ब्रेकिंग न्यूज

जशपुर के नवाचारी किसानों को मिलेगा सम्मान, आम-कटहल प्रतियोगिता में 10 हजार रूपए तक के नगद पुरस्कार

19-Jun-2026
रायपुर (शोर संदेश) मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जशपुर प्रवास के दौरान आयोजित होने वाली कृषि प्रदर्शनी एवं किसान सम्मान समारोह में जिले के प्रगतिशील और नवाचारी किसानों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।
उप संचालक कृषि द्वारा जारी जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के उत्कृष्ट कृषकों, जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार करने वाले कृषकों को प्रोत्साहित करना है।
इस प्रतियोगिता में सर्वाधिक वजन, उत्कृष्ट गुणवत्ता और आकर्षक आकार वाले आम का चयन किया जाएगा। जिले के किसान अपने बगीचे में उत्पादित आम प्रस्तुत कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
जिले में उत्पादित सर्वाधिक वजन एवं गुणवत्तायुक्त कटहल के लिए भी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। किसान अपने खेत या बाड़ी में उत्पादित कटहल को प्रतियोगिता में शामिल कर सकते हैं।
जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘जैविक खेती उत्कृष्ट किसान पुरस्कार’ श्रेणी भी रखी गई है। इसमें जैविक आदानों के उपयोग, कृषि नवाचार, विपणन, उद्यान प्रबंधन, जल संरक्षण, एकीकृत कृषि प्रणाली, ड्रोन तकनीक तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों का चयन किया जाएगा।
प्रतियोगिता की प्रत्येक श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले किसान को ₹10,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹7,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹5,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
इच्छुक किसान अपना नाम, ग्राम, विकासखंड, मोबाइल नंबर तथा प्रतियोगिता की श्रेणी का उल्लेख करते हुए आवेदन संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अथवा विकासखंड कृषि कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
विजेताओं का चयन कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर स्थल निरीक्षण एवं सत्यापन भी किया जाएगा। उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी उपलब्धियों, नवाचारों और उत्कृष्ट कृषि कार्यों को प्रदर्शित करने की अपील की है।
 


leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account