ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

मोहम्मद शमी की टीम में वापसी, कब खेलेंगे पहला मैच

12-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल के बाद से भारतीय फैंस मोहम्मद शमी की तेज गेंदबाजी का जादू नहीं देख पाए हैं। लेकिन अब बस ये इंतजार खत्म होने वाला है क्योंकि शमी मैदान पर वापसी करने वाले हैं. मोहम्मद शमी को बंगाल की रणजी टीम में जगह मिली है और वो मध्य प्रदेश के खिलाफ अगला मुकाबला खेलेंगे. बंगाल और मध्य प्रदेश का रणजी ट्रॉफी मुकाबला 13 नवंबर को होल्कर स्टेडियम में होगा, जहां शमी की रफ्तार और सीम-स्विंग का जलवा देखने को मिलेगा. मोहम्मद शमी वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल के बाद से चोटों से जूझ रहे थे जिसके बाद उनकी सर्जरी भी हुई. वो रिकवरी के दौरान भी चोटिल हुए लेकिन अब ये खिलाड़ी पूरी तरह फिट है.

शमी चोट की वजह से बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं बना पाए क्योंकि वो सेलेक्शन से पहले फिर अनफिट हो गए थे. लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरा बहुत लंबा है और मुमकिन है कि शमी को टीम इंडिया बुलाए. अगर शमी रणजी ट्रॉफी में कमाल प्रदर्शन कर देते हैं तो कौन जानता है कि शमी को ऑस्ट्रेलिया से बुलावा आ जाए. शमी का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका है और इस खिलाड़ी की टीम को बहुत दरकार भी है. वो इसलिए क्योंकि रेड बॉल से शमी ने भारत को विदेश में कई टेस्ट सीरीज जिताई हैं. बुमराह के साथ उनकी जोड़ी विरोधी बल्लेबाजों पर कहर ढा सकती है. 

देहरादून में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराकर चकनाचूर हुई कार, 6 युवक-युवतियों की मौके पर मौत

12-Nov-2024
देहरादून।  ( शोर संदेश ) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार रात हुए एक दर्दनाक हादसे में छह युवक और युवतियों की मौत हो गई. हादसे में कार पेड़ से टकराकर चकनाचूर हो गई. इस हादसे में एक शख्स घायल हुआ है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, कार पहले कंटेरन से टकराई और उसके बाद एक पेड़ में घुस गई. जिससे कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे में कार सवार तीन युवक और तीन युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार देर रात करीब दो बजे कैंट इलाके के ओएनजीसी चौक के पास हुआ. जहां एक कार में चार युवक और तीन युवतियां घूमने निकले थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार पहले कंटेनर टकराई और उसके बाद इनोवा कार दूसरी दिशा में जाकर एक पेड़ से टकरा गई. जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में तीन युवक और तीन युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि कार सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. कार में सवार सभी लोगों की उम्र 25 साल से कम बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा के लिए भेजा है. साथ ही कंटेनर को भी कब्जे में ले लिया है.
हादसे में मारे गए लोगों में गुनीत (19) पुत्री तेज प्रकाश सिंह, नव्या गोयल (23) पुत्री पल्लव गोयल, कामाक्षी (20) पुत्री तुषार सिंघल, कुणाल कुकरेजा (23) पुत्र  जसवीर कुकरेजा, अतुल अग्रवाल (24) पुत्र सुनील अग्रवाल और ऋषभ जैन (24) पुत्र तरुण जैन शामिल हैं. इनमें कुणाल कुकरेजा हिमाचल के चंबा के रहने वाला था, जबकि बाकी सभी लोग देहरादून के ही निवासी थे. इस हादसे में सिद्धेश अग्रवाल (25) गंभीर रूप से घायल हुआ है।
इस हादसे में घायल हुआ युवक सिद्धेश अग्रवाल (25) पुत्र विपिन कुमार अग्रवाल देहरादून का ही रहने वाला था. वह देहरादून के आसियाना शोरूम मधुबन के सामने राजपुर रोड पर रहता था. सिद्धेश को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 

सांसों पर संकट, दिल्ली-NCR में कई इलाकों में AQI 'बेहद खराब'; ड्रोन से की जा रही पानी की बौछार

10-Nov-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  मौसमी उतार चढ़ाव के बीच रविवार को भी दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर ही रहा। यह 18.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहने के आसार हैं। दिन में आसमान साफ ही रहने की संभावना है।
दूसरी तरफ हवा चलने से आज दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) कई दिनों के बाद 350 से नीचे आया है। हालांकि प्रदूषण को श्रेणी अभी भी बहुत खराब ही है, लेकिन आज रविवार सुबह 10 बजे यह 333 रिकॉर्ड किया गया।
एक्यूआईसीएन के अनुसार, सुबह 10 बजे जहांगीरपुरी में एक्यूआई 384, आनंद विहार में 254 और मेजर ध्यानचंद स्टेडियम के पास एक्यूआई 288 दर्ज किया गया, जो प्रदूषण की बेहद खराब श्रेणी में आता है। 
वहीं पीएम-2.5 का स्तर 118 से 177 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के बीच रिकॉर्ड किया गया। यह बौछार की शुरुआत से पहले के दिनों की तुलना में कम रहा। यह सिलसिला एक सप्ताह तक चलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि ड्रोन जितने दिन उड़ेगा, उसके डाटा के विश्लेषण के आधार पर सही नतीजे तक पहुंचा जा सकेगा। एक दिन के डाटा के आधार पर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
आठ मिनट में खाली हो रहा टैंक
ड्रोन के टैंक में 15 लीटर पानी आता है। आठ मिनट की बौछार में इसका टैंक खाली हो जाता है। ड्रोन के जरिये पानी की बौछार कर रही कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि ड्रोन में छह नोजल लगे हैं, जिनसे 100 माइक्रोन की बौछार एक समय में होती है। उन्होंने बताया कि बौछार के लिए नोजल को 50 से 200 माइक्रोन तक सेट किया जा सकता है। माइक्रोन का स्तर न्यूनतम तक घटाने पर 12 मिनट तक ड्रोन से बौछार की जा सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ रही है एयर प्यूरीफायर की मांग
करोलबाग के अजय अग्रवाल ने हाल ही में एयर प्यूरीफायर खरीदा है, क्योंकि उनके बुजुर्ग पिता को वायु प्रदूषण का लेवल बढ़ने के साथ सांस लेने में परेशानी आने लगी है। वह कहते हैं कि चिकित्सकों ने उनके लिए सांस संबंधित समस्या के लिए प्रदूषण को बताया है और कहा है कि उनके पिता बाहर कम से कम निकले।
दिल्ली-एनसीआर में ऐसे बहुत से परिवार हैं, जिनके घर में इन वर्षों में एसी, फ्रिज समेत अन्य जरूरी इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों की तरह एयर प्यूरीफायर भी जरूरत का उपकरण बन गया है। इसलिए इस उत्पाद का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इस वर्ष पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत अधिक मांग की उम्मीद लगाई जा रही है।
बाजार के जानकारों के अनुसार, इस वर्ष दिल्ली-एनसीआर में एयर प्यूरीफायर की बिक्री का आंकड़ा दो हजार करोड़ रुपये के आस-पास रह सकता है। हर वर्ष ठंड के मौसम में प्रदूषण बढ़ने के कारण एयर प्यूरीफायर की बिक्री में तेजी आती है, जिससे यह कमोबेश हर इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर नजर आने लग गया है। जहां, इसके संबंध में पूछताछ के साथ ही बिक्री हो रही है।
 

महाराष्ट्र के लिए भाजपा का संकल्प पत्र- किसानों से कर्जमाफी का वादा, 25 लाख लोगों को नौकरी

10-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी हो गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को मुंबई में भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। इसमें पार्टी ने किसानों और महिलाओं को फोकस में रखा है। इस दौरान पार्टी के कई अन्य सीनियर नेता भी मौजूद रहे। इनमें डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखकर बावनकुले, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल आदि शामिल थे। अमित शाह ने इस मौके पर वर्तमान महायुति गठबंधन की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही महाराष्ट्र के विकास के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
भाजपा के ‘संकल्प-पत्र’ की खास बातें
-किसानों के लोन माफ।
-लड़की बहिन योजना के पैसे बढ़ाकर 2100 रुपए तक करेंगे।
-कॉटन और सोयाबीन किसानों का जिक्र।
-वृद्ध पेंशन योजना के पैसे 1500 से बढ़कर 2100 रुपए होंगे।
-25 लाख लोगों को नौकरी।
-कीमतों को स्थिर रखने के लिए बाजार हस्तक्षेप।
-सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर, तकनीक में सुधार के लिए विजन डॉक्यूमेंट लॉन्च करेंगे।
-महाराष्ट्र को सबसे पसंदीदा मेक-इन-इंडिया डेस्टिनेशन बनाने की चाहत जताई।
-फिनटेक, एयरोनॉटिक्स और अंतरिक्ष पर ध्यान देंगे।
-लखपति दीदी-2027 तक महाराष्ट्र की 50 महिलाओं को बनाएंगे लखपति।
-महाराष्ट्र में एआई ट्रेनिंग लैब्स।
-प्रदेश में होगा स्किल सेंसस।
-को-वर्किंग स्पेस और इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे
-युवाओं के लिए स्वामी विवेकानंद फिटनेस और आरोग्य कार्ड।
-महाराष्ट्र को पहली 1,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना चाहते हैं।
-विकसित भारत की तर्ज पर विकसित महाराष्ट्र।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहाकि हम जो संकल्प पत्र लेकर आए हैं, उसमें 25 प्रमुख मुद्दे हैं। लाडली बहन योजना और वृद्धावस्था पेंशन में हम बढ़ोतरी कर रहे हैं। किसानों के ऋण माफ और किसान सम्मान निधि को 12 हजार रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए करेंगे। उन्होंने कहाकि 10 लाख प्रतिभावान छात्रों को मासिक 10 हजार रुपए का मानदेय दिया जाएगा। 45 हजार गांवों में रास्ते बनाए जाएंगे। आशा वर्कर और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का बीमा किया जाएगा और उनका मासिक वेतन 15 हजार रुपए तक बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान अमित शाह ने कहाकि चुनाव में हमारा मुकाबला महा विकास अघाड़ी से है। मैं कहना चाहता हूं कि अघाड़ी की सारी योजनाएं सत्ता की लालच में तुष्टिकरण की हैं, विचारधाराओं का अपमान करने वाली हैं और महाराष्ट्र की संस्कृति से छल करने वाली हैं। उन्होंने कहाकि मैं उद्धव ठाकरे से पूछना चाहता हूं कि क्या वे कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से कह सकते हैं कि वो वीर सावरकर के लिए दो शब्द बोल दें? क्या कांग्रेस का कोई नेता बाला साहब ठाकरे के सम्मान में दो वाक्य बोल सकता है? अंतर्विरोध के बीच में अघाड़ी की सरकार बनाने का स्वप्न लेकर जो लोग निकले हैं, उनको महाराष्ट्र की जनता जान ले, यह बहुत जरूरी है।
अमित शाह ने कहाकि आज यहां जिस संकल्प पत्र का विमोचन हुआ है, वह महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। महाराष्ट्र एक प्रकार से कई युगों से हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रहा है। एक जमाने में जब जरूरत थी, तब भक्ति आंदोलन की शुरुआत भी महाराष्ट्र से हुई। गुलामी से मुक्ति का आंदोलन भी शिवाजी महाराज ने यहीं से शुरू किया, समाजिक क्रांति की शुरुआत भी यहीं से हुई। महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब हमारे इस संकल्प पत्र में दिखाई पड़ता है।

पीएम मोदी का झारखंड में चुनावी हुंकार, दिया नया नारा- 'एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे'

10-Nov-2024
गुमला. ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड के गुमला में बीजेपी-एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए 'एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे' का नारा दिया। उन्होंने कहा- ‘आप जातियों में टूटेंगे तो आदिवासियों की ताकत कम हो जाएगी। इसलिए मैं कहता हूं - एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।’
पीएम मोदी ने कहा- ‘जेएमएम और कांग्रेस ने झारखंड को हमेशा पिछड़ा रखा है। लेकिन भाजपा-एनडीए ने झारखंड को देश के विकास से जुड़ी बड़ी-बड़ी योजनाओं का केंद्र बनाया है। भाजपा-एनडीए की सरकार, सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र पर चल रही है। इसी रास्ते पर चलकर, झारखंड विकसित होगा, भारत विकसित होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- ‘जेएमएम और कांग्रेस के इरादे कुछ अलग ही हैं। कांग्रेस जानती है कि आदिवासी, ओबीसी, दलित बाहुल्य वाले राज्यों में वो इसलिए खत्म हो गई क्योंकि वहां ये समाज एकजुट हो गया। इसलिए कांग्रेस का शाही परिवार हमारे एससी, एसटी और ओबीसी समाज की एकता को तोड़ना चाहता है। ये लोग एससी, एसटी और ओबीसी को मिला आरक्षण छीनना चाहते हैं।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने बोकारो के चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस शुरू से एससी, एसटी, ओबीसी की एकजुटता की विरोधी रही है। इस देश में आजादी के बाद जब तक दलित और आदिवासी, ओबीसी बिखरे रहे, तब तक कांग्रेस ‘बांटो और राज करो’ की नीति से सरकारें बनाती रहीं और लूटती रही। जैसे ही समाज एकजुट हुआ, कांग्रेस कभी बहुमत की सरकार नहीं बना पाई। 1990 में ओबीसी को आरक्षण मिला और यह पूरा समाज एकजुट हुआ, तो कांग्रेस आज तक लोकसभा में कभी 250 सीटें भी नहीं जीत पाई। इसलिए कांग्रेस ओबीसी की सभी जातियों की ताकत को तोड़ना चाहती है और उन्हें सैकड़ों अलग-अलग जातियों में बांट देना चाहती है।
पीएम मोदी ने कहा कहा कांग्रेस पार्टी यादव को कोइरी से, सोनार को लुहार से, राजभर को प्रजापति कुम्हार से, नाई को कहार से आपस में लड़ाना चाहती है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस की सरकार ने पेपर लीक और भर्ती माफिया पैदा किया है। राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही ऐसे लोगों को पाताल से ढूंढ कर जेल के हवाले कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा वादा है कि जिन्होंने झारखंड के नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, उनके सारे मंसूबे मोदी चकनाचूर करके रख देगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड में भाजपा के पक्ष में प्रचंड आंधी चल रही है। पूरा छोटानागपुर आज एक ही बात कह रहा है, रोटी-बेटी-माटी की पुकार- झारखंड में भाजपा की सरकार। हमने झारखंड को अलग राज्य बनाया है और हम ही झारखंड को संवारेंगे। ऐसे लोग कभी झारखंड का विकास नहीं करेंगे, जो झारखंड निर्माण के विरोधी रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसमूह से कहा, ‘एक आंकड़ा देता हूं, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। 2005 से 2014 तक जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी, तब उस सरकार ने झारखंड को 10 साल में बड़ी मुश्किल से 80 हजार करोड़ रुपये दिए थे। 2014 में जब दिल्ली में सरकार बदली और आपने सेवक मोदी को सेवा करने का अवसर दिया, तो हमने बीते 10 साल में 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा झारखंड का दिया। हमने झारखंड को इतने पैसे दिए, लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार ने पिछले पांच साल में आपके हक की सुविधाएं लूट लीं। 

शालीमार सिकंदराबाद साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन डिरेल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

09-Nov-2024
कोलकाता ।  ( शोर संदेश ) पश्चिम बंगाल के हावड़ा में ट्रेन हादसा हुआ है. शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे हावड़ा के नॉलपुर में शालीमार सिकंदराबाद साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन पटरी से उतर गई. ट्रेन के 3 कोच पटरी से उतरी गए. अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं और यात्रियों को पटरी से उतरे डिब्बों से निकाला जा रहा है. रेलवे के अनुसार, कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है. अभी तक कोई हताहत नहीं हुआ है और केवल एक या दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. 
सीपीआरओ दक्षिण-पूर्वी रेलवे ने बताया, '22850 सिकंदराबाद शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कुल 3 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं, जिनमें एक पार्सल वैन और 2 डिब्बे शामिल हैं.'  रेलवे ने बताया कि संतरागाछी और खड़गपुर से दुर्घटना राहत ट्रेन और चिकित्सा राहत ट्रेनें पटरी से उतरने वाली जगह पर पहुंच गई हैं. फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है.
 

पुलिस ने महाराष्ट्र चुनाव से पहले कार से पकड़ा कैश, 3 करोड़ से ज्यादा रुपये बरामद

09-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है. राज्य में 20 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा. ऐसे में चुनाव के ऐलान के साथ ही प्रदेश में अचार संहिता भी लागू है. जिसके बाद तमाम जांच एजेंसियां और पुलिस राज्य में होने वाली हर गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है. इस बीच चेकिंग के दौरान पुलिस ने पालघर में एक गाड़ी से तीन करोड़ से ज्यादा का कैश बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, पालघर के वाडा पाली मार्ग से विक्रमगढ़ की ओर जिसे देखकर कर पुलिस को शक हुआ. इसके बाद कार को रुकवाकर कार चालक से पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान संदेश बढ़ने पर कार को वाडा पुलिस स्टेशन लाया गया और जांच की गई. जांच के दौरान कार में करीब तीन करोड़ 70 लाख रुपये बरामद हुए. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
वहीं मुंबई ने भी  दो करोड़ से ज्यादा कैश के साथ 12 लोगों को हिरासत में लिया है. जानकारी के अनुसार, एल.टी मार्ग पुलिस स्टेशन को खुफिया जानकारी मिली कि कुछ लोग अवैध रूप से बड़ी मात्रा में कैश ले कर जा रहे हैं. इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और शहर के भुलेश्वर मार्केट, कालबादेवी से संदेह के आधार पर 12 व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया.
इसके बाद संदिग्धों को पहले पूछताछ के लिए मुंबादेवी पुलिस चौकी ले जाया गया, जिसके बाद नोडल अधिकारी सुरेश कांबले के नेतृत्व में 186-मुंबादेवी विधानसभा क्षेत्र की फ्लाइंग स्क्वायड टीम (FST) को तत्काल सूचना दी गई. मामले की जानकारी मिलते ही ऑपरेशन को रिकॉर्ड करने के लिए फोटोग्राफरों के साथ तुरंत मौके पर टीम पहुंच गई.
इसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच करने लगी और हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की तलाशी लेने लगी. इस दौरान पुलिस को उनके बैग से 2 करोड़ 30 लाख से ज्यादा रुपये मिले. 

जस्टिन ट्रूडो ने पहली बार कबूली कनाडा में खालिस्तानियों की मौजूदगी

09-Nov-2024
ओट्टावा:  ( शोर संदेश ) भारत के साथ कूटनीतिक तनाव के बीच कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने पहली बार स्वीकार किया है कि उनके देश में खालिस्तानियों की मौजूदगी है। भारत लंबे समय से कनाडा के ऊपर भारत विरोधी चरमपंथियों को जगह देने की बात करता रहा है। कनाडाई प्रधानमंत्री ने एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में देश के अंदर खालिस्तान समर्थक अलगाववादियों की मौजूदगी को स्वीकार तो किया लेकिन साथ ही यह भी कहा कि वे सभी सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। उन्होंने ओट्टावा के पार्लियामेंट हिल में दिवाली समारोह के दौरान यह टिप्पणी की थी।
ट्रूडो ने कहा, 'कनाडा में खालिस्तान के कई समर्थक हैं, लेकिन वे समूचे सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। कनाडा में मोदी सरकार के समर्थक हैं, लेकिन वे समग्र रूप से सभी हिंदू कनाडाई लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। उसी तरह कनाडा में मोदी सरकार के समर्थक हैं, लेकिन वे समग्र रूप से सभी हिंदू कनाडाई लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।'
 कनाडा और भारत के संबंध उस समय खराब होने शुरू हो गए थे, जब ट्रूडो ने बीते साल आरोप लगाया था कि जून 2023 में ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में गुरुद्वारे के बाहर खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत का हाथ था। भारत ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज किया और कनाडा से सबूतों की मांग की, जिसे ट्रूडो सरकार ने कभी नहीं दिया।
पिछले महीने दोनों के बीच संबंध बहुत तनावपूर्ण हो गए, जब ट्रूडो सरकार ने कनाडा में भारत के उच्चायुक्त संजय वर्मा को हिंसा के मामले में 'पर्सन ऑफ इंटरेस्ट' बताया। भारत ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए अपने 6 राजनयिकों को वापस बुला लिया। इसके साथ ही कनाडा के 6 राजनयिकों को वापस जाने को कह दिया गया।
इसी सप्ताह की शुरुआत में खालिस्तान समर्थकों ने ब्रैम्पटन स्थित हिंदू सभा मंदिर में भक्तों के साथ मारपीट की थी। इस दौरान भारत के वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम को भी बाधित किया गया, जिसमें भारतीय और कनाडाई नागरिक शामिल हुए थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में खालिस्तान समर्थकों को डंडे और मुक्के से हिंदू भक्तों को मारते दिखाया गया था।

शरद पवार साहब, आपकी चार पीढ़ियां भी अनुच्छेद 370 को वापस नहीं ला सकतीं’अमित शाह की चेतावनी

09-Nov-2024
मुंबई ( शोर संदेश )  महाराष्ट्र में एक रैली के दौरान अमित शाह ने कहा कि शरद पवार की चार पीढ़ियां भी जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 को वापस नहीं ला सकतीं। महाराष्ट्र के शिराला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस पार्टी ने जम्मू कश्मीर विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित किया है, जिसमें अनुच्छेद 370 को वापस लाने की मांग की गई है कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग नहीं है। आज मैं संभाजी महाराज की धरती से कह रहा हूं- शरद पवार साहब, अगर आपकी चार पीढ़ियां भी आ जाएंगी तो भी हम अनुच्छेद 370 को वापस नहीं आने देंगे।’
उल्लेखनीय है कि जम्मू कश्मीर विधानसभा में नई सरकार के गठन के बाद विधानसभा के पहले ही सत्र में अनुच्छेद 370 को वापस लाने का प्रस्ताव पेश किया गया। इस प्रस्ताव को पेश करने के दौरान विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ और इसे लेकर भाजपा और सत्ताधारी दल के विधायकों में हाथापाई भी हो गई। इसे लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने भी विपक्ष पर निशाना साधा है।
शाह ने कहा कि ‘ये अघाड़ी वाले न देश को सुरक्षित कर सकते हैं, न देश का सम्मान बढ़ा सकते हैं। अगर ये काम करना है, तो पीएम मोदी का हाथ मजबूत करना होगा। प्रधानमंत्री मोदी का वादा पत्थर की लकीर है, जबकि कांग्रेस पार्टी तो वादा करके खुद ही भूल जाती है। उन्होंने न कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और न ही तेलंगाना में अपने वादे पूरे किए हैं। राम मंदिर का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रभु श्रीराम 500 साल से टेंट में बैठे थे। कांग्रेस पार्टी राम मंदिर को अटका रही थी, प्रधानमंत्री मोदी आए तो पांच साल में ही उन्होंने भूमिपूजन भी किया और राम मंदिर का निर्माण करा प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी।
अमित शाह ने कहा कि ‘पीएम मोदी वक्फ बोर्ड में बदलाव का बिल लाए और विपक्ष उसका विरोध कर रहा है। कर्नाटक के वक्फ बोर्ड ने पूरे गांव को, मंदिर और किसानों की जमीन समेत, वक्फ की संपत्ति घोषित कर दिया। मैं पवार साहब से, उद्धव जी से पूछता हूं, आप वक्फ का विरोध करेंगे? अगर महा विकास अघाड़ी की सरकार आ गई, तो ये किसानों की जमीन वक्फ के नाम कर देंगे।’

अकोला में कांग्रेस पर गरजे पीएम मोदी, बोले-भारत विरोधी ताकतें 370 की समर्थक...'

09-Nov-2024
नई दिल्ली । ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अकोला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र की जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि 2014 से लेकर 2024 तक महाराष्ट्र ने भाजपा को पूरे दिल से आशीर्वाद दिया है और इसके पीछे राज्य की जनता की देशभक्ति, राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता है. उन्होंने कहा कि आज, 9 नवंबर का दिन ऐतिहासिक है. प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि 2019 में इसी दिन देश की सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर पर अपना निर्णय सुनाया था. उन्होंने इस दिन को राष्ट्र की एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद देश के सभी धर्मों के लोगों ने जिस संवेदनशीलता का परिचय दिया, वह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना का सबसे बड़ा उदाहरण है, जो भारत की सबसे बड़ी ताकत है. प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा, "कांग्रेस चाहती है कि अनुसूचित जाति (SC) समाज की विभिन्न जातियां आपस में लड़ती रहें, ताकि उनकी आवाज बिखर जाए और वोट भी बंट जाए. इसका सीधा फायदा कांग्रेस को मिलता है." उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस SC समाज के अधिकारों को कमजोर करके सरकार बनाने की चाल चल रही है और यही उसका असली चरित्र है.
प्रधानमंत्री मोदी ने एक और संवेदनशील मुद्दे पर देश की चिंता जाहिर करते हुए जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा अनुच्छेद 370 को फिर से बहाल करने का प्रस्ताव पास करने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लोगों से सवाल किया, "क्या जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 फिर से लागू होना चाहिए?" लोगों ने स्पष्ट रूप से इसका विरोध किया. पीएम मोदी ने कहा कि "अलगाववादी, आतंकी संगठन और भारत विरोधी ताकतें हमेशा अनुच्छेद 370 का समर्थन करती हैं, और अब यही कांग्रेस की भी भाषा बन गई है."
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों को न तो बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की चिंता है, न ही अदालतों का सम्मान और न ही देश की जनता की भावनाओं का ख्याल. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी पार्टियों की सोच सिर्फ राजनीति तक सीमित है और देशहित उनके लिए कोई मायने नहीं रखता.
पीएम मोदी ने कहा कि विदर्भ की जनता का आशीर्वाद हमेशा से उनके लिए विशेष रहा है. उन्होंने महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन के लिए जनता का समर्थन मांगा. मोदी ने कहा, "हमारी सरकार को केंद्र में आए हुए केवल 5 महीने ही हुए हैं, लेकिन इतने कम समय में ही लाखों करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की जा चुकी हैं, जिनमें महाराष्ट्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की परियोजनाएं भी शामिल हैं." 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account