ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

सुप्रीम कोर्ट से बाबा रामदेव को बड़ी राहत, लिखित माफी मांगने के बाद बंद हुआ यह केस

13-Aug-2024
नई दिल्ली।    ( शोर संदेश )   सुप्रीम कोर्ट ने योगगुरु रामदेव और पतंजलि आयुर्वेद के आचार्य बालकृष्ण को बड़ी राहत देते हुए उनके खिलाफ अवमानना का केस बंद कर दिया है। रामदेव और बालकृष्ण ने लिखित में माफी मांगी और कहा कि आगे से गुमराह करने वाले विज्ञापनों और पतंजलि के उत्पादों को लेकर भ्रामक दावे नहीं किए जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट ने भ्रामक विज्ञापन मामले में योग गुरु रामदेव, उनके सहयोगी बालकृष्ण और पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड को जारी अवमानना नोटिस पर 14 मई को अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था।
इससे पहले पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड ने सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया कि उसने उन 14 उत्पादों की बिक्री रोक दी है, जिनके निर्माण लाइसेंस उत्तराखंड राज्य लाइसेंसिंग प्राधिकरण ने अप्रैल में निलंबित कर दिए थे। कंपनी ने जस्टिस हिमा कोहली और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ को बताया था कि उसने 5,606 फ्रेंचाइजी स्टोर को इन उत्पादों को वापस लेने का निर्देश दिया है। इसी के बाद बेंच ने पतंजलि आयुर्वेद से एक एफिडेविट फाइल करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि हलफनामा दायर करके बताना होगा कि विज्ञापन हटाने के लिए सोशल मीडिया मंचों से किए गए अनुरोध पर अमल किया गया है और इन 14 उत्पादों के विज्ञापन वापस ले लिए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) की ओर से दायर उस याचिका पर सुनवाई कर रही है, जिसमें पतंजलि पर कोविड टीकाकरण अभियान और आधुनिक चिकित्सा प्रणालियों के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चलाने का आरोप लगाया गया है। उत्तराखंड राज्य लाइसेंसिंग प्राधिकरण ने न्यायालय को बताया था कि पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड और दिव्य फार्मेसी के 14 उत्पादों के निर्माण लाइसेंस को ‘तत्काल प्रभाव से निलंबित’ कर दिया गया है।

कोलकाता हाईकोर्ट पहुंची डॉक्टर रेप-मर्डर केस की डायरी, जांच शुरू

13-Aug-2024
कोलकाता।   ( शोर संदेश )  कोलकाता के रेजिडेंट डॉक्टर रेप-मर्डर केस में हाई कोर्ट की सख्ती के बाद केस डायरी हाईकोर्ट को सौंप दी गई है. फिलहाल हाई कोर्ट इस डायरी की जांच कर रहा है. इससे पहले हाईकोर्ट ने बेहद कड़ी टिप्पणी करते हुए दोपहर 1 बजे तक इस मामले की केस डायरी मांगी थी. सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने कहा था कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल संदीप घोष को आज ही छुट्टी पर चले जाना चाहिए.
कोलकाता हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के वकील से पूछा था,'आप कोर्ट को कैसे आश्वस्त करेंगे कि जांच पारदर्शी होगी. कोई सबूत नष्ट नहीं किया जाएगा? क्या आपने एक विशेष जांच दल गठित किया है?'
कोर्ट ने पूछा- क्या प्रिंसिपल का बयान लिया गया?
सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने कहा था,'अगर आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल छुट्टी पर नहीं जाते हैं तो मैं आदेश देकर उनसे पूछूंगा.' इसके साथ ही अदालत ने कहा कि क्या प्रिंसिपल का बयान लिया गया है?
राज्य ने बताया- 7 सदस्यीय एसआईटी की गई है गठित
राज्य सरकार के वकील ने कोर्ट को कार्रवाई के बारे में बताते हुए कहा कि 7 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त खुद जांच की निगरानी कर रहे हैं. अभी बयान नहीं लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है.
नियुक्ति पत्र और इस्तीफा भी पेश करने का आदेश
कोलकाता हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने कहा,'प्रिंसिपल संदीप घोष का आरजी कर मेडिकल कॉलेज से इस्तीफा और नेशनल मेडिकल कॉलेज में नियुक्ति का पत्र भी दोपहर 1 बजे पेश किया जाए.'
क्यों देशभर में हड़ताल पर हैं रेजिडेंट डॉक्टर
दरअसल, 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर अस्पताल के सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर का शव मिला था. सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात 31 वर्षीय पोस्टग्रेजुएट रेजिडेंट डॉक्टर के साथ 8 अगस्त की रात कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया और उसकी हत्या कर दी गई. अधिकारियों ने चेस्ट मेडिसिन विभाग के सेमिनार हॉल में द्वितीय वर्ष की छात्रा का अर्धनग्न शव बरामद किया था, जिस पर कई चोटों के निशान थे. इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है. लेकिन, रेजिडेंट डॉक्टर पीड़िता के लिए इंसाफ की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं.

स्वतंत्रता दिवस पर केजरीवाल की जगह ध्वजारोहण नहीं कर पाएंगी आतिशी, प्रस्ताव खारिज

13-Aug-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर तिरंगा फहराने का मामला आम आदमी पार्टी की सरकार और राजनिवास के बीच नए टकराव की वजह बन गया है। स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जगह कैबिनेट मंत्री आतिशी छत्रसाल स्टेडियम में ध्वजारोहण नहीं कर सकेंगी।
दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (जीएडी) ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर छत्रसाल स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में अपने स्थान पर आतिशी द्वारा ध्वजारोहण किए जाने की इच्छा जताई थी। 
जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने मंत्री गोपाल राय को जवाब देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए आतिशी को अधिकृत करने का निर्देश कानूनी रूप से अमान्य है और इस पर कार्रवाई नहीं की जा सकती। साथ ही यह भी कहा कि तिहाड़ जेल से केजरीवाल का पत्र लिखना और ऐसी बातचीत करना स्वीकार्य नहीं है और यह नियमों का उल्लंघन है।
गोपाल राय ने सीएम से मुलाकात के बाद दिए थे आदेश
उल्लेखनीय है कि इससे पहले दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को तिहाड़ जेल में सीएम केजरीवाल से मुलाकात के बाद सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) को लिखित आदेश जारी कर स्वतंत्रता दिवस पर आतिशी की ओर से ध्वजारोहण की व्यवस्था करने का आदेश दिया था।
जेल से एलजी को पत्र भेजने पर तिहाड़ ने जताई आपत्ति
तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से उपराज्यपाल वीके सक्सेना को पत्र भेजे जाने पर जेल प्रशासन ने आपत्ति जताई है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में उनकी जगह आतिशी के ध्वजारोहण करने के संबंध में पत्र लिखा है।
जेल संख्या-दो के अधीक्षक ने इस प्रकरण पर मुख्यमंत्री को विचाराधीन कैदी के तौर पर नौ अगस्त को पत्र लिखा है, जिसमें कहा है कि यह विशेषाधिकारों का दुरुपयोग है। विचाराधीन कैदी दिल्ली जेल नियमों के कानूनी प्रविधानों से शासित हैं, जो उनके अधिकारों और विशेषाधिकारों को सीमित करते हैं। जेल नियमावली के अनुसार आपका संदेश जेल के बाहर भेजे जाने वाले स्वीकार्य संचार की श्रेणी में नहीं आता है।
जेल प्रशासन ने इस बात पर भी नाराजगी और आश्चर्य जताया कि छह अगस्त को मुख्यमंत्री की ओर से सौंपे गए पत्र की विषय-वस्तु को बिना किसी अधिकार के बाहर लीक कर कर दिया गया। जेल अधीक्षक ने मुख्यमंत्री को ऐसी किसी भी अनुचित गतिविधि से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि विशेषाधिकारों का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए, ऐसा करने पर विशेषाधिकारों को कम करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
भाजपा ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को विवादित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कुछ दिन पहले आप नेताओं ने यह भ्रम फैलाया कि दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी इस बार राज्य स्तरीय सरकारी समारोह में ध्वजारोहण करेंगी। इसके लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल को पत्र लिखा है। तिहाड़ जेल अधीक्षक के एक पत्र से आप नेताओं का झूठ सामने आ गया है। तिहाड़ जेल अधीक्षक के अनुसार मुख्यमंत्री कोई भी शासकीय निर्देश या निवेदन पत्र जेल से नहीं लिख सकते है।
उन्होंने कहा कि सच्चाई आने पर अब एक बार फिर से मंत्री गोपाल राय भ्रम फैला रहे हैं। वह दावा कर रहे हैं कि आतिशी ध्वजारोहण करेंगी, इसके लिए संबंधित विभाग को तैयारी करने को कहा है। उनका यह आदेश असंवैधानिक है। इस मामले में संविधान विशेषज्ञों से राय लेकर उपराज्यपाल को निर्णय लेना चाहिए।

वायनाड भूस्खलन में मृतकों की संख्या हुई 413

08-Aug-2024
वायनाड। ( शोर संदेश )  केरल के वायनाड में तेज बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण चारों ओर तबाही मची हुई है। भूस्खलन से अब तक मरने वालों की संख्या 413 तक पहुंच गई है। अभी भी 152 लोग लापता हैं और उनकी तलाश 10वें दिन भी जारी है। वहीं, अधिकारियों की एक टीम के नेतृत्व में रक्षा और अन्य एजेंसियों के 1000 से अधिक लोगों ने सुबह-सुबह तलाशी अभियान शुरू कर दिया था। पिछले कुछ दिनों की तरह, कुछ टीमें वायनाड में चलियार नदी और मालापुरम जिले से गुजरने वाले इलाकों में तलाशी अभियान चला रही हैं। अभियान के दौरान कुल 78 शव और 150 से ज़्यादा शवों के अंग बरामद किए गए हैं। नदी से बरामद किए जा रहे शवों और उनके अंगों के संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया यह है कि उन्हें पहले डीएनए परीक्षण के लिए भेजा जाता है और फिर लोगों की पहचान के लिए रखा जाता है। बाद में इन शवों और शरीर के अंगों को हैरिसन मलयालम बागानों से ली गई भूमि में दफना दिया गया, जिसे अब कब्रिस्तान में बदल दिया गया है।
हर कब्र के सामने एक नंबर लिखा होता है और जब डीएनए रिपोर्ट आएगी, अगर वह परिवार से मेल खाती है, तो वे जान सकेंगे कि यह उनके रिश्तेदार थे। प्रभावित इलाकों में 100 से ज़्यादा राहत शिविर हैं, जहाँ 10,800 से ज़्यादा लोग रह रहे हैं। वे दूसरे स्थानों पर जाने का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि इलाके में स्थानीय स्वशासन उन घरों की तलाश कर रहा है जो बंद हैं और साथ ही ऐसी इमारतें भी हैं जिनका इस्तेमाल राज्य सरकार नहीं करती।
 

भारत लौटते ही सोनिया गांधी से मिलीं ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर, एयरपोर्ट से घर तक भव्य स्वागत

08-Aug-2024
नई दिल्ली।( शोर संदेश )   स्टार पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर किसी एक ओलंपिक में दो पदक जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के बाद बुधवार को स्वदेश पहुंच गईं। भारत पहुंचने के बाद उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। भाकर ने सोनिया गांधी से उनके 10 जनपथ स्थित आवास पर मुलाकात की। खुद काग्रेस पार्टी ने इस मुलाकात की तस्वीर शेयर किया है।
कांग्रेस पार्टी ने लिखा, ‘आज सीपपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी जी से पेरिस ओलंपिक में दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली मनु भाकर ने मुलाकात की।’ इससे पहले मनु भाकर जब भारत पहुंचीं तो लगातार हो रही बूंदाबांदी के बावजूद सैकड़ों समर्थकों और उनके परिजनों ने यहां उनका भव्य स्वागत किया। मनु को पेरिस से दिल्ली लाने वाली एयर इंडिया की उड़ान (एआई 142) एक घंटे की देरी से सुबह करीब नौ बजकर 20 मिनट पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची थीं। शहर में सुबह से हो रही बूंदाबांदी के बावजूद उनके आगमन से काफी पहले से हवाई अड्डे पर इंतजार कर रहे सैकड़ों लोगों ने उनका और उनके कोच जसपाल राणा का जोरदार स्वागत किया। इस 22 वर्षीय खिलाड़ी ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य और फिर सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता। 
 

वैशाली में करंट से 9 कांवरियों की मौत

05-Aug-2024
हाजीपुर. ( शोर संदेश )  बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया. पहलेजा स्थित गंगा नदी से जल लेकर आ रहे 9 कांवरियों की झुलसकर मौत हो गई. कांवरियों का जत्था पहलेजा घाट से गंगाजल भरने और बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक करने के लिए निकला था. इसी बीच औद्योगिक थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में (नाइपर के सामने) रविवार की रात करीब 11.40 बजे हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आने से 9 कांवरियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे में मृत कांवरिए जेठुई गांव के रहने वाले हैं.
11 हजार वोल्ट के तार से डीजे ट्रॉली के सटने से हुआ हादसा
हादसा तब हुआ जब कांवरियों का जुलूस गांव से करीब 500 मीटर दूर बढ़ा होगा. जुलूस के साथ एक ट्रॉली पर डीजे और साउंड सिस्टम सेट किया हुआ था, जो 11 हजार वोल्ट के तार से सट गया. इससे पूरी ट्रॉली में 11 हजार वोल्ट का करंट फैल गया और इसकी चपेट में जो आये वो मारे गये. एक एक कर करंट लगने से 9 कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई. छह झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गए. उनका इलाज कराया जा रहा है. बताया जा रहा है कि स्थिति ठीक नहीं है. मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है.

कार-बस में टक्कर, 6 की मौत

05-Aug-2024
लखनऊ।   ( शोर संदेश )  आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शनिवार की मध्य रात एक बस और कार की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 45 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार एक्सप्रेसवे से नीचे जाकर गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक्सीडेंट के संबंध में जानकारी देते हुए इटावा के एसएसपी संजय कुमार ने बताया कि शनिवार की रात एक डबल डेकर बस और कार में जोरदार टक्कर हो गई. जिसके बाद कार एक्सप्रेस वे से नीचे जाकर गिर गई. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई. जबकि 45 लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 

भारी बारिश : केदारनाथ में 9 हजार श्रद्धालुओं को बचाया गया

05-Aug-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  उत्तराखंड में भारी बारिश और बादल फटने से लोग बेहाल हैं। टिहरी से लेकर केदारनाथ तक हर जगह तबाही के निशान देखे जा सकते हैं.केदारनाथ में बड़ी संख्या में श्रद्दालु फंसे हुए हैं। रविवार को चौथे दिन भी उन्हें बचाने और सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अब तक करीब 9 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं को निकाल लिया गया है लेकिन अभी भी 1000 से अधिक लोग केदारनाथ, गौरीकुंड और सोनप्रयाग के इलाके में फंसे हुए हैं। केदारनाथ में आई आपदा से लोगों को बचाने के लिए करीब 882 राहत कर्मी लगे हुए हैं। फंसे लोगों को जवानों द्वारा भोजन, पानी मुहैया कराया जा रहा है। साथ ही लोगों को जैसे-जैसे निकाला जा रहा है उन्हें सुरक्षित स्थान पर भी पहुंचाया जा रहा है.अधिकारियों की मानें तो अगर मौसम ठीक रहा तो सभी तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को आज सुरक्षित निकाल लिया जाएगा. लेकिन इलाके में मौसम खराब होने के चलते बचाव कार्य में भी मुश्किल हो रही है।

ईपीएफओ के 7 करोड़ यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट, पीएफ खाते को लेकर नियम बदला

03-Aug-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश ) कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने कर्मचारियों के पीएफ अकाउंट को लेकर नया नियम पेश किया है. यह बदलाव सभी पीएफ खाताधारकों के लिए है. अगर आप भी एक पीएफ अकाउंट होल्डर्स हैं तो आपके लिए ये नियम पेश किया गया है. ईपीएफओ ने पीएफ अकाउंट्स में उनके विवरण को सही करने, अपडेट करने के लिए कुछ नए नियम पेश किए हैं. आइए जानते हैं ईपीएफओ की तरफ से किस नियम को पेश किया गया है? 

ईपीएफओ ने पर्सनल जानकारी जैसे नाम, डेट ऑफ बर्थ को सही करने के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया गाइडलाइन जारी किया है. जिसके तहत सदस्यों के प्रोफाइल को अपडेट करने के लिए एसओपी वर्जन 3.0 की मंजूरी दे दी गई है. अब इस नए नियम के बाद यूएएन प्रोफाइल में अपडेट या सुधार के लिए दस्तावेज देने होंगे. साथ ही डिक्लेयरेशन देकर आवेदन कर सकते हैं. 
ईपीएफओ ने अपने गाइडलाइन में कहा कि अक्सर देखा जाता है कि कई तरह की गलतियां होती हैं, जिसे सुधारने के लिए लोगों को बड़ी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है. यह परेशानी डेटा अपडेट नहीं होने के कारण होता है. ऐसे में ये गाइडलाइन पेश की गई है. 
दो कैटेगरी में होंगे बदलाव 
नए गाइडलाइन के मुताबिक, नए निर्देश के तहत ईपीएफओ ने प्रोफाइल में होने वाले बदलावों को मेजर और माइनर श्रेणियों में बांटा है. माइनर बदलावों को संयुक्त घोषणा रिक्वेस्ट के साथ कम से कम दो जरूरी दस्तावेज पेश करने होंगे. वहीं बड़े यानी मेजर सुधार के लिए कम से कम तीन आवश्यक दस्तावेज सबमिट करने होंगे. इसमें फील्ड कार्यालयों को सदस्यों की प्रोफाइल को अपडेट करने में ज्यादा सावधानी बरतने को कहा गया है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या धोखाधड़ी ना हो सके. 

दूसरी ओर, बड़े बदलावों के लिए कम से कम तीन जरूरी दस्तावेज देने होंगे. यह ध्यान रखना जरूरी है कि आधार से जुड़े बदलावों के मामले में, आधार कार्ड या एक्टिव मोबाइल नंबर से जुड़ा ई-आधार कार्ड सहायक दस्तावेज के तौर पर काफी होगा.
किस बदलाव के लिए कितने दस्तावेज  
बता दें ईपीएफ सदस्यों के पास सदस्य ई-सर्विस पोर्टल के माध्यम से सुधार के लिए संयुक्त डिक्लेयरेशन पेश करने का विकल्प है. यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि सुधार केवल वर्तमान नियोक्ता की ओर से मैनेज किए जा रहे ईपीएफ अकाउंट से संबंधित डेटा में ही किए जा सकते हैं. नियोक्ताओं के पास पिछले या अन्य प्रतिष्ठानों के ईपीएफ खातों में कोई भी बदलाव करने का अधिकार नहीं है. ईपीएफओ ने कहा कि सदस्य को अपने रजिस्टर्ड पोर्टल लॉगिन से जेडी आवेदन जमा करने की जिम्मेदारी होगी. 
 

अयोध्या रेप केस : फुल एक्शन में सीएम योगी, मोईद खान की बेकरी पर चला बुलडोजर

03-Aug-2024
अयोध्या    ( शोर संदेश ) रेप केस में सीएम योगी ने बड़ा एक्शन लिया है। सबसे पहले तो पुलिस चौकी के इंचार्ज और थानाध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया गया है, वहीं इस रेपकेस के मुख्य आरोपी मोईद खान के घर पर बुलडोजर एक्शन होने वाला है। इस मामले में मोईद खान की संपत्तियों पर बुलडोजर की कार्रवाई की जा रही है। अयोध्या गैंग रेप के मुख्य आरोपी सपा नेता मोईद खान की बेकरी पर खाद्य सुरक्षा उपायुक्त का छापा पड़ा है। बेकरी में बने सामानों की जांच की जा रही है। भदरसा में एवन बेकरी के नाम से है मोईद खान की बेकरी।
पीड़िता की मां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात की थी जिसके साथ ही अयोध्या में एक्शन शुरू हो गया है। सीएम योगी ने पूराकलंदर थानाध्यक्ष रतन शर्मा और भदरसा चौकी इंचार्ज अखिलेश गुप्ता, दोनों सस्पेंड कर दिया गया है। इनपर आरोप है कि घटना के बाद इन लोगों ने त्वरित कार्रवाई नहीं की गई और मुकदमा दर्ज करने ने घंटों विलंब किया है। 
पीड़ित किशोरी की मां ने मुख्यमंत्री को घटना के बारे में बताया था। पुलिस कर्मियों की कार्रवाई के बाद रेपकेस के मुख्य आरोपी मोईद खान की संपत्तियों की भी जांच शुरू हो गई है। मोईद खान पर आरोप है कि तालाब और सरकारी जमीनों पर इन लोगों ने अवैध कब्जा किया है।
सीएम योगी का बड़ा एक्शन
बता दें कि अयोध्या के भदरसा इलाके में गैंग रेप का शिकार हुई पीड़ित किशोरी की मां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक तंत्र अचानक हरकत में आ गया है।मुकदमा लिखने में देरी और त्वरित कार्रवाई नहीं करने के कारण जहां चौकी इंचार्ज और थानाध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया गया है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य आरोपी मोईद की प्रापर्टी की जांच शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे किसी भी पार्टी का अपराधी हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account