ब्रेकिंग न्यूज

खेल

यशस्वी जायसवाल ने रच दिया नया इतिहास, हेड कोच का रिकॉर्ड तोड़ बने नंबर-1 खब्बू बल्लेबाज

23-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आगाज हो चुका है। पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में दोनों टीमों के बीच घमासान जारी है। टीम इंडिया के बल्लेबाज पर्थ टेस्ट में पहले दिन बुरी तरफ फेल हो गए जिसका नतीजा ये हुआ कि पूरी टीम 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और महज 150 रनों के स्कोर पर ढेर हो गई। भारतीय सलामी जोड़ी पहले विकेटे के लिए सिर्फ 5 रन ही जोड़ सकी क्योंकि युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला टेस्ट मैच खेलते हुए एक भी रन नहीं बना सके और डक पर पवेलियन लौट गए। जायसवाल ने 8 गेंदों का सामना किया लेकिन खाता नहीं खोल सके। वह तीसरे ही ओवर में मिचेल स्टार्क का शिकार बने। 
भारतीय पारी के 150 रन के स्कोर के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का प्रदर्शन भी बेहद खराब रहा। जसप्रीत बुमराह ने अकेले कंगारू टीम के टॉप आर्डर को तहस-नहस कर दिया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया के 7 बल्लेबाज 67 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया 104 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई। इसके बाद पहली पारी की नाकामी से सबक लेते हुए यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में केएल राहुल के साथ मिलकर संभलकर खेलते हुए टीम इंडिया की पारी का आगाज किया और अपने खाते में 15 रन जोड़ते ही नया इतिहास रच दिया।
यशस्वी जायसवाल का बड़ा कारनामा
दरअसल, यशस्वी जायसवाल इस साल शानदार फॉर्म में हैं। वह टेस्ट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। युवा सलामी बल्लेबाज जो रूट के बाद इस साल 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं। जायसवाल ने पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी के दौरान जैसे ही 15 रन का आंकड़ा छुआ तो वैसी ही भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में नया करिश्मा हो गया। जायसवाल टेस्ट क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बाएं हाथ के भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 16 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर के नाम था। गंभीर ने साल 2008 में टेस्ट क्रिकेट में 8 टेस्ट मैचों की 16 पारियों में 1134 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 6 अर्धशतक निकले थे। 

जसप्रीत बुमराह ने किया बड़ा करिश्मा, ऐसा करने वाले बने दुनिया के सिर्फ दूसरे गेंदबाज

23-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में पहले दिन टेस्ट में डेब्यू करने वाले नीतिश रेड्डी और ऋषभ पंत के अलावा कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। इस तरह पर्थ में  पहले दिन मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने चाय ब्रेक तक भारत को पहली पारी में महज 150 रन पर ढेर कर दिया। भारतीय टीम 50 ओवर भी पूरे नहीं खेल पाई। कप्तान जसप्रीत बुमराह ने उछालभरी हरी भरी पिच पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। पंत (78 गेंद में 37 रन) और रेड्डी ने सातवें विकेट के लिये 48 रन की साझेदारी की, जिससे टीम इंडिया 150 रन के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे सफल गेंदबाज जोश हेजलवुड रहे जिन्होंने 4 भारतीय बल्लेबाजों का शिकार किया। वहीं, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और मिचेल मार्श ने 2-2 विकेट अपनी झोली में डाले।
भारत के 150 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पारी का आगाज भी बेहद खराब रहा। अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे नेथन मैकस्वीनी तीसरे ही ओवर में बुमराह का शिकार बन गए। इसके बाद बुमराह 7वें ओवर में अपना चौथा ओवर डालने जिसमें उन्होंने खेल ही पलट दिया। इस ओवर में बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चौथी गेंद पर पहले उस्मान ख्वाजा को अपना शिकार बनाया। बुमराह ने राउंड द विकेट से गेंदबाजी करते हुए ऑफ स्टंप की लाइन में गुड लेंथ गेंद फेंकी जो पड़ने के बाद एंगल से अंदर आने की बजाय बाहर निकली। इस गेंद को उस्मान ख्वाजा समझ नहीं पाए और गेंद बल्ले के बाहरी किनारे को चूमते हुए दूसरी स्लिप में खड़े कोहली के हाथों में चली गई।

217 रन...17 विकेट, पर्थ टेस्ट में पहले दिन रहा गेंदबाजों का बोलबाला, बैकफुट पर ऑस्ट्रेलियाई टीम

22-Nov-2024
नई दिल्ली।( शोर संदेश ) पर्थ टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सात विकेट गंवाकर 67 रन बना लिए हैं। भारत ने अपनी पहली पारी में 150 रन बनाए थे। इस लिहाज से ऑस्ट्रेलिया अब भी 83 रन पीछे है। भारतीय बल्लेबाजी के फ्लॉप रहने के बाद और 150 रन पर ऑलआउट होने के बाद ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया हावी है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी और भी खराब रही। अभी तक कोई भी कंगारू बल्लेबाज 20 के आंकड़े से ऊपर नहीं जा सका है। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने अब तक चार विकेट लिए हैं। पहले दिन तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा। कुल 217 रन बने और 17 विकेट गिरे। 
ऑस्ट्रेलियाई पारी
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही थी। तीसरे ही ओवर में बुमराह ने नाथन मैकस्वीनी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 10 रन बना सके। इसके बाद बुमराह ने उस्मान ख्वाजा को कोहली के हाथों कैच कराया, फिर अगली ही गेंद पर स्टीव स्मिथ को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। ख्वाजा आठ रन और स्मिथ खाता नहीं खोल सके। ट्रेविस हेड को डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने क्लीन बोल्ड किया। वह 11 रन बना सके। वहीं, मिचेल मार्श छह रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। सिराज ने इसके बाद लाबुशेन को एल्बीडब्ल्यू किया। वह 52 गेंद में दो रन बना सके। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को भारतीय कप्तान बुमराह ने पंत के हाथों कैच कराया। वह तीन रन बना सके। फिलहाल एलेक्स कैरी 19 रन और मिचेल स्टार्क छह रन बनाकर नाबाद हैं। बुमराह के अलावा मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए, जबकि हर्षित राणा को एक विकेट मिला।
भारतीय पारी
इससे पहले भारत की पहली पारी 150 रन पर सिमट गई थी। टीम इंडिया के 11 बल्लेबाज मिलकर 50 ओवर भी बल्लेबाजी नहीं कर पाए। 49.3 ओवर में पूरी टीम सिमट गई। नीतीश रेड्डी ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। इसके अलावा ऋषभ पंत ने 37 और केएल राहुल ने 26 रन की पारी खेली। भारत की शुरुआत खराब रही थी। यशस्वी जायसवाल और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। विराट कोहली पांच रन और ध्रुव जुरेल 11 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर भी चार रन बना सके। पंत और नीतीश ने सातवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को कमिंस ने तोड़ा। पंत के आउट होते ही भारतीय पारी 150 रन पर सिमट गई। हर्षित राणा सात रन और बुमराह आठ रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने चार विकेट लिए। वहीं, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और मार्श को दो-दो विकेट मिले। इसी के साथ चायकाल भी हो गया।
भारत ने जीता टॉस, दोनों टीमें
भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। इस मैच में हर्षित और नीतीश कुमार रेड्डी टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं। हर्षित को अश्विन और नीतीश को विराट ने डेब्यू कैप सौंपी। टॉस के वक्त बुमराह ने कहा- हम अपनी तैयारी को लेकर बहुत आश्वस्त हैं। हमने यहां 2018 में एक टेस्ट मैच खेला था इसलिए हम जानते हैं कि क्या उम्मीद करनी है। विकेट जल्दी गिरते हैं। नीतीश डेब्यू कर रहे हैं। हमारे पास चार तेज गेंदबाज हैं और वॉशिंगटन सुंदर एकमात्र स्पिनर हैं।
ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा, नाथन मैकस्वीनी, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), मोहम्मद सिराज।
 

बस्तर ओलम्पिक: कांकेर में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ

21-Nov-2024

कांकेर (शोर संदेश )। बस्तर ओलम्पिक-2024 की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का रंगारंग शुभारंभ गुरुवार को नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर कांकेर विधायक आशाराम नेताम, भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष हेमंत धु्रव उपस्थित थे। इस अवसर पर सांसद नाग ने सभी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के साथ-साथ वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों में भी प्रतिनिधित्व करते हुए अपने हुनर का श्रेष्ठतम प्रदर्शन करें।

नाग ने अपने उद्बोधन में कहा कि बस्तर ओलम्पिक के आयोजन के माध्यम से मुख्यमंत्री साय ने यहां की युवा प्रतिभाओं को दिशा देकर आगे बढ़ाने का प्रयास किया है, यह बेहद सराहनीय प्रयास है। सांसद ने मौजूद प्रतिभागियों को सलाह देते हुए कहा कि मोबाइल भी एक नशा के समान है और इसका उपयोग उतना ही करें जितना कि सब्जी में नमक। उन्होंने सभी खिलाड़ियों व विद्यार्थियों को रील के बजाय रियल हीरो बनने की सीख दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन कांकेर विधायक नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोई भी खेल टीम वर्क से खेला जाता है। सभी खिलाड़ी अनुशासन और संयम के साथ उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान स्थापित करें तथा अपने हुनर को अंजाम दें। इस अवसर पर उन्हांने मुख्यमंत्री साय का आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश के मुखिया ने बस्तर ओलम्पिक के माध्यम से क्षेत्र के युवा वर्ग की काबिलियत को मंच देने और निखारने हेतु नवाचारी प्रयास किया। कार्यक्रम में उपस्थित भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती मंडावी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक से खेल प्रेमियों को एक मंच मिला है, उनके भीतर छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को बाहर लाने का सुनहरा अवसर मिला है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलते हुए बेहतरीन प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

इसके पहले, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि बस्तर ओलंपिक-2024 राज्य शासन की अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य सुदूर अंचल में निवासरत युवक-युवतियों की खेल प्रतिभाओं को अवसर देना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि जिले में खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए जनप्रतिनिधियों के सहयोग से एक एथलेटिक ट्रैक की स्वीकृति मिली है जिसका लाभ जिले के खिलाड़ियों को मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए जो भी आवश्यकताओं व सुविधाओं की दरकार होगी, उसे जिला प्रशासन द्वारा मुहैया कराया जाएगा। इस दौरान विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा भिलाई से आए कराटे के 20 प्रशिक्षुओं के दल ने कोच हरिहर राव के नेतृत्व में आत्मरक्षा पर आधारित विभिन्न अभ्यासों का प्रदर्शन किया। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि नाग ने बस्तर ओलम्पिक की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। साथ ही सभी खिलाड़ियों को अनुशासन व खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष रामचरण कोर्राम, जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी सहित वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


हार्दिक पांड्या बने आईसीसी T20 ऑल राउंडर नंबर वन, तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने भी किया अपनी रैंकिंग में बड़ा सुधार

21-Nov-2024
भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या एक बार फिर सुर्खियों में बन गए हैं। दरअसल उन्होंने अपनी T20 ऑल राउंडर रैंकिंग में बड़ा इजाफा किया है। अब हार्दिक दुनिया के नंबर वन T20 ऑल राउंडर बन गए हैं। इसके साथ ही तिलक वर्मा ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया हैं। दरअसल साउथ अफ्रीका का T20 दौरा भारत के कई खिलाड़ियों के लिए बहुत ही जबरदस्त साबित हुआ है। तिलक वर्मा ने शानदार दो शतक लगाए, जिसके चलते उन्होंने अपनी T20 रैंकिंग में बड़ा सुधार किया है।
तिलक वर्मा ने अपनी रैंकिंग में 69 स्थान की बड़ी छलांग लगाई है। वहीं बोलिंग की रैंकिंग देखें तो इसमें अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई ने लंबी छलांग मारी है और दोनों टॉप 10 में शुमार हो गए हैं। यहां जानिए आईसीसी की नई रैंकिंग।
आईसीसी की ताजा रैंकिंग पर नजर डाली जाए तो अब लिविंगस्टन को पीछे छोड़कर हार्दिक पांड्या दुनिया के टॉप वन ऑलराउंडर बन गए हैं। वही तिलक वर्मा आईसीसी T20 बैटिंग रैंकिंग में 69 स्थान की छलांग मार कर टॉप 3 बल्लेबाजों में शुमार हो गए हैं। बता दें कि तिलक वर्मा के बाद चौथे नंबर पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव शामिल है। हालांकि इस लिस्ट में सबसे पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड शामिल है और दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के फिल साल्ट ने कब्जा जमाया हुआ है। हालांकि बैट्समैन की सूची में यशस्वी जयसवाल अब 8वें स्थान पर है। उनसे पहले पाकिस्तान के बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान शामिल है।
संजू सैमसन ने किया बड़ा सुधार
वहीं साउथ अफ्रीका की सीरीज से संजू सैमसन के अंकों में भी सुधार देखने को मिल रहा है। दरअसल भारतीय विकेटकीपर संजू सैमसन 17 पायदान की छलांग लगाकर अब 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। बता दें कि संजू सैमसन ने साउथ अफ्रीका दौरे पर दो शानदार शतक लगाए। जिसके चलते उन्हें रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। इसके साथ ही भारतीय गेंदबाजों में रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह को बड़ा फायदा हुआ है। दोनों ही खिलाड़ी अब टॉप टेन गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं।

टीम इंडिया का बैटिंग ऑर्डर सेट, गेंदबाजों पर टॉस से पहले होगा फैसला; यहां देखिए प्लेइंग 11 की झलक

21-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) पर्थ टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन कैसी होगी? इसकी आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। कप्तान जसप्रीत बुमराह और कोच गौतम गंभीर को ही पता होगा कि वे किसके साथ जाने वाले हैं। हालांकि, इससे पहले टीम इंडिया का बैटिंग ऑर्डर सेट हो चुका है। ओपनर से लेकर नंबर 6 तक कौन खेलने वाला है? इसकी पुष्टि लगभग हो चुकी है। ये भी तय लग रहा है कि दो तेज गेंदबाज कौन होंगे, लेकिन तीन पायदानों के लिए अभी भी माथापच्ची होनी है।
दरअसल, क्रिकबज की रिपोर्ट में बताया गया है कि अगर आपने 20 नवंबर को हुए टीम इंडिया के नेट सेशन को देखा होगा तो आपको नजर आजाएगा कि टॉप 6 में कौन खेलने वाला है। टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर में फिलहाल के लिए कोई समस्या नहीं लग रही, लेकिन गेंदबाजी पर फैसला मैच की सुबह लिया जाएगा। रिपोर्ट में बताया गया है कि 20 नवंबर को भारत के दो खिलाड़ियों ने नेट सेशन में भाग लिया जो यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल थे। इससे साफ है कि दोनों ओपन करने वाले हैं।
इसके बाद नेट्स में विराट कोहली के साथ देवदत्त पडिक्कल दिखे। पडिक्कल ने अच्छे शॉट्स लगाए। विराट कोहली लंबे समय तक नेट्स में रहे। इसके बाद ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल नेट्स में दिखे। इससे साफ हो गया है कि टॉप 6 में यही खिलाड़ी खेलने वाले हैं। ओपनर के तौर पर यशस्वी और केएल, नंबर तीन पर देवदत्त पडिक्कल, चार पर विराट कोहली, पांच पर पंत और 6 पर जुरेल खेलते नजर आएंगे। इनके अलावा दो और नाम प्लेइंग इलेवन में फाइनल हैं। ये नाम जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का है।
अभी भी तीन खिलाड़ियों का नाम फाइनल नहीं है कि कौन प्लेइंग इलेवन में आएगा। अगर एक स्पिनर खेलेगा तो कौन खेलेगा? तीन विकल्प भारत के पास हैं, जिनमें आर अश्विन, रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर का नाम शामिल है। इसके अलावा नितीश रेड्डी को मौका मिल सकता है, जबकि एक अन्य पेसर हर्षित राणा, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और यश दयाल में से कोई एक हो सकता है। बता दें कि पडिक्कल अभी स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। अगर वे खेलते हैं तो बीसीसीआई जल्द उनको स्क्वॉड में आधिकारिक तौर पर शामिल करेगी।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, आर अश्विन/जडेजा/सुंदर, नितीश रेड्डी, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा/प्रसिद्ध कृष्णा

पाकिस्तान को बड़ा झटका, ICC ने सुना दिया अपना फैसला

16-Nov-2024
नई दिल्ली।   ( शोर  संदेश )  आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 लगातार विवादों में है. आईसीसी के इस मेगा इवेंट को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आमने सामने हैं. इन 2 क्रिकेट बोर्ड के बीच आईसीसी भी फंसी हुई है. लेकिन आईसीसी ने एक ऐसा फैसला लिया है जो पीसीबी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी आखिरी बार 2017 में इंग्लैंड में खेली गई थी. इसमें पाकिस्तान विजेता बना था. इस बार पाकिस्तान आयोजक है. चैंपियंस ट्रॉफी का शेड्यूल फिलहाल नहीं आया है. लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चैंपियंस ट्रॉफी का देश के अलग अलग हिस्सों में टूर कराने को तैयार थी और उसका शेड्यूल भी जारी कर दिया था. पीसीबी द्वारा शेड्यूल जारी करने के साथ ही आईसीसी ने उसे झटका दिया था.
ICC ने दिया झटका
पीसीबी के शेड्यूल के मुताबिक टूर प्रोग्राम 16 नवंबर से इस्लामाबाद में शुरु होना था. उसे स्कार्दू, मरी, हुंजा और मुजफ्फराबाद जैसे स्थानों पर ले जाया जाना था. इसमें स्कार्दू, हुंजा और मुजफ्फराबाद POK यानी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आते हैं जो विवादित इलाका है. आईसीसी ने पीसीबी को चैंपियंस ट्रॉफी POK ले जाने से मना कर दिया है. इसे पीसीबी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.  
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आधिकारिक आयोजक पाकिस्तान है. लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सुरक्षा कारणों से टीम इंडिया को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया है और आईसीसी से हाईब्रिड मॉडल की मांग की है. खबर ये भी है कि अगर पाकिस्तान हाईब्रिड मॉडल को अपनाने से इनकार कर देता है तो आयोजन अधिकार उससे लेकर साउथ अफ्रीका को सौंपा जा सकता है. रिपोर्ट ये भी है कि पिछले 2 दिनों में भारत भी चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन की रेस में आ गया है. हालांकि इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक फैसला आईसीसी की तरफ से नहीं आया है.  
 

साउथ अफ्रीका से सीरीज जीतने के बाद सूर्यकुमार ने तिलक को भविष्य का सितारा

16-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर  संदेश ) भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा की सराहना की है। उन्होंने कहा कि तिलक ने जो कहा था, वह करके दिखाया है। इस युवा खिलाड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो टी20 में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। तिलक ने सूर्यकुमार से तीसरे टी20 से पहले उन्हें नंबर तीन पर भेजने की विनती की थी। सूर्यकुमार ने इसकी इजाजत दी और फिर जो हुआ, वह इतिहास बन गया। भारतीय टीम ने लगातार दोनों टी20 जीते और सीरीज पर भी 3-1 से कब्जा जमाया।
कभी विराट कोहली नंबर तीन के महारथी माने जाते थे। इस महत्वपूर्ण नंबर के लिए हाल के दिनों में कई बल्लेबाजों को आजमाया गया है। टीम थिंक-टैंक ने टी20 विश्व कप के दौरान ऋषभ पंत के साथ भी प्रयोग किया था। हालांकि, उन्हें थोड़ी सफलता मिली थी। तब से, ऋतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों ने कप्तान सूर्यकुमार यादव द्वारा नंबर तीन की भूमिका संभालने से पहले इस पोजिशन पर बल्लेबाजी की थी। अब भारत को नया नंबर तीन मिल गया है। 22 साल के तिलक ने बता दिया है कि क्यों उन्हें आईपीएल के बाद से भविष्य का सितारा बताया जा रहा है।
मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव, जिन्होंने मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर के लिए अपना स्थान बलिदान किया, इससे सहमत दिखे। सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा कि तिलक आने वाले समय के बड़े खिलाड़ी हैं। बीसीसीआई ने सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में सूर्यकुमार बोलते दिखाई पड़े।
सूर्यकुमार ने चौथे टी20 में भारत की 135 रन की बड़ी जीत के बाद कहा, 'मेरे दिमाग में चल रहा था कि एक समय ऐसा भी आया है जब एक व्यक्ति (विराट) ने नंबर तीन पर लगातार बल्लेबाजी की है और भारत के लिए चमत्कार किए हैं। ऐसे में एक युवा लड़के को यह स्थान देने का सही मौका था। निश्चित रूप से तिलक के साथ इस स्थान पर बहुत सी संभावनाएं दिख रही हैं। हम दोनों ने वास्तव में एक-दूसरे से बात की और उन्होंने जिम्मेदारी स्वीकार की। उस वक्त तो तिलक जिम्मेदारी स्वीकार कर चले गए, लेकिन मैदान पर जिस तरह उन्होंने बल्ले से बात की, वह देखना अविश्वसनीय था। आशा है कि वह न केवल टी20 में बल्कि सभी प्रारूपों में ऐसा करना जारी रखेंगे।'

तिलक और संजू सैमसन के शतकों की बदौलत भाारत ने एक विकेट पर 283 रन का विशाल स्कोर बनाया, जो पुरुषों की टी20 अंतरराष्ट्रीय में पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है। तिलक ने 47 गेंदों में नाबाद 120 रन बनाए, जबकि सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने पिछले दो मैचों में दो बार शून्य पर आउट होने के बाद 56 गेंदों में नाबाद 109 रन बनाकर पिछली पांच पारियों में तीसरा शतक जड़ा। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 86 गेंदों पर 210 रन जोड़े, जो टी20 में भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
सूर्यकुमार ने कहा, 'टी20 विश्व कप (जीतने) से पहले भी हमने कुछ टी20 मैच खेले थे। हमने इस बारे में बात की थी कि हम आगे किस ब्रांड और किस प्रकार की क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हम अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए आईपीएल खेलते हैं, लेकिन जब हम एक साथ आते हैं, तो हम वही काम करना चाहते हैं जो हम अपनी फ्रेंचाइजी के लिए करते हैं। टी20 विश्व कप के बाद, हमने बस उसी का पालन किया।

ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन, ये 2 खिलाड़ी चोटिल

15-Nov-2024
नई दिल्ली।   ( शोर  संदेश ) न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम को 0-3 से करारी हार का सामना करना पड़ा था. अब भारतीय टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंची है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है, जिसका पहला मुकाबला 22 नवंबर से पर्थ स्टेडियम में होगा. इस टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले भारतीय टीम पर्थ के वाका (WACA) स्टेडियम में बंद दरवाजों में भारत-ए के खिलाफ प्रैक्टिस मैच खेल रही है.
इस अभ्यास मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह सिर्फ 15 रन बना सके. कोहली तेज गेंदबाज मुकेश कुमार की गेंद पर दूसरी स्लिप में कैच थमा बैठे. मुकाबले से पहले कोहली को स्कैन के लिए ले जाया गया था, हालांकि अच्छी बात यह रही कि कोहली पूरी तरह फिट हैं और उन्होंने अटकलों पर पूर्ण विराम लगा दिया है. कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सिर्फ 93 रन बना पाए थे.
यशस्वी जायसवाल की बात करें तो वो सिर्फ 15 रन बनाकर चलते बने. ऋषभ पंत भी कुछ खास नहीं कर पाए और 19 रन बनाकर नीतीश कुमार रेड्डी की गेंद पर बोल्ड हो गए. नीतीश ने बाद में ध्रुव जुरेल को भी स्लिप में आउट करवाया. नंबर-3 पर उतरे शुभमन गिल ने धीमी शुरुआत की और लगभग दो घंटे क्रीज पर रहने के बावजूद स्ट्राइक रोटेट करने के लिए संघर्ष किया. शुभमन 28 रन बनाकर नवदीप सैनी की शॉर्ट लेंथ गेंद पर विकेट खो बैठे.
उधर केएल राहुल शानदार फॉर्म में दिख रहे थे और शॉर्ट बॉलिंग को बखूबी संभाल रहे थे, लेकिन तभी तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की एक गेंद उनके दाएँ कोहनी पर जा लगी. इसके चलेत उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. राहुल की चोट की पूरी गंभीरता अभी तक पता नहीं चल पाई है. हालांकि उम्मीद है कि वो पहले टेस्ट के लिए फिट हो जाएंगे. भारत ने ब्रेक के समय 28 ओवर में 5 विकेट पर 106 रन बनाए.
बता दें कि केएल राहुल से पहले सरफराज खान भी चोटिल हो गए थे. सरफराज को प्रैक्टिस के दौरान उन्हें कोहनी में चोट लगी थी. प्रैक्टिस के दौरान सरफराज अपनी कोहनी पकड़े हुए बाहर जाते नजर आए. न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सरफराज ने एक मैच में 150 रनों की पारी खेली थी. उनका चोटिल होना टीम के लिए एक तगड़ा झटका हो सकता है. सरफराज के पर्थ टेस्ट में खेलने पर संकट के बादल भी मंडराने लगे हैं. हालांकि उम्मीद है कि राहुल की तरह सरफराज भी पर्थ टेस्ट के लिए फिट हो जाएंगे.
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय स्क्वॉड: रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, अभिमन्यु ईश्वरन, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर.
पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, मिचेल मार्श, नाथन मैकस्वीनी, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क.

बस्तर ओलंपिक 2024 : पहले चरण में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जारी

15-Nov-2024
जगदलपुर।( शोर  संदेश ) बस्तर संभाग जनजातीय बाहुल्य एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र है,यहां खेल क्षेत्र में अपार नैसर्गिक क्षमता विद्यमान है। इस क्षेत्र में शासन एवं जनता के मध्य मजबूत संबंध स्थापित कर यहां के युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने सहित उनके रचनात्मक एवं खेल प्रतिभा को पहचानकर खिलाड़ी के रूप में तैयार करने हेतु बस्तर ओलम्पिक 2024 आयोजन किया जा रहा है।
किसी भी खिलाडी को अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए एक बेहतर मंच की हमेशा तलाश रहती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सरकार ने बस्तर संभाग के अंदरूनी इलाकों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बस्तर ओलंपिक 2024 के रूप में एक अवसर दिया है जिसमें खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा को निखारते हुए बड़े अवसर की ओर बढ़ सकते हैं। बस्तर ओलंपिक में अपनी खेल विधा में सहभागिता के लिए लगभग एक लाख 70 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन करवाया है। ओलंपिक के पहला चरण विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन संभाग के सभी जिलों में आयोजित किया जा रहा है। बस्तर ओलंपिक के खेल विधाएं में एथलेटिक्स,लंबी कूद, ऊंची कूद,शॉटपूट, डिस्कस थ्रो, जैवेलिन थ्रो, रिलेरेस, तीरंदाजी, कबड्डी, बैडमिन्टन, खो-खो, फुटबॉल, वालीबॉल, रस्साकसी, कराटे जैसी विधा शामिल हैं। वहीं सुविधाओं की उपलब्धता के दृष्टिकोण से केवल जिला स्तर पर हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग की स्पर्धा हो रही है। बस्तर ओलंपिक का आयोजन विकासखण्ड स्तर, जिला स्तर और संभाग स्तर पर किया जाएगा।
   बस्तर जिले के दरभा विकासखंड के विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में कोलेंग, मुंडागढ़, चांदामेटा, पखनार, चन्द्रगिरी जैसे दूरस्थ अंदरूनी ईलाके के खिलाड़ियों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इन खिलाड़ियों ने बताया कि बस्तर ओलंपिक ने हम ग्रामीण युवाओं को एक अच्छा मौका दिया जो हम गांव के युवा आपस में बॉलीबाल खेलते थे। पहली बार गांव के खिलाड़ियों को विकासखंड स्तर पर खेलने का अवसर मिला और हमारी टीम उप विजेता रही। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से दूसरे क्षेत्र के खिलाड़ियों से संपर्क और खेल गतिविधियों के द्वारा अपने खेल को निखारने का अवसर मिल रहा है। छिंदगुर (कोलेंग) की व्हालीबॉल टीम में सम्मिलित सामूराम, घासीराम, मोतीराम नाग आदि युवाओं ने बस्तर ओलम्पिक के इस महत्ती आयोजन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पहल को सकारात्मक निरूपित करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। वहीं ग्रामीण स्तर पर बेहतर आयोजन के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account