ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

लखनऊ में अवैध तरीके से बनी चार मंजिला मस्जिद, मदरसे और मंदिर पर चला बुलडोजर

19-Jun-2024
लखनऊ। (  शोर संदेश  )  यूपी की राजधानी लखनऊ के अकबर नगर में देर रात अवैध तरीके से बनी मस्जिद, मदरसे और मंदिर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई. इसमें दो मस्जिद और एक मदरसा शामिल था. इससे पहले मंदिर पर भी कार्रवाई की जा चुकी है. प्रशासन ने देर रात मस्जिद और मदरसे को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया. इस दौरान महानगर के इलाके में चप्पे-चप्पे पर चेक पोस्ट लगाकर उन सभी रास्तों को बंद कर दिया गया, जहां से कोई भी अकबरनगर तक जा सके. प्रशासन का कहना है कि कुकरैल नदी की जमीन पर अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला है. यहां अवैध रूप से बने 1169 आवास और 101 कॉमर्शियल निर्माण ध्वस्त किए गए हैं. अकबरनगर में ध्वस्तीकरण अभियान का कार्य पूरा हो गया है. अब मलबा हटाया जा रहा है. अतिक्रमण हटाने का अभियान दिसंबर 2023 से शुरू हुआ था. इश अभियान में करीब 24.5 एकड़ जमीन पर बने 1800 से अधिक अवैध निर्माण जमींदोज किए गए हैं. शासन के निर्देश पर सर्वे के दौरान नदी की जमीन पर बड़ी संख्या में अवैध निर्माण की बात सामने आई थी. योगी सरकार अब इस क्षेत्र को इको टूरिज्म का हब बनाएगी. लखनऊ के चिडिय़ाघर को भी इसी जगह पुनस्र्थापित किए जाने की योजना है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुकरेल नदी के पुनर्जीवन के लिए हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी है. इसके बाद सीएम के प्रयासों का यहां असर दिखा है. कोर्ट ने भी योगी सरकार की कार्रवाई को सही माना है.
बीती रात कार्रवाई के दौरान बादशाह नगर से लेकर अकबरनगर तक के रास्ते को बंद कर दिया गया. वहीं पीएसी मुख्यालय से शुरू होने वाले फ्लाईओवर पर भी पुलिस का पहरा रहा. इसके बाद दूसरे फ्लाईओवर पर भी पुलिस तैनात रही. अकबरनगर से पॉलिटेक्निक जाने वाले चौराहे पर भी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर की गई कार्रवाई
लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी के वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर के बाद लगातार कार्रवाई जारी है. ऐसे में सभी को दूसरी जगह विस्थापित कर दिया गया, जहां पर बिजली पानी की व्यवस्था पूरी तरीके से है. अकबरनगर में रहने वाले परिवारों को योगी सरकार ने 10 किलोमीटर दूर बसंत कुंज में घर दिए हैं, लेकिन यहां लोगों का कहना था कि रहने के लिए प्रॉपर व्यवस्था नहीं है और स्कूल सहित न कुछ खाने को है, कुछ भी नहीं है. बिजली की समस्या रहती है.
 

 


राहुल गांधी ने वायनाड छोड़ रायबरेली को ही क्यों चुना? 5 पॉइंट में समझें कांग्रेस की रणनीति

18-Jun-2024
नई दिल्ली।  (  शोर संदेश  ) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट छोडऩे का फैसला किया है. वह अपने रायबरेली से सांसद बने रहेंगे. पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रियंका गांधी वायनाड सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस की आधिकारिक प्रत्याशी होंगी. बता दें कि राहुल गांधी ने हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में अपनी दोनों सीटों- वायनाड और रायबरेली पर प्रभावशाली अंतर से जीत हासिल की थी. नई दिल्ली में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खडग़े के आवास पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने चर्चा के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस फैसले की घोषणा की. उन्होंने केरल के वायनाड के बजाय उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद रहना क्यों चुना, हम इसके पांच कारण आपको बता रहें हैं...
यूपी में खोई जमीन  पाने की उम्मीद
2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में छह सीटें जीतीं. 2019 में उसे सिर्फ रायबरेली सीट पर जीत मिली थी. इंडिया ब्लॉक ने यूपी में 43 सीटें जीतीं, जिनमें से 37 समाजवादी पार्टी ने जीतीं. यह एनडीए के लिए एक बड़ा झटका था, जिसने 2019 में यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से 62 सीटें जीती थीं. 2024 के चुनाव में, एनडीए सिर्फ 36 सीटें जीतने में कामयाब रही, जबकि बीजेपी को 33 सीटें हासिल हुईं. वोट शेयर के मामले में सबसे बड़ी हार मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को हुई. 
रणनीति बदलाव और आक्रामक रुख
2024 लोकसभा चुनाव के नतीजे से उत्साहित कांग्रेस ने अपना रुख बदल लिया है. राहुल गांधी का रायबरेली संसदीय सीट को बरकरार रहना और वायनाड सीट छोडऩा उस आक्रामक दृष्टिकोण का संकेत है. रशीद किदवई के मुताबिक, कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदली है. अब उसने रक्षात्मक से आक्रामक रुख अपनाया है. वायनाड एक रक्षात्मक दृष्टिकोण था. क्योंकि राहुल 2019 में अमेठी से अपनी संभावित हार को देखते हुए वहां पहुंचे थे. 
कांग्रेस के लिए यूपी जरूरी 
कहा जाता है कि केंद्र की सत्ता का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है. इसलिए, जब क्षेत्रीय दलों ने कांग्रेस के वोट बेस में सेंध लगाना शुरू किया, तो इसकी गिरावट सबसे पहले उत्तर प्रदेश और बिहार में दिखाई दी. केंद्र की सत्ता पर भी उसकी पकड़ ढीली होने लगी. अगर कांग्रेस को अपने दम पर केंद्र की सत्ता में आना है तो उसे खुद को उत्तर प्रदेश में पुनर्जीवित करना होगा.

मुंबई में लडक़ी को सरेराह आखिरी सांस तक मारता रहा सिरफिरा आशिक

18-Jun-2024
मुंबई।  (  शोर संदेश  )  मुंबई के वसई में एक सिरफिरे आशिक ने 20 वर्षीय युवती की लोहे के पाने से मार-मारकर हत्या कर दी. हत्या को सभी के सामने सडक़ पर इतनी बेरहमी से अंजाम दिया गया कि हर कोई कांप गया. वह तब तक तक युवती पर वार करता रहा, जब तक की उसकी जान नहीं चली गई. आरोपी युवक को वालिव पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है. 27 सेकंड में हमलावर युवती पर सरेआम 15 वार करता रहता है और तब तक मारता है जब तक की युवती दम ना तोड़ दें.
सीसीटीवी में कैद घटना
सीसीटीवी फुटेज का जो वीडियो सामने आया है, उसमें राह से लोग गुजरते दिख रहे हैं. तभी कमर पर बैग लटकाया एक शख्स राह चल रही युवती के सिर पर पाने से जोर से हमला करता है. युवती पहले हमले में ही सडक़ पर गिर जाती है और उठने की कोशिश करती है. युवती जैसे ही खड़ा होने लगती है, तभी फिर से हमलावर युवती पर पूरी जानकर लगाकर हमला करता है. सिरफिरा शख्स युवती पर बेरहमी के साथ ताकत लगाकर बार-बार हमला करता रहता है. बड़ी मुश्किल से कुछ एक लोग युवती को छुड़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन हमलावर पीछे नहीं हटता.
हत्या का वीडियो देख हर कोई सिहर गया
युवती सडक़ पर पड़ी तड़प रही थी और लोग खड़े हुए तमाशा देख रहे थे. जिन लोगों ने युवती को बचाने की कोशिश की वो भी नाकाम कोशिश कर पीछे हट गए. लडक़ी को मारने के बाद हत्यारा वहीं भीड़ के सामने खड़ा रहा. हत्या के इस वीडियो को देखने के बाद हर कोई अंदर तक सिहर जाएगा. युवती को जिस बेरहमी के साथ भीड़ के सामने ही मौत के घाट उतार दिया, उसकी कल्पना करना भी मुश्किल है.
 

देशभर में करीब दर्जनभर उम्मीदवारों ने चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया, ईवीएम-वीवीपीएटी के मेमोरी वेरिफिकेशन की अर्जी लगाई

18-Jun-2024
नई दिल्ली। (  शोर संदेश  ) लोकसभा और चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब तक ऐसी करीब 10 अर्जियां चुनाव आयोग के पास आई हैं, जिनमें ईवीएम में दर्ज वोटिंग के आंकड़े और वीवीपैट की पर्चियों के मिलान यानी मेमोरी वेरिफिकेशन कराने की गुहार लगाई गई है. अधिकतर अर्जियों में एक से तीन बूथों की मशीनों के मिलान की अर्जी हैं. सिर्फ ओडिशा के झाड़सुगुड़ा विधानसभा क्षेत्र से हारीं बीजेडी उम्मीदवार दीपाली दास ने सबसे ज्यादा 13 मशीनों की मेमोरी वेरिफाई करने की अर्जी दी है.  दीपाली विधानसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार टंकधर त्रिपाठी से 1265 वोटों से हार गई हैं. दीपाली का कहना है कि मैंने 17 राउंड में बढ़त बनाए रखी. आखिरी दो राउंड में पासा पलट गया. लिहाजा, आखिरी दो राउंड की 13 मशीनों की फिर से गिनती मिलान कराई जाए. चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र के अहमदनगर लोकसभा क्षेत्र से भी बीजेपी के सुजय राधाकृष्ण विखे पाटिल ने तीन मशीनों के वेरिफिकेशन के लिए अर्जी लगाई है. पाटिल 28,929 वोटों से हार गए. आयोग के मुताबिक उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ से किसी ने भी पुनरीक्षण की अर्जी नहीं लगाई है.
तकनीकी टीमों के सामने होगा डेटा वेरिफाई
आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, इस लोकसभा चुनाव के दौरान ईवीएम और वीवीपैट के मेमोरी वेरिफिकेशन के लिए प्रति मशीन 40 हजार रुपए और उस पर 18 फीसदी जीएसटी एडवांस जमा करना पड़ता है. आयोग के तकनीकी विशेषज्ञों को टीम सभी के सामने डाटा वेरिफाई करती है. अगर शिकायत सही मिली यानी ईवीएम डेटा और पर्चियों के बीच अनियमितता यानी गड़बड़ पाई गई तो कार्रवाई होगी और शिकायतकर्ता को पूरा शुल्क वापस किया जाएगा. शिकायत सही नहीं हुई तो शुल्क जब्त हो जाएगा.
सुप्रीम कोर्ट ने दिया था अहम फैसला
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ ने 26 अप्रैल को फैसला दिया था. इसके मुताबिक, मतगणना से सात दिनों के भीतर वेरिफिकेशन की अर्जी लगानी जरूरी है. सुप्रीम कोर्ट ने फैसले में साफ कर दिया था कि मतदान ईवीएम मशीन से ही उचित है. ईवीएम-वीवीपैट का 100 फीसदी मिलान नहीं किया जाएगा. ईवीएम के आंकड़े यानी मेमोरी और वीवीपैट की पर्ची 45 दिनों तक सुरक्षित रखी जाएगी. ये पर्चियां उम्मीदवारों या उनके एजेंट के हस्ताक्षर के साथ सुरक्षित रहेंगी. कोर्ट का निर्देश है कि चुनाव के बाद सिंबल लोडिंग यूनिटों को भी सीलकर सुरक्षित किया जाए. यह भी निर्देश दिया गया है कि उम्मीदवारों के पास नतीजों की घोषणा के बाद टेक्निकल टीम द्वारा ईवीएम के माइक्रो कंट्रोलर प्रोग्राम की जांच कराने का विकल्प होगा, जिसे चुनाव घोषणा के सात दिनों के भीतर किया जा सकेगा. जस्टिस खन्ना ने कहा कि वीवीपैट वेरिफिकेशन का खर्चा उम्मीदवारों को खुद ही उठाना पड़ेगा. अगर किसी स्थिति में ईवीएम में छेड़छाड़ पाई गई तो खर्च वापस दिया जाएगा. वहीं, जस्टिस दीपांकर दत्ता ने कहा था, किसी सिस्टम पर आंख मूंदकर अविश्वास करने से संदेह ही पैदा होता है. लोकतंत्र का मतलब ही विश्वास और सौहार्द बनाए रखना है.

370 का जिक्र, आजाद पाकिस्तान शब्द हटाया, चीनी घुसपैठ शब्द जोड़ा... एनसीईआरटी ने 12वीं की किताब में किए ये बदलाव

18-Jun-2024
नई दिल्ली।(  शोर संदेश  ) एनसीआरटी ने अपने लेटेस्ट सिलेबस में कई बदलाव किए हैं. एनसीईआरटी की कक्षा 12वीं की राजनीतिक विज्ञान की किताबों में कई चीजों को हटाया और जोड़ा गया है. इन किताबों में आजाद पाकिस्तान से लेकर चीन की घुसपैठ और पीओके जैसे शब्दों को लेकर बदलाव हुए हैं. 
एनसीईआरटी की कक्षा 12वीं की राजनीतिक विज्ञान की किताब में ‘चीन के साथ भारत की सीमा स्थिति’ से जुड़े चैप्टर में कुछ बदलाव किए गए हैं. इस किताब ‘कंटेम्परेरी वल्र्ड पॉलिटिक्स’ के दूसरे चैप्टर में भारत-चीन संबंध शीर्षक के तहत पुराने कंटेंट में संशोधन किया गया है. पहले इस टेक्सटबुक के पेज नंबर 25 में कहा गया था कि दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर सैन्य संघर्ष ने उस उम्मीद को खत्म कर दिया है. इस वाक्य में बदलाव कर अब इसे भारतीय सीमा पर चीन की घुसपैठ ने उस उम्मीद को खत्म कर दिया है.  यानी सैन्य संघर्ष शब्द को चीन की घुसपैठ शब्द से बदल दिया गया है. एनसीईआरटी की 12वीं की किताब में सिर्फ भारत-चीन संबंधों से जुड़े चैप्टर में ही बदलाव नहीं किए गए हैं बल्कि 12वीं कक्षा की ही ‘पॉलिटिक्स इन इंडिया सिंस इंडिपेंडेंस’ किताब में आजाद पाकिस्तान शब्द को पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर से बदल दिया गया है. इस किताब के पेज 119 में पहले कहा गया था कि भारत ये दावा करता है कि इस इलाके पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है. पाकिस्तान इस क्षेत्र को आजाद पाकिस्तान कहता है. लेकिन अब इसमें बदलाव कर दिया गया है. अब टेक्सटबुक में कहा गया है कि ये भारतीय क्षेत्र है, जिस पर पाकिस्तान का अवैध कब्जा है, जिसे पाकिस्तान के कब्जे वाला जम्मू कश्मीर (पीओजेके) कहा जाता है.  एनसीईआरटी की इस किताब के पेज नबंर 132 पर आर्टिकल 370 को हटाए जाने का भी जिक्र है. इससे पहले किताब में कहा गया था कि अधिकतर राज्यों के पास समान शक्तियां हैं लेकिन जम्मू कश्मीर जैसे कुछ राज्यों और पूर्वोत्तर के राज्यों को विशेष प्रावधान दिए गए हैं. 
 

लॉरेंस ने जेल से पाकिस्तानी डॉन को वीडियो कॉल पर दी ईद की मुबारकबाद, उठे सवाल

18-Jun-2024
नई दिल्ली।(  शोर संदेश  ) गुजरात की जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई अपने दुबई स्थित साथी और पाकिस्तानी डॉन शहजाद को वीडियो कॉल पर ईद की मुबारकबाद देते हुए नजर आ रहा है. वीडियो में दोनों एक दूसरे से बात करते हुए नजर आ रहे हैं. जेल में बंद होने के बाद भी लॉरेंस का इस तरह वीडियो कॉल पर बात करना और वीडियो का सामने आना प्रशासन पर कई सवाल उठाता है. हालांकि, इस वीडियो की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई ने अपना पहला इंटरव्यू भी जेल से ही दिया था. इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं और प्रशासन एक बार फिर से घेरे में आ गया है. 
लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ आपराधिक, हत्या और जबरन वसूली के कई मामलों में से दो सबसे चर्चित मामले अभिनेता सलमान खान पर हमला और सुधु मूसे वाला की हत्या हैं. 29 मई 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसे वाला की पंजाब के मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हत्या के कुछ घंटों बाद, गोल्डी बरार ने गोली चलाने की जिम्मेदारी ली, जिसने दावा किया कि उसने बिश्नोई के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया था.
सलमान खान को जान से मारने की दी है धमकी
जहां तक एक्टर सलमान खान की बात है तो लॉरेंस बिश्नोई ने 2023 में तिहाड़ जेल से एक टेलीविजन चैनल को दिए इंटरव्यू में कैमरे के सामने कहा था कि उसकी जिंदगी का एकमात्र मकसद सलमान खान को मारना है. हत्या के प्रयास के मामले में चार्जशीट दाखिल होने से पहले लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल साबरमती जेल में है. बिश्नोई फिलहाल अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल के हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद है.
 

झुलसाती-तपाती गर्मी से दिल्ली-एनसीआर वालों को कल से मिल सकती है राहत, बदलेगा मौसम

18-Jun-2024
नई दिल्ली। (  शोर संदेश  ) दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, सोमवार को अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि मौसम विभाग ने 19 जून से चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिलने की भविष्यवाणी की है. मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है, जो आज यानी मंगलवार को भी लागू रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है. 
मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार को दिल्ली में कई स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू की स्थिति के साथ आसमान साफ रहने का अनुमान लगाया है. वहीं दिन के दौरान तेज सतही हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है. आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार से थोड़ी राहत मिलेगी. मौसम विभाग के अनुसार, 19 जून, बुधवार के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ेगा, जो राष्ट्रीय राजधानी को भी प्रभावित करेगा और राहत लेकर आएगा.  वहीं बुधवार और गुरुवार को शहर में ‘येलो’ अलर्ट पर रहने की उम्मीद है, जबकि शुक्रवार और शनिवार को इसे ‘ग्रीन’ अलर्ट पर रखा जाएगा.  
दिल्ली में गर्मी ने किया बेहाल
दिल्ली में अधिकांश स्थानों पर भीषण गर्मी की स्थिति दर्ज की गई, जबकि राष्ट्रीय राजधानी के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो मौसम के औसत से 6.4 डिग्री अधिक है. दिल्ली में 17 जून, सोमवार की सुबह भी गर्म रही, न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक है. 
पालम मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है, जबकि लोधी रोड, रिज और आयानगर वेधशालाओं ने क्रमश: 45.6 डिग्री, 46.3 डिग्री और 46.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. नजफगढ़ वेधशाला ने अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है. लू की सीमा तब पूरी होती है जब मौसम केंद्र का अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री तक पहुंच जाता है और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस विचलन होता है. भीषण लू की घोषणा तब की जाती है जब सामान्य से विचलन 6.4 डिग्री से अधिक हो जाता है. 

प. बंगाल- बीजेपी की केंद्रीय टीम ने चुनाव बाद हुई हिंसा के पीडि़तों से की मुलाकात, रविशंकर ने ममता सरकार को घेरा

18-Jun-2024
कोलकाता। (  शोर संदेश  )  पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के बाद हुए हिंसा की जांच के लिए भाजपा फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाया गया है। यह फैक्ट फाइंडिंग कमेटी (भाजपा की केंद्रीय टीम) ने दक्षिण 24 परगना में चुनाव के बाद हुए हिंसा के पीडि़तों से मुलाकात की। इस कमेटी में सांसद अग्निमित्रा पॉल, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रविशंकर प्रसाद और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद बिप्लब कुमार देब शामिल हैं। इस मामले पर रविशंकर प्रसाद ने ममता बनर्जी की सरकार को घेरा। 
रविशंकर प्रसाद ने ममता सरकार को घेरा
पीडि़तों से मुलाकात के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मीडिया से बाद की। भाजपा नेता ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी सरकार) की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘हर तरफ एक ही कहानी है। अगर आप भाजपा के लिए काम करते हैं तो आपको पीटा जाएगा। अगर आप यहां आएंगे तो आपकी पत्नी और परिवार को हिंसा का शिकार होना पड़ेगा। ममता जी यह आपकी सरकार है। यहां महिलाओं को पीटा जाता है। यह बहुत गंभीर मामला है। ममता जी आपको शर्म आनी चाहिए। एक चीज, जो मैं पुलिस को कहना चाहता हूं, हमारे कार्यकर्ताओं ने आपके सामने अपनी दुर्दशा व्यक्त की। अगर पुलिस ने उनके खिलाफ एक भी फर्जी मामला दर्ज किया तो ये गलत है। हम इसे राष्ट्रीय स्तर पर पूरी गंभीरता से लेंगे।’ रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा, ‘यह गांव शांत है। यहां कोई भी नहीं है। यह वह जगह है, जहां भाजपा कार्यकर्ता आकर बैठते थे। लेकिन अब वे नहीं आते हैं, क्योंकि वे अब डर में है। विरोध के रुप में हम यहां बैठे हैं। ये कैसा शासन है ममता बनर्जी का? हम लोगों की तलाश कर रहे हैं। वे सभी कहां गए?" उन्होंने बताया कि पूरे गांव को खाली कर दिया गया है।  
 

राहुल गांधी-शरद पवार समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं से स्वाति मालीवाल ने मांगा मिलने का टाइम

18-Jun-2024
नई दिल्ली। (  शोर संदेश  )   13 मई को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ कथित मारपीट का मामला अभी कोर्ट में है। दिल्ली की कोर्ट ने अभी तक केजरीवाल के पीए बिभव कुमार को जमानत नहीं दी है। इस बीच आज स्वाति मालीवाल ने इंडिया अलायंस के नेताओं से मिलने का समय मांगा है।
आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पिछले 18 सालों से मैंने जमीन पर काम किया है और 9 सालों में महिला आयोग में 1.7 लाख मामलों में सुनवाई की है। बिना किसी से डरे और किसी के आगे झुके, महिला आयोग को एक बहुत ऊंचे मकाम पे खड़ा किया गया है। पर बहुत दुख की बात है कि पहले मुझे मुख्यमंत्री के घर पर बुरे तरह पीटा गया, फिर मुझे सोशल मीडिया के जरिये बदनाम करने की कोशिश भी गई है। मेरे खिलाफ फैलाए गए झूठ के कारण मुझे कई बार रेप और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि आज इस विषय में मैंने इंडिया अलायंस के सभी बड़े नेताओं को पत्र लिखा है। मैंने सबसे मिलने का समय मांगा है।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने दी प्रतिक्रिया
दिल्ली के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मैं चाहूंगा कि राहुल गांधी, उद्धव ठाकरे और शरद पवार इस मुद्दे पर बोलें। वह मजबूत विपक्ष और इंडिया गठबंधन की बात करते हैं। एक महिला जो एक सांसद भी है, उसके साथ सीएम आवास पर दुव्र्यवहार किया गया और जिसने ऐसा किया वह जेल में है। लेकिन इसके बावजूद उनमें भ्रष्ट सीएम के बारे में एक भी शब्द बोलने की हिम्मत नहीं है।
बिभव कुमार पर स्वाति मालीवाल से मारपीट का आरोप
यह घटना 13 मई की है। सुबह 9 बजे स्वाति सीएम आवास पहुंची थीं। आरोप है कि बिभव ने बदसलूकी और मारपीट की। तीन दिन बाद यानी 16 मई की दोपहर को पुलिस उनके घर पहुंची और बयान दर्ज किया। इसके बाद दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल की शिकायत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
बिभव कुमार को नहीं मिली जमानत
स्वाति मालीवाल से मारपीट करने के आरोपी बिभव कुमार न्यायिक हिरासत में हैं। बीती 18 मई को तीस हजारी कोर्ट ने उन्हें हिरासत में भेज दिया था। सीएम केजरीवाल के पीए बिभव कुमार को अब दिल्ली पुलिस 22 जून को कोर्ट में पेश करेगी। बिभव कुमार ने तीस हजारी कोर्ट में जमानत याचिका भी दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया था। सीएम केजरीवाल ने कहा था कि यह घटना मेरे सामने नहीं हुई है। मामले के दो पहलू हैं। पुलिस को इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और न्याय होना चाहिए।

ऑलटाइम हाई के साथ शेयर बाजार की शुरुआत, पहली बार 23,500 के पार निफ्टी

18-Jun-2024
नई दिल्ली। (  शोर संदेश  )  भारतीय शेयर बाजार में आज जबरदस्त उछाल देखने को मिला. लगातार तीन दिन बंद रहने के बाद मंगलवार को जब बाजार ओपन हुए तो ये ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया. बाजार की शुरुआत शानदार हुई. सेंसेक्स ने ऑलटाइम हाई के साथ शुरू हुआ और ये 77,235 के नई ऐतिहासिक लेवल पर ओपन हुआ. वहीं एनएसई का निफ्टी पहली बार 23,570 अंक पर खुला. निफ्टी का ये रिकॉर्ड ओपनिंग लेवल होने के साथ ये लाइफटाइम हाई भी है. इस तरह निफ्टी पहली बार 23,500 के अंक को पार कर गया.
सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त उछाल
मंगलवार सुबह सवा नौ बजे बीएसई का सेंसेक्स 242.54 अंकों यानी 0.32 फीसदी उछाल के साथ 77,235.31 के लेवल पर खुला. वहीं दूसरी ओर एनएसई के निफ्टी में 105.20 अंक यानी 0.45 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया. इसके बाद ये चढक़र 23,570.80 के लेवल पर पहुंच गया.
बीएसई का मार्केट कैपिटलाइजेशन भी बढ़ा
वहीं बीएसई का मार्केट कैपिटलाइजेशन मंगलवार को लगातार नए-नए रिकॉर्ड बनाता दिख रहा है. ये पहली बार 437.22 लाख करोड़ रुपये के लेवल पर पहुंच गया. जो अब तक का सबसे हाई रिकॉर्ड है. अगर इसे अमेरिकी डॉलर से आंकें तो ये 5.23 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया. बता दें कि बीएसई में इस समय 3419 शेयरों में कारोबार होता है. जिसमें से 2106 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है तो वहीं 1168 शेयरों में गिरावट का रुख जारी है. वहीं 145 शेयर ऐसे हैं जिनमें आज किसी भी प्रकार का बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है. वहीं 194 शेयरों पर अपर सर्किट लगा हुआ है और 67 शेयरों पर लोअर सर्किट लगा है.



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account