
लंदन/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने कोरोना संक्रमण के नए स्ट्रेन के बढ़ते संकट के बीच फिर से देश में लॉकडाउन का ऐलान किया है। ब्रिटेन में कोरोना वायरस महामारी के चलते फरवरी माह के मध्य तक एक नया लॉकडाउन लगा दिया है और लोगों से आने-अपने घरों में रहने की अपील की है।
दरअसल कोरोना वायरस के नए रूप के चलते यह महामारी और भी खतरनाक रूप लेकर और अधिक संक्रामक बन गई है। यहां अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या बढ़कर करीब 27,000 हो गई है जो अप्रैल 2020 के मुकाबले कहीं अधिक है। देश को संबोधित करते हुए पीएम जॉनसन ने कहा कि तेजी से फैल रहे संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में ब्रिटेन एक निर्णायक मोड़ पर है। उन्होंने मार्च 2020 में लगाए लॉकडाउन की तरह ही संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की जिसमें स्कूल और कारोबार बंद रहेंगे।
जॉनसन ने कहा, `आज हमारे अस्पताल कोविड-19 के कारण पहले के मुकाबले कहीं अधिक दबाव में हैं। यह साफ है कि वायरस के इस नए रूप को काबू में करने के लिए हमें मिलकर बहुत कुछ करने की जरूरत है। इंग्लैंड में हमें राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लगाना होगा जो इस वायरस से मुकाबला करने के लिहाज से बहुत सख्त हो। इसका मतलब यह है कि सरकार एक बार फिर आपको घर पर रहने का निर्देश दे रही है।` जॉनसन ने कहा, `हम हमारे इतिहास का सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम चला रहे हैं। ब्रिटेन में पूरे यूरोप के मुकाबले कहीं अधिक संख्या में लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। यदि सबकुछ उम्मीद के मुताबिक रहा तो फरवरी तक चार शीर्ष प्राथमिकता वाले समूह के सभी लोगों को हम टीके की पहली खुराक दे सकेंगे जिसके बाद कई पाबंदियों को हटाना संभव हो पाएगा।`
जॉनसन ने संबोधन में लोगों से कहा कि बहुत जरूरी खरीदारी करने, नियमित व्यायाम करने या चिकित्सा कारणों से ही वे बाहर निकलें। जॉनसन ने कहा कि ब्रिटेन `संघर्ष के अंतिम चरण` में प्रवेश कर रहा है।

00 हिमाचल वन विभाग ने पड़ोसी राज्यों को जारी किया अलर्ट, कांगड़ा में पौंग झील का क्षेत्र सील
कांगड़ा (शोर सन्देश)। बर्ड फ्लू ने हिमाचल प्रदेश में चिंता का विषय बना दिया है, जहां कोरोना बुखार अभी तक कम नहीं हुआ है। कांगडा पोंग नदी में बर्ड फ्लू के कारण 2,000 से अधिक प्रवासी पक्षियों की मौत ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दी है और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। हालांकि, तत्काल कार्रवाई करते हुए, जिला प्रशासन ने जलाशय के आसपास चिकन और अंडे सहित पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रतिबंधित क्षेत्र, जो पोंग झील से एक किलोमीटर के क्षेत्र को कवर करता है, सार्वजनिक पर्यटकों को भी इस क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकता है। पौंग झील में बर्ड फ्लू से प्रवासी पक्षियों की मौत का आंकड़ा 2000 पार कर गया है। भोपाल की पशु रोग संस्थान की रिपोर्ट में वायरस की पुष्टि होने के बाद हिमाचल प्रदेश का वन्य प्राणी विंग खासा सतर्क हो गया है। इस विंग ने पड़ोसी पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड दिल्ली समेत कई राज्यों को अलर्ट जारी किया है। अलर्ट में कहा गया है कि वे अपने राज्यों के प्रवासी पक्षियों की गतिविधियों पर नजर रखें। हिमाचल में पाया गया बर्ड फ्लू सामान्य फ्लू नहीं है, यह पक्षियों से इन्सान में भी फैल सकता है।
राज्य सरकार ने इस संबंध में विदेश मंत्रालय को भी रिपोर्ट भेजी है। इसमें उन देशों को भी सूचना देने की बात कही गई है, जहां से प्रवासी पक्षी हिमाचल आते हैं इनमें प्रमुख तौर पर सेंट्रल एशिया, साइबेरिया, मंगोलिया, यूरोप के कई देश शामिल है इन देशों के प्रवासी पक्षी अक्टूबर-नवंबर में हिमाचल आने शुरू हो जाते हैं। मृत पक्षियों को नष्ट करने के लिए कर्मचारियों को पीपीई किट मास्क और ग्लब्स पहनने होंगे। इसके अलावा 10 किलोमीटर के दायरे में कांगड़ा जिले में पोल्ट्री फॉर्म नष्ट किए जाएंगे। उधर पशुपालन विभाग भी अलर्ट हो गया है। विभाग के अधिकारियों को सरकार ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। इनमें कहा गया है कि वह बर्ड फ्लू को इंसान में फैलने से रोकने के कड़े कदम उठा।
00 सामान्य नहीं यह बर्ड फ्लू : पीसीसीएफ
पीसीसीएफ वन्य प्राणी विंग अर्चना शर्मा का कहना है यह बर्ड फ्लू सामान्य नहीं है। इसके लक्षण सर्दी जुकाम खांसी बुखार जैसे ही होते हैंं। यह पक्षी से इन्सान में फैल सकता है। एहतियाती तौर पर पड़ोसी राज्यों को भी अलर्ट किया गया है। राज्य में सभी मंडलों के अधिकारियों को एडवायजरी जारी की गई है।
00 किए पुख्ता इंतजाम : मंत्री
पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर का कहना है पशुपालन विभाग पूरी तरह से अलर्ट पर है। कांगड़ा जिले में 10 किलोमीटर के दायरे में पोल्ट्री नष्ट होंगी। बर्ड फ्लू को इन्सान में फैलने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पोंग नदी से मृत पाए गए पक्षियों को प्रयोगशाला परीक्षणों के लिए भोपाल भेजा गया था। इन पक्षियों की रिपोर्ट सकारात्मक आई है। H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस सभी पक्षियों में पाया गया है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से लगभग 300 किलोमीटर दूर कांगड़ा में पोंग जलाशय में एक पक्षी अभयारण्य स्थापित किया गया है। हर साल लाखों पक्षी सर्दियों में साइबेरिया और मध्य एशिया के ठंडे क्षेत्रों से आते हैं और फरवरी से मार्च तक रहते हैं। इसके बाद, पक्षी फिर से लौटते हैं।

लंदन/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। ब्रिटेन में सोमवार से ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की तरफ से विकसित कोविड-19 टीके का टीकाकरण शुरू हुआ। पहला टीका ऑक्सफोर्ड में जन्मे 82 वर्षीय ब्रायन पिंकर को दिया गया जिनकी किडनी के रोग के चलते डायलिसिस की जा रही है। ब्रायन पिंकर को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में मुख्य नर्स ने यह टीका लगाया। इसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) के चरणबद्ध टीकाकरण कार्यक्रम में एक मील का पत्थर बताया जा रहा है। ऑक्सफोर्ड द्वारा विकसित टीका कोरोना वायरस से बचाव के लिए ऐसा दूसरा टीका है जिसे मंजूरी मिली है। इससे पहले फाइजर-बायोएनटेक के टीके को मंजूरी दी गई थी। दूसरे टीके की शुरुआत ऐसे समय में की गई जबकि ब्रिटेन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। देश में पिछले छह दिनों में रोजाना 50,000 से अधिक संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। रविवार को ब्रिटेन में 54,990 नए मरीज सामने आए। स्वास्थ्य मंत्री मैट हैंकॉक ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ ब्रिटेन की लड़ाई में यह `निर्णायक क्षण` है क्योंकि टीकों के माध्यम से संक्रमण के प्रसार की रोकथाम में सहायता मिलेगी और प्रतिबंधों को भी हटाने का रास्ता साफ होगा। ऑक्सफोर्ड में जन्मे पिंकर कई सालों से किडनी की बीमारी से ग्रस्त हैं और उनकी डायलिसिस की जाती है। उन्होंने कहा कि वायरस से सुरक्षा मिलने पर उन्हें प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है और अब वह बिना चिंता के अपना उपचार जारी रख सकते हैं। उन्होंने कहा, `आज कोविड-19 का टीका लगवाकर मुझे प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है और बहुत गर्व का अहसास हो रहा है क्योंकि यह टीका ऑक्सफोर्ड में ही बनाया गया है।` पिंकर के अलावा 88 साल के संगीत शिक्षक ट्रेवोर कॉलेट और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में बालरोग विशेषज्ञ एंड्रयू पोलार्ड को भी सोमवार को टीका लगाया गया। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा, `ऑक्सफोर्ड द्वारा टीका विकसित करना ब्रिटेन के विज्ञान की जीत है। मैं इसके विकास एवं उत्पादन में शामिल सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।` उन्होंने आगे कहा, `मैं जानता हूं कि आने वाले हफ्तों और महीनों में हमारे सामने चुनौतियां बनी हुई हैं लेकिन मुझे भरोसा है कि इस साल हम कोरोना वायरस को हरा देंगे और फिर उठ खड़े होंगे।` ऑक्सफोर्ड वैक्सीन ग्रुप में निदेशक और ऑक्सफोर्ड वैक्सीन ट्रायल के प्रमुख अन्वेषक प्रोफेसर पोलार्ड ने कहा, `मेरे लिए वह अभूतपूर्व गर्व का पल था, जब मुझे वह टीका लगा जिसे बनाने के लिए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और एस्ट्राजेनेका की टीम ने इतनी मेहनत की ताकि इसे ब्रिटेन और दुनिया को उपलब्ध करवाया जा सके।`

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। दिवंगत पॉप स्टार माइकल जैक्सन की कैलिफोर्निया स्थित नैवरलैंड संपत्ति को उद्योगपति रॉन बर्कले ने खरीद लिया है। बर्केल के प्रवक्ता ने गुरुवार को ई-मेल के जरिये बताया कि उद्योगपति ने सैंटा बारबरा के निकट लॉस ऑलिवोस में स्थित 2,700 एकड़ की इस संपत्ति को `लैंड बैंकिंग` योजना के तहत खरीदा है। `वॉल स्ट्रीट जर्नल` की खबर के अनुसार, बर्कले को यह संपत्ति 2 करोड़ 20 लाख अमेरिकी डॉलर में बेची गई है। बर्कले निवेश कंपनी `यूसेपा कंपनीज` के सह-संस्थापक रहे जैक्सन के सहयोगी रहे हैं। साल 2016 में संपत्ति की कीमत दस करोड़ अमेरिकी डॉलर मांगी गई थी। अगले साल इसे कम करके 6 करोड़ 70 लाख अमेरिकी डॉलर कर दिया गया था। 12,500 वर्गफुट के मुख्य आवास के अलावा इसमें 3,700 वर्ग फुट का पूल हाउस है। इसके अलावा एक अलग भवन भी है, जिसमें 50 सीटों वाला मूवी थियेटर और एक डांस स्टूडियो है। माइकल ने यह घर 1987 में 1.95 करोड़ डॉलर में खरीदा था। यह घर जैक्सन के खिलाफ लगे बाल यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद जांच के घेरे में आ गया था. इस घर में 6 बेडरूम हैं। 12500 वर्गफुट के घर और दो गेस्ट हाउस समेत 22 भवन हैं।

काठमांडू/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। नेपाली उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली नीत सरकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया। न्यायालय ने कहा कि वह संसद को अचानक भंग करने के अपने निर्णय के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण पेश करे। 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा को भंग करने के सरकार के फैसले के खिलाफ दायर रिट याचिकाओं पर प्रधान न्यायाधीश चोलेंद्र शमशेर राणा की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने प्रारंभिक सुनवाई के बाद नोटिस जारी किया। पीठ ने प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रपति कार्यालय से लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा क्योंकि सभी रिट याचिकाओं में उन्हें प्रतिवादी बनाया गया है। न्यायालय ने सदन को भंग करने के लिए सरकार द्वारा की गई सिफारिशों की मूल प्रति भी पेश करने को कहा है। पांच सदस्यीय पीठ में न्यायमूर्ति बिश्वंभर प्रसाद श्रेष्ठ, न्यायमूर्ति तेज बहादुर केसी, न्यायमूर्ति अनिल कुमार सिन्हा और न्यायमूर्ति हरि कृष्ण कार्की शामिल हैं। प्रधान न्यायाधीश राणा की एकल पीठ ने बुधवार को सभी रिट याचिकाओं को संवैधानिक पीठ को सौंप दिया था। संसद को भंग करने के सरकार के फैसले को चुनौती देते हुए कुल 13 रिट याचिकाएं उच्चतम न्यायालय में दायर की गयी हैं। इस बीच, सत्तारूढ़ नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के दोनों धड़ों के बीच पार्टी पर नियंत्रण को लेकर टकराव तेज होने के बीच प्रधानमंत्री ओली ने शुक्रवार शाम को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार संभावना है कि प्रचंड नीत धड़े के सात मंत्रियों के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकते हैं। ओली मंत्रिमंडल में अब 18 सदस्य हैं जिनमें मंत्री और राज्य मंत्री शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि प्रधान मंत्री ओली की सिफारिश पर रविवार को राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी द्वारा प्रतिनिधि सभा भंग करने तथा मध्यावधि चुनाव की तारीखों की घोषणा करने के बाद नेपाल में राजनीतिक संकट पैदा हो गया। इस फैसले का नेपाली कांग्रेस सहित विभिन्न दलों ने विरोध किया है।

00 स्वास्थ्य मंत्री ने स्थिति को नियंत्रण में बताया
लंदन/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। दो दिसंबर ब्रिटेन में चरणबद्ध लॉकडाउन लागू करने को मंजूरी देने के लिए देश की संसद के निचले सदन `हाउस ऑफ कॉमंस` में मंगलवार को मतदान हुआ। देश के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि ब्रिटेन में कोरोना वायरस से पैदा हालात अब ``नियंत्रण में हैं``, लेकिन काफी सावधानी बरतने की जरूरत है। चरणबद्ध लॉकडाउन मध्यरात्रि से लागू होगा। इस प्रस्ताव के पक्ष में 291 वोट पड़े, जबकि 78 वोट इसके खिलाफ पड़े। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ `कंजर्वेटिव पार्टी` के कई सांसदों ने इस प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया।
इससे पहले, ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैंकॉक ने लॉकडाउन का समर्थन नहीं करने वालों को अपने पक्ष में करने का प्रयास करते हुए सोमवार को डाउनिंग स्ट्रीट पर प्रेस वार्ता में कहा था कि फिलहाल जारी देशव्यापी लॉकडाउन बुधवार को समाप्त हो रहा है, ऐसे में क्षेत्रीय स्तर पर चरणबद्ध लॉकडाउन की प्रणाली होना आवश्यक है।
हैंकॉक ने कहा-हम थोड़ी नरमी बरत सकते हैं लेकिन खुली छूट नहीं दे सकते। हमने एनएचएस पर दबाव को कम कर दिया है, हमने कोरोना वायरस संक्रमण के मामले कम कर लिए हैं, हमने संक्रमण को नियंत्रण में कर लिया है। हम सभी के एकजुट प्रयास का अर्थ है कि बुधवार से इंग्लैंड में सभी लोग, यहां तक कि तीसरी श्रेणी में आने वाले लोगों को भी छूट मिलेगी, लेकिन हम बहुत ज्यादा छूट देने की स्थिति में नहीं हैं।
नयी प्रणाली में क्षेत्रों को तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा... मध्यम, उच्च और अति उच्च। इंग्लैंड के ज्यादातर क्षेत्रों के उच्च और अति-उच्च श्रेणी में रहने की संभावना है। ब्रिटेन के स्वास्थ्य एवं समाज सेवा विभाग ने सोमवार को बताया कि देश में संक्रमण के 12,330 नए मामले सामने आए। ब्रिटेन में कोविड-19 संक्रमण से मरने वालों की संख्या 58,448 हो गई है।

राष्ट्रीय (शोर सन्देश)। कांग्रेस के नेता अहमद भाई पटेल के निधन के बाद से कांग्रेस कोषाध्यक्ष पद के लिए कवायद शुरू हो गई है। लेकिन कांग्रेस के सामने अब अहम सवाल यह है कि कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाए? कांग्रेस में अध्यक्ष के बाद सबसे अहम पद कोषाध्यक्ष माना जाता है, इस कारण पार्टी इस मामले पर जल्द फैसला लेना चाहती है। इसकी सबसे बड़ी वजह अगले साल होने वाले पांच राज्यों में विधानसभा के चुनाव हैं। इनमें पश्चिम बंगाल और असम सबसे महत्वपूर्ण हैं।
कोषाध्यक्ष पद के लिए इनके नामों की है चर्चा
कांग्रेस कोषाध्यक्ष के पद के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल और मिलिंद देवड़ा के नाम सबसे आगे हैं।
.तो गड़बड़ा जाएगा सत्ता का गणितइस पद के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विश्वासपात्र हो सकते हैं किंतु ऐसी कम ही संभावना है कि वे मुख्यमंत्री पद छोड़ेंगे। साथ ही उन्हें दिल्ली आने से राजस्थान में सत्ता का गणित भी गड़बड़ा सकता है।

काबुल/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। अफगानिस्तान के बमियान प्रांत में मंगलवार को सड़क के किनारे छिपाकर रखे गए बम में विस्फोट होने से एक यातायात पुलिस कर्मी समेत 14 लोगों की मौत हो गयी और 45 लोग घायल हो गए। यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब सरकारी वार्ताकार और तालिबान के प्रतिनिधि दशकों से चल रही जंग को खत्म करने के लिए बातचीत कर रहे हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता तारिक एरियन ने बताया कि बमियान प्रांत के बमियान शहर में दोपहर में हुए विस्फोट में 45 लोग घायल हो गए। धमाके में कई दुकानें और गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गयी। बमियान प्रांत के पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता मोहम्मद रजा यूसुफी ने बताया कि लगातार दो धमाके हुए। किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने बताया कि उनका समूह इस घटना में संलिप्त नहीं था।
00 IS से संबंध समूह ने हालिया हमलों की जिम्मेदारी ली है वहीं इस्लामिक स्टेट (आईएस) से संबद्ध संगठन ने देश में अल्पसंख्यक शिया मुसलमानों के खिलाफ जंग की घोषणा की है और बमियान में ज्यादातर शिया आबादी रहती है। आईएस से संबद्ध समूह ने अफगानिस्तान में हालिया हमलों की जिम्मेदारी ली है। पिछले दिनों एक शैक्षणिक संस्थान में हमले में 50 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकतर छात्र थे। बता दें कि अमेरिका ने इस साल पूर्व में एक महिला अस्पताल पर हमले के लिए आईएस से संबद्ध समूह को जिम्मेदार ठहराया था जिसमें 24 माताओं और उनके बच्चों की मौत हो गयी थी।

कोलकाता (शोर सन्देश)। पश्चिम बंगाल में भले ही साल 2021 में विधानसभा चुनाव है, मगर सियासी सरगर्मी अभी से ही तेज हो गई है। बांकुड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है और उसे राष्ट्र का अभिशाप बताया है। ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी को गिरफ्तार करने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा में हिम्मत है, तो मुझे गिरफ्तार कराए। मैं जेल से भी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करूंगी। बांकुड़ा में एक रैली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा, पार्टी बदलने के लिए तृणमूल कांग्रेस के विधायकों को पैसों का लाालच दे रही है। भाजपा झूठ का पुलिंदा, राष्ट्र का सबसे बड़ा अभिशाप है। गौरतलब है कि 294 विधानसभा सीटों वाले राज्य पश्चिम बंगाल में अगले साल अप्रैल-मई में चुनाव होने हैं। भाजपा द्वारा टीएमसी विधायकों को रिश्वत देने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग सट्टेबाजों की तरह काम कर रहे हैं, और वो इस भ्रम में हैं कि भगवा पार्टी सत्ता में आ सकती है। बता दें कि कोरोना काल में ममता बनर्जी की यह पहली सार्वजनिक रैली थी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल नहीं है लेकिन झूठ का पुलिंदा है। जब भी चुनाव आता है वे टीएमसी नेताओं को डराने के लिए नारद (स्टिंग ऑपरेशन) और सारदा (घोटाला) का मुद्दा उठा लेते हैं। मगर मैं उन्हें बहुत स्पष्ट रूप से बताती हूं कि मैं भाजपा या उसकी किसी एजेंसी से डरती नहीं हूं। अगर उनके पास हिम्मत है, तो वे मुझे गिरफ्तार कर सकते हैं और मुझे सलाखों के पीछे डाल दें। मैं जेल से ही चुनाव लड़ूंगी और टीएमी की जीत सुनिश्चित करूंगी।

पटना (शोर सन्देश)। बिहार के शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी ने इस्तीफ़ा दे दिया है। उन्होंने लगातार उठ रहे आपराधिक मुकदमे वाले विधायक को शिक्षा मंत्री बनाने के आरोपों के चलते अपने पद से इस्तीफा दिया है। बिहार सरकार में जदयू कोटे से डॉ. मेवालाल चौधरी को मंत्री बनाये जाने को लेकर मुख्य विपक्षी दल राजद सहित विभिन्न दलों ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरा और मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की जिन्हें पूर्व में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पार्टी से निलंबित भी किया गया था। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति में आरोपी चौधरी को शिक्षा मंत्री बनाकर क्या भ्रष्टाचार करने का ईनाम एवं लूटने की खुली छूट प्रदान की है? तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर आरोप लगाया, `भ्रष्टाचार के अनेक मामलों में भगौडे आरोपी को शिक्षा मंत्री बना दिया।` उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, `कुर्सी की ख़ातिर अपराध, भ्रष्टाचार और साम्प्रदायिकता पर मुख्यमंत्री प्रवचन जारी रखेंगे।` राजद नेता ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति और भवन निर्माण में भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में भारतीय दंड संहित की धारा 409,420,467, 468,471 और 120ब के तहत आरोपी मेवालाल चौधरी को शिक्षा मंत्री बनाकर क्या भ्रष्टाचार करने का ईनाम एवं लूटने की खुली छूट प्रदान की है?