ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

बेंगलुरु कैफे विस्फोट का पाकिस्तानी कनेक्शन! एनआईए को ऑनलाइन हैंडलर ‘कर्नल’ की तलाश

21-Apr-2024
नई दिल्ली  ( शोर सन्देश )  । पिछले महीने बेंगलुरु कैफे में हुए विस्फोट मामले में दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के एक हफ्ते बाद, भारतीय एजेंसियां पकड़ में न आने वाले इनके ऑनलाइन हैंडलर की पहचान करने की कोशिश कर रही हैं. जांच से जुड़े अफसरों ने बताया कि उस हैंडलर का कोडनेम ‘कर्नल’ है. अधिकारियों को संदेह है कि ‘कर्नल’ 2019-20 में आईएस अल-हिंद मॉड्यूल के साथ जुडऩे के बाद से कथित मुख्य प्लानर अब्दुल मथीन ताहा और कथित हमलावर मुसाविर हुसैन शाज़िब के संपर्क में था. ऐसा माना जा रहा है कि ‘कर्नल’ दक्षिण भारत में कई युवाओं को क्रिप्टो-वॉलेट के माध्यम से रुपये भेजता है. इसके अलावा वह धार्मिक संरचनाओं, हिंदू नेताओं और प्रमुख स्थानों पर हमले करने के लिए युवाओं को लगातार उकसाता भी है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के एक अधिकारी और इस केस की जांच टीम के सदस्य एक अफसर ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि हमने नवंबर 2022 में मंगलुरु ऑटो रिक्शा विस्फोट के बाद कर्नल नाम के हैंडलर के बारे में सुना था. वह मिडिल ईस्ट में कहीं से काम करता है. भारतीय जांच एजेंसियां इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह के छोटे मॉड्यूल बनाकर आतंकी गतिविधियों को पुनर्जीवित करने में पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई के साथ ‘कर्नल’ के सहयोग से इनकार नहीं कर रही हैं.
 

पीएम मोदी बोले- कांग्रेस ने ‘टेक सिटी’ को ‘टैंकर सिटी’ बनाया

21-Apr-2024
बेंगलुरु।  ( शोर सन्देश )   बेंगलुरु पिछले काफी हफ्ते से गंभीर जल संकट से जूझ रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला है. कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी ने ‘टेक सिटी’ ‘टैंकर सिटी’ में बदल दिया है. इस पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पलटवार करते हुए पूछा है कि जब कर्नाटक बाढ़ और सूखे से जूझ रहा था, तब प्रधानमंत्री कहां थे?
देशभर में हो रहे लोकसभा चुनाव में कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा. 26 अप्रैल को पहले चरण और 7 मई को दूसरे फेस के लिए मतदान होगा. वहीं, बेंगलुरु की सभी सीटों पर 26 अप्रैल को वोटिंग होगी. मतदान से कुछ दिन पहले शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह देश को आगे ले जाना चाहते हैं और कांग्रेस पर ‘निवेश विरोधी, उद्यमिता विरोधी, निजी क्षेत्र विरोधी, करदाता विरोधी, धन निर्माता विरोधी’ होने का आरोप लगाया.
पीएम मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि नादप्रभु केम्पेगोड़ा ने बेंगलुरु को एक शानदार शहर बनाने का सपना देखा था. लेकिन, कांग्रेस सरकार ने कुछ ही समय में यहां की हालत बिगाड़ दी. कांग्रेस ने टैक्स सिटी को टैंकर सिटी में बदलकर उसे वॉटर माफिया के हवाले कर दिया है. एग्रीकल्चर हो या शहरी इंफ्रास्टाचकर, हर जगह बजट को घटाया जा रहा है, कांग्रेस सरकार का ध्यान सिर्फ भ्रष्टाचार पर है. बेंगलुरु के लोगों की समस्या पर नहीं है. कर्नाटक में सिर्फ केंद्र सरकार के प्रोजेक्ट तेजी से चल रहे हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बेंगलुरु युवा शक्ति, युवा टैलेंट और टेक्नोलॉजी का पावर हाउस है. लेकिन, कांग्रेस और इंडी गठबंधन टेक्नोलॉजी के विरोधी हैं. आज पूरी दुनिया डिजिटल इंडिया की प्रशंसा कर रही है. भारत के फिनटेक की प्रशंसा कर रही है. कांग्रेस पार्टी ने आधार कार्ड का विरोध किया था. कांग्रेस ने जनधन खाता का विरोध किया था. कांग्रेस ने डिजिटल पेमेंट्स का मजाक उड़ाया था. कोरोना काल में बेंगलुरु की आईटी इंडस्ट्री ने पूरी दुनिया को इतना सपोर्ट किया. लेकिन, यही कांग्रेस है, जिसने कोरोना के दौरान कोविन प्लेटफॉर्म का विरोध किया. कांग्रेस ने मेड इन इंडिया कोरोना वैक्सीन को बदनाम किया.
उन्होंने कहा कि मोदी कहता है देश को ग्रीन एनर्जी हब, फार्मा हब, इलेक्ट्रॉनिक हब, सेमीकंडक्टर हब, ग्लोबल इनोवेशन हब बनाएंगे, ताकि भारत ग्लोबल इकोनॉमी का हब बने. लेकिन, कांग्रेस और इंडी गठबंधन कहती है ‘मोदी को हटाएंगे’. मोदी की गारंटी है 5जी के बाद 6जी लाएंगे, वे कहते हैं ‘मोदी को हटाएंगे’. मोदी की गारंटी है एआई लाएंगे, वे कहते हैं ‘मोदी को हटाएंगे’. मोदी की गारंटी है चंद्रयान के बाद गगनयान का गौरव दिलाएंगे, वे कहते हैं ‘मोदी को हटाएंगे’.

बाबा रामदेव को लगा बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने दिया योग शिविर के लिए सर्विस टैक्स चुकाने का आदेश

21-Apr-2024
नई दिल्ली  ( शोर सन्देश )  । बाबा रामदेव के पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा. कोर्ट ने अपीलीय न्यायाधिकरण के उस फैसले को बरकरार रखा जिसमें ट्रस्ट को योग शिविरों के आयोजन के लिए प्रवेश शुल्क लेने पर सेवा कर का भुगतान करने को कहा गया था. जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने सीमा शुल्क, उत्पाद शुल्क और सेवा कर अपीलीय न्यायाधिकरण (सीईएसटीएटी) की इलाहाबाद पीठ के पांच अक्टूबर, 2023 को आए फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया. पीठ ने ट्रस्ट की अपील खारिज करते हुए कहा, ‘न्यायाधिकरण ने ठीक ही कहा है कि शुल्क वाले शिविरों में योग करना एक सेवा है. हमें इस आदेश में हस्तक्षेप करने का कोई कारण नहीं मिला. अपील खारिज की जाती है.’ सीईएसटीएटी ने अपने आदेश में कहा था कि पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट की तरफ से आयोजित आवासीय एवं गैर-आवासीय योग शिविरों में शामिल होने के लिए शुल्क लिया जाता है, लिहाजा यह ‘स्वास्थ्य और फिटनेस सेवा’ की श्रेणी में आता है और इस पर सेवा कर लगेगा. योग गुरु रामदेव और उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण के अधीन काम करने वाला यह ट्रस्ट विभिन्न शिविरों में योग प्रशिक्षण प्रदान करने में लगा हुआ था. न्यायाधिकरण ने अपने आदेश में कहा था कि प्रतिभागियों से दान के रूप में योग शिविरों के लिए शुल्क एकत्र किया गया था. हालांकि यह राशि दान के रूप में एकत्र की गई थी, लेकिन यह उक्त सेवाएं प्रदान करने के लिए शुल्क ही था. इसलिए यह शुल्क की परिभाषा के तहत आता है.
4.5 करोड़ रुपये का भरना होगा टैक्स
सीमा शुल्क और केंद्रीय उत्पाद शुल्क, मेरठ रेंज के आयुक्त ने अक्टूबर, 2006 से मार्च, 2011 के लिए जुर्माना और ब्याज सहित लगभग 4.5 करोड़ रुपये के सेवा कर की मांग की थी. इसके जवाब में ट्रस्ट ने दलील दी थी कि वह ऐसी सेवाएं प्रदान कर रहा है जो बीमारियों के इलाज के लिए हैं. इसमें कहा गया था कि ये सेवाएं ‘स्वास्थ्य और फिटनेस सेवा’ के तहत कर-योग्य नहीं हैं. अब पतंजलि को ये 4.5 करोड़ रुपये भरने होंगे.
 

पहले चरण के मतदान के लिये की गई हैं चाक-चौबन्द व्यवस्थायें

19-Apr-2024
भोपाल  ( शोर सन्देश ) ।  मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन-2024 के पहले चरण के लिये 19 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिये सभी 6 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में चाक-चौबन्द व्यवस्थायें की गई है। सभी मतदान क्षेत्रों में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किये गये हैं।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत जबलपुर एयरपोर्ट में एक एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिये एक हेलीकॉप्टर पुलिस लाईन बालाघाट में रखा गया है।
 

 


मतदान दल पहुंचें सकुशल मतदान केंद्र, फूलमाला से किया गया स्वागत

19-Apr-2024
शहडोल  ( शोर सन्देश ) । लोकसभा निर्वाचन 2023 हेतु जिले के तीनो विधानसभा क्षेत्र जयसिंहनगर, ब्यौहारी एवं जैतपुर में 19 अप्रैल को मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने हेतु आज मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों में मतदान दल सकुशल मतदान केंद्र पहुंच गये  है तथा मतदान दलों का मतदान केंद्रों पर पहुंचने पर फूलमाला एवं तिलक से स्वागत किया गया। इसी कड़ी में मतदाताओं द्वारा विधानसभा क्षेत्र जयसिंहनगर के मतदान केंद्र गिरूईबड़ी, बडकाडोल, ठेंगरहा, भुरका सहित अन्य मतदान केंद्रों में फूलमाला एवं तिलक लगाकर मतदान दलों का स्वागत किया गया।
 

कलेक्ट्रेट परिसर मे जली लोकतंत्र की मशाल

19-Apr-2024
कटनी  ( शोर सन्देश ) ।  जिला पंचायत के सीईओ एवं स्वीप के नोडल अधिकारी शिशिर गेमावत ने कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार की शाम मतदाता जागरूकता गतिविधि के तहत लोकतंत्र की मशाल प्रज्वलित की। इस दौरान परियोजना अधिकारी मृगेन्द्र सिंह, जिला परियोजना समन्वयक के.के. डहरिया, सहायक संचालक वनश्री कुर्वेती, प्राचार्य डॉ चित्रा प्रभात, जिला संयोजक पूजा द्विवेदी, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्रा और अरविंद शाह, रामसुजान सहित बडी संख्या में लोग मौजूद रहे।

पिंक बूथ में पहुंचे मतदान दल का हुआ जोरदार स्वागत

19-Apr-2024
बालाघाट ( शोर सन्देश ) ।  चुनाव का पर्व देश का गर्व को सार्थक करने के लिये लोकसभा निर्वाचन 2024 के प्रथम चरण 19 अप्रैल को होने वाले मतदान हेतु वारासिवनी ब्लॉक कायदी मतदान केंद्र क्रमांक-75 एवं खापा मतदान केंद्र क्रमांक-31 को पिंक बूथ बनाया गया है। पिंक बूथ क्रमांक-75 मे गुरुवार को जैसे ही मतदान दल पहुंचा तो उनका पुष्पमाला, पुष्पगुच्छ तथा माथे पर तिलक लगाकर जोरदार स्वागत किया गया। सीईओ दीक्षा जैन द्वारा स्वयं उपस्थित होकर महिला मतदान दल का गुलाब के पुष्पों से स्वागत किया गया। मतदान दल से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि वे पहली बार निर्वाचन ड्यूटी मे आयी है, वे बहुत उत्साहित व खुश थी। पिंक बूथ में पिंक कलर का पंडाल लगाया गया है जिसे पिंक गुब्बारो से सजाया गया। वहीं द्वार पर अभिनन्दन के लिये पिंक कलर की सजावट की गयी है तथा महिला कर्मचारियों की सुविधाओं समुचित का ध्यान रखा गया है। स्वागत की मधुर बेला में बीएलओ अनीता नागपुरे, सेक्टर प्रभारी कोमल गजभिये, अरुण पटले, आर बंसोड प्रधान पाठक, सचिव गायत्री गोस्वामी उपस्थित रहें।
 

1153 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और 86 पर सीसीटीवी के माध्यम से आयोग रखेगा नजर

19-Apr-2024
बालाघाट। ( शोर सन्देश )  बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र में प्रथम चरण में चुनाव में मतदान  आज शुक्रवार को होगा। जिले की तीन विधानसभाओं बैहर, लांजी और परसवाड़ा में मतदान सुबह 7 से 4 बजे तक तथा अन्य 5 विधानसभाओ बरघाट, सिवनी, बालाघाट वारासिवनी व कटंगी में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। निर्वाचन अधिसूचना के अनुसार 4 जून 2024 को मतगणना की तिथि निश्चित की गई है। संसदीय सीट के कुल 2322 मतदान केंद्र बनाए गए है। बालाघाट जिले की 6 विधानसभाओ में 1675 मतदान केंद्र बनाए गये, जिसमें 1153 पर वेबकास्टिंग और 86 मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। वेबकास्टिंग के द्वारा आयोग द्वारा भी निगरानी सुनिश्चित किया जाएगा। बालाघाट-सिवनी निर्वाचन क्षेत्र में 2322 मतदान केंद्र बनाये गये है जिसमें 18 लाख 73 हजार 653 मतदाता मतदान करेंगे। इसमें 930208 पुरुष और 943429 महिला तथा 16 थर्ड जेंडर मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग निर्वाचन में करेंगे। पुरे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 2107 सर्विस वोटर्स, 68.96 ईपी रेसियों, 1014.21 जेंडर रेसियों, 15423 दिव्यांग मतदाता और 85 वर्ष से अधिक आयु के 5993 मतदाता है।
 

राष्ट्रीय उद्यान-जू का नर बाघ (पन्ना) नहीं रहा

19-Apr-2024
( शोर सन्देश )  वन विहार राष्ट्रीय उद्यान-जू का नर बाघ पन्ना नहीं रहा। बाघ पन्ना की दिनांक 17 एवं 18 अप्रैल 2024 की दरम्यानी रात्रि में मृत्यु हो गई। नर बाघ पन्ना को 28 मार्च 2014 को कान्हा टाइगर रिजर्व से 4 वर्ष की उम्र में भोपाल के वन विहार लाया गया था। नर बाघ पन्ना की वर्तमान में उम्र लगभग 14 वर्ष हो गई थी। नर बाघ पन्ना का शवदाह वन संरक्षक भोपाल वृत्त भोपाल वन विहार के संचालक, सहायक संचालक, चिकित्सकों एवं स्टाफ के समक्ष पूर्ण सम्मान के साथ किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान आंतरिक अंगो के अवयवों के नमूने परीक्षण के लिये लेकर जांच करने को स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फोरेंसिक एन्ड हेल्थ, जबलपुर भेजे जा रहे हैं। मृत नर बाघ का पोस्टमार्टम वन विहार के वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. अतुल गुप्ता, एवं वाइल्ड लाइफ एस.ओ.एस. के वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. रजत कुलकर्णी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
 

कान्ह नदी पर बनेंगे आठ एसटीपी

19-Apr-2024
इंदौर ( शोर सन्देश ) । सिंहस्थ 2028 की तैयारी शुरू हो गई है। कान्ह नदी में सीवरेज को मिलने से रोकने के लिए आठ सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाए जाएंगे। नगर निगम ग्रामीण क्षेत्रों में टेपिंग करेगा। नदी में मिलने वाले आउटफाल भी बंद किए जाएंगे। निगमायुक्त शिवम वर्मा ने गुरुवार को नमामि गंगे मिशन चरण एक, अमृत प्रोजेक्ट-2 के तहत शहर के सीवर नेटवर्क एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर समीक्षा बैठक ली। इसमें नगरीय विकास एवं आवास मंत्रालय के कार्यपालक यंत्री रवि चतुर्वेदी, नमामि गंगे प्रोजेक्ट के राज्य स्तरीय विशेषज्ञ, अमृत प्रोजेक्ट के विशेषज्ञ शामिल हुए। बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि सिंहस्थ 2028 को देखते हुए कान्ह नदी को शुद्ध बनाए रखने के लिए क्या किया जाए और अब तक इसके लिए क्या-क्या किया जा चुका है।
निगमायुक्त वर्मा ने बताया कि नगर निगम फिलहाल इंदौर से सांवेर तक कान्ह नदी का सर्वे करेगा। इसके तहत यह पता लगाया जाएगा कि नदी में कहां-कहां सीवेज मिल रहा है और कहां आउटफाल प्वाइंट हैं। नदी में सीवेज मिलने से कैसे रोका जा सकता है, इसका विश्लेषण भी करते हुए एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
यह रिपोर्ट नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा (एनएमसीजी) को सौंपी जाएगी। 4 जून को आचार संहिता हटने के बाद इस योजना पर काम शुरू किया जाएगा। बैठक से पहले अधिकारियों ने शहर में कान्ह शुद्धीकरण के लिए बनाए गए एसटीपी का अवलोकन भी किया।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account