ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

2जी घोटाला- ए राजा व अन्य को झटका, सीबीआई की अपील हाईकोर्ट ने स्वीकार किया

22-Mar-2024
नई दिल्ली   ( शोर संदेश ) । दिल्ली उच्च न्यायालय ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला मामले में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा, कंपनियों और अन्य को बरी करने के फैसले को चुनौती देने वाली सीबीआई की अपील शुक्रवार को स्वीकार कर ली। न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि रिकॉर्ड में लाई गई सामग्री और पक्षकारों के वकीलों की दलीलों के आधार पर सीबीआई की ओर से दृष्टया मामला बनता है। इसके लिए गहन जांच की आवश्यकता है और अपील पर विस्तार से सुनवाई की आवश्यकता है। पीठ ने इसके साथ ही अपील की अनुमति दी और इस मामले को मई में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।  सीबीआई ने नीचली अदालत के फैसले पर गुण-दोष के आधार पर विचार करने के लिए 2018 में अपील दायर की थी। इस मामले में जज ने बीते 14 मार्च को अपना फैसला सुरक्षित कर लिया था। विशेष अदालत ने 21 दिसंबर, 2017 को राजा, द्रमुक सांसद कनिमोझी व अन्य को 2जी घोटाले से जुड़े सीबीआई और ईडी के मामलों में बरी कर दिया था।

बीआरएस नेता के. कविता को नहीं मिली राहत, सुप्रीम कोर्ट ने जमानत देने से किया इनकार

22-Mar-2024
नई दिल्ली   ( शोर संदेश ) । दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेता और तेलंगाना के पूर्व सीएम के चंद्रशेखर राव की एमएलसी बेटी के. कविता को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली नहीं है। अदालत ने शुक्रवार को कविता को जमानत देने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कविता की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर एक नोटिस भी जारी किया है। अदालत का कहना है कि कविता निचली अदालत में जा सकती हैं या जमानत के लिए कोई और उपाय अपना सकती हैं। अगर जमानत याचिका दायर की जाती है तो उस पर तेजी से फैसला किया जा सकता है। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने प्रोटोकॉल की अनदेखी नहीं करने का आदेश दिया। कहा कि सभी के लिए एक समान नीति का पालन करना होगा और जमानत के लिए सीधे सुप्रीम कोर्ट आने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।

अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार, अब इस दिग्गज के कंधों पर लोकसभा चुनाव

22-Mar-2024
नई दिल्ली  ( शोर संदेश )। लोकसभा चुनाव के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी आम आदमी पार्टी के लिए सबसे बड़ा झटका है। ऐसे में लोकसभा चुनाव अभियान की जिम्मेदारी पार्टी के बड़े चेहरों भगवंत मान, आतिशी, सौरभ भारद्वाज पर आ जाएगी। आप सांसद राघव चड्ढा अपनी आंख की सर्जरी करवाने के लिए ब्रिटेन जा चुके हैं। ऐसे में इस बार वह भी पंजाब में चुनाव अभियान में शामिल नहीं हो पाएंगे।
विधानसभा चुनाव में पंजाब में प्रचार अभियान की कमान राघव चड्ढा ने निभाई थी और पार्टी को जोरदार जीत दिलाई थी। ऐसे में पंजाब में अगर आप के बड़े चेहरे की बात करें तो बस मुख्यमंत्री भगवंत मान ही बचे हैं।
मुख्यमंत्री मान बोले- ईडी भाजपा की राजनीतिक टीम : शराब नीति घोटाला मामले में ई.डी. की ओर से ?दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ईडी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ईडी भाजपा की राजनीतिक टीम है। भाजपा केजरीवाल की सोच को कैद नहीं कर सकती क्योंकि आम आदमी पार्टी ही भाजपा को रोक सकती है। सोच को कभी भी दबाया नहीं जा सकता।
अगले 5 दिन में बाकी 5 उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे : मुख्यमंत्रीमान ने कहा है कि पार्टी अगले 5 दिन में राज्य की बाकी 5 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। अपने एक्स हैंडल के जरिए उन्होंने यह जानकारी दी। गौरतलब है कि आप पहले ही 8 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।  अमृतसर से कुलदीप सिंह धालीवाल, खडूर साहिब से लालजीत सिंह भुल्लर, जालंधर से सुशील कुमार रिंकू, फतेहगढ़ साहिब से गुरप्रीत सिंह जी.पी., फरीदकोट से करमजीत अनमोल, बठिंडा से गुरमीत सिंह खुड्डियां, संगरूर से गुरमीत सिंह मीत हेयर और पटियाला से डा. बलबीर को पार्टी ने मैदान में उतारा है। लुधियाना, गुरदासपुर, आनंदपुर साहिब, फिरोजपुर और होशियारपुर के लिए उम्मीदवारों की घोषणा अगले 5 दिन में की जाएगी। 
 

केजरीवाल के खिलाफ हाईकोर्ट ने सबूत दिखाने को कहा, ईडी अफसर फाइल लेकर पहुंचे

21-Mar-2024
नई दिल्ली ( शोर संदेश)  । ईडी के समन के मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है. अब दिल्ली हाई कोर्ट से उन्हें इस मामले में राहत मिलती नजर आ रही है. दरअसल, गुरुवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने ईडी से कहा कि अगर उनके पास सीएम केजरीवाल के खिलाफ कोई सबूत हैं तो उन्हें दिखाएं.
इससे पहले सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय के नोटिसों के बाद दिल्ली सीएम केजरीवाल ने पूछताछ के लिए आने से पहले गिरफ्तार ना करने की गारंटी मांगी थी. सुनवाई के दौरान सीएम केजरीवाल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि केजरीवाल ईडी के सामने पूछताछ के लिए आएंगे, लेकिन कोर्ट में ईडी ये कहे कि उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी.
केजरीवाल की तरफ से पेश हुए उनके वकील सिंघवी ने कहा कि वे पहले भी कई बार कोर्ट में पेश हो चुके हैं. केजरीवाल की तरफ से सवाल किया गया कि क्या वह वरिष्ठ जजों की खंडपीठ के सामने अपील नहीं कर सकते कि उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए. उन्होंने कहा कि इस आश्वासन के बाद उन्हें भी पेश होने में कोई आपत्ति नहीं है.सिंघवी ने कई अदालतों के पुराने आदेशों का हवाला दिया, जिनमें आरोपी या वांछित को किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई से अभय दान दिया गया है.
सुनवाई के दौरान केजरीवाल की तरफ से कहा गया कि जब तक ईडी उनकी याचिका पर जवाब दाखिल ना कर दे, तब तक कोई कठोर कदम नहीं उठाया जाना चाहिए. इस दौरान एएसजी राजू ने कहा कि इन मामलों को मिसाल के तौर पर कैसे गिनाया जा सकता है?

दिल्ली की अदालत से मिली है जमानत
बता दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने 9वीं बार समन भेजते हुए 21 मार्च यानी आज बुलाया था. पूछताछ से पहले उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया और कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने की मांग की है. बुधवार को दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में हुई सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने 22 अप्रैल की तारीख लगाई है. इससे पहले भेजे गए समन पर पेश नहीं होने के मामले में उन्हें शनिवार को ही दिल्ली की एक अदालत से जमानत मिली है.
बता दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने 9वीं बार समन भेजते हुए 21 मार्च यानी आज बुलाया था. पूछताछ से पहले उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया और कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने की मांग की है. बुधवार को दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में हुई सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने 22 अप्रैल की तारीख लगाई है. इससे पहले भेजे गए समन पर पेश नहीं होने के मामले में उन्हें शनिवार को ही दिल्ली की एक अदालत से जमानत मिली है.

अरविंद केजरीवाल को लेकर बीजेपी नेता हरीश खुराना ने कहा कि दिल्ली के सीएम फिर से ईडी के समन से बच रहे हैं. (अरविंद केजरीवाल) आप सरकार से क्यों भाग रहे हैं, यह तो आप ही जानते हैं. आप कानून का अपमान कर रहे हैं. आप नहीं कानून ऊपर है. कृपया कानून और व्यवस्था का सम्मान करें. जिस तरह से आप भाग रहे हैं, उससे साफ पता चलता है कि आप कुछ छिपा रहे हैं.

केजरीवाल ने बताया चुनावी सम्मन
वहीं, ईडी का कहना है कि उनके पास केजरीवाल के खिलाफ 'पर्याप्त सामग्री' है.  केजरीवाल का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि उन्हें किस हैसियत से बुलाया जा रहा है. केजरीवाल ने कहा कि 2024 के चुनाव में मुझे बड़ी भूमिका निभानी है. केजरीवाल ने इस 'चुनावी सम्मन'बताया. हाई कोर्ट ने कहा कि अगर सम्मन पर केजरीवाल के साथ विवरण साझा नहीं करना चाहते हैं, तो हमें उनके खिलाफ मौजूद सबूत दिखाएं.

मकान में लगी भीषण आग से 5 लोगों की दर्दनाक मौत

21-Mar-2024
जयपुर,( शोर संदेश)  । जयपुर के विश्वकर्मा स्थित एक मकान में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। आग की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई है। आग इतनी ज्यादा थी कि हादसे में पूरा परिवार ही जिंदा जल गया। 
सीएम ने जताया दुख
इस घटना पर राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने भी शोक जताया है। सीएम ने दुख जताते हुए कहा कि  परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान व परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
सीएम ने कहा कि हमने घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
 

Google का अलर्ट, कई यूजर्स पर मंडरा रहा खतरा, भूलकर भी ना करें ये गलती

21-Mar-2024
नई दिल्ली, ( शोर संदेश)   । Google Drive की पॉपुलैरिटी किसी से छिपी नहीं है. आज के समय में इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले हर एक यूजर्स का गूगल ड्राइव पर डेटा मौजूद है. इस प्लेटफॉर्म पर फोटो, मैसेज से लेकर बहुत सारा डेटा है. ऐसे में अगर ये डेटा लीक हो जाता है, तब क्या होगा? दरअसल, Google ने एक चेतवानी जारी की है, जिसमें बताया है कि Google Drive यूजर्स पर एक खतरा मंडरा रहा है. 

Google की तरफ से स्पैम को लेकर सावधान रहने को कहा है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया है कि अगर आप Google Drive का इस्तेमाल करते हैं, तो हैकिंग का शिकार हो सकते हैं. भोले-भाले यूजर्स मैलवेयर और फिशिंग अटैक के शिकार हो सकते हैं.
क्या है मामला और कैसे यूजर्स को हो सकता है नुकसान? 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल अकाउंट यूजर्स को गूगल ड्राइव पर एक संदिग्ध फाइल सेंड की जा रही है. कुछ यूजर्स ने शिकायत की है कि उन्हें गूगल अकाउंट पर फाइल रिसीव होने की रिक्वेस्ट मिली.
गूगल ने किया कंफर्म 
इसके बाद गूगल ने कंफर्म किया है कि उसे इस स्पैम अटैक की जानकारी है. इसके साथ ही कंपनी ने कहा कि अगर किसी को ऐसी कोई संदिग्ध फाइल मिलती है, तो उसे स्पैम कैटेगरी में मार्क कर दें.  गूगल ने बताया कि अगर आपने किसी संदिग्ध फाइल को एक्स्पेक्ट करने का अप्रूवल दिया है, तो उस लिंक पर या डॉक्यूमेंट पर क्लिक ना करें. 

किसी यूजर्स को अगर कोई संदिग्ध फाइल रिसीव होती है, तो यूजर्स उसकी रिपोर्ट कर सकते हैं. एक रिपोर्ट में बताया कि स्मार्टफोन में अगर कोई फाइल आती है, तो स्क्रीन टॉप पर तीन डॉट नजर आएंगे. इसके बाद रिपोर्ट ऑप्शन पर क्लिक करना होगा. हालांकि फाइल ओपेन है तो राइट क्लिक करना होगा. इसके बाद Block or Report का ऑप्शन मिल जाएगा. 

रविवार को भी खुले रहेंगे बैंक, आरबीआई ने दिया आदेश

21-Mar-2024
नई दिल्ली,( शोर संदेश)    । आरबीआई ने बयान में कहा, भारत सरकार ने सरकारी प्राप्तियों और भुगतान से संबंधित बैंकों की सभी शाखाओं को 31 मार्च, 2024 (रविवार) को लेनदेन के लिए खुला रखने का अनुरोध किया है ताकि वित्त वर्ष 2023-24 में प्राप्तियों और भुगतान से संबंधित सभी सरकारी लेनदेन का हिसाब रखा जा सके। इसमें कहा गया कि इसी तरह एजेंसी बैंकों को सलाह दी जाती है कि वे 31 मार्च को सरकारी व्यवसाय से संबंधित अपनी सभी शाखाएं खुली रखें।
तीन दिन लगातार बंद रहेंगे बैंक
25 मार्च को होली के उपलक्ष्य में लगभग सभी राज्यों में बैंकों में छुट्टी रहेगी। इससे पहले इस रविवार यानी 24 मार्च को साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक बंद रहेंगे। 23 मार्च शनिवार चौथा शनिवार है। इसलिए बैंकों में छुट्टी रहेगी। बिहार में 22 मार्च को बैंक बंद रहेंगे। बिहार दिवस के उपलक्ष्य में इस दिन बैंकों में कोई कामकाज नहीं होंगे। 
पटना में 26 और 27 को भी बैंक बंद: होलेी के दूसरे दिन 26 मार्च को भुवनेश्वर, इंफाल में अवकाश रहेगा। रिजर्व बैंक के हॉलीडे कैलेंडर के मुताबिक पटना में 26 और 27 को भी बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 29 मार्च को गुडफ्राइडे के उपलक्ष्य में देश भर में बैंक बंद रहेंगे।
अप्रैल में इस दिन बंद रहेंगे बंद
1 अप्रैल को देश भर में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 5 अप्रैल को बाबू जगजीवन राम जयंती/जुमात-उल-विदा की वजह से बैंकों में छुट्टी रहेगी। 9 अप्रैल को नवरात्र का पहला दिन है। इस दिन गुड़ी पड़वा/उगादी महोत्सव/तेलुगु नववर्ष दिवस/साजिबू नोंगमापानबा (चेइराओबा) भी है। अत: 9 अप्रैल बैंक बंद रहेंगे। 10 अप्रैल को ईद (ईद-उल-फितर) होने की संभावना है। अगर चांद 10 को दिख तो
ईद की छुट्टी 11 को होगी। आरबीआई के कैलेंडर के मुताबिक 13 अप्रैल को बोहाग बिहू/चेइराओबा/बैसाखी/बीजू महोत्सव के उपलक्ष्य में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 15 को बोहाग बिहू/हिमाचल दिवस और 17 अप्रैल को रामनवमी के उपलक्ष्य में बैंक बंद रहेंगे। कुछ जगहों पर 20 अप्रैल को गरिया पूजा के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।

अब 'हम 2 हमारे दो' से भी बच रहे लोग, 2050 तक भारत में घटने लगेगी आबादी

21-Mar-2024
नई दिल्ली ( शोर संदेश)  । देश में अब 'हम दो हमारे दो' का प्रचलन भी तेजी से कम हो रहा है। इसकी बजाय एक बड़ी संख्या ऐसी है, जो एक ही बच्चा चाहते हैं। इसके चलते भारत में जन्मदर में 2050 तक गिरावट देखने को मिलेगी। लैंसेट की एक रिपोर्ट में यह चेतावनी दी गई है। भारत में कुल जन्मदर 1950 में 6.18 थी, जो 1980 में घटकर 4.6 पर आ गई थी। यही नहीं 2021 में यह तेजी से घटते हुए 1.91 पर ही आकर ठहर गई। यह रिप्लेसमेंट लेवल से भी कम है। जनसंख्या विज्ञानी मानते हैं कि रिप्लेसमेंट लेवल के लिए जन्मदर कम से कम 2.1 होनी चाहिए। ऐसे में यह बड़े संकट की आहट भी है। अनुमान है कि 2050 तक भारत में जन्मदर 1.29 ही रह जाएगी। इससे आबादी एकदम से कम नहीं होगी, लेकिन उसमें युवाओं का अनुपात कम होता जाएगा। फिर 2100 तक यह संकट और गहरा जाएगा।
यदि लैंसेट की यह रिपोर्ट सही साबित होती है तो फिर आने वाले दशकों में भारत के आगे बड़ी चुनौती होगी। जन्मदर में तेजी से कमी आएगी तो वर्कफोर्स में भी कमी की स्थिति होगी और अर्थव्यवस्था को इससे झटका लगेगा। इसके अलावा युवाओं से अधिक आबादी बुजुर्गों की हो जाएगी, जिनकी देखभाल करना भी एक चैलेंज होगा। यही नहीं स्वास्थ्य सेवाओं पर भी बड़ा बोझ पड़ेगा। यही नहीं लैंगिक असमानता का संकट भी आएगा। इसकी वजह एक नया ट्रेंड भी है।  पहली संतान लड़का होने के बाद लोग दूसरा बच्चा नहीं पैदा कर रहे हैं। 
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि कम बच्चे पैदा करने की एक वजह यह भी है कि देश के विकास के साथ लोगों की आकांक्षाएं भी बढ़ी हैं। बच्चों पर लोग काफी खर्च कर रहे हैं। ऐसे में ज्यादा बच्चे होने पर खर्च अधिक होगा। इससे बचने के लिए लोग कम बच्चों को ही महत्व दे रहे हैं। इसके अलावा महिलाओं के बड़े पैमाने पर शिक्षित होने और उनके करियर पर फोकस करने से भी बच्चे पैदा होने की संभावनाओं पर असर पड़ा है। देरी से शादी भी इसका एक कारण बन रही है। तेजी से शहरीकरण और गर्भनिरोधक तक लोगों की आसान पहुंच ने भी चीजों को बदला है।
जानकार मानते हैं कि भले ही भारत के आगे यह चुनौती आने में कुछ दशक बचे हैं, लेकिन अभी से प्लानिंग करनी होगी। सरकारों को मातृत्व को कम खर्चीला बनाने का प्रयास करना चाहिए। इससे भी लोग कुछ हद तक कम से कम दो बच्चों के लिए प्रेरित होंगे। बता दें कि इटली, जापान, रूस जैसे कई देश ऐसे हैं, जो पहले ही इस तरह के संकट से गुजर रहे हैं। इन देशों में आबादी लगातार कम हो रही है और सरकारें इसे लेकर चिंतित हैं। इनमें से ही एक देश दक्षिण कोरिया भी है। पिछले दिनों दक्षिण कोरिया के एक नेता ने कहा कि यदि यही हाल रहा तो फिर हमारे अस्तित्व पर ही संकट होगा।

सब चुप, देख रहे ड्रामा, खाते फ्रीज होने पर भड़के राहुल गांधी

21-Mar-2024
नई दिल्ली( शोर संदेश),  । राहुल गांधी ने कांग्रेस के खाते फ्रीज करने के मामले में सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज हम 2 रुपये खर्च करने के लिए भी मोहताज हैं। कांग्रेस की मीटिंग के दौरान उन्होंने मीडिया से बात की और तीखा हमला बोला। यही नहीं सोनिया गांधी ने भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को पंगु करने की कोशिश हो रही है। सोनिया गांधी ने कहा कि खुद प्रधानमंत्री यह कोशिश कर रहे हैं कि आर्थिक तौर पर काांग्रेस को खत्म कर दिया जाए।
वहीं राहुल गांधी ने कहा कि एक महीने पहले कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। यदि किसी संस्था, कंपनी या परिवार के साथ ऐसा हो जाए तो वह खत्म हो जाएगा। लेकिन हमारे साथ यही हुआ। इसके बाद भी कोई अदालत, संस्था या चुनाव आयोग इस पर बात करने को तैयार नहीं है। सभी चुप हैं और ड्रामा देख रहे हैं। ऐसा भारत में लोकतंत्र है। एक ऐसी पार्टी अपने नेता को कहीं भेज नहीं सकती, रेल टिकट नहीं खरीद सकती, जिसे भारत के 20 फीसदी लोग वोट करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां कोई भी लोकतंत्र नहीं है, जहां मुख्य विपक्षी दल के खाते ही बंद कर दिए गए हों। 
इस मामले में सभी कोर्ट और चुनाव आयोग की भी भूमिका हो सकती है, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मेरा सवाल है कि आखिर चुनाव आयोग इस मसले पर क्यों चुप है। उन्होंने कहा कि ऐसे कदम से भाजपा ने सिर्फ कांग्रेस के खाते को फ्रीज नहीं किया बल्कि पूरे लोकतंत्र को फ्रीज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आयकर कानून कहता है कि ज्यादा से ज्यादा 10 हजार रुपये का फाइन लगाया जा सकता है। लेकिन कांग्रेस से करोड़ों रुपये की वसूली की गई और उसके खाते भी बंद कर दिए गए।

भूकंप का डबल अटैक! सुबह-सुबह तेज झटकों से हिले महाराष्ट्र-अरुणाचल प्रदेश

21-Mar-2024
महाराष्ट्र ( शोर संदेश)  और अरुणाचल प्रदेश गुरुवार (21 मार्च) सुबह भूकंप के झटकों से हिल उठे. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया है कि देश के पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई है, जबकि पूर्वोत्तर के अरुणाचल में आया भूकंप 3.7 की तीव्रता वाला था. सुबह-सुबह आए भूकंप की वजह से अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. 
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, महाराष्ट्र के हिंगोली में 10 किमी की गहराई पर भूकंप का केंद्र रहा है. भूकंप के झटकों को सुबह 6.08 बजे महसूस किया गया. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.5 मापी गई. 4 से लेकर 4.9 की तीव्रता वाले भूकंप को हल्के भूकंप के तौर पर परिभाषित किया जाता है. ऐसे में महाराष्ट्र में आया भूकंप हल्की तीव्रता वाला रहा, लेकिन इसकी वजह से लोगों के मन में डर जरूर पैदा हुआ. कुछ लोग झटके महसूस करने के बाद घर से बाहर निकल आए.

दो घंटे में भूकंप के दो झटकों से हिला अरुणाचल प्रदेश
भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का पहला झटका अरुणाचल प्रदेश में रिपोर्ट किया गया. देश के पूर्वोत्तर राज्य में कुछ घंटों के अंतराल पर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए. भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि सबसे पहला झटका गुरुवार तड़के 1.49 बजे रिकॉर्ड किया गया. राज्य के पश्चिमी कामेंग में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए. इसका केंद्र 10 किमी की गहराई में था. रिक्टर स्केल पर भूकंप के झटकों की तीव्रता 3.7 मापी गई. 
वहीं, दो घंटों बाद अरुणाचल प्रदेश एक बार फिर से भूकंप के झटकों से हिल उठा. सुबह 3.40 बजे राज्य में धरती के हिलने की जानकारी मिली. इस भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई. भूकंप का केंद्र पश्चिमी कामेंग रहा. इस भूकंप के केंद्र की गहराई 5 किमी थी. रिक्टर स्केल पर 3 से 3.9 की तीव्रता के बीच रहने वाले भूकंप के झटकों को मामूली भूकंप के तौर पर जाना जाता है. यही वजह है कि अभी तक जान माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account