष्ट्र के व्यापक कल्याण के लिए स्वयं को समर्पित करना ही सच्ची साधना है। इस शुभ अवसर पर महाप्रभु श्री जगन्नाथ के श्रीचरणों में नमन करते हुए राष्ट्र की समृद्धि, समाज की सद्भावपूर्ण एकता तथा प्रत्येक नागरिक के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना करता हूं। जय जगन्नाथ!”
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा महोत्सव के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा की प्रतीक यह पावन रथयात्रा सेवा, समर्पण और एकता का संदेश लेकर आती है। आस्था, श्रद्धा और भक्ति से भरी यह यात्रा देशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य और आरोग्य लेकर आये, महाप्रभु से यही प्रार्थना है। जय जगन्नाथ!”
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा के शुभारंभ की सभी देशवासियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी, भगवान बलभद्र और देवी मां सुभद्रा की कृपा सभी पर अनवरत बरसती रहे, हर घर-आंगन धन-धान्य से भरा रहे, सबके जीवन में अपार सुख, समृद्धि और आनंद हो, सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हो; यही प्रार्थना है। जय जगन्नाथ।”
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिव्य उत्सव हमारी सनातन आस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोककल्याण की भावना का प्रतीक है। महाप्रभु श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।”
 

 



Feedback/Enquiry



Log In Your Account