
00 रविवार को रहेगा टोटल लॉकडाउन, कलेक्टर ने जारी किया संशोधित आदेश
रायपुर (शोर सन्देश)। कोरोना संक्रमण घटते मामलों के बीच राजधानी की दिनचर्या अब सामान्य होते जा रही है। बेमेतरा, राजनांदगांव के बाद राजधानी में भी लॉकडाउन के आदेश में संशोधन किया गया है। रायपुर में अब सभी प्रकार की दुकानें खुलेंगी, लेकिन कुछ गतिविधियों को अभी भी बंद रहेंगी। कलेक्टर एस भारती दासन ने नया आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा और आगामी आदेश तक यह लागू रहेगा। जारी आदेश के अनुसार अनलॉक में सभी प्रकार की स्थायी और अस्थायी दुकानें, शॉपिंग मॉल, व्यवसायिक प्रतिष्ठान, सभी ठेला-गुमटी, सुपर मार्केट, सुपर बाजार, फल, सब्जी मंडी, बाजार, अनाज मंडी, शो-रुम, क्लब, शराब दुकानें, सैलून, ब्यूटी पार्लर, स्पा, पार्क और जिम शाम 6 बजे तक खोल सकेंगे।
केवल रविवार को सभी दुकानों बंद रहेगी। क्लब-रेस्टोरेंट्स, होटलों और रेस्टोरेंट्स से ऑनलाइन, टेलीफोनिक ऑडर पर होम डिलीवरी और टेक-अवे की अनुमति होगी, लेकिन इन-हाउस डाइनिंग पूर्ववत प्रतिबंधित रहेगी। क्लब-रेस्टोरेंट्स, होटलों और रेस्टोरेंट्स से डिलीवरी का समय पूर्ववत रात 9 बजे तक और आम जनता, ग्राहक के निवास तक होम डिलीवरी का अधिकतम समय रात 10 बजे तक ही रहेगा। किसी होटल में इन-हाउस अतिथियों के लिए होटल किचन/ स्वयं के रेस्टोरेंट्स के उपयोग की अनुमति रहेगी। रायपुर जिले के सभी कार्यालय आगामी आदेश पर्यन्त सामान्यतः आम जनता के लिए बंद रहेंगे। लेकिन अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए कर्मचारियों के 50 प्रतिशत रोटेशन के साथ कार्यालयीन और आम जनता विषयक अति-आवश्यक प्रयोजन के लिए कार्यालय खोले जाएंगे। उप पंजीयक कार्यालय आवश्यक स्टाफ सहित पूर्ववत टोकन,ऑनलाइन सिस्टम के साथ संचालित होंगे। टेलीकॉम, रेलवे और एयरपोर्ट संचालन व रख-रखाव से जुड़े कार्यालय, वर्कशॉप, रेक प्वाइंट पर लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य, खाद्य सामग्री के थोक परिवहन, धान मिलिंग के लिए परिवहन की अनुमति पूर्ववत रहेगी।
सभी अस्पताल, मेडिकल दुकानें, क्लिनिक और पशु-चिकित्सालय को उनके निर्धारित समय में संचालन की अनुमति होगी। मेडिकल दुकान संचालक मरीजों के लिए दवाओं की होम डिलीवरी को प्राथमिकता देंगे। पेट्रोल पंप, गैस एजेन्सी और मेडिकल दुकानें पूर्ण समयावधि तक खुल सकेंगे, लेकिन गैस एजेंसियाँ टेलीफोनिक या ऑनलाइन ऑर्डर के माध्यम से ग्राहकों को गैस सिलेन्डरों की होन डिलीवरी को प्राथमिकता देंगे। शासकीय उचित मूल्य दुकानों को खाद्य नियंत्रक, रायपुर द्वारा निर्धारित समयावधि में मास्क, फिजिकल डिस्टेंसिग, नियमित सेनिटाइजेशन और भीड़-भाड़ नहीं होने देने की शर्त का कड़ाई से पालन कराने के अधीन, टोकन व्यवस्था के साथ खोलने की अनुमति होगी। सभी संचालित दुकानों में निःशुल्क वितरण, विक्रय के लिए मास्क रखना और दुकान में कार्यरत कर्मचारियों, ग्राहकों के उपयोग के लिए सैनेटाइजर रखना अनिवार्य होगा। होम डिलीवरी व्यवस्था में संलग्न सभी व्यक्तियों को नियमित अंतराल में कोविड-19 जांच कराना आवश्यक होगा। साथ ही होम डिलीवरी के दौरान मास्क धारण करना और फिजिकल डिस्टेंसिग का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा। मास्क और फिजिकल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा। किसी दुकान को फिजिकल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करते हुए भीड़-भाड़ एकत्रित कर या राज्य शासन/इस कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार अर्थदण्ड अधिरोपित करने और 30 दिवस के लिए दुकान सील करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रतिदिन शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक रात्रिकालीन लॉकडाउन लागू रहेगा। जिसके दौरान होटल, रेस्टोरेंट से होम डिलीवरी और थोक माल, वेयरहाउस, कार्गो, फल, सब्जी की लोडिंग अनलोडिंग की अनुमति निर्धारित समयावधि में रहेगी। इमरजेंसी गतिविधि को छोड़कर सभी गतिविधियां बंद रहेंगी।

गाजियाबाद (शोर सन्देश)। कोरोना संक्रमण, ब्लैक फंगस और व्हाइट फंगस से अभी राहत भी नहीं मिली थी कि येलो फंगस नाम के नए खतरे ने दस्तक दे दी है। गाजियाबाद में येलो फंगस के पहले मरीज की पुष्टि हुई है। ब्लैक और व्हाइट फंगस के बाद अब गाजियाबाद के एक मरीज में येलो फंगस की पुष्टि हुई है। इलाज करने वाले डॉक्टर बीपी त्यागी ने बताया कि 45 वर्षीय मरीज पहले कोरोना संक्रमित हुए थे और वह डायबिटीज से भी पीड़ित हैं। ब्लैक फंगस का इलाज करने के लिए ओटी में सफाई चल रही थी, इसी दौरान जांच में पता चला कि मरीज येलो फंगस से भी संक्रमित हैं। फिलहाल मरीज की हालत में सुधार है। बताया गया कि इस बीमारी को म्यूकर स्पेक्टिक्स कहा जाता है। बता दें कि येलो फंगस के इस मामले ने डॉक्टरों की चिंता बढ़ा दी है। डॉक्टरों के अनुसार यह ब्लैक और व्हाइट फंगस से भी ज्यादा खतरनाक हो सकता है। यह इस हद तक खतरनाक हो सकता है कि मरीज के लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है।डॉक्टर ने बताया कि अभी तक यह येलो फंगस छिपकली और गिरगिट जैसे जीवों में पाया जाता था। इतना ही नहीं, यह जिस रेपटाइल को यह फंगस होता है वह जिंदा नहीं बचता इसलिए इसे बेहद खतरनाक और जानलेवा माना जाता है। पहली बार किसी इंसान में यह फंगस मिला है।
डॉक्टर के अनुसार येलो फंगस गंदगी के कारण होता है। यह फंगस सामान्य रूप से जमीन पर पाया जाता है। छिपकली और गिरगिट जैसे जिस जीव की रोग निरोधक क्षमता कम होती है यह उसे असर करता है और कमजोर कर के जानलेवा तक बन जाता है। डॉक्टरों का अनुमान है कि कोरोना के कारण अब इंसानों की इम्युनिटी कमजोर हो रही है इसलिए यह फंगस उन्हें चपेट में ले रहा है।
00 येलो फंगस के लक्षण
- नाक का बंद होना।
- शरीर के अंगों का सुन्न होना।
- शरीर में टूटन होना और दर्द होना।
- शरीर में अत्यधिक कमजोरी होना।
- हार्ट रेट का बढ़ जाना।
- शरीर में घावों से मवाद बहना।
- शरीर कुपोषित सा दिखने लगना।

00 रणवीर शर्मा को भेजा मंत्रालय, गौरव कुमार सिंह सूरजपूर के नए कलेक्टर
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में लागू लॉकडाउन के दौरान कलेक्टर ने एक युवक को थप्पड़ मारा और पुलिस ने उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री बघेल ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सूरजपुर कलेक्टर रणवीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से कलेक्टर पद से हटाने के निर्देश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने रणबीर शर्मा को सूरजपुर कलेक्टर पद से हटाकर संयुक्त सचिव, मंत्रालय स्थानांतरित कर दिया है। वहीँ गौरव कुमार सिंह को सूरजपुर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इस घटना पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खेद व्यक्त करते हुए ट्वीट किया। ट्विटर पर उन्होंने कह - सोशल मीडिया के माध्यम से सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा द्वारा एक नवयुवक से दुर्व्यवहार का मामला मेरे संज्ञान में आया है। यह बेहद दुखद और निंदनीय है। छत्तीसगढ़ में इस तरह का कोई कृत्य कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। किसी भी अधिकारी का शासकीय जीवन में इस तरह का आचरण स्वीकार्य नहीं है। इस घटना से क्षुब्ध हूँ। मैं नवयुवक व उनके परिजनों से खेद व्यक्त करता हूँ। ज्ञातव्य है कि कलेक्टर रणवीर शर्मा ने लॉक डाउन का उल्लंघन करने पर एक युवक को थप्पड़ मर दिया था, इतना ही नहीं उसका मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के अनुसार, मास्क लगाए एक युवक को पुलिस ने जब रोका तब वह कलेक्टर को एक कागज और मोबाइल फोन पर कुछ दिखाने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान कलेक्टर ने उसका फोन लिया और उसे जमीन पर फेंक दिया। बाद में कलेक्टर ने युवक को थप्पड़ भी मारा। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और अधिकारी वहां पहुंचे और दो पुलिस कर्मियों ने युवक की डंडे से पिटाई कर दी। वीडियो में कलेक्टर द्वारा युवक की पिटाई का आदेश देते हुए सुना जा सकता है। वीडियो के वायरल होने के बाद कलेक्टर ने घटना के लिए माफी मांगी थी।

नारायण प्रसाद सेन रायपुर (शोर संदेश) सेलून व्यवसाय करने वाले ऐसे लोग होते हैं जो रोज कमाते हैं और रोज उसी आय से अपने घर परिवार का खर्चा चलाते हैं | छत्तीसगढ़ में लगातार प्रथम एवं द्वितीय लॉकडाउन के चलते लंबे समय से सेलून व्यवसाय बंद होने के कारण सेलून व्यवसायियों की आर्थिक स्थिति बद से बदतर हो चुकी है साथ ही सेलून व्यवसायियों को व्यवसाय करने हेतु कब तक अनुमति मिलेगी यह भी अभी अनिश्चित है | ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में जब पहला लॉकडाउन 2020 में लगा था तब सेलून व्यवसाय संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार सेन ने कहा था कि चुंकि सेलून व्यवसाई अभी तक सेवक के रूप में काम करते आए हैं तो उन्हें लॉकडाउन की इस विषम परिस्थितियों में सेलून व्यवसायियों को 15000 रुपये प्रति माह की आर्थिक मदद एवं 50 लाख रुपये का बीमा तथा सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सैनिटाइजर, पी.पी.ई.किट तथा कोरोना से सावधानी बरतने वाले गाइडलाइन का पोस्टर निःशुल्क सरकार सैलून व्यवसायियों को उपलब्ध कराएं| इसकी मांग संजीव कुमार सेन ने माननीय राज्यपाल महोदया अनुसुइया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, रायपुर कलेक्टर महोदय एस. भारतीदासन से ज्ञापन सौंपकर प्रथम लॉकडाउन के समय शासन से मांग की थी जिसका आज तक शासन की ओर से इन बातों को संज्ञान में लेकर कुछ कार्यवाही हुई या नहीं इसका जवाब आज तक नहीं मिल पाया |लगातार सेलून व्यवसाय पर कोरोना के कारण लॉकडाउन के चलते दुकान ना खुलने से 40 से 60 प्रतिशत ग्राहक ट्रिमर खरीद कर घर में ही कटिंग और दाढ़ी बना रहे हैं जिससे ग्राहकी का बहुत फर्क पड़ रहा है | एक तरफ राज्य सरकार तो मान ही रही है कि सेलून व्यवसाय से दुकान खोलने पर कोरोना संक्रमण फैलता है साथ ही दूसरी तरफ केंद्र सरकार भी यह मान रही है कि सेलून व्यवसाय से कोरोना संक्रमण फैलता है तभी तो दुकान को खोलने की अनुमति नहीं दी जा रही है जबकि सैलून व्यवसाय करने वाले पुरखों से यह व्यवसाय करते आ रहे हैं लेकिन किसी को कोई संक्रमण नहीं फैला है लेकिन बैठे-बिठाए कुछ लोग जबरदस्ती का झूठा आरोप लगाकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं तो इसका खामियाजा सेलून व्यवसाई क्यों भुगते | सेलून व्यवसाय के लिए अभी तक कोई कठोर व्यवस्था नहीं की गई है लेकिन सेलून व्यवसायियों को ही व्यवस्था बनाने के लिए शासन द्वारा हमेशा प्रतिबंधित क्यों किया जाता है यह सेलून व्यवसाय संघ जानना चाहता है? छत्तीसगढ़ सैलून व्यवसाय संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार सेन ने पुनः शासन से मांग की है कि सेलून व्यवसाय को अति शीघ्र ही व्यवसाय करने की अनुमति दी जाए व शासन द्वारा सेलून व्यवसायियों को लॉकडाउन अवधि के लिए आर्थिक मदद हेतु 15000 रुपये प्रतिमाह प्रदान किया जाए साथ ही सैलून व्यवसायियों को 50,00000 रुपये का बीमा एवं शासन की गाइडलाइन के अनुसार सैनिटाइजर, पी.पी. ई. किट एवं कोरोना की सावधानी हेतु गाइडलाइन वाले पोस्टर शासन निःशुल्क उपलब्ध कराएं एवं सेलून व्यवसायियों को वैक्सीन में प्राथमिकता देकर अतिशीघ्र वैक्सीनेशन कराया जाए |

00 महाराष्ट्र में सर्वाधिक 1500 मामले
नई दिल्ली (शोर सन्देश)। कोरोना के कहर के बीच देश में म्यूकरमाइकोसिस यानी ब्लैक फंगस तेजी से पांव पसार रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में ब्लैक फंगस के अब तक 7251 मामले सामने आए हैं और 219 लोगों की मौत हुई है। गुरुवार को केंद्र सरकार ने कहा कि राज्यों को महामारी अधिनियम, 1897 के तहत ब्लैक फंगस को महामारी घोषित करना चाहिए। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर के तीन सरकारी अस्पतालों - लोक नायक, जीटीबी और राजीव गांधी अस्पताल को ब्लैक फंगस के लिए समर्पित केंद्र स्थापित करने के लिए कहा है। इससे पहले राजस्थान सरकार ने ब्लैक फंगस को महामारी घोषित कर दिया है। इसके साथ ही कई राज्य सरकारें अलर्ट पर हैं। सबसे प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र की स्थिति चिंताजनक है। यहां म्यूकरमाइकोसिस के 1,500 मामले हैं और इसके कारण 90 मौतें हुई हैं। इसके बाद नंबर आता है गुजरात का, जहां 1,163 मामलों का पता चला है और 61 लोगों की इससे मौत हो चुकी है। वहीं मध्य प्रदेश में म्यूकरमाइकोसिस के 575 मामले और 31 मौतें हुई हैं। हरियाणा में 268 मामले सामने आए हैं, जिसमें म्यूकरमाइकोसिस के कारण आठ मौतें हुई हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में म्यूकरमाइकोसिस के 203 मामले दर्ज किए गए हैं और इसके कारण एक मौत हुई है। उत्तर प्रदेश में म्यूकरमाइकोसिस के 169 मामले दर्ज किए गए हैं और इससे आठ मौतें हुई हैं। बिहार में अब तक 103 मामले आए हैं, म्यूकरमाइकोसिस के कारण 2 मौतें दर्ज की गई हैं। छत्तीसगढ़ के 101 लोगों में म्यूकरमाइकोसिस पाया गया है और इससे राज्य में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। कर्नाटक में म्यूकरमाइकोसिस के 97 मामले सामने आए हैं, आधिकारिक आंकड़ों में अब तक किसी की मौत नहीं हुई है। तेलंगाना में म्यूकरमाइकोसिस के 90 मामलों का पता चला है और 10 मौतें भी दर्ज की गई हैं।
00 एम्फोटेरिसिन बी दवा की डिमांड बढ़ी
इस बीच म्यूकरमाइकोसिस यानी ब्लैक फंगस के बढ़ते संक्रमण के कारण इसके इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली एंटी-फंगल दवा एम्फोटेरिसिन बी की डिमांड बढ़ गई है। दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को सुझाव दिया कि केंद्र देश में मांग को पूरा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दवा की खरीद करे।

गढ़चिरौली (शोर सन्देश)। महाराष्ट्र में नक्सल विरोधी अभियान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 13 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। बता दें कि महाराष्ट्र पुलिस की सी-60 यूनिट और नक्सिलयों के बीच मुठभेड़ हुई। गढ़चिरौली के डीआईजी संदीप पाटिल ने इसकी जानकारी दी। गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली के वन क्षेत्र से शुक्रवार को कम से कम 13 नक्सलियों के शव बरामद किए गए, जहां महाराष्ट्र पुलिस की सी -60 इकाई और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। गढ़चिरौली के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) संदीप पाटिल के अनुसार, ऑपरेशन महाराष्ट्र पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता थी और संभावना है कि मुठभेड़ में और नक्सलियों का सफाया हो। महाराष्ट्र पुलिस और नक्सलियों के बीच शुक्रवार तड़के एटापल्ली के पयडी-कोटमी जंगल में मुठभेड़ शुरू हो गई।

महासमुंद (शोर सन्देश)। महासमुंद जिले में पुलिस ने मंगलवार को 41.24 लाख नगद, 5 लक्जरी वाहन के साथ 11 जुआडियों को गिरफ्तार किया है। महासमुंद पुलिस द्वारा छत्तीसगढ राज्य में जुआ एक्ट में की गई अब तक कि सबसे बडी कार्यवाही है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने मीडिया को बताया कि 17 मई 2021 को सूचना मिली कि थाना तेन्दूकोना क्षेत्र ग्राम सम्हर के नेचर बास्केट फॉर्म हाउस में गुल नामक जुआ खेल रहे है। सूचना को गम्भीरता से लेते हुये सायबर सेल और थाना तेन्दूकोना पुलिस की टीम को पकडने हेतु निर्देशित किया गया। खिलाडी इतने शातिर थे कि पुलिस पार्टी की आने की सूचना देने के लिए आने-जाने वाले रास्तों पर वाचर लगाये थे और फॉर्म हाउस से दूर अपनी वाहनों को लगाकर खडे किये थे। सायबर सेल महासमुन्द की टीम व थाना तेन्दूकोना पुलिस की टीम के लिए यह एक चुनौती थी। सायबर सेल महासमुन्द पुलिस के द्वारा अलग-अलग टीम बनाकर बाईक व कार के माध्यम से फड तक पहुची और चारों ओर से घेराबंदी कर 11 जुआडियों को पकडा गया। जुआडियान के पास से कुल नगदी रकम 4124705/- रूपये तथा 05 लक्जरी कार एवं 12 नग विभिन्न कंपनियों के मंहगे मोबाईल कुल जुमला कीमती लगभग 12778705/- रू एवं गुल पासा (डाईस), टाईल्स जप्त कर जुआ एक्ट के तहत् थाना तेन्दूकोना में कार्यवाही की गयी है। यह सम्पूर्ण कार्यवाही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेम्भुरकर साहू एवं अनुविभागीय अधिकारी(पु) बागबाहरा सुश्री लितेश सिंह के निर्देशन में सायबर सेल महासमुन्द प्रभारी उप निरीक्षक संजय सिंह राजपूत व थाना प्रभारी तेन्दूकोना हर्ष धुरंधर सउनि विजय मिश्रा, प्रआर श्रवण कुमार दास, प्रवीण शुक्ला, मिनेश ध्रुव, प्रेमलाल कर, भुनेश्वर टण्डन आर. रवि यादव, चम्पलेश ठाकुर, शुभम पाण्डेय, पीयूष शर्मा, दिनेश साहू, देव कोसरिया, शैलेन्द्र ठाकुर, संदीप भोई, ललित यादव, हेमन्त नायक, योगेन्द्र दुबे, विरेन्द्र नेताम, राजकुमार रात्रे, किशोर साहू, कमल जांगडे, त्रिलोक ठाकुर, रवि बरिहा, दुर्गा प्रसाद दीवान, लितक ठाकुर, इन्द्रजीत ठाकुर, मआर. मीरा यादव की टीम द्वारा किया गया।
यह जुआड़ी पकड़े गए
टोनू उर्फ प्रशांत अग्रवाल पिता सूरज अग्रवाल उम्र 45 वर्ष सा. बागबाहरा महासमुन्द।
मनमीत गुरूदत्ता पिता बालसिंह गुरूदत्ता उम्र 41 वर्ष सा. गणेशपारा खरियार रोड ओडिसा।
मोहम्मद नवाब पिता मोहम्मद सुलेमान उम्र 38 वर्ष सा. हनुमान नगर कालीबाडी, रायपुर।
गणेश प्रसाद शुक्ला पिता देवी प्रसाद शुक्ला उम्र 62 वर्ष सा. देवेन्द्र नगर रायपुर।
सन्टी उर्फ हरपाल सिंह सलूजा पिता सुरजीत सिंह सलूजा उम्र 46 वर्ष सा. गुरूद्वारा पारा बागबाहरा महासमुन्द।
राकेश प्रसाद पिता जगन्नाथ प्रसाद उम्र 47 वर्ष सा. खुर्सीपार भिलाई, दुर्ग।
प्रदीप मोटवानी पिता सहजान मोटवानी उम्र 38 वर्ष सा. दीनदयाल कॉलोनी, भिलाई, दुर्ग।
देव कुम्हार पिता अवधराम कुम्हार उम्र 57 वर्ष सा. शीतला मंदिर के पीछे पुरानी बस्ती, रायपुर।
सुनील कुमार पिता रमेश कुमार उम्र 42 वर्ष सा. गंजपारा, रायपुर।
सौरभ कुमार जैन पिता सुभाष कुमार जैन उम्र 30 वर्ष सा. दीनदयाल उपाध्याय नगर, गोल चौक रायपुर।
योगेन्द्र गण्डेचा पिता मनसुखलाल गण्डेचा उम्र 54 वर्ष सा. बागबाहरा, महासमुन्द
साजीद मेमन पिता अब्दुल मेमन उम्र 38 वर्ष सा. रमन मंदिर वार्ड फाफाडीह रायपुर।

00 भारी बारिश से कर्नाटक में 4 की मौत, शाह ने बुलाई बैठक
पणजी (शोर सन्देश)। चक्रवाती तूफान तौकते गोवा के तटीय क्षेत्र से टकरा गया है। पणजी में इसका असर देखा गया। गोवा में चक्रवाती तूफान से भारी नुकसान की खबर है। गोवा के तट पर तेज हवाओं के साथ-साथ मूसलाधार बारिश भी हो रही है। इस बीच चक्रवात पर तैयारियों को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने समीक्षा बैठक बुलाई है। अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान तौकते को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी है। एक तरफ जहां कर्नाटक में साइक्लोन के बीच तेज बारिश की वजह से 4 लोगों की मौत हो गई और राज्य में कुल 73 गांव चक्रवाती तूफान से प्रभावित हुए हैं। वहीं यह तूफ़ान गोवा के तटीय क्षेत्र से भी टकरा गया है। पणजी में इसका असर देखा गया। गोवा में चक्रवाती तूफान से भारी नुकसान की खबर है, सड़कों पर कई जगह पेड़ गिर गए हैं। भारी पेड़ गिरने से सड़क किनारे खड़ी कार डैमेज हो गई है। गोवा के तट पर तेज हवाओं के साथ-साथ मूसलाधार बारिश भी हो रही है।
00 कर्नाटक के कई जिलों में भारी बारिश, 4 लोगों की मौत
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और दक्षिण कन्नड़ जिले में भारी बारिश हुई है। आईएमडी ने रविवार को पश्चिमी घाट क्षेत्र से सटे कुछ स्थानों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार बेलगावी, चिक्कमगलुरु, दक्षिण कन्नड़, हसन, कोडागु, शिवमोग्गा, उडुपी और उत्तर कन्नड़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
00 अमित शाह ने बुलाई समीक्षा बैठक
इस बीच चक्रवात पर तैयारियों को लेकर गृह मंत्री अमित शाह की समीक्षा बैठक जारी है। जिसमें गुजरात, महाराष्ट्र, दमन -दीव और दादर नगर हवेली राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारी शामिल हैं। चक्रवाती तूफान की आशंका के मद्देनजर गुजरात में हाई अलर्ट जारी है। सूरत ज़िले के 40 गांव और ओलपाड तहसील के 28 गांव को अलर्ट किया गया है। चक्रवाती तूफान के अलर्ट के चलते सूरत हजीरा से भावनगर के बीच चलने वाली रो-रो फेरी को 17-18 मई के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, सौराष्ट्र के पोरंबदर के 30 गांव में अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार माना जा रहा है कि ये चक्रवाती तूफान तौकते गुजरात के वेरावल और पोरबंदर के बीच मांगरोल के पास तट से टकराएगा।महाराष्ट्र, केरल और गुजरात के तटों पर तीन दिन तक तूफान का असर रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि चक्रवाती तूफान के दौरान 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी ने कहा कि 17 मई को मुंबई सहित उत्तरी कोंकण में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलेंगी और भारी बारिश होगी। तूफान के खतरे को देखते हुए पीएम मोदी ने शनिवार को हाईलेवल मीटिंग की और तैयारियां का जायजा लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने राहत-बचाव के सभी इंतजाम करने और लोगों की सुरक्षा के निर्देश दिए हैं।
00 अलर्ट पर कोस्ट गार्ड
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन में तौकते नाम का तूफान केरल, गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है। जिसके लिए एनडीआरएफ की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। अनुमान है कि 18 मई को चक्रवाती तूफान गुजरात के वेरावल और पोरबंदर के बीच मांगरोल के पास तट से टकराएगा। गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र के समुद्री इलाकों में साइक्लोन को लेकर कोस्ट गार्ड अलर्ट पर है। साथ ही मछुआरों को समंदर से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।
00 गुजरात में लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचे में जुटे बीएसएफ जवान
गुजरात के समुद्र तट पर चक्रवाती तूफान का संकट मंडरा रहा है. इस बीच गुजरात के संवेदनशील बॉर्डर भारत-पाक सीमा (कच्छ बॉर्डर) पर बीएसएफ ने भी अपना मोर्चा संभाल लिया है। कच्छ के क्रीक बॉर्डर इलाके में मछुआरों को समुद्र किनारे जाकर मछलियां ना पकड़ने की सलाह दी गई है। साथ ही में चक्रवाती तूफान के बीच पाकिस्तान के समुद्री रास्ते से कोई नापाक घुसपैठ की हरकत न हो इसके लिए बीएसएफ के जवान कच्छ के क्रीक इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान के अगले कुछ घंटों में `अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान` में बदलने की संभावना है। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिमी दिशा की तरफ बढ़ने और लगभग 18 मई को पोरबंदर तथा नलिया के बीच गुजरात तट को पार करने की उम्मीद है। केंद्र और तटीय राज्यों की सरकारें चक्रवात से निपटने की तैयारी कर रही हैं।

रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन 15 और 17 मई के बाद आगे बढ़ने के कयास लगाए जा रहे थे, इसी क्रम में राज्य सरकार ने लॉकडाउन को 31 मई तक आगे बढ़ने के निर्देश जारी किये हैं। राज्य सरकार ने इस दौरान संभाग के कमिश्नरों, जिलों के कलेक्टर और एसपी को कोरोना संक्रमण के मामले को देखते हुए निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।
सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देश के अनुसार राज्य में जहां कोरोना संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं वहां, सभी सरकारी, श्रम सुरक्षा और कोरोना एसओपी प्रोटोकॉल के लागू होने पर निजी निर्माण गतिविधियां प्रारम्भ होंगी। किराना और दैनिक जरूरतों, सब्जियों और फलों से संबंधित केवल व्यक्तिगत दुकानें/व्यक्तिगत दुकानें खुलने के बावजूद होम डिलीवरी को बढ़ावा मिलता रहेगा। मांस, मुर्गी, अंडे, मछली, दूध, दूध उत्पाद बेचने वाली दुकानें। यहां भी होम डिलीवरी को बढ़ावा मिलता रहेगा।
बैंक, डाकघर सभी ग्राहकों के लिए खुल जायेंगे, लेकिन 50% कर्मचारियों के साथ और उचित सामाजिक/शारीरिक दूरी के उपाय लागू रहेंगे। सभी रजिस्ट्रियों के लिए बुनियादी कर्मचारियों के साथ रजिस्ट्री कार्यालय ऑनलाइन टोकन प्रणाली के साथ कार्य करेंगे। लोक सिलाई केंद्र/पसंद केंद्र भी खुल जायेंगे।
इसके साथ ही सरकार ने प्रतिबंध के साथ स्थापित बाजार दैनिक आधार पर खोले जा सकते हैं, लेकिन ऑड-ईवन नंबर की दुकानें वैकल्पिक दिनों में खुल सकती हैं, या वैकल्पिक रूप से सप्ताह में 6 दिन, वैकल्पिक दिनों में सड़क के दोनों ओर दुकानें खोली जा सकती हैं। ज़ोन आधारित दुकानों के खोलने या बंद करने पर किसी भी जिले को लागू नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। संभाग के कमिश्नर, जिलों के कलेक्टर और एसपी स्थानीय व्यापारी संघों के परामर्श से तौर-तरीके तय करेंगे। शाम 5 बजे तक थोक अनाज की दुकानों को अनुमति दी जाएगी। ई-कॉमर्स जैसे अमेज़न और फ्लिपकार्ट को अनुमति दी जाएगी। रात 10 बजे तक होटल और रेस्तरां से होम डिलीवरी की अनुमति होगी। भोजन के आर्डर रात 9 बजे तक लिए जा सकते हैं। लोड हो रहा माल, थोक सब्जियों और फलों को उतारने का काम किसी भी समय रात 10.00 बजे से सुबह 6.00 बजे के बीच किया जा सकता है। जिला प्रशासन स्थानीय समय तय कर सकता है, लेकिन सुबह छह बजे के बाद की अनुमति नहीं दी जा सकती। प्लंबिंग, इलेक्ट्रिकल्स, हार्डवेयर, एसी, कूलर जैसी स्थानीय व्यक्तिगत और निर्माण संबंधी दुकानें सप्ताह में 6 दिन खोलने की अनुमति दी जा सकती है। अधिकतम 10 व्यक्तियों के लिए अनुमति के साथ विवाह और अंतिम संस्कार की अनुमति दी जा सकती है। सरकार ने नहीं खोले जाने वाले व्यापार की जानकारी भी जारी की है, जिसके अनुसार सभी मंडी और सब्जी बाजार (रायपुर में शास्त्री मार्केट जैसे बड़े बाजार) जनता के लिए नहीं खुलेंगे। होटल और रेस्तरां (केवल होम डिलीवरी की अनुमति है)। मैरिज हॉल, सिनेमा हॉल, जिम, मॉल, क्लब, स्विमिंग पूल, सुपर मार्केट, पार्क, शोरूम, अन्य सामान्य स्थान, समूह उपस्थिति वाले सभी धार्मिक स्थल, सभी सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक सभा, सार्वजनिक विरोध निषिद्ध रहेंगे। कोचिंग कक्षाएं, स्कूल और कॉलेज (छात्रों के लिए), छात्रावास (केवल परीक्षा देने वाले छात्रों को छोड़कर) सरकार के अनुसार परीक्षा की अनुमति दी जा सकती है। शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी (केवल ऑनलाइन डिलीवरी की अनुमति होगी), तेलीबांधा, बूढ़ातालाब, जंगल सफारी सहित अन्य राष्ट्रीय उद्यान और अभ्यारण्य जैसे पर्यटक स्थल 31 मई तक बंद रहेंगे। पान ठेला, गोलगप्पे ठेले, और इसी तरह के मोबाइल भोजनालयों, चौपाटी, ठेला और सड़क किनारे छोटी भोजनालयों की दुकानों की अनुमति नहीं है। सैलून/स्पा, सरकार में जनता की आवाजाही या उपस्थिति, कार्यालय, विशिष्ट आदेशों को छोड़कर, सभी दुकानें और प्रतिष्ठान रविवार को छोड़कर प्रत्येक कार्य दिवस पर शाम 5.00 बजे के बाद बंद रहेंगे, और अगले कार्य दिवस को खोलने के अपने सामान्य कार्यक्रम के अनुसार खुलेंगे। शाम 5.00 बजे से रात 6 बजे तक रात के लॉकडाउन का पूर्ण प्रवर्तन होगा। हर रविवार को पूर्ण रूप से लॉकडाउन रहेगा। केवल पेट्रोल पंप, अस्पताल चिकित्सा प्रतिष्ठान, दवा की दुकानें, पीडीएस दुकानें, दूध होम डिलीवरी, पालतू जानवर की दुकानें, एलपीजी, समाचार पत्र और फलों, सब्जियों की होम डिलीवरी, और अन्य अनुमत वस्तुओं और सेवाओं को रविवार को अनुमति दी जाएगी।
रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव के जिले में उपरोक्त छूट प्रदान किया जा सकता है। हालांकि, राज्य-व्यापी एकरूपता के हितों में, यह दृढ़ता से सलाह दी जाती है कि कोई भी जिला अधिक आराम की अनुमति नहीं देगा। इन आदेशों के साथ जिला कलेक्टर को आदेश जारी करने के निर्देश राज्य सरकार ने जारी कर दिए हैं।

00 मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, मछुआरों को वापस लौटने को कहा
कोट्टायम (शोर सन्देश)। अरब सागर से उठा इस साल का पहला चक्रवाती तूफान तौकाते तेजी से आगे बढ़ रहा है। शुक्रवार को केरल के कोट्टायम तट पर इसके कारण भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में इसका रूप और विकराल होगा और 18 मई की सुबह तक इसके गुजरात पहुंचने के आसार हैं, जहां इससे भारी तबाही की आशंका है। इस बीच एनडीआरएफ ने 53 टीमों को राहत कार्य के लिए तैनात करने की तैयारी कर ली है। तूफान तौकाते की दस्तक से कोट्टायम में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने भी अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया था। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक कोट्टायम के अलावा दक्षिण केरल के कुछ इलाकों में सुबह 8:30 बजे से भारी बारिश दर्ज की गई। अनुमान है कि जैसे-जैसे तूफान आगे बढ़ेगा कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, लक्षद्वीप के तटीय इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को अरब सागर और लक्षद्वीप के इलाके में दबाव वाला क्षेत्र बना था और तूफान के शनिवार सुुबह तक गहरे दबाव में परिवर्तित होने के आसार हैं। यहां से चक्रवाती तूफान का रूप लेते हुए यह अगले 24 घंटे में और आगे बढ़ेगा। इसके बाद विकराल रूप लेता हुआ यह तूफान उत्तर से होते हुए उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा। तौकाते 18 मई की शाम तक गुजरात व उससे लगते पाकिस्तानी तटीय क्षेत्र के तट से टकरा सकता है और इससे वहां भारी तबाही होने की आशंका है।
00 म्यांमार ने दिया नाम, सरल भाषा में अर्थ ‘छिपकली’
भारतीय तट से गुजरने वाले साल के पहले चक्रवाती तूफान को ‘तौकाते’ नाम म्यांमार ने दिया है, इसका अर्थ है ‘गेको’ यानी छिपकली।
00 एनडीआरएफ की 53 टीम मोर्चा लेने को तैयार
चक्रवाती तूफान तौकाते से मोर्चा लेने के लिए पांच राज्यों में एनडीआरएफ की 53 टीमें तैयार हैं। एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान ने शुक्रवार को ट्वीट कर बताया कि इनमें से 24 को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और महाराष्ट्र में तैनात कर दिया गया है वहीं शेष 29 टीमों को तैयार रखा गया है।00 बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के आसार मौसम विभाग ने अरब सागर से उठे तूफान तौकाते के 16-19 मई तक बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका जताई है। साथ ही शुक्रवार को अलर्ट जारी किया है कि गुजरात समेत अन्य आसपास के तटीय इलाकों में 175 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
00 रायगढ़ तट पर लौटीं 142 नावें
चक्रवाती तूफान की चेतावनी के बाद शुक्रवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ तट पर मछुआरे 142 नावों के साथ लौट आए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक तूफान 16 मई को मुंबई और कोंकण से गुजर सकता है। अरब सागर से लगे इन इलाकों में भारी बारिश होगी। वहीं रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग जिलों में रविवार और सोमवार को भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।