ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

जम्मू-कश्मीर की झेलम नदी में नाव पलटने से चार की मौत और तीन लोग घायल

16-Apr-2024
श्रीनगर ( शोर सन्देश ) । जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले में झेलम नदी में मंगलवार को एक नाव पलटने से चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए. पिछले कुछ दिनों में क्षेत्र में भारी बारिश के कारण झेलम नदी का जल स्तर बढ़ गया है. अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंडबल में सात लोगों को ले जा रही एक नाव झेलम नदी में पलट गई. अधिकारियों ने कहा, ‘एसडीआरएफ, पुलिस और लोगों ने तुरंत बचाव अभियान चलाया. इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन को इलाज के लिए श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल भेजा गया है.’ 
अधिकारियों ने कहा, ‘पीडि़तों के शव बरामद कर लिए गए हैं और चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.’ अस्पताल के डॉक्टरों ने पुष्टि की कि घायल व्यक्तियों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. भारी बारिश के कारण झेलम नदी का जल स्तर काफी ऊपर है, सोमवार को बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया. जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने बताया, ‘किश्तवारी पथेर में भारी भूस्खलन के कारण एनएच-44 अवरुद्ध हो गया है. इस क्षेत्र में लोगों को यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है.’
 

भ्रामक विज्ञापन मामले में रामदेव को नहीं मिली माफी, 23 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट में फिर पेशी

16-Apr-2024
नई दिल्ली  ( शोर सन्देश ) । भ्रामक विज्ञापन मामले पर पतंजलि आयुर्वेद के खिलाफ अवमानना पर सप्रीम कोर्ट में योगगुरु बाबा रामदेव को आज भी माफी नहीं मिली. उनको 23 अप्रैल को अदालत में फिर से पेश होना होगा. सुप्रीम कोर्ट ने रामदेव को एक हफ्ते का और समय दिया है. योगगुरु रामदेव और उनके सहयोगी बालकृष्ण आज सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे. यह मामला भ्रामक विज्ञापनों और कोरोना के इलाज के दावों के संबंध में पतंजलि आयुर्वेद के खिलाफ अवमानन से जुड़ा है. जस्टिस हिमा कोहली ने रामदेव से पूछा कि जो कुछ आपने किया है, क्या उसके लिए आपको माफी दें. इस पर रामदेव ने कहा कि मैं इतना कहना चाहूंगा कि जो भी हमसे भूल हुई उसके लिए हमने बिना शर्त माफी मांगी है. जिस पर अदालत ने कहा कि लेकिन आपने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और विज्ञापन भी दिए.  अदालत ने रामदेव से कहा कि हमने आपको अभी माफी नहीं दी है. हम इसके बारे में सोचेंगे. आपका इतिहास इसी तरह का है. कंपनी इतने करोड़ की हो तो ऐसा नहीं करते. जिस पर रामदेव ने कहा कि अब पुनरावृत्ति नहीं होगी. इस पर अदालत ने कहा कि अभी हमने मन नहीं बनाया कि आपको माफ करें कि नही. आपने एक नहीं बल्कि तीन बार उल्लंघन किया है. रामदेव ने कहा कि हम इसको नहीं दोहराएंगे.  अदालत ने कहा कि आपने क्या सोचा कि कोर्ट के आदेश के बावजूद आपने एडवरटाइजिंग छापा और भाषण दिया महर्षि चरक के समय से आयुर्वेद चल रहा है. 
अपनी पद्धति के लिए दूसरे की पद्दति को रद्द करने की बात क्यों कही. इस पर रामदेव ने कहा कि हमारी एसी कोई मंशा नहीं है. हमने 5000 से ज्यादा रिसर्च किए. आयुर्वेद में हमने मेडिसिन के स्तर पर रिसर्च की है. इस पर जज ने कहा कि  हम आपके रवैए की बात कर रहे हैं. आपको इसलिए बुलाया है कि आपने हमारे आदेश की अवहेलना की है और आपने दूसरी दवा को खराब बताया. लाइलाज बीमीरियों की दवा की पब्लिसिटी वर्जित है. जिस पर रामदेव ने कहा कि हमें ये नहीं कहना चाहिए था, आगे से ध्यान रखेंगे. कोर्ट ने कहा कि आपने गैर जिम्मेदाराना हरकत की है 
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने रामदेव से पूछा कि क्या मामले में कुछ अतिरिक्त दाखिल किया गया,आपने कहा था कि कुछ और भी दाखिल करना चाहते हैं. इस पर रामदेव के वकील ने कहा कि अभी कुछ फाइल नहीं किया है, लेकिन हम सार्वजनिक माफी मांगना चाहते हैं. हमने कहा था कि हमारे पास मेडिसिन का विकल्प है.  कोर्ट ने दोनों को आगे बुलाया और कहा कि वह रामदेव से सवाल करना चाहते है. जस्टिस हिमा कोहली ने कहा कि हम दोनों से समझना चाहते हैं कि आपकी बहुत गरिमा है.आपने योग के लिए बहुत कुछ किया है. योग के साथ- साथ आपने बहुत कुछ शुरू किया है. ये आप भी जानते हैं हम भी जानते हैं कि आपने जो शुरू किया है वो कारोबार है. सुप्रीम कोर्ट ने रामदेव से कहा कि योग के लिए जो आपने किया है उसका सम्मान करते हैं. नेटवर्क प्रॉब्लम है ये मत समझिएगा कि ये हमारी तरफ से सेंपरशिप है.

बोले पीएम- 25 करोड़ देशवासियों को आपके इस सेवक ने गरीबी से बाहर निकाला

16-Apr-2024
गया ( शोर सन्देश ) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी मंगलवार को बिहार के गया में एक चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि ये वो धरती है जिसने मगध का ऐश्वर्य देखा है, जिसने बिहार का वैभव देखा है. संयोग से आज जब मैं गया जी आया हूं, तो नवरात्रि भी है और आज ही सम्राट अशोक की जयंती भी है. सदियों बाद आज एक बार फिर भारत और बिहार अपने उस प्राचीन गौरव को लौटाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं. ये चुनाव विकसित भारत, विकसित बिहार के उसी संकल्प का चुनाव है. गया की धरती पर उमड़ा ये जनसैलाब, ये अपार जनसमर्थन साफ बता रहा है - फिर एक बार मोदी सरकार. अभी 2 दिन पहले बीजेपी ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसा पहली बार है, जब किसी पार्टी के संकल्प पत्र को गारंटी कार्ड बोला जा रहा है. क्योंकि 10 वर्षों में सबने देखा है कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की भी गारंटी. आपके आशीर्वाद से मुझे सेवा करने का अवसर मिला है. मोदी को देश के संविधान ने ये पद दिया है. डॉ. राजेंद्र बाबू और बाबा साहेब अंबेडकर का दिया हुआ ये संविधान न होता, तो कभी ऐसे पिछड़े परिवार में पैदा हुआ गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता था. हमारा देश विविधताओं से भरा हुआ है. हर प्रकार की मत-मान्यता और पथ सम्प्रदाय वाला देश है.
पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे में देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए, नियमों के अंतर्गत आगे बढाने के लिए एक ही पवित्र व्यवस्था हमारा संविधान है. संविधान निर्माताओं का सपना था कि भारत समृद्ध बने. लेकिन दशकों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस ने मौका गंवा दिया, देश का समय गंवा दिया. 25 करोड़ देशवासियों को आपके इस सेवक ने गरीबी से बाहर निकाला है. दशकों तक गरीबों को रोटी, मकान के सपनें दिखाए कांग्रेस और उनके साथियों ने. लेकिन, 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान दिए एनडीए सरकार ने.
पीएम मोदी ने कहा कि दलित, वंचित और पिछड़ों के नाम पर कांग्रेस और राजद ने सिर्फ अपना राजनीतिक स्वार्थ साधा. दलितों वंचितों और पिछड़ों को अधिकार और सम्मानपूर्ण जीवन हृष्ठ्र ने दिया है. अब अगले 5 वर्षों के लिए मोदी का गारंटी कार्ड अपडेट हो गया है. गरीबों के लिए 3 करोड़ पक्के घर बनाए जाएंगे, ये मोदी की गारंटी है. गरीबों को अगले 5 साल तक मुफ्त राशन मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है. 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है. किसान सम्मान निधि आगे भी जारी रहेगी, ये मोदी की गारंटी है. 
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 10 साल में देश में एक ऐसी क्रांति आई है, जिसकी उतनी चर्चा नहीं होती. ये क्रांति देश के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा की गई है. पिछले 10 साल में 10 करोड़ महिलाएं स्॥त्रह्य से जुड़ी हैं, बिहार में ही सवा करोड़ बहनें इन समूहों से जुड़ी हैं. जब कांग्रेस की सरकार थी, तो महिला स्वयं सहायता समूहों को 150 करोड़ रुपये से भी कम मदद दी जाती थी. हृष्ठ्र सरकार के 10 साल में इन्हीं महिला समूहों को 40 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा दिए गए हैं.

बसपा ने 11 सीटों पर किया उम्मीदवार का ऐलान, मैनपुरी में बदला कैंडिडेट, वाराणसी में मुस्लिम प्रत्याशी

16-Apr-2024
लखनऊ। ( शोर सन्देश )  लोकसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने मैनपुरी में अपना उम्मीदवार बदल दिया है. वहीं वाराणसी में मुस्लिम प्रत्याशी को मौका दिया है. इसके अलावा बसपा ने जौनपुर से धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह को प्रत्याशी बनाया है. मैनपुरी में बसपा ने अब शिव प्रसाद यादव को कैंडिडेट बनाया है. वहीं बदायूं में मुस्लिम खां, बरेली में छोटे लाल गंगवार, सुल्तानपुर में उदराज वर्मा, फर्रुखाबाद में क्रांति पांडेय, बांदा में मयंक द्विवेदी, डुमरियागंज में ख्वाजा समसुद्दीन, बलिया में लल्लन सिंह यादव, गाजीपुर से उमेश कुमार सिंह और वाराणसी से अतहर जमाल लारी को कैंडिडेट बनाया है. बसपा ने मैनपुरी से गुलशन शाक्य का टिकट बदला है. उनकी जगह शिव प्रसाद यादव को उतारा है. बसपा ने एक ओर जहां मैनपुरी में यादव प्रत्याशी दिया है तो वहीं बदायूं में मुस्लिम. ऐसे में मायावती ने सपा परिवार की मुश्किल बढ़ायी. बीएसपी ने अब पीएम नरेंद्र मोदी की सीट वाराणसी से मुस्लिम चेहरे के तौर पर अतहर जमाल लारी उम्मीदवार बनाया है.
इन दिग्गजों की सीट पर उतारे उम्मीदवार
बीएसपी ने सपा मुखिया अखिलेश की पत्नी और मैनपुरी से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के खिलाफ प्रत्याशी बदल दिया है. गुलशन देव शाक्य का टिकट काटकर शिव प्रसाद यादव को चुनाव मैदान में उतारा है. बलिया से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व पीएम चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर के सामने लल्लन सिंह यादव को टिकट दिया है.
गाजीपुर से डॉ. उमेश कुमार सिंह को सपा उम्मीदवार अफजाल अंसारी और भाजपा ने पारसनाथ राय के खिलाफ मैदान में उतारा है. डुमरियागंज से भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल के सामने ख्वाजा शमसुद्दीन को टिकट दिया है. सुल्तानपुर से बीजेपी सांसद मेनका गांधी को बीएसपी के टिकट पर उदराज वर्मा चुनौती देंगे. जबकि बदायूं से शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव के खिलाफ मुस्लिम खां पर दांव खेला है, यहां बीजेपी ने दुर्विजय सिंह शाक्य को टिकट दिया है.

ट्रक से टकराकर आग का गोला बनी कार, 7 लोग जिंदा जले

15-Apr-2024
मेरठ। ( शोर सन्देश ) हार्दिक बिंदल और परिवार को खबर नहीं थी कि ये सफर उनका आखिरी सफर होगा। रूई से भरे ट्रक से कार टकराने के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और हार्दिक बिंदल, उनका पूरा परिवार खत्म हो गया। हार्दिक बिंदल भाजपा के पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के साले महेश बिंदल के बेटे थे। पूरा परिवार और दो रिश्तेदार कार से धार्मिक यात्रा पर निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसा सभी को लील गया। पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के साले महेश बिंदल का परिवार शिवशंकर पुरी में रहता है। महेश बिंदल की पूर्व में मृत्यु हो चुकी थी, परिवार में पत्नी मंजू, बेटा हार्दिक, पुत्रवधू स्वाति और दो पोतियां थी। 
हार्दिक का शारदा रोड पर देसी तड़का नाम से रेस्टोरेंट था और वह कपड़े का व्यापार करते थे। हार्दिक शनिवार दोपहर मां, पत्नी और बच्चों समेत मौसी नीलम गोयल और उनके बेटे आशुतोष गोयल के साथ कार से राजस्थान में जींद माता मंदिर पहुंचे थे। यहां से सभी सालासर धाम पहुंचे और वहीं रुके थे। रविवार को परिवार सीकर के फतेहपुर होते हुए हिसार की ओर जा रहा था, इसी दौरान हादसा हुआ। किसी को नहीं पता था कि यह आखिरी यात्रा होगी। इस हादसे में हार्दिक और उनका पूरा परिवार खत्म हो गया।
सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के बाद ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित शिवशंकरपुरी में सन्नाटा पसर गया। मौत की सूचना के बाद सभी लोग घटना की जानकारी करने के लिए हार्दिक बिंदल के घर पहुंचे। हादसे का शिकार हुए आशुतोष गोयल निवासी साईपुरम की खंदक बाजार में आशुतोष खादी भंडार नाम से दुकान है।
हादसे की जानकारी पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल को लगी तो वह हार्दिक के घर पहुंच गए। पूर्व विधायक के बेटे सुनील अग्रवाल तुरंत ही राजस्थान के लिए रवाना हो गए। देरशाम वह सीकर पहुंच गए और वहां पुलिस से घटनाक्रम को लेकर जानकारी ली।
कार में आग लगने से सभी सात लोग जिंदा जल गए। उनकी पहचान का कोई सामान नहीं मिला। इसके बाद शवों को कार से निकालकर राजकीय धनुका उपजिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया। यहां पुलिस ने एक मृतक के मोबाइल का सिम कार्ड निकाल कर उसे दूसरे मोबाइल में डाला। इस नंबर पर आई कॉल से मृतकों की शिनाख्त हो सकी।
पुलिस उपाधीक्षक (फतेहपुर सर्किल) रामप्रताप बिश्नोई और फतेहपुर थाना प्रभारी सुभाष बिजारणिया ने हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि की है। फतेहपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की आशीर्वाद पुलिया के पास कार, ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
 

दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में अगले 2 से 3 दिनों तक होगी भारी बारिश, IMD ने जताई आशंका

15-Apr-2024
नई दिल्ली। ( शोर सन्देश )   देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौरा चल रहा है। इसे लेकर IMD ने पहले भी अलर्ट जारी किया था। वहीं, आज भी आईएमडी ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर आशंका जताई है। मौसम विभाग के मानें को उत्तर पश्चिम भारत में चल रही बारिश का दौरा अगले 24 से 48 घंटों तक के दौरान जारी रहेगा। इससे राहत कल यानी 16 अप्रैल को मिल सकती है। 
मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटों तक पश्चिमोत्तर भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि ललितपुर और झांसी जिले में ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई जा रही है। 
साथ ही राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मध्यम से तीव्र गति के तूफान देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने बताया कि बीते दिन राजस्थान में बिजली गिरी जिसकी वजह से गंगा नगर में एक पेड़ धाराशाही हो गया।
इसके अलावा, मौसम विभाग ने कहा कि अगले 2 से 3 दिनों तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर में भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़ में भी हल्की बारिश के आसार बन सकते हैं। साथ ही अगले 24 घंटे दिनों तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
 

रोड शो के दौरान आंध्र प्रदेश के CM जगन मोहन रेड्डी पर पथराव, माथे पर लगी चोट

14-Apr-2024
नई दिल्ली।  ( शोर सन्देश )  आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी पर पथराव हो गया. विजयवाड़ा में "मेमंथा सिद्धम" बस यात्रा के दौरान सीएम पर पथराव हुआ. ये हमला तब हुआ जब वह लोगों का अभिवादन कर रहे थे. इस दौरान पत्थर लगने से सीएम जगन की बायीं भौंह पर चोट लग गई. इसी के साथ सीएम जगन के बगल में खड़े विधायक वेल्लमपल्ली की बायीं आंख में चोट लगी है. बस में सीएम जगन को डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया. प्राथमिक उपचार के बाद सीएम जगन अपनी बस यात्रा जारी रखी. 
इसके बाद सीएम जगन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी चोट की जांच की और घाव पर टांके लगाने से पहले एनेस्थीसिया दिया. मुख्यमंत्री के घायल होने पर अस्पताल के कर्मचारी उनसे मिलने पहुंचे और उनका हालचाल पूछा. डॉक्टरों ने सीएम को थोड़ा आराम करने की सलाह दी है. इलाज के बाद सीएम जगन केसरपल्ले प्रवास स्थल के लिए रवाना हुए. वहीं, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने कल बस यात्रा पर रोक लगाने की घोषणा की है. पार्टी ने कहा कि वह अगला कार्यक्रम रविवार को जारी करेगी.
विजयवाड़ा के सिंहनगर में सीएम जगन रोड शो कर रहे थे. वह यहां "मेमंथा सिद्धम" बस यात्रा  के लिए पहुंचे थे और बस पर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे. काफिला विवेकानंद स्कूल सेंटर पर था और यहीं सीएम जगन पर पथराव हो गया. इस दौरान एक पत्थर उनके सिर में भौंह के ऊपर आ लगा. इससे उन्हें चोट लगी है और खून निकलने लगा. इसके बाद तुरंत ही उन्हें बस में प्राथमिक उपचार दिया गया. सीएम ने प्राथमिक उपचार के बाद फिर लोगों का अभिवादन लिया और बस यात्रा जारी रखी. 
पथराव के दौरान सीएम जगन के ठीक बगल में खड़े विधायक वेल्लमपल्ली की बायीं आंख में चोटिल हो गई. उन्होंने भी तुरंत इलाज मुहैया कराया गया. उधर वाईएसआरसीपी के नेताओं ने इस हमले को लेकर TDP पर आरोप लगाए हैं.
सीएम जगन मोहन पर पथराव की खबर सामने आने के बाद पीएम मोदी ने भी X पर पोस्ट कर उनके जल्द ही स्वस्थ होने की कामना की. पीएम ने लिखा कि, 'मैं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं.
 

गोवा में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, बिहार के दो मजदूरों को पुलिस ने पकड़ा

14-Apr-2024
पणजी।  ( शोर सन्देश )  गोवा में पांच वर्ष की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के रहने वाले दो मजदूरों को गिरफ्तार किया है। बच्ची का शव दक्षिण गोवा के वास्को शहर में एक निर्माण स्थल के पास मिला है।
पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) सुनीता सावंत ने कहा कि आरोपित मुरारी कुमार पेंटर और उपनेश कुमार लड़की के माता-पिता के साथ निर्माण स्थल पर काम करते थे। उन्होंने बताया कि बच्ची शुक्रवार सुबह घटनास्थल के पास बेहोश मिली थी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने निर्माण स्थल पर काम करने वाले 20 मजदूरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पूछताछ में आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों आरोपित एक साल पहले काम करने के लिए गोवा आए थे।
 

UCC लागू करने से लेकर गरीबों को पांच साल तक मुफ्त राशन दिए जाने का वादा, जानें बीजेपी के मेनिफेस्टो के बड़े ऐलान

14-Apr-2024
नई दिल्ली।  ( शोर सन्देश )  भाजपा ने आज सुबह लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में भाजपा का घोषणापत्र जारी किया गया। बता दें, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 27 वरिष्ठ नेताओं की एक समिति ने घोषणापत्र तैयार किया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस समिति की संयोजक हैं। 
पीएम मोदी ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा, 'भाजपा ने घोषणा पत्र की सुचिता को फिर स्थापित किया है। ये संकल्प पत्र विकसित भारत के चार मजबूत स्तंभ - युवाशक्ति, नारीशक्ति, गरीब और किसान, इन सभी को सशक्त करता है। हमारा फोकस नौकरी पर है।'
जानते हैं भाजपा के घोषणापत्र की बड़ी बातें- 
- मुफ्त राशन की योजना आने वाले पांच साल तक जारी रहेगी।
- हर महीने मुफ्त बिजली उपलब्ध कराएंगे
- पर्यावरण अनुकूल शहरों का विकास करेंगे
- तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का वादा।
- महिला SHG को सर्विस क्षेत्र से जोड़ेंगे।
- कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल का निर्माण करेंगे।
- पेपर लीक नियंत्रण के लिए कानून लागू करेंगे
- 70 साल से ज्यादा के सभी बुजुर्गों को आयुष्मान योजना में लाने का वादा।
- सब्जी उत्पादन और स्टोरेज के लिए नए क्लस्टर बनाएंगे।
- 80 करोड़ परिवारों को पांच और साल मुफ्त राशन स्कीम का फायदा।
- आयुष्मान योजना के दायरे में ट्रांसजेडर भी होंगे।
- हर घर नल से जल योजना का विस्तार।
- सरकार की उज्ज्वला योजना जारी रहेगी।
- राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन की समीक्षा।
- एमएसपी में बढ़ोतरी जारी रहेगी।
- हर गरीब को पक्का घर देने की योजना जारी रहेगी।
- स्वनिधि योजना का गांवों तक विस्तार होगा।
- सभी को स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।
- सीमापार घुसपैठ पर नकेल।
- मछुआरों के लिए बीमा योजना।
- समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी।
- वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार होगा। इसके तहत वंदे भारत के तीन मॉडल- वंदे भारत स्लीपर, वंदे भारत चेयरकार और वंदे भारत मेट्रो, दौड़ेंगे। 
- मुद्रा योजना के तहत 20 लाख रुपये के लोन दिए जाएंगे। 
- पाइप से सस्ती रसोई गैस घर-घर पहुंचाने के लिए तेजी से काम करेंगे।

चंडीगढ़ से मनीष तिवारी, मंडी से विक्रमादित्य, कांग्रेस ने जारी की 16 उम्मीदवारों की लिस्ट

14-Apr-2024
नई दिल्ली। ( शोर सन्देश )  कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। उस लिस्ट में 16 प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है, इसमें चंडीगढ़ से मनीष तिवारी और मंडी से विक्रमादित्य सिंह को उतार दिया गया है। पार्टी ने सबसे ज्यादा ओडिशा से अपने प्रत्याशी उतारे हैं, हिमाचल से दो और गुजरात से भी चार उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है।
कांग्रेस ने चंडीगढ़ से मनीष तिवारी, गुजरात के मेहसाणा से रामजी ठाकुर,अहमदाबाद ईस्ट से हिम्मत सिंह पटेल, राजकोट से परेश भाई धनानी, नवसारी से नैशध देसाई, हिमाचल की मंडी से विक्रमादित्य सिंह, शिमला से विनोद सुल्तानपुरी, ओडिशा के क्योंझर से मोहन हेबराम, बालेश्वर से श्रीकांत कुमार जीना, भद्रक से आनंद प्रसाद सेठी, जजपुर से आंचल दास, धेनकनाल से सष्मिता बेहरा, जगतसिंहपुर से रविंद्र कुमार सेठी, पुरी से सुचारिता मोहंती, भुवनेश्वर से यासिर नवाज को मौका दिया गया है। कांग्रेस ने इसके अलावा गुजरात में होने वाले उपचुनाव को लेकर भी प्रत्याशियों का ऐलान किया है। विजापुर से दिनेशभाई तुलसीदास पटेल, पोरबंदर से राजू भाई भीमा भाई ओरेद्रा, मानवदर से हरि भाई गोविंद भाई कंसगरा, खमबात से महेंद्र सिंह हरि सिंह परमार और वघोडिया से कन्नू भाई को टिकट मिला है।
अब कांग्रेस की एक और लिस्ट तो आ गई है, लेकिन यूपी की अमेठी और रायबरेली सीट अभी भी सूनी पड़ी है। कांग्रेस के लिए इन दोनों ही सीटों पर अभी तक कोई चेहरा फाइनल नहीं हो पाया है। ऐसी खबरें जरूर हैं कि प्रियंका को रायबरेली से उतारा जा सकता है, लेकिन उसका भी ऐलान नहीं किया गया है। अमेठी में तो राहुल गांधी की तरफ से चुनाव लड़ने पर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही है, ये अलग बात है कि कांग्रेस के ही नेता उन्हें मनाने में लगे हैं।
कुछ दिन पहले प्रियंका गांधी के पति रोबर्ट वाड्रा ने भी अमेठी से चुनाव लडने पर दिलचस्पी जाहिर कर दी थी। तर्क दिया गया था अमेठी की जनता चाहती है कि वे वहां से चुनाव लड़ें। लेकिन कांग्रेस ने अभी तक उनकी दावेदारी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में सस्सपेंस कायम है।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account