
हैदराबाद (शोर सन्देश)। तेलंगाना में किसारा के तहसीलदार ई बालाराजू नागराजू को एसीबी ने घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया है। एसीबी ने तहसीलदार के घर छापा मारा था, जहां उसे 1 करोड़ 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। जानकारी के मुताबिक तहसीलदार और टैक्स अधिकारी ने कथित तौर पर रामपल्ली में 28 एकड़ जमीन का सेटलमेंट कराने के लिए ये रिश्वत ली थी। किसारा के तहसीलदार नागराजू ए एस राव के घर और दफ्तर में अभी और भी छानबीन की जा रही है। तहसीलदार ने रामपल्ली में 28 एकड़ जमीन का सेटलमेंट कराने के लिए 1 करोड़ 10 लाख रुपये की घूस ली थी। रिश्वत लेते समय एसीबी की टीम ने छापा मारकर तहसीलदार को रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी 3 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जिसमें तहसीलदार नागराजू, रियल स्टेट ब्रोकर श्रीनाथ और कन्नड़ा अंजी रेड्डी शामिल हैं। तहसीलदार पर कथित तौर पर 28 एकड़ जमीन से संबंधित किसी मामले में यह रिश्वत लेने का आरोप है। एसीबी ने शुक्रवार की रात तहसीलदार बलाराजू नागराजू के घर पर छापा मारा और रिश्वत की रकम के साथ उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों ने रिश्वत में ली गई रकम की गिनती की तो वो भी दंग रह गए।एसीबी की तरफ से यह छापा हैदराबाद के प्रमुख वाणिज्यिक और आवासीय परिसर में तहसीलदार के घर पर मारा गया था। इस साल की शुरुआत में दो अलग-अलग मामलों में एसीबी ने दो महिला तहसीलदार को 93 लाख रुपए और 30 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ा था।

अजमेर (शोर सन्देश)। सरकार और समाज के वंचित तबके के बीच बड़ी खाई को पाटने का काम एक ईमानदार अफसर करता है। ऐसे में अगर वो खुद वंचित परिवार या क्षेत्र से आता हो तो उसे सुविधाओं का अभाव और गरीबी में जीवन की मुश्किलें बेहतर मालूम होती हैं। सड़क पर रेहड़ी लगाने वाले एक शख्स ने जब यूपीएससी पास की तो लोग हक्के-बक्के रह गए। आज हम आपको ऐसे एक शख्स की कहानी सुनाने जा रहे हैं जिसने गरीबी को मुंह चिढ़ाकर अफसर बनकर दिखा दिया। इस शख्स की संघर्ष भरी कहानी देश के सैकड़ों युवाओं के लिए आइना है कि मेहनत के आगे सफलता खुद झुक जाती है। इंसान के रूप में जीवन अपने आप में एक चुनौती है और अगर आपने सपने देख लिए तो संघर्ष और बढ़ जाता है। यूं तो दुनिया में हजारों लोग सपने देखते हैं अफसर बनने का, बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूमना, नौकर-चाकर और नेताओं के बीच उठ-बैठ का। इस सपने को पूरा करने मनोज कुमार रॉय ने जान की बाजी लगा दी। मनोज, बिहार के एक छोटे से गांव से हैं। आज पूरे देश में उनको युवा प्रेरणा मानते हैं। पर एक वक्त वो भी था जब वो मामूली कामगार थे। मनोज गांव से शहर कुछ बनने का सपना लेकर आए थे। उन्होंने गांव छोड़ा तो दिल्ली शहर में पढ़ने के लिए काफी मशक्कत की। बात सिर्फ पढ़ने की नहीं थी इनको बनना था देश का अधिकारी यानि आईएएस अफसर। तो भैया ने शुरू कर दी पढ़ाई और कोचिंग-वोचिंग। पर हुआ क्या एतना बड़का शहर और खुला खर्च तो पैसों की कमी तो होनी ही थी। मनोज जो पैसे घर से शहर लाए थे वो सारे कोचिंग में खर्च गए। ऐसे में उन्हें गुजारा करने के लिए कुछ काम धंधा करना पड़ा। उन्हें चंद पैसों के लिए रेहड़ी लगाकार अंडे बेचने पड़े। दिल्ली में अपने संघर्ष के दिनों में उन्होंने न सिर्फ अंडे बेचे, सब्जियां बेचीं और यहां तक कि पैसे कमाने के लिए दफ्तरों में पोछा लगाने का भी काम भी किया। लेकिन मनोज ने एक बात हमेशा दिमाग में रखी कि उनकी मेहनत एक दिन उन्हें देश के सबसे प्रतिष्ठित पद के किसी दफ्तर तक जरूर पहुंचाएगी।
वो दिन भी आ गया जब मेहनत का फल मनोज को मिला। उन्होंने साल 2010 में चौथे प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास की और अब भारतीय आयुध निर्माणी सेवा (आईओएफएस) अधिकारी के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मनोज ने 870 वीं रैंक हासिल कर अपना अफसर बनने का ख्वाब पूरा किया था। रिजल्ट आते ही उनके दिन फिर गए। रॉय नालंदा से 110 किमी की यात्रा करते हैं, जहां वह राजगीर आयुध निर्माणी में एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में हर सप्ताहांत पटना में तैनात रहते हैं। पर मनोज रॉय की कहानी इतनी छोटी नहीं है। मनोज को मालूम है कि गरीब बच्चों के लिए कोचिंग की फीस से लेकर शहर में रहने तक किन मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इसलिए वह आईएएस, पीसीएस और आईपीएस जैसी सिविल सर्विस की तैयारी करने वाले बच्चों को मुफ्त में कोचिंग देते हैं। वो चाहते हैं कि जैसे उन्होंने बुरे दिन देखें, अंडे बेचे ऐसे ही देश के भविष्य में बनने वाले किसी अफसर बच्चे को संघर्ष न करना पड़े। वीकएंड पर मनोज रॉय बिहार के गरीब छात्रों को यूपीएससी परीक्षा में पास होने के लिए पढ़ाते हैं। उनकी ये कोचिंग बिल्कुल मुफ्त है। उनका कहना है कि, जब मैंने सिविल सर्विस एग्जाम पास किया था तभी सोच लिया था गरीब बच्चे जो महंगी कोचिंग नहीं ले सकते उनको मुफ्त पढ़ाउंगा। रॉय के लगभग 45 स्टूडेंट्स ने भी बिहार लोक सेवा परीक्षा जैसे एग्जाम क्रैक करके उनका नाम रोशन किया है। मनोज रॉय की पत्नी अनुपमा कुमारी ने भी बिहार लोक सेवा परीक्षा पास करके इतिहास रचा था। दोनों साथ मिलकर गरीब बच्चों का भविष्य संवारने का काम करते हैं। आईएएस-आईपीएस सक्सेज स्टोरीज मुहीम की इस कहानी से छात्र और छात्राओं को यही सीख मिलती है कि सड़क पर रेहड़ी लगाकर अंडे बेचने वाला जब अफसर बन सकता है तो आप क्यों नहीं, बस फल की इच्छा सोचे बिना मेहनत करते जाइए। देखना एक दिन सफलता झक मारकर आपके पास आएगी।

00 आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान मिली कामयाबी
हैदराबाद(शोर सन्देश)। चीन की एक कंपनी द्वारा भारत में चलाए जा रहे गैर-कानूनी ऑनलाइन गेम्बलिंग रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक चीनी नागरिक समेत उसके तीन भारतीय साथियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी बुधवार को दिल्ली से गिरफ्तार हुए थे, और फिर उन्हें गुरुवार को हैदराबाद लाया गया। यह कामयाबी उस दौरान हाथ लगी जब चीनी व्यक्तियों और कंपनियों पर दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा में आयकर विभाग द्वारा छापे मारे गए थे। कथित तौर पर चीन बेस्ड बीजिंग टी पावर कंपनी के तहत अलग-अलग कंपनियों द्वारा ऑनलाइन गेम्बलिंग रैकेट चल रहा था।
पुलिस ने दावा किया कि 1,100 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता लगाया गया था। ज्यादातर लेन-देन लॉकडाउन अवधि के दौरान किए गए थे। हैदराबाद पुलिस ने साउथ-ईस्ट एशिया के ऑपरेशंस को हेड करने वाले ऑनलाइन फर्म के याह हाओ को गिरफ्तार किया। हाओ के साथ ही फर्म के भारतीय डायरेक्टर्स धीरज सरकार, अंकित कपूर और नीरज तुली को भी गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी हैदराबाद के दो लोगों को ऑनलाइन जुआ खेलने के दौरान 1.64 लाख और 97,000 रुपये का नुकसान होने के बाद हुई है। चारों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 (धोखेबाजी) और 120 बी (षड़यंत्र रचने के लिए) और तेलंगाना गेम्बलिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। ज्ञात हो कि तेलंगाना और कई राज्यों में जुआ खेलने पर बैन है।

00 कैलिफोर्निया की अटॉर्नी जनरल रह चुकी हैं कमला हैरिस
नई दिल्ली (शोर सन्देश)। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी जोरो पर है। डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बिडेन ने सांसद कमला हैरिस को उप-राष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। भारतीय-जमाईका मूल की कमला हैरिस इस पद के लिए चुनाव लड़ने वाली पहली अश्वेत महिला होंगी। सीनेटर कमला हैरिस ने उपराष्ट्रपति पद के लिए चुने जाने के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो बिडेन अमेरिका के लोगों को एकजुट कर सकते हैं, क्योंकि उन्होंने अपने पूरे जीवन में हमारे लिए संघर्ष किया है। हैरिस ने कहा राष्ट्रपति के रूप में वह एक ऐसा अमेरिका बनाएंगे जो हमारे आदर्शों पर खरा उतरने वाला होगा। उन्होंने कहा, मैं उनके साथ उपराष्ट्रपति पद के लिए पार्टी की उम्मीदवार के रूप में चुने जाने पर खुद को सम्मानित महसूस कर रही हूं और उन्हें हमारा कमांडर-इन-चीफ बनाने के लिए सभी प्रयास करूंगी।
कैलिफोर्निया की सांसद कमला हैरिस कैलिफोर्निया की अटॉर्नी जनरल रह चुकी हैं और वह पुलिस सुधार की बहुत बड़ी समर्थक हैं। हैरिस एक समय जो बिडेन को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए चुनौती दे रही थीं, लेकिन राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर होने के बाद से ही चर्चा थी कि जो बिडेन उन्हें उप-राष्ट्रपति पद के लिए अपना साथी उम्मीदवार चुनेंगे।
3 नवंबर को होगा चुनाव तीन नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में जो बिडेन का मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुकाबला है। ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार हैं और रिपब्लिकन पार्टी की ओर से ट्रंप के साथ उप-राष्ट्रपति पद के लिए मौजूदा उप-राष्ट्रपति माइक पेन्स उम्मीदवार होंगे।

00 कांग्रेस विधायक के भतीजे समेत अब तक 110 आरोपी गिरफ्तार
बेंगलुरु (शोर सन्देश)। बेंगलुरु में एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हुई हिंसा से हालात गंभीर है। इस मामले में पुलिस ने आगजनी, पथराव और हमले के आरोपियों की धड़पकड़ शुरू कर दी है। इस संबध में बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त कमल पंत ने कहा कि बेंगलुरु में एक अपमानजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर हुई हिंसा के संबंध में बेंगलुरु पुलिस ने अब तक 110 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कांग्रेस विधायक श्रीनिवास मूर्ति के भतीजे नवीन को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। कहा जा रहा है कि विधायक के भतीजे की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद ही यहां हिंसा भड़की। 00 लगभग 60 पुलिसकर्मी घायल हुए दो लोगों की माैत :
पुलिस आयुक्त ने सभी से शांति बनाए रखने के लिए बल के साथ सहयोग करने की अपील की है। इसके साथ ही कहा कि बेंगलुरु शहर में धारा 144 लगा दी गई है। शहर के डीजे हल्ली और केजी हल्ली थाना क्षेत्रों में कथित भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुई झड़पों के बाद कर्फ्यू लगाया गया है। इस दाैरान एक एडिशनल पुलिस कमिश्नर समेत लगभग 60 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। वहीं दो लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले कांग्रेस विधायक श्रीनिवास मूर्ति के घर में उनके भतीजे नवीन द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उपद्रवियों द्वारा बर्बरता की गई थी।
00 नाराज लोगों ने विधायक के घर में तोड़फोड़ शुरू की थी : पैगंबर को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट के बाद नाराज लोगों ने विधायक के घर में तोड़फोड़ किया। इस दाैरान तोड़फोड़ कर रहे लोगों को पुलिस ने हटाने का प्रयास किया तो भीड़ बेकाबू हो गई। इसके बाद यह छोटे-छोटे समूहों में बंट गई और अन्य जगहों पर आगजनी व तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दाैरान भीड़ में शामिल लोगों ने करीब 8 से अधिक वाहनों को फूंक दिया। इस संबंध में कर्नाटक के गृहमंत्री ने कहा इस मामले की जांच हो रही है। शहर में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। वहीं उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पंन्ना (शोर सन्देश)। पन्ना एसपी मयंक अवस्थी को जूता पहनने के दौरान सांप ने काटा। एसपी पूरी तरह से स्वस्थ हैं, उन्होंने जबलपुर में डॉक्टरों से जांच कराई है। यह हादसा तब हुआ जब वे जूता पहनने लगे, जूते में सांप घुसा था। उसी समय उन्होंने मौजा समझकर हाथ जूते में डाल दिया और सांप ने काट लिया।

लखनऊ (शोर सन्देश)। प्रदेश के बागपत में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि संजय खोखर मॉर्निंग वॉक पर अपने खेत के लिए निकले थे। उसी दौरान बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत के पूर्व बीजेपी जिला अध्यक्ष संजय खोखर की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस मामले में उन्होंने संजय खोखर के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है, साथ ही मुख्यमंत्री ने इस मामले में जांच कर दोषियों के विरुद्ध 24 घंटे में विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इस मामले में जवाबदेही भी तय की जाए. इस घटना से उनके परिजन सकते में हैं। बताया जा रहा है कि संजय खोखर मंगलवार सुबह अकेले टहलने के लिए घर से निकले थे। उसी दौरान हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। वहीं बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने रविवार को राजधानी लखनऊ में 50 हजार का इनामी बदमाश राकेश पांडे जिसका दूसरा नाम हनुमान पांडे भी है को एक एनकाउंटर में मार गिराया था। गौरतलब है कि राकेश पांडे 2005 में बीजेपी के विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड में आरोपी था। राकेश पांडे उर्फ हनुमान पांडे जो मुख्तार अंसारी और मुन्ना बजरंगी का बेहद करीबी भी बताया जाता जिसे उसे एसटीएफ ने लखनऊ के सरोजनी नगर इलाके में मार गिराया था। बता दें कि भाजपा के पूर्व विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड मामले में पिछले साल दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत ने पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया था।

न्यूयॉर्क(शोर सन्देश)। अमेरिका में रहने भारतीयों के लिए यह स्वतंत्रता दिवस एक गौरवशाली पल लेकर आ रहा है। अमेरिका के एक प्रमुख समूह ने आने वाले स्वतंत्रता दिवस के मौके पर न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराने की घोषणा की है। ऐसा पहली बार होगा जब न्यूयॉर्क शहर के इस खास स्थान पर तिरंगा फहराया जाएगा। तीन राज्यों न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी कनेक्टिकट के फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन ने बताया कि टाइम्स स्क्वायर पर पहली बार तिरंगा फहराकर 15 अगस्त 2020 को इतिहास रचा जाएगा। टाइम्स स्क्वायर ध्वज फहराना समारोह भारतीय अमेरिकी समुदाय की बढ़ती देशभक्ति का एक वसीयतनामा है फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन के लिए गौरवशाली लम्हा भी है क्योंकि इस साल एफआईए गोल्डन जुबली मना रहा है। इसकी की स्थापना 1970 में हुई थी। आज ये विदेश में भारतीय समुदाय की सबसे बड़ी संस्था में से एक बन गया है। 1981 से एफआईए वार्षिक इंडियन डे परेड आयोजित करता आ रहा है, जिसमें भारत का गौरवशाली इतिहास दुनिया के सामने प्रदर्शित किया जाता है। जानकारी के मुताबिक एम्पायर स्टेट बिल्डिंग को 14 अगस्त से ही तिरंगे की रोशनी से सजा दिया जाएगा। संगठन ने कहा कि भारत-अमेरिका के मजबूत होते रिश्ते की झलक 15 अगस्त को टाइम्स स्क्वायर से पूरी दुनिया देखेगी। भारतीय-अमेरिकी कम्युनिटी के लिए ये काफी गौरवशाली पल होगा। एफआईए कई संगठनों का एक समूह है जो कि भारतीयों के हितों के लिए दुनिया भर में काम करता है। संगठन के चेयरमैन अंकुर वैद्य ने बताया कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय कोरोना वायरस से काफी प्रभावित हुआ है इस तरह के कार्यक्रम ऐसे समु में हौसला बढ़ाने का काम करते हैं।

नई दिल्ली/मॉस्को (शोर सन्देश)। दुनियाभर में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इसकी वैक्सीन बनाने के लिए दुनियाभर के वैज्ञानिक पूरी कोशिश में जुटे हुए हैं लेकिन अभी तक किसी को भी सफलता नहीं मिल पाई है। हालांकि रूस इस मामले में दुनिया के बाकी देशों से बाजी मार सकता है। रूस कोरोना वायरस के खातमे के लिए प्रभावी वैक्सीन लॉन्च करने वाला दुनिया का पहला देश बनने जा रहा है। ये कोविड-19 वैक्सीन मॉस्को के `गैमलेया रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी` में तैयार की गई है। रूस ने दावा किया है कि वह 12 अगस्त को इस वैक्सीन को रजिस्टर कराने जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस में ऐसा सुझाव दिया गया है कि गैमलेया रिसर्च इंस्टीट्यूट के निदेशक अलेक्जेंडर गिन्सबर्ग सहित अन्य शोधकर्ता पहले अपने ऊपर ही वैक्सीन का परीक्षण करेंगे। अलेक्जेंडर गिन्सबर्ग का कहना है कि वैक्सीन का मानवों पर परीक्षण करने से पहले शोधकर्ताओं पर परीक्षण करना विवाद को जन्म दे रहा है। हालांकि उनके इस बयान की रशियन एसोसिएशन ऑफ क्लिनिकल रिसर्च एसोसिएशन (RACRA) ने निंदा की है। एसोसिएशन का कहना है कि ये `क्लिनिकल रिसर्च, रूसी कानून और सार्वभौमिक रूप से स्वीकृत अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है।` वैक्सीन ने सभी परीक्षणों को पूरा कर लिया है और रूसी अधिकारियों ने इसे उपयोग के लिए एकदम ठीक बताया है। रूस ने योजना बनाई है कि वह इसी हफ्ते वैक्सीन को लॉन्च कर देगा। इसके साथ ही खबर ये भी है कि वह वैक्सीन का निर्माण शुरू होने से पहले इसे फ्रंटलाइन वर्कर्स को दे सकता है क्योंकि उन्हें संक्रमित लोगों के बीच में ही काम करना है। आपको बता दें किसी भी वैक्सीन को आम लोगों के इस्तेमाल के लिए तभी मंजूरी मिलती है, जब वो मानव परीक्षण के तीन चरणों को पूरा कर लेती है। सामान्य परिस्थितियों में किसी वैक्सीन के मानव परीक्षण के पहले चरण में ही कई महीनों का वक्त लग जाता है। हालांकि रूस के मामले में ऐसा माना जा रहा है कि वो इस वैक्सीन के सभी चरणों को पूरा कर चुका है। जिसके चलते वैक्सीन आम लोगों के इस्तेमाल के लिए पूरी तरह से तैयार है।

लखनऊ (शोर सन्देश)। उत्तर प्रदेश में 2022 का विधानसभा चुनाव `समाजवादी सरकार का काम जनता के नाम` के नारे के साथ लड़ने का ऐलान करते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि 2022 में परिवर्तन के लिए खुद से ही हर समाजवादी कार्यकर्ता को पहल करनी होगी। अगस्त क्रांति की समाजवादी दिशा-बाइस में बाइसिकल` पत्र को डिजिटली जारी करने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में परिवर्तन के लिए खुद से ही हर समाजवादी कार्यकर्ता को पहल करनी होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2022 के लिए अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं रखने और लोकतंत्र को बचाने के सघन अभियान में सभी की एकजुटता और निष्ठा के साथ अनवरत सक्रियता की अपेक्षा की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि नौ अगस्त 1942 को गांधी जी के आव्हान पर अंग्रेजों भारत छोड़ों आंदोलन की शुरूआत हुई थी। 8 अगस्त 1942 को रात में भारत छोड़ों प्रस्ताव पारित हुआ था। गांधी जी ने इस मौके पर करो या मरो का मंत्र दिया।