ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

मातृ भाषा में प्रवीणता हासिल करें उपराष्ट्रपति*

24-Jul-2020

00 नायडू ने कहा कि किसी भाषा को सीखने का अर्थ है संस्कृति और संस्कारों को आत्मसात करना
00
अखिल मानवता में एकता को दृढ़ करने के लिए लोगों से अधिक से अधिक भाषाएं सीखने का आग्रह किया
नई दिल्ली (शोर सन्देश) उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को लोगों से अपनी मातृ भाषा को पढ़ने और उस में प्रवीणता हासिल करने का आग्रह किया, साथ ही उन्होंने लोगों को विभिन्न संस्कृतियों और उनके संस्कारों को जानने के लिए, यथा संभव अन्य भाषाएं भी सीखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अन्य भाषाओं को सीखने से अखिल मानवता में एकता के सूत्र मजबूत होंगे तथा साथ ही अन्य प्रकार के अवसर भी प्राप्त होंगे। आज अमेरिका के सान फ्रांसिस्को में आयोजित विश्व तेलुगु सांस्कृतिक समारोह के अवसर पर उपस्थित अतिथियों और प्रतिनिधियों को ऑनलाइन संबोधित करते हुए, नायडू ने कहा कि भाषा सिर्फ अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं है, बल्कि वह संस्कृति को भी अभिव्यक्ति देती है, उसके सनातन संस्कारों को व्यक्त करती है तथा हर संस्कृति की अपनी विशिष्टता को प्रतिबिंबित करती है। उन्होंने कहा हर भाषा सदियों से दूसरी भाषाओं के साथ संपर्क और संवाद के माध्यम से ही क्रमशः विकसित और समृद्ध होती जाती है।
उन्होंने कहा कि हर सभ्यता अपने नागरिकों की भाषा में, अपने सामाजिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, आर्थिक और भौतिक संदर्भों में, स्वयं को अभिव्यक्त करती है। श्री नायडू ने कहा भाषा ही आपको आपकी पहचान से अवगत कराती है और हमारी इस मौलिक जिज्ञासा का समाधान करती है कि आखिर ` हम हैं कौन?`, वो बताती है कि कोई व्यक्ति अपनी संस्कृति और अपने संस्कारों की अभिव्यक्ति, उनका बिम्ब होता है। उन्होंने कहा कि समान भाषा एकता और साझे सामुदायिक विकास को सुनिश्चित करती है, अतः लोगों को विभिन्न संस्कृतियों के विषय में बेहतर जानकारी के लिए यथा संभव अधिक से अधिक भाषाएं सीखनी चाहिए। उन्होंने दृष्टिकोण के विकास और विचारधारा की सहिष्णुता के लिए सांस्कृतिक और भाषाई संबंधों और संवाद को बढ़ाने पर जोर दिया।
नायडू ने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में सदैव, अंग्रेज़ी के चार ` M` के महत्व को समझें, उनका सम्मान करें - Mother ( मां), Mother land (मातृ भूमि), Mother Tongue (मातृ भाषा) और Mentor (गुरु)। उपराष्ट्रपति ने कहा कि धर्म निजी मुक्ति का मार्ग हो सकता है लेकिन संस्कृति उस उद्देश्य की पूर्ति के लिए लोगों की जीवन शैली का मार्गदर्शन करती है। संस्कृति के मूलभूत तत्व के रूप में भाषा हमारे जीवन, हमारे चरित्र और विचारों को गढ़ती है। इसी लिए ऋषियों और आचार्यों ने भाषा की शुद्धता पर विशेष बल दिया है। 


उत्तरप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कोरोना पॉजिटिव, 20 से ज्यादा स्टॉफ के सैंपल लिए*

24-Jul-2020

 उत्तर प्रदेश (शोर सन्देश) उत्तर प्रदेश सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें बुधवार को बुखार आया था। इसके बाद सिविल अस्पताल में ट्रूनैट मशीन से चेकअप कराया था, जिसमें कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। मंत्री अपने आवास में आइसोलेट हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मंत्री के 20 से ज्यादा स्टॉफ के सैंपल लिए हैं।  सीएम की बैठकों में भी हिस्सा ले रहे मंत्री स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह में कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। वे लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा और कोविड-19 की टीम इलेवन के साथ होने वाली बैठकों में भी हिस्सा ले रहे थे। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की दोबारा जांच के लिए केजीएमयू सैंपल भेजा है। शाम तक रिपोर्ट आने की संभावना है।


फिल्मी अंदाज में एक व्यक्ति की हत्या, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा *

23-Jul-2020

उत्तर प्रदेश(शोर सन्देश) जनपद में 13 दिन पूर्व हुई एक शख्स की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. मारे गए शख्स की पत्नी ने बेटी प्रेमी के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस के मुताबिक पत्नी ने अवैध संबंधों में बाधक बनने पर पूरे फिल्मी अंदाज में पति की हत्या की थी. हत्यारोपी मां-बेटी समेत 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
चौंकाने वाला खुलासा बता दें कि जनपद में एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटने के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी. सिर्फ इतना ही नहीं हत्यारों ने शव की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को तेज़ाब से जला दिया था. बुलंदशहर पुलिस ने इस जघन्य वारदात का 13 दिन में बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी पुत्री को उनके प्रेमियों सहित गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. पुलिस के मुताबिक़ हत्या में प्रयुक्त असलहा अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए गए हैं.


सोना 50 हजार के पार, चांदी में भी तेजी*

23-Jul-2020

रायपुर/मुंबई (शोर सन्देश) बुधवार को सोने-चांदी में जोरदार तेजी दर्ज की गई। बीते सत्र में विदेशी बाजार में सोने में करीब 2 फीसदी चांदी में 9 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली थी। भारतीय कमोडिटी मार्केट के इतिहास में एमसीएक्स पर पहली बार सोने का भाव 50 हजार रुपये के पार पहुंच गया। बुधवार को एमसीएक्स पर सोना 50,100 रुपये के आस-पास बंद हुआ था. बीते सत्र में दिनभर के कारोबार के दौरान चांदी ने 62,200 रुपये की ऊंचाई को छू लिया था। गौरतलब है कि विदेशी बाजार में भी चांदी ने 2012 के बाद पहली बार 23 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार किया है। 


प्रवासी भारतीय ने प्रधानमंत्री से की अपील, मांगी ये अनुमति*

23-Jul-2020

रायपुर/नई दिल्ली (शोर सन्देश)  अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए 5 अगस्त को भूमि पूजन निर्धारित किया गया है। भूमि पूजन की तैयारियों के बीच अमेरिका स्थित एक प्रवासी भारतीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि राम मंदिर निर्माण में दुनिया भर के प्रवासियों को योगदान देने की अनुमति दी जाए। दरअसल भारतीय मूल के अमेरिकी एक्टिविस्ट और जयपुर फुट यूएसए के प्रमुख प्रेम भंडारी ने कहा है कि करीब 3.2 करोड़ प्रवासी भारतीय दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बसे हुए हैं। ऐसे में राम मंदिर निर्माण में योगदान देने की अनुमति इन्हें भी दी जाए।
00
योगदान की राशि का भी मिला सुझाव :
प्रेम भंडारी ने कहा कि विदेश में बसे प्रवासियों में से ज्यादातर मंदिर निर्माण में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ऐसी व्यवस्था करें ताकि जो प्रवासी भारतीय योगदान देना चाहते हैं वह इसमें दे सकें। उन्होंने इसके लिए राशि का भी सुझाव दिया है। प्रेम भंडारी ने कहा कि यह राशि 10 से 100 अमेरिकी डॉलर का अंशदान हो। जिससे जो भी करना चाहे कर सके। भंडारी ने कहा कि प्रवासियों से एकत्र धन सीधे से राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में जमा होना चाहिए।
00
तीन चरणों में होगा भूमि पूजन :
बता दें कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम 5 अगस्त को निर्धारित किया गया है, इस भूमि पूजन का विधान तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पूजन के प्रथम चरण में सूर्यादि नवग्रह का आह्वान किया जाएगा। वही दूसरे चरण में इंद्रादि प्रधान देवताओं एवं गंधर्वों का आह्वान की होगा जबकि तीसरे चरण में महागणपति पूजन के साथ भूमि पूजन किया जाएगा और इन तीनों चरणों के दौरान वैदिक ब्राह्मणों द्वारा चतुर्वेद पारायण निरंतर होता रहेगा। इस राम मंदिर भूमि पूजन के साक्षी काशी के तीन विद्वान होंगे।


आंध्रा-ओडिशा सीमा पर पुलिस-माओवादियों के बीच मुठभेड़*

23-Jul-2020

रायपुर/विजयनगरम (शोर सन्देश)  आंध्र-ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्र एओबी एक बार फिर गोलियों की आवाज से गूंज उठा। यहां मुंचंगीपुट्टु और पेदबयलू जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में शीर्ष माओवादी नेताओं के बाल-बाल बचने की खबर मिल रही है। हालांकि यह मामला देर से प्रकाश में आया है। मुठभेड़ में माओवादी पार्टी के शीर्ष नेता अक्कीराजू हरगोपाल उर्फ आरके फरार होने में कामयाब रहे,जबकि एओबी सचिव चलपति, उसकी पत्नी अरुणा के गंभीर रूप से जख्मी होने की खबर है।गोलीबारी के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल पर खून के धब्बे और निशान मिलने के बाद पुलिस इस फैसले पर पहुंची है। दूसरी तरफ भारी बारिश के कारण पुलिस की कूंबिंग में रुकावट गई है।
हालांकि इस महीने की आखिर में शहीदों का वार्षिकोत्सव के लिए माओवादी बड़े पैमाने पर तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए विभिन्न कार्यक्रमों के आोयोजन के लिए साप्ताहिक बैठक बुलाने के बारे में मिली पक्की सूचना के बाद पुलिस ने कूंबिंग शुरू की थी। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में घायल माओवादियों के आत्मसमर्पण करने पर उनका इलाज कराया जाएगा।


भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बने मुकेश अम्बानी, जाने दुनिया का सबसे ज्यादा राईस कौन*

23-Jul-2020

रायपुर/मुंबई (शोर सन्देश)  रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में एक बार फिर इजाफा हुआ है और वह दुनिया के 5वें सबसे रईस कारोबारी बन गए हैं। फोर्ब्स की रियल टाइम नेटवर्थ के मुताबिक मुकेश अंबानी 75 अरब डॉलर (करीब 5.57 लाख करोड़ रुपये) की संपत्ति के साथ पांचवें पायदान पर हैं।
संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी अब फेसबुक के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग (89 अरब डॉलर) के करीब गए हैं। हालांकि, दोनों की संपत्ति में अब भी काफी अंतर है। आपको बता दें कि फोर्ब्स अरबपतियों की संपत्ति का आंकलन करता है। दुनियाभर में शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव की वजह से फोर्ब्स का आंकड़ा बदलता रहता है।
फिलहाल, फोर्ब्स की सूची में पहले स्थान पर 185.8 अरब डॉलर के साथ अमेजन के जेफ बेजोस हैं। वहीं बिल गेट्स (113.1 अरब डॉलर), एलवीएमएच के बर्नार्ड अर्नोल्ट एंड फैमिली (112 अरब डॉलर), फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग (89 अरब डॉलर) के साथ क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। वहीं 5वें स्थान पर मुकेश अंबानी तो बर्कशायर हैथवे के वारेन बफे 72.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ छठे स्थान पर हैं।
फिलहाल, फोर्ब्स की सूची में पहले स्थान पर 185.8 अरब डॉलर के साथ अमेजन के जेफ बेजोस हैं। वहीं बिल गेट्स (113.1 अरब डॉलर), एलवीएमएच के बर्नार्ड अर्नोल्ट एंड फैमिली (112 अरब डॉलर), फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग (89 अरब डॉलर) के साथ क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। वहीं 5वें स्थान पर मुकेश अंबानी तो बर्कशायर हैथवे के वारेन बफे 72.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ छठे स्थान पर हैं


बैंक कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, वेतन में होगी बढ़ोत्तरी, जानिए किसे कितना होगा फायदा*

23-Jul-2020

रायपुर/नई दिल्ली (शोर सन्देश)  बैंकर्स को अब बढ़े हुए वेतन का फायदा मिलेगा। इंडियन बैंक एसोसिएशन 2017 से 2022 के बीच पांच साल की अवधि के लिए 15 फीसद वेतन बिल वृद्धि पर सहमत हो गया है। मुंबई में भारतीय स्टेट बैंक के मुख्यालय में एक बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। वेतन लागत में 15 फीसद की बढ़ोतरी से बैंकिंग उद्योग के लिए सालाना 7,900 करोड़ रुपये का बोझ बढ़ेगा। यूएफबीयू संयोजक सी एच वेंकटाचलम के नेतृत्व में राज किरण राय और बैंक कर्मचारी यूनियन प्रतिनिधियों की अगुवाई वाले आईबीए प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। वेंकटचलम ने कहा कि वेतन में संशोधन से 35 बैंकों के कर्मचारी इसका फायदा ले सकेंगे। आईबीए और ट्रेड यूनियन के बीच प्रत्येक पांच वर्षों में एक बार सदस्य बैंकों में 8 लाख से अधिक बैंक कर्मचारियों के वेतन पर बातचीत होती है। दोनों के बीच लंबे समय तक देरी के बाद मूल रूप से 2017 के नवंबर में होने वाले संशोधन पर आम सहमति बनी। 2012 में आईबीए ने कर्मचारियों के वेतन में 15 फीसद की बढ़ोतरी की थी। इस बार (2017-2022), यूनियनों ने मूल रूप से 20 फीसद बढ़ोतरी की मांग की थी जबकि आईबीए ने शुरू में 12.25 फीसद की पेशकश की थी।
बता दें कि सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों के बीच वेतन असमानता एक दीर्घकालिक समस्या है, इससे शीर्ष केंद्रीय बैंकरों के बीच बहस शुरू हो गई है। लेकिन, सरकार ने मामूली बदलावों को छोड़कर अब तक वेतन संरचना में सुधार के लिए काम नहीं किया है। अगस्त 2016 में आरबीआई के पूर्व गवर्नर, रघुराम राजन ने इस विषय पर एक बहस छेड़ी थी, जब उन्होंने कहा था कि आरबीआई सहित पीएसबी के शीर्ष स्तर के कर्मचारियों का वेतन वैश्विक मानकों से कम है।


मंत्री की रिपोर्ट आई कोरोना संक्रमित, मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री क्वारण्टीन*

23-Jul-2020

भोपाल (शोर सन्देश) मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री अरविंद भदौरिया की रिपोर्ट आज कोरोना संक्रमित आई है। रिपोर्ट आने के बाद मंत्री भदौरिया निजी अस्पताल में भर्ती हो गए है। बुधवार को वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साथ हुई कैबिनेट की बैठक में भी शामिल हुए थे। इसके पहले उन्होंने कार्कर्ताओं से मुलाकात की थी। कोरोना का लक्षण नहीं होने के बावजूद कैबिनेट मंत्री अरविंद भदौरिया की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। रिपोर्ट आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कैबिनेट की बैठक में शामिल सभी मंत्री क्वारंटीन हो सकते हैं। वहीं मंत्री में कोरोना संक्रमण के श्रोत की पड़ताल की जा रही है।


बाल गंगाधर तिलक, शहीद चन्द्रशेखर आजाद को प्रधानमंत्री, गृह मंत्री ने किया याद, पढ़ें क्या कहा*

23-Jul-2020

रायपुर/नई दिल्ली (शोर सन्देश)  भारतीय इतिहास के दो वीर सपूत लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और शहीद चन्द्रशेखर आजाद की आज जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें याद किया है। बता दें, बाल गंगाधर तिलक का 23 जुलाई 1856 में हुआ था और चन्द्रशेखर आजाद का जन्म 23 जुलाई, 1906 में हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, `भारत मां के दो वीर सपूत लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद को उनकी जन्म-जयंती पर शत-शत नमन।वहीं, अमित शाह ने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक को लेकर कहा, `लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने अपने विचारों से स्वाधीनता के लिए संघर्ष कर रहे भारत को नयी दिशा प्रदान की। उन्होंने `स्वराज मेरा जन्म सिद्ध अधिकार है, और मैं इसे लेकर रहूंगा` का नारा देकर भारत के जन-जन को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ा, जो धीरे-धीरे पूरे भारत की सोच बन गया।उन्होंने आगे कहा, `लोकमान्य तिलक ने स्वदेशी का उपयोग, शिक्षा और स्वराज जैसे महत्वपूर्ण विषयों को आधार बनाया। उनका आदर्शपूर्ण जीवन, संघर्ष और देशप्रेम आज भी सभी भारतीयों के मन में राष्ट्रवाद की भावना जागृत करता है। ऐसे स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।अमित शाह ने चन्द्रशेखर आजाद को याद करते हुए लिखा, `महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद का नाम बहादुरी, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का पर्याय है। उनके हृदय में देश मातृभूमि के लिए इतना प्रेम था कि उन्होंने बहुत छोटी उम्र से ही अंग्रेज़ों के विरुद्ध लोहा लेना शुरू किया और फिर अपना सम्पूर्ण जीवन देश की स्वतंत्रता के लिए समर्पित कर दिया।उन्होंने आगे लिखा, `चंद्रशेखर आजाद से अंग्रेजी हुकूमत थर-थर कांपती थी, उन्होंने कहा था कि `मैं आज़ाद था, आज़ाद हूँ, आज़ाद रहूँगा` और वो सच में अपनी अंतिम सांसों तक आज़ाद रहे। उनके राष्ट्रप्रेम ने देश के लाखों युवाओं के हृदय में स्वाधीनता की लौ जलाई। ऐसे अमर बलिदानी के चरणों में कोटि-कोटि वंदन।`




kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account