ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

पीएम मोदी को मिला डोमिनिका और गुयाना का सर्वोच्च सम्मान

22-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  भारत की कूटनीति के लिए एक ऐतिहासिक क्षण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को COVID-19 महामारी के दौरान उनके अद्वितीय योगदान और डोमिनिका तथा गुयाना के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए दोनों कैरेबियाई देशों से सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त हुआ है।
अपने तीन देशीय दौरे के अंतिम चरण में, प्रधानमंत्री मोदी को गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली द्वारा ‘द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित करते हुए कहा, “यह भारत के 140 करोड़ लोगों की पहचान है।” पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति अली का धन्यवाद किया। उन्होंने यह भी कहा कि यह सम्मान गुयाना और भारत के बीच रिश्तों को और मजबूत करने की गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वह गुयाना का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने वाले चौथे विदेशी नेता बने हैं।
साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी को डोमिनिका ने भी उसका सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया, जिसमें उनके COVID-19 महामारी के दौरान डोमिनिका को सहायता देने और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के योगदान को सराहा गया।
बुधवार को आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह सम्मान केवल मेरा नहीं है, बल्कि यह 140 करोड़ भारतीयों का है। हम दोनों लोकतंत्र हैं, और हम महिला सशक्तिकरण के मामले में दुनिया के लिए एक आदर्श हैं।” उन्होंने 2021 के फरवरी में डोमिनिका को 70,000 डोज़ AstraZeneca COVID-19 वैक्सीन प्रदान करने का उल्लेख किया, जिससे डोमिनिका अपने कैरेबियाई पड़ोसियों की मदद कर सका।
डोमिनिका से पुरस्कार स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक चुनौतियों जैसे जलवायु परिवर्तन और भू-राजनीतिक संघर्षों से निपटने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया और भारत के डोमिनिका और कैरेबियाई क्षेत्र के साथ मिलकर इन मुद्दों पर काम करने की प्रतिबद्धता को पुनः पुष्टि की।

दोनों सम्मान भारत और इन कैरेबियाई देशों के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाते हैं, जो महामारी के दौरान वैश्विक एकजुटता में भारत की नेतृत्व भूमिका और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के प्रति उसके निरंतर समर्पण को उजागर करते हैं।
 

अडानी रिश्वत कांड: अडानी पर लगे 'रिश्वतखोरी' के आरोपों पर आया अमेरिका का बयान, कहा- भारत-यूएस संबंध...

22-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी पर लगे रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों के बीच इस पर अब अमेरिका का बयान आया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरीन जीन-पियरे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब यह पूछा गया कि क्या इन आरोपों से दोनों देशों के सबंधों पर कोई असर पड़ेगा? इस पर उन्होंने कहा कि हमें इन आरोपों की जानकारी है।
कैरीन जीन-पियरे ने कहा कि इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए आपको सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन और न्याय विभाग से संपर्क करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध एक मजबूत नींव पर आधारित हैं। हम ऐसा मानते हैं कि हम इस मु्द्दे को हल करना जारी रखेंगे। हम मानते हैं कि भारत और अमेरिका के बीच यह संबंध एक मजबूत नींव पर बना है।
अडानी पर आरोप क्या है?
अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी पर अमेरिका में अपने निवेशकों को धोखा देने के आरोप लगे हैं। अडानी पर अमेरिका में अपनी कंपनी को कॉन्ट्रेक्ट दिलाने के लिए 265 मिलियन डॉलर या करीब 2236 करोड़ रुपये की रिश्वत देने और इसे छिपाने का आरोप लगा है। यह पूरा मामला अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और एक अन्य फर्म से जुड़ा है।
अमेरिका में सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज कमीशन इस मामले में गौतम अडानी के भतीजे सागर अडानी, अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के अधिकारियों समेत एक अन्य फर्म एज्योर पावर ग्लोबल लिमिटेड के कार्यकारी सिरिल काबेनेस के खिलाफ भी आरोप लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर के साथ ही सात अन्य प्रतिवादियों ने अपनी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी को कॉन्ट्रेक्ट दिलाने और भारत की सबसे बड़ी सौर ऊर्जा संयंत्र परियोजना विकसित करने के लिए भारतीय सरकारी अधिकारियों को करीब 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत देने पर सहमति जताई थी।
 

‘पीएम मोदी और जयशंकर को लेकर हमारे पास कोई सबूत नहीं’, ठिकाने आई ट्रूडो सरकार की अक्ल

22-Nov-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  कनाडा का सिर घूमा हुआ है. वह कुछ भी ऊल-जलूल बयान देता रहता है. हालांकि, उसकी अक्ल अब ठिकाने आ गई है. कनाडा दुनिया भर के सामने बेनकाब हो गया है. ट्रूडो सरकार ने अब मान लिया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और एनएसए अजीत डोभाल पर जो भी आरोप लगाए हैं, उससे जुड़ा कोई भी सबूत उनके पास नहीं है. ट्रूडो सरकार का कहना है कि उन्हें इस बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं है. 
पहले जानें आखिर क्या है पूरा मामला
बता दें, जून 2023 में कनाडा में एक चरमपंथी नेता की हत्या हो गई थी. वह भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल था. इस हत्या का इल्जाम कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत की एजेंसियों पर लगाया. हालांकि, भारत ने कनाडा द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को नकार दिया. भारत ने कहा था कि कनाडा अपने देश में चरमपंथी गतिविधियों पर रोक नहीं लगा पा रहा है. कनाडा के इन्हीं सब आरोपों के कारण भारत और कनाडा के द्विपक्षीय रिश्ते खराब हो गए.
मामले में हाल ही में कनाडा की एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि कनाडा के पास भारत के अधिकारियों के अपराध में शामिल होने वाले सबूत है. कनाडाई अखबार ने बिना किसी सबूत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े लोगों पर बिना सबूत के धड़ल्ले से आरोप लगाए. 
भारत की फटकार से ठिकाने आया कनाडा
रिपोर्ट के पब्लिश होते ही भारत ने कनाडा को जोरदार फटकार लगाई. इसके बाद कनाडा के होश ठिकाने आए. कनाडा की ट्रूडो सरकार ने सफाई देते हुए कहा कि उनके पास ऐसा कोई सबूत नहीं है, जो भारत के अधिकारियों को सीधा दोषी सिद्ध करते हों. 
प्रधानमंत्री ट्रूडो के उल्टे-सीधे बयान के कारण भारत और कनाडा के रिश्तों में तनाव आ गया है. इस वजह से भारत ने कनाडा के साथ व्यापार वार्ता को रद्द कर दिया है. राजनयिक गतिविधियों में भी कटौती की गई है. दोनों देशों के बीच जारी व्यापारिक समझौतों पर इससे खासा असर पड़ा है.  
 

दिल्ली की हवा फिर से बहुत खराब' श्रेणी में, कई इलाकों में 400 के पार पहुंचा एक्यूआई

22-Nov-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  दिल्ली की हवा लगातार जहरीली बनी हुई है. शुक्रवार सुबह 7 बजे 24 घंटे का औसत AQI 371 था. आज सुबह राजधानी सहित दिल्ली के अधिकांश इलाके धुंध और स्मॉग की गहरी चादर में लिपटे नजर आए और कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 पार हो चुका है जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है. इसके अलावा, अधिकतर इलाकों में प्रदूषण का स्तर 'बहुत खराब' बना हुआ है. सुबह 7 बजे 24 घंटे का औसत AQI 426 के साथ जहांगीरपुरी सभी में सबसे प्रदूषित है. सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सबसे बेहतर एक्यूआई लोधी रोड का रहा जो 260 रहा.जिन इलाकों में सुबह 6 बजे तक एक्यूआई 400 के पार पहुंचा है उनमें आनंद विहार (408), बवाना (409), जहांगीरपुरी (424), मुंडका (401), नेहरू नगर (408), शादीपुर (401) और वजीरपुर (412) शामिल हैं. इनके अलावा अधिकांश इलाकों में एक्यूआई 340 से 400 के बीच में रहा.
माना जा रहा है कि इस हफ्ते के अंत तक हवा में मामूली सुधार हो सकता है. वायु प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार द्वारा कई कदम उठाए गए हैं और ग्रैप का चौथा चरण भी लागू किया गया है.
आपको बता दें कि वायु प्रदूषण पर प्रतिदिन नजर रखने के लिए निगरानी सेंटर्स बनाए गए हैं. ये सेंटर्स वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की रीडिंग के जरिए आंकड़े बताते हैं. इसके साथ ही जहरीली हवा से जोखिम कम करने के बारे में जानकारी दी जाती है. लोगों को 0-500 के पैमाने के आधार पर बताया जाता है कि हवा कितनी साफ या प्रदूषित है, जिसका मानव स्वास्थ्य पर क्या प्रभाव पड़ सकता है.
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’, 401-450 को ‘गंभीर’ और 450 से ऊपर को ‘बेहद गंभीर’ माना जाता है.
 

गोवा में भारतीय नौसेना की पनडुब्बी मछली पकड़ने वाली नाव से टकराई, 2 मछुआरे लापता

22-Nov-2024
गोवा ( शोर संदेश ) गोवा के करीब एक सबमरीन हादसे का शिकार हुई है. गोवा तट से लगभग 70 समुद्री मील दूर 13 सदस्यीय चालक दल वाले मछली पकड़ने के एक जहाज के भारतीय नौसेना की पनडुब्बी से टकराने के बाद चालक दल के दो लापता सदस्यों की तलाश जारी है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना बृहस्पतिवार की है. नौसेना ने बताया कि मछली पकड़ने के जहाज ‘मर्थोमा' में चालक दल के 13 सदस्य थे और इनमें से 11 को तलाश एवं बचाव अभियान के दौरान बचा लिया गया.
नौसेना ने बचाव अभियान के लिए छह जहाज और निगरानी विमान तैनात किये हैं. भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने कहा, ‘13 चालक दल के सदस्यों वाला मछली पकड़ने का भारतीय जहाज ‘मार्थोमा' 21 नवंबर को गोवा से लगभग 70 समुद्री मील उत्तर-पश्चिम में भारतीय नौसेना की एक पनडुब्बी से टकरा गया.' उन्होंने बताया, ‘घटना के तुरंत बाद भारतीय नौसेना ने छह जहाजों एवं विमान की मदद से व्यापक तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया और अब तक चालक दल के 11 सदस्यों को बचा लिया गया है.'
मछली पकड़ने के जहाज के चालक दल के शेष दो सदस्यों की तलाश एवं बचाव के लिए प्रयास प्रयास जारी हैं और इसका समन्वय मुंबई स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) के साथ किया जा रहा है. नौसेना ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. प्रवक्ता ने कहा कि बचाव प्रयासों को बढ़ाने के लिए तटरक्षक बल सहित अतिरिक्त संसाधनों को घटनास्थल की ओर भेज दिया गया है.

दिल्ली चुनाव के लिए आप की पहली लिस्ट जारी, 11 में से 6 प्रत्याशी कांग्रेस-बीजेपी से आए नेता

21-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  दिल्ली चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 11 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में 6 ऐसे उम्मीदवारों के नाम हैं, जो हाल ही में कांग्रेस या बीजेपी छोड़कर आप में शामिल हुए हैं.
बता दें कि दूसरी पार्टियों से आप में शामिल हुए जिन 6 नेताओं को टिकट मिला है, उन्हें खुद अरविंद केजरीवाल ने पार्टी में शामिल कराया था. इनमें 2 ऐसे नेता भी शामिल हैं, जो बीजेपी से विधायक रह चुके हैं.
किसे कहां से टिकट?
1. छतरपुर से ब्रह्म सिंह तंवर चुनाव लड़ेंगे.
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के सीनियर लीडर रहे और तीन बार के विधायक ब्रह्म सिंह तंवर ने हाल ही में 31 अक्तूबर को आप का दामन थाम लिया था. तंवर ने ठीक दिपावली के दिन दिल्ली के पूर्व सीएम और APP चीफ अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में आप जॉइन की थी.
2. किराड़ी से अनिल झा आप उम्मीदवार होंगे.
> 17 नवंबर को बीजेपी के दिग्गज नेता रहे और किराड़ी से दो बार के विधायक रहे अनिल झा ने AAP की सदस्यता ले ली थी. इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने अनिल झा को पूर्वांचल का सबसे बड़ा नेता बताते हुए उनका पार्टी में स्वागत किया था.
3. विश्वास नगर से दीपक सिंघला चुनाव लड़ेंगे.
4. रोहतास नगर से सरिता सिंह आप उम्मीदवार होंगी.
5. लक्ष्मी नगर से बीबी त्यागी आप उम्मीदवार होंगे.
> बीजेपी को दिल्ली में एक बड़ा झटका 4 नवंबर को लगा था, जब बीजेपी नेता रहे और दो बार के पार्षद बीबी त्यागी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे. त्यागी ने मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में आप का दामन थामा था.
6. बदरपुर से राम सिंह (नेता जी) उम्मीदवार होंगे.
7. सीलमपुर से जुबैर चौधरी आप उम्मीदवार होंगे.
> सिर्फ बीजेपी ही नहीं, बल्कि कांग्रेस से आप में आने वाले नेताओं को भी टिकट मिला है. कांग्रेस से 5 बार विधायक रहे मतीन अहमद के बेटे चौधरी जुबैर अहमद ने अपनी पत्नी और कांग्रेस पार्षद शगुफ्ता चौधरी के साथ 29 अक्टूबर को आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली थी.
8. सीमापुरी से वीर सिंह धींगान चुनाव लड़ेंगे.
> कांग्रेस नेता रहे वीर सिंह धींगान ने 15 नवंबर को आप का दामन थाम लिया था. धींगान सीमापुरी से 3 बार विधायक रह चुके हैं. 2020 का विधानसभा चुनाव उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था. 
9. घोंडा से गौरव शर्मा चुनाव लड़ेंगे.
10. करावल नगर से मनोज त्यागी आप प्रत्याशी होंगे.
11. मटियाला से सुमेश शौकीन आप के उम्मीदवार होंगे.
> दिल्ली चुनाव से पहले मटियाला विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक रहे सुमेश शौकीन ने कांग्रेस का साथ छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया लिया था. उन्होंने हाल ही में 18 नवंबर को आप की सदस्यता ली थी.
 

 


रूस के S-400 का कमाल, यूक्रेन की लंबी दूरी के मिसाइल हमलों को किया नाकाम

21-Nov-2024
मॉस्को।   ( शोर संदेश )  अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलों से रूस के अंदर तक हमले करने की इजाजत दी थी। इस मंजूरी के बाद यूक्रेन ने रूस के ब्रांस्क क्षेत्र में सेना की एक फैसिलिटी को निशाना बनाने के लिए इसका इस्तेमाल किया। रूस ने मंगलवार को कहा कि छह अमेरिकी निर्मित ATACMS मिसाइलों से यूक्रेन ने हमला किया। उनमें से पांच को उसने अपने S400 एयर डिफेंस सिस्टम और पैंटसिर मिसाइल सिस्टम से तबाह कर दिया। एक मिसाइल क्षतिग्रस्त हो गई, जिसका मलबा क्षेत्र में गिरा।
द गार्जियन ने रूसी सरकार के मीडिया तास की रिपोर्ट के हवाले से कहा कि मलबा ब्रांस्क क्षेत्र में एक मिलिट्री फैसिलिटी पर गिरा और इससे छोटी आग लग गई। रूस के रक्षा मंत्रालय का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया कि हमले से कोई हताहत नहीं हुआ न ही कोई नुकसान हुआ है। यूक्रेन ने इस रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की है। इसके अलावा अमेरिका और अन्य पश्चिमी देश भी लंबी दूरी की मिसाइलों से रूस में हुए हमले पर चुप हैं।
रूस ने दी धमकी
इस बीच रूस ने कहा है कि उसके क्षेत्र के खिलाफ यूक्रेन का नवीनतम हमला मॉस्को के खिलाफ पश्चिमी युद्ध का एक नया चरण है। उसने इसके जवाबी कार्रवाई की कसम खाई। न्यूज एजेंसी एएफपी से ब्राजील के जी-20 समिट में बात करते हुए रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा, 'हम इसे रूस के खिलाफ पश्चिमी युद्ध का नया चरण मानेंगे और उसी के हिसाब से प्रतिक्रिया देंगे।' उन्होंने अमेरिका पर यूक्रेन को मिसाइल ऑपरेट करने में मदद का आरोप लगाया।
बाइडन प्रशासन ने यूक्रेन को रूस के कुर्स्क क्षेत्र में हमले के लिए लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल की इजाजत दी है। लंबे समय से यूक्रेन लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल की इजाजत मांग रहा था। रूस के कुर्स्क इलाके पर यूक्रेन ने कब्जा कर लिया है। रूस इसे फिर से हासिल करने के लिए उत्तर कोरिया की मदद ले रहा है। यूक्रेन की न्यूज एजेंसी RBC ने एक सूत्र के हवाले से कहा कि पहली बार यूक्रेनी सेना ने ATACMS के इस्तेमाल से रूसी क्षेत्र में हमला किया है।

स्मॉग के चलते ट्रेन हो गई कैंसिल तो कैसे मिलेगा रिफंड?

20-Nov-2024
भारतीय रेलवे में रोजाना तकरीबन ढ़ाई करोड़ लोग सफर करते हैं. भारत में रेलवे लोगों के आवाजाही के लिए सबसे अहम साधनों में एक है, लेकिन आपने अक्सर सुना होगा कि किसी कारणवश ट्रेन कैंसिल हो रही हैं? खासकर, इस समय घने कोहरे की वजह से लगातार ट्रेनों को लगातार कैंसिल करना पड़ रहा है. अब सवाल है कि अगर आपने ट्रेन में अपना रिजर्वेशन करवाया है, लेकिन ट्रेन कैंसिल हो गई तो रिफंड कैसे मिलेगा?
ट्रेन कैंसिल होने पर रिफंड की प्रक्रिया है?
दरअसल, अगर आपने ऑनलाइन टिकट बुक किया है तो फिर ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जैसे ही ट्रेन कैंसिल होती है. वैसे ही आपके रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो जाती है. आपके अकाउंट में पैसा 7-8 दिनों के अंदर आ जाता है. हालांकि, इसमें अधिकतर समय महज 3-4 से दिनों का वक्त लगता है. अब सवाल है कि अगर आपने काउंटर पर जाकर टिकट बुक करवाया है तो कैसे रिफंड मिलेगा?
अगर आपने टिकट काउंटर से जाकर अपना रिजर्वेशन करवाया और ट्रेन कैंसिल हो गया तो रिफंड की प्रक्रिया है? दरअसल अगर आपने काउंटर से टिकट करवाया है तो फिर आपको थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. साथ ही इसका रिफंड आपके अकाउंट में नहीं आएगा. इसके लिए आपको टीडीआर फाइल करना पड़ेगा यानी टिकट डिपॉजिट रिफंड. इसके बाद ही आपको इसका रिफंड मिल पाएंगा.
टीडीआर फाइल कैसे कर सकते हैं?
टीडीआर फाइल करने के लिए आपको आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाना होगा. जहां आपको अपना अकाउंट बनाना होगा. इसके बाद टीडी लिंक पर जाकर पीएनआर नंबर ट्रेन नंबर बाकी सारी जानकारी डाल करके ओटीपी डाली होगी फिर PNR की पूरी जानकारी दिखाई देगी. रिफंड के ऑप्शन पर क्लिक करने के बाद आपको मोबाइल की स्क्रीन पर एक कंफर्मेशन मैसेज आएगा कि आप किस अकाउंट में रिफंड लेना चाहते हैं उसकी डिटेल आपको वहां देनी होगी. इस तरह आपको अपने पैसे मिल जाएंगे.
 

बॉलीवुड के इन सेलेब्स ने डाला सुबह-सुबह वोट, डैशिंग अंदाज में पहुंचे अक्षय कुमार

20-Nov-2024
मुंबई। ( शोर संदेश )  महाराष्ट्र के सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों में आज यानी बुधवार को मतदान हो रहा है. विधानसभा की सभी 288 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया है और शाम 6 बजे ये समाप्त होगा. विधानसभा चुनाव में कई बॉलीवुड सितारे वोट डालने के लिए पहुंचे। वोटिंग के लिए सुबह-सुबह सबसे पहले अक्षय कुमार पहुंचे है. अक्षय कुमार सुबर जल्दी उठने के लिए जाने जाते हैं और उसी का परिचय आज सुबह उन्होंने दे दिया है. अक्षय के अलावा राजकुमाकर राव और अली फजल भी वोट डालने के लिए पहुंचे है. वोट डालने के बाद उनकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. 

कैलाश खेर पहुंचे वोट डालने
सिंगर कैलाश खेर भी वोट डालने के लिए पहुंच गए है. वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा- आज बहुत ही शुभ दिन है. वोटिंग भारत का सबसे बड़ा पर्व है. हर भारतीय को वोट देने का गर्व है. इस धरती पर जितनी बुराइयां हैं, उसे एक वोट के जरिए खत्म किया जा सकता है. लोगों को पता नहीं है कि वोट की चोट कितने लोगों को सही कर सकती है.
अनुपम खेर पहुंचे वोट डालने
अनुपम खेर भी वोट डालने के लिए पहुंच गए है. वोट डालने के बाद अनुपम खेर ने कहा- जितने भी लोग घरों में बैठे हैं, उन्हें वोट डालने जरूर आना चाहिए. ताकि हम खुद को दोषी न ठहराएं कि हमने जो मांगा था, वो हुआ नहीं.
सुनीता आहूजा पहुंची वोट देने
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा पहुंची वोट देने के लिए. उन्होंने कहा- 'मैं चाहती हूं कि सभी लोग घर से बाहर आएं और वोट करें. जो भी बने वो अच्छा काम करें और लोगों की सेवा करें.'  वोट देने के बाद एक्ट्रेस ने पोज दिया. 
सुभाष घई पहुंचे वोट डालने
वरिष्ठ फिल्म निर्माता सुभाष घई ने मुंबई के बांद्रा पश्चिम में अपना वोट डाला. मताधिकार का प्रयोग करने के बाद उन्होंने कहा,"मैं सभी से वोट देने की अपील करना चाहूंगा, यह हमारा अधिकार और कर्तव्य है. वे जिसे भी वोट दें, लेकिन वोट दें. मेरा मुख्य मुद्दा शिक्षा है. मैं ऐसे उम्मीदवार को वोट दूंगा जो महाराष्ट्र के विकास और बच्चों के कल्याण की बात करता हो. मैं लोगों से कहूंगा कि वे टालमटोल न करें, फिर आपको सोशल मीडिया पर जाने (लिखने) का अधिकार नहीं रहेगा, अपने राज्य महाराष्ट्र को धोखा न दें, कुछ समय के लिए बाहर आएं."  
उर्मिला मातोंडकर ने दिया वोट
अपने दौर की टॉप एक्ट्रेसेज में से एक रहीं उर्मिला मातोंडकर ने भी वोट डालने के बाद उंगली पर इंक लगी फोटो शेयर की. उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से वोट करने की अपील भी की. उन्होंने लिखा, 'प्लेज वोट करें. अपने लिए, अपने बच्चों के लिए, अपने समाज के लिए और अपने महाराष्ट्र के लिए. जय जय महाराष्ट्र माझा.'
कंगना रनौत ने वोट डालने के लिए की अपील
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत तो हिमाचल के मंडी से सासंद हैं मगर उन्होंने वोटिंग के लिए सभी लोगों को प्रेरित किया. उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार चैनसुख मदनलाल के साथ वीडियो शेयर की.

राजस्थान में पहली बार अग्निवीर को शहीद का दर्जा

20-Nov-2024
अलवर।  ( शोर संदेश ) राजस्थान के किसी अग्निवीर को पहली बार शहीद का दर्जा मिला है। इसके साथ ही परिजनों का सात महीने का इंतजार खत्म हो गया है। अलवर जिले के नवलपुरा मोरोड गांव निवासी अग्निवीर जितेन्द्र सिंह को शहीद का दर्जा मिला है। जितेन्द्र के परिजन को सोमवार को प्रशासन की ओर से शहीद के दर्जे का पत्र सौंपा गया। बताया जा रहा है कि राजस्थान के किसी अग्निवीर को पहली बार शहीद का दर्जा दिया गया है।
जितेन्द्र सिंह 2022 की अग्निवीर भर्ती में सेना में शामिल हुए थे और मई 2024 में जम्मू कश्मीर के राजौरी इलाके में आतंकी सर्च ऑपरेशन के दौरान सिर में गोली लगने से शहीद हो गए थे। वे पैरा स्पेशल फोर्स का हिस्सा थे। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल तरुण देव ने राज्य सरकार के मुख्य सचिव सुधांशु पंत के नाम पर लेटर जारी कर अग्निवीर जितेंद्र सिंह को शहीद माना। अलवर जिले के रैणी क्षेत्र के नवलपुरा मोरोड गांव में जितेंद्र के परिजनों को सोमवार को शहीद दर्जे का पत्र सौंपा गया। अब राजस्थान सरकार द्वारा शहीद को मिलने वाला पैकेज उनके परिजनों को दिया जाएगा।
जितेंद्र के नाम पर बनेगा शहीद स्मारक
गांव में जितेंद्र सिंह के नाम पर शहीद स्मारक बनाया जा रहा है। जल्द ही शहीद को मिलने वाला पैकेज भी जितेन्द्र के परिजन को मिलेगा। परिजन को केंद्र सरकार और पंजाब नेशनल बैंक की तरफ से दो करोड़ रुपए पूर्व में ही मिल चुके हैं। जितेन्द्र के परिजन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिलने पर कारगिल शहीद का पैकेज देने का आश्वासन दिया था।
आतंकी सर्च ऑपरेशन के दौरान लगी थी गोली
जानकारी के मुताबिक नवलपुरा मोरोड गांव के रहने वाले अग्निवीर जितेन्द्र सिंह 29 दिसंबर 2022 को सेना भर्ती हुए थे। वे 3 पैरा स्पेशल फोर्स का हिस्सा थे। इसके लिए बेंगलुरु में उन्होंने एक साल की स्पेशल ट्रेनिंग भी ली थी। 29 फरवरी 2024 को पहली बार जितेंद्र की पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में हुई थी। 9 मई 2024 को जम्मू कश्मीर के पुंछ राजौरी इलाके में जितेंद्र को सेना की टुकड़ी के साथ आतंकी सर्च ऑपरेशन में भेजा गया था। इस दौरान सिर में गोली लगने से जितेंद्र शहीद हो गए थे।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account