ब्रेकिंग न्यूज

धड़कते दिल को मिला छत्तीसगढ़ का दुलार, 5 साल की अनुष्का को मिला नया जीवन

19-Jun-2026
​रायपुर  (शोर संदेश)  प्रोजेक्ट धड़कन' और 'चिरायु' छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य, विशेष रूप से जन्मजात हृदय रोगों और अन्य गंभीर बीमारियों की मुफ्त जांच और उपचार के लिए चलाई जा रही प्रमुख स्वास्थ्य योजनाएं हैं। इनका मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों को महंगे इलाज का आर्थिक बोझ उठाने से बचाना है।
अबूझमाड़ के जंगलों से घिरे नारायणपुर जिले के एक छोटे से गांव में रहने वाले एक किसान परिवार के लिए उनकी 5 साल की बेटी की धड़कनें ही उनका संसार थीं। लेकिन जब पता चला कि उस मासूम के दिल में जन्मजात बीमारी है, तो मानो उस परिवार की दुनिया ही थम गई। इलाज का भारी-भरकम खर्च और संसाधनों की कमी के बीच जहां उम्मीदें दम तोड़ रही थीं, वहां राज्य सरकार की योजनाओं ने फरिश्ते की तरह कदम रखा।
​ज़िला प्रशासन नारायणपुर के प्रोजेक्ट धड़कन और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की चिरायु योजना (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) के साझा प्रयासों से ओरछा विकासखंड के कुरूषनार गांव की 5 वर्षीय अनुष्का मंडावी का सफल और पूर्णतः निःशुल्क ऑपरेशन किया गया है। यह सफलता की कहानी स्वास्थ्य विभाग के समर्पण और सरकारी योजनाओं की सार्थकता की एक जीती-जागती मिसाल है।
अनुष्का के पिता अर्जुन मंडावी पेशे से किसान हैं और माता प्रमिला मंडावी गृहिणी हैं। सीमित आय के कारण अपनी लाडली के महंगे इलाज की व्यवस्था करना उनके लिए नामुमकिन सा था। इस बीच, चिरायु दल जब नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा, तो उनकी नज़र अनुष्का पर पड़ी। ​चिकित्सकीय जांच में बच्ची के दिल की बीमारी का खुलासा हुआ। चिरायु दल ने बिना वक्त गंवाए परिवार को ढांढस बंधाया और योजना के तहत मिलने वाले मुफ्त इलाज की पूरी जानकारी दी।
इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए चिरायु दल के सदस्य डॉ. सतीश उसेंडी, डॉ. सिलवंती सिंह, फार्मासिस्ट मदन शोरी, लैब टेक्नीशियन दिलीप उसेंडी और एएनएम जसमती कचलाम ने कागजी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को रिकॉर्ड समय में पूरा कराया।
मामला सामने आते ही जिला प्रशासन तुरंत एक्टिव मोड में आ गया। जिला कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक  के सीधे मार्गदर्शन में अनुष्का को तत्काल श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल भेजा गया। वहां देश के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने 12 जून 2026 को मासूम अनुष्का के दिल का सफल और पूरी तरह से निःशुल्क ऑपरेशन किया।
​अब अनुष्का के दिल की धड़कनें पूरी तरह सामान्य हैं और वह तेजी से रिकवर कर रही है। अपनी बेटी को हंसता-खेलता देख माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताते हुए कहा कि अगर चिरायु योजना और प्रोजेक्ट धड़कन का साथ न मिलता, तो हम अपनी बेटी का इलाज कभी नहीं करा पाते। इस योजना ने हमारी बच्ची को एक नया जीवन और हमारे परिवार को नई खुशियां दी हैं।
इस सफल ऑपरेशन के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने छत्तीसगढ़ के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जरूर कराएं। श्चिरायु योजनाश् के तहत बच्चों की गंभीर बीमारियों की पहचान शुरुआती दौर में ही करके उनका मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जा सकता है, ताकि कोई भी बचपन संसाधनों की कमी के कारण मुरझाने न पाए।





 


leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account