ब्रेकिंग न्यूज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मध्य प्रदेश दौरे से पहले हाई अलर्ट, ओंकारेश्वर में कड़े सुरक्षा इंतजाम

17-Jun-2026
नई दिल्ली। (शोर संदेश) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के पांच दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से ओंकारेश्वर के दो दिवसीय कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सभी जिलों की पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा इंतजामों को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून को इंदौर से ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। वहां आगमन के बाद वह पूजा-अर्चना करेंगी और ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी। इसके बाद 19 जून को विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित आधिकारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को सुचारू बनाने के लिए ओंकारेश्वर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। ये व्यवस्थाएं 17 जून की रात 12 बजे से 19 जून तक प्रभावी रहेंगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
राष्ट्रपति का इंदौर एयरपोर्ट पर मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वागत किया जाएगा। इंदौर से ओंकारेश्वर तक उनकी यात्रा हेलीकॉप्टर या सड़क मार्ग से हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार अंतिम निर्णय मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा।
खंडवा के जिला मजिस्ट्रेट ऋषव गुप्ता ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि 18 और 19 जून को राष्ट्रपति का कार्यक्रम निर्धारित है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से आम लोगों को कुछ असुविधा हो सकती है, इसलिए प्रशासन का सहयोग करें ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है। इंदौर से खंडवा जाने वाले वाहन महू-मानपुर-धामनोद-खरगोन, सिमरोल-मंडलेश्वर-कसरावद-खरगोन अथवा बड़वाह-मंडलेश्वर-कसरावद-खरगोन मार्ग का उपयोग करेंगे। वहीं, खंडवा से इंदौर की ओर जाने वाला यातायात भीकनगांव-खरगोन-कसरावद मार्ग से संचालित होगा। मंडलेश्वर से आने वाले वाहनों को कसरावद-खालघाट मार्ग से गुजरने के निर्देश दिए गए हैं।
इंदौर और खंडवा की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा, जहां से श्रद्धालु पैदल दर्शन और पवित्र स्नान के लिए जा सकेंगे। दोनों दिशाओं से आने वाली बसों की पार्किंग मोरतक्का में की जाएगी। राष्ट्रपति के काफिले के आवागमन के दौरान कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से वाहन निषेध क्षेत्र घोषित किया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके और आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो। 










 


leave a comment

Advertisement 04

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account