ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

बिहार में आरक्षण मामले पर सुप्रीम कोर्ट से नोटिस जारी

06-Sep-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  बिहार में जातीय गणना के बाद आरक्षण के दायरे को बढ़ाया गया था. अनुसूचित जातियों (एससी), अनुसूचित जनजातियों (एसटी), अत्यंत पिछड़े वर्गों (ईबीसी) और अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) के लिए आरक्षण के दायरे को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 65 प्रतिशत किया गया था. बिहार सरकार के इस फैसले पर पटना हाईकोर्ट ने रोक लगा दिया था. हाईकोर्ट के फैसले को बिहार सरकार और राजद दोनों की ओर से चैलेंज किया गया था. पहले बिहार सरकार और फिर आरजेडी ने इससे जुड़ी याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की थी.
राजद की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अहम फैसला लिया . शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने आरजेडी की याचिका को बिहार सरकार की याचिका के साथ अटैच किया है. इस मामले की सुनवाई अदालत आगे करेगी. वहीं राजद की इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है.
हाईकोर्ट के फैसले पर रोक से इंकार कर चुका है सुप्रीम कोर्ट
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई में आरक्षण मामले से जुड़ी एक सुनवाई में पटना हाईकोर्ट के फैसले को रद्द करने से मना किया था. सितंबर में इस मामले की सुनवाई तय की गयी थी. राजद इस मामले में पहले पार्टी नहीं थी. पहले बिहार सरकार और फिर राजद ने भी इस मामले में याचिका दायर की. वरीय अधिवक्ता पी विल्सन राजद की ओर से राजद का पक्ष रख रहे हैं.

दिल्ली में बारिश ने मौसम कर दिया कूल-कूल

06-Sep-2024
नई दिल्ली:  ( शोर संदेश )  दिल्ली में आज सुबह-सुबह अच्छी बरसात के बाद मौसम सुहाना हो गया है। लगातार चल रहीव ठंडी हवाओं ने मौसम खुशनुमा कर रखा है। हालांकि सवेरे की बरसात ने दफ्तर जाने वाले लोगों के लिए जरूर परेशानी खड़ी की। देश की राजधानी दिल्ली और सटे एनसीआर इलाकों में कई जगह जलभराव भी देखा गया। आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद कुछ दिनों के लिए बारिश हल्की पड़ जाएगी। 13 सितंबर के बाद एक बार फिर बारिश वापसी कर सकती है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है। 7 से 9 सितंबर तक बारिश हल्की रहेगी। बादल छाए रहेंगे। तापमान में इजाफा होगा। अधिकतम तापमान 34 से 36 और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री तक रह सकता है। वहीं 10 और 11 सितंबर को मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 35 से 36 और न्यूनतम 25 से 26 डिग्री तक रह सकता है।

डॉक्टर का नहीं हुआ गैंगरेप, सिर्फ संजय रॉय ने किया कांड? आरजी कर केस में बड़ा अपडेट

06-Sep-2024
कोलकाता। ( शोर संदेश )  पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में हुए रेप और मर्डर केस की जांच जारी है। इसी बीच खबरें हैं कि सीबीआई यानी सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने घटना में गैंगरेप की बात से इनकार किया है। हालांकि, अब तक केंद्रीय एजेंसी की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। पुलिस ने इस मामले में संजय रॉय नाम के शख्स को गिरफ्तार किया था।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, सीबीआई ने गैंगरेप की आशंकाओं से इनकार कर दिया है। साथ ही कहा है कि सबूत इशारा कर रहे हैं कि इसमें सिर्फ रॉय ही शामिल था। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि जांच अब अंतिम चरण में हैं और एजेंसी जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर सकती है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने सीबीआई को मामले की जांच सौंपी थी।

रिपोर्ट के अनुसार,एजेंसी ने आरोपी के डीएनए सैंपल समेत मेडिकल रिपोर्ट को एम्स के एक्सपर्ट्स के पास भेजा है। डॉक्टर की अंतिम राय जानने के बाद एजेंसी जांच पूरी करेगी। चैनल से बातचीत में सूत्रों ने यह भी बताया कि सीबीआई के पास यह मानने की कोई वजह नहीं है कि डॉक्टर के बलात्कार और हत्या में कोई और भी शामिल था। महिला डॉक्टर का शव 9 अगस्त को कॉलेज की सेमीनार हॉल में मिला था।
संदीप घोष के ठिकानों पर छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष और उनके तीन सहयोगियों के आवासों पर शुक्रवार को एक साथ तलाशी ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। घोष के बेलियाघाटा स्थित आवास और हावड़ा तथा सुभाषग्राम में दो स्थानों पर छापेमारी की गई। चारों पहले से ही सीबीआई की हिरासत में हैं।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘हम सुबह करीब छह बजकर 15 मिनट पर इन स्थानों पर पहुंचे और छापेमारी शुरू की।’ ईडी ने घोष के खिलाफ प्रवर्तन मामले की सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की है, जो आपराधिक मामलों में प्राथमिकी के समान है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 23 अगस्त को सरकारी अस्पताल में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच को राज्य द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) से सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया।
 

दिल्ली-यूपी से लेकर राजस्थान में आज झमाझम बारिश

05-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश हो रही है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हिमाचल, बिहार और हरियाणा समेत आज यानी गुरुवार को कई राज्यों में बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आज यानी 5 सितंबर को देश की राजधानी दिल्ली में बारिश के आसार हैं। इससे एक दिन पहले भी दिल्ली में झमाझम बारिश हुई थी, जिससे तापमान कमी दर्ज की गई थी।

शिमला में 1947 के पहले की मस्जिद पर क्यों मचा है बवाल, विधानसभा तक गरमाया मुद्दा

05-Sep-2024
शिमला    ( शोर संदेश )   के संजौली में मस्जिद को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. दो समुदाय के युवकों में लड़ाई के बाद इस मस्जिद को गिराने की मांग की जा रही है. यह मांग हिंदू संगठनों ने की है. आरोप लगाया जा रहा है कि यह मस्जिद अवैध रूप से बनाई गई है. हालांकि यह मस्जिद 1947 से पहले की है और इसमें दो मंजिल बिना अनुमति के बनाई गई है. इस पूरे मामले को लेकर संजौली में माहौल काफी तनावपूर्ण है.

शिमला के संजौली में मस्जिद तोड़ने को लेकर हिन्दू संगठन अड़े हुए हैं. कांग्रेस के मंत्री ने भी मस्जिद को तोड़ने की मांग उठाई है. चार दिन पहले हिंदू संगठनों ने रैली निकाली, जिसमें शिमला नगर निगम के कांग्रेस के तीन पार्षद भी शामिल हुए और मस्जिद के बाहर धरना प्रदर्शन किया और मस्जिद में हुए निर्माण को गिराने की मांग उठाई. शहर में यूपी सहारनपुर के लोगो की दुकानें भी बंद करवा दी गई.
कांग्रेस के मंत्री ने मस्जिद को तोड़ने की मांग उठाई

वहीं यह मामला विधानसभा में भी उठा. कांग्रेस के ही मंत्री ने इस मस्जिद को तोड़ने की मांग उठाई. कांग्रेस सरकार में मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मस्जिद को तोड़ने की मांग उठाई और बाहर से आने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों पर नजर रखने की भी मांग उठाई और उन्होंने यहां तक कह दिया कि कोई बांग्लादेशी रोहंगिया, पाकिस्तान या कोई आतंकवादी भी बे रोक टोक आ जाएगा.

पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि यह किसी धार्मिक स्थल का मामला नहीं है. यह वैध और अवैध निर्माण का मामला है. 2010 में इसका निर्माण शुरू हुआ. यहां पर पहले दुकान हुआ करती थी. इस मामले में कई बार नोटिस दिए गए लेकिन यहां पर जो निर्माण हुआ वह 6750 स्क्वायर फुट तक पहुंच गया. यह जमीन हिमाचल प्रदेश सरकार की है. सरकार की जमीन पर कोई इस तरह निर्माण नहीं कर सकता.

सवाल यहां यह है कि इसका नक्शा किस तरह पास हो गया. इस मामले में नगर निगम शिमला की गलती है. आज सदन में भी यह मामला उठा है. मुख्यमंत्री से भी विभिन्न संगठनों के सदस्यों से मीले हैं. मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है इसपर कार्रवाई होगी. मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि तहबाजारी नियमों को भी सख्ती से लागू किया जाए.

एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात, अब आगरा-वाराणसी का सफर मात्र सात घंटे में होगा पूरा

05-Sep-2024
आगरा।   ( शोर संदेश )  दो दिन में आगरा रेल मंडल को दूसरी वंदे भारत मिल गई है। रेलवे बोर्ड ने आगरा से वाराणसी के मध्य वंदे भारत के संचालन को मंजूरी दे दी है। 573 किमी की दूरी सात घंटे में तय होगी। अभी इस दूरी को तय करने में दस घंटे से अधिक का समय लगता है।
मंडल की यह चौथी वंदे भारत होगी। इसकी औसत गति 81.86 किमी प्रति घंटा होगी। रेलवे द्वारा जल्द ही ट्रेन का किराया और संचालन की तारीख घोषित की जाएगी। इस ट्रेन के चलने से आगरा के पर्यटन को पंख लगेंगे। 

एमसीडी कमेटी चुनाव से ठीक पहले केंद्र ने बढ़ाई एलजी की पावर, अब आयोग-बोर्ड का गठन और नियुक्तियां भी कर सकेंगे

04-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   एमसीडी में 12 वार्ड समितियों के चुनाव से ठीक पहले केंद्र सरकार ने दिल्ली के उपराज्यपाल को शक्तियां बढ़ा दी हैं. इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. एलजी को अब दिल्ली महिला आयोग, दिल्ली विद्युत नियामक आयोग जैसे किसी भी प्राधिकरण, बोर्ड और आयोग के गठन का पूर्ण अधिकार दे दिया गया है. गजट नोटिफिकेशन में कहा गया, 'राष्ट्रपति ने संसद द्वारा अधिनियमित कानूनों के तहत दिल्ली के लिए किसी भी प्राधिकरण, बोर्ड, आयोग या वैधानिक निकाय का गठन और सदस्यों की नियुक्ति करने की शक्ति उपराज्यपाल को सौंपी है.'
गजट अधिसूचना के सार्वजनिक होने के तुरंत बाद लेफ्टिनेंट गवर्नर वीके सक्सेना ने बड़ा कदम उठाया है और एमसीडी वार्ड समिति चुनावों के लिए पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति की है. इससे पहले मंगलवार देर शाम मेयर शैली ओबेरॉय ने चुनाव कराने के लिए पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति करने से इनकार कर दिया था. शैली का कहना था कि उनकी अंतरात्मा उन्हें 'अलोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया' में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं देती है. अब उपराज्यपाल ने आदेश दिया है कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और स्थायी समिति के सदस्यों के पदों के लिए चुनाव निर्धारित कार्यक्रम (4 सितंबर) के अनुसार ही होंगे. 
अधिसूचना में क्या कहा गया? 
फिलहाल, अधिसूचना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली शासन अधिनियम, 1991 (1992 का 1) की धारा 45डी के साथ संविधान के अनुच्छेद 239 के खंड (1) के तहत जारी की गई है. अधिसूचना में कहा गया है, राष्ट्रपति निर्देश देती हैं कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के उपराज्यपाल, राष्ट्रपति के नियंत्रण के अधीन रहते हुए तथा अगले आदेश तक उक्त अधिनियम की धारा 45डी के खंड (क) के अधीन राष्ट्रपति की शक्तियों का प्रयोग किसी प्राधिकरण, बोर्ड, आयोग या किसी वैधानिक निकाय के गठन के लिए करेंगे. चाहे उसे किसी भी नाम से जाना जाता हो या ऐसे प्राधिकरण, बोर्ड, आयोग या किसी वैधानिक निकाय में किसी सरकारी अधिकारी या पदेन सदस्य की नियुक्ति के लिए करेंगे.
संविधान का अनुच्छेद 239 केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन से संबंधित है. इसमें कहा गया है, संसद द्वारा कानून द्वारा अन्यथा प्रदान किए गए को छोड़कर, प्रत्येक केंद्र शासित प्रदेश को राष्ट्रपति द्वारा उस सीमा तक प्रशासित किया जाएगा, जहां तक वह उचित समझे. एक प्रशासक के माध्यम से जिसे वह निर्दिष्ट पदनाम के साथ नियुक्त करेगा.
 

पीएम मोदी ने सिंगापुर में जमकर बजाया ढोल, कुछ इस अंदाज में आए नजर

04-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )    ब्रुनेई दौरे के बाद पीएम मोदी सिंगापुर के दौरे पर पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया. पीएम मोदी यहां कुछ अलग अंदाज में ही नजर आए. वे महाराष्ट्र के रंग में रंगे दिखाई दिए. उन्होंने यहां जमकर ढोल बजाया. 
आपको बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्र के साथ रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने के उद्देश्य से दो दिवसीय यात्रा पर बुधवार को सिंगापुर पहुंचे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ब्रुनेई की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा समाप्त करने के बाद सिंगापुर के अपने समकक्ष लॉरेंस वोंग के निमंत्रण पर इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश की अपनी पांचवीं आधिकारिक यात्रा के तहत यहां पहुंचे. नई दिल्ली में अधिकारियों ने बताया कि दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री सिंगापुर के नेतृत्व की तीन पीढ़ियों से जुड़ेंगे.
पीएम मोदी का गुरुवार को संसद भवन में आधिकारिक स्वागत किया जाएगा. गुरुवार को प्रधानमंत्री सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम से मुलाकात भी करेंगे. सिंगापुर रवाना होने से पहले जारी एक बयान में मोदी ने कहा था कि मैं सिंगापुर के साथ, विशेष रूप से एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटलाइज और सस्टेनेबल डेवलपमेंट के नये एवं उभरते क्षेत्रों में हमारी रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने के उपायों पर बातचीत को लेकर उत्सुक हूं. उधर, नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि दोनों नेता भारत-सिंगापुर रणनीतिक साझेदारी की प्रगति का जायजा लेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे. पीएम मोदी ने पिछली बार वर्ष 2018 में सिंगापुर की यात्रा की थी.

कंगना की इमरजेंसी को नहीं मिली तुरंत राहत, 18 सितंबर से पहले नहीं हो पाएगी रिलीज

04-Sep-2024
मुंबई।   ( शोर संदेश )  कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ को तुरंत राहत देने से बॉम्बे हाई कोर्ट ने इनकार कर दिया है। हाई कोर्ट ने सेंसर बोर्ड को निर्देश दिया है कि वह फिल्म को लेकर पेश की गईं आपत्तियों पर विचार करे और 18 सितंबर तक सर्टिफिकेट जारी करे। अदालत के इस आदेश के बाद यह तो तय हो गया है कि फिल्म की  रिलीज कम-से-कम दो सप्ताह के लिए टल जाएगी। पहले फिल्म 6 सितंबर को रिलीज होनी थी।
इसके साथ ही अदालत ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के उस निर्देश पर कोई भी आदेश पारित करने से इनकार कर दिया, जिसमें सेंसर बोर्ड को फिल्म के सर्टिफिकेशन से पहले आपत्तियों पर विचार करने का निर्देश दिया गया था। जr एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने याचिका दायर कर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को कंगना रनौत निर्देशित फिल्म 'इमरजेंसी' के लिए प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश देने का अनुरोध किया था। याचिका में दावा किया गया था कि सेंसर बोर्ड के पास प्रमाणपत्र तैयार है, लेकिन फिल्म की रिलीज के बाद कानून और व्यवस्था के बिगड़ने की आशंका पर वह इसे जारी नहीं कर रहा।
जस्टिस बी पी कोलाबावाला और जस्टिस फिरदौस पूनीवाला की बेंच ने बुधवार को निर्माता की इस दलील को स्वीकार कर लिया कि प्रमाणपत्र तैयार है, लेकिन जारी नहीं किया गया। बेंच ने कहा कि जब फिल्म के निर्माताओं को एक बार ऑनलाइन प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया तो सीबीएफसी का यह तर्क सही नहीं है कि प्रमाणपत्र जारी नहीं किया गया क्योंकि उस पर अध्यक्ष के हस्ताक्षर नहीं थे। हालांकि, अदालत ने कहा कि अगर एमपी हाई कोर्ट का आदेश नहीं होता तो वह बुधवार को ही सीबीएफसी को प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दे देती।

मुलायम सिंह की बहू अपर्णा यादव को बीजेपी ने दी बड़ी जिम्मेदारी

04-Sep-2024
उत्तर   ( शोर संदेश )   प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को यूपी बीजेपी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बबीता चौहान को राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया। जबकि अपर्णा यादव को आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अपर्णा यादव जनवरी 2022 में भाजपा में शामिल हुई थीं। ढाई साल बाद उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले अपर्णा यादव ने भाजपा का दामन थामा था। जिसके बाद ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि भगवा पार्टी उन्हें चुनाव लड़ाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद कई मौके आए जब अपर्णा यादव के विधानपरिषद सदस्य बनने या उपचुनाव में भाजपा द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा चली, लेकिन ये बातें भी अटकलें साबित हुईं। भाजपा संगठन में भी अपर्णा यादव को बीते ढाई साल से कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिल सकी थी। हालांकि, वो पार्टी के लिए निरंतर लगी रहीं।
अपर्णा यादव को यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष बनाए जाने की अधिसूचना 3 सितंबर की शाम जारी हुई। महिला कल्याण अनुभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल आनंदबेन पटेल ने आगरा की बबीता चौहान को यूपी महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया है। अपर्णा यादव के साथ गोरखपुर की चारू चौधरी को आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा आयोग में 25 सदस्य हैं।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account